पति ने टोका तो नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान...
कानपुर : बिधनू क्षेत्र के खेरसा गांव में शादी के तीन माह बाद नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। शादी के बाद से ही वह रोजाना रात को किसी से फोन पर बात करती थी,जिसे लेकर पति अक्सर टोकता था। सुसराल आए पिता व भाई ने भी जानकारी होने पर बेटी को फटकार लगाई थी। मंगलवार तड़के उसका शव कमरे के दरवाजे के रोशनदान से दुपट्टे के फंदे से फांसी पर लटका मिला।
बिधनू के ग्राम खेरसा में रहने वाले पप्पू के बेटे महेंद्र का विवाह तीन माह पहले करबिंगवां निवासी रामप्रीत की बेटी चांदनी (22) से हुआ था। महेंद्र के मुताबिक चांदनी मायके से ही एक फोन साथ लाई थी। शादी के बाद से हर रोज रात में वह किसी से काफी देर बात करती थी। जिसका कई बार उसने विरोध किया,लेकिन वह नहीं मानी। महेंद्र द्वारा फोन पर जानकारी देने के बाद सोमवार शाम चांदनी के पिता रामप्रीत, बड़ा भाई धर्मेंद्र और ममेरा भाई मुरली घर आ गए। महेंद्र ने ससुर से चांदनी को साथ ले जाने को कहा। इसपर भाई धर्मेंद्र ने चांदनी को डांटते हुए कहा कि यह शादी के पहले भी यही करती थी। धर्मेंद्र ने चांदनी को घर ले जाकर जान से मारने की बात कही। इसके बाद चांदनी दोबारा ऐसा न करने की बात कहते हुए कमरे में चली गई।
रात को खाना खाने के बाद चांदनी के पिता रामप्रीत समधी पप्पू संग खेत में बनी झोपड़ी में सोने चले गए। वहीं धर्मेंद्र ममेरे भाई संग छत पर सो गए। मंगलवार तड़के पति महेंद्र की नींद खुली तो देखा कमरे के दरवाजे के ऊपर रोशनदान से दुपट्टे के फंदे से चांदनी का शव लटक रहा है। जिसपर वह शोर मचाते हुए घर से बाहर भागे। बहन का शव फंदे से लटका देख भाई धर्मेंद्र पिता संग हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे लेकर पति को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।







.jpeg)












