रायपुर: त्योहारी सीजन के चलते सब्जियों के दाम में आग लग गई है। 30 अगस्त को पूरे प्रदेश में तीज का त्योहार मनाया जाएगा, इस दौरान महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। व्रत से पहले रस्म के तौर पर करेले की सब्जी खाई जाती है, जिसकी वजह से बाजारों में अचानक करेले की डिमांड बढ़ गई। करेला थोक में ही 40 से 42 रुपए किलो है। चिल्हर वाले इसकी अपने हिसाब से कीमत वसूल रहे हैं।
व्यापारी बताते हैं कि मांग ज्यादा है और आपूर्ति कम इसलिए करेले के दाम बढ़े हैं। बारिश की वजह से करेले की फसल 60 प्रतिशत तक बर्बाद हो गई है। करेले के साथ अन्य सब्जियां भी महंगी हुई है, जिसकी वजह से आम जनता की परेशानियां बढ़ी है। वहीं आम जनता का कहना है, कि कोरोना के दो साल बाद त्यौहार में पहले जैसा उत्साह लौटा है। त्यौहार तो मनाएंगे लेकिन महंगाई के साथ समझौता करना होगा।
राजनांदगांव- जिले के बाघनदी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बागनदी बस स्टॉप पर वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से शराब तस्करी करते हुए पुलिस वाहन को जब्त किया है। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन से 18 पेटी गोवा व्हिस्की शराब जब्त किया है।बता दें कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक नीला कलर के रेनॉल्ट कार क्रमांक सीजी 08 एआर 4933 में भारी मात्रा में मध्यप्रदेश ब्रांड का शराब लेकर मध्य प्रदेश से देवरी होते बाघनदी तरफ आने वाली है। सूचना पर बागनदी बस स्टॉप चौक के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों को चेक कर रही थी। तभी कार चालक अपने वाहन को तेज भगा कर स्टॉपर को ठोकर मार कर भागने लगा पुलिस को पीछे आते देखकर एनएच-53 खैरबना जाने वाले रोड से लगभग 500 मीटर दूरी में ले जाकर वाहन को रोड किनारे खड़ी कर वाहन से उतरकर चालक जंगल में भाग निकला। जिससे पुलिस ने वाहन के अंदर तलाशी ली तो 18 पेटी गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब मिला। जिसकी कीमत करीब 96,300 रूपए के आसपास है। वहीं पुलिस कार जब्त कर आरोपी की पतासाजी कर रही है।
रायगढ़ / छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जमीन विवाद में युवक की हत्या कर दी गई थी। लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि नजदीकी रिश्तेदारों ने ही युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में पुलिस ने मृतक की चचेरी बहन और भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश जारी है। इस महीने 2 अगस्त को साप्ताहिक बाजार लैलूंगा के आगे चारगोडा रोड पर तालाब के पास एक अज्ञात युवक की लाश मिली थी। पुलिस ने युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से जानकारी ली। वहीं अपने मुखबिर भी फैला दिए। इसी बीच पुलिस को पता चला कि बाजार पारा लैलूंगा का रहने वाला शेखर महंत पिछले कुछ दिनों से लापता है। इसके बाद पुलिस ने शेखर के परिजनों को मामले की सूचना दी। शेखर की पत्नी गीता महंत और परिवार के सदस्यों ने मृतक का कपड़ा देखकर उसकी शिनाख्ती की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह 28 जुलाई की शाम से घर से लापता था। उन्होंने कहा कि मृतक की चचेरी बहन और भतीजे से उनका जमीन विवाद चल रहा था। तब पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर दोनों की तलाश शुरू की।
हत्याकांड में 3 लोग थे शामिल
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना की शाम मृतक का भतीजा जितेंद्र और एक अन्य युवक तालाब के पास देखे गए थे। ऐसे में पुलिस ने संदेही जितेंद्र और उसके साथी को हिरासत में लिया। उनसे कड़ी पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर जितेंद्र ने बताया कि इस योजना में वह अकेला नहीं है, बल्कि उसकी बुआ मोगरा महंत भी शामिल है। इस हत्याकांड में जितेंद्र महंत, मोगरा महंत और देवनारायण महंत के शामिल होने की बात आई।
