बड़ा हादसा : नवनिर्मित सेप्टिक टैंक में गिरा बच्चा, बच्चे को बचाने वाले 4 लोगों की हुई मौत, पढ़े ये खबर
बिहार | पूर्वी चम्पारण के अहिरौलिया गांव में गुरुवार की देर शाम बड़ा हादसा हो गया। नवनिर्मित शौचालय की टंकी में दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गयी। सभी अहिरौलिया गांव के वार्ड संख्या 10 कुम्हारपट्टी के रहने वाले थे। खेलने के दौरान टंकी में एक बच्चे के गिरने के बाद बचाव में गए चारों गए थे। बच्चे की हालत गंभीर है। इलाज के लिए उसे कोटवा के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि सभी के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों में गाजर पंडित का पुत्र राजू पंडित (37), पारस साह का पुत्र बिगू साह (45), रामप्रीत साह का पुत्र राहुल साह (20) व मुकेश पंडित का पुत्र नीरज पंडित (13) वर्ष शामिल हैं।
सदर डीएसपी ने बताया कि राकेश पंडित का छह वर्षीय पुत्र अमित उर्फ गुलेल खेलने के दौरान नवनिर्मित शौचालय की टंकी में गिरा था। वह अभी जख्मी है। उसका इलाज कोटवा के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि खेलने के दौरान राकेश पंडित का पुत्र दुखी पंडित के नवनिर्मित शौचालय की टंकी में गिर गया। उसे निकालने के लिए शौचालय की टंकी में एक- एक कर चार लोग घुसे। मगर टंकी में ऑक्सीजन की कमी के वजह से दो लोग टंकी से बाहर नहीं निकले।
दम घुटने से दोनों की मौत हो गयी। अन्य दो लोग बच्चे को लेकर किसी तरह बाहर निकले। बच्चे सहित तीनों को इलाज के लिए कोटवा के एक निजी अस्पताल में लाया गया, जहां से मोतिहारी रेफर किया गया। मुफस्सिल के एक निजी नर्सिंग होम में पहुंचते ही दोनों ने दम तोड़ दिया। निजी नर्सिंग से दोनों शव को परिजन लेकर कोटवा थाने पर चले गये। कोटवा के एसएचओ नितीन कुमार शवों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।







.jpeg)












