रायपुरः अपने सपनों का आशियाना बनवाने का यह बिलकुल सही मौका है। घर बनाने की लागत थोड़ी कम हो गई है। सरकार की पहल और मानसून में डिमांड कम होने से सरिया और सीमेंट के दाम गिर गए हैं।
कुछ समय पहले तक डिमांड ज्यादा होने की वजह से सरिया, सीमेंट, रेत, ईंट और दूसरे बिल्डिंग मटेरियल्स के दाम आसमान छू रहे थे। महंगाई बढ़ने के चलते घर बनाने की लागत काफी ज्यादा हो गई थी। इसके बाद कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने जरूरी कदम उठाए। सरकार ने हाल ही में स्टील पर एक्सपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी थी। इसी बीच बारिश का सीजन भी शुरू हो गया और बिल्डिंग मटेरियल्स की डिमांड कम हो गई। इन वजहों से सरिया और सीमेंट के दाम गिर गए साथ ही रेत, ईंट जैसे दूसरे मटेरियल्स की कीमतों में भी कमी देखी जा रही है।
बारिश का सीजन खत्म होने के बाद अक्टूबर में एक बार फिर डिमांड बढ़ने की संभावना है। ऐसे में घर बनाने में लगने वाले जरूरी सामान की कीमतें फिर तेजी का रुख कर सकती है। जानकारों की मानें तो इससे पहले ही घर बनवाने का बिलकुल सही समय है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार टीएमटी सरिया का खुदरा भाव 75 हजार (अप्रैल ) रुपये प्रति टन से घटकर 65 हजार रुपए प्रति टन के करीब आ गया है। इसी तरह सरिया की कीमत 60 रुपये प्रति टन तक गिर चुकी है। अप्रैल में 50 किलो सीमेंट की बोरी 450 रुपये के पार पहुंच गई थी जो 400 रुपये से करीब आ गई है। रेत और ईंट की कीमतों में थोड़ी नरमी आई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है। डॉ मनिंदर कौर द्विवेदी (Dr. Maninder Kaur Dwivedi) सेंट्रल डिप्टेशन के लिए रिलीव हो गयी है। मनिंदर कौर भारत सरकार में प्रबंध संचालक, लघु कृषक कृषि व्यापार संघ, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग संभालेंगी। इसके पहले राज्य सरकार ने आईएएस नीरज कुमार बंसोड़ को केंद्र में प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव किया था। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नीरज कुमार बंसोड़ को निदेशक कैबिनेट सचिवालय की जिम्मेदारी मिलेगी।
जारी आदेश में कहा गया है की डॉ. मनिन्दर कौर द्विवेदी, भा.प्र.से. (1995), प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की सेवायें कार्यभार ग्रहण करने के दिनांक से आगामी आदेश तक भारत सरकार, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली को प्रबंध संचालक, लघु कृषक कृषि व्यापार संघ, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के पद पर नियुक्ति हेतु तत्काल प्रभाव से सौंपते हुए कार्यमुक्त किया गया है।

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) आज अटल नगर नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित फ़ेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के 58वें वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान फेडरेशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण हुआ। यहाँ FADA के 36वें नेशनल प्रेसिडेंट के रूप में मनीष राज सिंघानिया ने शपथ ग्रहण किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की नीतियों से किसानों, मज़दूरों के जेब में पैसा गया तो उद्योग और व्यापार भी बढ़ा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि तीन सौ साल पहले से लेकर अब तक बहुत कुछ बदला है और बीते एक शतक में तेज़ी से बदलाव आया है। बैलगाड़ी के दौर से लेकर अब तेज रफ़्तार गाड़ियों का दौर आ चुका है। शुरुआत दौर में जीप और ट्रक के एवरेज हुआ करते थे लेकिन जैसे-जैसे पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें बढ़ती गईं, ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी परिवर्तन हुआ। स्टील की जगह फ़ाइबर का इस्तेमाल होने लगा। अधिक एवरेज वाली गाड़ियों को बनाने पर ज़ोर दिया गया। इस बीच ग्लोबल वार्मिंग की बात होने लगी। ग्लोबल वार्मिंग के लिए इंडस्ट्री के अलावा ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी एक बड़ा कारण माना गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑटोमोबाइल सेक्टर के सामने हमेशा चुनौतियाँ रही हैं। वैश्वीकरण ने बहुत-कुछ बदला। इस बीच ऑटोमोबाइल के टाइप से लेकर उनके लिए अवधि का भी निर्धारण हुआ। कोरोना ने भी इस सेक्टर के व्यवसाय का काफ़ी हद तक प्रभावित किया। अब इलेक्ट्रिक व्हीकल एक चुनौती है लेकिन परिस्थितियाँ बदली हैं तो नए अवसर भी बने हैं। पहले जहाँ गिनती की गाड़ियाँ होती थीं, आज बाज़ार में एक ही कंपनी की अनेक वैरायटी मौजूद हैं। जितना परिवर्तन इस शतक में आया है, उतना कभी नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि “मुझे ख़ुशी है कि देश के सफलतम डीलर्स मेरे सामने बैठे हैं। उन्होंने बताया कि बीते तीन साल में परिवहन क्षेत्र में टैक्स ग्रोथ पर कई बार उनसे सवाल हो जाता है कि क्या सरकार ने टैक्स बढ़ा दिया है, जिस पर उनका जवाब होता है कि गाड़ियों की बिक्री बढ़ी है, जिससे टैक्स कलेक्शन बढ़ा है और गाड़ियों की बिक्री बढ़ने के पीछे वजह लोगों के जेब में पैसा होना रहा है।
