अग्रसेन महाविद्यालय में हुआ वृक्ष-मित्र दिवस का आयोजन, पेड़-पौधों के संरक्षण का सभी ने लिया संकल्प
रायपुर: अग्रसेन महाविद्यालय पुरानी बस्ती में आज वृक्ष मित्र दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों और उपस्थित विद्यार्थियों ने मिलकर पौधारोपण किया. साथ ही सभी ने पेड़-पौधों की रक्षा का संकल्प भी लिया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के कोषाध्यक्ष अजय दानी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पर्यावरण की स्थिति जिस तरह से प्रभावित हो रही है, उसमें हम सभी के लिए यह आवश्यक है कि हम पेड़-पौधों के संरक्षण के प्रति विशेष ध्यान दें.
प्राचार्य डॉ युलेंद्र कुमार राजपूत ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए विशेष रूप से प्रयास किये जाते हैं. इससे छात्रों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में मदद मिलती हैं. एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. अमित अग्रवाल ने भी युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयासों की जरुरत बताई.
कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथियों, सभी संकायों के विभागाध्यक्षों और राष्ट्रीय सेवा योजना के केडेटों ने पौधों के संरक्षण की शपथ ली. कार्यक्रम प्रभारी प्रो. राहुल तिवारी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के केडेटों के साथ मिलकर पौधों के रोपण की व्यवस्था की, ताकि इन्हें सुरक्षित तरीके से बड़ा किया जा सके.







.jpeg)












