छत्तीसगढ़ की बेटी से दुष्कर्म, कोई मंत्री तक मिलने नहीं गया: राजेश मूणत
रायपुर। भाजपा नेता व पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि हाथरस की घटना के विरोध में राज्य सरकार ने बैनर-पोस्टर टंगवा दिए, लेकिन राज्य की ही बेटी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में कोई सहानुभूति नहीं जताई गई और न ही किसी ने बयान दिया, यह दुखद है।
छत्तीसगढ़ में विपक्ष की भूमिका निभा रही भाजपा ने प्रदेश में हाल ही में हुए यौन उत्पीडऩ के मामलों को लेकर प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी पर निशाना पर ले रही है। हाथरस मामले पर मुखर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भाजपा अब निर्बाध हमले कर रही है। इस बीच रमन सरकार में मंत्री रहे राजेश मूणत ने सरकार पर कई बड़े आरोप लगाए हैं।
पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने बलरामपुर और केशकाल की घटनाओं का जि़क्र करते हुए कहा है कि कांग्रेस के लिये छत्तीसगढ़ की बेटियों के साथ दुराचार दुराचार नही है, उनके लिए हाथरस की बेटी की न्याय की मांग के लिए रायपुर में होर्डिंग बैनर और प्रदर्शन किया जाता है, लेकिन कोंडागांव के धनोरा में बेटी के अनाचार के लिए सरकार का कोई मंत्री और प्रतिनिधिमण्डल मिलने तक नही जाता है। मूणत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी के साथ दुराचार की घटना की बेहद दुखद है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को राजनीति से ऊपर उठकर कार्रवाई करनी चाहिए। मूणत ने कहा कि भूपेश सरकार का एक भी मंत्री केशकाल के उस परिवार से मिलने नही गया है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करता हूँ।




