CG : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, किसानों को मिलेगी बड़ी सौगात    |    नेपाल-तिब्बत सीमा की बाढ़ में भाजपा नेता की बेटी समेत छत्तीसगढ़ की तीन महिलाएं लापता    |    बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल : मुख्यमंत्री साय    |    लोकतंत्र सेनानियों का त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय    |    BREAKING : बंगाल का नया CM- शुभेंदु अधिकारी होंगे प. बंगाल के नए सीएम- अमित शाह ने किया सीएम का एलान    |    BREAKING NEWS : देखिए लाल किले के पास हुए बम धमाके की खौफनाक तस्वीरें, 8 लोगों की मौत    |    Breaking : 1 नवंबर को सभी स्कूल – कॉलेजों में रहेगी छुट्टी, आदेश जारी    |    BIG BREAKING : सी.पी. राधाकृष्णन होंगे भारत के नए उपराष्ट्रपति    |    साय कैबिनेट की बैठक खत्म, लिए गए कई अहम निर्णय    |    CG Accident : अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, युवक-युवती की मौके पर ही मौत, 3 की हालत गंभीर    |
JCCJ ने विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह को पार्टी से किया निष्कासित

JCCJ ने विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह को पार्टी से किया निष्कासित

 रायपुर: जनता कांग्रेस विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। जेसीसीजे की अध्यक्ष रेणु जोगी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत को इसकी जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हें निष्कासित किया गया है।

धर्मजीत सिंह को जेसीसीजे विधायक दल के नेता से हटाने के लिए पार्टी सुप्रीमो ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा है। उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। वहीं अब रेणु जोगी विधायक दल की नेता होंगी।

बता दें कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने अजीत जोगी के निधन के बाद धर्मजीत सिंह को विधायक दल का नेता चुना था। वर्ष साल 2018 के विधानसभा चुनाव में जेसीसीजे ने बसपा के साथ गठबंधन करके प्रदेश की 90 में से पांच सीट पर जीत दर्ज की थी। अजीत जोगी मरवाही, देवव्रत सिंह खैरागढ़ से विधायक चुने गए थे। इनके निधन के बाद दोनों सीट पर कांग्रेस का कब्जा हो गया था। वर्तमान में जेसीसी के तीन विधायक हैं, जिसमें रेणु जोगी, धर्मजीत सिंह और प्रमोश शर्मा शामिल हैं।

रमदहा वाटरफॉल में डूबने से 6 लोगों की हुई थी मौत, दुर्घटना रोकने जिला प्रशासन करेगा पुख्ता प्रबंध

रमदहा वाटरफॉल में डूबने से 6 लोगों की हुई थी मौत, दुर्घटना रोकने जिला प्रशासन करेगा पुख्ता प्रबंध

 मनेंद्रगढ़-चिरमिरी/ रमदहा वाटरफॉल में पर्यटकों की डूबकर मृत्यु होने की घटना की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर शीघ्र ही पुख्ता प्रबंध करने जा रहा है। इस वाटरफॉल के एकदम नजदीक जाकर नहाने, तैरने और सेल्फी लेने की रोकथाम के लिए 500 मीटर के दायरे में रेलिंग लगाई जाएगी। कलेक्टर पी.एस. ध्रुव ने 17 सितंबर को अधिकारियों की टीम के साथ दो किलोमीटर पैदल चलकर रमदहा वाटरफॉल पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया।

पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने वाटरफॉल के एकदम नजदीक जाने के रास्ते को फिलहाल पत्थरों से तत्काल बंद करवाने के निर्देश दिए। दरअसल रमदहा जलप्रपात जाने के मार्ग में पर्यटकों का एक वाहन फंस जाने की वजह से रास्ता बाधित हो गया था, जिसकी वजह से कलेक्टर ध्रुव अधिकारियों की टीम के साथ यहां पैदल चलकर पहुंचना पड़ा।

गौरतलब है कि रमदहा फॉल मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला मुख्यालय से लगभग 140 किलोमीटर दूर भरतपुर जनपद में स्थित है। यह झरना एक छोटी सी पहाड़ी से निकलता है, इसकी ऊंचाई लगभग 120 फीट है। जंगलों के बीच स्थित रमदहा वाटरफॉल प्राकृतिक और बेहद मनोरम है। यह वाटरफॉल बनास नदी के किनारे स्थित है। इस वाटरफॉल से प्रवाहित जल बनास नदी में जाता है। इस वाटरफॉल को देखने के लिए हमेशा पर्यटक बड़ी संख्या आते रहते हैं। रमदहा जलप्रपात बहुत ही गहरा है, यहां जाने पर सावधानी का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

बता दें कि बीते दिनों मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के 6 पर्यटकों की मृत्यु रमदहा वाटरफॉल में डूबने की वजह से हो गई थी। इस वाटरफॉल के नजदीक जाकर नहाना, तैरना अथवा सेल्फी लेना बेहद खतरनाक है, क्योंकि यहां की बारीक रेत कब पैरों के नीचे से फिसल जाए और आप गहरे पानी में चले जाए पता ही नहीं चल पाता। ग्रामीणों के मुताबिक रमदहा वाटरफॉल में डूबने की वजह से अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।

कलेक्टर पी.एस. ध्रुव ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर वाटरफॉल से 500 मीटर को रेलिंग से घिरवाने के साथ ही रमदहा जलप्रपात को देखने के लिए पाथवे बनवाने के साथ ही सुरक्षित जगह सेल्फी प्वाइंट की व्यवस्था कराने के साथ ही इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने की निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने रमदहा जलप्रपात स्थल पर पर्यटकों के लिए सुरक्षा संबंधी चेतावनी का बोर्ड लगाए जाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार अशोक सिंह, जनपद सीईओ अनिल अग्निहोत्री, मनरेगा पीओ के.पी. सिंह एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।

