बड़ी खबर: केन्द्रीय जेल में फिर मिले 16 कोरोना पॉजीटिव, मचा हडकंप
रायपुुर। केन्द्रीय जेल में चार प्रहरियों के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद से ही जेल में सुरक्षा बरती जा रही थी। लेकिन इन सब के बाद भी जेल पहुंचने वाले 16 बंदियों में कोरोना पॉजीटिव मिला है। इसके बाद से ही यहां हड़कंप मच गया है। सुरक्षा के लिहाज से अब जेल स्टॉफ व उनके परिजनों का कोविड-19 टेस्ट कराया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व ही केन्द्रीय जेल के चार प्रहरियों में कोरोना संक्रमण का लक्षण पाया गया था। जांच उपरांत इनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। इन प्रहरियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया और इनके संपर्क में आने वाले लोगों की बकायदा लिस्टिंग कर जांच कराई गई। इसी बीच जेल में आए नए बंदियों की भी जांच कराई गई। बताया जाता है कि जेल आने वाले करीब 50 लोगों की जांच कराई गई, जिनमें 16 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। बताया जाता है कि इनमें से 9 बंदी तथा 7 विचाराधीन बंदी शामिल हैं। वहीं जेल प्रशासन ने स्टॉफ के करीब 85 लोगों के जांच के लिए भी अनुशंसा कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम बुलाकर जल्द ही इन सभी स्टॉफ की जांच कराई जाएगी।







.jpeg)












