छत्तीसगढ़ में शासकीय होमियोपैथी महाविद्यालय की स्थापना से आम जनता व छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ : डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी
रायपुर।आज छत्तीसगढ़ शासन के यशस्वी स्वास्थ्य मंत्री, बड़े भाई आदरणीय श्याम बिहारी जायसवाल जी से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के हित से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा की गई। इस अवसर पर आगामी बजट में छत्तीसगढ़ में शासकीय होमियोपैथी महाविद्यालय की स्थापना किए जाने हेतु विनम्र निवेदन प्रस्तुत किया गया।
डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी ने कहा कि शासकीय होमियोपैथी महाविद्यालय की स्थापना से प्रदेश के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, छत्तीसगढ़ की आम जनता को भी सुलभ, सुरक्षित एवं प्रभावी होमियोपैथी उपचार की सुविधाएँ और अधिक व्यापक स्तर पर उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि आज के समय में होमियोपैथी के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है, और ऐसे में एक शासकीय संस्थान की स्थापना से न केवल चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी, बल्कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार होगा। इससे स्थानीय छात्रों को बाहर के राज्यों में जाकर पढ़ाई करने की मजबूरी नहीं रहेगी और प्रदेश में ही प्रशिक्षित चिकित्सक तैयार हो सकेंगे।
डॉ. त्रिवेदी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी तथा सरकार इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेशवासियों और युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाएगी।