मुख्यमंत्री बघेल ने बताया कि राजस्व में बड़ा योगदान खदान, आबकारी, ज़मीन रजिस्ट्री और परिवहन जैसे सेक्टर का होता है।
उन्होंने कहा सरकार बनने के बाद ऐसी नीतियाँ और योजनाएँ लागू की गईं, जिससे किसान, मजदूर, गरीब से लेकर हर वर्ग के जेब में पैसा गया। किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिल सके इसके लिए समर्थन मूल्य के साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना लाकर आदान सहायता प्रदान की गई। कोरोना में जब देशभर में कामकाज बंद थे तब भी छत्तीसगढ़ में मनरेगा का काम चालू रखा गया ताकि मजदूर वर्ग के लोगों के जेब में पैसा जाता रहे और वे अपनी ज़रूरतें पूरी कर पाएँ। उन्होंने बताया कि ज़मीन के लिए निर्धारित कलेक्टर गाइडलाइन के दर को 30 प्रतिशत तक कम किया गया, जिससे ज़मीन की ख़रीदी-बिक्री बढ़ी और रजिस्ट्री अधिक होने से राजस्व बढ़ा। इससे रियल इस्टेट सेक्टर को भी फ़ायदा पहुँचा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कोई भी क्षेत्र हो, जितनी सुविधा दी जाएगी उतना उत्पादन बढ़ेगा लेकिन ग्राहकों के जेब में पैसा होना भी ज़रूरी है तभी उत्पाद को उपभोक्ता मिल पाएँगे। उन्होंने बताया कि धान के साथ मिलेट्स और लघु वनोपजों की क़ीमत छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा है। बीते साढ़े तीन साल में सरकार द्वारा ख़रीदे जाने वाले लघु वनोपजों की संख्या सात से बढ़ाकर 65 कर दी गई है, इससे लघु वनोपजों पर निर्भर वनवासी भी आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दंतेवाड़ा के सुदूर इलाक़े में जहां कभी एक साइकिल की डीलरशिप नहीं होती थी वहाँ आज ट्रैक्टर के चार शो-रूम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में रियल इस्टेट, सराफा, टैक्सटाइल से लेकर हर सेक्टर में ग्रोथ है। वहीं मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मवेशी पूरे देशभर में एक बड़ी समस्या के रूप में थे लेकिन इसका समाधान कोई नहीं खोज रहा था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गोधन न्याय योजना को आवारा मवेशियों की समस्या का समाधान निकालने समेत ग्रामीणों की आय बढ़ाने के माध्यम बनाया। राज्य में अब तक 79 लाख क्विंटल गोबर ख़रीदी हो चुकी है जिससे वर्मी कम्पोस्ट बनाए जा रहे हैं और इन वर्मी कम्पोस्ट को खेतों में जैविक खाद के रूप में उपयोग किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ जैविक कृषि की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा जैविक कृषि से उत्पादित फसल जहां शरीर को बीमारियों से बचाकर सेहतमंद रखेगी तो रासायनिक उर्वरकों से होने वाली ग्लोबल वार्मिंग की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इंडस्ट्री या ऑटोमोबाइल जैसे सेक्टर में परिवर्तन करके ही हम ग्लोबल वार्मिंग की समस्या को ख़त्म नहीं कर सकते। इसके लिए सभी सेक्टर में काम करने की आवश्यकता है।
इस मौक़े पर मुख्यमंत्री ने फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के सभी निर्वाचित पदाधिकारी को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं साथ ही फेडरेशन के कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।
रायपुर। चलती ट्रेन में अकेली युवती से छेड़छाड़ और गाली गलौज करने वाले ITBP के जवान को GRP रायपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।मामले में जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर एलएस राजपूत ने बताया कि छग एक्सप्रेस की एसी बोगी B-3 में युवती अकेली हबीबगंज से रायपुर तक का सफर कर रही थी, इस दौरान कोंडागांव में तैनात ITBP की 41 वीं बटालियन का आरोपी जवान छेड़छाड़ करने लगा, इस दौरान लड़की ने अपने पिता को फोन कर पूरी वारदात की जानकारी दी, जिसके बाद पिता ने पुलिस में केस दर्ज कराया, जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया।
कोरिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ा के प्रभारी प्रचार्य ममता साहू व्या एल बी को सस्पेंड कर दिया गया है। प्रभारी प्रचार्य पर ये कार्रवाई कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देने पर संचालक लोक शिक्षण संचालनालय ने की है।
देखें आदेश…

रायपुर: शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 18 सितंबर को परीक्षा होगी। इस परीक्षा में 150 नंबर के सवाल पूछे जाएंगे। पास होने के लिए अभ्यर्थियों को कम से कम 60 प्रतिशत नंबर लाने होंने। आरक्षित वर्ग के लिए 50 फीसदी अंक जरूरी है।
बता दें कि यह परीक्षा व्यापमं द्वारा आयोजित की जाएगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। कक्षा पहली से पांचवीं और छठवीं से आठवीं में अध्यापन की पात्रता के लिए यह परीक्षा जरूरी है। एक बार टीईटी क्वालिफाई करने पर उसके सर्टिफिकेट की वैधता आजीवन रहेगी। पहले सर्टिफिकेट की वैधता 7 साल की थी।
