CG : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, किसानों को मिलेगी बड़ी सौगात    |    नेपाल-तिब्बत सीमा की बाढ़ में भाजपा नेता की बेटी समेत छत्तीसगढ़ की तीन महिलाएं लापता    |    बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल : मुख्यमंत्री साय    |    लोकतंत्र सेनानियों का त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय    |    BREAKING : बंगाल का नया CM- शुभेंदु अधिकारी होंगे प. बंगाल के नए सीएम- अमित शाह ने किया सीएम का एलान    |    BREAKING NEWS : देखिए लाल किले के पास हुए बम धमाके की खौफनाक तस्वीरें, 8 लोगों की मौत    |    Breaking : 1 नवंबर को सभी स्कूल – कॉलेजों में रहेगी छुट्टी, आदेश जारी    |    BIG BREAKING : सी.पी. राधाकृष्णन होंगे भारत के नए उपराष्ट्रपति    |    साय कैबिनेट की बैठक खत्म, लिए गए कई अहम निर्णय    |    CG Accident : अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, युवक-युवती की मौके पर ही मौत, 3 की हालत गंभीर    |
रायपुर पुलिस ने किया देश भर में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 04 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने किया देश भर में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 04 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर : शेयर मार्केट में रकम दोगुना करने का झांसा देकर देश भर में ठगी करने वाले देवास (म.प्र.) गिरोह के 04 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तारप्रार्थिया निवासी गंज रायपुर ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके पति कन्स्ट्रक्शन कार्य करते है। वर्ष 2020 में कोविड संक्रमण के दौरान प्रार्थिया के पति का कार्य बंद हो जाने से आर्थिक तंगी होने पर प्रार्थिया एवं उसके पति दोनों शेयर मार्केट जिरोधा में ट्रेडिंग का कार्य करने लगे। नवम्बर 2021 में प्रार्थिया के पति के मोबाइल फोन में मोबाईल नंबर 9893600238 से कॉल आया जिसके धारक ने अपना नाम गौतम शाह निवासी भोपाल का होना बताकर संपर्क किया जिसकी जानकारी प्रार्थिया के पति ने प्रार्थिया को भी दी। जिस पर प्रार्थिया द्वारा गौतम शाह से मोबाईल फोन से संपर्क करने पर उसके द्वारा स्वयं को भोपाल में शेयर मार्केट के बी.एस.ई. नामक ट्रेडिंग में काम करना बताया गया। गौतम शाह द्वारा प्रार्थिया व उसके पति को अपने भरोसे में लेते हुए शेयर मार्केट के बी.एस.ई. में रूपये इन्वेस्ट करने व रकम को 25 दिनों में डबल करके रकम वापस करने का लालच दिया।

जिस पर दोनों गौतम शाह के झांसे में आकर उसके द्वारा दिये गये केनरा बैंक खाता जिसका धारक राहुल मारू नामक व्यक्ति है तथा मोबाईल नंबर 8964810383 जिसका धारक अमित पटेल नामक व्यक्ति है दिया। प्रार्थिया एवं उसके पति द्वारा उक्त खाता एवं मोबाईल नंबर में दिनांक 05.01.22 से दिनांक 07.01.22 तक अलग - अलग किश्तों में 5,00,000/- रूपये दिये। उसके बाद गौतम शाह ने बी.एस.ई. नामक पोर्टल में प्रार्थिया केे पति के नाम की आई.डी. व पासवर्ड दिया। उक्त पोर्टल में लॉगिन कर उसके द्वारा दिये गये आई.डी. एवं पासवर्ड डालकर पोर्टल में देखने पर उनके द्वारा इन्वेस्ट किये गये 5,00,000/- रूपये का प्रॉफिट 9,22,350 रूपये दिखाया गया। इसी दौरान गौतम शाह ने फोन कर पुनः प्रॉफिट का लालच दिया और दोनों से 1,85,000 रूपये जीएसटी एवं अन्य टैक्स देने की बात कहने लगा। जिससे दोनों गौतम शाह नामक व्यक्ति के झांसे में आकर दिनांक 31.01.22 को 1,35,000 रूपये एवं दिनांक 03.02.22 को 50,000/- रूपये ऑनलाईन गौतम शाह के द्वारा दिये गये बैंक खाता में भेजे।

कुछ दिनों बाद गौतम शाह द्वारा अन्य टैक्स व जीएसटी के नाम पर और पैसों की मांग की गई जिस पर दोनों को स्वयं के साथ ठगी होने का अहसास हुआ तथा दोनों के द्वारा दिये गये रकम को वापस मांगने पर रकम वापस नहीं किया। इस प्रकार गौतम शाह एवं अन्य लोगों द्वारा प्रार्थिया एवं उसके पति को अपने झांसे में लेकर अलग - अलग तिथियांे व किश्तों में कुल 6,85,000/- रूपये प्राप्त कर ठगी किया गया। जिस पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 75/22 धारा 420, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

ठगी की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध  अभिषेक माहेश्वरी, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अविनाश ठाकुर, प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना प्रभारी गंज को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थिया एवं उसके पति से विस्तृत पूछताछ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा आरोपियों एवं प्रार्थिया व उसके पति के मध्य जिन मोबाईल नंबरों के माध्यम से बातचीत हुई थी उन मोबाईल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ-साथ आरोपियों द्वारा दिये गये बैंक खाते एवं पे-टीएम नंबर जिनमें प्रार्थिया एवं उसके पति द्वारा रकम जमा किया गया था, के संबंध में बैंक से जानकारी प्राप्त की गई।

अज्ञात आरोपियों के संबंध में प्राप्त तकनीकी विश्लेषण, बैंक संबंधी दस्तावेज तथा प्रकरण से संबंधित अन्य जानकारी व साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण करते हुये टीम के सदस्यों को अज्ञात आरोपियों की पहचान व उपस्थिति चिन्ह्ांकित करने में सफलता मिली तथा आरोपियों की उपस्थिति मध्य-प्रदेश के देवास में होना पाया गया। जिस पर एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट के सउनि. सैय्यद ईरफान के नेतृत्व में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की 04 सदस्यीय संयुक्त टीम को मध्य प्रदेश के देवास रवाना किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा देवास पहुंचकर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया तथा टीम द्वारा लगातार 03 दिनों तक देवास में कैम्प कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करते हुए अंततः प्रकरण में संलिप्त आरोपी आदित्य पटेल उर्फ अंशुल जैन एवं अमित पटेल को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों के द्वारा अपने अन्य साथी शुभम तिवारी उर्फ गौतम शाह एवं राहुल मारू के साथ मिलकर ठगी की उक्त घटना को कारित करना स्वीकार किया गया। जिस पर घटना में संलिप्त आरोपी शुभम तिवारी उर्फ गौतम शाह एवं राहुल मारू को भी पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आदित्य पटेल ने प्रार्थिया के पति से मोबाईल फोन में संपर्क किया तो स्वयं का नाम अंशुल जैन होना बताया था तथा प्रार्थिया एवं उसके पति का भरोसा जीतकर अपना शिकार बनाते हुए रकम प्राप्त किया। इसके बाद आदित्य पटेल उर्फ अंशुल जैन ने प्रार्थिया को शुभम तिवारी का मोबाईल नंबर दिया तथा शुभम तिवारी का झूठा नाम गौतम शाह होना बताया। प्रार्थिया द्वारा शुभम तिवारी उर्फ गौतम शाह से संपर्क करने पर उसने दोनों को अपने झांसे में लेकर उनको राहुल मारू का बैंक खाता नंबर देने के साथ ही अमित पटेल का पे-टीएम नंबर दिया था। इस प्रकार चारों आरोपियों द्वारा प्रार्थिया एवं उसके पति को अपने झांसे में लेते हुए बैंक खाता व पे-टीएम नंबर में अलग - अलग तिथियों व किश्तों में कुल 6,85,000/- रूपये जमा कराकर रकम प्राप्त कर ठगी किया गया था।

चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना से संबंधित 11 नग मोबाईल फोन, विभिन्न कंपनियों के 06 नग सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 10 नग एटीएम कार्ड, आधार कार्ड तथा पेन कार्ड जप्त किया गया है। आरोपियों द्वारा उक्त घटना के अतिरिक्त राजस्थान, पुणे, मुम्बई, कनार्टक सहित देश के अन्य कई राज्यों में लोगों को शेयर मार्केट में पैसा लगाकर डबल करने का झांसा देकर अपना शिकार बनाकर लाखों रूपये ठगी किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी

01. आदित्य पटेल उर्फ अंशुल जैन पिता ईश्वर लाल पटेल उम्र 22 साल निवासी वार्ड नंबर 02 मकान नंबर 54 लोहार बिपालिया थाना बावड़िया औद्योगिक क्षेत्र जिला देवास (म.प्र.)।

02. अमित पटेल पिता सुभाष पटेल उम्र 22 साल निवासी वार्ड नंबर 01 मकान नंबर 34 लोहार बिपालिया थाना बावड़िया औद्योगिक क्षेत्र जिला देवास (म.प्र.)।

03. शुभम तिवारी उर्फ गौतम शाह पिता महेन्द्र तिवारी उम्र 23 साल निवासी ग्राम अमोना तहसील टोंकखुर्द जिला देवास (म.प्र.)।

04. राहुल मारू पिता हरिराम मारू उम्र 28 साल निवासी मकान नंबर 87 लोसरा बाद गांव थाना बी.एन.पी. जिला देवास (म.प्र.)। 

देश भर में घुम-घुम कर चोरी करने वाले 02 अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार

देश भर में घुम-घुम कर चोरी करने वाले 02 अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार

रायपुर : देश भर में घुम-घुम कर चोरी करने वाले 2 अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक प्रार्थी ओम प्रकाश छाबरिया ने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि जयराम काम्पलेक्स स्थित उसके इलेक्ट्रीक पाईन्ट नामक दुकान में दिनांक 03-04.02.22 की रात्रि कोई अज्ञात चोर दुकान के छत में लगे दरवाजा को तोड़कर अंदर प्रवेश कर दुकान के दराज में रखें नगदी रकम, चेक बुक एवं अन्य कागजात को चोरी कर ले गया। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 18/22 धारा 457, 380 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। 

जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट, थाना गंज एवं थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना के संबंध में समस्त प्रार्थियों से विस्तृत पूछताछ करने के साथ ही घटना स्थलों का बारिकी से निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी विस्तृत पूछताछ किया गया। तरीका वारदात के आधार पर चोरी की घटनाओं को किसी बाहरी गिरोह द्वारा कारित करना प्रतीत हो रहा था तथा सभी घटनाओँ का तरीका वारदात एक ही प्रकार का था, जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा बाहरी गिरोह पर फोकस करते हुए कार्य करना प्रारंभ किया गया। घटना स्थल व उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन कर तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से भी अज्ञात आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे थे। टीम के सदस्यों द्वारा अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु प्रकरणों में मुखबीर भी लगाये गये।

इसी दौरान दिनांक 08.04.22 को एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की टीम को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत जवाहर नगर स्थित किरोड़ीमल धर्मशाला पास 02 व्यक्ति चोरी करने की योजना बना रहे है। जिस पर एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलियों के 02 व्यक्तियों को चिन्हांकित कर पकड़कर पूछताछ किया गया। पूछताछ पर व्यक्तियों ने अपना नाम नूर मोहम्मद निवासी बिजनौर (उ.प्र.) एवं अजय शर्मा निवासी जबलपुर (म.प्र.) का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा दोनों व्यक्तियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों के द्वारा चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के उद्देश्य से रायपुर आना बताने के साथ ही विगत 03 माह में 03 बार रायपुर आकर थाना मौदहापारा एवं गंज क्षेत्रांतर्गत स्थित अलग - अलग दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया गया।

पूछताछ में आरोपी नूर मोहम्मद ने बताया कि वह अपने साथी सलमान खान निवासी दतिया म.प्र. जिससे उसकी मुलाकात अहमदाबाद एवं हैदराबाद जेल में हुई थी, के साथ मिलकर माह जनवरी में रायपुर आया था तथा थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर के शटर को उपर उठाकर अंदर प्रवेश कर दुकान के दराज में रखें नगदी रकम को चोरी कर फरार हो गये थे। इसके बाद दोनों पुनः माह फरवरी में रायपुर आकर 02 दिनों में थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत स्थित अलग - अलग 03 दुकानों का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर दुकान के दराज में रखें नगदी रकम को चोरी करने के साथ ही कुछ अन्य सामानों को भी चोरी कर फरार हो गये थे। इसी दौरान कुछ दिनों बाद आरोपी सलमान खान को जमशेदपुर में जमशेदपुर रेलवे पुलिस द्वारा चोरी के प्रकरण में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जो वर्तमान में जमशेदपुर के गटेडी स्थित सेन्ट्रल जेल में निरूद्ध है।

इसके बाद आरोपी नूर मोहम्मद अपने अन्य साथी अजय शर्मा एवं मुशर्रफ जिनसे नूर मोहम्मद की मुलाकात अहमदाबाद एवं हैदराबाद जेल में हुई थी, के साथ मिलकर माह मार्च में रायपुर आकर थाना गंज क्षेत्रांतर्गत स्थित अलग - अलग 03 दुकानों का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर नगदी रकम चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो गये तथा माह अप्रैल में आरोपी नूर मोहम्मद अपने साथी अजय शर्मा के साथ पुनः चोरी के उद्देश्य से रायपुर आया था। इसी दौरान दोनों आरोपियों को एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की टीम द्वारा रेलवे स्टेशन में दबोच लिया गया। दोनों आरोपी नूर मोहम्मद एवं अजय शर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नगदी रकम 24,000/-रूपये एवं घटना में प्रयुक्त 02 नग मोबाईल फोन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही किया गया।

थाना मौदहापारा में दर्ज चोरी के 04 प्रकरणों में शामिल आरोपी सलमान खान पिता छोटे खान उम्र 28 साल निवासी गोराघाट थाना गोराघाट जिला दतिया (म.प्र.) वर्तमान में चोरी के प्रकरण में जिला जमशेदपुर के गटेडी स्थित सेन्ट्रल जेल में निरूद्ध है। थाना गंज के प्रकरण में शामिल आरोपी मुशर्रफ निवासी बिजनौर (उ.प्र.) फरार है, जिसकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है। उक्त प्रकरणों में संलिप्त सभी चारों आरोपी शातिर चोर है जो चोरी के प्रकरणों में अहमदाबाद, हैदराबाद, जमेशदपुर सहित अन्य राज्यों के कई जेल में भी निरूद्ध रह चुके है।

थाना गंज के प्रकरण के आरोपी

01. नूर मोहम्मद पिता मोहम्मद उमर उम्र 27 साल निवासी ग्राम बुरहानीउद्दीनपुर पोस्ट काजीवाला थाना कोतवाली बिजनौर जिला बिजनौर (उ.प्र.)।

02. अजय शर्मा पिता फागुराम शर्मा उम्र 25 साल निवासी ग्राम मछली पोस्ट बादलपुर थाना जबलपुर जिला जबलपुर (म.प्र.)। फरार आरोपी - मुशर्रफ उम्र 22 साल निवासी बुद्धूपाड़ा थाना किरथपुर बिजनौर जिला बिजनौर (उ.प्र.)। अहमदाबाद जेल में निरूद्ध था।

थाना मौदहापारा के प्रकरण के आरोपी

01. नूर मोहम्मद पिता मोहम्मद उमर उम्र 27 साल निवासी ग्राम बुरहानुदीनपुर पोस्ट काजीवाला थाना कोतवाली बिजनौर जिला बिजनौर (उ.प्र.)।

02. जमशेदपुर गटेडी स्थित सेन्ट्रल जेल निरूद्ध - सलमान खान पिता छोटे खान उम्र 28 साल निवासी गोराघाट थाना गोराघाट जिला दतिया (म.प्र.)।

 

ट्रक-बोलेरो की भिड़ंत में 3 की मौत, 5 गंभीर...

ट्रक-बोलेरो की भिड़ंत में 3 की मौत, 5 गंभीर...

