चिता से अधजला शव बुझवा कर पोस्टमार्टम....
जौनपुर : जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा गांव में एक विवाहिता की रविवार को संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी। मायके वालों को सूचना दिए बिना ससुराल वाले शव का दाह संस्कार लेकर चले गए। पता चलने पर पहुंचे मायके वालों ने चिता से अधजला शव बुझवा दिया। पुलिस को सूचना देकर ससुरालीजन पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। ससुराल वालों का कहना है कि महिला की मौत छत से गिर जाने से हुई।
पुलिस शव कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है। उक्त गांव निवासी जय प्रकाश की 40 वर्षीया पत्नी विमला देवी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। विमला जलालपुर थाना क्षेत्र के रेहटी गांव निवासी पन्नालाल की पुत्री थी। उसकी शादी वर्ष 2005 में हुई थी। मृतका के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। मायके वालों व पुलिस को सूचना दिए बिना स्वजन आनन-फानन रात करीब 10 बजे अंत्येष्टि के लिए शव लेकर पचहटिया स्थित रामघाट शवदाह स्थल पर पहुंच गए। इसी बीच गांव के ही किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से विमला के मायके सूचना दे दी।
मृतका के भाई अरविद कुमार परिजन के साथ रामघाट पहुंच गए। उस समय शव लगभग आधा जल चुका था। अरविद कुमार के अनुसार पूछने पर ससुराल वालों ने कहा कि विमला की मौत छत से गिर जाने से हो गई। मायके वालों ने चिता पर पानी डालकर अधजला शव निकलवा दिया। यूपी-112 पर पुलिस को सूचना देकर ससुरालीजन पर हत्या करने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में ले लिया। भाई अरविद कुमार का आरोप है कि विमला को ससुरालीजन अक्सर मारते-पीटते थे। रविवार को भी पिटाई किए जाने से उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।







.jpeg)












