मुंबई। शुक्रवार को घरेलू बाजार में सोने की वायदा कीमत में तेजी आई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.15 फीसदी ऊपर 47,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो यह 62,186 रुपये प्रति किलोग्राम पर सपाट रही। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से अब भी 8960 रुपये नीचे है।
वैश्विक बाजारों में आज सोने का दाम 1,780.43 डॉलर प्रति औंस पर सपाट रहा जबकि चांदी 0.1 फीसदी बढ़कर 23.725 डॉलर प्रति औंस हो गई। डॉलर इंडेक्स नौ महीने के उच्च स्तर 93.56 के करीब रहा, जिससे अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोना प्रभावित हुआ।
एशिया में शेयर बाजार आज कमजोर रहे क्योंकि कोरोना वायरस के डेल्टा वैरिएंट के बढ़ते मामलों से आर्थिक सुधार में देरी हो सकती है। ऐसे में वैश्विक आर्थिक विकास के बारे में चिंताओं के बीच व्यापारी और निवेशक सतर्क हैं। असमान वैश्विक आर्थिक सुधार और डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव से कीमती धातुओं की कीमत प्रभावित होती है। राजनीतिक और वित्तीय अनिश्चितताओं के दौरान सोने को अक्सर डॉलर के प्रतिस्पर्धी के रूप में मूल्य के एक सुरक्षित भंडार के रूप में देखा जाता है। चीन के नियामक ने भी धारणा को प्रभावित किया।
अप्रैल-जूलाई में आभूषण निर्यात बढ़कर 12.5 अरब डॉलर पर पहुंचा
अप्रैल से जुलाई 2021 के दौरान देश का रत्न एवं आभूषण निर्यात 6.04 फीसदी बढ़ा और 12.55 अरब डॉलर पर पहुंच गया। 2019-20 की समान अवधि में यह आंकड़ा 11.8 अरब डॉलर था। अमेरिका, चीन और हांगकांग जैसे प्रमुख निर्यात गंतव्य वाले बाजारों में निरंतर होने वाले सुधार से निर्यात में तेजी आई है। जीजेईपीसी ने बताया कि जुलाई में देश का निर्यात 18 फीसदी बढ़कर 3.36 अरब डॉलर रहा। वहीं पिछले साल की समान अवधि में यह 3.87 अरब डॉलर रहा था। सोने के आभूषणों का निर्यात 38.5 फीसदी कम होकर 2.41 अरब डॉलर रह गया। चांदी के आभूषणों का निर्यात बढ़कर 84.3 करोड़ डॉलर रहा।
देश की प्रमुख कैब सर्विस प्रदाता कंपनी Ola ने अपने दूसरे डिविजन Ola Electric के तरह देश में पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर Ola S1 को लॉन्च कर दिया है। इस स्कूटर को बीते 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पेश किया गया है। S1 और S1 Pro दो वेरिएंट्स में आने वाले इस स्कूटर की शुरुआती कीमत 99,999 रुपये (इस कीमत में सब्सिडी, रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस शामिल नहीं है।) तय की गई है।
इस स्कूटर के लॉन्च के अलावा, कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि S1 और S1 Pro की बिक्री 8 सितंबर, 2021 से शुरू होगी, जबकि डिलीवरी इस साल अक्टूबर महीने में शुरू होने वाली है। शुरुआत में ओला इलेक्ट्रिक देश के 1,000 शहरों और कस्बों में डिलीवरी शुरू करेगी। तब तक, इच्छुक खरीदार महज 499 रुपये की प्री-बुकिंग राशि का भुगतान करके इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को बुक कर सकते हैं।