सूरजपुर : मध्य प्रदेश के मैहर दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो तेज रफ़्तार ट्रक से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में प्रेमनगर क्षेत्र के 3 ग्रामीण श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, वहीँ 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मैहर से दर्शन कर लौट रही सूरजपुर जिले के श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो की मध्यप्रदेश के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बोलेरो का आधा से अधिक हिस्सा ट्रक के सामने घुस गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इधर हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी 10 लोग नवरात्र में बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 29 ए-1723 से माता के दर्शन करने मैहर गए थे। दर्शन करने के बाद सभी शुक्रवार की सुबह घर लौट रहे थे। बोलेरो मध्यप्रदेश के शहडोल अंतर्गत जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कनाड़ी बस स्टैंड के पास पहुंची ही थी कि मोड़ पर सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 09 केसी-8870 से आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक 28 वर्षीय त्रिलोचन श्याम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 9 गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 100 की मदद से सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान दोपहर को 46 वर्षीय बलराम व एक अन्य की भी मौत हो गई, जबकि अन्य 7 लोगों का इलाज जारी है।

सडक़ हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत की खबर जैसे ही प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मृतकों के परिजनों को मिली, वे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। हादसे में एक ही गांव के 3 लोगों की मौत से मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पीएम पश्चात मृतकों का शव उनके परिजन को सौंप दिया है।
 

 उडऩदस्ता दल की कार्रवाई, वाहन चेकिंग के दौरान एवं ग्राम रेंगाकठेरा में मिली 2667 साडिय़ों की जब्ती की गई

उडऩदस्ता दल की कार्रवाई, वाहन चेकिंग के दौरान एवं ग्राम रेंगाकठेरा में मिली 2667 साडिय़ों की जब्ती की गई

राजनादगांव : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देशन में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 खैरागढ़ उप निर्वाचन कार्य को संपन्न कराने के लिए उडऩदस्ता दल द्वार लगातार जांच की जा रही है। कल रात सूचना मिलने पर उडऩदस्ता दल द्वारा ग्राम रेंगाकठेरा थाना खैरागढ़ अंतर्गत छापामार कार्रवाई की गई।

ग्राम रेंगाकठेरा में लेखराम वर्मा के घर के बाहर एवं बगल में पिकप वाहन क्रमांक सीजी 08 एपी 8529 में 5 नग गट्ठा एवं घर के छपरी में 3 नग गट्ठा में कुल 2667 नग साडिय़ों की जब्ती की गई। थाना खैरागढ़ में एफआईआर दर्ज कर अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

जिसकी विवेचना पुलिस द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में उडऩदस्ता दल 2 खैरागढ़ के प्रभारी अधिकारी  मनीष चंदेहे द्वारा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर छापामार कार्रवाई की गई। 

कक्षा पहली से 8वीं तक के बच्चों का 15 अप्रैल के बाद स्कूल जाना होगा  ऐच्छिक , शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

कक्षा पहली से 8वीं तक के बच्चों का 15 अप्रैल के बाद स्कूल जाना होगा ऐच्छिक , शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 31 मार्च के स्थान पर 30 अप्रैल तक वृद्धि की गई है। आगामी शैक्षणिक सत्र 01 मई से 15 दिन के अतिरिक्त शैक्षणिक कार्य के लिए प्रारंभ किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में संचालित सभी शासकीय स्कूलों में कक्षा पहली से 8वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति 15 अप्रैल के बाद अनिवार्य नहीं होगी, पालक चाहें तो अपने पाल्यों को अध्यापन के लिए विद्यालय भेज सकते हैं, परन्तु शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

स्कूल संचालन और बच्चों तथा शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सभी संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुपालन में छत्तीसगढ़ राज्य में पहले से ही यह नीति है कि कक्षा पहली से 8वीं तक के बच्चों को परीक्षा के आधार पर पिछली कक्षा में नहीं रोका जाता है।

कक्षा पहली से 8वीं तक के समस्त बच्चों को सामान्य रूप से वर्तमान शिक्षा सत्र में अगले कक्षा में प्रवेश दिया जाता है। प्रदेश के सभी विद्यालयों में बच्चों की अकादमिक उपलब्धियों का सतत् मूल्यांकन किया जाता है। इसके आधार सभी बच्चों को आवश्यक शिक्षण देने की व्यवस्था की जाती है। इस वर्ष भी राज्य में कक्षा पहली से 8वीं तक के बच्चों के लिए यह नीति लागू रहेगी। 

मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़ के कई शहरों में आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश के है आसार

मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़ के कई शहरों में आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश के है आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम में जबरदस्त बदलाव हुआ है। जिसके असर से आज कई शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने दक्षिण और उत्तरी छत्तीसगढ़ में मौसम परिर्तन के आसार है।
बात दें कि शुक्रवार शाम को राजधानी समेत अन्य शहरों में धूल भरी आंधी चली। वहीं कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई। आज भी राजधानी रायपुर समेत दुर्ग, राजनांदगांव में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि आज से सुबह से आसमान साफ है। जिसके चलते तेज धूप से भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं दोपहर बाद शाम में धूल भरी आंधी चलने के आसार है।
मौसम विभाग ने 15-20 किमी की रफ्तार से राजधानी समेत प्रदेश में वेस्टर्ली विंड चलने की संभावना जताई है। वहीं हल्की से माध्यम बारिश होने की उम्मीद है। मौसम के बदलाव का सबसे ज्यादा असर उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में रहेगा।
 

नक्सल समस्या भाजपा राज में बढ़ी कांग्रेस सरकार ने उस पर नियंत्रण किया

नक्सल समस्या भाजपा राज में बढ़ी कांग्रेस सरकार ने उस पर नियंत्रण किया

रायपुर : भाजपा नेता अजय चंद्राकर की पत्रकारवार्ता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि अजय चंद्राकर जो सवाल खड़ा किये है वह उनकी खुद की सरकार की 15 साल की नाकामियों की स्वीकारोक्ति है। अजय चंद्राकर ने अब ओबीसी आरक्षण युवाओं के रोजगार की याद आ रही है 15 साल तक सरकार में रहने के दौरान भाजपा ने इन मुद्दों के लिये क्या किया भाजपा जवाब दें? अजय चंद्राकर बतायें ओबीसी वर्ग के लिये उनकी जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण के लिये 15 साल तक भाजपा ने क्या प्रयास किया था? कांग्रेस की सरकार ने ओबीसी के लिये 27 प्रतिशत और अनारक्षित वर्ग के गरीबों के लिये 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया। माननीय उच्च न्यायालय में दायर याचिका पर इसमें स्टे है। उच्च न्यायालय के आदेश पर ओबीसी की गणना के लिये क्वांटीफायबल द्वारा आयोग बना कर गणना कार्य भी प्रगति पर है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जिस भारतीय जनता पार्टी के राज में 15 साल तक सरकारी नौकरी के द्वार युवाओं के लिये बंद कर दिये गये थे, वह भाजपा कौन सी नैतिकता से युवाओं के रोजगार के कांग्रेस के प्रयासों पर सवाल खड़ा कर रही है? कांग्रेस की सरकार ने पिछले तीन साल में 5 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिया है। जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तब राज्य की बेरोजगारी दर 22 प्रतिशत थी आज कांग्रेस सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ की बेरोजगारी दर देश में सबसे कम 0.6 प्रतिशत मात्र रह गयी है जो देश की बेरोजगारी 7.6 प्रतिशत से 125 प्रतिशत कम है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जिस भाजपा के राज में नक्सलवाद बस्तर के 3 ब्लॉको से निकलकर प्रदेश के 15 जिलों तक पहुंच गया उस भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार की नक्सल नीति पर सवाल खड़ा किया जाना भाजपा के मानसिक दिवालियेपन को प्रदर्शित करता है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद नक्सली गतिविधियों में कमी आई स्वयं केंद्रीय गृह मंत्रालय उसकी पुष्टि करता है। भाजपा ने 15 साल तक नक्सल समस्या से निपटने के लिये कोई सामरिक, आर्थिक, राजनैतिक, सामाजिक नीति नहीं बनाया था। कांग्रेस सरकार बस्तर में शांति बहाली के लिये विश्वास, विकास, सुरक्षा के मूलमंत्र को लेकर आगे बढ़ रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने माना आज छत्तीसगढ़ में नक्सली गतिविधियों में 85 प्रतिशत कमी आई है। कोंडागांव जिला अतिसंवेदनशील नक्सल प्रभावित जिला की सूची से बाहर हुआ है।

सुशील आनंद शुक्ला
अध्यक्ष कांग्रेस संचार विभाग
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी
 

नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने हितग्राहियों से अपील...

नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने हितग्राहियों से अपील...

