बाइक सवार चाचा-भतीजे की हुई दर्दनाक मौत , जाँच में जुटी पुलिस
बांदा : अपने घर से बाइक में सवार होकर जानकीकुण्ड जाने के लिए निकले चाचा और भतीजे की बाइक में डिंगवाही और महुआ के बीच पिकअप वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। दोनो घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। वहां पर भतीजे की जिला अस्पताल में मौत हो गई जबकि ताऊ ने कानपुर लेकर जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद छतरपुर के रानीपुर (राजनगर) निवासी भतीजा भरत पटेल (26) पुत्र किशोरी पटेल अपने ताऊ राजाराम को बाइक में बैठाकर जानकीकुण्ड (चित्रकूट) जा रहे थे। बताते हैं कि ताऊ ने कुछ दिन पूर्व आंखें बनवाई थीं, इसलिए उनको चेक कराने और इलाज के लिए जा रहे थे। दूसरी बाइक में भरत का भाई भागचंद्र भी चल रहा था। बाइक सवार शुक्रवार की भोर डिंगवाही और महुआ के बीच ही पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक में सामने से सीधी टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने के कारण ताऊ और भतीजे छिटककर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भाग निकले। मौके पर मौजूद रहे भरत के भाई भागचंद्र ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस के जरिए घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने भरत को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल ताऊ राजाराम को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के लिए रेफर कर दिया। घायल को कानुपर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। हादसे में दो मौतें हो जाने के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। सुबह होते-होते सभी जिला अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया। मृतक भरत तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पिता के नाम 40 बीघा जमीन थी, उसी में खेती-किसानी करता था। उसके एक बेटा और एक बेटी है। इसी तरह राजाराम के एक लड़की और एक लड़का है।







.jpeg)