रायपुर में होने वाले मैचों की टिकट बुकिंग शुरू, 250 रुपये में मिल रही टिकट, यहां करें बुक

रायपुर में होने वाले मैचों की टिकट बुकिंग शुरू, 250 रुपये में मिल रही टिकट, यहां करें बुक

 रायपुर में होने वाले रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मैचों की टिकट बुकिंग आज से शुरू हो गई है। दर्शक बुक माय शो पर ऑनलाइन टिकट खरीद सकते हैं।

बता दें कि इस बार रोड सेफ्टी टूर्नामेंट के पांच मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। जिसमें दो लीग मुकाबले, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल मैच शामिल है।

लीग के दोनों मैच एक ही दिन होंगे। यानी क्रिकेट प्रेमियों को डबल हेडर मैच देखने को मिलेंगे। जिसके लिए एक ही टिकट रखी गई है। लीग मुकाबले के लिए टिकट की दर 250 रुपए से शुरू हो रही है। वहीं सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले के लिए टिकट की दर 1000 रुपए से शुरू हो रही है।

रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज 2021 के सभी मुकाबले रायपुर में आयोजित किए गए थे। लेकिन इस बार सिर्फ 5 मुकाबले होने जा रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार मैच टिकट के दाम में बढ़ोतरी की गई है।

रायपुर में खेले जाएंगे ये मैच:-

श्रीलंका लीजेंड्स बनाम बांग्लादेश लीजेंड्स 27 सितंबर दोपहर 3.30 बजे

इंग्लैंड लीजेंड्स बनाम ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स 27 सितंबर शाम 7.30 बजे

पहला सेमीफाइनल 28 सितंबर शाम 7.30 बजे

दूसरा सेमीफाइनल 29 सितंबर शाम 7.30 बजे

फाइनल 1 अक्टूबर शाम 7.30 बजे खेला जाएगा।

बस्तर में माओवादियों ने मचाया उत्पात: मालगाड़ी को बनाया निशाना, लोको पायलट को लूटा, डिब्बे में बांधे बैनर

बस्तर में माओवादियों ने मचाया उत्पात: मालगाड़ी को बनाया निशाना, लोको पायलट को लूटा, डिब्बे में बांधे बैनर

 दंतेवाड़ा: बस्तर में माओवदियों ने एक बार फिर उत्पात मचाया है। इस बार माओवदियों ने मालगाड़ी को अपना निशाना बनाया। रविवार देर रात झिरका-बासनपुर के जंगल में मालगाड़ी को रुकवाकर लोको पायलट से वॉकी-टॉकी लूट लिए और ट्रेन में बैनर बांध दिया। हालांकि किसी भी कर्मचारी को नुकसान नहीं पहुंचाया है। यह पूरा मामला भांसी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, देर रात लाल बैनर लेकर माओवादी किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन में ट्रैक के बीच खड़े थे। 20 से 30 माओवादियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। वहीं जब ट्रेन आई तो माओवादियों ने ट्रेन को रुकवाया। माओवादियों को देख पायलेट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। संवेदनशील इलाका होने की वजह से ट्रेन की रफ्तार पहले से ही कम थी।

मालगाड़ी को रुकवाने के बाद माओवादियों ने लोको पायलट समेत अन्य कर्मचारियों को नीचे उतारा और एक डिब्बे में बैनर-पोस्टर लगा दिए। मालगाड़ी के एक डिब्बे में बैनर बांधने के बाद माओवादी जंगल की तरफ चले गए। वारदात होने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने इसकी जानकारी फौरन रेलवे के उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस को इसकी खबर मिलते ही इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

दरअसल इस रुट पर नक्सल दहशत की वजह रेलवे को पहले ही अंदेशा था इस वजह से पैसेंजर ट्रेनों को कुछ दिनों से दंतेवाड़ा स्टेशन में ही रोका जा रहा है। लेकिन मालगाड़ियों की आवाजाही बरकरार थी। इसके पहले बीजापुर जिले में माओवादियों ने सीआरपीएफ की सब्जी वाहन को आग के हवाले कर दिया था।

खस्ताहाल सड़कों पर मुख्यमंत्री नाराज, ENC को हटाया

खस्ताहाल सड़कों पर मुख्यमंत्री नाराज, ENC को हटाया

 रायगढ़: छत्तीसगढ़ में खराब सड़कों को देखकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नाराजगी सामने आई है, जिसके बाद सीएम बघेल ने सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर लोक निर्माण विभाग में बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल खस्ताहाल सड़कों के कारण ईएनसी हटा दिए हैं।

वहीं सीएम भूपेश बघेल के निर्देश पर राज्य शासन द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया गया हैं। प्रदेश में सड़कों की स्थिति खराब होने के कारण लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी को हटा दिया गया है और उन्हें मंत्रालय लोक निर्माण विभाग में विशेष कर्तव्य अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है। उनकी जगह लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र रायपुर के मुख्य अभियंता केके पीपरी को प्रभारी प्रमुख अभियंता बनाया गया है।