Ola इलेक्ट्रिक स्कूटर का बेस वेरिएंट 5 कलर ऑप्शन में उपलब्ध है जबकि प्रो वर्जन में कुल 10 रंगों का विकल्प मिलता है। अलग-अलग रंगों के अलावा ये स्कूटर भिन्न बैटरी रेंज के साथ आती है। इसका बेस मॉडल अधिकतम 90 किमी प्रति घंटे की स्पीड पकड़ती है और सिंगल चार्ज में ये स्कूटर 121 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देती है। वहीं टॉप मॉडल की अधिकतम स्पीड 115 किलोमीटर प्रतिघंटा है और एक बार फुल चार्ज होने के बाद इसे 181 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है।
गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र और राजस्थान को छोड़कर देश के बाकी राज्यों में इस स्कूटर के S1 वेरिएंट की कीमत 99,999 रुपये और S1 Pro वेरिएंट की कीमत 129,999 रुपये तय की गई है। लेकिन गुजरात में इस स्कूटर की कीमत सबसे कम है। यहां पर इसके बेस मॉडल की कीमत 79,999 रुपये और टॉप मॉडल की कीमत 109,999 रुपये है। इस कीमत में FAME-II और राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी शामिल है।
रायपुर | किसी के जीवन में ऐसा ऐतिहासिक पल कम ही आता है जब स्वतंत्रता दिवस हो, तिरंगा फहराकर राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने का अवसर हो और उसी समय उसे सबसे बड़ा करदाता घोषित कर दिया जाए। नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली कंपनी जिन्दल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) के साथ देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर यह संयोग हुआ है। सीजीएसटी के प्रिंसिपल कमिश्नर बीबी महापात्रा ने जेएसपीएल-छत्तीसगढ़ को प्रदेश में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा जीएसटी अदाकर्ता घोषित करते हुए कल उसे सम्मानित किया। इसके साथ ही जेएसपीएल-छत्तीसगढ़, सेल-भिलाई के बाद प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा जीएसटी अदाकर्ता भी बन गया है।
यह सम्मान कंपनी के छत्तीसगढ़-सीओओ दिनेश कुमार सरावगी ने प्राप्त किया और चेयरमैन नवीन जिन्दल एवं समस्त जेएसपीएल परिवार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। सम्मान के इस अवसर पर जेएसपीएल के रायपुर में प्रेसिडेंट प्रदीप टंडन और रायगढ़ में फाइनेंस हेड विकास कुमार भी उपस्थित थे।
सरावगी ने इस अवसर पर बताया कि राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित जेएसपीएल-छत्तीसगढ़ ने जून 2017 से जून 2021 तक जीएसटी के रूप में करीब 5400 करोड़ रुपये की अदायगी की। कर अदायगी और कर नियमों के अनुपालन में तत्परता और समर्पित योगदान के लिए जेएसपीएल-छत्तीसगढ़ को देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित करने के सरकार के निर्णय से हमें हौसला मिला है।
उन्होंने बताया कि चेयरमैन जिन्दल एवं प्रबंध निदेशक वी.आर. शर्मा के निरंतर मार्गदर्शन और उनकी दूरदृष्टि सरकार द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुपालन के लिए हमें सदैव प्रेरित करती है। यह श्री जिन्दल का ही नेतृत्व है कि जेएसपीएल-छत्तीसगढ़ का कोई भी जीएसटी संबंधी कानूनी विवाद किसी भी अदालत में नहीं है और हम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर नियमों का अनुपालन कर रहे हैं।