बीजापुर : मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी बीजापुर की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बीजापुर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा की ओर से हितग्राहियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, व निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने केलिए अपील की है।


गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन के मंशानुसार जिले के सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले में आयुष्मान कार्ड जिले के समस्त शासकीय पंजीकृत अस्पतालों व सभी च्वाईस सेंटरों में नि:शुल्क बनाया जा रहा है। इसके लिए मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनिल भारती ने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्र के साथ आयुष्मान कार्ड प्राप्त कर योजना का लाभ ले सकते हैं।

जिन लोगों ने पूर्व में आयुष्मान कार्ड बनवाया था, परंतु जिनको आज तक आयुष्मान कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है वे स्वास्थ्य व निजी पंजीकृत अस्पतालों में या किसी भी च्वाईस सेंटरों में जाकर आयुष्मान कार्ड निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या शिकायत करने के लिए टोल फ्री नम्बर 104 में संपर्क कर सकते हैं।
 

भीषण गर्मी एवं लू से बचाव-प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देश जारी

भीषण गर्मी एवं लू से बचाव-प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देश जारी

कोरबा : जलवायु परिवर्तन एवं वैश्विक तापमान में वृद्धि के कारण छत्तीसगढ़ सहित जिले के कुछ भागों में अप्रैल से जून महीने के दौरान भीषण गर्मी पडऩे एवं लू चलने की प्रवृत्ति देखी गई है। भीषण गर्मी के कारण जन-जीवन प्रभावित होता है एवं जन साधारण को स्वास्थ्य गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। भीषण गर्मी की स्थिति में स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, दैनिक मजदूरों एवं यातायात पुलिस आदि को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

कोरबा जिला औद्योगिक एवं वनांचल क्षेत्र होने के कारण मई एवं जून माह में भीषण गर्मी पड़ती है। जिला प्रशासन द्वारा भीषण गर्मी एवं लू से बचाव-प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लोगों को लू जैसी स्थिति में सावधानी बरतने लू के लक्षण, बचाव एवं लू लगने पर किए जाने वाले उपचार संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने लू और संबंधित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य केन्द्रो में जीवन रक्षक घोल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने लू से बचने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये है। कलेक्टर श्रीमती साहू ने जिले के नागरिकों से लू से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अत्यधिक गर्मी से पीडि़त बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।


लू के लक्षण - भीषण गर्मी से बचाव संबंधी जारी दिशा-निर्देशानुसार सूर्य की तेजी गर्मी के दुष्प्रभाव से शरीर के तापमान नियंत्रण प्रणाली में वितरीत प्रभाव पड़ता है जिसके कारण शरीर का तापमान अनियंत्रित होकर अत्यधिक बढ़ जाता है। जिससे शरीर में पानी और खनिज मुख्यतया नमक की कमी हो जाती है। इस स्थिति को लू लगना (हीट स्ट्रोक) के नाम से जाना जाता है। लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार के साथ मुंह का सूखना तथा सिर में तेज दर्द होना, अधिक प्यास लगना, पेशाब कम होना व जलन होना, पसीना नहीं आना व भूख कम लगना, चक्कर आना, मांसपेशियों में दर्द, थकावट तथा कभी-कभी बेहोश हो जाने जैसे लक्षण भी हो सकते हैं। इस तरह के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल ही उपचार कराया जाना चाहिए।
लू से बचाव के उपाय - जारी निर्देशानुसार लू से बचने के लिए उपाय भी बताए गए हैं। बहुत अनिवार्य न हो तो बाहर नहीं जाना चाहिए। धूप में निकलते समय चेहरा, सिर व कान कपड़े या गमछे से अच्छी तरह से ढक लेना चाहिए, ताकि गर्म हवाएं सीधे शरीर में प्रवेश न कर सके। बीच-बीच में पानी अधिक मात्रा में व अन्य पेय पदार्थ लेते रहना चाहिए। अधिक समय तक धूप में नहीं रहना चाहिए।

गर्मी के दौरान नरम-मुलायम सूती कपड़े पहनने चाहिए जिससे हवा और कपड़े पसीने को सोखते रहे। चक्कर आने, मितली आने पर छायादार स्थान पर आराम करना चाहिए। गर्मी से बचाव के लिए शीतल पेयजल, फल का रस, लस्सी एवं मठा आदि का सेवन करते रहना चाहिए। गर्म से ठंडे तथा ठंडे स्थान से गर्म स्थानों पर तुरन्त नहीं जाना चाहिए तथा खुले खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए। प्रारंभिक सलाह के लिए स्वास्थ्य केन्द्रों से नि:शुल्क परामर्श लिया जा सकता है। उल्टी, सर दर्द, तेज बुखार की दशा में निकट के अस्पताल अथवा स्वास्थ्य केंद्रों से जरूरी सलाह लेना चाहिए।


लू से प्रभावित होने पर किये जाने वाले उपचार - लू के प्रारंभिक उपचार के तहत मरीज को छायादार एवं हवादार स्थान पर रखना चाहिए। मरीज को ठंडे पानी या बर्फ से तब तक गीला करते रहना चाहिए जब तक तापमान कम न हो जाए। मरीज को तापमान नियंत्रण प्रणाली सामान्य होते तक आराम करना चाहिए। अधिक पानी या अन्य उपलब्ध पेय पदार्थ जैसे कच्चे आम का पना, जल-जीरा,मठ्ठा, शर्बत, नीबू पानी आदि पिलाते रहना चाहिए। ओ.आर.एस. का घोल या स्वंय बनाया गया जीवन रक्षक घोल (एक ग्लास पानी में एक चम्मच शक्कर व एक चुटकी नमक) देना चाहिए। गांवो में मितानीन के पास प्राथमिक उपचार की दवाईयां उपलब्ध करायी गई है उनसे दवाई प्राप्त कर आपात स्थिति से बचा जा सकता है। प्रारंभिक उपचार के बाद मरीज को नजदीक के अस्पताल या चिकित्सक के पास ले जाकर भर्ती कर उपचार कराना चाहिए।
 

CRIME NEWS : नाबालिग बालिकाओं को अपहरण कर ले जा रहे आरोपी को किया गिरफ्तार...

CRIME NEWS : नाबालिग बालिकाओं को अपहरण कर ले जा रहे आरोपी को किया गिरफ्तार...

अंबिकापुर : बलरामपुर रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र से 2 नाबालिग बालिकाओं का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया था। पुलिस ने मामले की शिकायत पर जांच करने पहुंची तो पता चला कि गांव के ही एक व्यक्ति ने दोनों बालिकाओं को राजस्थान निवासी पिता-पुत्र के साथ भेज दिया है। पिता-पुत्र बालिकाओं को कार में बैठाकर राजस्थान ले जा रहे थे। इसी बीच 5 अप्रैल को पुलिस ने लोकेशन के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र को मध्यप्रदेश के खजुराहो में धरदबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से दोनों बालिकाओं को भी बरामद किया। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र और ग्रामीण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरिगवां निवासी 2 नाबालिग लड़कियों को 31 मार्च को अज्ञात आरोपी अपहरण कर कहीं ले गए थे। परिजनों की लिखित शिकायत पर रघुनाथनगर पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर बालिकाओं की तलाश में जुट गई थी। जांच के दौरान पता चला कि बालिकाओं को ग्राम हरिगवां के ही रामबिलास प्रजापति ने राजस्थान के कालू राम नामक व्यक्ति के साथ राजस्थान भेज दिया है। इस पर थाना प्रभारी कृष्णा पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम मध्यप्रदेश और राजस्थान गई।


पुलिस टीम ने अप्रैल को आरोपी कारुलाल उर्फ कालूराम पिता स्व. मन्नालाल 53 वर्ष और उसके पुत्र सुरेश चंद 28 वर्ष निवासी ग्राम श्यामपुरा झालवाड़ा राजस्थान को मध्यप्रदेश के खजुराहों में धरदबोचा। उनके कब्जे से कार क्रमांक आरजे 28 सीए 8003 में सवार दोनों नाबालिग बालिकाओंको सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने कार भी जब्त किया है। रघुनाथनगर थाना क्षेत्र से 2 नाबालिग बालिकाओं का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया था।


पुलिस टीम ने 5 अप्रैल को आरोपी कारुलाल उर्फ कालूराम पिता स्व. मन्नालाल 53 वर्ष और उसके पुत्र सुरेश चंद 28 वर्ष निवासी ग्राम श्यामपुरा झालवाड़ा राजस्थान को मध्यप्रदेश के खजुराहों में धरदबोचा। उनके कब्जे से कार क्रमांक आरजे 28 सीए 8003 में सवार दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने कार भी जब्त की है।
 

ठेकेदार ने किया महिला से दुष्कर्म, फिर महिला ने उठाया यह कदम....