पितृपक्ष 2022: नवमी श्राद्ध से पाएं मातृ ऋण से मुक्ति

पितृपक्ष 2022: नवमी श्राद्ध से पाएं मातृ ऋण से मुक्ति

 रायपुरः पितृपक्ष में पितरों का श्राद्ध मृत्यु की तिथि के अनुसार किया जाता है लेकिन तर्पण प्रतिदिन करना चाहिए। गरुड़ पुराण के अनुसार पितृ पक्ष में आश्विन कृष्ण प्रतिपदा से आश्विन अमावस्या तक अपने पूर्वजों का जल, तिल और फूल से तर्पण करना चाहिए। पितृपक्ष की नवमी तिथि को माता के श्राद्ध के लिए उत्तम माना गया है।

पितृपक्ष की नवमी माता के श्राद्ध के लिए पुण्यदायी है। काठियावाड़ का सिद्धपुर स्थान मातृ गया के नाम से भी प्रसिद्ध है। इस पुण्यक्षेत्र में माता का श्राद्ध करने से पुत्र अपने मातृ ऋण से सदा के लिये मुक्त हो जाता है।

नवमी श्राद्ध विधि
श्राद्ध में गंगाजल, कच्चा दूध, तिल, जौ और खंड मिश्रित जल की जलांजलि देकर पितृ पूजन करें। पितृगण के निमित घी का दीप जलाएं, चंदन धूप करें, सफेद फूल, चंदन, सफेद तिल और तुलसी दल अर्पित करें। चावल के आटे के पिंड समर्पित करें। फिर उनके नाम का नैवेद्य रखें।

कुशा के आसन पर बैठाकर पितृ के निमित भगवान विष्णु के जगन्नाथाय स्वरूप का ध्यान करते हुए गीता के छठे आध्याय का पाठ करे। इसके उपरांत चावल की खीर, पूड़ी सब्जी, कलाकंद, सफेद फल, लौंग-ईलायची और मिश्री अर्पित करें। भोजन के बाद ब्राह्मणों को सफेद वस्त्र, चावल, शक्कर और दक्षिणा देकर आशीर्वाद लें।

विष्णु पुराण में कहा गया है कि श्रद्धा और भक्ति से किए गए श्राद्ध से पितरों के साथ ब्रह्मा, इंद्र, रुद्र, अश्विनी कुमार, सूर्य, अग्नि, वसु, वायु, पितृगण, पक्षी, मनुष्य, पशु, सरीसृप, ऋषिगण तथा अन्य समस्त मृत प्राणी तृप्त होते हैं। जिस तिथि को माता-पिता की मृत्यु हुई हो उस दिन उनके नाम से अपनी श्रद्धा और क्षमता के अनुसार ब्राह्मणों को भोजन करवाना चाहिए।

रायपुर में आज से इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर्स चेस टूर्नामेंट, विजेता होंगे चीफ मिनिस्टर ट्रॉफी से पुरुस्कृत

रायपुर में आज से इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर्स चेस टूर्नामेंट, विजेता होंगे चीफ मिनिस्टर ट्रॉफी से पुरुस्कृत

 रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग, अखिल भारतीय शतरंज महासंघ और छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर्स चेस टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विजयी खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ चीफ मिनिस्टर ट्रॉफी से पुरुस्कृत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रेरणा और मार्गदर्शन से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस आयोजन से शतरंज खेल को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए अवसर भी मिलेगा। इस टूर्नामेंट में पांच बार के विश्व चैंम्पियन ग्रैंडमास्टर विश्वनाथ आनंद, वोमेन ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी, ग्रैंडमास्टर रामेशम्भु शामिल होंगे।

राजधानी रायपुर में 19 सितंबर से 28 सितंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट में विश्व के 15 देशों के 500 से भी ज्यादा शतरंज के खिलाड़ी 100 से अधिक अनुभवी मास्टर्स के मार्गदर्शन में हिस्सा लेंगे। इस अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में अलग अलग देशों के खिलाड़ी शामिल होंगे। जिनमें अब तक रसिया, उक्रेन, जॉर्जिया, यू एस ए, काजिकस्तान, मंगोलिया, पोलैंड, वियतनाम, कोलंबिया, ईरान, श्रीलंका, बांग्लादेश, जिम्बाब्वे व नेपाल सहित 15 देशों से भाग लेने वाले खिलाड़ियों का पंजीयन हो चुका है। इस टूर्नामेंट से देश, प्रदेश के रेटेड खिलाडियों को अपनी रेटिंग सुधारने, जी एम व आई एम नॉर्म एवं टाइटल प्राप्त करने का अवसर भी उपलब्ध होगा।

इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर्स चेस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ चीफ मिनिस्टर विजेता ट्रॉफी दी जायेगी, इसके अलावा नगद राशि भी दी जायेगी। यह टूर्नामेंट दो कैटेगरी मास्टर्स और चौलेंजर्स के रूप में होगा, इसमें मास्टर्स कैटेगरी में 23 लाख रुपये, ट्रॉफी और चौलेंजर्स कैटेगरी में 12 लाख रुपये एवं ट्रॉफी पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों को सम्मान स्वरूप प्रदान किए जायेंगे। इस टूर्नामेंट से जुड़े 50 गेम्स का लाइव प्रसारण विश्व स्तर पर किया जायेगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस टूर्नामेंट को देख सकें।

चेस टूर्नामेंट से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन देश में बहुत कम होते हैं, इस टूर्नामेंट में विभिन्न देशों के हाई रेटेड खिलाड़ी एक प्लेटफॉर्म में खेल का प्रदर्शन करेंगे। ऐसे आयोजनों के अभाव के कारण खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय उपाधि प्राप्त करने के लिए कठिनाई होती है और उन्हें यूरोपीय देशों में जाना पड़ता है। खिलाड़ियों को इस दौरान आर्थिक और मानसिक रूप से अनेकों परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। यह आयोजन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उभरती प्रतिभाओं को मंच देने के लिए किया जा रहा है।

