रायपुर, वीएनएस अग्रसेन महाविद्यालय पुरानी बस्ती रायपुर, ने स्व. सुशांत अग्रवाल की स्मृति में सोमवार को महाविद्यालय परिसर में उत्तर पुस्तिका जमा करने आने वाले परीक्षार्थियों, विद्यार्थियों और आगंतुकों के लिए मठा वितरण किया गया। गौरतलब है कि अग्रसेन महाविद्यालय ने किसी भी विषय की पढाई करने वाले नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों की मदद के लिए स्व. सुशांत अग्रवाल की स्मृति में बुक बैंक संचालित किया जा रहा है। सोमवार के कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनएनएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही समस्त प्राध्यापकों ने भी इस आयोजन में अपना सहयोग दिया। इससे पहले कल स्व सुशांत अग्रवाल के जन्मदिन पर महाविद्यालय में संचालित बुक बैंक में उनके पिता रमेश अग्रवाल तथा महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी के अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने दिवंगत युवा का पुण्य स्मरण किया।
इस सम्बन्ध में महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी के अग्रवाल ने बताया कि इस बुक बैंक में इंजीनियरिंग, विज्ञान, वाणिज्य, कला, प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों की अनेक उपयोगी पुस्तकें किसी भी विद्यार्थी की बहुत ही न्यूनतम शुल्क पर पूरे साल भर के लिए पढ़ने के लिए प्रदान की जाती हैं । यह योजना खास तौर पर उन निर्धन विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई है, जो अधिक मूल्य के कारण अपने विषय की पुस्तकें खरीदने में समर्थ नहीं हो पाते । वर्तमान में इस सत्र से अग्रसेन महाविद्यालय के हर पाठ्यक्रम में प्रथम आने वाले छात्र को पूरे सत्र के लिए निःशुल्क पांच किताबें देने की योजना प्रस्तावित है । उन्होंने कहा कि आज जब आम तौर पर किताबें पढ़ने की रूचि कम होती जा रही है, ऐसे में किताबों के प्रति रुझान बढ़ाने का यह अच्छा प्रयास है । साथ ही युवा छात्रों को किताबें खरीदने के भारी भरकम खर्च से बचाने का भी यह एक उपक्रम है ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ युलेन्द्र कुमार राजपूत ने सभी विद्यार्थियों ने आग्रह किया कि वे इस योजना का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाकर अन्य छात्रों को भी इसके लिए उत्साहित करें । महाविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. अमित अग्रवाल ने कहा कि महाविद्यालय में सामाजिक कार्यों के आयोजन की परंपरा हमेशा से रही है।
कोरबा : क्या कोई गर्मी के सीजन में भी पिकनिक मनाता है, इसका जवाब नहीं में ही होगा। इसके बावजूद लोगों के अपने-अपने शौक होते हैं। इसी चक्कर में डेम के पास पिकनिक मनाने के दौरान मस्ती करना महंगा पड़ गया। बाघमारा डेम में एक किशोर के डूबने से आसपास के लोग सक्ते में आ गए। दूसरे दिन एसडीआरएफ को तलाश में लगाया गया है। अब तक खोज पूरी नहीं हो सकी है।
रजगामार पुलिस चौकी में इस घटना को लेकर सूचना दी गई है। चौकी प्रभारी एस के जोगी ने बताया कि यहां से कुछ ही दूरी पर डेम मौजूद है। सामान्य तौर पर ठंड के सीजन में यहां सैर सपाटा के लिए लोग पहुंचा करते हैं और बाकी सीजन में सन्नाटा पसरा रहता है। इसके बावजूद रविवार की शाम कोरबा के डिंगापुर इलाके से चार किशोर यहां पहुंचे थे। जैसा कि मालूम चला उनका उद्देश्य पिकनिक का था। संबंधित लोग उपरोक्त हिस्से को पार कर रहे थे। इस दौरान तीन किशोर खतरनाक हिस्से से पार हो गए जबकि उनका चौथा साथी 17 वर्षीय अश्वनी टोप्पो पिता संजय टोप्पो फंसने के साथ गिर गया। इस घटनाक्रम के दौरान उसने बचाव के लिए आवाज लगाई लेकिन उसके सहयोगी कुछ नहीं कर सके। उन्होंने आसपास में मौजूद अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। फौरी तौर पर यथासंभव प्रयास किये गए लेकिन कोई नतीजे नहीं आ सके।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पानी की गहराई बहुत ज्यादा है और इस स्थिति में गैर तकनीकी ढंग से डेम में उतरना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए टेक्निकली टीम जरूरी है। एसडीआरएफ टीम को हमने सूचना दी थी जिसके बाद वह यहां पहुंची है। तकनीकी उपकरणों के साथ यहां पर बचाव कार्य शुरू किया गया है। जब तक अंतिम नतीजे नहीं आ जाते कुछ नहीं कहा जा सकता।
ग्रामीण बताते हैं कि माड़ा का पारिभाषिक शब्द उस स्थान से होता है जो रहवास के तौर पर उपयोग में आता है। ग्रामीण क्षेत्र में जानवरों की पहुंच वाली जगह के परिप्रेक्ष्य में इसे प्रयुक्त किया जाता है। लोगों ने सुन रखा है कि वर्षों पहले इस जगह पर बाघ आते थे और यहां पर उनका बसेरा हुआ करता था। इसलिए इसका नाम हो गया बाघमारा। समय और परिस्थितियों के साथ कई प्रकार के बदलाव हुए इसलिए काफी समय से बाघों को यहां पर नहीं देखा गया है। यह बात जरूर है कि हाथियों की मौजूदगी यहां तक होती रही है और घटनाएं भी हुई हैं। इसलिए लोगों को सतर्क किया गया है। इन सबके बावजूद बेजा दखल और अति उत्साह के कारण अप्रिय घटनाएं होती हैं।
कोरबा : रविवार को एक युवक ने अपनी महिला मित्र के साथ मंदिर में जहर खा लिया। दोनों को जमीन पर गिरते और मुंह से झाग निकलते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों को डायल-112 से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद युवक ने बताया कि लड़की के घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसके चलते ऐसा कदम उठाया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह दर्री इलाके में रहने वाला रोशन अपनी 17 साल की गर्लफ्रेंड के साथ उरगा स्थित मड़वारानी मंदिर पहुंचा। वहां पर दोनों ने देवी के दर्शन किए और फिर मंदिर परिसर में ही हाथ में ली जहर की पुडिय़ा खोलकर मुंह में डाल ली। इसके बाद दोनों बेसुध होकर मंदिर परिसर में ही गिर पड़े।
यह देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी दोनों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। रोशन ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है। इसके चलते उसका अनापुरी गांव में आना-जाना था। वहां रहने वाली 17 साल की लड़की से उसे प्यार हो गया। दोनों ने यह बातें अपने घर में बताईं, लेकिन लड़की नाबालिग थी और उसके घर वाले कहीं और शादी करना चाहते थे। रोशन ने बताया कि दोनों सुबह ऑटो से मंदिर पहुंचे थे।
