सेक्स रैकेट संचालित करने वाली पंचायत राज विभाग की महिला सफाई कर्मी की संपत्ति होगी कुर्क, जाने कहाँ की है खबर
हरदोई | उत्तरप्रदेश के हरदोई से एक बड़ी खबर सामने आई है | खबर मिली है कि सेक्स रैकेट चलाने वाली पंचायत राज विभाग की निलंबित महिला सफाई कर्मी की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी पुलिस ने कर ली है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने उसकी संपत्तियों का ब्योरा जुटा लिया है। लगभग 35 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने की तैयारी विभाग ने की है।
आपको बता दें कि नवंबर 2020 में सीओ सिटी विकास जायसवाल के नेतृत्व में देहात कोतवाली क्षेत्र में पिहानी चुंगी के निकट पंचायत राज विभाग की महिला सफाई कर्मी के घर पर पुलिस ने छापा डाला था। छापे के दौरान यहां से आपत्तिजनक स्थिति में पांच लड़के और पांच महिलाएं मिली थीं। पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र ने महिला सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया था।
जानकारी के अनुसार महिला सफाई कर्मी के विरुद्ध पूर्व में भी सेक्स रैकेट संचालित करने का मामला शहर कोतवाली में दर्ज था। एसपी अनुराग वत्स के निर्देश पर पुलिस ने महिला सफाई कर्मी और मौके से मिले लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की थी।
अब इस मामले में निलंबित महिला सफाई कर्मी के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई किए जाने की तैयारी कर ली गई है। सीओ सिटी विकास जायसवाल ने बताया कि लगभग 35 लाख रुपये की संपत्ति का पता चला है, जो सेक्स रैकेट का संचालन कर महिला सफाई कर्मी ने कमाई है।
इसकी कुर्की कराए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। स्मैक तस्कर विकास चंद्र जायसवाल उर्फ निप्पी के विरुद्ध भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम तेरवा निवासी निप्पी पिछले कुछ वर्ष से शहर के वैटगंज में रहता है।
पुलिस ने उसे बीते दिनों गिरफ्तार किया था। इसके बाद उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। अब उसकी संपत्ति कुर्क किए जाने की तैयारी है। लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की जाएगी।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लोधौरा निवासी रामनरेश उर्फ मुसई व राम किशोर उर्फ बबलू के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। रामनरेश और राम किशोर सगे भाई हैं। बीती चार जनवरी को बड़ी संख्या में अवैध शस्त्रों के साथ बेनीगंज कोतवाली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था।
रामनरेश पर पहले से ही दस और राम किशोर पर नौ मामले बेनीगंज कोतवाली में दर्ज हैं। अधिकतर मामले अवैध शस्त्रों को बनाने और बेचने के हैं। बेनीगंज कोतवाल राजकरन शर्मा ने बताया कि दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जा रही है।







.jpeg)