रेलवे ट्रैक पर मिली सिर कटी लाश, नशे के लिए माना करने पर उठाया खौफनाक कदम

रेलवे ट्रैक पर मिली सिर कटी लाश, नशे के लिए माना करने पर उठाया खौफनाक कदम

 कोरबा।जिले में शनिवार रात रेलवे ट्रैक पर एक सिर कटी लाश मिली। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिली लाश की सूचना स्टेशन मास्टर ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में खुदकुशी की बात सामने आ रही है। ट्रेन से कटकर व्यक्ति का सिर बॉडी से अलग हो गया है।

मृतक की शिनाख्त 50 वर्षीय अजय गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों को उसकी मौत की सूचना दे दी गई। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने बताया कि अजय को शराब पीने की लत थी, जिसे लेकर उसे बार-बार मना किया जाता था। दबाव बनाने पर उसने कुछ दिनों के लिए शराब जरूर छोड़ा था, लेकिन फिर दोबारा पीने लगा। कल फिर से जब उससे शराब पीने को लेकर मना किया गया, तो वो गुस्से से घर से बाहर चला गया था। इसी गुस्से में उसने ट्रेन से कटकर अपनी जान दी होगी।

मानिकपुर चौकी प्रभारी ललन पटेल ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, हालांकि शुरुआती जांच में आत्महत्या का केस लग रहा है। ललन पटेल ने कहा कि उरगा-कोरबा सेक्शन अप लाइन किमी संख्या 701/सी 17-19 के पास शव मिला है। मालगाड़ी से कटकर व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

राजधानी में महिला के साथ रेप, अकेलेपन का फायदा उठाकर दोस्त ने ही बुझाई हवस

राजधानी में महिला के साथ रेप, अकेलेपन का फायदा उठाकर दोस्त ने ही बुझाई हवस

 रायपुर। राजधानी से दुष्कर्म का मामला सामने आ रहा है। इस कांड को अंजाम देने वाला उसका ही दोस्त है। पहले तो बदमाश ने अपनी बातों में उलझाकर महिला से करीबी बढ़ाया। इसके बाद उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला की शिकायत पर पुलिस इस कांड को अंजाम देने वाले शख्स को पकड़ा है।

मामला रायपुर के उरला इलाके का है। जिस व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा उसका पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड भी है। पता चला है कि, छोटी-मोटी चोरियों को अंजाम दिया करता था। आरोपी का नाम देवा पैकरा है। 30 साल का देवा अंबिकापुर का रहने वाला है। पिछले कुछ वक्त से ये उरला के गाजी नगर की मस्जिद के पास रह रहा था। यहीं इसने रेप कांड को अंजाम दिया।

जिस महिला को इसने शिकार बनाया वो महिला अकेली रह रही थी। उसके पति की कुछ वक्त पहले ही मौत हो गई थी। महिला आस-पास काम करके अपना गुजारा चला रही थी। कुछ महीने पहले पैकरा ने महिला से दोस्ती की। उसके घर आने-जाने लगा। मौका पाकर वो महिला के साथ गलत काम करने लगा। महिला घर पर अकेली ही रहती है, इसी का फायदा उठाकर उसने रेप की वारदात को अंजाम दिया। महिला की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सर्पदंश से मासूम की मौत, परिजनों ने लगाया अस्पताल कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप…

सर्पदंश से मासूम की मौत, परिजनों ने लगाया अस्पताल कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप…

 कोरबा। जिले के रामपुर चौकी क्षेत्र में करैत सांप के काटने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने जिला अस्पताल के कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

बता दें कि ग्राम नकटीखार में रहने वाले श्याम दास महंत की 6 साल की बेटी पलक को उस समय करैत सांप ने पीठ में काट लिया, जब वो सो रही थी। बच्ची के चिल्लाने पर परिजन कमरे में पहुंचे और वहां सांप को देखा। वे तुरंत उसे जिला अस्पताल ले गए।

जहां बच्ची के मामा मनमोहन दास महंत ने कहा कि वे पलक को समय पर ले आए थे, लेकिन इलाज देर से शुरू होने के कारण उसकी मौत हो गई। वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर गोपाल कंवर ने कहा कि अगर अस्पताल में लापरवाही हुई होगी तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

59 लाख की गबन मामले में प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, फंड शाखा प्रभारी के साथ मिलकर दी वारदात को अंजाम…

59 लाख की गबन मामले में प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, फंड शाखा प्रभारी के साथ मिलकर दी वारदात को अंजाम…

 बिलासपुर। एसपी दफ्तर के फंड शाखा की प्रभारी ने प्रधान आरक्षक के साथ मिलकर 59 लाख रुपये का गबन करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने प्रधान आरक्षक को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस फरार महिला फंड प्रभारी की तलाश कर रही है।

बता दें कि एसपी दफ्तर के फंड शाखा प्रभारी मधुशीला सुरजाल जो एएसआई के पद पदस्थ है। उन्होंने लंबे समय से फंड शाखा की रकम में हवलदार संजय श्रीवास्तव के साथ मिलकर रकम की हेरफेर की। जब एसएसपी पारुल माथुर की नजर फाइलों की जांच के दौरान इस गड़बड़ी पर पड़ी, तो उन्होंने पतासाजी की तो पता चला कि

