रायपुर | अट्ठारवी छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक कांग्रेस 2020 का आयोजन राजधानी रायपुर में 25 और 26 मार्च को होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 25 मार्च को सवेरे 10.30 बजे इसका शुभारंभ करेंगे। समापन समारोह राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके के मुख्य आतिथ्य में 26 मार्च को शाम 4 बजे होगा। छत्तीसगढ़ युवा वैज्ञानिक कांग्रेस शुभारंभ और समापन समारोह पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में होगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद एवं पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के तत्वाधान में किया जा रहा है।
देश में सीएए और एनआरसी की बहस के बीच एक ऐसी विदेशी महिला पकड़ में आई है जो 14 साल से भारत रह रही थी। यह महिला मात्र 15 दिनों के वीजा पर बांग्लादेश से भारत आई थी। महिला के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया है। कोतवाली थाना प्रभारी राजेश बांगडे अब इस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि बांग्लादेश के सैदरपुर की रहने वाली शबीना नाज उर्फ मुक्ता (33) दो जनवरी 2006 को बांग्लादेश से 15 दिनों के वीजा पर भारत आकर दुर्ग में रिश्तेदारों के घर पहुंची।
लेकिन इसके बाद उसने वीजा एक्स्टैंड नहीं कराया। साल 2009 में शादी करके सुभाष नगर पुराना शिव मंदिर के पास कसारीडीह में रहने लगी। इस बीच यहां मतदाता पहचानपत्र समेत भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया। पिछले साल भारतीय पासपोर्ट पर शबीना परिवार के साथ बैंकॉक घूमने जाने के लिए कोलकाता एयरपोर्ट पहुंची। यहां जांच में उसके बांग्लादेशी होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले की जांच के बाद महिला के खिलाफ अपराध कायम किया।
रायपुर, महिला दिवस पर नगर निगम राजधानी में पहली बार सभी गृहणियों के लिए पाक कला का न सिर्फ हुनर दिखाने, बल्कि इन्हें बेचने का प्लेटफार्म देने जा रहा है। इसके लिए हर शनिवार और रविवार को सुभाष स्टेडियम में मेला लगेगा। इसमें 100 स्टाल रहेंगे। ये स्टाल सिर्फ गृहणियों को दिए जाएंगे। वहां वे अपने पकवान रखकर बेच सकेंगी। मेयर एजाज ढेबर ने रविवार को महिला शक्ति योजना की शुरुआत करते हुए आने वाले शनिवार से ही इसे लागू करने का ऐलान कर दिया है।
यह योजना पूरी तरह गृहणियों के लिए ही है। वे स्टाल पर शाम 6 से 10 बजे तक अपनी बनाई डिशें बेच सकेंगी। यह कांसेप्ट पूरी तरह आनंद मेला पर आधारित है। मेयर ढेबर ने बताया कि यह योजना सीएम भूपेश बघेल के निर्देश पर लागू की गई है। इसके लिए सुभाष स्टेडियम के प्रवेश द्वार के पास जगह देख ली गई है। योजना को शहरी आजीविका मिशन से जोड़ा गया है। इसके लिए 100 महिलाओं का चयन होगा। इच्छुक महिलाएं निगम मुख्यालय में शहरी आजीविका मिशन की तृप्ति पाणिग्रही से मोबाइल नंबर - 9691285715 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकती हैं।
जगदलपुर। शहर से लगे परपा थाने के सामने देर रात बस में सामान चढ़ा रहे दो यात्री और बस के हेल्पर को गीदम की तरफ से आ रही एक ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी.इस हादसे में मौके पर ही तीनों की मौत हो गई है.बताया जा रहा है कि रात करीब 12:00 बजे बुलेट शोरूम के सामने 2 यात्री और बस का हेल्पर यात्री बस के पीछे की डिक्की में सामान रख रहे थे.इसी दौरान पीछे से आ रही एक ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी इसकी चपेट में आकर मौके पर ही तीनों की मौत हो गई है .दोनों यात्री मुंगेली के रहने वाले हैं और यहां मजदूरी करने आए हुए थे.होली के अवसर पर अपने गांव जा रहे थे.यात्री बचेली सी आ रही महेंद्र ट्रैवल्स में सवार होने के लिए अपने सामान को बस में चढ़ा रहे थे और उनकी मदद बस का हेल्पर कर रहा था तभी यह हादसा हुआ .फिलहाल मृतकों की पहचान कर ली गई है.दो मृतक मुंगेली और हेल्पर रायपुर का रहने वाला है. परपा पुलिस ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर लिया है उनके आने के बाद आगे ही कागजी कार्यवाही की जाएगी |
बस्तर में लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे हैं .पूरे देश में सड़क हादसे में मरने वालों में लोगों में छत्तीसगढ़ देेेश में पहला स्थान प्राप्त कर चुका है.तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने के कारण छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बीते 2 साल में काफी बढ़ोतरी हुई है|
रायपुर, कम उम्र की किशोरियों के साथ खुले आम अनाचार होने की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। ग्राम चरमुडिय़ा तहसील कुरूद जिला धमतरी की पीडि़ता ने अपने अधिवक्ता प्रभाकर ग्वाल पूर्व न्यायाधीश के साथ संयुक्त पत्रकारवार्ता प्रेसक्लब रायपुर में लेते हुए बताया कि उनके साथ बब्बा, बिरजू साहू, दिनेश, राजकुमार साहू, माला साहू, आदि ने षडयंत्र पूर्वक उन्हें अपने घर में दो जून 2019 को घर में बुलाकर अकारण मारपीट की। उसके बाद बब्बा एवं बिरजू उन्हें घसीटते हुए आटों में बैठाकर देवपुर ले गए जहां पर माला साहू ने उन्हें नशीला पेय पिलाया जिसके उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश हो गईं। उन्होंने बताया कि आरोपी रसूखदार परिवारों के लड़के हैं जिसके चलते अब तक कुरूद पुलिस एवं धमतरी