पचास करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नईदिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक बड़ी खबर सामने आई है.दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को दो तस्करों को कथित रूप से पचास करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान संजीत कुमार सिंह (34) और प्रदीप कुमार यादव (24) के रूप में की गई है. दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. पुलिस ने दोनों को रोहिणी के सेक्टर 24 से गिरफ्तार किया है|
पुलिस ने बताया कि दोनों तस्करों ने मणिपुर की एक महिला से हेरोइन खरीदी थी. उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों के पास से कुल 14 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत पचास करोड़ रुपए से अधिक है. मंगलवार को पुलिस को दो तस्करों के हेरोइन के साथ रोहिणी आने की गोपनीय सूचना मिली थी. इसके बाद सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को रोहिणी के सेक्टर 24 में सुबह 7 बजे गिरफ्तार कर लिया गया. जांच के दौरान उनके बैग से सात-सात किलो हेरोइन के दो पार्सल बरामद किए गए. पूछताछ में पता चला कि आरोपी मणिपुर की एक महिला से हेरोइन लाते थे जो नेपाल, म्यांमार और बांग्लादेश से हेरोइन मंगाती है|







.jpeg)












