राजधानी रायपुर में हल्की बारिश ने दिलाई उमस से राहत, प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के आसार
रायपुर। दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है। आज राजधानी में दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और देखते ही देखते हल्की बारिश शुरू हो गई। इस बार मानसून की विदाई कुछ विलंब के साथ होगी।
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना जताई थी। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई थी। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने कहा है कि इससे अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि होने की संभावना है। कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
उन्होंने पूर्वानुमान जारी कर कहा था कि तटीय आंध्र प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रीय चक्रवाती घेरा और एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर अंडमान से और उसके आसपास पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना । इसके साथ चक्रीय चक्रवाती घेरा मध्य क्षोभ मण्डल (वायुमंडल) लेवल तक विस्तारित है। इसके और अधिक प्रबल होकर और गहरा अवदाब के रूप में मध्य बंगाल की खाड़ी कल तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह तंत्र पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर आगे बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश तट तक गहरा अवदाब के रूप में 12 अक्टूबर तक पहुंचने की संभावना है।