इससे टीईटी पास हो चुके अभ्यर्थियों को काफी परेशानी होती थी। पिछली बार नियम में बदलाव किया गया।
जानकारी के मुताबिक टीईटी 2020 से यह नियम लागू हो चुका है। टीईटी 2020 क्वालिफाई करने वालों को उसने सर्टिफिकेट में यह लिखा गया है कि इसकी वैधता आजीवन रहेगी। टीईटी 2022 के लिए आवेदन 6 सितंबर तक किए जा सकते हैं। 18 सितंबर को दो पालियों में टीईटी होगी। पहली से पांचवीं के लिए सुबह 9.30 से 12.15 बजे तक परीक्षा होगी। दूसरी पाली में छठवीं से आठवीं के लिए परीक्षा होगी।
जांजगीर-चाम्पा: जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से हत्या का एक मामला सामने आया है, जहां बचपन के दोस्त ने ऐसा दगा दिया कि अपने जिगरी दोस्त की पत्नी को ही बाहों में भर कर ऐय्याशी करने लगा। दोस्त की बाहों में पत्नी को झूलता देख कर आपा खोए पति ने अपने जिगरी यार को मौत के घाट उतार दिया।
प्रेम जाल में फंसाकर बनाया अवैध संबंध
मिली जानकारी के अनुसार, पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिलौनी निवासी 31 वर्षीय संतु यादव व 31 वर्षीय गौतम साहू बचपन के मित्र हैं। संतु दूध बेचने का काम करता है तो वही गौतम खेती के अलावा आस पास के गांवों में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में चना-समोसा बेचने का काम करता है। दोनों इतने जिगरी यार है कि दोनों की शादी भी एक ही साथ सन 2016 में हुई थी। गौतम साहू का एक चार वर्षीय तथा एक दो वर्षीय पुत्र है। वही संतु यादव की भी दो संताने हैं। जिनमे चार वर्षीय लड़की औऱ दो वर्षीय लड़का है। बचपन की जिगरी दोस्ती होने के कारण दोनो एक दूसरे के घर मे आना जाना था। इसी दौरान संतु यादव ने गौतम साहू की बीवी का नम्बर ले लिया और उसे बातें करते हुए प्रेम जाल में फंसा कर उससे अवैध सम्बंध बना लिया।
पकड़ाया रंगे हाथ
गौतम साहू के तीन अन्य भाई भी है। जिनमे उसके दो भाई घर से अलग एक अन्य घर मे तथा एक भाई उसके माता पिता को लेकर गांव में ही रहता है। गौतम अपनी पत्नी व बच्चो को लेकर रहता था। वह आस पास के गांव के साप्ताहिक बाजार में जब समोसा बेचने जाता था तब उसका दोस्त संतु और उसकी बीवी मौके का फायदा उठा कर उसी के घर मे उसे दगा देकर सम्बंध बनाते थे। उनका यह अवैध सम्बंध का सिलसिला पिछले साल 2021 से चल रहा था। तभी धनतेरस के दिन अचानक बाहर से घर आये गौतम ने अपने दोस्त संतु व अपनी बीवी को आपतिजनक हालत में सम्बंध बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। उसने इस पर अपने दोस्त की जम कर पिटाई की और उसके घर वालो को भी जानकारी देते हुए उससे दोस्ती खत्म कर लिया।
आक्रोशित पति ने दोस्त को दी ख़ौफ़नाक सजा
रंगे हाथों पकड़ाने के बावजूद भी गौतम की पत्नी संतु से लुक छिप कर मिलती रही। 20 अगस्त को गौतम पड़ोस के गांव भदरा में लगे साप्ताहिक बाजार में चना समोसा बेचने गया हुआ था। उस रात आकर थक कर जल्दी सो गया. अचानक रात को लगभग दो बजे उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि संतु यादव उसके घर आया हुआ है और उसकी पत्नी और वो आपतिजनक हालत में है। पत्नी के साथ अवैध सम्बंध बनाने से नाराज गौतम साहू ने उसकी डंडे से पिटाई शुरू कर दी। किसी तरह संतु वहां से भागा पर इसी दौरान गौतम ने उसके सर पर डंडे से करारा प्रहार कर दिया। जिससे सर में गहरी चोट आने से घायल सन्तु थोड़ी दूर भागने के बाद ही जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
एएसआई शिव चंद्रा ने इसकी जानकारी थाना प्रभारी को देते हुए उनके निर्देश पर आरोपी गौतम साहू को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी व मित्र संतु यादव को शारीरिक सम्बंध बनाते हुए देख लिया था। इस वजह से उसने अपने बचपन के दोस्त के सर में डंडा मार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
रायपुरः छत्तीसगढ़ के एक रियल एस्टेट कारोबारी ने तेलीबांधा तालाब में कुदकर अपनी जान दे दी। खुदकुशी करने वाले कारोबारी की पहचान अनुपम केडिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि रियल एस्टेट कारोबारी अनुपम केडिया मंगलवार देर शाम इवनिंग वॉक पर निकले थे। वे अपने ड्राइवर के साथ कार में बैठकर तेलीबांधा तालाब पहुंचे। इसके बाद पाथवे पर टहलने लगे। इसी दौरान अनुपम अचानक तालाब में कूद गए और देखते ही देखते डूब गए।
वहां पास में ही खड़े ड्राइवर ने लोंगों को मदद के लिए आवाज लगाई लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। करीब चार घंटे बाद उनके शव को तालाब से निकाला जा सका।
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या की वजह का फिलहाल पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर पैसों के लेनदेन या पारिवारिक कारणों के चलते ऐसा हो सकता है। आत्महत्या की सही वजह जानने के लिए पुलिस परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ करेगी।
