विकास दुबे एनकाउंटर मामला, घटना की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो: मायावती
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने कानपुर पुलिस हत्याकांड और दुर्दांत अपराधी विकास दुबे को मारे जाने की घटना की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कराये जाने की मांग की है। मायावती ने कहा, कानपुर पुलिस हत्याकाण्ड की तथा साथ ही इसके मुख्य आरोपी दुर्दान्त विकास दुबे को मध्यप्रदेश से कानपुर लाते समय आज पुलिस की गाड़ी के पलटने व उसके भागने पर यूपी पुलिस द्वारा उसे मार गिराए जाने आदि के समस्त मामलों की माननीय सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए।
उन्होने कहा, यह उच्च-स्तरीय जाँच इसलिए भी जरूरी है ताकि कानपुर नरसंहार में शहीद हुए 8 पुलिसकर्मियों के परिवार को सही इन्साफ मिल सके। साथ ही, पुलिस व आपराधिक राजनीतिक तत्वों के गठजोड़ की भी सही शिनाख्त करके उन्हें भी सख्त सजा दिलाई जा सके। ऐसे कदमों से ही यूपी अपराध-मुक्त हो सकता है। गौरतलब है कि कानपुर के चौबेपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे को पुलिस ने कल उज्जैन से गिरफ्तार किया था। उज्जैन से लाते समय कानपुर के भौती क्षेत्र में पुलिस ने समय उसे ढेर कर दिया था जब वह भागने का प्रयास कर रहा था।







.jpeg)