ठेकेदार ने किया महिला से दुष्कर्म, फिर महिला ने उठाया यह कदम....

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शादी घर में खाना बनाने आई महिला के साथ ठेकेदार ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद तीन महीने तक पीड़ित परेशान रही। आखिरकार उसने घटना की शिकायत सकरी थाने में की। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। सकरी क्षेत्र में रहने वाली महिला मजदूरी करती हैं।

वे ठेकेदार लवकुमार यादव(55) निवासी बेलसरी थाना तखतपुर के साथ शादियों में खाना बनाने के लिए जाती थीं। उसके साथ अन्य महिलाएं और पुस्र्ष भी काम पर जाते थे। ठेकेदार ने 23 जनवरी को लाखासार में आयोजित शादी में खाना बनाने के लिए ठेका लिया था। महिला वहां काम के लिए गई थी। काम के दौरान लकड़ी ठीक से नहीं जल रही थी। उसके साथ काम करने वाली महिला ने पास के कमरे में रखी लकड़ी लाने के लिए कहा। इस पर महिला कमरे से लकड़ी निकाल रही थी।

इसी बीच ठेकेदार वहां आ गया। उसने महिला को सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया। शादी के दौरान बज रहे डीजे के कारण उसकी आवाज किसी ने नहीं सुनी। घटना से महिला सहम गई थी। तीन महीने बाद गुस्र्वार को महिला ने घटना की शिकायत की। इस पर पुलिस ने आरोपित ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

 

छत्तीसगढ़ : बारनवापारा अभ्यारण्य को मिला नया स्वरूप

छत्तीसगढ़ : बारनवापारा अभ्यारण्य को मिला नया स्वरूप

रायपुर : छत्तीसगढ़ का सबसे उत्कृष्ट तथा आकर्षक अभ्यारण्य बारनवापारा का नया स्वरूप में कायाकल्प हुआ है। यह कायाकल्प वन्यप्राणी रहवास उन्नयन कार्य के अंतर्गत कैम्पा (छत्तीसगढ़ प्रतिकरात्मक वनरोपण निधि प्रबंधन और योजना प्राधिकरण) के वार्षिक कार्ययोजना 2021-22 में स्वीकृत राशि से किया गया है। इसके तहत 5 हजार 920 हेक्टेयर रकबा में सघन लेन्टाना उन्मूलन तथा यूपोटोरियम उन्मूलन का कार्य हुआ है। जिसमें से बारनवापारा अभ्यारण्य के 19 कक्षों में कुल 950 हेक्टेयर रकबा में लेन्टाना उन्मूलन का कार्य और 32 कक्षों में कुल 4 हजार 970 हेक्टेयर रकबा में यूपोटोरियम उन्मूलन का कार्य शामिल है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में अभ्यारण्य को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं।

वन्यप्राणियों के रहवास तथा चारागाह के लिए अच्छी सुविधा विकसित
राजधानी रायपुर से लगभग 100 किलोमीटर की दूरी पर बलौदाबाजार वनमंडल अंतर्गत स्थित बारनवापारा अभ्यारण्य में हुए वन्यप्राणी रहवास उन्नयन कार्य से वहां मृदा में नमी होने के कारण घास प्रजाति शीघ्रता से बढ़ने लगी हैं। साथ ही इससे अभ्यारण्य में वन्यप्राणियों को अब घास चरने के लिए अच्छी सुविधा उपलब्ध हो गई है। जिससे वे लेन्टाना तथा यूपोटोरियम के उन्मूलन कार्य के बाद स्वच्छंद विचरण भी करने लगे हैं। इससे पर्यटकों को वन्यप्राणियों की सहजता से दृष्टता हुई है और वन्यप्राणी भी स्वस्थ व तन्दुरूस्त दिखाई देने लगे हैं। अभ्यारण्य में वन्यप्राणी रहवास उन्मूलन कार्य के उपरांत घास पुनुरोत्पादन में स्पष्ट अंतर देखा जा सकता है।

बारनवापारा अभ्यारण्य को मिला नया स्वरूप
बारनवापारा अभ्यारण्य का कुल क्षेत्रफल 244.86 वर्ग किमी है जिसमें मुख्यतः मिश्रित वन, साल वन व पूर्व के सागौन वृक्षारोपण है। बारनवापारा में मुख्य रूप से कर्रा, भिर्रा, सेन्हा, मिश्रित वनों में पाये जाते हैं। सागौन वृक्षारोपण क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से उगे सागौन है तथा साल वन क्षेत्र कम रकबे में है। उक्त छत्रक प्रजाति के अतिरिक्त शाकिय प्रजाति जैसे यूपोटोरियम, लेन्टाना, चरोठा आदि प्रमुख खरपतवार हैं, जिनके कारण बारनवापारा अभ्यारण्य क्षेत्र में पाये जाने वाले शाकाहारी वन्यप्राणियों को घास आदि नहीं मिलती, वन्यप्राणियों को आवागमन में भी दिक्कत होती है तथा मॉसभक्षी प्राणियों से भी बचाव कठिन हो जाता है।

बारनवापारा अभ्यारण्य को मिला नया स्वरूप
प्रधान एवं मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) श्री पी.व्ही. नरसिंगराव ने बताया कि इसे दृष्टिगत रखते हुए अभ्यारण्य में वन्यप्राणी रहवास उन्नयन कार्य के तहत सघन लेन्टाना एवं यूपोटोरियम के उन्मूलन का कार्य किया गया है, जिससे बारनवापारा अभ्यारण्य में अब वन्यप्राणियों को वर्षभर हरी खाद्य घास उनके भोजन व चारा के रूप में उपलब्ध हो सके। गौरतलब है कि बारनवापारा अभ्यारण्य में तेन्दुए, गौर, भालू, साम्भर, चीतल, नीलगाय, कोटरी, चौसिंघा, जंगली सुअर, जंगली कुत्ता, धारीदार लकड़बग्घा, लोमड़ी, भेड़िया एवं मूषक मृग जैसे वन्यप्राणी बहुतायत में मिलता है एवं आसानी से दिखते भी है। 

छत्तीसगढ़ : तेज रफ़्तार ट्रैक्टर अनियंत्रितहोकर पलटा, 4 की मौत

छत्तीसगढ़ : तेज रफ़्तार ट्रैक्टर अनियंत्रितहोकर पलटा, 4 की मौत

महासमुंद : महासमुंद के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम भालू कोना में एक सड़क दुर्घटना में 4 की मौत हो गई है। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष बताए गए हैं।

जानकारी मिली है कि सभी लोग ट्रैक्टर में सवार होकर ग्राम भालू कोना जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर के दूर खेत में जाकर पलट गई जिससे ट्रैक्टर ट्राली में दबने की वजह से 4 की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए घायलों को एंबुलेंस की मदद से निकटतम अस्पताल में भेजे जाने की खबर मिली है।

सभी लोग बसना के ग्राम जमड़ी से भालू कोना एकसिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर के खेत में जाकर पलट गई ट्रैक्टर के पलटते ही चीख-पुकार मचने लगी और ट्रैक्टर ट्राली में दबने की वजह से दो महिलाओं और दो पुरुषों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई आसपास के ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर ट्राली के अंदर दबे लोगों को निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजे जाने की व्यवस्था किए जाने की खबर मिली है। फिलहाल ट्रैक्टर किन कारणों से पलटी इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
 

शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने स्कूलों का किया जा रहा सघन निरीक्षण

शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने स्कूलों का किया जा रहा सघन निरीक्षण

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही : जिले में संचालित स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, संकुल शैक्षिक समन्वयक, संकुल केन्द्र प्रभारी द्वारा स्कूलों का नियमित रूप से सघन निरीक्षण किया जा रहा है।