रायपुर: भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कल राजधानी रायपुर के माना स्थित प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को शाप है। अगर उन्होंने सच बोला तो उनका सिर हजार टुकड़ों में बंट जाएगा। इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में बवाल मच गया है। बुधवार को नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। डहरिया ने पूछा कि क्या यह मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई साजिश रची जा रही है।
डॉ. शिव कुमार डहरिया का राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस से बात करते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने कहा, क्या मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई षड्यंत्र किया जा रहा है। जिस तरह से राजीव गांधी को बम से उड़ाया गया, वैसी कोई सोच है बीजेपी की। उन्होंने कहा, झीरम के नर संहार में कांग्रेस ने अपनी एक पूरी पीढ़ी को खो दिया है। यह बयान बताता है कि भाजपा और पुरंदेश्वरी की सोच फासीवादी है। उन्होंने कहा, पुरंदेश्वरी को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।
डी पुरंदेश्वरी के बयान की हम निंदा करते हैं- मंत्री रविंद्र चौब
कृषि,पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविंद्र चौब ने कहा, भाजपा की प्रभारी डी पुरंदेश्वरी के बयान की हम निंदा करते हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर उनके लिए आपत्तिजनक बयान देना उनकी मानसिकता को दर्शाता है। चौबे ने कहा, पुरंदेश्वरी को अपने बयान के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा के आंदोलन को भी बताया निरर्थक
कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने भाजपा के बेरोजगारी के खिलाफ आंदोलन को निरर्थक बताया है। उन्होंने कहा, भाजपा ने 15 साल तक बेरोजगारों को छला है। भाजपा साढ़े तीन साल हल्ला करने की स्थिति में नहीं थी। अब भाजपा के नए महामंत्री को दिखाने की कोशिश हो रही है। दोनों मंत्रियों ने कहा, छत्तीसगढ़ में न बेरोजगारी, न वादाखिलाफी है, न ही जनता में निराशा है। राज्य में ये तीनों ही मुद्दा नहीं है। भाजपा इन मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है, लेकिन जनता में इस आंदोलन को लेकर को प्रतिक्रिया नहीं है। जनता का साथ और विश्वास भाजपा के पक्ष में नहीं है।
छत्तीसगढ़ में शहरों से गांव में पलायन का दावा
कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में आज पलायन कम हो गया है। यहां तक कि शहरों से पलायन कर लोग गांव में जाकर बस रहे हैं। किसान फिर से खेती की ओर लौट गए हैं। धान का रकबा बढ़ गया है, किसानों ने खेत बेचने बंद कर दिए हैं। चौबे ने कहा, छत्तीसगढ़ में जब भाजपा की सरकार थी तो 22% बेरोजगारी थी। आज .78% बेरोजगारी दर है। छत्तीसगढ़ में लगातार सरकारी नौकरियां निकाली जा रही है। व्यापमं और पीएससी के माध्यम से भर्तियां जारी हैं। छत्तीसगढ़ में लगातार रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं।
रायपुर में अपराधियों के हौसले इतने बुंलद है कि एसबीआई सेवा केंद्र में घुसकर संचालक को हथोड़ा मार लूट की घटना हुई है।
संचालक याला प्रकाश का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही हैं।
दरअसल एक अज्ञात बदमाश ने ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक के सिर पर हथौड़े से जानलेवा हमला करके काउंटर में रखे कैश लेकर भाग गया। गंभीर रूप से घायल केंद्र के संचालक को व्यापारियों ने अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक वाय एल प्रकाश के सिर पर हथौड़ा से वार किया गया है। प्रार्थी बी साई बाबू ने थाने में शिकायत की है कि व्यापरियों ने फोन कर इसकी सूचना दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जिसमें अज्ञात लुटेरा फोटो कॉपी कराने पहुंचा था।
इसके बाद बैग से हथौड़ा निकालकर उसके भाई वाय एल प्रकाश के सिर की कनपटी की ओर तीन बार वार किया। जिससे वह बेसुध हो गया। इसके बाद हमलावर हथौड़े से काउंटर को खोलकर कैश लेकर फरार हो गया। घटना मंगलवार की शाम 5 बजे की है। सीसीटीवी में हमलावर मास्क लगाया हुआ था। उन्होंने थाने में शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बस्तर: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात का असर दक्षिण बस्तर में भी देखने को मिल रहा है, एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती गहरा उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके बाद अब बस्तर में एक बार फिर भारी बारिश होने के आसार दिख रहे हैं, बुधवार सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं और संभाग के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है।
जिसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के कुछ जिलों के साथ-साथ बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों में बारिश हो रही है, इधर भारी बारिश के चलते पहले ही कई प्रभावित लोग राहत शिविर में शरण लेने को मजबूर है और पिछले 2 दिन तक मौसम खुलने के बाद एक बार फिर बारिश के अलर्ट से उन्हें चिन्ता सताने लगी है।
