मां महामाया के किए दर्शन, सफाई कर्मियों के पखारे पैर
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को अपने जन्मदिन पर परिवार सहित बिलासपुर के कल्याण कुंज वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। साव ने बुजुर्गों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने बुजुर्गों को कंबल, फल और मिठाई दिया। बुजुर्गों ने केक काटकर उप मुख्यमंत्री साव का जन्मदिन मनाया और उनकी अच्छी सेहत व दीर्घायु जीवन के लिए आशीष दिया।
उप मुख्यमंत्री साव ने आज रतनपुर पहुंचकर मां महामाया की पूजा-अर्चना की और राज्य की तरक्की, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में सफाई मित्रों का पैर पखारकर उनका सम्मान किया। साव की जन्मदिन की खुशी में लोगों ने वहां उन्हें लड्डुओं से तौला और सभी का मुंह मीठा कराया। उप मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रगति की ओर तेजी से अग्रसर है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को उनके पूर्ण आवासों की चाबी सौंपी। उन्होंने रतनपुर में करीब दो करोड़ रुपए के विकास कार्यों के साथ ही हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया। इनमें 30 लाख रुपए के छह ई-रिक्शा भी शामिल हैं।
साव ने कार्यक्रम में कहा कि ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व की नगरी रतनपुर के पुराने वैभव को वापस लाने के लिए हम वचनबद्ध हैं। पिछले दस महीनों में यहां लगभग छह करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं। आगे भी पूरी सक्रियता से यहां काम होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उन्हें गुलदस्ता भेंटकर जन्मदिन की बधाई दी।
उप मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के कोटा नगर पंचायत में छह करोड़ 73 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोटा तेज गति से आगे बढ़े, इसके लिए हम लोग गंभीरता से काम कर रहे हैं। यहां की साफ-सफाई की व्यवस्था को और भी दुरुस्त करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई का काम अकेले नगर पंचायत का नहीं है। हम सभी को इसमें भागीदारी निभानी होगी। साव ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को ऋण के चेक वितरित किए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत हितग्राहियों को आवासों के स्वीकृति पत्र और पूर्ण हो चुके आवासों की चाबी भी सौंपी। बिलासपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष अरुण चौहान और कोटा नगर पंचायत के अध्यक्ष श्रीमती अमृता प्रदीप कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक भी इस दौरान मौजूद थे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला अनवरत जारी है। 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीदी अभियान में अब तक 8.95 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हो चुकी है। राज्य में अब तक 1.91 लाख किसानों ने अपना धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 1575 करोड़ 16 लाख रूपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.68 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। अधिकारियों ने बताया कि 25 नवम्बर को 47296 किसानों से 2.17 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई है। इसके लिए 51170 टोकन जारी किए गए थे। आगामी दिवस के लिए 53439 टोकन जारी किए गए हैं।
रायपुर। रायपुर दक्षिण के नव-निर्वाचित विधायक सुनील कुमार सोनी 28 नवंबर को सुबह 11 बजे विधानसभा के अध्यक्षीय कक्ष में सदस्यता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जो 27 नवंबर तक बाहर हैं, जो मौजूद रहेंगे।
बता दें कि सोनी ने शपथ ग्रहण से पूर्व विधानसभा भवन में सचिव दिनेश शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रमाण-पत्र और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा किया। साथ ही, विधान सभा सचिव दिनेश शर्मा ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
सोनी ने विधान सभा सचिव से विधायकों को मिलने वाली सभी सुविधाओं और संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इन सुविधाओं का उपयोग जनहित में कैसे किया जा सकता है, इस पर भी चर्चा की। शपथ ग्रहण समारोह के लिए विधानसभा भवन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
रायपुर। 23 नवंबर, 2024 को, कलिंगा विश्वविद्यालय ने आइडियाथॉन 4.0 का सफलतापूर्वक समापन किया, जो युवा नवप्रवर्तकों के लिए उद्यमशीलता के विचारों और व्यावसायिक योजनाओं को प्रस्तुत करने और युवा दिमागों की रचनात्मकता का उपयोग करने के लिए एक गतिशील मंच है, जिसका आयोजन वाणिज्य और प्रबंधन संकाय द्वारा किया गया था। इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को अपने जुनून से जुड़ने, सामाजिक समस्याओं की खोज करने तथा मानवता के जीवन को बेहतर बनाने वाले समाधान सुझाने के लिए प्रेरित और उत्साहित किया।