ज्ञात हो कि स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए विगत 25 मार्च से स्कूलों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों पर अवैतनिक की कार्रवाई की जा रही है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 7 अप्रैल को स्कूलों के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान विकासखण्ड गौरेला में 2 और मरवाही में 3 शिक्षक अनुपस्थित पाये गये। अनुपस्थिति शिक्षकों को उक्त दिवस अवैतनिक किये जाने के निर्देश दिये हैं। 

पेयजल समस्या नियंत्रण के लिए जिले में विशेष प्रकोष्ठ का गठन

पेयजल समस्या नियंत्रण के लिए जिले में विशेष प्रकोष्ठ का गठन

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही : जिले में गर्मी के मौसम में किसी भी तरह से पेयजल की समस्या नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखते हुए पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण एवं सुचारू रूप से संचालन के लिए पेयजल नियंत्रण प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। प्रकोष्ठ एक अप्रैल से प्रभावशाली हो गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संपूर्ण जिले सहित तीनों विकास खंडों में पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए विभागीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नियंत्रण प्रकोष्ठ में पेयजल से संबंधित शिकायत, सुझाव दर्ज किया जा सकेगा। सम्पूर्ण जिल के लिए नियंत्रण प्रकोष्ठ प्रभारी श्री पी के पाठक मोबाइल +91-9425853244 की ड्यूटी लगाई गई है।

विकासखण्ड मरवाही के लिए नियंत्रण प्रकोष्ठ सहायक उप अभियंता यू. एस. पवार मो. +91-9425255062, हैंडपंप तकनीशियन आई. एस. मार्को मो. +91-9407740322, सहपाल लक्ष्मी नारायण गेडरे +91-9893325124, हैंडपंप तकनीशियन अरविन्द कुमार बंजारे +91-7974660468 इन अधिकारियों-कर्मचारियों से बिगडे हुए हैण्डपम्पों के सुधार तथा आवश्यक शिकायत एवं सुझाव सूचित कर सकते है।
इसी तरह विकासखण्ड पेण्ड्रा के लिए उप अभियंता यू.एस. पवार +91-9425255062, हैंडपंप तकनीशियन दीपक कुमार भुआर्य +91-7974660468, हैंडपंप तकनीशियन श्री खिलावन सिंह सरोता +91-9617292111, हैंडपंप तकनीशियन  जीवन सिंह पेन्द्रो +91-9869441466 की ड्यूटी लगाई गई है, इनसे पेयजल की समस्या के संबंध में संपर्क किया जा सकता है।

विकासखंड गौरेला के लिए उप अभियंता एन. एस. कंवर +91-9301576591,  सुरेश कुमार बैरागी +91-7067242438, हैंडपंप तकनीशियन  मंगल प्रसाद राठौर +91-9685171027, हैंडपंप तकनीशियनसोहनलाल कोल +91-7024315644 की ड्यूटी लगाई गई है। मैदानी स्तर पर इन अधिकारी-कर्मचारी को बिगड़े हुए हेण्डपम्पो के सुधार हेतु आवश्यक शिकायत एवं सुझाव के लिए सूचित कर सकते है इसके अलावा टोलफ्री नम्बर +91-1800230008 पर भी शिकायत एवं सुझाव दर्ज किया जा सकता है। 

नकली दस्तावेज बनाकर दूसरे की जमीन का सौदा,  महिला व जमीन दलाल के खिलाफ मामला दर्ज

नकली दस्तावेज बनाकर दूसरे की जमीन का सौदा, महिला व जमीन दलाल के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर : दूसरे की जमीन के नकली दस्तावेज व आधार कार्ड तैयार कर उसका सौदा करने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत पर मंदिर हसौद पुलिस ने एक महिला और जमीन दलाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुराना आरटीओ नाका रोड मुंगेली-बिलासपुर निवासी आशा महाड़ी पति भुनेश्वर राव 73 वर्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी ग्राम जरौंद में 8.40 एकड़ जमीन है।

उक्त जमीन का आरोपी महिला श्रीमती आशा कुमारी पति भुनेश्वर राव निवासी न्यू शुभम विहार पोस्ट मंगला थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर के द्वारा नकली आधार और और जमीन का नकली ऋण पुस्तिका व दस्तावेज तैयार कर जमीन दलाल रमेश कुमार तिवारी निवासी दुबे कालोनी मोवा के माध्यम से सौदा कर दिया। पुलिस ने प्रार्थियां की शिकायत पर मामले में धारा 420, 467, 468 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है।

 

नशा करने के लिए पैसे नहीं दिये तो नुकीली चीज से किया हमला, घायल

नशा करने के लिए पैसे नहीं दिये तो नुकीली चीज से किया हमला, घायल

रायपुर : शहर के जोरापारा रायपुरा में बीती रात करीब 10 बजे आरोपी अर्जुन धृतलहरे पिता जीतेन्द्र 19 वर्ष ने जोरापारा निवासी आकाश पाण्डे पिता संतोष 22 वर्ष से नशा करने के लिए पैसे मांगे। अर्जुन ने जब पैसे देने से इंकार कर दिए तो आरोपी ने नुकीली चीज से उस पर हमला कर घायल कर दिया। हमले में अर्जुन के कमर के पास चोट आई है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 294, 327 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

 

ऑनलाईन आईडी लेकर चला रहे थे आईपीएल सट्टा, 2 गिरफ्तार

ऑनलाईन आईडी लेकर चला रहे थे आईपीएल सट्टा, 2 गिरफ्तार

रायपुर : आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान सट्टा संचालित करने वाले दड़ो लोगों को पुलिस ने छापा मारकर पकड़ा है। जानकारी के मुताबिक एण्टी क्राईम और सायबर यूनिट टीम ने सूचना पर यह कार्रवाई की है। थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत सत्ती मंदिर पास स्थित एक मकान में कुछ व्यक्ति लखनऊ सुपर ग्लैण्डस बनाम देलही कैपिटल्स मैच के दौरान मोबाईल फोन में आई.डी. लेकर ऑन-लाईन सट्टा का संचालन कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, रेड कार्रवाई के दौरान मकान में 02 व्यक्ति उपस्थित थे, जिनसे पूछताछ करने पर व्यक्तियों ने अपना नाम विजय जैन उर्फ गोलू एवं पवन साखरे निवासी सत्ती बाजार फौव्वारा चौक कोतवाली रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखें मोबाईल फोन को चेक करने पर दोनों के द्वारा मोबाईल फोन में गोल्ड़ 24 प्रो नामक आई.डी. से क्रिकेट मैच में सट्टा संचालित करना पाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर सटोरियों द्वारा नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी बाबू कसार नामक व्यक्ति से अपने मोबाईल फोन में गोल्ड़ 24 प्रो नामक आई.डी. लेकर क्रिकेट मैच में ऑन-लाईन सट्टा संचालित करना स्वीकार किया गया।

जिस पर सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 02 नग मोबाईल फोन, नगदी 12,500/- रूपये एवं लाखों रूपये के सट्टा का हिसाब जप्त कर सटोरियों के विरूद्ध थाना कोतवाली में धारा 4(क) जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही करने के साथ ही पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्यवाही किया गया। आरोपियों के मोबाईल फोन की विस्तृत जांच की जा रहीं है।
 

आईपीएल सट्टे का बड़ा अड्डा बना रायपुर, एक ही रात में 4 संचालक गिरफ्तार

आईपीएल सट्टे का बड़ा अड्डा बना रायपुर, एक ही रात में 4 संचालक गिरफ्तार

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, यहां वैसे तो मामूली अपराध ही पुलिस दर्ज करती है, लेकिन इन दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद पुलिस काफी मुस्तैद नजर आ रही है। रायपुर पुलिस सीएम के निर्देश के बाद हर रात सटोरियों को पकड़ रही है। इसी क्रम में पुलिस ने गुरूवार रात भी 4 संचालकों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक आरोपी पुरानी बस्ती, दो कोतवाली और एक खरोरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। यहां एक सबसे बड़ा सवाल है, यदि सीएम के निर्देश के बाद पुलिस अब इन सटोरियों को पकड़ रही है, तो अभी तक इन्हें किसका संरक्षण मिल रहा था।