अंबिकापुर: कुछ दिन पहले अंबिकापुर के गाँव खाला से 11 जुलाई को 11 साल की बालिका का गायब हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बताया जा रहा कि डेढ़ माह पहले स्कूल से लौटने के बाद बालिका अचानक गायब हुई थी। इसके बाद से अपहरण का अपराध दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। डेढ़ माह से बालिका का जांच पड़ताल जारी था, परिजन का भी बालिका को खोज-खोज कर बुरा हाल हो गया था। लेकिन अब डेढ़ माह बाद अचानक इस गायब हुई बालिका का पेड़ से लटकता हुआ कंकाल मिलने से चारो तरफ सन्नाटा पसर गया है। ग्रामीणों का डेढ़ माह बाद कंकाल देखकर पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। बता दें कि यह कंकाल गांव खाला के जंगल में ही पेड़ से लटकता मिला। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान की। कंकाल मिलने के बाद पूरे गाँव में हड़कंप मचा गया है। जानकारी के मुताबिक यह खाला गाँव से दरिमा थाना क्षेत्र का मामला है। पुलिस अब बालिका के कंकाल मिलने पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
रायपुर: तेलीबांधा थाने में एक माडल युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। युवती ने दुर्ग के युवक साहिल जैन के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपित ने उसे होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। उसके बाद वह फरार हो गया। आरोपित इवेंट संचालक है। पुलिस के मुताबिक, पखांजूर निवासी 19 वर्षीय युवती रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रही है। पढ़ाई के साथ वह माडलिंग भी करती थी। युवती ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त को एक दोस्त ने उसे वीआइपी रोड स्थित एक होटल में बुलाया था। होटल में पहले से साहिल मौजूद था। उसका दोस्त कुछ जरूरी काम की बात कहकर होटल से बाहर चला गया। युवती के मुताबिक, साहिल ने इसी दौरान उससे दुष्कर्म किया। आरोपित साहिल जैन 10 माह पूर्व दीपावली के समय मौदहापारा थाना क्षेत्र के एमजी रोड नाइट चौपाटी में नशे में धुत्त होकर लोगों को अपनी कार से रौंदा था। कई लोगों को चोटें आई थी। कार से रौंदने के बाद साहिल जब वापस लौटा तब लोगों ने साहिल की कार को रोककर उसकी जमकर धुनाई की थी। वहीं उसके द्वारा सरस्वती नगर थाना के सामने एक कार शो-रूम में घुसकर जमकर तोड़फोड़ भी की जा चुकी है। साहिल जैन रायपुर में इवेंट कंपनी चलाता है। ये युवक दो साल पहले केंद्रीय मंत्री का मीडिया सलाहकार रह चुका है।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश वासियों को पोला पर्व की बधाई देते हुए कहा है कि एनआईए एक विश्वसनीय संगठन के रूप में जाना जाता है। सीएम ने कहा है कि चाहे उग्रवाद हो आतंकवाद ये मानवता के दुश्मन है और हमें इनके खिलाफ कार्य करने वाली सभी एजंसियों का समर्थन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री बघेल राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण शाखा के रायपुर कार्यालय भवन के उद्घाटन समारोह के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री के सहयोग से छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का बहुत जल्द खात्मा किया जा सकता है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के साथ ही वामपंथ उग्रवाद हमें विरासत में मिला। इसकी वजह से जवान शहीद हुए, जनहानि हुई लेकिन आज हम नक्सलवाद को बहुत हद तक पीछे ढकेलने में सफल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, केंद्रीय एजेंसियां, राजनीतिक लोग और आम जनता इसके लिए धन्यवाद की पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि लोगों का विश्वास छत्तीसगढ़ सरकार पर है और बहुत जल्द हम छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म करने में सफल होंगे।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण शाखा रायपुर के कार्यालय भवन का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के लोगों को पोला पर्व की बधाई देते हुए कहा कि परंपरागत त्यौहारों को हमारे पूर्वजो ने बहुत सोच समझ कर बनाया है और पोला पर्व तो अन्न से जुड़ा त्यौहार है जिसमें कृषि से जुड़ी वस्तुओं की पूजा की जाती है।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद और आतंकवाद की लड़ाई केवल केंद्र और राज्य की नही है, बल्कि यह विकास का भी मुद्दा है और जब तक इन्हें खत्म नही किया जाता तब तक किसी भी देश या राज्य का विकास नही हो सकता है। नक्सलवाद पर नकेल कसने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर वो प्रदेश में वामपंद उग्रवाद का खात्मा करेंगे। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद भी दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री को छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुसार उन्हें पोला पर्व की बधाई देने के साथ ही एक टुकनी भी भेंट की जिसमें छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक एवं स्थानीय व्यंजन का समावेश था।
रायपुर। आज दिनांक 27 अगस्त शनिवार भाद्रपद अमावस्या को श्री जयतु साव मंदिर में पोला त्यौहार के उपलक्ष में बैल की जोड़ी और जाता तथा कन्हाई चूल्हा मिट्टी के बर्तन का पूजन किए पोला त्यौहार मनाने के पीछे कहावत है कि अगस्त माह में खेती किसानी काम समाप्त होने के बाद इसी दिन अन्ना माता गर्भधारण करती है यानी धान के पौधों में इसी दिन से दूध भरना चालू हो जाता है
भगवान बलराम इसी दिन हल को धारण किय
पोला के पूजन में आचार्य सौरभ शास्त्री तथा दीपक पाठक जी के द्वारा विधि विधान से पूजन कराई गई अनेक पकवान का भोग tethari खुरमी तथा विभिन्न पकवान के भोग लगाया गया
हर माह लगभग सौ ट्रेनें रद्द हो रहीं हैं,रेलवे के ज्यादातर लोको पायलट अस्वस्थ, उसके बावजूद भी नहीं हो रही भर्तियां नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हमनें यात्रियों, कमर्चारियों का दर्द बता रहे है,रेल लाइन ठीक करवाना तो एक बहाना है, असली मकसद तो कोयला पहुचना है - नीरज पाण्डेय
रायपुर। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) जब दिल्ली वापस जाएँगे तो वह अपने साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) द्वारा भेंट की गयी टुकनी में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की झलक देखते और लज़ीज़ छत्तीसगढ़िया व्यंजनों का स्वाद चखते जाएँगे।
एनआईए के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के अवसर पर आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज केंद्रीय गृह मंत्री बड़े ही शुभ अवसर पर रायपुर पधारे हैं। आज छत्तीसगढ़ में पोला का त्यौहार मनाया जा रहा है। यह छत्तीसगढ़ का बहुत ही विशेष लोकपर्व है। खासकर किसानों की आशाओं और आकांक्षाओं से यह पर्व जुड़ा हुआ है।

ज्ञात हो कि पूर्व में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमित शाह को फोन कर मुख्यमंत्री निवास में 27 अगस्त को पोला और तीज के अवसर पर आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री ने शाह से कहा था कि छत्तीसगढ़ अपने तीज- त्योहारों और संस्कृति से जुड़ा हुआ राज्य है । छत्तीसगढ़ की वैभवशाली लोकसंस्कृति का रंग सभी त्योहार में देखने को मिलता है। यहां की संस्कृति बहुत ही समृद्ध है।आपके छत्तीसगढ़ आगमन पर हम आपको इसकी झलक से परिचित कराना चाहते हैं । छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी अपनी छत्तीसगढ़ महतारी से जुड़े हुए त्योहार बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ मनाते हैं।
यद्यपि अमित शाह इस कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो पाए पर मुख्यमंत्री ने उनकी रवानगी के पूर्व उन्हें इस विशिष्ट अवसर पर छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक रंगों से भरी टुकनी भेंट की। टुकनी में पोला के उपलक्ष्य पर नंदी, जाता, पोला, चुकिया, सुहाग की सामग्री के साथ साथ लज़ीज़ छत्तीसगढ़ी व्यंजन- चाकोली, ठेठरी, ख़ुर्मी, अईरसा और सलोनी शामिल थे।
