जनता को होली से पहले मिली बड़ी सौगात! साल में दो बार फ्री में मिलेगा गैस सिलेंडर
लखनऊ, उत्तर प्रदेश में भाजपा ने एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सत्ता में वापसी की है। बहुमत के साथ ही एक बार फिर योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन होंगे। हालांकि योगी और उनके कैबिनेट के मंत्रियों ने अब तक शपथ नहीं ली है, लेकिन योगी आदित्यनाथ ने होली पर प्रदेश की जनता को बड़ी सौगात दी है।
दरअसल चुनाव के दौरान भाजपा ने दो मुफ्त सिलेंडर देने का भी वादा किया था। अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि मुफ्त सिलेंडर होली-दिवाली पर नहीं आएगा। बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने औरेया के दिबियापुर में 15 फरवरी को दिए अपने भाषण में कहा था कि 10 मार्च को भाजपा को सरकार में वापस लाएं और 18 मार्च (होली) को मुफ्त गैस सिलेंडर आपके घर पहुंच जाएगा।
केंद्र सरकार की उज्ज्वला स्कीम के तहत मिलने वाले दो मुफ्त सिलेंडर हिंदू त्योहारों होली और दिवाली पर नहीं मिलेंगे। बल्कि इसके लिए सरकार ने दो समय तय कर दिए हैं। आप चाहें तो होली और दिवाली पर यह मुफ्त सिलेंडर ले सकते हैं। क्योंकि सरकार ने जनवरी से मार्च और अक्टूबर से दिसंबर दो समय तय कर दिए हैं, इसी दौरान मुफ्त गैस सिलेंडर लिए जा सकते हैं। इस तरह से सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि उज्ज्वला स्कीम के तहत मिलने वाले मुफ्त सिलेंडरों को किसी धर्म के साथ न जोड़ा जाए।
जनवरी से मार्च और अक्टूबर से दिसंबर के बीच राज्य के 1.65 करोड़ लाभार्थी मुफ्त गैस सिलेंडर ले सकते हैं। यही नहीं सरकार राज्य के करीब 15 करोड़ गरीब लोगों के लिए मार्च के बाद भी मुफ्त राशन वितरण जारी रखने का योजना बना रही है। खाद्य एवं नागरिक वितरण विभाग के एडिश्नल कमिश्नर अनिल कुमार दुबे ने कहा, ‘मुफ्त गैस सिलेंडर वितरण योजना का किसी भी धर्म के धार्मिक त्योहार से कोई संबंध नहीं है।’ उन्होंने कहा, योजना को एक निर्धारित अवधि में क्रियान्वित करने से इसका प्रभावी कार्यान्वयन और व्यापक पहुंच सुनिश्चित होगी।
बता दें कि उज्ज्वला स्कीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2016 में शुरू किया था। यह स्कीम उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में भाजपा की जीत के प्रमुख कारणों में से एक थी। यही नहीं लोकसभा चुनाव 2019 में भी इस योजना का लाभ भाजपा को मिला और हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव 2022 में भी पार्टी को इसका फायदा मिला।







.jpeg)