पुलिस के अनुसार, एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट टीम को सूचना मिली कि थाना डी.डी.नगर क्षेत्रांतर्गत कुशालपुर रिंग रोड स्थित एक पान दुकान में एक व्यक्ति मैच के दौरान मोबाईल फोन में लाईन लेकर ऑन-लाईन सट्टा का संचालन कर रहा है। जिस पर एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट और डी.डी.नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबीर के बताये स्थान स्थित पान दुकान में जाकर छापा मार कार्रवाई की। कार्यवाही के दौरान पान दुकान में उपस्थित व्यक्ति से पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम सचिन कुमार चिच्चड़ निवासी पुरानी बस्ती रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखें मोबाईल फोन को चेक करने पर उसके द्वारा मोबाईल फोन में लाईन लेकर ऑन-लाईन सट्टा संचालित करना पाया। आरोपी से पुलिस ने 2 मोबाईल फोन और 11,300 रूपये नकद जप्त किया।

वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्रांतर्गत सत्ती मंदिर के पास स्थित एक मकान से एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 2 व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम विजय जैन उर्फ गोलू और पवन साखरे बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखें मोबाईल फोन को चेक सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पुलिस ने 2 नग मोबाईल फोन, नगदी 12,500/- रूपये और लाखों रूपये के सट्टा का हिसाब जप्त किया है।

तीसरे मामले में पुलिस ने खरोरा थाना क्षेत्रांतर्गत वार्ड नंबर 08 स्थित एक गली में एक व्यक्ति व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा। टीम के सदस्यों को पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम ताराचंद यादव बताया। टीम के सदस्यों ने उसके पास रखें मोबाईल फोन को चेक कर सट्टा संचालित करना पाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर सटोरिये को अपने मोबाईल फोन में आई.डी. लेकर क्रिकेट मैच में ऑन-लाईन सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 01 नग मोबाईल फोन, नगदी 10,000/- रूपये और सट्टा का हिसाब जप्त किया गया।


 

बड़ी खबर : 4 साल के बच्चे का पहले अपहरण फिर कर दी हत्या...

बड़ी खबर : 4 साल के बच्चे का पहले अपहरण फिर कर दी हत्या...

रायपुर : उरला थाना में 5 अप्रैल की रात्रि 8 बजे बच्चे के अपहरण की शिकायत पुलिस ने दर्ज की। मामला दर्ज करते ही जांच में जुटी पुलिस को आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली। आरोपी ने स्वीकार किया कि, उसने पहले बच्चे का अपहरण किया फिर उसकी आग लगाकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उरला पुलिस ने बताया, पंचराम सुबह 10 बजे पीड़ितों के घर आया और दोनों बेटों दिव्यांश 6 वर्ष और हर्ष चेतन 4 वर्ष घूमने के नाम पर अपनी बाइक में लेकर गया। लगभग आधे घंटे बाद दिव्यांश को घर लाकर छोड़ दिया और हर्ष चेतन 4 वर्ष को लेकर चला गया। काफी देर तक नही आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू किया और रात्रि में पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर थाना उरला में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल अपहृत बच्चे और संदेही पंचराम की खोजबीन शुरू की।

आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सघन पूछताछ शुरू की गई। जानकारी मिली कि पंचराम ने उसी दिन दोपहर में अपनी बाइक दुर्ग में बेच दी है। तकनीकी जानकारी के आधार पर पंचराम के महाराष्ट्र में होने की जानकारी मिली और तत्काल एन्टी क्राइम व सायबर यूनिट तथा थाना उरला की टीम रवाना हुई। महाराष्ट्र में पंचराम बार-बार आरोपी अपना लोकेशन बदल कर छिप रहा था। इसके बाद एक और बैकअप टीम रवाना किया गया। टीम ने 7 अप्रैल को रात्रि में नागपुर के पास पंचराम को ट्रेस कर हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू किया। शुरू में पुलिस को गुमराह करने के बाद पंचराम ने अपराध काबुल किया।

पंचराम ने बताया 5 अप्रैल को सुबह लगभग 10-10:30 बजे बालक हर्ष चेतन को अपने साथ ले जाने के लगभग आधे घंटे बाद ही ग्राम हसदा जिला बेमेतरा के मरघट के पास ले जा कर हर्ष चेतन के ऊपर मिट्टी तेल डालकर उसकी हत्या कर दिया था और फरार हो गया था। आरोपी पंचराम के निशादेही पर बालक हर्ष चेतन का शव बरामद कर लिया है। फोरेंसिक व पुलिस की टीम शव व घटना स्थल का निरीक्षण कर रही है, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इसके बाद वह बड़े बेटे की भी हत्या करना चाहता था हत्या के कारण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
 

 इंस्टाग्राम के LOVE ने युवक को पहुंचा दिया जेल, कही आप न करे यहाँ गलती....

इंस्टाग्राम के LOVE ने युवक को पहुंचा दिया जेल, कही आप न करे यहाँ गलती....

धमतरी : मामला छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का है जहाँ एक सड़क छाप युवक को उसकी गलत हरकतों ने जेल पहुंचा दिया। युवक पहले तो इंस्टाग्राम पर अपने साथ एक युवती की फोटो लगाकर मैसेज पोस्ट करता रहा। जब लड़की के परिजनों ने समझाया तो उसी के घर के बाहर चक्कर लगाने और अश्लील इशारे करना शुरू कर दिया। इस पर परिजनों ने FIR दर्ज करा दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं कोर्ट ने भी जमानत देने से इनकार करते हुए जेल भेज दिया।


यह सारा मामला भखारा क्षेत्र के ग्राम सुपेला का है। यहां रहने वाला विकास उर्फ नानू (24) ने पहले तो एक युवती की फोटो अपने साथ लगाई और उसे I LOVE YOU लिखकर इंस्टाग्राम पर डाल दिया। सोशल मीडिया पर मैसेज फैला तो परिजनों ने गांव वालों के साथ मिलकर करीब 8 माह पहले आरोपी को पकड़ लिया। उस वक्त सबने उसे दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने के लिए समझाया और हिदायत देकर छोड़ दिया।


इसके बाद भी आरोपी विकास बाज नहीं आया। अब उसने युवती के मोबाइल पर ही LOVE YOU का मैसेज लिखकर पोस्ट करना शुरू कर दिया। वहीं रोजाना लड़की के घर के आसपास मंडराता रहता। जब भी युवती को देखता तो अश्लील हरकत और इशारे करता। इससे परेशान होकर युवती ने परिजनों को सारी बात बताई। इस पर परिजन इस बार थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने भी उसे गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।

 

खैरागढ़ उपचुनाव में भाजपा के पास नकारात्मकता के सिवा कुछ भी नहीं- सुशील आनंद शुक्ला

खैरागढ़ उपचुनाव में भाजपा के पास नकारात्मकता के सिवा कुछ भी नहीं- सुशील आनंद शुक्ला

रायपुर,  खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रचंड मतो से चुनाव जीतने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि खैरागढ़ चुनाव में भाजपा के पास नकारात्मकता के सिवा कुछ भी नहीं है। इसके विपरीत कांग्रेस अपने सरकार के सवा तीन साल के काम और घोषणा पत्र को लेकर जनता के पास जा रही है। जनता कांग्रेस सरकार के जनहितकारी कार्यो और 2018 के विधानसभा चुनाव के जन घोषणा पत्र के वायदों को पूरा करने की प्रतिबद्धता को देखते हुये खैरागढ़ चुनाव के लिये बनाये गये घोषणा पत्र पर भरोसा कर रही है। लोग भाजपा से सवाल कर रहे 15 साल तक प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, भाजपा ने खैरागढ़ को जिला बनाने के लिये पहल क्यों नहीं किया? कांग्रेस तो चुनाव जीतने 24 घंटे के अंदर खैरागढ़ को जिला बना कर क्षेत्र के विकास के नये मार्ग खोलने जा रही है। भाजपा के पास क्षेत्र के विकास का कोई विजन नहीं है। भाजपा के नेता कांग्रेस का विरोध करते-करते जन सरोकारों का भी विरोध करने लग गये है। रमन सिंह, धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल जिला बनाने का विरोध कर रहे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल 2500 में धान खरीदी का विरोध कर रहे है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा के गंडई के लोग जब तहसील बनाने की मांग लेकर आंदोलन कर रहे थे तब रमन सरकार ने उन पर लाठी चार्ज करवाया था, दर्जनों लोगों को विभिन्न गंभीर धाराओं में गिरफ्तार करवाया गया था। आज कांग्रेस खैरागढ़, छुईखदान, गंडई को जिला बना रही है तो भाजपाईयों को इसमें भी पीड़ा हो रही है।
कांग्रेस खैरागढ़ के विकास के लिये हमेशा से कृत संकल्पित रही है जब खैरागढ़ के स्व. विधायक देवव्रत सिंह ने क्षेत्र के विकास के लिये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अनुरोध किया तब मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिये 600 करोड़ से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किया। खैरागढ़ में 50 बिस्तरों वाले अस्पताल को बजट में स्वीकृत किया गया। साल्हेवारा को तहसील बनाने और जालबांधा को उप तहसील बना कर संपूर्ण क्षेत्र के लोगों की सहूलियत और प्रशासनिक कठिनाई दूर करने का काम कांग्रेस सरकार करेगी।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रथम अध्यक्ष देवव्रत सिंह की आदम कद जीवंत प्रतिमा लगाने के कांग्रेस के संकल्प ने क्षेत्र के लोकप्रिय दिवंगत नेता के प्रति आदर और सम्मान का भाव प्रदर्शित किया है। 

CG NEWS : स्कूल बस में बैठे दो छात्र चलती बस से बाहर गिरे....