वहां दोनों ने जान देने की कोशिश की, लेकिन बच गए। अब पुलिस उसके खिलाफ केस दर्ज करेगी। लड़की नाबालिग है। हम शादी करना चाहते हैं। अब आगे क्या होगा, पता नहीं। फिलहाल दोनों अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं इस संबंध में लड़की के घर वाले बात करने को तैयार नहीं हैं।
रायपुर : कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बृजमोहन झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने धरना, प्रदर्शन, आंदोलन, सार्वजनिक आयोजन के संबंध में जो निर्देश जारी किये है वह नये नहीं है इस प्रदेश में पहले से लागू है। पिछले कुछ दशकों से लागू है। पूर्ववर्ती रमन सरकार के समय से लागू है।
आयोजनों के दौरान शांति और व्यवस्था बनाये रखने के लिये पूर्ववत बने नियमों के पालन की ही बात है इस निर्देश में है। जो नियम भारतीय जनता पार्टी के शासन काल में लागू थे जिस सरकार में बृजमोहन खुद मंत्री थे और जिसका 15 साल तक स्वयं भाजपा की रमन सरकार कड़ाई से पालन करवाती थी।उन्हीं नियमों के संबंध में जारी किये गये निर्देश अलोकतांत्रिक कैसे हो गये? कुछ दिन पहले जिस कानून के पालन के निर्देश भाजपा की उत्तरप्रदेश सरकार अपने राज्य में करती है वही कानून उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक है और छत्तीसगढ़ में गैर प्रजातांत्रिक हो गया।
कांग्रेस संचार प्रमुख शुक्ला ने कहा कि धरना, प्रदर्शन के लिये अनुमति देने शर्तें लगाने का अधिकार पुलिस को भाजपा की रमन सरकार ने दिया था। पूर्ववर्ती रमन सरकार ने बनाये गये छत्तीसगढ़ पुलिस अधिनियम 2007 के धारा 34 में सभाओं, जुलूस और परिसरों के विनियमन के तहत पुलिस को यह कानून व्यवस्था के लिये धरना प्रदर्शन, आंदोलन, आयोजन की अनुमति के लिये यह अधिकार दिया गया है कि वह शर्तों के साथ अनुमति नियम भी भाजपा ने बनाया 15 साल पालन भी किया और अब विरोध भी कर रहे यह है भाजपा का दोहरा चरित्र।
कांग्रेस संचार प्रमुख शुक्ला ने कहा कि भाजपा जिस नियमों के पालन के जारी निर्देश पर सवाल खड़ा कर आंदोलन की बातें कर जनता में भ्रम फैला रही है, वैसे ही उन नियमों को खुद रमन सरकार के द्वारा पालन करवाया जाता था। राजनैतिक, सामाजिक, कर्मचारी वर्ग के द्वारा धरना प्रदर्शन के लिये जो अनुमति दी गयी है उसको उन्हीं नियमों शर्तों के साथ दी गयी है जो 22 अप्रैल को हमारी सरकार ने जारी निर्देश में है। इसी प्रकार भाजपा की उत्तर प्रदेश सरकार के तरफ से सभी पुलिस अधीक्षक और जिलाधीशों को निर्देश दिया है जिसमें उन्होंने धरना प्रदर्शन के लिये 9 बिंदु जारी कर उनका पालन सुनिश्चित करवाने को कहा गया है। साथ ही वहां पर भी अनुमति के पूर्व शपथ पत्र और सुप्रीम कोर्ट के आदेश और उनका पालन नहीं करने पर माननीय न्यायालय की अवमानना जैसे शब्दों का भी उल्लेख है।
ऐसा ही सर्कुलर दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने 28 मार्च 2012 को जारी किया गया जिसे 19 जनवरी 20 से फिर यथावत रखा गया है जिसमें भी धरना प्रदर्शन, आंदोलन के आयोजन के लिये अनुमति का प्रावधान है तथा जिसमें अनुमति देने के पूर्व 21 बिंदुओं का अंग्रेजी में शपथ पत्र भरवाया जाता है।दिल्ली पुलिस तो भाजपा की केंद्र सरकार के अधीन है। जो नियम यूपी में लागू है, जो नियम दिल्ली में लागू है, जो नियम गुजरात में लागू है, लगभग देशभर में लागू है उसी नियम के लिये छत्तीसगढ़ में जारी निर्देश पर भाजपाई बेशर्मीपूर्वक आंदोलन की बात कर रहे हैं।
दंतेवाड़ा : जिले के थाना कटेकल्याण से 12 किलोमीटर दूरी पर स्थित ग्राम गुड़से में नक्सलियों ने बीती रात एक ग्रामीण लखमा मरकाम की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी है। मृतक लखमा मरकाम गुड़से गांव का कोटवार था, इसकी जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी, पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है, वहीं यह भी जानकारी मिल रही है कि नक्सलियों ने चारो तरफ एंबुश लगा रखा है, जिसके कारण फोर्स पैदल निकली है।
दंतेवाड़ा एसपी राजेन्द्र जयसवाल बताया कि ग्राम गुड़से में हत्या का मामला सामने आया है, पुलिस के द्वारा मामला दर्ज कर अग्रीम कार्यवाही की जा रही है।
दुर्ग : मुख्यमंत्री मितान योजना का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्चुअल शुभारंभ किया और इसी के साथ ही आज से यह योजना प्रारंभ हो गई है। योजना के तहत नागरिकों को उनके घर पर मितान के माध्यम से निर्धारित समय सीमा में पूर्ण पारदशिर्ता के साथ सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मितान योजना की शुरुआत की गई है।
अब शहर के नागरिक टोल फ्री नंबर 14545 व पोर्टल का उपयोग कर शासकीय सेवाओं से संबंधित प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर घर पहुंच सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
इस योजना से शासकीय सेवाओं का सहज ही लाभ आम नागरिक अपने निवास पर मितान के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। कॉल सेंटर/टोल फ्री व पोर्टल का उपयोग कर जरूरी सेवा जैसे जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र सुधार, मृत्यु प्रमाण पत्र सुधार, विवाह प्रमाण पत्र सुधार, दुकान एवं स्थापना पंजीयन/गुमास्ता लाइसेंस, मूल निवासी प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जन जाति प्रमाण पत्र, पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, नकल भूमि दस्तावेज व भूमि जानकारी जैसे सेवा घर बैठे ही प्राप्त कर सकेंगे। इस योजना से शासकीय कार्यालयों में दबाव कम होगा तथा नागरिकों को निर्धारित समय में सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा, समय की भी बचत होगी, आने जाने वाले खर्चों से भी मुक्ति मिलेगी, अनावश्यक दफ्तरों के चक्कर काटने से निजात मिलेगा।
शासकीय कमर्चारियों तथा प्राइवेट कमर्चारियों को भी अपने कार्य आदि से अवकाश लेने की आवश्यकता नहीं होगी वह इस माध्यम से योजना का लाभ ले सकेंगे। दिव्यांग या कार्यालय आने में अक्षम व्यक्तियों के लिए भी यह योजना बेहद लाभकारी है। पोर्टल एवं कॉल सेंटर पर संपर्क करने पर दस्तावेज की विभागीय प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत मितान नागरिक को उनके घर पर प्रमाण पत्र देने जाएंगे। नगर पालिक निगम दुर्ग और भिलाई क्षेत्र से कोई भी निवासी मुख्यमंत्री मितान योजना अंतर्गत प्रदान की जाने वाली सेवा का लाभ उठा सकता है।