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के पुलिस विभाग में तबादले का सिलसिला जारी है, वहीँ इसी कड़ी में रायगढ़ जिले में पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया हैं। रायगढ़ पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना ने ट्रांसफर आदेश जारी किया है। कुल 32 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। लिस्ट में 2 प्रधान आरक्षक और 30 आरक्षकों के नाम शामिल हैं।
देखें लिस्ट

रायपुर में आज से दो दिवसीय अखिल भारतीय महापौर परिषद सम्मेलन की शुरुआत हो गई है। 51वें राष्ट्रीय सम्मलेन में शामिल होने के लिए देशभर के विभिन्न नगरों के महापौर राजधानी पहुंचे है। दो दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए पहुंचे महापौरों का छत्तीसगढ़ के राजकीय गमछे के साथ स्वागत किया गया।
सभी अतिथि महापौरों को सम्मेलन स्थल होटल कोर्टयार्ड मैरियट में बगघी में बिठाकर लाया गया। पारंपरिक छत्तीसगढ़ी नृत्य के मध्य अतिथि महापौरगण जैसे ही पहुंचे, गुलाब की पंखुड़ियों की स्नेहिल खुशनुमा बारिश के मध्य अपना भव्य आत्मीय स्वागत होने पर अभिभूत हो गए।
अखिल भारतीय महापौर परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आगरा के महापौर नवीन जैन एवं परिषद के सचिव और रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री, भोपाल के पूर्व महापौर उमाशंकर गुप्ता, निगम सभापति एवं पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, निगम नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे के साथ मिलकर मंच पर छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण सहित पूजा की एवं छत्तीसगढ़ राज्य का राजगीत के साथ महापौर परिषद के 51वीं बैठक की शुरुआत की गई।
महापौर एजाज ढेबर ने परिषद की बैठक में आये सभी अतिथि महापौरगणों का रायपुर में आगमन पर समस्त राजधानीवासियों की ओर से हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि परिषद में आये महापौरों द्वारा अपने नगर में किये जा रहे विकास कार्यों से सबको जानकारी के आदान-प्रदान से नया कार्य करने के लिए सीखने को मिलेगा। जिसका नगरों के निवासी नागरिकों को लाभ हो सकेगा।
महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि रायपुर शहर राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में देश का सबसे स्वच्छ 6 वें नंबर का शहर बना है। हम रायपुर को देश का नंबर 1 स्वच्छ नगर बनाने संकल्प के साथ कार्य में यहां जुटे हैं।
रांची/रायपुरः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तीफा तय है। ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में राज्यपाल रमेश बैस ने उनकी विधानसभा की सदस्यता खारिज करने का आदेश दे दिया है, लेकिन प्रक्रिया के अनुसार इस संबंध में आधिकारिक पत्र निर्वाचन आयोग जारी करेगा। इसके बाद संवैधानिक बाध्यताओं के चलते हेमंत सोरेन को त्यागपत्र देना पड़ेगा। इस राजनीतिक संकट से निपटने के लिए यूपीए विधायकों ने शनिवार को सीएम हाउस में बैठक की और फिर तीन बसों में बैठकर सुरक्षित ठिकाने के लिए रवाना हो गए।
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रायपुर में NIA कार्यालय का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण शाखा सेक्टर 24 में स्थित है. उद्घाटन के दौरान सीएम भूपेश बघेल , गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और NIA के महानिदेशक दिनकर गुप्ता भी उपस्थित हैं. थोड़ी देर बाद में, शाह पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में 'मोदी एट 20: ड्रीम्स मीटिंग डिलीवरी' विषय पर एक सेमिनार में भाग लेंगे। शाम सात बजकर 20 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज दोपहर रायपुर पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया. स्वागत के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, बृजमोहन अग्रवाल , ललित जैसिंघ सहित कई बीजेपी नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे. रायपुर पहुंचते ही अमित शाह ने ट्वीट कर कहा - आज पोला लोकपर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ आने का सौभाग्य मिला।पहले रायपुर में NIA कार्यालय का उद्घाटन होगा, इसके पश्चात@narendramodiजी द्वारा 20 साल के सार्वजनिक जीवन में भारत को महान बनाने हेतु किये गये अथक पुरुषार्थ को दर्शाती Modi@20 पुस्तक पर आयोजित सेमिनार को संबोधित करूँगा। यह खबर अभी-अभी ब्रेक हुई है. इस खबर को हम अपडेट कर रहे हैं. हमारी कोशिश है कि आपके पास सबसे पहले जानकारी पहुंचे. इसलिए आपसे अनुरोध है कि सभी बड़े अपडेट्स जानने के लिए इस पेज को रीफ्रेश कर लें
बिलासपुर: जिले में 5 साल की मासूम बच्ची की हत्या करने वाले सौतेले पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार दोपहर नहलाने के बहाने उसे एनीकट ले गया था और वहां उसे डूबा दिया। इसके बाद उसकी लाश को पानी में फेंक दिया और घर आकर सो गया। दूसरी ओर मासूम बच्ची को उसकी मां और पुलिस रात भर खोजती रही। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक तोरवा क्षेत्र के पटेल मोहल्ला निवासी राधिका लहरे रोजी-मजदूरी करती हैं। गुरुवार की रात वह तोरवा थाने पहुंची और अपने पांच साल की बेटी पायल के गायब होने की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पिता की हरकतों पर पुलिस ने उससे पूछताछ की, तब उसने नशे की हालत में हत्या करना स्वीकार किया।
टीआई ने बताया कि महिला राधिका के 10 वर्षीय बालक और बच्ची पायल साथ रहते थे। मन्नू उनका सौतेला पिता था। वह पायल को पसंद नहीं करता था और उसके साथ आए दिन मारपीट करता था। आरोपी मन्नू ने पुलिस को बताया कि वह हमेशा खर्च करने के लिए पैसे मांगती थी, जिसकी वजह से उसने नशे में उसकी हत्या कर दी। होश में आने के बाद आरोपी मन्नू पुलिस के सामने रोने लगा और बोला कि उससे बहुत बड़ी गलती हुई और पछतावा हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को अपने निवास में आयोजित पोरा-तीजा तिहार में परिवार के साथ भगवान शिव और नंदीश्वर की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख और सृमद्धि की कामना की। सीएम भूपेश ने खेती-किसानी और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रतीक पोला तिहार की प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ धन-धान्य से भरपूर रहे और हमारे पशुधन हमारी तरक्की में सहायक बने रहें।
मुख्यमंत्री बघेल ने तीजा-पोरा की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होने कहा कि तीजा-पोरा खेती- किसानी, बहु बेटियों का त्यौहार है। मैं आप सभी का स्वागत करता हूं।
तीजा-पोरा के उत्सव में सीएम हाउस पहुंची छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्घ लोकगायिका और खैरागढ़ विश्वविद्यालय की कुलपति ममता चंद्राकरजी ने 'तोर मन कइसे लागे राजा' गीत से तीजा के उत्सव को और खास बनाया। सीएम भूपेश बघेल और तीज मनाने पहुंची छत्तीसगढ़ की बहनों ने उनके गीतों का आनंद लिया और तीजहारिन महिलाओं के साथ मुख्यमंत्री भी खुद को थिरकने से रोक नहीं सके।
हरेली के बाद छत्तीसगढ़ के पारंपरिक त्यौहारों पोरा-तीजाट को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए मुख्यमंत्री के रायपुर स्थित निवास में विशेष इंतजाम किए गए थे। छत्तीसगढ़ की परंपरा और रीति-रिवाज के अनुसार साज-सज्जा स्थानीय खेलों का आयोजन किया गया और सवाल जवाब भी किए गए, इसके बाद स्थानीय कलाकारों और नर्तक दलों की प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा बिखेर दी।
इस मौके पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू,अनुसूचित जाति एवं आदिमजाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, राज्यसभा सांसद के टी एस तुलसी, सांसद रंजीता रंजन, सांसद फूलो देवी नेताम, खैरागढ़ संगीत विश्व विद्यालय की कुलपति ममता चंद्राकर, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा सहित समस्त जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।