CG NEWS : स्कूल बस में बैठे दो छात्र चलती बस से बाहर गिरे....

दंतेवाड़ा : जिले के किरंदुल नगर में निजी स्कूल प्रकाश विद्यालय की स्कूल बस में बैठे दो छात्र चलती बस के इमरजेंसी दरवाजे से बाहर गिर गये, दोनों छात्रों के चलती बस से बाहर गिरने के बाद भी बस चालक बस को रोकने के बजाय वह बस लेकर बस स्टैंड की तरफ बढ़ गया। स्थानिय लोगों ने घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पंहुचाकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। अब इस लापरवाही को स्कूल प्रबंधन लीपापोती करने में जुट गया है।


मिली जानकारी के अनुसार प्रकाश विद्यालय की बस क्रमांक सीजी18 टी 5001 प्रकाश विद्यालय से जब स्कूली छात्रों को लेकर किरंदुल अंबेडकर चौक के पास पहुंची, तभी बस में बैठे दो छात्र चलती बस के इमरजेंसी दरवाजे से बाहर गिर गये। बस चालक की इस लापरवाही से गनीमत रही कि किसी बच्चे के साथ अनहोनी नही हुई अन्यथा यह मामला कितना गंभीर हो सकता है, इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
 

यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं से 65 स्कूटी-बाइक किए जब्त

यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं से 65 स्कूटी-बाइक किए जब्त

अंबिकापुर : शहर में यातायात पुलिस ने नाबालिग वाहन चालक पर कार्रवाई करते हुए। 65 वाहनों को जब्त कर चालान की कार्रवाई की।
विगत दिनों में शहर में नाबालिग स्कूल छात्रों के सडकों पर लापरवाही में वाहन चलने की घटना सामने आ रही थी। इस पर एक महीने पूर्व ही एडिशनल एसपी ने निर्देश जारी किए थे। एएसपी ने स्कूल प्रबंधकों की बैठक लेकर ऐसे छात्र-छात्राओं का लिस्ट मांगी थी । जो छात्र–छात्रा बाइक-स्कूटी से स्कूल आते हैं।जिसके बाद गुरुवार को शहर की यातायात पुलिस ने होलीक्रॉस स्कूल के सामने से ऐसे 65 स्कूटी-बाइक जब्त किए।

पुलिस ने कई वाहनों पर चालानी कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने 18 वर्ष से कम उम्र के स्कूटी-बाइक चलाने वाले छात्र-छात्राओं के खिलाफ गुरुवार को कार्रवाई की। पुलिस ने शहर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित होलीक्रॉस कान्वेंट स्कूल के सामने खड़े 65 स्कूटी-बाइक को जब्त किया है। स्कूल में छुट्टी होते ही जब यह खबर छात्र-छात्राओं को हुई तो उनमें हड़कंप मच गया ।


बाद में जैसे-तैसे कुछ लोग घर पहुंचे तो कुछ ने फोन से अपने अभिभावकों को कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद अभिभावक वाहन लेने घड़ी चौक स्थित यातायात कार्यालय पहुंचे।


एएसपी ने जारी किए थे निर्देश
नाबालिग बाइक-स्कूटी चालकों के खिलाफ पुलिस अब कार्रवाई के मूड में है, खासकर ऐसे छात्र-छात्राएं जो बाइक-स्कूटी से स्कूल पहुंचते हैं। एक महीने पूर्व ही एएसपी ने स्कूल प्रबंधकों की बैठक लेकर ऐसे छात्र-छात्राओं की लिस्ट मंगाई थी जो बाइक या स्कूटी से स्कूल आते हैं।इस दौरान पुलिस ने यह भी कहा गया था कि कोशिश रहे कि नाबालिग छात्र-छात्राएं वाहन चलाकर स्कूल नहीं आएं। इसके बाद भी छात्र-छात्राएं खुद वाहन चलाकर स्कूल पहुंचे थे।
 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिलेवासियों को देंगे 127.83 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिलेवासियों को देंगे 127.83 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर : मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल शुक्रवार 8 अप्रैल को नारायणपुर प्रवास के दौरान नारायणपुर वासियों को 127 करोड़ 83 लाख रूपये लागत के 101 विकास कार्यों की सौगात देेंगं। इनमें 72 करोड़ 8 लाख 25 हजार रूपए की लागत के 46 विकास कार्यों का लोकार्पण और 55 करोड़ 75 लाख रूपये की लागत के 55 विकासकार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा मुख्यमंत्री  बघेल सामूहिक कन्या विवाह योजना में शामिल होने सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को चेक एवं उनकी जरूरत के समानों का वितरण करेंगें।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नारायणपुर जिले के 251 जोड़ों का सामूहिक कन्या विवाह योजनांर्तगत विवाह समारोह में शामिल होंगें एवं नवविवाहित जोड़ों को आर्शीवाद प्रदान करेंगें। इसके अलावा मुख्यमंत्री  बघेल बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में अबूझमाड़ क्षेत्र के 500 किसानों को मसाहती पट्टे वितरित करेंगें।  बघेल समाज कल्याण विभाग के 36 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र, ट्रायसिकल, बैटरी चलित ट्रायसिकल, दिव्यांगजन विशिष्ट पहचान कार्ड, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजनातर्गत राशि प्रदाय, रेशम विभाग के हितग्राहियों को 100 नग टसर बुनियादी रीलिंग मशीन, महिला रेशम कृमिपालन समूह को चेक वितरण, कृषि विभाग के हितग्राहियों को उड़द बीज, स्पेयर पंप, स्प्रिंकलर, श्रम विभाग के हितग्राहियांे को भागिनी प्रसूति सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री सिलाई मशीन सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांगजन सहायता योजना एवं 26 हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र का वितरण करेंगें।
मुख्यमंत्री  बघेल नारायणपुर जिले जिन विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगें, उनमें ब्रेहबेड़ा से मेटाडोंगरी वृहद पुल निर्माण लागत 7 करोड़ 67 लाख रूपए, जिला नारायणपुर में सर्किट हाउस का निर्माण कार्य लागत 5 करोड़ 89 लाख रूपए, सुलेंगा से तिरकानार 5 करोड़ 50 लाख रूपए, नारायणपुर में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान प्रशासनिक एकेडमिक भवन निर्माण लागत 5 करोड़ 55 लाख रूपए, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण अंतर्गत ग्राम महिमागवाड़ी से ताडोनार तक सड़क निर्माण लागत 3 करोड़ 20 लाख रूपए, स्कूलपारा से कोहकापारा लागत 3 करोड़ 33 लाख रूपए, नयापारा कुकड़ाझोर से खासपारा के लिए लागत 3 करोड़ 35 लाख रूपए सहित अन्य विकास कार्य शामिल है।

इसी तरह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नारायणुर जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत 24 करोड़ 72 लाख रूपए की लागत से स्थापित होने वाली 36 सोलर आधारित नल-जल योजना, खोडगांव से चिचाडीपारा लागत 6 करोड़ 22 लाख रूपए, जल जीवन मिशन अंतर्गत सोलर ड्यूल पंपों की स्थापना कार्य लागत 5 करोड़ रूपए, मढोनार से कावानार लागत 3 करोड़ 82 लाख रूपए, 37 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य लागत 2 करोड़ 5 लाख रूपए सहित अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगें।