मंदिर जा रही लड़की को बदमाशों ने रोका, पेट्रोल डाल कर जिंदा जलाया...ऐसे हुआ पूरा घटनाक्रम
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में मंदिर जा रही एक लड़की को बदमाशों ने जिंदा जला दिया। मंदिर जाने के दौरान कुछ बदमाशों ने लड़की को रोका और फिर हाथपैर बांध दिए, उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे हुआ पूरा घटनाक्रम
झांसी के टोडी फतेहपुर थाना क्षेत्र के महेवा गांव में 19 अगस्त को सुबह 7 बजे सुखनंदन यादव की बेटी अंजू यादव (20 साल) मंदिर में पूजा करने जा रही थी। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाए गांव के ही कुछ युवकों ने उसे पकड़कर रस्सी से हाथ पैर बांध पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में लड़की की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव के कुछ लोग गाय चराने के लिए वहां से गुजरे तो लड़की को आग की लपटों से घिरा देखा। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा और डीआईजी जोगेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
दबंग लड़के पर आरोप
अंजू यादव के परिजनों का आरोप है कि उनकी लड़की को गांव के ही दबंग लड़कों ने जलाया है। ग्रामीणों के अनुसार मृतिका का गांव के एक लड़के संदीप के साथ चार साल से अफेयर था। दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी घरवालों को भी थी लेकिन वे रिश्ते के लिए राजी नहीं थे।
इसी बीच संदीप के घरवालों ने किसी दूसरी लड़की से उसकी शादी तय कर दी। इस बात का पता अंजू को चला तो वह नाराज हो गई। लड़की की मौत के बाद परिजनों की शिकायत की जानकारी मिलने पर संदीप खुद थाने पहुंच गया और उसने खुद को बेगुनाह बताया।
पुलिस ने संदीप को हिरासत में ले लिया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जमा कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले को हत्या के अलावा दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस ने इसके पीछे आत्महत्या की आशंका भी जाहिर की है।







.jpeg)