जीपीएफ़ समेत अन्य मद में रकम निकालने के लिए यदि कोई पुलिस कर्मचारी आवेदन देता है तो उसमें कूटरचना कर अधिक रकम फंड प्रभारी मधुशीला सुरजाल के द्वारा निकाल ली जाती है। वहीं इस मामले में एसएसपी पारुल माथुर ने फंड शाखा प्रभारी मधुशीला सुरजाल को लाइन अटैच करते हुए डीएसपी हेड क्वार्टर राजेश श्रीवास्तव को मामले की जांच के निर्देश दिए है।

राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना...आदेश जारी

राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना...आदेश जारी

 रायगढ़ : सड़क गुणवत्ता मामले में की गई लापरवाही को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईएनसी वीके भतपहरी को हटा दिया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में ऐसा पहला मामला है जब खराब सड़कों की शिकायत के बाद एचओडी पर कार्रवाई की गई है। भतपहरी को अब मंत्रालय में बतौर ओएसडी नियुक्त किया गया है।

बता दें कि भेंट मुलाकात के दौरान रायगढ़ में सीएम भूपेश बघेल के सामने खराब सड़कों की शिकायतें सामने आईं। सीएम को जानकारी मिली कि फंड होने के बाद भी सड़कों का मेंटेनेंस कार्य नहीं हो पा रहा है। इसे लेकर सीएम नाराज हुए। भेंट मुलाकात के बाद वापस आकर सीएम ने ईएनसी को हटाने का बड़ा फैसला लिया है। बता दें कि उनकी जगह केके पीपरी को प्रभारी ईएनसी बनाया गया है। फिलहाल उनके पास एनएच की भी जिम्मेदारी रहेगी।

छात्रा की शिकायत पर मुख्यमंत्री बघेल ने प्रिंसिपल को किया निलंबित, साथ ही कार्रवाई के दिए निर्देश

छात्रा की शिकायत पर मुख्यमंत्री बघेल ने प्रिंसिपल को किया निलंबित, साथ ही कार्रवाई के दिए निर्देश

 बालोद। CG NEWS :  जिले के गुण्डरदेही (Gundardehi) के ग्राम जेवरतला में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पिनकापार की प्राचार्या संगीता खोबरागड़े को निलंबित करने के निर्देश दिए।

12वीं की छात्रा हर्षिता यादव ने प्राचार्या के खिलाफ मुख्यमंत्री से शिकायत की और बताया कि प्राचार्या का व्यवहार बच्चों से ठीक नहीं है, स्थानांतरण होने के बाद भी प्राचार्या पद पर बनी हुई हैं और फीस भी ज़्यादा लेती हैं। जिसपर सीएम बघेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निलंबन करने के निर्देश दिए।

2 बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत...एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

2 बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत...एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

 दंतेवाड़ा। CG ACCIDENT NEWS : जिले में 2 बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में 23 साल के एक युवक की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक का दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में इलाज जारी है। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक का नाम सोहन नेताम (23) है। यह जिले के बींजाम गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सोहन रविवार को नकुलनार से अपनी बाइक से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय की तरफ आ रहा था। इस बीच सामने से एक अन्य युवक बाइक नकुलनार की तरफ जा रहा था।

वहीं बीच जंगल में दोनों की बाइक आमने-सामने से टकरा गई। दोनों को काफी गंभीर चोटें आईं। दोनों सड़क पर ही पड़े हुए थे। इस मार्ग से गुजर रहे लोगों की नजर जब इनपर पड़ी तो उन्होंने फौरन 108 को कॉल कर हादसे की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों ने फौरन दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाया।

इनमें से एक युवक सोहन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिसका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। वहीं दूसरे युवक को गंभीर चोटें आईं। जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। अब तक घायल युवक के नामों की जानकारी नहीं मिल पाई है।

कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधियों की बैठक हुई खत्म, राहुल गांधी को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव हुआ पारित

कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधियों की बैठक हुई खत्म, राहुल गांधी को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव हुआ पारित

रायपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधियों की बैठक खत्म हो गई है। आज की बैठक में दो प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। बैठक में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, सह प्रभारी चंदन यादव, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, मंत्री टीएस सिंह, मोहम्मद अकबर सहित सभी मंत्री और पीसीसी के तमाम प्रतिनिधि मौजूद थे।

 

 

बैठक में सर्वसम्मति से राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रखा, जिसका समर्थन प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने किया।

 

 

वही दूसरे प्रस्ताव में पीसीसी की सभी नियुक्ति का अधिकार आलाकमान को दिया गया। दोनों प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लग गई। आपको बता दे कि कुछ दिन पहले ही 310 छत्तीसगढ़ पीसीसी डेलीगेट्स की सूची जारी की गई थी। आज पीसीसी डेलीगेट्स की पहली बैठक रखी गई थी।

बड़ी खबरः सड़क गुणवत्ता मामले में हुई बड़ी कार्रवाई... हटाए गए ईएनसी वीके भतपहरी

बड़ी खबरः सड़क गुणवत्ता मामले में हुई बड़ी कार्रवाई... हटाए गए ईएनसी वीके भतपहरी

 रायपुर। सड़क गुणवत्ता मामले में की गई लापरवाही को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईएनसी वीके भतपहरी को हटा दिया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में संभवतः ऐसा पहला मामला है जब खराब सड़कों की शिकायत के बाद एचओडी पर कार्रवाई की गई है। भतपहरी को अब मंत्रालय में बतौर ओएसडी नियुक्त किया गया है।

