नगर पालिक निगम रायपुर की आज सामान्य सभा रही काफी हंगामेदार,एक दूसरे पर लगाए आरोप-प्रत्यारोप
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की सोमवार को सामान्य सभा काफी हंगामेदार रही। पानी, बिजली और सफाई के मुद्दे पर पार्षद एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहे। अभी कुछ दिनों पूर्व ही भाजपा में आए पार्षद मृत्युंजय दुबे और कांग्रेसी पार्षद श्रीकुमार मेनन के बीच त्यौहार में पानी सप्लाई ठप्प रहने पर बहस हुई। हंगामा नहीं रूकने पर सभापति ने एक घंटे के लिए सभा को स्थगित कर दिया है।
रायपुर नगर निगम के लिए सोमवार को सामान्य सभा काफी महत्वपूर्ण थी। सभा के पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरण दास महंत, सासंद सुनील सोनी, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, विधायक सत्यनारायण शर्मा, बृजमोहन अग्रवाल, कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय का सम्मान किया गया। इसके बाद सामान्य सभा की कार्रवाई शुरु की गई। जैसे ही सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने सभा के आरंभ होने की घोषणा की, भाजपा के पार्षदों ने हंगामा करना शुरु कर दिया। पार्षद किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। सभापति के बार बार आग्रह करने के बाद भी भाजपा पार्षद नेता प्रतिपक्ष सूर्यकांत राठौर, रमेश सिंह ठाकुर, मृत्युंजय दुबे ने हंगामा जारी रखा। प्रश्नकाल के पूर्व सभी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग करते रहे। इस पर कांग्रेसी पार्षदों ने भी जवाब देना शुरु किया। कांग्रेस की ओर से पार्षद श्रीकुमार मेनन, सतनाम पनाग, जसबीर सिंह ढ़िल्लन, अजीत कुकरेजा ने उन्हें जवाब देकर चुप कराने की कोशिश की।
मृत्युंजय दुबे का कहना था कि इतने वर्षों में यह पहला मौका रहा जब धनतेरस से दिपावली के दौरान त्यौहार में शहर को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। महापौर और एमआईसी गंभीर होती तो शहर की जनता को प्यासा नहीं रहना पड़ता। वहीं नेता प्रतिपक्ष सूर्यकांत राठौर ने पट्टा वितरण नहीं कर पाने पर महापौर और एमआईसी पर लापरवाही का आरोप लगाया। भाजपा पार्षदों ने कहा कि कांग्रेस गरीबों को परेशान करने पर आमादा है। इसके बाद पार्षद रमेश ठाकुर ने बिजली और सफाई के मुद्दे पर महापौर को घेरने की कोशिश की। लगातार हंगामा होने पर सभापति ने एक घंटे के लिए सभा के स्थगन की घोषणा की।







.jpeg)