संभाग के कुछ जिलों में दिख रहा बारिश का असर
मौसम विज्ञानी एच.पी चन्द्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका अभी भी समुद्र तल पर मौजूद है, जिसका असर लगातार देखने को मिल रहा है, खासकर दक्षिण बस्तर में पिछले दिनों से लगातार बारिश हो रही हैं हालांकि बीते 2 से 3 दिन बारिश थमने से और मौसम खुलने से जरूर बस्तर वासियों को राहत मिली है, लेकिन बुधवार सुबह से एक बार फिर से चक्रिय चक्रवात का असर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते सुबह से घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश भी हो रही है, हालांकि मौसम विज्ञानी ने बताया कि इस बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना पूरी बनी हुई है।
इधर बारिश के अलर्ट के बाद कुछ जिलों के प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में ही रहने की सलाह दी है, वहीं बारिश पूरी तरह से थम जाने के बाद ही बारिश की वजह से बाढ़ में डूबे अपने अपने घरों में वापस जाने की अपील की है, फिलहाल एक बार फिर बारिश से निचले बस्तियों में रहने वाले प्रभावितों के साथ-साथ किसानों को भी चिंता सताने लगी है, वहीं यह बारिश और कितने दिनों तक हो सकती है, इसको लेकर अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा के हसौद थाना क्षेत्र में 7 साल की बेटी के सामने व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था, लेकिन अब उसकी भी लाश मिली है। आरोपी ने भी पत्नी की हत्या के बाद खुदकुशी कर ली है। ऐसे में बच्ची के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। FSL की टीम भी मौके पर मौजूद है।
हसौद थाना प्रभारी योगेश पटेल ने बताया कि अमलीडीह गांव के मनोज बरेठ की शादी 10 साल पहले रमशीला (34 वर्ष) से हुई थी। दोनों की 7 साल की एक बेटी भी है। मनोज बरेठ अपनी पत्नी रमशीला के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच हमेशा विवाद होता रहता था। मंगलवार रात भी पति-पत्नी में इसी बात को लेकर विवाद हुआ।
इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी पति मनोज ने अपनी 7 साल की बेटी के सामने ही उसकी मां की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी। फिलहाल घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है।
रायपुर। CG BIG TRANSFER BREAKING छत्तीसगढ़ शासन के खनिज साधन विभाग ने ट्रांसफर आदेश जारी किया है। 94 अधिकारियों / कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। माइनिंग विभाग मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पास है।
देखें आदेश







रायपुर। रायपुर में सोमवार को हुए एक हत्याकांड का राज खुल गया। मामले में महिला का कातिल उसका भतीजा ही निकला। युवक को अब पुलिस ने गिफ्तार कर लिया है। इससे घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। युवक ने गला दबाकर और तकिए से मुंह दबाकर अपनी चाची काे मार डाला। घटना खमतराई इलाके की है। 31 साल की सरस्वती राठौर जांजगीर की रहने वाली थी। वह पिछले कुछ सालों से शिव विहार सेक्टर 3 शिवानंद नगर में अपने भतीजे रंजीत राठौर और पति राजू राठौर के साथ रहती थी। पति राजू एक फैक्ट्री में काम करता है।
भतीजा बेरोजगार था, फिलहाल घर पर ही रहता था, घर के कामों में चाचा-चाची का हाथ बंटाया करता। यहां कोई काम काज मिल जाए इस वजह से चाचा-चाची के साथ रह रहा था।
रविवार को रोज की तरह सरस्वती और उसका भतीजा रंजीत घर पर थे। महिला का पति फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट करने चला गया। सरस्वती और उसका भतीजे रंजीत दोनों ने रात में खाना खाया इसके बाद अपने अपने कमरे में सोने चले गए। महिला के भतीजे रणजीत ने पुलिस को बताया था कि चाची ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं किया था। वह हमेशा ही दरवाजा खोलकर सोया करती थी।
सुबह 5:00 बजे रंजीत जब पानी पीने के लिए उठा तो उसने देखा कि बेड पर चाची मृत पड़ी है। उसने करीब जाकर देखा और अपने चाचा राजू को फोन कर जानकारी दी। हड़बड़ाकर राजू भी घर पहुंचा पुलिस को भी खबर दी गई । कुछ घंटों पहले तक ये मामला किसी अनजान शख्स के घर में घुसकर महिला को मारले का लग रहा था मगर शॉर्ट पोस्ट मार्टम रिपोर्ट की वजह से केस में ट्विस्ट आ गया।
चूड़ी से खुला हत्या का राज
पुलिस को महिला के भतीजे ने कह दिया था कि वो जब सोकर उठा तो चाची मर चुकी थी। पुलिस की टीम ने लाश और बिस्तर का मुआएना किया। वहां ऐसे सबूत मिले जैसे दो लोगों के बीच गुत्थम गुत्थी हुई हो। महिला के हाथों में चुड़ियां कम थीं। पुलिस को शक इसी वजह से हुआ कि महिला की हत्या हुई है और इसी एंगल पर जांच होने पर कांड का राज खुला। महिला गले पर अटैक का निशान और खरोंच थे। इसके बाद शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में भी सांस रोककर मारने की बात का पता चला।