दुर्ग और भिलाई निगम में प्रारंभिक तौर पर तीन मितान का चयन इस योजना से लाभ दिलाने के लिए किया गया है। विधायक श्री अरुण वोरा ने इस योजना को जन हितैषी बताया उन्होंने आगे कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि आम नागरिकों को मुलभूत सुविधा उनके घर पर ही प्राप्त होगी।
इस योजना से नागरिकों को सहूलियत मिलेगी। दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि इस योजना से अनावश्यक दफ्तरों के चक्कर काटने से नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही नागरिकों को घर पर ही सेवा का लाभ प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री मितान योजना के शुभारंभ के अवसर पर सभी संबंधित जनप्रतिनिधि, आयुक्त हरेश मंडावी और अन्य अधिकारीगणों ने अपनी वर्चुअल उपस्थिति दर्ज कराई।
रायपुर | मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज श्रम दिवस के अवसर पर शासकीय कर्मचारियों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता का तोहफा दिया है। उन्होंने कर्मचारियों के हित में लिए गए इस फैसले की जानकारी ट्वीट कर दी है। शासकीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की यह दर एक मई से ही लागू होगी। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राज्य के कर्मचारियों को 17 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त हो रहा है, जो अब बढ़कर 22 प्रतिशत हो जाएगा।
कर्मचारियों के हित में आज हमने एक बड़ा फैसला लिया है।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) May 1, 2022
शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में पाँच प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की घोषणा करता हूँ।
यह दर आज 1 मई से ही लागू होगी।
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। यहाँ सीपत क्षेत्र में रहने वाली 27 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म की शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि उसका ससुर एक साल से दुष्कर्म कर रहा है। उसने इसकी जानकारी अपने पति को दी। इस पर पति ने अपने पिता का पक्ष लेते हुए कहा-जो हो रहा है होने दो। साथ ही कहा कि विरोध करने पर पत्नी और बच्चे को परेशानी होगी। महिला ने परेशान होकर इसकी शिकायत सीपत थाने में की है।
इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित ससुर और पति को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी सीपत क्षेत्र में रहने वाली 27 वर्षीय महिला का छह साल पहले विवाह हुआ था। उनका तीन साल का एक बच्चा भी है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि एक साल पहले उसके ससुर ने उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने इसका विरोध किया तो उसने घर से निकाल देने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह आए दिन महिला से दुष्कर्म करता था। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी। इस पर पति ने अपने पिता का पक्ष लेते हुए महिला को चुप रहने के लिए कहा।
पिता का सहयोग नहीं करने पर पत्नी और बच्चे के परेशान होने की बात कही। इसके बाद महिला सब कुछ सह रही थी। बीते दिनों महिला ने ससुर का विरोध किया तो उसे घर से निकाल दिया गया। महिला मायके में जाकर रहने लगी। बाद में उसने सीपत थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने ससुर और उसके पति के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित ससुर और पति को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर : सोशल मीडिया ट्विटर पर छत्तीसगढ़ का #borebaasi नंबर-1 पर ट्रेंड कर रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ियों से मजदूर दिवस पर बोरे-बासी खाकर अपनी छत्तीसगढ़िया संस्कृति और श्रमिकों को सम्मान देने की अपील पर देश-विदेश में बसे छत्तीसगढ़वासियों ने बोरे-बासी खाकर अपनी फोटो-वीडियो रोचक कैप्शन के साथ सोशल मीडिया पर हैश टैग #borebaasi के साथ शेयर की जा रही है।
बोरे-बासी छत्तीसगढ़ का पारंपरिक भोजन है, पोषक तत्वों से भरपूर इस व्यंजन का छत्तीसगढ़ में किसान, मजदूर, अमीर-गरीब सहित सभी लोग, हमेशा से सभी बड़े चाव से खाते हैं। आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की अपील पर कोने-कोने में बसे छत्तीसगढ़वासियों ने बोरे-बासी खाकर अपनी गौरवशाली परंपरा के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए एकजुटता का प्रदर्शन किया है।
बोरे-बासी छत्तीसगढ़ का ऐसा भोजन है जो बचे हुए चावल को पानी में भिगोकर रात भर रख कर बनाया जाता है। फिर सुबह उसमें हल्का नमक डालकर, भाजी, टमाटर की चटनी, अचार, कच्चे प्याज और बिजौरी के साथ खाया जाता है। छत्तीसगढ़ के लोग प्रायः सुबह बासी का ही नाश्ता करते हैं। बोरे बासी खाने से न सिर्फ गर्मी और लू से राहत मिलती है, बल्कि बीपी कंट्रोल रहता है डि-हाइड्रेशन की समस्या नहीं होती है।
रायपुर | मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर आज यहां बीटीआई मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने आज के श्रम दिवस को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के लोगो से बोरे बासी खाने का आह्वान किया था और लोगों ने उनके आह्वान का समर्थन करते हुए इसे विदेशों तक पहुंचा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग लगातार बोरे बासी के बारे में जानकारी जुटा रहे थे और आज अधिकांश लोगों ने बोरे बासी खाया भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक छत्तीसगढ़ी व्यंजन की इस तरह की प्रसिद्धि से गर्व महसूस कर रहे हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री श्री बघेल ने श्रम विभाग की अलग अलग योजनाओं के हितग्राहियों से मुलाकात की एवं उन्हें सामग्री वितरित की। इस दौरान मुख्यमंत्री श्रमिकों के बच्चों के साथ खेलते हुए भी नजर आए, एक बच्ची को मुख्यमंत्री ने गोद में उठाकर प्यार किया तो वहीं एक अन्य बच्ची को उन्होंने अपने हथेली पर खड़ा कर उसे दुलार दिया। इस अवसर पर श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देने वाली पत्रिका का विमोचन मुख्यमंत्री एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने मंच से संबोधित करते हुए प्रदेश के सभी श्रमवीरों को श्रम दिवस की बधाई देते हुए नई घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बुजुर्ग मजदूरों के लिए श्रमिक सियान