CG : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, किसानों को मिलेगी बड़ी सौगात    |    नेपाल-तिब्बत सीमा की बाढ़ में भाजपा नेता की बेटी समेत छत्तीसगढ़ की तीन महिलाएं लापता    |    बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल : मुख्यमंत्री साय    |    लोकतंत्र सेनानियों का त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय    |    BREAKING : बंगाल का नया CM- शुभेंदु अधिकारी होंगे प. बंगाल के नए सीएम- अमित शाह ने किया सीएम का एलान    |    BREAKING NEWS : देखिए लाल किले के पास हुए बम धमाके की खौफनाक तस्वीरें, 8 लोगों की मौत    |    Breaking : 1 नवंबर को सभी स्कूल – कॉलेजों में रहेगी छुट्टी, आदेश जारी    |    BIG BREAKING : सी.पी. राधाकृष्णन होंगे भारत के नए उपराष्ट्रपति    |    साय कैबिनेट की बैठक खत्म, लिए गए कई अहम निर्णय    |    CG Accident : अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, युवक-युवती की मौके पर ही मौत, 3 की हालत गंभीर    |
जांजगीर चांपा में आकाशीय बिजली का कहर, चार लोगों की मौत

जांजगीर चांपा में आकाशीय बिजली का कहर, चार लोगों की मौत

 जांजगीर चांपा: दोपहर को हुई बारिश के बाद जिले के कई स्थानों पर आकाशीय बिजली (lightning accident in Janjgir champa district) का कहर देखने को मिला है. अकलतरा तहसील में आकाशीय बिजली ने क्षेत्र के तीन अलग अलग ग्राम पंचायत के 4 लोगों और चांपा तहसील में सिवनी गांव के 3 लोगों को अपनी चपेट में लिया है. दोनों तहसील में हुए हादसों में कुल 4 लोगों की मौत हुई है, मृतकों में 1 महिला और 3 पुरुष शामिल हैं. वहीं 3 घायल महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है.

अकलतरा तहसील के 3 गांव प्रभावित: आकाशीय बिजली ने अकलतरा तहसील के अलग अलग गांव के लोगों को अपनी चपेट में लिया है. हादसे में ग्राम मधुवा के नरेश डोंगरे (55 वर्ष), चोरभट्टी के दिलीप यादव (50 वर्ष) और किरारी गांव की श्याम कुमारी यादव (18 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई है. वहीं हादसे में घायल 17 साल की किशोरी को बिलासपुर रेफर किया गया है.

चांपा के सिवनी गांव में एक की मौत: चांपा थाना के सिवनी गांव के विजय कुमार राठौर की मौत हो गई है. हादसे में घायल 2 महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

सबसे ज्यादा किसान प्रभावित: आकाशीय बिजली का कहर जिले के अलग अलग क्षेत्र (lightning accident in Janjgir champa district) से सामने आ रहा है. इन हादसों में सबसे ज्याहा प्रभावित खेती करने वाले मजदूर हो रहे हैं. 3 दिनों से जिले में बारिश नहीं होने के कारण किसानों को धान की फसल की चिंता सताने लगी थी. किमान खेत में रोपाई के साथ पानी की व्यवस्था करने गए हुए थे. इसी बीच गरज के साथ हुए बारिश के बाद गिरे आकाशीय बिजली ने किसानों को अपनी चपेट में ले लिया है.

कुछ दिन पहले महासमुंद में हुआ था बड़ा हादसा: महासमुंद जिला के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम घाटकछार में आकाशीय बिजली गिरने से 05 महिलाओं की मौत हो गई थी. इस हादसे में 6 अन्य लोग भी घायल हुए थे. सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली लाया गया था

 
रक्षाबंधन 2022: दंतेवाड़ा की महिलाओं ने तैयार की देसी राखियां, लोकल फोर वोकल को दे रहीं बढ़ावा

रक्षाबंधन 2022: दंतेवाड़ा की महिलाओं ने तैयार की देसी राखियां, लोकल फोर वोकल को दे रहीं बढ़ावा

 रक्षाबंधन का त्यौहार नजदीक आ रहा है. राखियों का बाजार सज गया है. बाजार में हर तरह की राखियां देखने को मिल रही. ऐसे में दंतेवाड़ा के बाजार में देसी राखियां धूम मचा रही है. दंतेवाड़ा में जिला प्रशासन की मदद से स्व सहायता समूह की महिलाएं छिंद के पत्ते यानी खजूर पेड़ के पत्ते, चावल और धान से राखियां तैयार कर रही है. लोकल बाजार में इस तरह के राखियों की काफी ज्यादा डिमांड है. इन राखियों की कमाई से स्व सहायता समूह की महिलाओं की अच्छी कमाई हो रही है. पार्वती महिला ग्राम संगठन, मां दंतेश्वरी संकुल संगठन, किसान संकुल संगठन और एकता महिला ग्राम संगठन यह राखियां तैयार कर रही है. पिछले वर्ष इन राखियों से महिला स्व सहायता समूहों को 40 से 50 हजार रुपये की आमदनी हुई थी. इस बार भी महिलाओं को अच्छी कमाई की उम्मीद जगी है.

 

CG के इस संभाग में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश, धमतरी-गरियाबंद में भी तेज बरसात का अनुमान

CG के इस संभाग में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश, धमतरी-गरियाबंद में भी तेज बरसात का अनुमान

रायपुर: दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकतर जिलों में मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए भारी बरसात की चेतावनी जारी की है। इसमें बीजापुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बरसात के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बीजापुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि बीजापुर जिले में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से अति भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है। प्रदेश के 7 अन्य जिलों बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कोण्डागांव, नारायणपुर, धमतरी और गरियाबंद जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में बीजापुर जिले में एक-दो स्थानों पर अति भारी बरसात का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कोण्डागांव, कांकेर और नारायणपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर अतिभारी वर्षा और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। अगले 72 घंटों में बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोण्डागांव, कांकेर और नारायणपुर जिलों के लिए अति भारी से सीमांत भारी बरसात का रेड अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने राहत आयुक्त से अति भारी बरसात के प्रभाव से राहत के लिए सतर्क रहने और जरूरी उपाय करने की अपील की है।

इस मौसमी तंत्र की वजह से बनी है यह स्थिति
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया, मानसून द्रोणिका कोटा, रायसेन, रायपुर, दीघा और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा झारखंड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। ऊपरी हवा का एक दूसरा चक्रवाती घेरा उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में भारी वर्षा का संयोग बन रहा है।

रायपुर के कालेजों में 85 प्रतिशत सीटें खाली, दूसरे चरण के पंजीयन की अंतिम तिथि आज

रायपुर के कालेजों में 85 प्रतिशत सीटें खाली, दूसरे चरण के पंजीयन की अंतिम तिथि आज

 रायपुर । Admission in College 2022: कालेजों में पहले चरण में प्रथम वर्ष के प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 85 प्रतिशत सीटें खाली रह गईं। रायपुर के प्रमुख साइंस कालेज की बात करें तो प्रथम वर्ष की 850 सीटों में 160 सीटों पर ही प्रवेश हुआ है। दूसरे चरण की काउंसिलिंग शनिवार से शुरू हो गई है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा पोर्टल खोल दिया गया है।

कालेजों में दूसरे चरण में प्रवेश के लिए छह व सात अगस्त को आनलाइन पंजीयन प्रक्रिया होगी। यानी आनलाइन पंजीयन के लिए छात्रों के पास आज का और समय है। आठ अगस्त को महाविद्यालयों को सूची प्रदान करनी होगी। नौ अगस्त को मेरिट सूची जारी होगी। इसके आधार पर सीटों पर फिर से प्रवेश शुरू होगा। छात्र नौ से 16 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे। इसके बाद बची हुई सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया खोल दिया जाएगा। कालेज प्रबंधन अपने अनुसार प्रवेश ले सकेंगे।
चल रही प्रवेश की प्रक्रिया
प्रथम चरण में प्रवेश की अंतिम तिथि पांच अगस्त को पूरी हो चुकी है। लेकिन साइंस कालेज, दुर्गा कालेज, डिग्री गर्ल्स कालेज समेत अन्य कालेजों में प्रथम सूची के नाम के अनुसार प्रवेश के लिए आए छात्रों को भी प्रवेश दिया गया। इस रायपुर के कालेजों में प्रथम वर्ष के 1500 से अधिक छात्रों ने प्रवेश लिया।
बीएड में प्रवेश को पंजीयन का आज अंतिम दिन
बीएड व डीएलएड में प्रवेश के लिए पंजीयन की आज अंतिम तिथि है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद् ने बीएड व डीएलएड पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बीएड में प्रवेश के लिए पंजीयन व आनलाइन विकल्प फार्म जमा करने की तिथि 29 जुलाई से सात अगस्त तक है। प्रथम चरण की सूची 18 अगस्त को जारी होगी। वहीं प्रवेश की प्रक्रिया 25 अगस्त तक चलेगी। रिक्त सीटों की जानकारी 26 अगस्त को दी जाएगी। द्वितीय सूची पांच सितंबर को जारी करेंगे। इसके आधार पर प्रवेश नौ सितंबर तक होंगे।
बीटेक कृषि अभियांत्रिकी में प्रवेश 15 तक
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत शासकीय व निजी महाविद्यालयों में संचालित बीटेक कृषि अभियांत्रिकी व बीटेक खाद्य प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2021-22 में दाखिले की प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हो रही है। छात्र 15 अगस्त तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। 23 अगस्त 2022 को पीईटी-2022 की प्रावीण्य सूची के आधार पर अभ्यर्थियों को सीट व महाविद्यालय का आवंटन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को 24 से 27 अगस्त के मध्य दस्तावेज परीक्षण के लिए स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी व प्रौद्योगिकी महाविद्यालय रायपुर में उपस्थित होना होगा।
आजादी की गौरव यात्रा ….75 किमी की यात्रा 9 से 15 अगस्त तक, कांग्रेस ने जारी की प्रभारियों की सूची

आजादी की गौरव यात्रा ….75 किमी की यात्रा 9 से 15 अगस्त तक, कांग्रेस ने जारी की प्रभारियों की सूची

 रायपुर/ दिल्ली में केन्द्र सरकार के खिलाफ चल रही कांग्रेस की तेज तर्रार प्रदर्शन के बीच कांग्रेस स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर पदयात्रा कर रही है। आजादी की गौरव यात्रा नाम से यह पदयात्रा 75 किमी लंबी होगी। यह यात्रा 9 अगस्त से शुरू होनी है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पदयात्रा के लिए संबंधित क्षेत्र के विधायकों को प्रभारी बनाया है। छत्तीसगढ़ में 90 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं, जिनमें से 71 में कांग्रेस के विधायक हैं। जिन 19 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के विधायक नहीं हैं, उनमें से 15 क्षेत्रों में 2018 का चुनाव हारे नेताओं को प्रभार मिला है। जबकि रायपुर दक्षिण में कन्हैया अग्रवाल चुनाव हारे थे लेकिन प्रभार पूर्व महापौर और रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे को सौंपा गया है। इसके पीछे की वजह बतायी जा रही है महापौर ढेबर व शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे के साथ तालमेल बनाकर दमदार मौजूदगी दिखाने की रणनीति तय की गई है। इसलिए भी कि समापन अवसर पर रायपुर में एक बड़ी सभा होनी है। भाजपा के कद्दावर नेता बृजमोहन अग्रवाल का गढ़ माना जाता है यह इलाका। राजनांदगांव में प्रत्याशी रहीं करुणा शुक्ला के निधन की वजह से पदयात्रा का प्रभार कुलबीर छाबड़ा को दिया गया है। वहीं कोटा विधानसभा में प्रत्याशी रहे विभोर सिंह की जगह विजय केशरवानी को प्रभार मिला है। पामगढ़ में पूर्व प्रत्याशी गोरेलाल वर्मन की जगह रवि भारद्वाज को पदयात्रा का प्रभारी बनाया गया है। 9 अगस्त से शुरू होकर यह पदयात्रा 15 अगस्त को संपन्न होगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उनके विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पाटन में पदयात्रा का नेतृत्व करना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम कोण्डागांव में, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत सक्ती में और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा की जिम्मेदारी संभालेंगे। शेष मंत्रियों में ताम्रध्वज साहू को दुर्ग ग्रामीण, रविन्द्र चौबे को साजा, डॉ. शिवकुमार डहरिया आरंग, मोहम्मद अकबर को कवर्धा, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम को प्रतापपुर, कवासी लखमा को कोंटा, अमरजीत भगत को सीतापुर, उमेश पटेल को खरसिया, जयसिंह अग्रवाल को कोरबा, अनिला भेडिय़ा को डोंडी-लोहारा और गुरु रुद्र कुमार को अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा की अगुवाई करनी है। देवेंद्र यादव भिलाई नगर में और बदरुद्दीन कुरैशी वैशाली नगर के प्रभारी होंगे।
सरगुजा संभाग के भरतपुर सोनहट में गुलाब सिंह कमरो, मनेन्द्रगढ़ में डॉ. विनय जयसवाल, बैकुंठपुर में अंबिका सिंहदेव, प्रेमनगर में खेलसाय सिंह, भटगांव में पारसनाथ राजवाड़े, रामानुजगंज में वृहस्पति सिंह, सामरी में चिंतामणी महाराज, लुण्ड्रा में डॉ. प्रीतम राम, जशपुर में विनय भगत, कुनकुरी में यू.डी. मिंज और पत्थलगांव में रामपुकार सिंह इस पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
लैलुंगा में चक्रधर सिदार, रायगढ़ में प्रकाश नायक, सारंगढ में उत्तरी जांगड़े, धरमजयगढ़ में लालजीत सिंह राठिया, कटघोरा में पुरुषोत्तम कंवर, पाली तानाखार में मोहित केरकेट्टा, मरवाही में डॉ. के.के. ध्रुव, तखतपुर में डॉ. रश्मि सिंह, बिलासपुर में शैलेश पाण्डेय, चंद्रपुर में रामकुमार यादव को जिम्मा मिला है।सरायपाली में किस्मत लाल नंद, बसना में देवेन्द्र बहादुर सिंह, खल्लारी में द्वारिकाधीश यादव, महासमुंद में विनोद चंद्राकर, बिलाईगढ़ में चंद्रदेव प्रसाद राय, कसडोल में शकुंतला साहू, धरसींवा में अनिता शर्मा, रायपुर ग्रामीण में सत्यनारायण शर्मा, रायपुर शहर पश्चिम में विकास उपाध्याय, रायपुर शहर उत्तर में कुलदीप जुनेजा, अभनपुर में धनेन्द्र साहू, राजिम में अमितेष शुक्ल और सिहावा में लक्ष्मी ध्रुव को प्रभारी बनाया है।संजारी बालोद में संगीता सिन्हा, गुण्डरदेही में कुंवर सिंह निषाद, दुर्ग शहर में अरूण वोरा, भिलाई नगर में देवेंद्र यादव, बेमेतरा में आशीष छाबड़ा, नवागढ़ में गुरदयाल सिंह बंजारे पंडरिया में ममता चंद्राकर, खैरागढ़ में यशोदा वर्मा, डोंगरगढ़ में भुनेश्वर सिंह बघेल, डोंगरगांव में दलेश्वर साहू, खुज्जी में छन्नी साहू, मोहला-मानपुर में इंदरशाह मंडावी को यात्रा का नेतृत्व करना है।बस्तर संभाग के 12 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का ही कब्जा है। यहां अंतागढ़ में अनूप नाग, भानुप्रतापपुर में मनोज मंडावी, कांकेर में शिशुपाल सोरी, केशकाल में संतराम नेताम, नारायणपुर में चंदन कश्यप, बस्तर में लखेश्वर बघेल, जगदलपुर में रेखचंद जैन, चित्रकोट में राजमन बेंजाम, दंतेवाड़ा में देवती कर्मा और बीजापुर में विक्रम शाह मंडावी को यात्रा का प्रभार मिला है। कोंटा में मंत्री कवासी लखमा और कोण्डागांव में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम यह जिम्मा संभालेंगे।

भाजपा, बसपा और जकांछ के क्षेत्रों में इनको जिम्मा
जिन क्षेत्रों में भाजपा, बसपा और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के विधायक हैं वहां प्रमुख नेताओं को जिम्मा मिला है। रामपुर में श्यामलाल कंवर, कोटा में विजय केशरवानी, लोरमी में शत्रुहन लाल चंद्राकर, मुंगेली में राकेश पात्रे, बिल्हा में राजेन्द्र शुक्ला, बेलतरा में राजेन्द्र कुमार साहू को प्रभारी बनाया गया है। वहीं मस्तुरी में दिलीप लहरिया, अकलतरा में चुन्नीलाल साहू, जांजगीर-चांपा में मोतीलाल देवांगन, जैजेपुर में अनिल कुमार चंद्रा, पामगढ़ में रवि भारद्वाज, बलौदाबाजार में जनक राम वर्मा, भाटापारा में सुनील महेश्वरी, रायपुर शहर दक्षिण में प्रमोद दुबे को यह जिम्मा मिला है। बिन्द्रानवागढ़ में संजय नेताम, कुरूद में लक्ष्मीकांता साहू, धमतरी में गुरूमुख सिंह होरा, वैशाली नगर में बदरुद्दीन कुरैशी और राजनांदगांव में कुलबीर छाबड़ा प्रभारी होंगे।

राजधानी में देर रात चली गोली, आसपास में सनसनी का माहौल, घटनास्थल में पुलिस तैनात

राजधानी में देर रात चली गोली, आसपास में सनसनी का माहौल, घटनास्थल में पुलिस तैनात

 रायपुर। राजधानी में देर रात गोली चलने से सनसनी फैल गई। राजेंद्र नगर क्षेत्र के बसंत विहार कालोनी में गोली चली है। अज्ञात युवकों के द्वारा गोली चलाई गई है। गोली मारने के बाद ये घायल को अपने साथ कार में लेकर फरार हो गए हैं। सड़क पर खून फैला हुआ है। घटना रात लगभग साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। कालोनी के लोगों की सूचना के बाद राजेंद्र नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है।

 समाचार लिखे जाने तक ये स्पष्ट नहीं हो पाया कि गोली किस पर चली है और इसे चलाने वाले कौन हैं? घटनास्थल पर एसएसपी, एडिशनल एसपीएसपी पहुंच गए हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी सीजी 07 नंबर वाली कार में थे। आस पास रहने वाले लोग जब तक बाहर निकल के आये तब तक आरोपी कार से फरार हो गए थे।पुलिस के अनुसार, उक्त कार तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव के पास लावारिस स्थित में मिली है।
शरारती तत्वों का अड्डा बना शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला..सुबह कांच की बोतलों से भरा होता है परिसर

शरारती तत्वों का अड्डा बना शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला..सुबह कांच की बोतलों से भरा होता है परिसर

 रायपुर। राजधानी के कई स्कूल इन दिनों असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है. शहर के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तेलीबांधा में चोरी और नशाखोरी से यहां के प्राचार्य परेशान हो चुके हैं. आलम ये है कि स्कूल में लगे पंखे, लाइट, टंकी, मध्याहन भोजन के बर्तन आदि चोरी हो जाते हैं. हफ्ते में दो दिन कमरों के ताले टूटे हुए मिलते हैं. मामलो को लेकर कई बार शिकायत भी की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती.शासकीय प्राथमिक शाला की प्राचार्य पुष्पलता श्रीवास्तव ने बताया कि हम बहुत ज्यादा परेशान हैं. सप्ताह में दो बार ताला तोड़ दिया जाता है, चोरी हो रही है, स्कूल बंद होते ही ये असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाता है. जो कई बार शौचालय बनवाते हो गया है, शौचालय से टंकी, इसमें लगा लोहा, पाईप, सभी को निकाल के ले गए हैं. बच्चों को अभी शौचालय की समस्या हो रही है, क्योंकि उपद्रवी लोग तीन टंकी के साथ वहां लगे पाइप और नल भी चोरी करके ले गए हैं.


घर से पानी लाते हैं बच्चे

स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने बताया कि हमारे लिए शौचालय नहीं है. जहां पढ़ते हैं उसी स्कूल के पीछे टॉयलेट जाते हैं. अच्छा नहीं लगता है. जो शौचालय बनाए गए हैं उसको शरारती तत्व तोड़ देते हैं. पीने के लिए पानी नहीं है, जो पानी आता है वो बंद होता है. इसलिए हमे पानी घर से लाना पड़ता है. वहीं विद्यार्थियों ने कहा कि हमारा स्कूल का मैदान जब सुबह स्कूल आते हैं तो यहां कांच के टुकड़े बिखरे होते हैं. कभी हम लोग साफ करते हैं कभी सफाई वाली दीदी साफ करती हैं.

 

पद से हटाए गए रिश्वतखोर BEO को अब किया गया निलंबित, महिला समूह से मध्यान्ह भोजन के एवज में मांगी थी रकम

पद से हटाए गए रिश्वतखोर BEO को अब किया गया निलंबित, महिला समूह से मध्यान्ह भोजन के एवज में मांगी थी रकम

 रायपुर। संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय सुनील कुमार जैन ने मनीराम यादव, (व्याख्याता) तत्कालीन विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (BEO) बगीचा एवं वर्तमान व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिमडा विकासखण्ड दुलदुला, जिला जशपुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके विरूद्ध मध्यान्ह भोजन योजना में कार्यरत विभिन्न महिला स्व सहायता समूह के पदाधिकारियों द्वारा कमीशनखोरी की शिकायत की गई थी।

बता दें कि जशपुर के बगीचा में कुछ समय पूर्व महिला समूहों ने शिकायत की थी कि BEO मनीराम यादव मध्यान्ह भोजन के कार्य के भुगतान के एवज में प्रदान की गई राशि में से 8 प्रतिशत रकम की मांग करते हैं। नहीं दिए जाने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शपथ पत्र, सीडी सहित प्रस्तुत किया गया था। पुख्ता शिकायत के आधार पर BEO मनीराम वर्मा को पद से हटाते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिमरा विकासखण्ड दुलदुला में बतौर व्याख्याता पदस्थ कर दिया गया, साथ ही मामले में कार्रवाई के लिए संचालक, लोक शिक्षण को पत्र लिखा गया।
इस सन्दर्भ में संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय सुनील कुमार जैन द्वारा जारी आदेश में उल्लेख है कि मनीराम यादव (व्याख्याता) तत्कालीन विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं वर्तमान व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिमरा विकासखण्ड दुलदुला जिला जशपुर का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के नियम 9 (क) के विपरीत है के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। यादव की निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर नियत किया गया है।

 

अधिक दाम में बेच रहे थे खाद, विभाग ने 3 दुकानों को किया सील

अधिक दाम में बेच रहे थे खाद, विभाग ने 3 दुकानों को किया सील

 बलौदाबाजार: कलेक्टर रजत बंसल के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा खाद दुकानों में लगातार छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जिसके तहत विकासखंड बिलाईगढ़ अंतर्गत भटगांव नगर के तीन खाद दुकान सील किए गए। भटगांव क्षेत्र से उर्वरक अधिक दर पर विक्रय करने के शिकायत प्राप्त हो रही थी। जिसके जांच हेतु स्थानीय उर्वरक निरीक्षक के उपस्थिति में जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा छापेमारी की कारवाई की गई।


भटगांव के स्थानीय कृषकों से संपर्क करने के पश्चात बयान प्राप्त कर मेसर्स प्रमोद कृषि केंद्र भटगांव का निरीक्षण किया गया निरीक्षण में विक्रेता द्वारा अधिक दर पर उर्वरक विक्रय करने के साथ साथ कृषकों को बिल नहीं दिया जाना भी पाया गया। जो की उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के खंड 3(3) तथा 5 का स्पष्ट उलंघन है। इसी प्रकार मेसर्स राहुल हार्डवेयर,भटगांव एंव मेसर्स पुष्पराज केशरवानी में निरीक्षण के दौरान निर्धारित प्रपत्र में बिल बुक (फॉर्म एम) संधारित किया जाना नहीं पाया गया जोकि उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के खंड 5 का स्पष्ट उल्लंघन है। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों विक्रय केंद्रों को सील कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब प्राप्त होने के पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी

इस प्रकार पूर्व में भी छापेमारी के दौरान विकासखंड बलौदाबाजार के मेसर्स महादेव एंड खाद, लाहोद तथा मेसर्स न्यू किसान ट्रेडर्स, अर्जुनी के द्वारा भी निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक विक्रय किया जाना पाया जाने पर गोदाम सील कर उर्वरक प्राधिकार पत्र निलंबित किया गया। विकासखंड भाटापारा में ग्राम बोरसी में यदुनंदन कृषि सेवा केंद्र द्वारा केसीसी के माध्यम से प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, से उर्वरक प्राप्त कर अपने निजी विक्रय केंद्र से अधिक दर पर कृषकों को खाद विक्रय किया जाना पाया गया था। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर उपलब्ध 50 बोरी उर्वरक जप्त कर नोटिस किया गया है। ग्राम करही बाजार में महामाया कृषि केंद्र द्वारा भी उर्वरक निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर विक्रय करने के कारण गोदाम सील कर कारण बताओ नोटिस की जारी किया गया है। जवाब प्राप्ति पश्चात अग्रिम कार्रवाई की जाएगी ।

कृषि विभाग द्वारा जमाखोरी एवं कालाबाजरी को रोकने के उद्देश्य से नियमित रूप से निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है । तथा विक्रेताओं को नियमानुसार ही उर्वरक विक्रय करने हेतु चेतावनी भी दी जा रही है। निरीक्षण दल में सहायक संचालक सतराम पैकरा,एस. डी.ओ. जय इंद्र कंवर,उर्वरक निरीक्षक एल. पी. देवांगन, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सीमांचल गौड़ शामिल थे l

कॉलेज जाने निकला था छात्र, फिर इस हालत में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

कॉलेज जाने निकला था छात्र, फिर इस हालत में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

 गरियाबंद। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्र का शव पेड़ से लटका मिला है। छात्र कॉलेज जाने के लिए रायपुर से अभनपुर निकला था। इसके बाद से उसका शव पेड़ पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम चरवाहे अपने पशुओं को लेकर जंगल से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बाबाकूपि जंगल के पास एक युवक का शव फांसी से लटका हुआ देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव नीचे उतरवाया और उसकी शिनाख्त करवाई। देर रात पता चला कि युवक रायपुर के चंडी बेलर का रहने वाला नंद किशोर साहू (22) है। वह अभनपुर के हीरा लाल कॉलेज में ग्रेजुएशन का छात्र था। रोज की तरह नंद किशोर शुक्रवार को भी बाइक से कॉलेज जाने के लिए निकला था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। इसके बाद से परिजन उसे तलाश रहे थे।

नंद किशोर अगर अभनपुर कॉलेज जाने निकला था तो शव राजिम में कैसे मिला है। उसने खुदकुशी की है हत्या कर लटकाया गया है, इसके लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। तब तक पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।

9 अगस्त से शुरू होगी कांग्रेस की आजादी गौरव यात्रा, सीएम भूपेश पाटन से करेंगे अगुवाई

9 अगस्त से शुरू होगी कांग्रेस की आजादी गौरव यात्रा, सीएम भूपेश पाटन से करेंगे अगुवाई

 रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस 9 अगस्त से हर जिले में आजादी गौरव यात्रा शुरू करेगी। यह यात्रा 15 अगस्त तक चलेगी। इसके लिए विधायकों और पूर्व विधानसभा प्रत्याशियों को प्रभारी बनाया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने विधानसभा क्षेत्र पाटन में इस यात्रा की अगुवाई करेंगे। वहीं मंत्रियों को भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस ने हर विधानसभा क्षेत्र में 75 किलोमीटर पदयात्रा का लक्ष्य तय किया है। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता, दलित कार्यकर्ताओं के घर रात्रि विश्राम और भोजन करेंगे।

बता दें कि प्रदेश की 90 सीट में से 71 पर कांग्रेस के विधायक हैं। अधिकांश स्थान पर पिछले चुनाव के प्रत्याशियों को ही जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम कोंडागांव और विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत सक्ती विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा करेंगे। वहीं रायपुर दक्षिण का प्रभारी पूर्व महापौर और लोकसभा में कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रमोद दुबे को बनाया गया है।

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, आगामी 72 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, आगामी 72 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी

 रायपुर। प्रदेश में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट ज़ारी किया है। आगामी 72 घंटों के लिए जारी किये गए रेड अलर्ट में बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोंडागाँव, कांकेर, नारायणपुर, धमतरी व गरियाबंद जिलों में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा तथा वज्रपात होने की संभावना है।

 विभाग की चेतावनी में बताया गया है कि भारी बारिश का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा आगामी 72 घंटों के लिए बस्तर संभाग के बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोंडागाँव जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिणी जिलों यानी बस्तर संभाग में भारी बारिश होने तथा दक्षिण छोर में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।

विवादों में घिर सरगुजा कलेक्टर, ट्रांफसर पर अधिकारी ने लगाई संघ से गुहार

विवादों में घिर सरगुजा कलेक्टर, ट्रांफसर पर अधिकारी ने लगाई संघ से गुहार

 अंबिकापुरः सरगुजा कलेक्टर विवादों में घिर गए हैं। सहायक सूचना अधिकारी सुखसागर वारे और जिला जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ सहायक संचालक दर्शन सिंह सिदार ने कलेक्टर कुंदन कुमार पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई है।


छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष को लिखे पत्र के अनुसार बीते 3 अगस्त को सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिला जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ सहायक संचालक और सहायक सूचना अधिकारी को कार्यक्रम कवरेज और समाचार को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। दोनों अधिकारियों ने ये भी कहा कि इससे वे आहत हैं और अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसके लिए कलेक्टर कुंदन कुमार जिम्मेदार होंगे।


इस बीच सरगुजा कलेक्टर ने सूचना सहायक सुखसागर वारे को सीतापुर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में अटैच कर दिया है। इस मामले में कलेक्टर कुंदन कुमार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। वहीं छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा कर फैसला लेगा।

रायपुर में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तैयार किए जा रहे 60 हजार राष्ट्रीय ध्वज

रायपुर में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तैयार किए जा रहे 60 हजार राष्ट्रीय ध्वज

 रायपुर: आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शासन के निर्देशानुसार 13 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है, जिसके लिए रायपुर के छेरीखेड़ी गांव में कल्पतरू सेंटर की 30 महिलाएं झंडा बनाने का काम कर रही हैं।

बता दें कि 'हर घर झंडा' अभियान के तहत आमजनों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आगामी 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, कार्यालय, प्रतिष्ठानों में राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा।

इस अभियान के लिए उजाला ग्राम संगठन से जुड़ी महिला समूहों की दीदियां तिरंगा बनाने में जुटी हुई है। इन महिलाओं को 60 हजार झंडे बनाने का लक्ष्य दिया गया है। जिला प्रशासन इन महिलाओं की पूरी मदद कर रहा हैं।

उत्कृष्ट गौठानों को मिलेगा पुरस्कार, यहां पढ़ लें कैसे मिलेंगे 10 लाख रुपए

उत्कृष्ट गौठानों को मिलेगा पुरस्कार, यहां पढ़ लें कैसे मिलेंगे 10 लाख रुपए

 रायपुरः छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट गौठानों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा ।इसके लिए कृषि विभाग द्वारा उकृष्ट गौठनों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य के तीन सर्वश्रेष्ठ गौठानों को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में 50-50 हजार रूपए का पुरस्कार तथा प्रत्येक जिले के एक-एक उत्कृष्ट गौठानों को 25-25 हजार रूपए का  पुरस्कार जिला स्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा। समारोह में उत्कृष्ट गौठान से संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं गौठान समिति के अध्यक्ष को मुख्य अतिथि द्वारा शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया जाएगा। उत्कृष्ट गौठानों को पुरस्कृत करने हेतु 10 लाख रुपए का अनुमोदन गोधन न्याय मिशन की बैठक में किया जा चुका है।  


कृषि विभाग ने उत्कृष्ट गौठानों के चयन के लिए बुनियादी ढ़ांचा, गोबर क्रय एवं कम्पोस्ट उत्पादन, विविध आजीविका एवं स्वावलंबन को आधार मानते हुए इसके लिए कुल 100 अंक निर्धारित किए हैं। बुनियादी ढांचा के अंतर्गत गौठानों में पानी, विद्युत, शेड, कोटना निर्माण, सोलर पम्प, फेंसिंग सहित जियो टैगिंग के लिए अधिकतम 7 अंक निर्धारित किया गया है। गौठानों में गोबर क्रय एवं कम्पोस्ट उत्पादन के अंतर्गत गोबर की सक्रिय खरीदी, मात्रा, सक्रिय गोबर विक्रेता, वर्मी टांकों की उपलब्धता, गोबर से कम्पोस्ट रूपांतरण का अनुपात, उत्पादन के विरूद्ध वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय एवं मानक नमूनों के प्रतिशत के लिए अधिकतम 71 अंक निर्धारित किए गए हैं, जबकि गौठानों में आजीविकामूलक गतिविधियों तथा महिला समूह के प्रति सदस्य की औसत आय पर अधिकतम 12 अंक तथा स्वावलंबी गौठान द्वारा गोबर क्रय हेतु किए गए भुगतान की किश्त संख्या के लिए अधिकतम 10 अंक निर्धारित है। 


उत्कृष्ट गौठान चयन के लिए जिला एवं राज्य स्तर पर समिति गठित की गई है, जिसके द्वारा उत्कृष्ट गौठानों का चयन गोधन न्याय योजना पोर्टल/जीमैप में प्रवेष्टि आंकड़ों के आधार पर निर्धारित मापदंड के अनुरूप करके निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया जाएगा। जिला स्तर पर एक गौठान को पुरस्कृत करने हेतु प्रत्येक विकासखण्ड स्तर से एक-एक उत्कृष्ट गौठान में से दो उत्कृष्ट गौठानों का चयन कर जिला स्तरीय समिति द्वारा निरीक्षण एवं मूल्यांकन कर पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित उत्कृष्ट गौठान का राज्य स्तर पर चयन होने की स्थिति में जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट गौठान जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए पात्र होंगे।


राज्य स्तर पर तीन गौठानों को पुरस्कृत करने के लिए जिला स्तर पर चयनित दो-दो उत्कृष्ट गौठानों के नाम को कलेक्टर के अनुमोदन पश्चात संभाग स्तर पर संयुक्त संचालक कृषि की अध्यक्षता में गौठानों के निरीक्षण एवं मूल्यांकन हेतु गठित समिति को भेजा जाएगा। संभाग स्तरीय समिति द्वारा कृषि संचालनालय को 7 अगस्त तक उपलब्ध कराए गए प्रस्ताव ही मान्य होंगे। संचालनालय स्तर पर गठित समिति द्वारा संभाग स्तरीय समिति की अनुशंसा से प्राप्त उत्कृष्ट गौठानों में से राज्य स्तर हेतु तीन उत्कृष्ट गौठानों का चयन करेगी और प्रशासकीय अनुमोदन के लिए सूची 8 अगस्त तक शासन को उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देश की नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज सौजन्य मुलाक़ात की।

राजधानी में फिर हुई चाकूबाजी, हॉर्न बजाने को लेकर दो युवकों पर रक्सेल गैंग के बदमाश ने किया हमला

राजधानी में फिर हुई चाकूबाजी, हॉर्न बजाने को लेकर दो युवकों पर रक्सेल गैंग के बदमाश ने किया हमला

 रायपुर। राजधानी के लाखेनगर इलाके में मामूली सी बात पर चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया गया है। यहां बदमाशों ने तेज हार्न बजाने को लेकर दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। पूरा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मिली जानकारी अनुसार रक्सेल गैंग के बदमाश लोकेश रक्सेल ने घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित राजिक और विनय शर्मा को चाकू मारकर आरोपी फरार हो गए। कार में आये रक्सेल गैंग के लोगो द्वारा हार्न बजाने से मना करने पर विवाद के चलते यह घटना हुई। बदमाशों ने पीड़ित राजिक के पेट, जांघ और विनय शर्मा के जांघ में चाकू से हमला किया है। घायल विनय शर्मा की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों का ईलाज मेकाहारा अस्पताल में जारी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को भेजा तिरंगा, झंडा फहराने और DP लगाने का किया अनुरोध

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को भेजा तिरंगा, झंडा फहराने और DP लगाने का किया अनुरोध

 रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को संघ मुख्यालय नागपुर में फहराने के लिए खादी का तिरंगा भेजा है। मोहन मरकाम ने यह तिरंगा झंडा कुरियर के माध्यम से भेजा है।


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा है कि वे अपने पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय में तिरंगा फहराने के लिये संघ प्रमुख मोहन भागवत से अनुरोध करें।

जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने ध्वस्त किया माओवादी कैंप...

जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने ध्वस्त किया माओवादी कैंप...

 कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार शाम को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बरसते पानी में जंगल में घुसे जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जान बचाकर भाग निकले। मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है। इस दौरान जवानों ने नक्सलियों का एक कैंप भी ध्वस्त किया है। वहीं पर भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद हुई है। एसपी शलभ सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को डीआरजी के जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। करीब एक घंटे तक दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। फिर जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से जान बचाकर भाग निकले। फायरिंग रुकने के बाद जवानों ने सर्चिंग शुरू की तो जंगल में नक्सलियों का कैंप मिला।

सर्चिंग के दौरान कैंप से भारी मात्रा में किताबें, दवाइयां, नक्सली वर्दी, बर्तन, खाने का सामान सहित अन्य सामग्री बरामद हुई है। फिलहाल रात तक जवानों की जंगल में तलाशी जारी थी।

तलाशी के दौरान कैंप से भारी मात्रा में किताबें, दवाइयां, नक्सली वर्दी, बर्तन, खाने का सामान सहित अन्य सामग्री बरामद हुई है। फिलहाल रात तक जवानों की सर्चिंग जंगल में जारी रहीं।

BJP ने की प्रदेश प्रवक्ताओं की नियुक्ति, इन्हें सौंपी जिम्मेदारी...

BJP ने की प्रदेश प्रवक्ताओं की नियुक्ति, इन्हें सौंपी जिम्मेदारी...

 रायपुर: भारतीय जनता पार्टी ने मीडिया में पार्टी का पक्ष रखने के लिए प्रदेश प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने पूर्व मंत्री डॉक्टर कृष्णमूर्ति बांधी, ओपी चौधरी, संदीप शर्मा, रंजना साहू, केदारनाथ गुप्ता और देवलाल ठाकुर को बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है।
बता दें कि पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, पूर्व मंत्री केदार कश्यप, संजय श्रीवास्तव, अनुराग सिंह देव पहले से ही भाजपा प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मीडिया में पार्टी का पक्ष रखने के लिए प्रवक्ताओं का विस्तार किया है।

छत्तीसगढ़ में 36वें राष्ट्रीय खेल की तैयारियां शुरू...

छत्तीसगढ़ में 36वें राष्ट्रीय खेल की तैयारियां शुरू...

 रायपुर: 36वां राष्ट्रीय खेल गुजरात में होने जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य से विभिन्न खेलों में खिलाड़ी भाग लेंगे। राष्ट्रीय खेल का आयोजन आगामी सितंबर माह में होगा। राज्य के खिलाड़ी नेशनल गेम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके और अधिक से अधिक पदक जीत सकें, इसके लिए खेल संचालनालय ने तैयारियां प्रारंभ कर दी है।

36वां राष्ट्रीय खेल के लिए क्वालिफाई करने वाले खिलाड़ियों की अधिकृत जानकारी खेल संचालनालय द्वारा खेल संघों से मंगाई गई है, जिसके आधार पर खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण कैम्प का आयोजन कराया जायेगा। राज्य की खिलाड़ियों को उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सहायता एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा।

ट्रेलर की चपेट में आये तीन युवक, मौके पर ही मौत, भगवान शिव के दर्शन को जा रहे थे तीनो…

ट्रेलर की चपेट में आये तीन युवक, मौके पर ही मौत, भगवान शिव के दर्शन को जा रहे थे तीनो…

 रायगढ़ : Big Accident : जिले में सड़क दुर्घटना में दो भाइयों समेत तीन किशोरों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ट्रेलर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों रूपसिंह अगरिया (18 वर्षीय) और रूप नारायण अगरिया (15 वर्षीय) तथा अन्य किशोर भुवनेश्वर राठिया (16 वर्षीय) की मौत हो गई है।

खरसिया के थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि तीन किशोर मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरगढ़ मन्दिर में भगवान शंकर के दर्शन कर अपने गांव बांधापाली लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि जब वह बरगढ़ गांव से कुछ दूरी पर थे तब ट्रेलर की चपेट में आ गए और इस घटना में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस दल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सभी क्षेत्रों में विकास से प्रदेश में आया बड़ा परिवर्तन – बघेल

सभी क्षेत्रों में विकास से प्रदेश में आया बड़ा परिवर्तन – बघेल

 रायपुर / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राज्य में खेती-किसानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यवसाय सहित अन्य क्षेत्रों में बीते साढ़े तीन सालों में तेजी से विकास के चलते प्रदेश में व्यापक बदलाव दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ सरकार की राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, लघु वनोपज की खरीदी एवं प्रसंस्करण सहित नवीन औद्योगिक नीति के चलते छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था बेहतर बनी रही, जिसके चलते व्यापार व्यवसाय में भी तेजी आई है। मुख्यमंत्री बघेल आज शाम रायपुर अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ के प्रतिनिधि मण्डल को सम्बोधित कर रहे थे।

इससे पूर्व छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ के प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राज्य के सभी समाज विशेषकर पिछड़ा वर्ग के हित में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के लिए उनका आभार जताया। प्रतिनिधिमण्डल ने जगदलपुर में यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का सेंटर स्थापित करने, संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के सेंटर की स्थापना, कांकेर में बीएड कॉलेज तथा बस्तर संभाग के सभी विकासखण्डों में स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने तथा बस्तर संभाग के सभी जिला मुख्यालयों में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास बनाए जाने की घोषणा के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।  मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों के खुशहाली और बेहतरी को ध्यान में रखकर छत्तीसगढ़ सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों, किसानों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित किए जा रहे हैं। गोधन न्याय योजना के माध्यम में ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार को बढ़ावा मिला है। लघु वनोपज की खरीदी और प्रसंस्करण के जरिए वनवासियों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने की पहल की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य में किसानों को उनकी उपज को उचित मूल्य पर खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य में सहकारी समितियों और धान खरीदी केन्द्रों की संख्या में बढ़ोत्तरी की गई है। राज्य में अब 65 प्रकार की लघु वनोपज की खरीदी की जा रही है। कोदो, कुटकी और रागी की खेती को बढ़ावा देने के लिए मिलेट मिशन की शुरू किया गया है। समर्थन मूल्य पर मिलेट की खरीदी चलते किसानों का रूझान इसकी खेती की ओर बढ़ा है। राज्य में मिलेट्स का रकबा दोगुना हो गया है। राज्य में पात्र वनवासियों को वन अधिकार पट्टों का वितरण किया गया है। नरवा विकास कार्यक्रम से खेती-किसानी को लाभ पहुंचा है। हाट बाजार क्लीनिक योजना और मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान से लोगों को सहजता से स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने लगी है। बस्तर में मलेरिया और उल्टी, दस्त के मामलों में प्रभावी रोक लगी है।

इस अवसर पर खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरिश देवांगन, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू, सुरेश पटेल, तरूण धाकड़, अंगेश हिरवानी, गणेश यादव, फूलचंद दीवान, बल्ली राम सिन्हा, नितिन यादव, धनी राम, चिंता राम साहू सहित सभी जिलों के पिछड़ा वर्ग कल्याण संघ के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

पीएम ने आज बुलाया सभी प्रदेशों के राज्यपाल व मुख्यमंत्रियों को, बैठक में शामिल होंगे उइके व बघेल

पीएम ने आज बुलाया सभी प्रदेशों के राज्यपाल व मुख्यमंत्रियों को, बैठक में शामिल होंगे उइके व बघेल

 रायपुर/ आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार की शाम को 4.30 बजे देश के सभी राज्यों के राज्यपाल व मुख्यमंत्रियों को बुलाया भेजा हैं। इस बैठक में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। यह बैठक राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सात अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद मुर्मु से मुख्यमंत्री की यह पहली मुलाकात होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री बघेल नीति आयोग की बैठक में भी शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बघेल 22 अगस्त को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मध्य क्षेत्र अंतरराज्यीय परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए भोपाल भी जाएंगे। मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने के बाद बघेल पहली बार भोपाल जाएंगे। मध्य क्षेत्र अंतरराज्यीय परिषद की यह दूसरी बैठक है। इससे पहले वर्ष 2019 में यह बैठक रायपुर में हुई थी।

लापता युवक की पावर प्लांट में 50 फीट ऊपर मिली लाश, परिजनों ने दिया था धरना

लापता युवक की पावर प्लांट में 50 फीट ऊपर मिली लाश, परिजनों ने दिया था धरना

 जांजगीर-चांपा। जिले में डभरा के उचपिंडा में RKM पावर प्लांट के अंदर एक कर्मचारी का शव 50 फीट की ऊंचाई में मिला है। मृतक 3 अगस्त से लापता था। उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने गुरुवार को गेट के बाहर धरना भी दिया था। मामला डभरा थाना क्षेत्र का है।

पावर प्लांट के बॉयलर डिपार्टमेंट में मालखरौदा क्षेत्र का रहने वाला गजेंद्र मनहर(28) पिछले 6 साल से हेल्पर के रूप में काम करता था। रोज की तरह 3 अगस्त को भी सुबह ड्यूटी पर गया था लेकिन वापस घर नहीं लौटा था। जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी, देर शाम तक भी उसका कुछ पता नहीं चला था। 4 अगस्त को परिजनों ने गेट के बाहर जाकर धरना दे दिया था।

उनका कहना था कि युवक प्लांट से ही लापता हुआ और यहां ही किसी को पता नहीं चला। फिर दिन भर परिजन गेट के बाहर ही बैठे रहे थे। फोर्स को भी तैनात किया गया था। पुलिस से भी मामले की शिकायत की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने प्लांट के अंदर भी उसकी तलाश की। देर शाम ही प्लांट के बॉयलर एरिया में निर्माणाधीन लिफ्ट में 50 फीट ऊपर उसका शव मिल गया। बाद में शव को पीएम के लिए भेज दिया गया था। अब शुक्रवार को शव का पीएम किया गया है। जिसके बाद अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है।

गजेंद्र की मौत के बाद प्रबंधन ने उसके परिजनों को परिजनों को तत्काल 11 लाख रुपए की नगद सहायता राशि दी है। इसके अलावा परिवार के एक शख्स को नौकरी देने का ऐलान किया गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में जांच जारी है।