यह सम्मान समारोह जीएसटी आयुक्तालय, रायपुर में आयोजित हुआ जिसमें जीएसटी बार एसोसिएशन, सीए इंस्टीट्यूट शाखा प्रमुख, यूआरएलए एसोसिएशन के सम्मानित सदस्य एवं चेयरमैन, सी.आई.आई. और फिक्की के सदस्यों के साथ-साथ जीएसटी विभाग के अनेक उच्च अधिकारी उपस्थित थे। श्री सरावगी और श्री टंडन ने इस उपलब्धि पर सभी को बधाई दी है।
Hyundai i20 के नए वेरियंट का इंतजार कर रहे ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। कंपनी भारत में i20 N Line को 24 अगस्त को पेश करने वाली है। बताया जा रहा है कि कंपनी इस कार को 24 अगस्त को शोकेस करेगी और इसकी कीमतों का खुलासा सितंबर में किया जाएगा। N Line के तहत कंपनी i20 के तीन वेरियंट- N6 iMT, N8 iMT और N8 DCT ऑफर करेगी। दोनों वेरियंट में स्पोर्टी डिजाइन के साथ शानदार फीचर्स से भरपूर केबिन मिलेगा। कार में कंपनी टर्बोचार्ज्ड BS6 इंजन ऑफर करने वाली है।
धांसू है कार का एक्टीरियर डिजाइन
i20 N Line लुक्स के मामले में काफी शानदार है। इसमें स्कल्पटेड बोनट के साथ स्लोपिंग रूफलाइन, बड़ी ब्लैक्ड आउट ग्रिल और पीछे की तरफ खिंचे हुए बेहतरीन हेडलैंप्स मिलते हैं। कार में आपको ब्लैक्ड आउट B-Pillar और ORVM मिलेंगे। कार में दिए गए 17 इंच के अलॉय वील इसके जबर्दस्त लुक को और शानदार बनाने का काम करते हैं।
रियर डिजाइन देता है प्रीमियम लुक
कार में रियर की बात करें तो टॉप में आपको रूफ माउंटेड स्पॉइलर और शार्क फिन ऐंटेना देखने को मिलेगा। इसके अलावा यहां दी गई Z-शेप रैप अराउंड टेल लाइट भी कार के रियर लुक को प्रीमियम बनाने के काम करती है। कार में दिया गया ड्यूल एक्जॉस्ट इसके स्पोर्टी लुक को बढ़ाने का काम करता है।
मिलेगी 118hp की पावर
इंजन और पावर की बात करें तो i20 N Line में 1.0 लीटर का टर्बो-पेट्रोल इंजन ऑफर करेगी। यह इंजन 172Nm के पीक टॉर्क पर 118hp की पावर जेनरेट करता है। कार में कंपनी iMT या DCT गियरबॉक्स ऑफर कर सकती है।
मिलेगा जबर्दस्त इंटीरियर
ह्यूंदै की इस 5-सीटर कार में काफी स्पेशियस केबिन दिया गया है। सीट और हैंड ब्रेक में दी गई रेड स्टिचिंग इसके लुक को और बेहतरीन बनाती है। कार में आपको 3 स्पोक मल्टी-फंक्शनल लेदर स्टीयरिंग देखने को मिलेगा। एंटरटेनमेंट के लिए कार में ब्लू लिंक कनेक्टेड कार टेक्नॉलजी के साथ 10.25 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट पैनल दिया गया है। सेफ्टी के लिए इसमें मल्टिपल एयरबैग और ADAS दिया गया है। कीमत की जहां तक बात है, तो यह 12 लाख रुपये की कीमत के आसपास लॉन्च की जा सकती है।
नई दिल्ली: टिकटॉक अब दुनिया का सबसे ज्यादा डाउनलोड होने वाला सोशल मीडिया ऐप बन गया है. टिकटॉक ने फेसबुक और वॉट्सऐप को पछाड़कर यह उपलब्धि हासिल की है. यह बात निक्केई एशिया की रिपोर्ट में कही गई है.
निक्केई एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 में डाउनलोड्स को लेकर एक ग्लोबल सर्वे में टिकटॉक इस बार सोशल मीडिया प्रोवाइडर्स की लिस्ट में टॉप में पर है. 2018 में पहली बार शुरू हुई इस स्टडी में टिकटॉक पहली बार टॉप पर है. 2020 में दुनिया के टॉप 10 सबसे ज्यादा डाउनलोड किए गए ऐप्स में से सात अमेरिका में स्थित संस्थाओं द्वारा विकसित किए गए हैं.