सहायता योजना में एकमुश्त 10 हजार रूपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने महिला स्वावलंबियों को आगे बढ़ाने के लिए ई रिक्शा में अब 50 हजार की जगह 1 लाख रूपए का अनुदान देने की घोषणा ने की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ये नोनी सशक्तीकरण योजना में 18 वर्ष की आयु सीमा में 3 वर्ष की वृद्धि करते हुए अब योजना का लाभ 21 वर्ष तक की बालिकाओं को देने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री श्री बघेल ने एक मई को शुरू की गयी मितान योजना के बारे में भी घोषणा की है कि दूसरे चरण में ये योजना ग्रामीण क्षेत्रों में शुरू की जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रम मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया ने कहा कि श्रमिकों के बिना निर्माण कार्य संभव नहीं है। उन्होंने श्रमिकों को राज्य के विकास का आधार स्तंभ बताया। छत्तीसगढ़ भवन संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री सन्नी अग्रवाल ने कहा कि श्रमिकों के हितों के लिए आर्थिक विकास हो सके इसके लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के जीवन पर्यन्त तक की महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री सफी अहमद ने कहा की मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार की आर्थिक नीति बेरोजगारी दूर करने और लोगों को रोजगार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है जिससे राज्य में गरीबों, मजदूरों और किसानों का विश्वास सरकार के प्रति बढा है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नोनी सशक्तिकरण योजना ,ननिहाल छात्रवृत्ति योजना ,मेधावी छात्रवृत्ति योजना, भगिनी प्रसूति सहायता योजना, मुख्यमंत्री ई-रिक्शा योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को चेक भी वितरण किया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, विधायक एवं संसदीय सचिव श्री रेख चंद जैन, विधायक एवं संसदीय सचिव श्री विकास उपाध्याय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री रामगोपाल अग्रवाल,छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन ,महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ किरणमयी नायक, विधायक श्री बृहस्पत सिंह, विधायक श्रीमती अनीता योगेंद्र शर्मा , जनप्रतिनिधि गण, विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में राज्य के विभिन्न जिलों से आए श्रमिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज श्रम दिवस पर श्रमिकों के साथ बैठकर बोरे बासी खाया।
मंत्रीगण, विधायकगण, निगम मंडल,आयोग के पदाधिकारियो ने श्रम दिवस के अवसर पर एक साथ बोरे बासी खाया।
माकड़ी : माकड़ी ब्लाक के कोसमगुडा ढोडूमुंडा हीरापुर में अज्ञात अवस्था में एक लड़की का शव मिला है जिसकी अभी तक पहचान नहीं की गई है। लड़की का शव बहुत ज़्यादा फूल गया है यह शव सुबह 6:00 बजे देखा गया। ग्राम के उप सरपंच ने देखने के तुरंत बाद ही गांव के लोगों को खबर दी।
इसके पश्चात तुरंत ही पुलिस को खबर की गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची डॉग स्कॉड को भी बुलाया गया। फ़िलहाल अपराधी की पहचान और किस तरह से और क्यों मारा गया है इसकी भी जांच पुलिस कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक युवती गांव की नहीं है क्योंकि कोई भी गुमशुदा की रिपोर्ट नहीं लिखवाई गई है।
हीरापुर में 28 तारीख को मेला का आयोजन हुआ था कयास लगाया जा रहा है कि शायद मेले में कोई घूमने आए होंगे और उसके साथ इस प्रकार की घटना हुई है। जहां पर शव प्राप्त हुआ है वहां से डेढ़ किलोमीटर उड़ीसा बॉर्डर पड़ता है। फ़िलहाल मामले की जांच जारी है।
रामानुजगंज : शनिवार की रात साढ़े 8 बजे के करीब एक युवक द्वारा नगर के वार्ड क्रमांक 13 मुख्य मार्ग से होकर जा रही यात्री बस को रोककर ड्राइवर को बाइक की चाबी से मार-मार कर लहूलुहान कर पाकिट में रखे पैसे भी लूट लिए। घटना के कुछ देर बाद सभी यात्री उतर कर विरोध करने लगे। जिससे मौका देखकर युवक फरार हो गया। घटना की सूचना पर मौके पर एसआई मनोज सिंह ने युवक के खिलाफ धारा 392 के तहत मामला दर्ज किया है।
शनिवार की रात्रि साढ़े 8 बजे के करीब रजनीगंधा यात्री बस रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 13 च्वाइस हाउस के सामने से होकर झारखंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी नीतीश प्रजापति 22 वर्ष के द्वारा अपना बाइक दौड़ आते हुए बस के सामने खड़ा कर दिया और कोई कुछ समझ पाता वह ड्राइवर सुरेश राम 54 वर्ष निवासी रंका झारखंड को घसीटते हुए नीचे उतारकर चाबी से ड्राइवर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे ड्राइवर लहूलुहान हो गया, वही पाकिट में रखा पैसा भी लूट लिया। देखते देखते सभी यात्री बस से उतर गए एवं आसपास के लोग भी जमा होने लगे जिसके बाद अपनी बाइक छोड़कर युवक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कुछ दिन पूर्व सीट को लेकर मामूली कहासुनी आरोपी युवक की ड्राइवर से हुई थी। घटना की सूचना पर एनएसयूआई नेता प्रतीक सिंह बजरंग दल के नेता जस्सू केसरी सहित अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे एवं घटना की कठोर शब्दों में निंदा की है।
दो बार बस में आग लगाने की कोशिश
युवक इतने गुस्से में था कि ड्राइवर पर उसका कहर टूटा ही, दो बार उसने बस में आग लगाने की कोशिश भी की, परंतु आसपास के लोगों के भीड़ के कारण युवक ऐसा नहीं कर पाया।
नारायणपुर : जिला मुख्यालय से 43 किलोमीटर दूर छोटेडोंगर थाना अंतर्गत ग्राम बडग़ांव में जहां एक महिला पर भैंस ने अचानक पीछे से हमला कर दिया जिससे महिला लहुलुहान होकर जमीन पर गीर पड़ी। महिला को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी अनुसार जयबत्ती पटेल पति सुखचंद उम्र 52 निवासी बडग़ांव अपने घर के सामने गोबर उठा रही थी। इसी दौरान भैंस ने अपने नुकिले सींगों से जयमति के ऊपर पीछे से हमला कर दिया।
राजिम : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में राजिम थाने की पुलिस ने एम्बुलेंश में गांजा तस्करी किये जाने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एंबुलेंस से साढ़े 30 किलो गांजा सहित दो आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिसा से लाया जा रहा था। एंबुलेंस रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रायपुर | मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज यहां उनके निवास कार्यालय में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निम्नानुसार महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए:-
