सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए हैं। सूत्रों ने बताया कि तुमुदिबांध क्षेत्र के पास सिरला के जंगल में नक्सली शिविर के संबंध में सूचना मिली थी, जिसके बाद डीवीपी और एसओजी के जवानों ने रविवार की सुबह घटनास्थल पर छापा मारा। जवानों की फायरिंग में चार नक्सली मारे गए। बता दें, सुरक्षा बलों ने खुफिया रिपोर्ट के आधार पर ही छापेमारी की कार्रवाई की थी।
विशेष ऑपरेशन समूह के जवान, एक समर्पित नक्सल विरोधी बल और ओडिशा पुलिस की एक विशेष कांस्टेबल इकाई ने नक्सलियों के साथ हुई इस मुठभेड़ में भाग लिया था। पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन) अमिताभ ठाकुर ने कहा कि हमें चार सीपीआई (माओवादी) कैडरों की मौत के बारे में जानकारी मिली है, साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। तलाशी अभियान के लिए और बल भेजे जा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मारे गए माओवादी बंसधारा-घुमुसुर नागाबली ग्रुप के सदस्य थे, जोकि सीपीआई (माओवादी) के कालाहांडी कंधमाल बौध, नयागढ़ (केकेबीएन) डिविजन का हिस्सा है। पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान केकेबीएन डिविजन के सदस्यों ने ईवीएम सहित चुनाव सामग्री लेकर जा रही दो गाडिय़ों में आग लगा दी थी।
आंध्र-ओडिशा बॉर्डर पर कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में पिछले छह महीने से माओवादी बैकफुट पर हैं। स्वाभिमान अंचल को मलकानगिरी से जोडऩे वाले पुल का निर्माण होने के बाद माओवादियों के लिए बचकर निकलना मुश्किल हो गया है। दक्षिणी ओडिशा सीमाओं पर प्रभाव कम होने की वजह से माओवादी गंजाम-कंधमाल-कालाहांडी सीमाओं पर अपनी गतिविधियों को तेज करने की कोशिश कर रहे हैं।







.jpeg)