पोरा-तीजा तिहार में रंग-बिरंगे परिधानों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में महिलाएं मुख्यमंत्री निवास पहुंची थीं। मुख्यमंत्री निवास में तीज मनाने आयी महिलाओं के लिए श्रृंगार की व्यवस्था भी की गई थी। महिलाओं के लिए मेंहदी, आलता लगाने के साथ ही रंग-बिरंगी चूड़ियों की व्यवस्था भी थी। महिलाओं ने इस अवसर पर आयोजित जलेबी दौड़, मटकी डांस, कबड्डी सहित अनेक खेलों में बड़े ही उत्साह से हिस्सा लिया। पोरा-तीजा तिहार के अवसर पर भगवान शिव और नंदी-बैल की पूजा की गई। तीजा महोत्सव के लिए प्रदेश के विभिन्न स्थानों से बहनों को यहां आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर बहनों द्वारा करूभात खाने की रस्म पूरी की गई।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों को पोरा पर्व पर बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों के विशेष अनुदान में 300 रुपए की बढ़ोत्तरी की। सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश के 43301 अंशकालीन स्कूल सफ़ाई कर्मियों को लाभ मिलेगा।
बता दें कि प्रदेश के अंशकालीन स्कूल सफ़ाई कर्मचारी अपनी मांगों को कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। कल ही सफाई कर्मचारियों हड़ताल वापसी का ऐलान किया है। कर्मचारी 5 महीने से कलेक्टर दर पर मानदेय को लेकर आंदोलन कर रहे थे।
रायपुर। आज से राजधानी रायपुर( raipur) में शुरू हो रहे अखिल भारतीय महापौर परिषद का 51 वां राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए शुक्रवार( friday) सुबह से अलग-अलग नियमित विमान से महापौरों का आना शुरू हो गया है। राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने रायपुर पहुंच रहे महापौरों का राजा-महाराजा की तर्ज पर स्वागत किया जा रहा है।
आज से दो दिवसीय इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए अब तक गुजरात( gujarat), कर्नाटक, आगरा, दिल्ली, सिक्किम, पंजाब, उत्तराखंड, आंध्रप्रदेश( AP), हरियाणा,जम्मू कश्मीर आदि राज्यों के अलग-अलग नगर निगमों के महापौर शामिल है।सम्मेलन में 50 से अधिक महापौरों( mayor) को आमंत्रित( invitation) किया गया है।
रायपुर को कैसे वाटर प्लस के साथ शहर का सबसे साफ शहर बनाया जा सकता
यहां सम्मेलन में रायपुर को कैसे वाटर प्लस के साथ शहर का सबसे साफ शहर बनाया जा सकता है,इस बारे में बताने के साथ शहर के सुव्यवस्थित विकास पर और भी कई सुझाव देंगे।सम्मेलन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को निगम के सामान्य सभागार में आयोजित बैठक में महापौर एजाज ढेबर, नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे समेत एमआईसी मेंबर और सभी पार्षदों ने चर्चा की। रायपुर महापौर और अभा महापौर परिषद के राष्ट्रीय सचिव एजाज ढेबर ने बताया कि तीन दिवसीय सम्मेलन में सूरत के महापौर अपने वाटर प्लस शहर के बारे में बताएंगे।
रायपुर।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ( CM baghel)आज दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे इस दौरान वह भिलाई शहर के तीन बड़े प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे।मुख्यमंत्री( chief minister ) शाम 6 बजे भिलाई पहुंचेंगे और लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
भिलाई नगर विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार( saturday) को पावर हाउस( power house) स्थित प्रदेश के सबसे बड़े सी मार्ट, मदर्स मार्केट( mother project) और 3 करोड़ की लागत से बने डॉ. भीमराव अम्बेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सेफ ड्रिंकिंग वाटर क्लीनिक का भी लोकार्पण करेंगे।गौरव पथ ( gaurav path)के किनारे 2 एकड़ क्षेत्रफल में 3 करोड़ की लागत से बने मांगलिक भवन के बनने से कैंप के लोगों को काफी लाभ मिलेगा. वो यहां अपनी बहन बेटियों की शादियां धूम-धाम से कर पाएंगे।
मांगलिक भवन के बनने से कैंप के लोगों को काफी लाभ मिलेगा.
