डेढ़ साल के मासूम की हुई तालाब में डूबकर मौत, बच्चे के डूबने से परिवार रहा घंटों बेखबर
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के गांव लखराम में परिवार की लापरवाही से डेढ़ साल के अबोध बच्चे की डूबकर मौत हो गई। शुक्रवार शाम को घनश्याम केवट का डेढ़ वर्षीय बेटा लक्ष्य केवट अपने चाचा अनिल केवट के साथ घूमने गया था। शाम करीब 6:00 बजे चाचा उसे वापस उसके घर छोड़कर चला गया लेकिन घर में किसी की भी निगाह लक्ष्य पर नहीं पड़ी।
जैसे ही अनिल वापस जाने लगा तो उसके पीछे पीछे डेढ़ साल का लक्ष्य भी बाहर निकल आया और घर के पास ही मौजूद जगुआ तालाब में डूब गया। इधर घरवाले निश्चिंत थे कि लक्ष्य अपने चाचा के साथ घूमने गया है। जब काफी देर तक दोनों नहीं लौटे तो परिजनों ने अनिल केवट को फोन किया, जिसने बताएं कि वह तो घंटों पहले लक्ष्य को घर छोड़ चुका है।
जिससे सब का माथा ठनका और उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। जिसके बाद तालाब में तैरता हुआ लक्ष्य का शव मिला। इसकी सूचना रतनपुर पुलिस को दी गई। शनिवार को मार्ग का पोस्टमार्टम के बाद बच्चे के शव को परिजनों को सौंप दिया गया।