फिर बोला हां मैंने मारा
चूंकि जब कांड हुआ महिला का भतीजा ही घर पर था। पुलिस ने उससे पूछताछ की। वो ज्यादा देर अपने झूठ के सामने टिक न सका। रंजीत ने बताया कि मैं पानी पीने के बहाने उठा तो देखा चाची गहरी नींद मंे है। वो उसके कमरे में गया और उसका गला दबा दिया, चाची छटपाटाने लगी उसकी चूड़ियां टूट गईं। तकिए से भी उसकी सांसें रोक दी। चूड़ी के टुकडों को रंजीत ने हटाया और कुछ देर लाश के पास ही बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने चाचा को कॉल करके चाची की मौत की खबर दे दी।
मृत्तिका के भतीजे रंजीत राठौर ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि चाची हमेशा रंजीत से चिढ़कर बात किया करती थी। उसकी अक्सर बहस होती थी। चाची के चिड़चिड़ाने की वजह से रंजीत को गुस्सा आया करता था। कई बार उसने चाची को मारने के बारे में सोचा और संडे की रात ये कांड कर दिया। महिला हमेशा घर पर खाना देने की बात पर भतीजे के साथ बहस करती थी। संडे की रात भी दोनों की बीच हुई थी।
रायपुर। राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। अपराधों पर लगाम कसने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है इसके बावजूद वे वारदात को अंजाम दे रहे हैं। एक लूट का मामला सामने आया है। जहां शहर के रमण मंदिर वार्ड में देर रात हथियार बंद बदमाशों ने एक घर के अंदर घुसकर कर लूट की कोशिश की। इस दौरान लुटेरों ने बच्ची पर हमला किया। इस दौरान शख्स का पालतू कुत्ता लुटेरों से भिड़ गया। लुटेरे उससे बचने का प्रयास करते रहे, लेकिन जब तक लुटेरे घर से भाग नहीं गए तब तक कुत्ता परिवार वालों को बचाने के प्रयास में जुटा रहा। और अंत में कुत्ते ने लुटेरों को घर से खदेड़कर कर ही हार मानी। यह मामला गंज थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दरमियानी रात लगभग दो बजे पीड़ित पंकज जोशी के पालतू कुत्ते के भौंकने की आवाज आई। जिस पर पंकज ने उठकर दरवाजा खोला तो दरवाजा खोलते ही चार नकाबपोश बदमाश घर के अंदर प्रवेश कर गए। सभी के हाथ में चाकू और धारदार हथियार थे। नकाबपोश लुटेरों ने पंकज पर हमला कर दिया। इस दौरान मालिक की जान खतरे देख उनका कुत्ता जोर-जोर से भौंकने लगा और लुटेरों से भिड़ गया। आवाज सुनकर उनकी पत्नी भी जग गई और देखा कि पति पर कुछ नकाबपोश हमला कर रहे। पत्नी भी पति को बचाने नकाबपोशों को भिड़ गई। तभी 11 वर्षीय बेटी भी उठ गई। इस दौरान लुटेरों के हमले से तीनों को चोट आई। प्रार्थी ने शोर मचाना शुरू किया तो लुटेरे वहां से भाग निकले। सभी आरोपियों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने बेरोजगारी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है। पुरंदेश्वरी ने कहा- मुख्यमंत्री झूठ बोलते हैं। छत्तीसगढ़ में सबसे कम बेरोजगारी दर का दावा झूठ है।
रायपुर पहुंचीं भाजपा प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। इस दौरान पुरंदेश्वरी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जन्मदिन की बधाई भी दी। प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी ने प्रेस वार्ता में 24 अगस्त को भाजयुमो के प्रदर्शन पर जानकारी दी।
इसके साथ ही सीएम बघेल द्वारा जामवाल पर की गई टिप्पणी पर पुरंदेश्वरी ने कहा कि सीएम भूपेश बघेल ने जिस भाषा का प्रयोग किया वह मुख्यमंत्री के पद पर शोभा नहीं देता है। डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस ने घोषणा पत्र में 36 वादे किए थे जिसके लिए गंगा जल भी उठाया था। बेरोजगार युवाओं से वादा किया गया था कि 10 लाख युवाओं को बेरोजगारी भत्ता 25 सौ रुपये दिए जाएंगे। आज यह सवाल है कि कितने युवाओं को उन्होंने भत्ता दिया गया।
रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं पूरक परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिया है। छात्रा माशिम की ऑफिशियल वेबसाइट cgbse.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। बता दें कि सीजीबीएसई 10वीं और 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा का आयोजन जुलाई 2022 में किया गया था।
पूरक परीक्षा में हाई स्कूल के 22.88 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए हैं। जबकि हायर सेकेंडरी में 38.36 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। हाईस्कूल की पूरक परीक्षा में कुल 35 हजार 129 छात्र शामिल हुए थे। इनमें से पास होने वाले छात्रों की संख्या 8036 है। वहीं हायर सेकेंडरी की परीक्षा में 40 हजार 236 परीक्षर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 15 हजार 819 छात्र पास हुए है।
यहां देखें रिजल्ट
छत्तीसगढ़ 10वीं-12वीं पूरक परीक्षा का परिणाम देखने के लिए छात्र सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट cgbse.nic.in पर जाएं। यहां होमपेज पर परीक्षा परिणाम - 10वीं और 12वीं पूरक परीक्षा 2022 वाले लिंक पर क्लिक करें। एक नया पेज खुलेगा जहां आप अपना रोल नंबर और अन्य लॉगिन विवरण दर्ज कर सकते हैं। आपका सीजीबीएसई 10वीं-12वीं सप्लीमेंट्री परिणाम प्रदर्शित होगा।