गौरव पथ के किनारे 2 एकड़ क्षेत्रफल में 3 करोड़ की लागत से बने मांगलिक भवन के बनने से कैंप के लोगों को काफी लाभ मिलेगा. वो यहां अपनी बहन बेटियों की शादियां धूम-धाम से कर पाएंगे. मांगलिक भवन को काफी हाइटेक तरीके से बनाया गया है।यहां मैरिज हाल( marriage hall), ग्रीन रूम के साथ ही एक बड़ा किचन भी बनाया गया है भवन में मेहमानों के ठहने के लिए 25 कमरे होंगे। इनमें से 20 कमरों में लेटबॉथ अटैच है. कमरों में एसी( Ac) लगाया गया है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ में तीज, त्यौहारों की एक समृद्ध परंपरा है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति के सरंक्षण और संर्वधन के लिए प्रदेश में हरेली, तीजा, माता कर्मा जयंती, छठ पूजा और विश्व आदिवासी दिवस के दिन न केवल सार्वजनिक अवकाश की शुरुआत की है, बल्कि इन लोक पर्वों के महत्व से आने वाली पीढ़ी को जोड़ने के लिए इन्हें जन सहभागिता से पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
स्थानीय त्यौहारों को जन सहभागिता के जोड़कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा छत्तीसगढ़ की संस्कृति का संवर्धन एवं संरक्षण करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक त्यौहार पोला एवं तीज को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए मुख्यमंत्री निवास में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। हरेली पर्व की तरह ही सीएम भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पर इन दोनों पारम्परिक त्यौहारों को व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।पोला व तीज पर्व के लिए मुख्यमंत्री निवास में विशेष तैयारियां की गई हैं और तीज मना रही माताओं एवं बहनों की स्वागत के लिए ये पूरी तरह से तैयार है। मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ की परंपरा और रीति रिवाज के अनुसार साज सज्जा की गई है। मुख्यमंत्री निवास में पहले पोला पर्व का आयोजन होगा। इस मौके पर नंदी बैल की पूजा की जाएगी, इसी के साथ ही यहां पर तीजा महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। तीजा महोत्सव के लिए प्रदेश के विभिन्न स्थानों से तीजहारिन माताओं एवं बहनों को मुख्यमंत्री निवास के लिए आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर बहनों द्वारा करूभात खाने की रस्म पूरी की जाएगी और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ का पोरा तिहार मूल रूप से खेती किसानी से जुड़ा पर्व है। खेती किसानी में बैल और गौवंशी पशुओं के महत्व को देखते हुए इस दिन उनके प्रति आभार प्रकट करने की परंपरा है। छत्तीसगढ़ के गांवों में इस पर्व में बैलों को विशेष रूप से सजाया जाता है। उनकी पूजा की जाती है। इस मौके पर घरों में बच्चे मिट्टी से बने नंदी बैल और बर्तनों के खिलौनों से खेलते हैं। घरों में ठेठरी, खुरमी, गुड़चीला, गुलगुला, भजिया जैसे पकवान तैयार किए जाते हैं और उत्सव मनाया जाता है। इस पर्व के अवसर पर बैलों की दौड़ भी आयोजित की जाती है।
छत्तीसगढ़ में तीजा (हरतालिका तीज) की विशिष्ट परंपरा है, तीजहारिन महिलाएं तीजा मनाने ससुराल से मायके आती हैं। तीजा मनाने के लिए बेटियों को पिता या भाई ससुराल से लिवाकर लाते है। छत्तीसगढ़ में तीजा पर्व की इतना अधिक महत्व है कि बुजुर्ग महिलाएं भी इस खास मौके पर मायके आने के लिए उत्सुक रहती हैं। महिलाएं पति की दीर्घायु के लिए तीजा पर्व के एक दिन पहले करू भात ग्रहण कर निर्जला व्रत रखती हैं। तीजा के दिन बालू से शिव लिंग बनाया जाता है, फूलों का फुलेरा बनाकर साज-सज्जा की जाती है और महिलाएं भजन-कीर्तन कर पूरी रात जागकर शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं।
नारायणपुर। जिले में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए एक ग्रामीण की हत्या कर दी है। नक्सलियों ने ग्रामीण का पहले गला रेता, फिर पत्थर से सिर कुचल कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को गांव के ही नजदीक फेंक दिया। मामला फरसगांव थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात 10 से 15 की संख्या में हथियारबंद नक्सली जिले के कड़हागांव पहुंचे और गांव के ग्रामीण रामलाल पोटाई (27) को घर से उठाकर जंगल की तरफ ले गए। जहां पहले उसकी पिटाई की फिर धारदार हथियार से गला रेता और पत्थर से सिर कुचल दिया। देर रात ही माओवादियों ने ग्रामीण के शव को गांव में फेंक दिया। शव के पास पर्चे भी फेंके हैं। जिसमें ग्रामीणों के लिए लिखा है कि, जनविरोधी, जन दुश्मन और गद्दार मत बनो। अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मत मारो और अपनी ही उंगलियों से अपनी आंखें मत फोड़ो। मुखबिर बन कर अपनी संपति लूटने वालों का साथ मत दो। लुटेरों का साथ छोड़ो और जल-जंगल-जमीन का मालिक बनकर जिओ। यदि मुखबिर बनोगे तो रामलाल जैसी सजा मिलेगी।
