रेलवे गेटमेन की अज्ञात लोगों ने की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा। कोरबा-चांपा रेलखंड पर मड़वारानी से आगे नवलपुर में एक गेटमेन की पिछली रात अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। उसका शव केबिन से 40 मीटर दूर पाया गया। पुलिस ने इस मामले में खेत से एक फावड़ा जब्त किया है। पुलिस ने 302 का प्रकरण दर्ज कर लिया है और हत्यारों का पता करने में जुट गई है।
रविवार की रात 12 बजे के आसपास यह घटना उरगा पुलिस थाना के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नवलपुर रेलवे समपार में हुई। रेलवे ने यहां के गेटमेन 31 वर्षीय हरेश कुमार निवासी नालंदा बिहार की पदस्थापना कर रखी है। वह काफी समय से इस गेट पर ड्यूटी कर रहा था। पिछली रात उसकी ड्यूटी यहां पर थी। खबर के अनुसार एक मालगाड़ी की आवाजाही यहां से रात्रि 11.30 बजे के लगभग हुई। रेलवे के नियमानुसार गाडिय़ों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए उसका स्टाफ रास्ते के रेलवे क्रासिंग पर ड्यूटीरत कर्मियों को इस बारे में संकेत दिया करते हैं। बताया गया कि रात में नवलपुर फाटक से मालगाड़ी के गुजरने के दौरान यहां ऐसी कोई प्रतिक्रिया कर्मी से नहीं मिली। इस पर मालगाड़ी के गार्ड ने लोको पायलट को तत्काल सूचना दी। कुछ दूर आगे जाने पर यह गाड़ी रोकी गई। चालक ने उतरकर केबिन का जायजा लिया तो वहां गेटमेन की दुपहिया और पर्स मौजूद था लेकिन उसका अतापता नहीं था। इस बारे में अधिकारियों को अवगत कराया गया। गेटमेन की अनुपस्थिति को लेकर अधिकारी सकते में आए। कोथारी और उरगा के गेटकीपर को इस बारे में सूचना दी गई। कोथारी के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के लिए काम करने वाला ट्रैकमैन अमरेंद्र पासवान ने बताया कि नवलपुर के कर्मचारी के साथ अप्रत्याशित घटना होने की सूचना प्राप्त होने पर वह रात में ही सिग्नल डिवीजन के एक कर्मचारी के साथ घटना स्थल के लिए रवाना हुआ। उसने गेट पर कर्मचारी को नहीं पाया। इसके साथ आसपास का जायजा लिया। वहां से 40मीटर की दूरी पर कर्मचारी मृत स्थिति में पड़ा हुआ था। यह जानकारी अधिकारियों से साझा की गई। इसके बाद उरगा फाटक में 4.12 की ड्यूटी करने के बाद अपने आवास लौट रहे वाल्मिकी कर्ष को खबर मिलने पर उसने उरगा पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम करने के साथ घटना स्थल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस समय तक आसपास के कर्मचारी, कोरबा आरएम और पुलिस के अधिकारी भी यहां आ चुके थे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और रेल मंडल बिलासपुर प्रबंधन को अपने कर्मचारी की हत्या होने की खबर दी। रेल कर्मी हरेश की हत्या आखिर क्यों और किसने की, यह समझ से परे है। उसके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
सीएसपी कोरबा राहुल देव शर्मा ने बतातया कि जिस स्थान पर मृत रेलकर्मी पाया गया है, वहीं से एक फावड़ा भी जब्त किया गया है। यह फावड़ा रेलवे केबिन का ही बताया जा रहा है। इसी से रेलकर्मी पर वार किया गया। सूचना पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। इस संबंध में जानकारी जुटाने के साथ जांच की जा रही है। संभावना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।




