शहर के स्वास्तिक विहार कॉलोनी के एक घर में हुई चोरी, थाली-चम्मच सहिंत राशन व कपड़े भी ले उड़े चोर, पुलिस हुई हैरान
इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। इस चोरी की पड़ताल कर रही पुलिस भी हैरान रह गई है। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश सोने-चांदी के जेवरात के साथ ही राशन, थाली, कटोरी-चम्मच और गिलास भी चोरी करके ले गये हैं।
राशन तक उठा ले गए
पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राऊ थाना क्षेत्र की स्वास्तिक विहार कॉलोनी में गुरुवार रात अज्ञात बदमाश एक व्यक्ति के घर ताले तोड़कर घुसे और सोने-चांदी के जेवरात, मूर्तियां तथा सिक्के चुरा लिए। अधिकारी ने बताया कि चोर इस घर से न केवल पुरुषों और स्त्रियों के कपड़े तथा कम्बल ले गये, बल्कि उन्होंने रसोई में रखे राशन के साथ ही थालियों, कटोरियों और चम्मचों पर भी हाथ साफ कर दिया।
पुलिस कर रही है तलाश
राऊ पुलिस थाने के प्रभारी नरेंद्र रघुवंशी ने बतााय कि मैंने अपनी 24 साल की पुलिस सेवा में आज तक ऐसी वारदात नहीं देखी है जिसमें चोरों ने घर का मामूली सामान तक नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि स्वास्तिक विहार कॉलोनी में चोरी के मामले में बदमाशों की संख्या तीन-चार रही होगी और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।







.jpeg)