सुबह इस वारदात की जानकारी गांव के ग्रामीणों ने पुलिस दी। मौके पर पहुंचे जवानों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। साथ ही इलाके की सर्चिंग की जा रही है। नक्सलियों की पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।
रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह इलाके में स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में ग्राहक के संचालक को हथौड़ी से वारकर लूट करने वाला शातिर लुटेरा गिरफ्तार हो गया है। बता दें कि 23 अगस्त को ग्राहक बनकर आये लुटेरे ने संचालक याला प्रकाश के सिर पर हथौड़ी से 3 वार कर लॉकर से नगदी लूटकर फरार हो गया था। इस खौफनाक वारदात की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई थी। इस मामले में गंज थाना में लूट का मामला दर्ज हुआ था । जिसपर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसको लेकर पुलिस आज खुलासा करेगी।
रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे है। शाह के निर्धारित कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया गया है। गृहमंत्री बोरियाकला स्थित बीजेपी कार्यालय में बीजेपी के सांसद, विधायक व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में शामिल नहीं होंगे। यह बैठक अब निरस्त कर दी गई है।
संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक गृहमंत्री आज दोपहर दो बजे बीएसएफ के विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकनांद विमानतल पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेक्टर 24 जाएंगे और राष्ट्र्यी अन्वेषण अभिकरण शाखा कार्यालय रायपुर के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे।
इसके बाद अमित शाह दोपहर साढ़े तीन बजे रायपुर के साइंस कॉलेज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम जाएंगे और मोदी 20 ड्रीम्स मीट डिलीवरी पुस्तक के सेमिनार में शामिल होंगे। इसके बाद वे सवा पांच बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोक पर्व तीजा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने सभी तीजहारिन माताओं और बहनों के प्रति अपनी शुभकामनाएं प्रकट की है। मुख्यमंत्री बघेल ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि 'छत्तीसगढ़ में तीज, त्यौहारों की एक समृद्ध परम्परा है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति के सरंक्षण और संर्वधन के लिए प्रदेश में हरेली, तीजा, माता कर्मा जयंती, छठ पूजा और विश्व आदिवासी दिवस के दिन न केवल सार्वजनिक अवकाश की शुरूआत की है, बल्कि इन लोक पर्वों के महत्व से आने वाली पीढ़ी को जोड़ने के लिए इन्हें जन सहभागिता से पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।'
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में तीजा पर्व का अपना विशेष महत्व है। छत्तीसगढ़ में भादों माह की अमावस्या तिथि को पोला तिहार मनाए जाने के बाद हरतालिका तीजा पर्व बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है, महिलाएं तीजा मनाने ससुराल से मायके आती हैं। महिलाएं पति की दीर्घायु के लिए तीजा पर्व के एक दिन पहले करूभात ग्रहण कर निर्जला व्रत रखती हैं। मान्यता है कि इस व्रत को करने से सुहागिन स्त्रियों को शिव-पार्वती अखंड सौभाग्य का वरदान देते हैं, वहीं कुंवारी लड़कियों को मनचाहे वर की प्राप्ति होती है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी लोगों के लिए सुख, समृद्धि की कामना की है।
रायपुरः छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा की तबीयत शुक्रवार रात अचानक बिगड़ गई। उन्हें राजधानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा कि कवासी लखमा को बदहजमी के लक्षण हैं, उन्हें बाकी कोई दिक्कत नहीं है।
कवासी लखमा शुक्रवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने कोंडागांव आए थे। बैठक शरू होते ही जब उन्हें ठीक नहीं लगा तो वे बैठक छोड़कर स्थानीय सर्किट हाउस चले गए, वहां दवा लेकर कुछ देर आराम किया। शाम 6 बजे वे अपनी कार से रायपुर रवाना हुए। एंबुलेस के साथ डॉक्टरों को भी रवाना किया गया था ताकि रास्ते में अगर ज्यादा तबीयत खराब हुई तो तत्काल उनका उपचार शुरू किया जा सके। रात करीब साढ़े 10 बजे लखमा को एमएमआई हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा।
डॉक्टर ए धर्मा राव ने बताया कि मंत्री लखमा की हालत स्थिर है। उनको बदहजमी हुई है, इसलिए भर्ती किया गया है। कोई चिंताजनक बात नहीं है। गहन जांच के लिए उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उनका बीपी और शुगर सब ठीक है। हार्ट में भी कोई समस्या नहीं है। शनिवार को फिर रिव्यू किया जाएगा और फिर आगे की प्रक्रिया की जाएगी।





