- एक नवंबर 2004 से नियुक्त शासकीय सेवकों के लिए नवीन अंशदायी पेंशन योजना के स्थान पर पुरानी पेेंशन योजना लागू करने के निर्णय का अनुमोदन किया गया। नवीन अंशदायी पेंशन योजना हेतु वेतन से की जा रही 10 प्रतिशत की मासिक अंशदान की कटौती एक अप्रैल 2022 से सामाप्त कर सामान्य भविष्य निधि नियम के अनुसार मूल वेतन का न्यूनतम 12 प्रतिशत कटौती के प्रस्ताव को सहमति दी गई।
- अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों को मात्रात्मक त्रुटि के कारण जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में हो रही कठिनाईयों को दूर करने के उद्देश्य से अंग्रेजी में अधिसूचित जाति को मान्य करने तथा जाति प्रमाण पत्रों में अंग्रेजी में ही अधिसूचित जाति का उल्लेख करने का निर्णय लिया गया।
- प्रदेश के युवाओं के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल एवं विशेष कनिष्ठ कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षाओं के शुल्क माफ करने के निर्णय का अनुमोदन किया गया।
- छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मंजूरी प्राप्त रियल एस्टेट प्रोजेक्टों जिसमें 75 लाख रूपए बाजार मूल्य तक आवासीय मकानों एवं फ्लैट्स में रजिस्ट्री शुल्क में 2 प्रतिशत की छूट की प्रभावशीलता अवधि को 31 मार्च 2023 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
- राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना में हितग्राही परिवार के मुखिया को वार्षिक आधार पर प्रदाय सहायता राशि 6 हजार रूपए से बढ़ाकर 7 हजार रूपए तथा प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्र में आदिवासियों के देव स्थलों पर पूजा करने वाले बैगा, गुनिया, पुजारी, देव स्थल के हाट पाहार्या एवं बाजा मोहरिया को जिनका आदिवासियों के सांस्कृतिक जीवन और सामाजिक संस्कारों में विशेष महत्वपूर्ण भूमिका है, उन्हें भी इस योजना के तहत लाभ प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
- छत्तीसगढ़ राज्य प्रत्याभूति मोचन निधि योजना-2022 प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
- विशुद्ध रूप से राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित प्रकरणों को जनहित में न्यायालय से वापस लिए जाने के संबंध में गठित मंत्रि-परिषद की उप समिति द्वारा अनुशंसित 32 प्रकरणों को वापस लेने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति स्मारक की स्थापना के लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण को निर्माण एजेंसी नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
- छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 में संशोधन के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- मंत्रिपरिषद द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सहायक मानचित्रकर के 125 पदों पर नियुक्ति हेतु जारी चयन सूची का एक वर्ष तक प्रभावशील रहने की वैद्यता अवधि को शिथिल करने की सहमति दी गई।
- छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक-2022 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
- छत्तीसगढ़ शासन भण्डार क्रय नियम-2002 (यथा संशोधित 2022) में संशोधन के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- राज्य की औद्योगिक नीति 2019-24 के अंतर्गत वनांचल उद्योग की स्थापना हेतु रियायत के साथ ही साथ छत्तीसगढ़ औद्योगिक भूमि एवं भवन प्रबंधन नियम 2015 (यथा संशोधित-2022) की कंडिका 3.11 शेडों/फ्लैटेड फैक्ट्रियों (बहु मंजिला भवन के शेड) का भाड़ाक्रय पद्वति के अंतर्गत आबंटन नियम में संशोधन के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- संचालनालय आयुष के अंतर्गत स्टेनो टायपिस्ट के रिक्त पद की पूर्ति हेतु परीक्षा परिणाम की वैद्यता अवधि को एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
- वाणिज्यिक कर विभाग के अंतर्गत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियांे से सहायक वर्ग-तीन के पद पर पदोन्नति प्रदान किए जाने हेतु पदोन्नति का कोटा एक बार 25 प्रतिशत के स्थान पर 50 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया।
- छत्तीसगढ़ राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने छत्तीसगढ़ रोजगार मिशन का गठन तथा राजीव मितान क्लब योजना लागू की गई है। इनके वित्तीय पोषण और क्रियान्वयन हेतु सभी प्रकार के विक्रय, दान, भोग बंधक या तीस वर्ष से अधिक की कालावधि के पट्टे पर स्टाम्प शुल्क की राशि पर कुल 12 प्रतिशत की दर से उपकर अधिरोपित किए जाने हेतु प्रस्तावित छत्तीसगढ़ उपकर (संशोधन) अध्यादेश-2022 का अनुमोदन किया गया।
- आवासीय मकानों तथा फ्लैट्स पर पंजीयन शुल्क से छूट देने के संबंध में बाजार मूल्य (गाईड लाईन) एवं पंजीयन शुल्क के युक्तियुक्तकरण संबंधी अधिसूचना का कार्योत्तर अनुमोदन किया गया।
- लोक निर्माण विभाग में प्रमुख अभियंता का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का निर्णय लिया गया।
- छत्तीसगढ़ राज्य जल संसाधन विकास नीति-2022 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
- जल संसाधन विभाग में डिप्लोमा/डिग्रीधारी अमीनों को विभाग में रिक्त उप अभियंताओं (सिविल/वि./यां) के पदों पर नियुक्त करने हेतु विभाग के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित इकाईयों के लिए रियायती दर पर होटल बार लायसेंस प्रदाय किए जाने का निर्णय लिया गया।
- स्थानीय लोगांे को रोजगार के अवसर प्रदान करने और पर्यटकों की सुविधा में वृद्धि की दृष्टि से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधीन 26 इकाईयों को लीज पर दिए जाने का निर्णय लिया गया।
- नगर पालिक निगमों के अचल संपत्तियों के अंतरण स्वीकृति के अधिकार जो राज्य शासन में निहित हैं, को छ.ग. नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 426 बी के प्रावधान अनुसार संबंधित जिले के कलेक्टर को प्रत्यायोजित करने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- नगर पालिका और नगर पंचायत के अचल संपत्तियों के अंतरण स्वीकृति के अधिकार जो राज्य शासन में निहित हैं, को छ.ग. नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 345 के प्रावधान अनुसार संबंधित जिले के कलेक्टर को प्रत्यायोजित करने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- नगर पालिक निगम रायपुर की स्वामित्व के ग्राम डुमरतराई स्थित भूखण्ड का विक्रय फ्री-होल्ड के रूप में करने हेतु क्रियान्वयन की शक्तियां कलेक्टर रायपुर को प्रत्यायोजित करने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- नगरीय निकायों के स्वयं के आधिपत्य या स्वामित्व के लीज होल्ड पर आबंटित आवासीय या व्यवसायिक भवनों, फ्लैट्स, भू-खण्डों, परिसर और दुकानों का संबंधित नगरीय निकाय को राजस्व विभाग से विधिवत भू-स्वामित्व प्राप्त होने पर शर्तो के अधीन फ्री-होल्ड के रूप में संपरिवर्तन किया जाने का अनुमोदन किया गया।
- आदिवासियों की स्वयं की भूमि में वृक्ष कटाई की प्रक्रिया को सरलीकृत करने हेतु छत्तीसगढ़ आदिम जनजातियांे का संरक्षण (वृक्षों में हित) संशोधन विधेयक-2022 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
- छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता (संशोधन) विधेयक-2022 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
- मिट्टी की उर्वरा शक्ति के पुनर्जीवन हेतु रासायनिक खादों एवं कीटनाशकों के बदले वर्मी कम्पोस्ट खाद के उपयोग के साथ गौ-मूत्र एवं अन्य जैविक पदार्थो के उपयोग को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष अक्षय तृतीया 3 मई 2022 से प्रदेश में माटी पूजन महा अभियान का शुभारंभ करने का निर्णय लिया गया। माटी पूजन का कार्यक्रम क्षेत्र विशेष की परंपरा अनुसार पारंपरिक रूप से मनाया जाएगा।
- मुख्यमंत्री जी की घोषणा के अनुक्रम में दुर्ग-भिलाई औद्योगिक क्षेत्र में सिटी बस प्रारंभ किए जाने एवं नवीन मार्गो के प्रकाशन के संबंध में परिवहन मंत्री को अधिकृत किया गया।
- सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक आवश्यक शक्कर वितरण हेतु सहकारी शक्कर कारखानों में शक्कर क्रय करने का निर्णय लिया गया।
- प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के समकक्ष छत्तीसगढ़ खाद्य पोषण सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत जारी राशनकार्डो में अप्रैल 2022 से सितंबर 2022 तक अतिरिक्त खाद्यान्न एवं मासिक पात्रता का चावल निःशुल्क वितरण करने का निर्णय लिया गया।
- छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मण्डल अंतरण योजना नियम-2010 में संशोधन के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
- छत्तीसगढ़ प्रदेश में विभिन्न विभागों निगम, मण्डल, कंपनी, बोर्ड के अधीन शासकीय भूमि पर निर्मित जर्जर शासकीय परिसर के व्यवस्थित विकास एवं सदुपयोग हेतु रिडेव्हलपमेंट कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया।
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में टमाटर की कीमतों में तेजी आ चुकी है। मांग ज्यादा और आपूर्ति कम होने की वजह से टमाटर की कीमतें 20 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 40 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है।
कारोबारियों के मुताबिक भारी गर्मी की वजह से स्थानीय उत्पादन में गिरावट आई है। स्थानीय मांग की पूर्ति के लिए राजधानी के डूमरतराई थोक बाजार में अब बंगलुरू और नासिक से आवक शुरू हो चुकी है। राजधानी के कुछ चिल्हर बाजारों में कीमतें 50 रुपये प्रति किलो तक भी पहुंच चुकी है।
डूमरतराई थोक बाजार के अध्यक्ष ने बताया कि मई-जून में हर साल टमाटर की कीमतों में महंगाई आती है। इस बार छत्तीसगढ़ में स्थानीय उत्पादन अधिक रहने की वजह से मई से कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि इससे पहले 15 अप्रैल के बाद से ही कीमतों में उछाल आ जाता था। टमाटर की नई फसल के लिए लोगों को अभी तीन-चार महीने और इंतजार करना पड़ सकता है।
अन्य सब्जियों की कीमतों पर गौर करें तो इसमें भी महंगाई दर्ज की जा रही है। परवरल, बरबट्टी, भिंडी, बैंगन आदि सब्जियों की कीमतें भी थोक में 20 रुपए पार कर चुकी है। इसकी वजह से चिल्हर बाजार में भी कीमतों में उछाल आ चुका है।
रायपुर | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मितान योजना का किया शुभारंभ | मितान योजना में घर तक पहुँचाई जायेगी नागरिक सेवाएं | पायलट प्रोजेक्ट के तहत 14 नगर निगमों में घर बैठे मिलेंगी नागरिक सेवाएं | जन्म प्रमाण पत्र , विवाह ,निवास , आय , मृत्यु प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं की मिलेगी घर पहुँच सुविधा | सेवाओं हेतु मितान टोल फ्री नम्बर 14545 पर करना होगा कॉल | बुजुर्गों को सरकारी ऑफिस के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति | आपको बता दें मितान योजना की सारी प्रक्रिया होगी डिजिटल |

मितान योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस योजना के माध्यम से सभी नागरिकों विशेषतः बुजुर्गों , दिव्यांगों एवं निरक्षरों को घर बैठे आसानी से कई प्रकार की सेवाएं घर बैठे ही मिल सकेंगी ।
अभी वर्तमान में 14 नगर निगमों में 13 प्रकार की सेवा उपलब्ध होगी , शीघ्र ही पूरे प्रदेश में इस योजना का विस्तार किया जाएगा और अन्य सेवाएं भी इस योजना के माध्यम से प्राप्त की जा सकेंगी । इस योजना के शुरू होने से सरकारी प्रक्रिया और आसान होगी ।
सूरजपुर : सूरजपुर में जंगली हाथियों के आतंक से लोगों में दशहत है। एक बार फिर ऐसे ही घटना सामने आई है, जहां जंगल में लकड़ी लेने गई अधेड़ महिला को हाथी ने पटक कर मौत के घाट उतार दिया ।
मामला प्रतापपुर वन परीक्षेत्र धरमपुर सर्किल का है । बताया जा रहा है कि महिला अपनी बेटी के घर घूमने आई थी । मृतक महिला बगल की दो महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थी। उसी दौरान प्यारे हाथी से उसका सामना हो गया और प्यारे हाथी ने उसे पटक कर मार डाला । इस दौरान दो महिलाओं ने भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई।
