तबलीगी मरकज के मुखिया साद की टेस्ट रिपोर्ट आई निगेटिव, दो रिश्तेदार निकले पॉजिटिव
नईदिल्ली। तबलीगी मरकज के मुखिया मौलाना साद की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है, जबकि उसके 2 रिश्तेदार कोरोना पीडि़त पाए गए हैं। सूत्रों की मानें तो साद के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। साथ ही यह खबर भी आ रही है कि मौलाना साद दिल्ली के जाकिर नगर इलाके में ही है। निजी डॉक्टरों की टीम उसका चेकअप कर रही है। जो दो रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, वे यूपी के सहारनपुर के रहने वाले हैं। दोनों रिश्तेदारों के बारे में कहा जा रहा है कि वे मरकज़ आए थे।
मौलाना साद के दो रिश्तेदारों को कोरोना पॉजिटिव होने की खबर मिलते ही सहारनपुर प्रशासन ने मुफ्ती इलाके को सील कर दिया है। किसी को भी उस इलाके में आने-जाने की इजाज़त नहीं है। वहां भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई है। उधर, तब्लीगी जमात के लोगों को ढूंढने के लिए दिल्ली सरकार की 13 हजार टीम अब दिल्ली के हर मोहल्ले और कॉलोनी में कोरोना संक्रमित को तलाशने के लिए निकल रही है। दावा किया जा रहा है कि अब जमाती घर में हों या मस्जिद में उनकी जानकारी आसानी से मिल जाएगी।
दिल्ली सरकार की इस टीम को कोरोना फुट वॉरियर्स कंटेंटमेंट एंड सर्विलांस टीम का नाम दिया गया है। टीम में पांच लोग हैं, जो स्थानीय होंगे। यहां तक कि दिल्ली पुलिस के बीट सिपाही को भी इसमें शामिल किया गया है। यह टीम घर-घर जाएगी। स्थानीय होने के चलते ये लोग आसानी से जानकारी जुटा सकेंगे। सिपाही के अलावा सिविल डिफेंस के वॉलंटियर और आशा वर्कर या आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी इसमें अहम जिम्मेदारी दी गई है।







.jpeg)












