रायपुर: अभनपुर पुलिस ने ग्राम सारखी में हुए हत्याकांड का खुलासा किया है। अवैध संबंध के चलते ही आरोपी देवर ने अपनी भाभी का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि ग्राम सारखी में 5 सितंबर को एक महिला की मौत की खबर मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि महिला की किसी ने गला दबाकर हत्या की है। फॉरेंसिक टीम को भी हत्या किए जाने के सबूत मिले, मगर इसे मारा किसने ये पता नहीं चल सका था। महिला को मृत हालत में उसके बेटे ने देखा था।
पुलिस ने महिला के देवर वीरेंद्र साहू को पकड़ा है। ये उस महिला के पति का चचेरा भाई और बगल के ही मकान में रहता है। पुलिस द्वारा किए जा रहे पूछताछ में जब वीरेंद्र लगातार बयान बदल रहा था, तो पुलिस को इसी पर शक हुआ और जांच टीम ने कड़ाई से पूछताछ की तो इसने अपना जुर्म कबूल किया। इसके साथ ही हैरान कर देने वाली हत्या की वजह भी बताई।
आरोपी वीरेंद्र ने बताया कि कि उसका अपनी भाभी के साथ पिछले तीन सालों से अवैध संबंध था। शुरू में उसे भी सब कुछ अच्छा लगता था। वो अक्सर अपने बड़े भाई के काम पर जाने के बाद अकेले में भाभी से मिला करता था। पिछले कुछ दिनों से वीरेंद्र ने भाभी से दूरी बनाना शुरू कर दिया था। उसे ये सब ठीक नहीं लग रहा था।
वीरेंद्र ने बताया कि संबंध नहीं बनाने पर देवर से भाभी का विवाद होने लगा था। भाभी बार-बार वीरेंद्र के मना करने पर भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहती थी। वो वीरेंद्र के साथ जबरदस्ती करने लगी। इससे तंग आकर वीरेंद्र ने महिला का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या वाले दिन के बारे में पूछे जाने पर कुछ गांव वालों ने कहा था कि वीरेंद्र को उस दिन महिला के घर से निकलते देखा गया था, इसी वजह से पुलिस को महिला के देवर पर शक हुआ। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
रायपुर: वेब सीरीज 'आर या पार' का टीजर लॉन्च हो गया है। बता दें कि इस वेब सीरीज के कुछ हिस्से की शूटिंग एशिया का नियाग्रा कहे जाने वाले बस्तर के चित्रकोट वाटरफॉल में भी हुई। एक्शन, ड्रामा और बेहतरीन डायलॉग से भरपूर यह टीजर लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
इस वेब सीरीज का निर्देशन बॉलीवुड डायरेक्टर नकुल सहदेव ने किया है। वहीं बॉलीवुड के मशहूर एक्टर आशीष विद्यार्थी, परेश रावल के बेटे आदित्य रावल समेत कई कलाकारों ने काम किया है। इन्हीं कलाकारों ने बस्तर के चित्रकोट में एक्शन सीन किया है। बस्तर में फिल्माए एक्शन सीन की वजह से वेब सीरीज देखने के लिए लोगों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है।
दरअसल इन एक्टर्स के साथ ही मई 2022 में करीब 200 लोगों की टीम मुंबई से बस्तर पहुंची थी। जिन्होंने चित्रकोट में करीब 3 दिन और इसके आस-पास के इलाके में कुछ दिनों तक शूटिंग की थी। टीम को जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने भी भरपूर सहयोग दिया था।
टीम के सदस्यों ने वेब सीरीज की शूटिंग के लिए थीम अनुसार गूगल में देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और एडवेंचर्स जगहों को सर्च किया था। जिसमें बस्तर का चित्रकोट वाटरफॉल बेहद पसंद आया और यहीं पर शूटिंग करने का निर्णय लिया था।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डी पुरंदेश्वरी को बीजेपी प्रदेश प्रभारी के पद से हटाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि डी पुरंदेश्वरी हंटर चलाती थीं, इसलिए उन्हें हटा दिया गया। अब आगे सह प्रभारी नितिन नबीन की बारी है।
सीएम भूपेश ने यह भी कहा कि जब से जामवाल आए हैं बदलाव का दौर जारी है। भाजपा के नेता प्रतिपक्ष बदल गए। प्रदेश अध्यक्ष बदल गए, अब प्रभारी भी बदल गए। अब सह प्रभारी की बारी है. देखना है वे कितने दिन चल पाते हैं।
बता दें कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। डी पुरंदेश्वरी भी छत्तीसगढ़ में ही हैं। ऐसे में आलाकमान ने नए प्रदेश प्रभारी के नाम का ऐलान करते हुए पुरंदेश्वरी को हटाकर ओम माथुर को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
इधर सीएम भूपेश के बयान पर पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस रोज बदजुबानी का नया अध्याय रच रही है। डी. पुरंदेश्वरी ने अपने कार्य और शालीनता से प्रदेश पर छाप छोड़ी है। उन्होंने कांग्रेस सरकार की विदाई की बुनियाद रख दी है। अब कांग्रेस सरकार पर हंटर चलाने को जिम्मेदारी जनता की है। जनता यह जरूरी काम करने तैयार है। भूपेश बघेल अपनी चिंता करें।
भिलाईः राजधानी रायपुर से सटे भिलाई शहर में बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लड़कियों को दिखाने और कीमत तय करने का पूरा सौदा वॉट्सएप के जरिए होता था। एक होटल में चल रहे देह के गोरखधंधे का खुलासा उन्हीं के बीच की एक लड़की ने किया है।
रायपुर: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की समन्वय बैठक शुरू हो गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में पहली बार आरएसएस की समन्वय बैठक हो रही है। संघ प्रमुख मोहन भागवत बैठक ले रहे हैं। जिसमें विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा होगी।
इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, सहित संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी शामिल हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस बैठक में 36 अनुसांगिक संगठनों के 250 पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
रायपुरः भाद्रपद पूर्णिमा से आश्विन कृष्णपक्ष अमावस्या तक के सोलह दिनों को पितृपक्ष कहते हैं। पितृ पक्ष 2022 शनिवार 10 सितंबर को पूर्णिमा से शुरु हो रहा है और 25 सितंबर 2022 रविवार को आश्विन मास की कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को यह समाप्त होगा।
ज्योतिषाचार्य अंजु सिंह परिहार के अनुसार जिस तिथि को पूर्वज का देहांत होता है, उसी तिथी को पितृपक्ष में उनका श्राद्ध किया जाता है। शास्त्रों के अनुसार पितृपक्ष में अपने पितरों के निमित्त जो अपनी शक्ति सामर्थ्य के अनुरूप शास्त्र विधि से श्रद्धापूर्वक श्राद्ध करता है, उसके सकल मनोरथ सिद्ध होते हैं और घर-परिवार, व्यवसाय तथा आजीविका में हमेशा उन्नति होती है।
पितृ दोष के कारण
पितृ दोष के अनेक कारण होते हैं, जिसमें परिवार में किसी की अकाल मृत्यु होने से, मरने के बाद माता-पिता का उचित ढंग से क्रियाकर्म और श्राद्ध नहीं करने से, उनके निमित्त वार्षिक श्राद्ध आदि न करने से पितरों को दोष लगता है। इसके फलस्वरूप परिवार में अशांति, वंश-वृद्धि में रूकावट, आकस्मिक बीमारी, संकट, धन में बरकत न होना, सारी सुख सुविधाएं होते भी मन असन्तुष्ट रहना आदि पितृ दोष हो सकते हैं। यदि परिवार के किसी सदस्य की अकाल मृत्यु हुई हो तो पितृ दोष के निवारण के लिए शास्त्रीय विधि के अनुसार उसकी आत्म शांति के लिए किसी पवित्र तीर्थ स्थान पर श्राद्ध करवाएं। प्रतिवर्ष पितृपक्ष में अपने पूर्वजों का श्राद्ध, तर्पण अवश्य करें।
प्रतिपदा श्राद्ध
भाद्रपद पूर्णिमा श्राद्ध से श्राद्ध पक्ष शुरू होता है, प्रथम दिन के श्राद्ध को प्रतिपदा श्राद्ध कहा जाता हैं। प्रतिपदा श्राद्ध में जिस भी व्यक्ति की मृत्यु प्रतिपदा तिथि के दिन होती है, उनका श्राद्ध इसी दिन किया जाता है। इस दिन नाना पक्ष के सदस्यों का श्राद्ध भी किया जाता है। अगर नाना पक्ष के कुल में कोई न हो और मृत्यु तिथि ज्ञात ना हो तो इस दिन उनका श्राद्ध करने का विवरण पुराणों में मिलता है।
श्राद्ध विधि
सामग्री: कुशा, कुशा का आसन, काली तिल, गंगा जल, जनेऊ, तांबे का बर्तन, जौ, सुपारी और कच्चा दूध।
सबसे पहले स्वयं को पवित्र करते हैं, जिसके लिए खुद पर गंगा जल छिड़कते हैं। उसके उपरांत कुशा को अनामिका अंगुली में बांधते हैं। जनेऊ धारण करें, ताम्बे के पात्र में फूल, कच्चा दूध, जल ले अपना आसान पूर्व पश्चिम में रखे और कुशा का मुख पूर्व दिशा में रखे हाथों में चावल एवं सुपारी लेकर भगवान का मनन करे उनका आव्हान करें।
दक्षिण दिशा में मुख कर पितरों का आव्हान करें, इसके लिए हाथ में काली तिल रखे। अपने गोत्र का उच्चारण करें साथ ही जिसके लिए श्राद्ध विधि कर रहे हैं उनके गोत्र और नाम का उच्चारण करें और तीन बार तर्पण विधि पूरी करें। अगर नाम ज्ञात न हो तो भगवान का नाम लेकर तर्पण विधि करें।
तर्पण के बाद धूप डालने के लिए कंडा ले, उसमें गुड़ और घी डाले। बनाये गए भोजन का एक भाग धूप में दे उसके अलावा एक भाग देवताओं, गाय, कुत्ते, कौए, पीपल के लिए निकाले। इस प्रकार भोजन की आहुति के साथ विधि पूरी की जाती है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री गोवंश मोबाइल चिकित्सा योजना की शुरुआत की जाएगी। सीएम भूपेश बघेल ने गोवंश को उत्तम चिकित्सा सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से इसके निर्देश दिए है।
पहले चरण में प्रत्येक जिले में एक अथवा दो चिकित्सा वाहनों से यह योजना शुरू की जाएगी। चरणबद्ध कार्यक्रम के तहत योजना का विस्तार किया जाएगा। राज्य के प्रत्येक नागरिक के लिए उत्तम स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए विकासखंडों से लेकर जिला मुख्यालयों तक सर्वसुविधायुक्त शासकीय अस्पतालों के साथ-साथ मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना तथा मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना का संचालन किया जा रहा है।
इसके तहत मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से शहरी श्रमिक बस्तियों से लेकर दूरस्थ तथा दुर्गम स्थलों में रहने वाले नागरिकों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही है। इसी तर्ज पर अब पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य को आगे बढ़ाते हुए गोवंश के उत्तम स्वास्थ्य के लिए भी मोबाइल चिकित्सा वाहनों का इस्तेमाल किया। जाएगा।
वर्तमान में शासकीय पशु-चिकित्सालयों के साथ-साथ राज्य में सुराजी गांव योजना के तहत निर्मित गोठानों में भी पशुधन के स्वास्थ्य की देखभाल की व्यवस्था है। बेहतर पशु स्वास्थ्य के लिए गौठानों में चारागाहों का भी विकास किया गया, ताकि पशुओं के लिए पौष्टिक चारे की व्यवस्था होती रहे। अब नयी योजना के माध्यम से गोवंश की स्वास्थ्य सुविधाओं का और अधिक विस्तार होगा। सीएम भूपेश बघेल ने राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन को इस संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।
रायपुर। जेसीआई नोबल जोन 9 एवं छग प्रदेश बॉडी बिल्डर एसोसिएशन भिलाई के तत्वाधान में 21वी मिस्टर छग बॉडी बिल्डिंग की प्रतियोगिता का आयोजन दीनदयाल ऑडिटोरियम में 11 सितंबर को आयोजित किया गया है। जिसमें रायपुर जिले से 50 से अधिक खिलाडिय़ों का चयन किया गया है जो अपनी प्रतिभा इस दौरान पेश करेंगे।
रायपुर जिला बॉडी बिल्डिंग संघ के सचिव माणिक ताम्रकार और अध्यक्ष हरिवल्लभ अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में रायपुर जिले से 50 से भी अधिक खिलाडियों का चयन किया गया है। बॉडी बिल्डिंग में फ्लाइ वेट में आदित्य केसरवानी, निहाल जैन, ऋषिकेश सीकिया, निहाल जैन, मनीष कुरे, हर्ष ठाकुर, मनोज निहाल, रोहित बाघ, खुमान साहू, छगन साहू, आदिल शेख, नीखिल बंजारे, भागीरथी साहू, नितिन साहू, मुबारक अली। बेंनटम वेट में देव प्रकाश साहू, रेवा राम साहू, विजयेंद्र यादव, रवि नायक, नवीन सोनवानी, सूरज यादव, साजन कुमार ज्वाला। रेंगे हैवी वेट में विमल सिंह डोगरा, राकेश यादव, दीपक सिंह, अजय देवांगन, भगवती प्रसाद, विशाल चिंतन, सिद्धांत बाली दुबे, राज नारायण बाला। महिला बॉडी बिल्डर में संजना भनेट, लता जगत, दीप्ति यादव। मेंस फिजिक्स में मोहन कुमार, रवि ठाकुर, रोहित बाघ, किशन कहार, रहमतुला खान, मोहम्मद फैसल शेख, ईशाक देवांगन, जय प्रकाश कार्तिक नायक। वुमेन फिजिक्स में दीप्ति यादव, जिया, कुमारी, महेश्वरी यादव। 40 साल से अधिक उम्र के बॉडी बिल्डर मुरलीधर वैष्णव, विजयेंद्र यादव, राकेश यादव, अजय देवांगन। दिव्याग में येस राज सेनदरें, संदीप साहू, ए. सिवाराव, वेद प्रकाश साहू, अर्जुन लाल यादव का चयन हुआ है।
बिलासपुर। जमीन विवाद में छोटे भाई ने खूनी खेल खेला सगे बड़े भाई और दो भतीजो पर हसिया और चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें गोद डाला मरणासन्न स्थिति में पहुचे बड़े भाई और एक भतीजे की हालत गम्भीर है सूचना पाकर मौके पर पहुचे पुलिस डायल 112 के आरक्षक ने ततपरता दिखाते हुए तीनो घायलों को सिम्स पहुचाया। बचने के लिए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग रहे आरोपी को 112 के चालक ने दौड़ाकर पकड़ा। देर रात आरोपी को सीपत थाना के सुपुर्द किया गया । सीपत पुलिस ने मामले में धारा 307 के तहत अपराध कायम किया है।
मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरा का है घायल मनहरण साहू पिता संतराम साहू उम्र 58 वर्ष और उसके छोटे भाई आरोपी गौरीशंकर साहू के बीच पिछले एक साल से जमीन विवाद चल रहा है। दोनों का मकान गांव में अगल-बगल है । गुरुवार की रात 10 बजे दोनों भाइयों के बीच एक बार फिर जमीन को लेकर झगड़ा हुआ। तैश में आकर आरोपी गौरी शंकर साहू ने अपने बड़े भाई मनहरण साहू पर धारदार हसिया से जानलेवा कर दिया। हमले में घायल मनहरण साहू लहूलुहान होकर गिर गया। मनहरण साहू के दोनों बेटे सरोज साहू उम्र 35 वर्ष,संदीप साहू उम्र 28 वर्ष पिता को बचाने पहुचे। खुंखार हो चुके गौरी शंकर साहू ने दोनों भतीजो पर चाकू से हमला कर दिया।
सूचना पर पुलिस डायल 112 तक पहुंची। जानकारी मिलते ही बिना समय गवाए आरक्षक रमेश राठौर और चालक अश्विनी साहू मोहरा पहुचे। इस दौरान भाइयों और भतीजों के बीच नी संघर्ष जारी था। आरक्षक रमेश और चालक ने घायलों को 112 में बिठाया। आरोपी को दौड़ाकर धर दबोचा। डायल 112 घायलों को सबसे पहले बिलासपुर सिम्स में भर्ती कराया। घायलों में एक की हालत गंभीर है। इसके बाद 112 वाहन में पकड़कर बैठाए गए आरोपी गौरीशंकर साहू को देर रात सीपत पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है।
डायल 112 के आरक्षक की सक्रियता से बड़ा हादसा टला
मोहरा में भाई भतीजो के बीच का विवाद और भी आगे बढ़ सकता था। आरोपी भागने के फिराक में था। लेकिन समय रहते पुलिस डायल 112 के आरक्षक रमेश राठौर और चालक अश्विनी पहुंच गए। दोनों ने सजगता के साथ सूझबूझ दिखाते हुए मौके घायलों को बचाने के साथ आरोपी को धर दबोचा।।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं वाणिज्यिक कर मंत्री टी.एस. सिंहदेव नई दिल्ली प्रवास के बाद 10 सितम्बर को रायपुर लौटेंगे। मंत्री सिंहदेव 10 सितम्बर को सुबह 11:55 बजे नई दिल्ली से नियमित विमान द्वारा रायपुर के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर 01:45 बजे रायपुर पहुंचेंगे।
भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में ऊपर से नीचे तक बदलाव लाने की दिशा में पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है।आज ऐसे समय में जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष छत्तीसगढ़ में है। ठीक उसी समय में छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रदेश प्रभारी को बदले जाने की खबर आ रही है।इस खबर में बताया जा रहा है कि अब श्री ओम माथुर छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रभारी ओम माथुर बनाए गए है। डी पुरंदेश्वरी की प्रदेश प्रभारी पद से छुट्टी हो चुकी है। इस खबर में यह भी जानकारी दी रही जा रही है कि भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ही बने रहेंगे… छत्तीसगढ़ में चेहरे बदलने का सिलसिला जारी… भाजपा की नई शुरुआत…!पार्टी ने छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्य कई प्रदेशों में भी प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी पदों पर नियुक्त व्यक्तियों में बदलाव किया है। इसकी सूची साथ में संलग्न है।

सक्ती: छत्तीसगढ़ के 33वें जिले सक्ती का उद्घाटन सीएम भूपेश बघेल ने शुक्रवार को किया। नवगठित जिला सक्ती के शुभारंभ के अवसर पर रोड शो में सीएम का भव्य स्वागत किया गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सक्ती जिले के पहले पुलिस अधीक्षक एमआर आहिरे को पदभार ग्रहण कराया। सीएम को पुलिस बैंड ने जनरल सेल्यूट की धुन बजाकर सलामी दी।
सक्ती के कचहरी चौक और सब्जी बाजार चौक में मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न चौक चौराहों में मारवाड़ी युवा मंच, यादव समाज, अधिवक्ता संघ, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय, कन्नौजिया कुर्मी समाज, चंद्रनाहु चंद्रा समाज, जिला उद्योग संघ जिला सब्जी व्यापारी संघ, नगर पालिका व्यापारी संघ, शिक्षक संगठन सहित विभिन्न संगठनों ने उत्साह पूर्वक स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के रोड शो के साथ राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर आधारित चलित झांकी भी दिखाई गई। इसमें जल जीवन मिशन, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मत्स्य बीज संचयन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, गोधन न्याय योजना, समन्वित कृषि प्रक्षेत्र, स्वच्छ भारत मिशन की चलित आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत नवगठित सक्ती जिले के ग्राम पंचायत सकरेली में बड़ादेव स्थापना महापूजन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। यहां गोंड आदिवासी समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
बड़ादेव स्थापना महापूजन कार्यक्रम स्थल पर सेवा समिति फडापेन ठाना (झिरीया) द्वारा सामूहिक रूप से मनमोहक रेलापाटा नृत्य करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत किया गया। रेलापाटा नृत्य आदिवासी समाज द्वारा नवाखाई पर्व के अवसर पर विशेष रूप से किया जाता है। इस नृत्य में गढवा बाजा, ढोल, तुरही, मंजीरा, झांझ बेंजो, निसान, ताशा, डफरा आदि वाद्य यंत्रों का प्रयोग कर समाज के लोगों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी जाती है।
महासमुंद। जिले में पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए महिला दलाल समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। यहां स्कूल के सामने लंबे समय से कारोबार संचालित था। मौके से आपत्तिजनक समान और कैश भी जब्त किए गए हैं। मामला सरायपाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पतेरापाली स्कुल के सामने एक महिला किराए के मकान में देह व्यापार करवा रही है। वहां पर बाहर से भी लड़कियां आती हैं। आस-पास के लोग भी इस बात से काफी परेशान थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और एक टीम को मौके पर भेजा था। पुलिस ने एक मुखबिर को ग्राहक बनाकर उस मकान में भेज दिया। दलाल मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि अंदर लड़कियां हैं और जिस्मफरोशी हो रही है। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद महिला दलाल, 3 लड़कियां और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया गया है। ग्राहक सरायपाली इलाके का ही रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों से 3 हजार से ज्यादा कैश और आपत्तिजनक समान जब्त किया है।
रायपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) आज छत्तीसगढ़ दौरे पर है। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज के मैदान में जेपी नड्डा बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता सम्मेलन में 23 हजार बूथ से कार्यकर्ता इस सभा में शामिल हुए हैं।
इस कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रदेशभर के कार्यकर्ता शामिल हुए हैं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और परिवारवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है इसके साथ ही जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ सरकार पर भी जमकर निशाना साधा है। इसके साथ ही जेपी नड्डा ने प्रदेश भर में हो रहे क्राइम को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा।
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का आज शुभारम्भ किया। नवगठित जिले में सीएम बघेल ने 200 करोड़ 73 लाख रूपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। वहीं छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज ने विवेकानंद चौक में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

इस दौरान चांदी का मुकुट तथा तलवार सीएम बघेल को भेंट की गई, साथ ही महामाला से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

इसके साथ ही मनेंद्रगढ़वासियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति अपार प्यार और स्नेह जताते हुए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से तौलकर उनका अभिनंदन किया।

रायपुर: राजधानी में गणेश विसर्जन के लिए प्रशासन ने इस बार झांकी के रूट में बदलाव किया है। कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार 11 सितम्बर को आयोजित होने वाले गणेश विसर्जन झांकी के लिए रूट में परिवर्तन करते हुए शारदा चौक से जयस्तंभ चौक से मालवीय रोड सिटी कोतवाली चौक से टी आई चौक बिजली आफिस के सामने से सप्रे मैदान के सामने से बुढेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाने के सामने से लाखेनगर चौक से सुंदर नगर होकर महादेव घाट विसर्जन स्थल तक निर्धारित किया गया है।
सभी झांकियों की नंबरिंग रात्रि 8 बजे से शारदा चौक में शुरू होगी। जिन मूर्तियों के साथ झांकी रहेगी, केवल उन्हीं का पंजीयन कर नंबर दिया जाएगा, केवल गणेश मूर्ति के साथ झांकी में सम्मिलित नहीं किया जाएगा।
वहीं विसर्जन झांकी में किसी भी प्रकार के अस्त्र शस्त्रों का प्रदर्शन प्रतिबंधित किया गया है। लाठी डंडे एवं नशे की स्थिति में चलना प्रतिबंधित रहेगा।
ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
इसके साथ ही विसर्जन झांकी के दौरान फिल्मी गानों को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। सभी समितियों को निर्देश दिया गया है कि उपरोक्त् निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उपरोक्त के संबंध में आवश्यक व्यवस्था के लिए नगर पालिक निगम विद्युत विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है।
सभी समितियों को निर्देशित किया गया है कि 9 सितंबर से 12 सितंबर तक सभी मूर्तियों का विसर्जन सुनिश्चित करें, उसके बाद विसर्जन की अनुमति नहीं दी जाएगी और डीजे आदि के उपयोग करने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
रायपुर: छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल के नियंत्रक ने बताया है कि शिक्षक पात्रता परीक्षा 2022 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2022 तक बढ़ा दिया गया है।
छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2022 में उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित निर्णय के अनुक्रम में शिक्षक प्रशिक्षण कोर्स (TTC) में प्रेवशित एवं अध्ययनरत अभ्यर्थियों को भी TET- 2022 में भाग लेने की पात्रता होगी। संचालक, राज्य शैक्षणिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् रायपुर के पत्र के अनुक्रम में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को 6 सितंबर 2022 से बढ़ाकर 10 सितंबर 2022 तक कर दिया गया है। परीक्षा का आयोजन पूर्व में निर्धारित 18 सितंबर 2022 को ही ली जाएगी।
रायपुर: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रायपुर पहुंचे. एयरपोर्ट में संग़ठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, सहप्रभारी नितीन नबीन, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने जोरदार स्वागत किया. हजारों कार्यकर्ताओ की भीड़ उमड़ पड़ी है. एयरपोर्ट में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.JP नड्डा पार्टी की राज्य इकाई और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद नड्डा युवा मोर्चा की बाइक रैली के साथ 11 बजे तेलीबांधा दीनदयाल उपाध्याय चौक पहुंचकर माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद आरएसएस की तीन दिवसीय राष्ट्रीय समन्वय बैठक में शामिल होंगे.
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को राज्य के 32वें जिले मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने कलेक्ट्रेट भवन में कई विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण भी किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया और कोरबा की सांसद ज्योत्सना महंत एवं कोरिया जिले के तीनों विधायक भी उपस्थित हैं। जिले के पहले कलेक्टर पी.एस. ध्रुव ने कार्यभार संभाला।
इसके पहले सीएम भूपेश बघेल का मनेंद्रगढ़वासियों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। जिले के लोगों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा की। नवगठित जिले के लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपार प्यार और स्नेह जताते हुए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से तौलकर उनका अभिनंदन किया।
कबीरधाम जिले के ऐसे इच्छुक अभ्यर्थी जो, निजी क्षेत्रों में रोजगार करना चाहते है, उन्हें अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कबीरधाम कार्यालय परिसर में 9 सितंबर 2022 शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
इसके तहत ब्लूचीप जॉबस् प्राईवेट लिमिडेट, लक्ष्मी नगर, पचपेड़ी नाका, रायपुर द्वारा बीमा मित्र (27 दिन के लिए) के 10 पद (न्यून.शैक्ष.यो. 12वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं 0-2 वर्ष का कार्यानुभव, वेतन रू. 13,149, आयुसीमा 18 से 50 वर्ष, कार्यक्षेत्र संपूर्ण कबीरधाम जिला), केयर टेकर के 20 पद (न्यून.शैक्ष.यो. 08वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं 0-2 वर्ष का कार्यानुभव, वेतन रू. 8,000-10,000, आयुसीमा न्यून. 18 वर्ष), ड्राईवर के 12 पद (न्यून.शैक्ष.यो. 8वीं कक्षा उत्तीर्ण, एलएमव्ही लायसेंस एवं 0-5 वर्ष का कार्यानुभव हो, वेतन रू. 8,000-15,000, आयुसीमा 18 से 60 वर्ष), कुक के 10 पद (न्यून.शैक्ष.यो. 05वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं 0-10 वर्ष का कार्यानुभव, वेतन रू. 8,000-14,000, आयुसीमा 18 से 60 वर्ष), मेड के 50 पद (न्यून.शैक्ष.यो. 05वीं कक्षा उत्तीर्ण एवं 0-15 वर्ष का कार्यानुभव, वेतन रू. 7,000-12,000, आयुसीमा न्यून. 18 वर्ष) पर भर्ती किया जाना है।
पद संख्या 2 से 5 के लिए कार्यक्षेत्र रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, नागपुर है। चयनित अभ्यर्थी से 590 रूपए का पंजीयन शुल्क लिए जाने की सूचना दिया गया है। कैंप के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों एवं उपस्थित नियोजक कोविड-19 के सुरक्षा निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से करेंगे। जिला रोजगार कार्यालय नियोजक (निजी संस्था) तथा आवेदक के मध्य एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराता है तथा यह नियुक्ति केवल निजी क्षेत्र के संस्थाओं में कार्य हेतु किया जाता है। चयन संबंधी कार्यवाही नियोजक द्वारा ही किया जाना है, अतः पद, संस्था, कार्य, वेतन व अन्य विस्तृत जानकारी कैंप में उपस्थित नियोजक या प्रतिनिधि से संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए शुक्रवार को प्रदेश के बस्तर और दुर्ग संभाग के जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ एक-दो स्थानों पर वज्रपात के आसार है। वहीं प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बरसात होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पूर्व- मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके अगले 48 घंटे में और प्रबल होकर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी-उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश-दक्षिण तटीय ओडिशा के ऊपर पहुंचने की संभावना है। मानसून द्रोणिका जैसलमेर, भोपाल, गोंदिया, जगदलपुर, कलिंगपटनम और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर निम्न दाब के केंद्र तक, माध्य समुद्र तल पर स्थित है। सिस्टम बनने से गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 9 सितंबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी बारिश का अनुमान है। भारी बारिश का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। बता दें कि दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में इस बार औसत से ज्यादा बारिश हुई है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ यानी दुर्ग, रायपुर संभाग के जिलों में औसत वर्षा दर्ज की गई है। जबकि सरगुजा संभाग में औसत से भी कम बारिश हुई है।
दुर्ग: चिकित्सा सुविधा के क्षेत्र में लगातार जिले में बेहतर प्रदर्शन किया जा रहा है, इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय के मातृत्व एवं शिशु वार्ड में नीतू यादव नामक गर्भवती महिला के गर्भाशय से 2 किलोग्राम के फायब्राइड ट्यूमर को संबंधित चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर सफलतापूर्वक निकाला।