दुर्ग : मुख्यमंत्री बघेल के आव्हान पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत पर गर्व महसूस करते हुए श्रमिकों के सम्मान में दुर्ग पुलिस ने बोरे बासी खाकर उत्सव मनाया। 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत पर गर्व महसूस करते हुए, श्रमिकों के सम्मान में पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉ अभिषेक पल्लव, भा.पू.से के नेतृत्व में दुर्ग पुलिस ने पुलिस ऑफिसर मेस में बोरे बासी भोजन का समारोह के रूप में आयोजन किया। राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी इस आयोजन में सम्मिलित होकर बोरे बासी भोजन को ग्रहण कर अत्यंत आनंदित एवं गौरवान्वित महसूस किए।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से संजय ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर ) जिला दुर्ग, अनंत साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला दुर्ग, कविलाश टंडन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) जिला दुर्ग, वैभव बैंकर, परिवरीक्षाधीन भा. पु.से, गुरजीत सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) दिव्यांश राठौर रहे।
इसके साथ ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन, श्रीनगर सिद्धकी, उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) जिला दुर्ग, अभिषेक झा , उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) जिला दुर्ग, नीलेश द्विवेदी उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) जिला दुर्ग, रमेश कुमार चंद्रा, रक्षित निरीक्षक दुर्ग, सूबेदार तृप्ति सिंह राजपूत रक्षित केंद्र दुर्ग एवं जिला दुर्ग के थाना चौकी प्रभारी सम्मिलित हुए एवं छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं विरासत के रूप में धरोहर बोरे बासी को खाकर आनंद उठाया।
वहीं भिलाई में मजदूरों के साथ कांग्रेसियों ने बासी खाई। भिलाई के तालपुरी में सुबह-सुबह मजदूर दिवस आयोजन हुआ है। 100 से ज्यादा लोगों ने बासी खाकर श्रमिकों का सम्मान किया। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जितेंद्र साहू, विधायक प्रतिनिधि केशव बंटी हरमुख, जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने भी बासी खाई. रिसाली निगम की प्रथम मेयर शशि सिन्हा और सभापति केशव बंछोर ने भी बासी खाई।
दुर्ग में मेयर धीरज बाकलीवाल सुबह-सुबह घर में बासी खाकर ग्राउंड में निकले। तालपुरी में आयोजित बासी सेवन कार्यक्रम में पहुंचे। अलग-अलग इलाके के लोग भिलाई-दुर्ग में दिनभर बासी खाने का प्रोग्राम चलेगा। कई लोग आज पहली बार बासी खाएंगे। विधायक देवेंद्र यादव ने भी अपने निवास में बासी का सेवन किया। विधायक यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा- 'हमारे मेहनतकश मजदूरों के सम्मान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आव्हान पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति परंपरा और हमारा प्रिय व्यंजन 'बोरे-बासी' खाकर दिन की शुरुआत की समस्त छत्तीसगढ़वासियों से सादर अपील हमारे मजदूरों श्रमिको का मान बढ़ाने।'
हमारे मेहनतकश मजदूरों के सम्मान में माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी आव्हान पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति परंपरा और हमारा प्रिय व्यंजन 'बोरे-बासी' खाकर दिन की शुरुआत की समस्त छत्तीसगढ़वासियों से सादर अपील हमारे मजदूरों श्रमिको का मान बढ़ाने
pic.twitter.com/HgynSfGu7v
— Office of Devendra yadav (@Office_of_DY) May 1, 2022
दुर्ग: जिले वैशाली नगर में एक तीस साल के युवक द्वारा तीन साल की मासूम के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मनमोहन कुमार नामक युवक जो कि वैशाली नगर कैंप 1 आंध्रा स्कूल के पास रहता है ने शनिवार दोपहर कालोनी के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची को अकेला पाकर अपने पास बुलाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना की जानकारी बच्ची ने अपने परिजनों को दी तो परिजनों ने इसकी शिकायत वैशाली नगर थाने में की।
जिसके बाद एसपी अभिषेक पल्लव के निर्देश पर तत्काल टीम रवाना की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को अपने कब्जे में लिया। जहां से 3 साल की बच्ची और उसके परिजनों को थाना रवाना किया और पुलिस ने आरोपी मनमोहन कुमार को आंध्रा स्कूल के पास से गिरफ्तार किया।
रायपुर : राजधानी की डीडी नगर पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सामान भी बरामद हुआ हैं। थाने से प्राप्त जनकारी के अनुसार इन्द्रप्रस्थ, रायपुरा निवासी ऋषभ शर्मा ने थाना डी.डी.नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 अप्रैल की रात्रि वह अपने घर जा रहा था। रिंगरोड स्थित अशोका बिरयानी तक पहुंचा तह कि सर्विस रोड से सरोना की ओर से आ रही एक मोटर सायकल में सवार 3 लड़कों ने रूककर पूछताछ की और धक्का-मुक्की करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने प्रार्थी की उसकी जेब से 1 रेडमी कंपनी का मोबाईल फोन, नगदी 700/- रूपये तथा 01 नग ब्लूटूथ को चोरी कर लिया। अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना डी.डी.नगर में अपराध क्रमांक 236/22 धारा 379, 356, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
थाना डी.डी.नगर पुलिस की टीम ने घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया। पतासाजी के दौरान पेट्रोलिंग टीम ने घटना में संलिप्त आरोपी देवेन्द्र गिरी को तत्काल पकड़ा और घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपी ने अपने अन्य साथियों की जानकारी दी, जिस पर आरोपी मनोज वर्मा को भी पकड़ा गया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी की 1 रेडमी कंपनी का मोबाईल फोन, नगदी 700/- रूपये एवं 1 नग ब्लू टूथ तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटर सायकल क्रमांक सी जी/06/जी व्ही/9118 को जप्त किया गया।
चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने पर आरोपी मनोज वर्मा ने बताया कि वह माह फरवरी में थाना डी.डी.नगर क्षेत्रांतर्गत गायत्री हाॅस्पिटल पास स्थित प्रार्थी भास्कर साहू के सूने मकान में प्रवेश कर 1 मोबाईल फोन एवं 1 भरा गैस सिलेण्डर चोरी किया था। चोरी की उक्त घटना में आरोपी के विरूद्ध थाना डी.डी.नगर में अपराध क्रमांक 71/22 धारा 457, 380 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध है। जिस पर टीम ने इस प्रकरण में भी आरोपी मनोज वर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी 1 मोबाईल फोन एवं 1 भरा गैस सिलेण्डर जप्त किया।
गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र गिरी गोस्वामी उम्र 24 साल निवासी शिवम स्कुल के पास रायपुरा थाना डी.डी.नगर रायपुर। मनोज वर्मा उम्र 28 साल निवासी बंजारी नगर थाना डी.डी.नगर रायपुर।
धमतरी : पुलिस अधीक्षक प्रंशात ठाकुर के निर्देश पर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती निवेदिता पॉल के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात मणीशंकर चंद्रा द्वारा यातायात पुलिस जवानों को धुप से बचाने लिए सभी चौक पर छतरी लगवाया जा रहा है। जिससे धुप में भी खड़े रहकर ट्रैफिक जवान द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था का सुचारू रूप से संचालन किया जा सके।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा यातायात पुलिस जवानों के सुविधा को ध्यान में रखते हुए विगत दिनों में अमृत छॉव में पीने के लिए मटकी में शीतल जल रखवाया गया है। क्योंकि यातायात पुलिस कर्मचारियों द्वारा गर्मी के दिनों में 40 से 45 डिग्री सेल्सियस गर्मी में लगातार खड़े रहकर ड्यूटी किया जाता हैं।
जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए छांव एवं पीने के लिए मटके में पानी एवं कुछ देर आराम करने के लिए छॉव कि व्यवस्था कि गई है। जो यातायात पुलिस कर्मचारियों के हित में है एवं उनके सुविधा लिए छाँव एवं पानी कि व्यवस्था कि गई है। इससे यातायात पुलिस के कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी एवं उनको गर्मी से राहत एवं सुविधा मिलेगी। ताकि वह पुन: अपने ड्यूटी पर तैनात हो सकेगा।
कोरबा : शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ढ़ाबे में खाना खाने जा रहे तीन दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। दो युवक तो किसी तरह कार से कूद गए लेकिन एक युवक कार के साथ नहर में गिरकर डूब गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बचे दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया और डूबे युवक की तलाश शुरू की गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र में हुआ है। दर्री निवासी व्यवसायी कुशल दास महंत, शंकर लाल कंवर व रवि यादव रात को ढाबे में खाना खाने का प्लान बनाया। रवि यादव अपने सेठ की गाड़ी लेकर पहुंचा। कार रवि यादव चला रहा था। यह लोग कोरबा के उरगा जा रहे थे जहां ढ़ाबा पर खाने का प्लान था। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर पहुंचे थे कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और पुलिया का डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि यहां नहर में काफी ज्यादा पानी है। तीनों कार के साथ नहर में फंस गए। इस बीच कुशल दास महंत और शंकर लाल कंवर किसी तरह कार बाहर निकल गए, लेकिन रवि यादव नहीं नकल पाया और कार सहित नहर में बह गया।
सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और कुशल दास महंत और शंकर लाल कंवर को अस्पताल पहुंचाया गया। शनिवार सुबह से ही कार की तलाश की जा रही है। पुलिस जाल डालकर कार की तलाश कर रही है।
कोरबा : अपनी मौसी के घर घूमने आए युवक ने तेज आवाज में मोबाइल पर गाना सुनते हुए बाथरूम में ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली। युवक कैंसर समेत अन्य बीमारी से पीडि़त था। इसको लेकर वह काफी परेशान था। हाल में ही रायपुर से अपने भाई के साथ इलाज करा कर मौसी के घर आया था।
घटना दर्री थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार जांजगीर. चांपा के सारागांव निवासी मोती प्रकाश राठौर 27 अपने भाई सोम के साथ यहां निवासरत मौसी के घर आया था। सोम ने पुलिस को बताया कि मोती पिछले कुछ समय से कैंसर और दूसरी बीमारी से पीडि़त था। उसका इलाज चल रहा था। दोनों भाई हाल में ही इलाज कराने रायपुर गए थे। वहां से लौटने पर मौसी से मिलने दर्री आ गए।
शुक्रवार की सुबह सब लोग सो रहे थे, तब मोती प्रकाश बाथरूम में गया और तेज आवाज में मोबाइल में गाना सुनते हुए अपने गले को ब्लेड से काट लिया। काफी देर तक जब वह बाथरूम से बाहर नहीं निकला, तब स्वजनों ने उसे आवाज दी। इस पर अंदर से उसरे बहुत धीमी आवाज में जवाब दिया। इस पर किसी अनहोनी क संदेह में दरवाजा तोड़ा गया। यहां मोती फर्स पर गिरा हुआ पड़ा था। उसका गला कटा होने से खून बह रहा था।
उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया। सोम का कहना है कि जनवरी में पिता की सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था, उसके बाद से मोती काफी परेशान था।
रामानुजगंज : रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत रेवतीपुर में विवाहिता के जहरीला दवा खाने के बाद रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान मौत हो गई पिता ने आरोप लगाया कि पति दहेज के लिए प्रताडि़त करता था उसके द्वारा आधा गोली दिया गया जो अत्यंत जहरीला था जिसके खाने के बाद उसकी उसकी तबीयत बिगड़ते गई व मौत हो गई। मामले में पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रेवतीपुर के गुलशन का प्रेम विवाह गांव के ही अशफाक से हुआ था शादी के बाद से ही अशफाक दहेज के लिए प्रताडि़त करता था। गुलशन के पिता रियाज अंसारी ने बताया कि पिछले वर्ष की मोटरसाइकिल एवं दहेज के अन्य सामान हम लोग दिए थे इसके बाद भी उसका प्रताडऩा कम नहीं हुआ था।
रियाज अंसारी ने बताया कि सोमवार के दोपहर 12 बजे मेरी बेटी अपना ससुराल जो मेरे घर से 1 किलोमीटर दूर है वहां से पैदल उल्टी करते आई जिसके बाद तत्काल उसे मैं मोटरसाइकिल से रामचंद्रपुर अस्पताल ले गया परंतु तबीयत बिगड़ते देख डॉक्टरों ने रामानुजगंज अस्पताल ले जाने की सलाह दी जिसके बाद में यहां लाया जहां इलाज के दौरान दोपहर 2बजे करीब उसकी मृत्यु हो गई। रियाज अंसारी ने बताया कि मेरी बेटी को उसके पति के द्वारा आधा गोली दिया गया था उसे खाने के बाद ही स्थिति बिगड़ते गई। गोली इतना जहरीला था कि बेटी के उल्टी के बाद उसे मुर्गियां खाई जिससे 5 मुर्गियों की मौत हुई। घटना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। घटना से 3 वर्ष के मासूम बच्चे के ऊपर से मां का साया उठ गया।
अपने ही भाई को अपनी पत्नी पर बलात्कार के आरोप में फंसाने का बनाया था दबाव
गुलशन का पति अशफाक अपनी पत्नी पर अपने भाई को बलात्कार के झूठे आरोप में फंसाने के लिए काफी दबाव बनाया था यहां तक कि मामला थाने तक पहुंचा था परंतु गुलशन के पिता ने झूठा मामला दर्ज नहीं कराने की सलाह दी जिसके बाद उसके द्वारा ऐसा नहीं किया गया था।









