भारतीय सेना को आज मिलेगा अचूक मारक `अर्जुन`, बढ़ेगी मारक क्षमता
नईदिल्ली । प्रधानमंत्री मोदी का आज चेन्नई दौरा है, जहां वे भारत में निर्मित मेन बैटल टैंक (MBT) अर्जुन मार्क-1 की कमान भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे को सौंपेंगे। अर्जुन टैंक पूरी तरह स्वदेशी है। मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस उन्नत संस्करण का निशाना अचूक है। इससे भारतीय सेना की जमीन पर मारक क्षमता को और ज्यादा मजबूती मिलेगी। इस टैंक को रक्षा अनुसंधान व विकास संगठन (डीआरडीओ) ने तैयार किया है। डीआरडीओ के चेयरमैन जी. सतीश रेड्डी ने पीएम मोदी के अर्जुन एमके-1ए को देश को समर्पित करने की प्रशंसा की है। उन्होनें कहा कि नए संस्करण में 71 अतिरिक्त फीचर जोड़े गए हैं, जो इसे दुनिया के सभी श्रेष्ठ टैंकों के समकक्ष खड़ा करते हैं। सेना को पांच टैंक 30 महीने के अंदर दे दिए जाएंगे। रेड्डी ने कहा, देश में लोग और कंपनियों को अत्याधुनिक स्वदेशी प्रणालियां बनाने के प्रयास करने चाहिए ताकि आने वाले सालों में सैन्य बलों के पास अधिकतम स्वदेश निर्मित उपकरण मौजूद हों। बताते चलें कि हाल ही में रक्षा मंत्रालय की ओर से एक उच्च स्तरीय बैठक में 118 अर्जुन मार्क 1 ए टैंक को भारतीय सेना के बेड़े में शामिल करने की मंजूरी दी गई थी। इससे भारतीय सेना की ताकत में इजाफा होगा। इन टैंकों की कीमत करीब आठ हजार 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सतीश रेड्डी ने बताया कि युद्धक टैंक अर्जुन मार्क 1 ए को पूरी तरह DRDO ने भारतीय सेना के साथ समन्वय करके तैयार किया है। ये 118 टैंक सेना के पहले बैच में शामिल किए जाएंगे। आपको बता दें कि अर्जुन श्रेणी के काफी टैंक पहले से ही पश्चिम रेगिस्तान में पाकिस्तान सीमा पर तैनात हैं। बता दें कि डीआरडीओ बीते कुछ समय से अर्जुन मार्क 1 ए युद्धक टैंक का विकास करने में जुटा हुआ है। अर्जुन टैंक को डीआरडीओ के लड़ाकू वाहन अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान (CVRDE) ने डिजाइन किया है।







.jpeg)












