ग्रामीण बैंक में दीवार छेदकर अज्ञात चोरों ने किया सेंधमारी का प्रयास, जाने कहा की है ये घटना
राजनांदगाव | जिले के खैरागढ़ बाजार के अतरिया ग्रामीण बैंक में चोरों ने धावा बोल दिया। दीवार में लगभग तीन फीट छेदकर बैंक के अंदर जा घुसे। लाख कोशिशों के बाद भी जब चोर लॉकर तोडऩे में सफल नहीं हुए तो बैंक के अंदर जमकर उत्पात मचाते हुए तीन सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया है। घटना का खुलासा दो दिन की छुट्टी के बाद जब सोमवार सुबह शाखा खुली तब हुआ। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक अतरिया शाखा प्रबंधक डीपी यादव ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर खैरागढ़ थाने की टीम फिलहाल जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की अतरिया शाखा शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण दो दिन बंद थी। आज सुबह शाखा खुली तो अंदर का नजारा देखकर बैंक कर्मियों के होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि जिस लॉकर को चोरों ने तोडऩे का प्रयास किया उसमे लगभग ढाई से तीन लाख रुपए कैश रखा हुआ है। खैरागढ़ थाना टीआई लोमस सोनवानी ने बताया कि घटना की जांच चल रही है। मामले में ग्रामीणों और बैंक कर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी।
अतरिया ग्रामीण बैंक में दाखिल होने के लिए चोरों ने पहले दीवार पर लगभग तीन फीट छेद किया है। बड़े छेद के ठीक नीचे एक और छेद करके बैंक के अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने बताया कि चोरी की वारदात में दो लोगों के शामिल होने की आशंका है। बैंक का लॉकर रॉड से तोडऩे की कोशिश की गई है। वहीं अंदर दाखिल होते ही चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरों से छेडख़ानी की बाद में कैमरा तोड़ दिया। मर्ग कायम कर इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।







.jpeg)