इनमें से चार (फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक मैसेंजर) का स्वामित्व एक ही कंपनी के पास है, जिसे टॉप पांच में स्थान दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया में (चीन को छोड़कर), टिकटॉक फेसबुक के बाद दूसरा सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप है. मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम महामारी के दौरान काफी ज्यादा डाउनलोड किया गया. डाउनलोडिंग के मामले में ऐप 2019 में 15 वें स्थान से एशिया (चीन को छोड़कर) में 2020 में सातवें स्थान पर आ गया, जबकि ये सबसे ज्यादा डाउनलोड की जाने वाली ग्लोबल रैंकिंग में एक स्थान ऊपर (7) चला गया.
Likee, एक चीनी ऐप और टिकटॉक के प्रतियोगी जैसे कई शॉर्ट वीडियो ऐप लोकप्रियता प्राप्त कर रहे हैं. ऐप शॉर्ट वीडियो बनाता है जो कई कंपनियां मार्केटिंग के लिए इस्तेमाल करती हैं और ये नए ग्लोबल डाउनलोड लीग में आठवें स्थान पर है. इसी तरह, चीन के कुआइशौ का एक ऐप Snack Video, एशिया-प्रशांत में छठा सबसे ज्यादा डाउनलोड किया गया.
भारत में बैन है टिकटॉक
भारत में टिकटॉक पर बैन के बावजूद, ऐप की लोकप्रियता इंस्टाग्राम से आगे निकल गई, देश में दूसरा सबसे लोकप्रिय सोशल नेटवर्क प्लेटफॉर्म बन गया. इजीटल ट्रेंड्स इंडिया, दिसंबर 2020 की सिमिलरवेब की रिपोर्ट जनवरी में सामने आई थी. भारतीय नागरिकों की गोपनीयता और डेटा सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए, 2020 में भारत सरकार ने 200 से ज्यादा चीनी मोबाइल एप्लिकेशन पर बैन लगा दिया था, इसमें से एक टिकटॉक भी था.
मुंबई: पिछले दो सत्रों में तेज गिरावट के बाद आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में बढ़त आई है। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.4 फीसदी बढ़कर 46065 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो यह 0.7 फीसदी की बढ़त के साथ 63095 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से 10,135 रुपये नीचे है। सोमवार को सोना और चांदी क्रमश: 700 रुपये और 2250 रुपये सस्ते हुए थे। जबकि शुक्रवार को इनकी कीमत क्रमश: 1000 रुपये और 2000 रुपये नीचे आई थी।
वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना 1,730.47 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी 23.43 डॉलर पर सपाट रही। डॉलर इंडेक्स दो सप्ताह के उच्च स्तर के करीब था, जिससे अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोना अधिक महंगा हो गया। कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है ईटीएफ का प्रवाह दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड समर्थित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड या गोल्ड ईटीएफ, एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग्स शुक्रवार के 1,025.28 टन के मुकाबले सोमवार को 0.2 फीसदी गिरकर 1,023.54 टन हो गई। स्वर्ण ईटीएफ सोने की कीमत पर आधारित होते हैं। पीली धातु के दाम में आए उतार-चढ़ाव पर ही इसका दाम भी घटता-बढ़ता है। मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।
निवेशकों के लिए सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना सिर्फ पांच दिन के लिए (नौ अगस्त से 13 अगस्त तक) खुली है। इसलिए अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो देर न करें। इसकी बिक्री पर होने वाले लाभ पर आयकर नियमों के तहत छूट के साथ और कई लाभ मिलेंगे। सरकार की ओर से गोल्ड बॉन्ड में निवेश के लिए यह वित्त वर्ष 2021-22 की पांचवीं श्रृंखला है। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में बताया था कि सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड मई से लेकर सितंबर के बीच छह किस्तों में जारी किए जाएंगे। योजना के तहत आप 4,790 रुपये प्रति ग्राम पर सोना खरीद सकते हैं। गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है तो सरकार ऐसे निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट देती है। गोल्ड बॉन्ड की परिपक्वता अवधि आठ साल की होती है और इस पर सालाना 2.5 फीसदी का ब्याज मिलता है।