आपको बता दें कि भेंट मुलाकात के दौरान रायगढ़ में सीएम भूपेश बघेल के सामने खराब सड़कों की शिकायतें सामने आईं। सीएम को जानकारी मिली कि फंड होने के बाद भी सड़कों का मेंटेनेंस कार्य नहीं हो पा रहा है। इसे लेकर सीएम नाराज हुए। भेंट मुलाकात के बाद वापस आकर सीएम ने ईएनसी को हटाने का बड़ा फैसला लिया है। बता दें कि उनकी जगह केके पीपरी को प्रभारी ईएनसी बनाया गया है। फिलहाल उनके पास एनएच की भी जिम्मेदारी रहेगी।

पढ़ें आदेश

भिलाई के छावनी थाना प्रभारी विशाल सोन किये गए सस्पेंड, जानिए किस शिकायत की वजह से की गई कार्रवाई…

भिलाई के छावनी थाना प्रभारी विशाल सोन किये गए सस्पेंड, जानिए किस शिकायत की वजह से की गई कार्रवाई…

 भिलाई। दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव ने छावनी थाना प्रभारी विशाल सोन को सस्पेंड कर दिया है। इससे संबंधित आदेश में प्रशासनिक कारणों से टीआई विशाल सोन पर यह कार्रवाई करने का उल्लेख किया गया है।दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव द्वारा जारी आदेश के मुताबिक पुलिस नियमन के पैरा 215 (सी) के तहत प्रशासनिक कारणों से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान, वे रक्षित केंद्र में अटैच रहेंगे।

 

व्यापारियों ने की थी टीआई की शिकायत

जानकारी मिली है कि कि तीन दिन पहले जवाहर मार्केट में एक दुकान में आग लग गई थी। पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट के भारत जींस सेंटर के तीन मंजिला मकान में गणेश विसर्जन के दौरान पटाखा के चिंगारी से आग लग गई थी। जिसे बुझाने के लिए घंटो का वक्त लग गया था। जबकि संघ ने विसर्जन को लेकर कई बार मांग की थी कि जुलूस मार्केट के भीतर से नाजाने न दिया जाए। लेकिन इसे लेकर किसी ने भी सजगता नहीं दिखाई। इसका नतीजा जींस दुकान में आग लगने से हो गया। यह भी आरोप है कि टीआई ने व्यापारियों से दुर्व्यवहार किया है।इस शिकायत के बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए टीआई विशाल सोन को निलंबित कर दिया है।

बड़ी खबरः बीजेपी को लगा बड़ा झटका, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे के भाई विजय कांग्रेस में हुए शामिल

बड़ी खबरः बीजेपी को लगा बड़ा झटका, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे के भाई विजय कांग्रेस में हुए शामिल

 रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। राजनांदगांव से सांसद संतोष पांडे के भाई विजय पांडे कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं।

आपको बता दें कि हाल ही में 13 सितंबर को विजय पांडे ने बीजेपी में पद पर रहते हुए अपने निवास में कवर्धा विधायक एवं मंत्री मोहम्मद अकबर को बुलाकर स्वागत किया था। जिसे अनुशासनहिनता मानते हुए छत्तीसगढ़ भाजपा ने उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है।

कब्र खोदकर निकाली गई महिला की लाश, परिजनों ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप

कब्र खोदकर निकाली गई महिला की लाश, परिजनों ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप

 रायगढ़। जिले में एक महिला की लाश को कब्र खोदकर निकाला गया है। महिला का शव बंद मकान की बाड़ी में जमीन के अंदर शव दफ्न था। जब 17 दिनों से महिला का फोन नहीं लगा, तब बड़ी बहन किसी अनहोनी की आशंका से रविवार को उसके घर गई। यहां घर के पीछे जमीन में दबी बहन की साड़ी और उसके पैरों की उंगलियां देख उसने पुलिस को खबर की, तब पुलिस मौके पर पहुंची और वहां खुदाई कराई, तो महिला की लाश मिली। परिवार ने उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है।

कांति चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के माझापारा की रहने वाली कांति यादव (45 वर्ष) के पिता गोपालराम यादव ने बताया कि 1 सितंबर से उनकी बेटी का फोन स्विच ऑफ आ रहा था। उन्होंने इन 17-18 दिनों में कई बार उसे फोन लगाने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद था, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इस बीच उन्हें शुक्रवार 16 सितंबर को सूचना मिली कि कांति का प्रेमी खगेश्वर अस्पताल में भर्ती होकर अपना इलाज करवा रहा है।

पिता गोपालराम ने बताया कि सूचना मिलने पर वे तुरंत कुनकुरी अस्पताल पहुंचे और अपनी बेटी कांति के बारे में पूछा, लेकिन वो गोलमोल जवाब देने लगा, जिससे उनका शक उस पर बढ़ गया। इधर मौका देखकर वो अस्पताल से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार जशपुर जिले के पत्थलगांव के इला गांव का रहने वाला है। खगेश्वर भी पत्थलगांव के कंडोरा गांव का रहने वाला है। दोनों की मुलाकात एक बाजार में हुई थी, जहां से दोस्ती और फिर प्यार परवान चढ़ा। उन्होंने बताया कि खगेश्वर और उनकी बेटी कांति का जब प्रेम संबंध शुरू हुआ, तो ये दोनों पहले से शादीशुदा थे। कांति को अपने पति से 2 बेटे हैं, वहीं खगेश्वर भी अपनी पत्नी और दो बच्चों एक बेटा और एक बेटी के साथ रहता था। मृतका के पिता ने कहा कि दोनों ने अपने-अपने घरों को छोड़ दिया और 4 साल पहले 2018 में भागकर रायगढ़ के माझापारा आ गए। खगेश्वर यहां ड्राइवर का काम करने लगा।