कलिंगा विश्वविद्यालय, रायपुर, छत्तीसगढ़ के परिसर में 22 एवं 23 नवंबर, 2024 को आयोजित इस कार्यक्रम में आईआईटी हैदराबाद, मास्टर यूनियन स्कूल ऑफ बिजनेस, आईआईईबीएम पुणे, आईसीएफएआई, एमिटी, यूनिवर्सिटास इस्लाम इंडोनेशिया, सीवीआर हैदराबाद, एनआईएसएम मुंबई, दावरा विश्वविद्यालय, ब्रिटिश कोलंबिया विश्वविद्यालय और केके मोदी विश्वविद्यालय सहित प्रतिष्ठित संस्थानों की महत्वपूर्ण भागीदारी का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन समारोह के साथ हुआ, जो अज्ञानता के निवारण तथा ज्ञान और आत्मज्ञान के आगमन का प्रतीक था। इसमें विशेषज्ञ निर्णायकों के पैनल के साथ-साथ कलिंगा विश्वविद्यालय के कुलपति और वरिष्ठ संकाय सदस्यों सहित प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।
इसके बाद कलिंगा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. श्रीधर ने स्वागत भाषण दिया, जिसमें उन्होंने युवा मस्तिष्कों में नवाचार, रचनात्मकता और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। कलिंगा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने विश्वविद्यालय के विजन, मिशन और उपलब्धियों पर एक व्यापक जानकारी दी, जिसमें शिक्षा और अनुसंधान में उत्कृष्टता, छात्रों के बीच नवाचार और उद्यमशीलता कौशल को बढ़ावा देने के लिए कलिंगा विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला गया।
संबोधन में शिक्षा जगत और उद्योग के बीच सेतु बनाने, छात्रों को वास्तविक दुनिया की चुनौतियों से निपटने में सशक्त बनाने, विश्वविद्यालय की अत्याधुनिक सुविधाओं, जीवंत शैक्षणिक संस्कृति और वैश्विक साझेदारियों के लिए आइडियाथॉन 4.0 के महत्व पर प्रकाश डाला गया, जो सीखने और विकास के लिए अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करते हैं। विश्वविद्यालय की अंतर्दृष्टि ने प्रतिभागियों और अतिथियों को आने वाली पीढ़ी के विचारकों, नवप्रवर्तकों और समस्या समाधानकर्ताओं को आकार देने में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका की गहरी समझ प्रदान की।
प्रतिभागियों को पांच सदस्यों की टीमों में संगठित किया गया और उन्हें विस्तृत व्यावसायिक योजनाएँ प्रस्तुत करनी थीं। दो चरणों के कठोर मूल्यांकन के बाद, फाइनलिस्टों ने अपने विचार एक विशेषज्ञ पैनल के सामने प्रस्तुत किए। विशेषज्ञ पैनल में पलाश खंडेलवाल- आरम्भ स्कूल के संस्थापक, स्वप्निल अग्रवाल- रोड्रो टेक के संस्थापक, तरनबीर सिंह साहनी संस्थापक vsnapu, जो शार्क टैंक इंडिया के भी प्रतिभागी हैं, यशराज अग्रवाल- सीईओ जिमबुक, कपिल गट्टानी- संस्थापक रॉयल फ्लॉस, सीए योगेश साहू, साक्षी अग्रवाल मित्तल- हेल एन हेल्दी की संस्थापक, अभिनव खंडेलवाल बीप्लान एडवाइजर्स में वेंचर बिल्डर और गोइंगवीसी पार्टनर्स और आह! वेंचर्स में वेंचर पार्टनर और प्रखर अग्रवाल संस्थापक गो-टू फ्रेंड शामिल थे। सत्र हाइब्रिड मोड में आयोजित किया गया था और विजेता टीम को 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता को 15,000 रुपये, 10,000 रुपये और 5,000 रुपये के पुरस्कार मिले।
प्रतियोगिता के विजेताओं को उनके अनुकरणीय विचारों के लिए सम्मानित किया गया: दावरा विश्वविद्यालय की टीम एसडीयू विजेता रही और उन्हें उनके अभिनव और व्यावहारिक व्यवसाय प्रस्ताव के लिए 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया, जिसमें एक महत्वपूर्ण बाजार चुनौती का समाधान किया गया था। प्रथम रनर-अप के रूप में टीम स्पॉन रीस्ट, मास्टर यूनियन स्कूल ऑफ बिजनेस, हरियाणा और टीम रिवाइब, क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बैंगलोर को 15,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
आईटीएम यूनिवर्सिटी की टीम सुरभि इन्सेंस और आईआईटी हैदराबाद की टीम पिकापूल के बीच दूसरा रनर-अप रहा, जिन्हें 10,000 रुपये का पुरस्कार मिला। तीसरे रनर-अप को टीम ब्रेन बॉक्स, यूनिवर्सिटी इस्लाम इंडोनेशिया द्वारा उनकी प्रभावशाली और विस्तृत योजना के लिए 5,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम का समापन आइडियाथॉन 4.0 की संयोजक डॉ. दीप्ति पटनायक द्वारा आयोजक टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए तथा विशेषज्ञ पैनलिस्टों को पूरे कार्यक्रम के दौरान अपनी अमूल्य अंतर्दृष्टि और मार्गदर्शन साझा करने के लिए आभार व्यक्त किया।
विश्वविद्यालय के नेतृत्व को उनके अटूट सहयोग के लिए विशेष सराहना दी गई तथा आयोजन टीम को उनकी सावधानीपूर्वक योजना और क्रियान्वयन के लिए विशेष सराहना दी गई, जिससे कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित हुई। समापन भाषण में आइडियाथॉन 4.0 द्वारा प्रोत्साहित नवाचार और सहयोग की भावना का जश्न मनाया गया, प्रतिभागियों को दृढ़ संकल्प और रचनात्मकता के साथ अपनी उद्यमशीलता की यात्रा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। सत्र का समापन एक उच्च नोट पर हुआ, जिसमें आइडियाथॉन के भविष्य के संस्करणों के लिए वापस आने का आह्वान किया गया, जिसमें युवा नवोन्मेषकों के लिए और भी अधिक अवसरों का वादा किया गया।
रायपुर। राज्य सरकार ने दो अफसरों के तबादले किये हैं। जारी आदेश के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव अजय तिर्की का तबादला किया गया है। उन्हें नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग दिया गया है। वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अवर सचिव दानियल एक्का का भी ट्रांसफर हुआ है। उन्हें ग्रामोद्योग विभाग भेजा गया है।
बिलासपुर। बलौदाबाज़ार हिंसा मामले में विधायक देवेन्द्र यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। हिंसा और आगजनी मामले में जेल में हाईकोर्ट ने जमानत याचिका की सुनवाई एक बार फिर से आगे बढ़ा दी है। हाईकोर्ट ने सुनवाई को 14 दिन आगे बढ़ाया है। यानि अब अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी। हिंसा मामले में 17 अगस्त से विधायक देवेंद्र यादव जेल में बंद है।
वहीं बीते 22 नवंबर को हाईकोर्ट ने हिंसा मामले में विधायक देवेंद्र यादव की जमानत अर्जी पर सुनवाई की तारीख को आगे बढ़ाया था। हाई कोर्ट में सुनवाई 22 नवंबर को होनी थी जिसे बढ़ाकर अब 25 नवंबर कर दिया गया था। वहीं अब तारीख को 9 दिसंबर तक बढ़ा दिया है।
बलौदाबाजार हिंसा में एक और गिरफ्तार वहीं बलौदाबाजार के कलेक्ट्रेट परिसर में 10 जून को हुई हिंसा और आगजनी के मामले में पुलिस ने एक और फरार युवक को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी करते हुए आशीष टंडन की पहचान हुई थी। इस मामले मे अब तक कुल 187 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
सारंगढ़– बिलाईगढ़। स्कूलों से नदारद रहे शिक्षकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा स्कूल के निरीक्षण में शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल में प्रधान पाठक के साथ अन्य शिक्षक अनुपस्थित थे। जिसके चलते प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया गया है। अनुपस्थित 6 शिक्षकों के भी एक दिन के वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी एलपी पटेल ने बिलाईगढ़ विकासखंड के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल कोट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में यहां के माध्यमिक विद्यालय के प्रधान पाठक अरविंद प्रकाश पांडेय सहित अन्य शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित थे। इसी तरह शासकीय प्राथमिक विद्यालय इंदिरा आवास कोट में पदस्थ प्रधान पाठक प्रदीप कुमार लहरे भी स्कूल में नहीं थे। उन्हें शाला समय में उपस्थित नहीं रहने, अक्सर देर से आने के कारण निलंबित कर दिया गया।
शिक्षकों के द्वारा कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने माध्यमिक विद्यालय के प्रधान पाठक अरविंद प्रकाश पांडे समेत गायब बाकी शिक्षकों का 1 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
जिसके आधार पर विद्यालय समय में अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित अरविंद कुमार पांडे, उमा भारद्वाज, प्रकाश चंद्रम, प्रदीप लहरे, ज्योति पटेल, निर्मला लहरी को 1 दिन के लिए अवैतनिक किया गया है।
रायपुर : रायपुर में 25 नवंबर 2024 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर, अटल नगर में आयोजित की गई है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ पीएससी घोटाले में आरोपी पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और श्रवण कुमार गोयल को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। विशेष अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।
बता दें कि CBI ने दोनों आरोपियों को 18 नवंबर को गिरफ्तार किया था। 19 नवंबर को स्पेशल कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद दोनों 7 दिन की न्यायिक रिमांड पर थे। सीबीआई ने दोनों से 7 दिन तक CGPSC घोटाला मामले में पूछताछ की। टामन पर रिश्तेदारों और ब्यूरोक्रेट्स के बच्चों की नौकरी लगवाने का आरोप है।
दुर्ग : जिले से आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है, यहां भिलाई निवासी एक युवक की लाश इंटर सिटी ट्रेन में मिली। युवक ने ट्रेन के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गोंदिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने उसकी लाश को बाथरूम से निकाला और युवक की शिनाख्त कर इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। जांच के दौरान पता चला कि मौत से पहले युवक ने एक वाइस मैसेज अपने दोस्तों को भेजा था, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। परिजन अब अपने बेटे को इंसाफ देने की गुहार भिलाई पुलिस से कर रहे है। साथ ही मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार करने की मांग भी कर रहे है। भिलाई निवासी मृत युवक का नाम जगबंधु उर्फ जग्गू था।
जानकारी के मुताबिक, भिलाई निवसी जगबंधु का एक युवती से प्रेम संबंध था। मृतक भिलाई स्टील प्लांट में ठेका श्रमिक के पद पर था। 22 नवंबर को अपने भाई और दोस्तों के साथ बारात में सेक्टर-6 आया था। इसी दौरान अपने दोस्तों को वाइस मैसेज भेजा और मोबाइल को अपने भाई को देकर लापता हो गया। दोस्तों को भेजे वाइस मैसेज में मृतक ने कहा कि वो एक लड़की से प्रेम करता है, लेकिन लड़की उसे धोखा दे रही है। लड़की की बातों से परेशान होकर वो अब आत्महत्या कर रहा है।
वाइस मैसेज को सुनकर परिजनों ने इसकी शिकायत भिलाई नगर थाने में दर्ज कराई। पुलिस युवक को खोज ही रही थी। इसी बीच उसकी लाश गोंदिया में दुर्ग-पुरी इंटर सिटी ट्रेन के बाथरूम में मिली। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया है। परिजनों ने युवती पर आरोप लगाते हुये भिलाई पुलिस से युवती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने मध्यवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए बकाया राशि के भुगतान पर शानदार छूट का प्रस्ताव रखा है। अब यदि बकायादार एकमुश्त भुगतान करते हैं, तो उन्हें आवासीय योजनाओं में 50 फीसदी और व्यावसायिक योजनाओं में 30 फीसदी की विशेष छूट मिलेगी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाले फ्लैट्स पर रखरखाव और जल कर के सरचार्ज की राशि पर 100 फीसदी छूट भी दी जाएगी। यह ऑफर 31 मार्च 2025 तक वैध रहेगा।
संचालक मंडल की बैठक में हुआ फैसला
यह अहम निर्णय आवास व पर्यावरण सचिव और रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अंकित आनंद की अध्यक्षता में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में लिया गया। बैठक में रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रतीक जैन, वित्त विभाग की विशेष सचिव शीतल सारस्वत, नगर और ग्राम निवेश संचालनालय के अपर संचालक संदीप बागंडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
पुराने आवंटियों को मिलेगा दूसरा मौका
संचालक मंडल की बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि 2007 में न्यूनतम आय वर्ग के लिए आवंटित किए गए फ्लैट्स, जो बाद में निरस्त कर दिए गए थे, अब उन्हें पुन: मूल आवंटियों को बहाल किया जाएगा। इस योजना के तहत, जिन फ्लैट्स की बकाया राशि लंबित है, उनके आवंटन को बहाल करने के लिए बकाया राशि पर 12 फीसदी सरचार्ज के साथ एकमुश्त भुगतान करने पर फ्लैट्स पुन: आवंटित किए जाएंगे।
हस्त शिल्प बोर्ड का मुख्यालय जाएगा न्यू राजेंद्र नगर
संचालक मंडल की बैठक में यह भी तय किया गया कि छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड का मुख्यालय अब न्यू राजेंद्र नगर स्थित गोविंद सारंग व्यावसायिक परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। इस नए मुख्यालय के लिए 21,847 वर्गफुट का कार्यालय भवन मासिक किराए पर लिया जाएगा, जो केंद्रीय माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के आर्बिट्रेशन बैंच और आर्बीट्रेशन सेल के कार्यालय के रूप में कार्य करेगा।
साथ ही, देवेंद्रनगर पीएम एकता माल बनने के कारण, हस्तशिल्प बोर्ड के मुख्यालय को न्यू राजेंद्र नगर के भक्त माता कर्मा व्यावसायिक परिसर और गोविंद सारंग परिसर के दूसरे तल पर आवंटित किया जाएगा। इसके तहत कुल 4,781 वर्गफुट का क्षेत्र मासिक किराए पर लिया जाएगा।
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार दोपहर दिल्ली जाएंगे। दोपहर ढाई बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली में पालिका सर्विसेस ऑफिसर्स इंस्टिट्यूट जाएंगे। रात 11.30 बजे विशेष विमान से रायपुर लौटेंगे। सीएम के दिल्ली दौरे से कैबिनेट विस्तार, निगम-मंडलों में नियुक्ति की चर्चा फिर तेज हो गई।
बता दें कि इससे पहले पिछले सप्ताह में सीएम विष्णुदेव साय की दिल्ली में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के साथ बैठक के बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे हैं कि निगम मंडलों में नियुक्ति की पहली जल्द की लिस्ट जारी हो सकती है।
सब कुछ ठीक रहा तो 16 दिसंबर से शुरु होने जा रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार हो सकता है। उसके बाद आधा दर्जन निगम-मंडलों की एक सूची जारी हो सकती है। इन सब पर फैसला इसी हफ्ते होने के आसार हैं।
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। आए दिन हत्या, लूटपाट, दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे है, वहीं एक और दुष्कर्म का मामला राजधानी से सामने आ रहा है। यहां दिनदहाड़े एक युवक ने घर में घुसकर 26 वर्षीय युवती से दुष्कर्म किया है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा इलाके में दिनदहाड़े एक युवक ने घर में घुसकर 26 वर्षीय युवती से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने देर शाम थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक दुबे को देर रात गिरफ्तार कर लिया।
बिलासपुर में आयोजित कवि सम्मेलन सुनने अमरकंटक एक्सप्रेस से हुए रवाना
मुख्यमंत्री ने कहा - ट्रेन से यात्रा का आनंद ही अलग होता है
अचानक अपने बीच देखकर प्लेटफार्म पर खड़े लोगों ने साय का उत्साहपूर्वक किया अभिवादन
मुख्यमंत्री ने गर्मजोशी से सभी से मुलाकात कर बातचीत की
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अब ट्रेन से भी प्रदेश के विविध क्षेत्रों का दौरा करेंगे। यह निर्णय श्री साय ने उस वक्त अचानक लिया जब बिलासपुर में आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल होने के लिए बिलासपुर जाने की तैयारियों की बात चली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेन यात्रा मेरे लिए नई नहीं है। विधायक एवं सांसद रहते हुए मैने अनेक बार ट्रेन यात्रा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेन से यात्रा करने का आनंद यह है कि बहुत से नए लोगों से परिचय होता है, उनसे आत्मीय मुलाकात होती है और ऐसा लगता है कि बहुत बड़े परिवार के साथ यात्रा पर जा रहे हों।
साय आज शाम अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना हुए। वे मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा रेल्वे स्टेशन पहुंचे। वहां बिना विशेष ताम झाम के प्लेटफार्म तक पहुंच गए। मुख्यमंत्री को अचानक प्लेटफार्म पर देखकर लोगों की खुशियों का ठिकाना न रहा। उन्होंने उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का अभिवादन किया, श्री साय ने भी गर्मजोशी से उनसे मुलाकात कर बातचीत की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ट्रेन की यात्राएं हमेशा खास होती है। रेल यात्राओं की आम भारतीय के जीवन में खास जगह है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर से बिलासपुर की यात्रा को लेकर खासे उत्सुक दिखे। वे प्लेटफार्म पर बैटरी चलित कार छोड़ आम यात्रियों की तरह प्लेटफॉर्म पर पैदल चले और ट्रेन से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। उन्होंने आम यात्री की तरह मूंगफली खाते हुए देशी अंदाज में कहा कि इसके बिना भारतीयों की रेल यात्रा पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि ट्रेन सार्वजनिक संपत्ति है और ट्रेन की स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही यात्रियों को जागरूकता का परिचय देते हुए ट्रेन में खाने के बाद मूंगफली के छिलके इधर उधर नहीं फेंकने चाहिए जिससे अन्य यात्रियों को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री साय ने कहा मैंने ट्रेन से खूब यात्राएं की है और यात्रियों के साथ उन्होंने इससे जुड़े कुछ मजेदार किस्से और अनुभव भी साझा किए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ इस यात्रा के दौरान रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे में हुए नवाचार और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के शासनकाल में रेलवे की सुविधाएं बेहतर हुई है। यात्री सुविधाएं बढ़ी हैं और लगातार इसका विस्तार भी हो रहा है। छत्तीसगढ़ को भी इसका लाभ मिला है और यहां रेलवे से जुड़ी आधारभूत संरचनाएं बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में रेल यात्राओं के बिना आम आदमी का सफर पूरा नहीं होता है और हमारी डबल इंजन की सरकार इस पूरी व्यवस्था को बेहतर करने में जुटी हुई है।
इस मौके पर विधायक अनुज शर्मा, भैयालाल राजवाड़े और गुरु खुशवंत साहेब भी यात्रा के दौरान उनके साथ उपस्थित थे।
रायपुर :- छत्तीसगढ़ के एक और मंत्री की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। हालांकि इस हादसे में सभी सुरक्षित बताये जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ है।
जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब मंत्री एक दौरे पर कुसमी जा रही थी। इसी दौरान उनके काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। घटना में किसी को चोटें नहीं आयी है। जानकारी के मुताबिक काफिले की लगभग 4 गाड़ियां आपस में टकराई है।
ये हादसा ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ है। मत्री लक्ष्मी राजवाड़े कुसमी दौरे पर जा रही थी। उसी दौरान राजपुर थाना क्षेत्र में दुर्घटना हो गयी। हादसे में मंत्री राजवाड़े को मामूली चोट लगी। उन्हें तत्काल राजपुर अस्पताल लाया गया। यहां पर डाॅक्टरों ने उपचार के बाद चोट को मामूली बताया और मंत्री को जाने दिया। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्राथमिक जांच के बाद दूसरे वाहन से कुसमी के लिए रवाना हो गई। इस हादसे में वाहन सवार सभी सुरक्षित हैं। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।
दुर्ग :- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में दो सगे भाइयों ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पिता अपने बेटों की लड़ाई सुलझाने पहुंचे थे, लेकिन गुस्से और नशे में चूर बेटों ने उन्हीं पर हमला कर दिया। इस अपराध के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ग्राम परेवाडीह के रहने वाले शशि ठाकुर (30) और दशरथ ठाकुर (25) लंबे समय से शराब के आदी थे। शराब के लिए पैसे को लेकर दोनों अक्सर झगड़ते रहते थे। 22 नवंबर की रात भी ऐसा ही हुआ। बड़े भाई शशि ने छोटे भाई दशरथ से शराब के पैसे मांगे, जो उसने पहले दिए थे। लेकिन दशरथ ने कहा कि उसने पैसे किसी और को दिए थे। इस बहस ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया।
शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच मारपीट इतनी बढ़ गई कि शशि ने लकड़ी उठाकर दशरथ के सिर पर वार कर दिया। दशरथ लहूलुहान हो गया। ये सब देखकर उनकी मां अंकलहिन बाई बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन गुस्से में शशि ने उनकी भी पिटाई कर दी।
रायपुर :मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के पत्थलगांव तहसील के ग्राम बागबहार मिनी स्टेडियम में आयोजित 33 वें ओपन चैलेंज ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागबहार के 10 बेड के अस्पताल को 30 बेड में उन्नयन करने की घोषणा भी की। उन्होंने बागबहार के शिव मंदिर के पास तालाब के सौंदर्यीकरण, विश्रामगृह निर्माण, बागबहार चौक- चौराहों में हाई मास्क लगाने, मिनी स्टेडियम में आवश्यक सुविधाओं का विकास तथा कोतबा में अपेक्स बैंक खोलने की घोषणा की।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजकों एवं खिलाडियों को इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी सरकार राज्य में खेलों के विकास और प्रतिभावान खिलाडियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को आगे बढ़ाने के लिए खेलो इंडिया की शुरुआत की है। इससे भारत में कई प्रतिभावान खिलाड़ी उभर कर सामने आ रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही मैंने बिलासपुर की पर्वतारोही निशा यादव से फोन पर बात की। उसने मुझे बताया कि वह अफ्रीका सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारों पर्वत पर तिरंगा फहराना चाहती है। मैंने उन्हें 3 लाख 45 हजार रुपए का चेक प्रदान किया, ताकि वह अपने सपने को पूरा कर सके। इसी तरह मैंने धमतरी की गरीब परिवार की बेटी बैडमिंटन खिलाड़ी बिटिया रितिका ध्रुव से भी फोन पर बात कर सरकार की तरफ से पूरी मदद करने की जिम्मेदारी ली गई है।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय एवं विधायक जशपुर रायमुनी भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने एफ. सी. माकरचुंवा, तहसील पत्थलगांव और गोंड ब्रदर्स किंजिरकेला उड़ीसा के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की रायपुर से बिलासपुर ट्रेन यात्रा के दौरान उनकी सहजता एवं सरलता ने यात्रियों का दिल जीत लिया। उन्होंने यात्रियों से आत्मीय चर्चा के दौरान कहा कि मेरी यात्रा का उद्देश्य यही है कि मैं आमजन के मन में क्या है, उनकी सरकार से इच्छा और अपेक्षाएं क्या है,यह जान सकूं। हमारी सरकार के काम को लेकर लोग क्या सोचते हैं, इसको जानने का यह यात्रा मुझे अच्छा अवसर देगी, इसीलिए मैंने बिलासपुर जाने के लिए ट्रेन का सफर चुना। बातचीत के दौरान उन्होंने यात्रियों से कुशलक्षेम पूछते हुए सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी चर्चाएं भी की।
मुख्यमंत्री ने 65 वर्षीय रेखा पाली से बातचीत के दौरान उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और सरकार द्वारा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क इलाज की सुविधा का जिक्र भी किया। इस खास मौके पर रेखा ने मुख्यमंत्री को श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट की। मुख्यमंत्री ने भिलाई से जबलपुर की यात्रा कर रहीं यात्री 45 वर्षीय शिखा से भी बात की। उन्होंने महतारी वंदन योजना से जुड़ी जानकारी उनके साथ साझा की।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा का सबसे रोचक संवाद 4 वर्षीय समायरा के साथ हुआ। मुख्यमंत्री ने समायरा को चॉकलेट दिया और उससे ढेर सारी बातें की। उन्होंने समायरा के आग्रह पर ऑटोग्राफ दिया। मुख्यमंत्री ने समायरा को ढेर सारा आशीर्वाद दिया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री के साथ इस यात्रा में शामिल यात्रियों ने कहा कि हमारी यह यात्रा यादगार बन गई है।
किसानों में भ्रम फैलाने वालों के विरूद्ध की जाएगी सख्त कार्यवाही
रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि मोदी जी की गारंटी के अनुरूप इस वर्ष भी किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान के मान से ही धान खरीदी की जा रही है। किसानों को इस मामले को लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भ्रम फैलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि धान खरीदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर रही है। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केन्द्रों के माईक्रोएटीएम से 2000 रूपए से लेकर 10 हजार रूपए तक की राशि निकालने की सुविधा भी दी गई है। इससे किसानों को धान बेचने परिवहन के लिए किराये पर लिए गए ट्रैक्टर, मेटाडोर आदि का भाड़ा और हमाली मजदूरी का भुगतान करने में सुविधा होगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में अनवरत धान खरीदी का सिलसिला जारी है। 14 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगा। खरीफ वर्ष के लिए 27.68 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मिट्रिक धान खरीदी अनुमानित है। सभी उपार्जन केन्द्रों में बायोमैट्रिक डिवाईस के माध्यम से धान उपार्जन की व्यवस्था की गई है। छोटे, सीमांत और बडे़ कृषकों के द्वारा उपजाये गए धान को निर्धारित समर्थन मूल्य में खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था से लेकर छांव, पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। धान उपार्जन केन्द्रों में शिकायत एवं निवारण के लिये हेल्प लाइन नंबर भी चस्पा कर दिये गये हैं।
राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है एवं चेक पोस्ट की स्थापना की गई है। राज्य स्तर पर अलग अलग जिलों के लिए राज्य स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों की जांच टीम बनाई गई है, जो लगातार जिले में हो रही धान खरीदी की मानिटरिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल
रायपुर - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा छत्तीसगढ़ का अनुसूचित जनजाति समाज हमारी सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और मूल्यों का संवाहक है। मुख्यमंत्री ने लोकसंस्कृति पर केंद्रित डुमन लाल ध्रुव की किताब ‘‘लोक जीवन के बदलते संदर्भ‘‘ और छत्तीसगढ़ी कहानियों के संग्रह ‘‘मन के पाखी‘‘ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजाति समाज के विकास और उत्थान के लिए राज्य शासन के प्रयासों के साथ-साथ आप सभी की सहभागिता और समर्पण महत्वपूर्ण है। जनजातीय समाज के कल्याण के लिए यह स्वर्णिम समय है। राज्य और केन्द्र सरकार ने जनजातीय समाज के उत्थान को अपनी सर्वाेच्च प्राथमिकता में रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए जो योजनाएं, नीतियां और कार्यक्रम बनाए हैं, उन्हें सफ़ल करने का दायित्व आपका भी है। हम सभी का सौभाग्य है कि हमें यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का मजबूत नेतृत्व मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं एक बात आपसे विशेष रूप से कहना चाहता हूं कि हमारी-आपकी प्राथमिकता भले ही जनजातीय समाज है, लेकिन हम और आप प्रदेश के सभी नागरिकों के विकास के लिए जिम्मेदार हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास हमारा ध्येय होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह शपथ समारोह यह बताता है कि आप सभी एकजुट होकर प्रदेश को एक नई दिशा देने के लिए तैयार हैं। प्रदेश के और खासकर जनजातीय समुदायों के विकास के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ आप जैसे कर्मठ सेवकों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में आपका कार्य समाज को प्रेरणा देता है। मुझे विश्वास है कि आपकी सेवाओं के माध्यम से हमारे प्रदेश का हर कोना विकास और समृद्धि की ओर अग्रसर होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं इस मंच से यह कहना चाहता हूँ कि हमारी सरकार आपकी हर सकारात्मक पहल में आपका साथ देगी। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समावेशी प्रदेश बनाएंगे। आशा करता हूँ कि आपके प्रयास प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के प्रांताध्यक्ष आर. एन. ध्रुव ने अपने सम्बोधन में समाज की विभिन्न मांगों से अतिथियों को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर विचार कर उचित निर्णय का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, समाज के पूर्व प्रांताध्यक्ष सरजियस मिंज, प्रांताध्यक्ष आर. एन. ध्रुव, आर ठाकुर, बी. एल. ध्रुव सहित छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मैस रायपुर में पुलिस जवानों के साथ मन की बात में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री जी ने मन की बात में बताया कि ओमन में भारतीय मूल के लोग किस तरह अपनी संस्कृति को सहेज कर रखे हैं। स्लोवाकिया में भारतीय उपनिषद का हिंदी में अनुवाद किया गया है। मोदी ने यह भी बताया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान का असर विदेशों में भी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से मोदी जी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पेड़ लगाने और गौरैया के संरक्षण का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट के संबंध में भी प्रधानमंत्री जी ने लोगों को जागरूक किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर माह देशवासियों से रूबरू होते हैं और नई-नई जानकारियां साझा करते हैं। नवाचारों के बारे में भी बात करते हैं जिनका फायदा देश को होता है।
रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से डीजीपी की तलाश शुरू हो गयी है। अशोक जुनेजा एक्सटेंशन पर चल रहे हैं, ऐसे में उनका कार्यकाल छह महीने बाद जनवरी में पूरा हो जायेगा। जाहिर है टर्म पूरा होने से पहले नये डीजीपी की तलाश करनी होगी। डीजीपी के रेस में पहले तीन नाम थे, लेकिन अब उसमें दो नाम और जुड़ गये हैं।
आपको बता दें कि डीजीपी अशोक जुनेजा का कार्यकाल 5 फरवरी, 2025 को पूरा हो जायेगा। खबर है कि सरकार ने 5 सीनियर IPS अधिकारियों के नाम शॉर्टलिस्ट किये हैं। हालांकि उसमें से पहले से ही तीन नाम अरूणदेव गौतम, हिमांशु गुप्ता और पवन देव का नाम पहले से ही चल रहा था। अब उसमें एसआरपी कल्लूरी और प्रदीप गुप्ता का नाम भी जुड़ता दिख रहा है।
जानकारी के मुताबिक जल्द ही प्रस्ताव मुख्यमंत्री सचिवालय को भेजा जायेगा, जिसमें से तीन नामों को शार्टलिस्ट कर पैनल को केंद्र भेजा जायेगा। खबर के मुताबिक पुलिस मुख्यालय ने इसे लेकर पिछले महीने से प्रस्ताव तैयार कर लिया था। प्रस्ताव में 1992 बैच के पवन देव और अरुण देव गौतम, 1994 बैच के हिमांशु गुप्ता और शिव राम प्रसाद कल्लूरी और 1995 बैच के प्रदीप गुप्ता के नाम हैं।
जो डीजीपी की रेस में चल रहे हैं, उनमें पवन देव- विशेष महानिदेशक (पुलिस आवास निगम) हैं।DG अरुण देव गौतम- महानिदेशक (होमगार्ड) के रूप में पदस्थ हैं।DG हिमांशु गुप्ता- प्रदेश के जेल प्रशासन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।ADG रैंक के शिव राम प्रसाद कल्लूरी- PHQ में एडीजी (प्रशासन) के पद पर तैनात हैं।ADG प्रदीप गुप्ता- (रेलवे और वित्त एवं प्रावधान) के पद पर कार्यरत हैं।
सुकमा : जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र में नक्सलियों के लगाए आईईडी की चपेट में आने से डीआरजी के आरक्षक पोड़ियाम विनोद घायल हो गए। यह हादसा रायगुड़ा के जंगल में हुआ, जहां डीआरजी की टीम एरिया डॉमिनेशन के लिए गई थी।घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। राहत की बात है कि जवान अब खतरे से बाहर है।
जांजगीर चांपा : जिले से हादसे की खबर सामने आ रही है, घर में आग लगने से एक बुजुर्ग महिला की जलकर मौत हो गई है। सुचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को पोस्टमॉर्टेम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।जानकारी के अनुसार नवागढ़ थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम पंचायत सेमरा के सतनामी मोहल्ला के जय विजय के घर में रात्रि 12 बजे शार्ट सर्किट की वजह से मिट्टी के घर में आग लग गई। जिसमे सो रही बुजुर्ग महिला बुधनी बाई 70 वर्ष की मौत हो गई। सुचना पर पहुंची नवागढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है।
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा की करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए बड़ा बयान दिया है। हार के बाद मीडिया से चर्चा में बैज ने कहा, ईवीएम पर संदेह था और हमेशा रहेगा।
ईवीएम पर उठाए सवाल
दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस संचार प्रमुख सुनील आनंद शुक्ला और कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा के साथ यह बात कही। ईवीएम की भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, मैं इस विषय में अभी विस्तार से कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन वकील भी इस पर संघर्ष कर रहे हैं। महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में भी इस पर सवाल उठे हैं।
बीजेपी के गढ़ में हार को स्वीकारा
हार पर टिप्पणी करते हुए बैज ने कहा, उपचुनाव में आमतौर पर सरकार ही जीतती है। रायपुर दक्षिण पिछले 34 वर्षों से बीजेपी का गढ़ रहा है। जीतने वालों को मैं बधाई देता हूं।
अन्य चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया
उन्होंने झारखंड में हेमंत सोरेन और वायनाड से प्रियंका गांधी की जीत का जिक्र करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही महाराष्ट्र के चुनाव परिणामों और एग्जिट पोल में आए अंतर पर सवाल उठाए।
जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा
दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनता के मुद्दों जैसे वादा खिलाफी, बढ़ते अपराध, कानून व्यवस्था, और धान खरीदी में भेदभाव को लेकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी आम जनता के साथ खड़ी रहेगी और उनके हक के लिए लड़ाई लड़ती रहेगी।