देश की राजधानी में कोरोना से 45 दिन के मासूम ने तोड़ा दम, पढ़ें पूरी खबर
नई दिल्ली | कोरोना वायरस के संक्रमण से शनिवार को दिल्ली के सबसे छोटे मरीज 45 दिन के मासूम की मौत हो गई। वह दिल्ली स्थित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज से जुड़े कलावती सरन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था। एक दिन पहले ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। मासूम के पिता की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उधर, एम्स में भी एक नर्सिंग अधिकारी और उनका 20 माह का बच्चा संक्रमित पाया गया है।
निजामुद्दीन और दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान के बाद कलावती शरन अस्पताल तीसरा सबसे बड़ा हॉटस्पॉट के रुप में उभर कर सामने आया है। अब तक यहां दो डॉक्टर सहित 11 लोग संक्रमित हो चुके हैं जिनमें दो मासूम भी शामिल हैं। इन्हीं में से एक डेढ़ माह के शिशु ने दम तोड़ दिया। बाल रोग विभाग के आईसीयू में सात शिशु वेंटिलेटर पर हैं। इन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती दो शिशु कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इन बच्चों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराने के प्रयास शुरू हो चुके थे। इसी बीच रात को एक शिशु ने दम तोड़ दिया। कुछ दिन पहले अस्पताल में एक महिला डॉक्टर कोरोना संक्रमित मिली थी।
इसके बाद से अब तक 8 स्वास्थ्य कर्मी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं जबकि एक 10 माह का शिशु और उसका पिता भी कोरोना संक्रमित मिला है। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने देर रात इसकी पुष्टि नहीं की है। महानिदेशक डॉ. नूतन मुंडेजा से संपर्क भी किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।







.jpeg)