नीतू यादव जो की जलेबी चौक की निवासी है, डिलीवरी के लिए लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय सुपेला भिलाई में अपना रेगुलर चेकअप करा रही थी। जहां सोनोग्राफी जांच में उनके गर्भाशय में फायब्राइड ट्यूमर डायग्नोज किया गया। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय के डॉक्टरों द्वारा मरीज को जिला अस्पताल दुर्ग के मातृत्व शिशु वार्ड में रेफर किया गया। यहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ ममता पाण्डे, के अधीन मरीज की अवस्था की जांच की गई और जच्चा-बच्चा की सुरक्षा के लिए आपरेशन करने का निर्णय लिया गया, क्यों कि आपरेशन की प्रक्रिया जटिल थी इसलिए 8 सदस्यों वाली चिकित्सकीय दल का गठन किया गया।
इस पर जानकारी देते हुए डॉ. ममता पाण्डे ने बताया कि ट्यूमर की आकृति बड़े होने के कारण मां और बच्चें दोनों को क्षति से बचाना बहुत ही चुनौतीपूर्ण था परंतु जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों की दक्ष टीम ने इस 2 किलो के फायब्राइड ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर, सिजेरियन डिलीवरी को अंजाम दिया। वर्तमान में मां और नवजात दोनों ही पूर्ण रूप से स्वस्थ्य है और नवजात का टीकाकरण भी किया जा चुका है।
चिकित्सकीय दल की टीम में डॉ.ममता पाण्डेय स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, डॉ. विनिता ध्रुव, डॉ. अर्चना, वरिष्ठ चिकित्सक, डॉ. पूजा (निश्चेतना) स्टॉफ नर्स सीमा, कीर्ति, ममता शर्मा, शोभना कुमार ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राजनांदगांव में गणेशोत्सव को लेकर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर डोमन सिंह ने 8 से 12 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णता प्रतिबंद का आदेश दिया है।
बता दें कि राजनांदगांव में गणेशोत्सव के दौरान शहर समेत छत्तीसगढ़ राज्य, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। शाम के समय भारी वाहनों के प्रवेश से दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो सकती है। इसे देखते हुए 8 से 12 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक राजनांदगांव शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है।
बिलासपुर। पितृ पक्ष का सनातन धर्म में अलग ही महत्व है। कुछ खास नियम हैं, जिनका पालन करना जरूरी है। इसके बाद ही पितरों का आशीर्वाद मिलता है। हर काम में सफलता मिलती है। हिंदू पंचांग के अनुसार, पितृ पक्ष भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा से प्रारंभ होता है और आश्विन मास की अमावस्या तिथि पर खत्म हो जाता है। पितृ पक्ष पूर्वजों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए सबसे अच्छा अवसर होता है। पितृ पक्ष का समापन 25 सितंबर, मंगलवार को होगा। अमूमन पितृ पक्ष 15 दिन का होता है।
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज तिवारी के मुताबिक इस बार पितृ पक्ष 16 दिनों का होगा। इस बार अष्टमी का श्राद्ध 17 सितंबर के बजाय 18 को होगा। पितृ पक्ष में पूवर्जों का तर्पण करने से वे प्रसन्न होते हैं। इससे पितृ दोष से मुक्ति मिलती है। पितृ पक्ष के दौरान श्रद्धा पूर्वक पितृ देव को जल देने का विधान है। इस दौरान सनातन धर्म में कुछ जरूरी नियम भी बताए गए हैं, जिनका पालन करना चाहिए। पितृपक्ष में पितरों को प्रसन्न कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए 15 दिन तक जो कोई भी श्राद्ध कर्म करते हैं, उन्हें बाल और दाढ़ी नहीं कटवानी चाहिए।
कहा जाता है कि पितृ पक्ष में बाल-दाढ़ी कटवाने से धन की हानि होती है। ऐसे में जो लोग पितृ पक्ष में पितरों के निमित्त तर्पण करते हैं। उन्हें इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए। श्राद्ध पक्ष में घर पर सात्विक भोजन करना अच्छा होता है। खासतौर पर उनके लिए जो पितृ पक्ष में रोजाना तर्पण करते हैं। पितृ पक्ष के दौरान तामसिक भोजन से परहेज करना चाहिए। यदि पितरों की मृत्यु की तिथि याद है तो तिथि अनुसार पिंडदान करना सबसे उत्तम होता है।
पितृ पक्ष श्राद्ध की तिथियां
10 सितंबर – पूर्णिमा का श्राद्ध
11 सितंबर – प्रतिपदा का श्राद्ध
12 सितंबर – द्वितीया का श्राद्ध
12 सितंबर- तृतीया का श्राद्ध
13 सितंबर- चतुर्थी का श्राद्ध
14 सितंबर- पंचमी का श्राद्ध
15 सितंबर- षष्ठी का श्राद्ध
16 सितंबर- सप्तमी का श्राद्ध
18 सितंबर- अष्टमी का श्राद्ध
19 सितंबर- नवमी श्राद्ध
20 सितंबर- दशमी का श्राद्ध
21 सितंबर- एकादशी का श्राद्ध
22 सितंबर- द्वादशी/संन्यासियों का श्राद्ध
23 सितंबर- त्रयोदशी का श्राद्ध
24 सितंबर- चतुर्दशी का श्राद्ध
25 सितंबर- अमावस्या का श्राद्ध





