वहीं कांति की बड़ी बहन दिलेश्वरी यादव रायगढ़ में ही रहती है। दोनों बहनों के बीच काफी अच्छे संबंध थे और दोनों के बीच हर 1-2 दिन में बात होती रहती थी, लेकिन जब लगातार छोटी बहन का फोन स्विच ऑफ बताने लगा, तो दिलेश्वरी परेशान हो गई। उसने ये बात अपने पिता को बताई, तो वे भी परेशान हो गए। इसी बीच उन्हें खगेश्वर के अस्पताल में होने की खबर मिली थी। इधर खगेश्वर के भाग जाने के बाद बड़ी बहन का दिल बहुत घबराने लगा। दिलेश्वरी छोटी बहन कांति के घर पहुंच गई, तो बाहर से दरवाजा बंद मिला। तुरंत वो मकान के पिछले हिस्से में गई और वहां से दीवार फांदकर अंदर आई। जब उसने वहां देखना शुरू किया, तो जमीन में दबी बहन की साड़ी और पैरों की उंगलियां और अंगूठा नजर आया। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां पर खुदाई करवाई, तो कांति यादव की लाश मिल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। प्रेमी खगेश्वर यादव फरार है, इसलिए उसी पर हत्या की आशंका परिवार ने जताई है।

ENC को हटाने पर भाजपा ने सरकार को घेरा, पूर्व PWD मंत्री ने कहा- खराब सड़को के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार

ENC को हटाने पर भाजपा ने सरकार को घेरा, पूर्व PWD मंत्री ने कहा- खराब सड़को के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार

 रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने प्रदेश की खराब सड़को के लिए जिम्मेदार मानते हुए लोक निर्माण विभाग के ईएनसी को हटाए जाने पर रविवार को कटाक्ष किया। उन्होंने तंज कसा कि इन दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सारे विभागों के फैसले खुद ले रहे है, और मंत्रियों को खबर ही नही लग रही। कल ही स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ मंत्री के जानकारी के बैगर निर्देश जारी कर दिए और आज लोक निर्माण विभाग के ईएनसी को बदल दिया और विभागीय मंत्री को खबर ही नही लगी। वैसे मुख्यमंत्री को सर्वाधिकार है, मगर तालमेल का जो आभाव दिख रहा है, उसके लिए सरकार खुद जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि राज्य की सड़कों के खस्ताहाल, जर्जर और रखरखाव के अभाव के लिए जितने जिम्मेदार अफसर माने जाते है, उतने ही बडी जिम्मेदारी सरकार की भी होती है, क्योंकि जनचर्चा है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही पहले दिन से निर्माण कार्यो में मोटा कमीशन और भाई भतीजावाद को खूब बढ़ावा दिया गया। जबकि यह विभाग समन्यव बनाकर काम करने वाला विभाग है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण विभागों में सरकार ने कभी भी समन्वय बनाने की कोशिश ही नही की। यही कारण रहा कि आज राज्य की सड़कों की हालत खराब हो गई और पूर्ववर्ती भाजपा शासन काल मे बनी सड़को को भी सरकार मेंटेन नही कर पाई।

राजेश मूणत ने आरोप लगाया कि, कांग्रेस सरकार में एक पैसे का कोई काम नही हुआ है, ऐसा कोई काम सरकार के पास बताने के लिए भी नही है, जिसका भूमिपूजन करने के बाद लोकार्पण किया हो। उन्होंने कहा कि 4 साल गुजर गए है, अब एक साल बाकी है, तब तक कितना भी जनता को विश्वास दिलाते रहे कि बारिश के बाद सड़क बनेगी , मगर अब जनता किसी भी झांसे में नही आने वाली है।

CG ब्रेकिंग: हाथियों के हमले से दो लोगों की मौत

CG ब्रेकिंग: हाथियों के हमले से दो लोगों की मौत

कोरबा: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर हाथी के हमले से दहसत का माहौल बन गया है। सूरजपुर जिले में रविवार को हाथियों के हमले की अलग-अलग घटनाओं में दो बुजुर्गों की मौत हो गई। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना प्रेमनगर वन क्षेत्र में हुई, जहां पिछले एक सप्ताह से 12 हाथियों का झुंड घूम रहा है।

सूरजपुर वन मंडल के संभागीय वन अधिकारी संजय यादव ने बताया कि पहली घटना अभयपुर गांव के पास रात करीब साढ़े 12 बजे हुई, जहां पीड़ितों में से एक मनबोध गोंड (70) और एक अन्य ग्रामीण जंगल के एक मंदिर में पूजा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झुंड को देखकर, ग्रामीण भागने में सफल रहे, लेकिन हाथियों में से एक ने मनबोध को पकड़ लिया और उन्हें कुचलकर मार डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जंगल में न जाने की चेतावनी दी गई है।

झोपड़ी में सो रही महिला पर हाथी का हमला
इसी तरह, रायमती गोंड (70) पर उसी झुंड ने हमला किया, जब वह जनार्दनपुर गांव में अपनी झोपड़ी में सो रही थीं। उन्होंने कहा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि वन अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने कहा कि वनकर्मियों का एक दल झुंड की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।

पीड़ित के सदस्यों को 25-25 हजार रुपये की सहायता
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक पीड़ित के परिवार के सदस्यों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी गई है, जबकि शेष 5.75 लाख रुपये का मुआवजा औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद दिया जाएगा।

