व्यापारी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जाच में जुटी पुलिस...
रायबरेली : कोतवाली क्षेत्र के जमुनापुर चौराहे के निकट स्थित एक मकान में पानी पूरी के थोक व्यापारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव रस्सी के सहारे आंगन में लगे लोहे के जाल में लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है और मामले की छानबीन कर रही है।
जालौन जनपद के उरई कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिनौरा गांव निवासी केशव पुत्र हरिसिंह कुशवाहा 22 वर्ष पानी पूरी बनाकर थोक बिक्री करता था। वह जमुनापुर चौराहे के पास एक मकान में अपने छोटे भाई रिषभ, मां व पिता के साथ रहता था। बताते हैं कि चार दिन पहले उसकी मां व पिता गांव चले गए। गुरुवार की सुबह वह सोकर उठा और भाई से पानी पूरी बनाने के लिए गोली बनाने को कहा। इसी दौरान उसका भाई टहलने की बात कहकर बाहर चला गया।
इस दौरान उसने मकान के दूसरी मंजिल पर आंगन में लगे लोहे के जाल में रस्सी बांध कर फांसी के फंदे पर लटक गया। उसका भाई जब लौटकर आया तो उसने केशव को फांसी के फंदे लटकते हुए पाया, जिसके बाद उसने चीखना शुरू कर दिया, शोर सुनकर आसपास लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
प्रभारी कोतवाल विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है,छानबीन की जा रही है।







.jpeg)