दंतेवाड़ा: जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र के तुमकपाल के गुडसे चौक पर एक युवक का शव मिला है। शव के पास पर्चे मिले हैं उस पर बुधराम मारकाम पुलिस का मुखबिर लिखा हुआ है। फिलहाल युवक किस गांव का है यह जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक के हाथों में रस्सी बंधी हुई है। शरीर में चोट के निशान भी दिख रहे हैं। बीच सड़क में पड़े शव की पहचान करने गुडसे, तुमकपाल, कटेकल्याण सहित आसपास के गांव के लोग जुटे, लेकिन शव की पहचान नहीं हो पाई है।कटेकल्याण एरिया कमेटी के नाम से फेंके गए पर्चे में लिखा हुआ है कि मृतक डीआरजी जवानों के संपर्क में रहता था। कटेकल्याण क्षेत्र में डीआरजी जवानों को भेजता था। यह घटना नक्सली वारदात है या आपसी रंजिश, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
रायपुर/नई दिल्लीः कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने फिर से इस पद पर आसीन होने से इनकार कर दिया है। इसके बाद नए अध्यक्ष को लेकर कई नामों पर चर्चा चल रही है। कांग्रेस का एक खेमा गांधी परिवार को ही अध्यक्ष के रूप में देखना चाहता है तो कई कांग्रेसी किसी योग्य नेता को कमान सौंपना चाहते हैं। राजनीतिक गलियारों में कई संभावित नेताओं के नाम की चर्चा है।
कांग्रेस के नए अध्यक्ष के संभावित चेहरों में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक, कुमारी शैलजा, सुशील कुमार शिंदे, मल्लिकार्जुन खड़गे और मीरा कुमार के नाम की भी चर्चा है।
राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2019 में हार के बाद पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सोनिया गांधी बतौर अंतरिम अध्यक्ष पार्टी संभाल रही हैं। अब लंबे अरसे के बाद पूर्णकालिक अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि 16 अप्रैल से 31 मई 2022 तक प्रखंड समितियों, 1 जून से 20 जुलाई के बीच जिला समिति अध्यक्ष, 21 जुलाई से 20 अगस्त तक पीसीसी प्रमुखों और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मेंबर्स का चुनाव संपन्न हो चुका है। अब पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच चुनाव प्रक्रिया होगा। 20 सितंबर तक हर हाल में कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दोबारा पद संभालने से इनकार के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम भी सामने आ रहा है। इसके साथ ही सोनिया गांधी को पार्टी अध्यक्ष के रूप में जारी रखने और प्रत्येक क्षेत्र के लिए एक कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
जांजगीर चांपा: जांजगीर-चांपा के हसौद थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मचा गया है। मृतका के गले पर कुछ निशान भी मिले हैं जिससे आशंका जताई जा रही है उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है| इधर घटना के बाद से मृतिका का पति घर से फरार है| इससे हत्या के शक की सुई उसके पति की ओर ही घूम गई है। वहीं मायकेवालों ने बेटी की हत्या का आरोप ससुरालवालों पर लगाया है।
मात्र 4 महीने पहले ही हुई थी ममता की शादी
यह घटना हसौद थानाक्षेत्र के मुड़पार गांव की है। जमड़ी गांव की रहने वाली ममता साहू (22 वर्ष) की शादी मुड़पार निवासी और पेशे से इलेक्ट्रिशियन मूलशंकर साहू (24 वर्ष) के साथ 4 महीने पहले हुई थी। जानकारी के अनुसार, सोमवार को दोनों पति पत्नी घर पर थे। मूलशंकर के माता-पिता अपनी बहू ममता के मायके गए हुए थे, जब वे सोमवार की देर शाम बहू के मायके से अपने घर लौटे तो कमरे में बहू ममता बेहोशी की हालत में बेड पर पड़ी हुई मिली। इसपर तत्काल उसे डभरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से मूलशंकर गायब
इस घटना के बाद से ममता के पति मूलशंकर का कोई अता पता नहीं है। इधर बेटी के आकस्मिक मौत की खबर पाकर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और उन्होंने ममता के मायकेवालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। वहीं, हसौद थाना प्रभारी योगेश पटेल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसके बाद ही मौत की सही वजहों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के बयान लिए जाएंगे।
पत्नी के चरित्र पर शक करता था मूलशंकर
इधर आसपास के लोगों का कहना है कि मूलशंकर पत्नी ममता के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। पड़ोसियों के मुताबिक, सोमवार को भी घर से झगड़े की आवाज आ रही थी। इसके बाद सीधे ममता की मौत की खबर आई। आशंका जताई जा रही है कि पति मूलशंकर ने पत्नी का चेहरा तकिए जैसी किसी चीज से दबाया होगा जिसकी वजह से उसका दम घुट गया और मौत हो गई होगी। फिलहाल, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की बात कही है।
