संदिग्धावस्था में युवा छात्र फांसी पर झूला...
बांदा : अज्ञात कारणों के चलते इंटर के छात्र ने सूने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर लौटे पिता ने शव फंदे पर लटकते हुए देखा तो चीख पड़ा। खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के भदेहदू गांव निवासी सदाशिव पटेल रिटायर्ड शिक्षक है। वह गांव में ही रहता है। एक मकान उसका बबेरू कस्बे के साधू थोक में बना हुआ है। उस मकान में उसका छोटा पुत्र अखिलेश पटेल (17) रहता था। वह इंटर में पढ़ता था। इन दिनो परीक्षा नजदीक होने के कारण वह तैयारी कर रहा था। पिता ने सुबह चार बजे फोन किया तो अखिलेश पढ़ाई कर रहा था।
सुबह जब वह अपने पुत्र के पास पहुंचा तो देखा कि दरवाजे बंद थे। उसने कुण्डी खटखटाई लेकिन अंदर से कोई हरकत नहीं हुई। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पिता ने खिड़की से झांककर देखा तो अखिलेश का शव कमरे के अंदर पंखे की हुक पर मफलर के सहारे फंदे पर लटक रहा था। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन फंदा काटकर उसे नीचे उतार लिया। पुलिस ने परिजनों से पूछतांछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई अर्जुन ने बताया कि अखिलेश दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई सत्यनारायण पटेल प्रयागराज में तैयारी करता है। फांसी लगाने का कारण अज्ञात है।







.jpeg)












