होली पर पति के घर न आने से महिला हुई इतनी उदास कि जश्न के बीच फांसी लगाकर दे दी जान
भदोही, अधिकतर लोग त्यौहार पर घर आते हैं. परिवार के साथ खुशियां मनाते हैं, लेकिन पति के घर न आने पर एक पत्नी इतनी अधिक परेशान हुई कि उसने खतरनाक कदम उठा लिया. पत्नी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. महिला का सात साल का बेटा है. होली के दिन महिला द्वारा जान दिए जाने से खुशियां मातम में बदल गईं. परिवार में हड़कंप मचा है.
मामला भदोही जिले के पूरे दीवान गांव का है. गोपीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अभिनव वर्मा ने शुक्रवार को बताया की विनोद विश्वकर्मा की पत्नी पिंकी देवी (30) बृहस्पतिवार देर रात कमरे में सोने गई और आज सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आई तो परिजनों ने रोशनदान के ज़रिये कमरे में देखा तो वह फंदे से लटकी दिखी. इसके बाद उन्होंने पुलिस को खबर दी.
निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने अंदर से बंद दरवाज़ा को तोड़कर शव कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया की मृतका का पति विनोद बाहर रहता है जबकि पिंकी अपने सात साल के बेटे के साथ यहां ससुराल में रह रही थी. वर्मा के मुताबिक, पति के होली के मौके पर घर न आने से वह काफी उदास थी जिस वजह से उसने कथित रूप से अपनी जान दे दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.







.jpeg)