रायपुर: राजधानी में भारतीय जनता युवा मोर्चा एक बड़ा आंदोलन करने जा रही है। भाजपाई निगम मुख्यालय के सामने सभा करेंगे। वहां से पैदल मुख्यमंत्री निवासी घेरने के लिए निकलेंगे। इसके चलते शहर की 12 सड़कें बंद रहेंगी। इन सड़कों को सुबह 8 बजे से ही बंद कर दिया जाएगा। इससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
इन सड़कों के यातायात को अन्य सड़कों पर डायवर्ट किया जाएगा। इससे केनाल रोड, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती सड़क पर यातायात का दबाव अधिक होगा। शास्त्री चौक से लेकर एसआरपी चौक, ओसीएम चौक से लेकर कालीबाड़ी और नगर निगम मुख्यालय चौक तक सड़कें बंद रहेंगी।
इधर पुलिस प्रदर्शनकारियों को ओसीएम चौक और मोतीबाग के सामने रोकेगी। आला अधिकारी प्रदर्शनकारियों को रोकने की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए बांस-बल्ली और बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद किया जा रहा हैं। शहर में 19 जगहों बैरिकेडिंग की गई है। भाजयुमो के प्रदर्शन को देखते हुए लगभग तीन हजार से ज्यादा जवान तैनात रहेंगे। वहीं दूसरे जिलों से अधिकारी, जवान समेत दो हजार बल बुलाए गए हैं।
ये सड़कें रहेंगी बंद
कोतवाली चौक से फायर ब्रिगेड चौक
शास्त्री चौक से मोती बाग और महिला थाना चौक
कालीबाड़ी से लेकर ओसीएम चौक तक
शास्त्री चौक से कलेक्ट्रे चौक
आनंद नगर चौक से एसआरपी चौक
केनाल रोड पंचशील चौक
कटोरा तालाब चौक से लेकर कबीर चौक
राजभवन से आकाशवाणी चौक
सीएम हाउस जाने वाले सभी रास्ते
इन रास्तों को किया जाएगा डायवर्ट
शास्त्री चौक से कलेक्ट्रेट चौक जाने वालों को कचहरी से खालसा स्कूल बायपास और केनाल रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।
तेलीबांधा से शास्त्री चौक आने वाले केनाल रोड से होकर खालसा स्कूल बायपास से आंबेडकर अस्पताल की ओर आएंगे।
कालीबाड़ी से शास्त्री चौक, रेलवे स्टेशन जाने वाले पुरानी बस्ती से तात्यापारा या केनाल रोड का उपयोग करेंगे।
सिविल लाइन, सर्किट हाउस आने वाले केनाल रोड से कटोरा तालाब, आकाशवाणी चौक, एलआइसी टर्निंग से आ सकेंगे।
कालीबाड़ी से मालवीय रोड, सदरबाजार और बूढ़ातालाब वाली सड़कें चालू रहेंगी।
कोरिया। बैकुंठपुर जिला मुख्यालय से 14 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत कदमनारा में एलपीजी सिलेंडर फटने से घर के उजड़ गया। हालंकि गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर 1 बजे ब्लॉक मुख्यालय बैकुंठपुर अंतर्गत कदमनारा में निवासरत वृद्धा जानकी पैकरा के घर यह हादसा हुआ। जानकी मिट्टी के छोटे से झोपड़ी में अकेली रहती थी। जिसे उज्ज्वला योजना से मुफ्त एलपीजी गैस चूल्हा मिला था। जिसका उपयोग जानकी पैकरा बहुत कम किया करती थी। सोमवार को 10 बजे वृद्धा ने गैस चूल्हा में चाय बनाकर पिया और घर बंदकर रोपा लगाने चली गई। जिसके करीब 3 घंटे बाद अचानक से बंद घर में जोरदार धमाका हुआ। आसपास के घरों के छतों और छानी में उड़े झोपड़ी के गिरते एलवेस्टर सीट के टुकड़ों की आवाज ने सभी पड़ोसियों को डरा दिया। जानकी पैकरा के घर से धुंध उठ रहा था लोग पहुंचे तो पता चला की पूरी झोपड़ी उड़ चुकी है।घटना के बारे में कलेक्टर को अवगत कराया गया। जिसके बाद प्रशासनिक अमला ने घटनास्थल पहुंचकर नुकसान का मुआयना किया। गैस सिलेंडर फटने से वृद्धा बेघर हो चुकी है। सरपंच द्वारा उसके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही गई। वहीं गैस सिलेंडर फटने का कारण का पता नही चल सका है।
जांजगीर-चांपा। जिले में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बच्ची के माता-पिता कमाने खाने के लिए दिल्ली गए हैं। मृतक गांव में अपनी दादी और बहन के साथ रहती थी। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, रोगदा की रहने वाली 12 साल की आरती कश्यप यहां गांव में अपनी दादी और बहन के साथ रहती थी। उसके माता-पिता कमाने खाने के लिए दिल्ली गए हुए हैं। आरती गांव में शासकीय मिडिल स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा थी। घटना सोमवार शाम के 5 से 6 बजे के आस-पास की है। बच्ची की दादी खेत गई हुई थी। जबकि आरती की बहन दुकान में कुछ सामान लेने गई थी। इसी दौरान उसने घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
डोंगरगढ़: सोमवार रात शिवनाथ एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। कोरबा से इतवारी जा रही शिवनाथ एक्सप्रेस डोंगरगढ़ यार्ड के पास डिरेल हो गई, हादसे में दो डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक कोरबा से इतवारी जा रही शिवनाथ एक्सप्रेस डोंगरगढ़ यार्ड के पास डिरेल हो गई। इस दौरान ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। गाड़ी की स्पीड कम होने के कारण किसी यात्री को चोट नहीं आई हैं।
वहीं पटरी से उतरे डिब्बों को ट्रेन से अलग कर गाड़ी को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इधर रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए है।





