पुलिस द्वारा दंडात्कम कार्यवाही हेतु मामले की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इस संबंध में पीडि़ता के अधिवक्ता प्रभाकर ग्वाल ने बताया कि मामले के संबंध में पुलिस अधीक्षक धमतरी को लिखित में ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई है। उक्त मांग पूर्ण नहीं होने पर होली के बाद न्यायालय खुलने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कुरूद के न्यायालय में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। पत्रकारवार्ता में पीडि़ता के पिता ने रोते हुए बताया कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की है। उनका हाथ फ्रेक्चर कर दिया गया है एवं आरोपियों से उन्हें एवं उनकी पुत्रियों को जान से मारने का खतरा बना हुआ है।
रायपुर,छत्तीसगढ़ सोसाइटी ऑफ फार्मास्युटिकल साइन्स और इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में फार्मामीट 2020 का आयोजन होटल सेलिब्रेशन रायपुर में किया गया, इस आयोजन में छत्तीसगढ़ राज्य के सभी जिलों से एवं सभी फार्मा की अलग अलग स्ट्रीम से लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया फार्मा मीट में राज्य के सभी जिलों के फार्मेसी कॉलेज के प्रमुख द्वारा हिस्सा लिया गया एवं कॉलेज के प्राचार्य एवं विभाग अध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम में सहभागीता दिखाई| फार्मा मीट कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष प्रोफेसर डॉक्टर शैलेंद्र शराफ एवं एपीटीआई के उपाध्यक्ष प्रोफेसर डॉक्टर स्वर्ण लता शराफ, डॉक्टर Deependra Singh के साथ ही पूरे राज्य भर के अलग अलग जिले से आये लगभग 200 फार्मासिस्ट सम्मिलित हुए| उक्त कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ फार्मास्यूटिकल साइंस में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य हेतु विभिन्न संस्थाओं के प्रमुख एवं अपने क्षेत्र में फार्मेसी के लिए सर्वश्रेष्ठ कार्य करने हेतु पुरस्कार का वितरण सोसायटी के अध्यक्ष रवि किशोर अग्रवाल एवं फार्मेसी काउंसिल के प्रमुख एवं विभिन्न क्षेत्रों के संस्था प्रमुख द्वारा पुरस्कारों का वितरण किया गया तत्पश्चात राज्य में फार्मा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु राज्य के फार्मेसी क्षेत्र में 14 अलग अलग कैटेगिरी में फार्मासिस्टों का सम्मान किया गया,इस कार्यक्रम में डॉ शैलेन्द्र सराफ सर् के द्वारा छत्तीसगढ़ का पहला पेन फार्मासिस्ट ऑनलाइन प्लेटफार्म लांच किया गया
रायपुर, सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट मंदिर हसौद थाने में दर्ज की गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर हसौद टोलप्लाजा के पास 24 फरवरी को एक युवक की रोड एक्सिडेंट में गंभीर रूप से घायल हो जाने की सूचना मिली थी । घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने मृतक हेमलाल विश्वकर्मा 37 वर्ष पिता राधा विश्वकर्मा निवासी लवतरा दुर्ग की अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 304 ए के तहत मर्ग कायम कर अपराध दर्ज कर लिया है।
रायपुर, शहर के सूने क्षेत्रों में आये दिन सुरक्षा के अभाव में बंद मकानों में ताला तोड़कर चोरी करने की वारदातों में इजाफा हो रहा है। गुढिय़ारी थाने से मिली जानकारी के अनुसार देवपुरी गोस्वामी 33 वर्ष पिता स्व. बालमुकुंदपुरी गोस्वामी के सूर्या नगर गोगांव गुढिय़ारी स्थित सूने मकान में अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर अंदर आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात नगदी 10 हजार सहित कुल 85 हजार रुपये की चोरी की है। घटना की रिपोर्ट गुढिय़ारी थाने में दर्ज कर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ आईपीसी की धारा 454, 380 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर, गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी फाल्गुन पूर्णिमा के शुभ अवसर पर 9 एवं 10 मार्च को प्रदेश एवं देश भर में होली त्योहार धूमधाम से मनाये जाने की तैयारियां अंतिम चरणों पर चल रही हैं। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ढोल नगाड़े के साथ ही देर रात तक ग्रामीणों एवं शहरवासियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के साथ ही होली पर्व पर उत्साह प्रकट किया जा रहा है। ज्ञातव्य है कि होली के अवसर पर इस वर्ष भी पुलिस प्रशासन द्वारा डीजीपी छत्तीसगढ़ के निर्देश पर शांति व्यवस्था कायम करे के लिए कड़े निर्देश जारी किये गये हैं। किसी भी अवस्था में अप्रिय वारदात को रोकने के लिए शहर के प्रत्येक चौक चौराहों पर पुलिस के जवान ड्यूटी में तैनात रहेंगे। मिली जानकारी के अनुसार पीसीआर वैन भी शहर के भीतरी इलाकों में गश्त कर माहौल का जायजा लेगी। हुड़दंगियों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। किसी भी दशा में शराब पीकर वाहन चलाने वालों एवं हुड़दंग करने वालों पर ड्यूटी में तैनात जवान एवं अधिकारी तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कर मामले को दर्ज करेंगे। गौरतलब है कि विधानसभा का बजट सत्र भी चल रहा है। ऐसी दशा में पुलिस अधीक्षक रायपुर एवं समस्त जिलों के पुलिस अधिकारी होली के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम करने के लिए सक्रिय हो गये हैं।
