भेंट मुलाकात: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम बेलौदी में की कई बड़ी घोषणाएं

भेंट मुलाकात: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम बेलौदी में की कई बड़ी घोषणाएं

 बालोद: भेंट- मुलाकात कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हेलीकॉप्टर से आज बालोद जिले के गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेलौदी (हल्दी) पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बाज़ार चौक पहुंचकर ग्रामीणों की आस्था का केन्द्र शीतला मंदिर एवं दुर्गा मंदिर पहुंचकर प्रदेशवासियों की खुशहाली और प्रगति के लिए पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम बेलौदी में की कई घोषणाएं :-

 
 


1. ग्राम बेलौदी से सतमरा और सतमरा से अरमरीकला तक और ग्राम सतमरा से डांडेसरा मार्ग की मरम्मत करवाई जाएगी।

2. ग्राम बेलौदी माईनर सिंचाई जलाशय का गहरीकरण एवं सफ़ाई करवाएंगे।

3. गुण्डरदेही में पुलिस के सब डिविजनल ऑफिसर एसडीओपी का पद बनाकर पोस्टिंग की जाएगी तथा ग्राम हल्दी में नई पुलिस चौकी प्रारंभ की जाएगी।

4. ग्राम भाठागांव में संचालित नेहरू उच्चतर माध्यमिक शाला को और ग्राम पैरी में संचालित श्रीराम विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक शाला को सरकारी स्कूल बनाया जाएगा।

5. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुंडरदेही एवं अर्जुंदा हेतु नवीन भवन का निर्माण किया जाएगा।

6. नगर पंचायत अर्जुंदा में प्रतीक्षा बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा।

7. गुंडरदेही विकासखंड के आदिवासी बाहुल्य गांवों में देवगुड़ी निर्माण हेतु 50 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।

8. जिला सहकारी केंद्रीय ग्रामीण बैंक का एटीएम गांव भाठागांव, हल्दी, कुरदी एवं मोदीपाट में खोला जाएगा।

9. मुख्यमंत्री श्री बघेल ने ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्र में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा प्रारंभ करने की घोषणा की।

10. मुख्यमंत्री ने ग्राम भाठागांव से रनचिरई और रनचिरई से जामगांव तक सड़क मरम्मत कराने की भी घोषणा की।

रायपुर-धमतरी रोड पर तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंदा: हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत

रायपुर-धमतरी रोड पर तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंदा: हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत

 रायपुर: रायपुर-धमतरी रोड एनएच 30 के दरबा के पास शनिवार 17 सितम्बर को एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बस ड्रायवर को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक, एक ही परिवार के तीन लोग बाइक में सवार होकर राजिम से अपने ग्राम पंचायत दरबा जा रहे थे। इस दौरान शाम 4:30 बजे धमतरी से रायपुर आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों बुरी तरह से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने तीनों घायलों को अस्पताल भेजा। यहां पर उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई। मृतकों में बलराम पिता बलभद्र गोस्वामी, गजेंद्र पिता यशवंत गोश्वामी और पुरुषोत्तम पिता गोवर्धन गोस्वामी है। तीनों दरबा ग्राम के रहने वाले है। फिलहाल तीनों के शव का पोस्टमार्टम कर मामले की जांच बिरेझर चौकी थाना कुरूद पुलिस के द्वारा की जा रही है।

CG NEWS : पिकनिक मनाने गया युवक शिवनाथ नदी में डूबा, घंटो बाद शव बरामद

CG NEWS : पिकनिक मनाने गया युवक शिवनाथ नदी में डूबा, घंटो बाद शव बरामद

 दुर्ग। जिले के शिवनाथ नदी में डूबे युवक का शव बरमाद कर लिया गया है। युवक अपने दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गया था इसी दौरान यह हादसा हो गया। दोस्तों की शिकायत के बाद मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची। SDRF की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थी। 20 घंटे बाद उस युवक की लाश मिली है।

सिकोला भाठा दुर्ग निवासी दाऊ ठाकुर पिता केवल ठाकुर (21 साल) शनिवार शाम 4 बजे अपने 6-7 दोस्तों के साथ बेलौदी गांव शिवनाथ नदी किनारे सिकोला भाठा पार्टी करने गया था। वहां सभी दोस्तों ने बैठकर पार्टी की। इसी दौरान दाऊ शिवनाथ नदी में बने रपटा के किनारे नहाने के लिए गया और तेज बहाव में फंस गया। जब वह डूबने लगा तो उसने अपने दोस्तों को आवाज लगाई। उसके दोस्तों ने गमझा व रस्सी फेंककर उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह 6-7 फीट गहरे पानी में डूब गया।

भेंट- मुलाकात कार्यक्रम के लिए आज ग्राम बेलौदी पहुंचे सीएम भूपेश बघेल

भेंट- मुलाकात कार्यक्रम के लिए आज ग्राम बेलौदी पहुंचे सीएम भूपेश बघेल

 बालोद: भेंट- मुलाकात कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हेलीकॉप्टर से आज बालोद जिले के गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेलौदी (हल्दी) पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बाज़ार चौक पहुंचकर ग्रामीणों की आस्था का केन्द्र शीतला मंदिर एवं दुर्गा मंदिर पहुंचकर प्रदेशवासियों की खुशहाली और प्रगति के लिए पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। ग्रामीणों ने बताया कि यह शीतला मंदिर 70-75 साल प्राचीन है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर के पुजारी को पूजा के उपरांत पीत वस्त्र भेंट किये।