रायपुर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका आत्मीय स्वागत किया। बता दें कि जेपी नड्डा संगठन के बड़े नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करेंगे।
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में शासकीय विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए वित्त विभाग की स्वीकृति एवं विभागों द्वारा भर्ती विज्ञापन का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, नगर सैनिकों सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों की भर्ती की वित्त विभाग द्वारा स्वीकृति एवं भर्ती की लंबित प्रक्रिया शुरू करने की सहमति के बाद विभाग भर्ती की प्रक्रिया को पूरा करने में जुटे हैं।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर वित्त विभाग ने न्यायालयों में रिक्त पदों पर नई भर्ती की मंजूरी दे दी है। न्यायालयों में कुल 362 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों की कमी को दूर कर न्यायपालिका के कार्यों को सुचारू बनाना है। उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव के निर्देशानुसार विधि विधायी विभाग द्वारा रिक्त पदों की पूर्ति के लिए वित्त विभाग को प्रस्ताव प्रेषित किया गया था। मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर विधि एवं विधायी विभाग की प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने तत्काल स्वीकृति प्रदान की है।
वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद न्यायालयों में व्यवहार न्यायाधीश के 57, स्टेनोग्राफर के 46, सहायक ग्रेड-3 के 118, स्टेनोटायपिस्ट के 07, वाहन चालक के 08, प्रोसेस सर्वर के 05 और चौकीदार, गार्डनर, स्वीपर, वाटरमेन के 83 एवं एक सहायक प्रोग्रामर के रिक्त पदों की पूर्ति का रास्ता खुल गया है। राज्य के न्यायालयों में रिक्त पदों की भर्ती होने से न केवल न्यायालयों में कार्य दक्षता बढ़ेगी, बल्कि न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने में भी मदद मिलेगी। न्यायालयों में कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या होने से कामकाज का निष्पादन भी समय पर हो सकेगा।
यहां यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी 321 पदों पर बीते छह महीने से लंबित भर्ती की प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है। व्यापम द्वारा ली गई ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन आगामी 30 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक पूरा करने के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न संवर्ग के रिक्त 650 पदों, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 181 पदों, ग्रामीण आजीविका मिशन में 237 पदों पर भर्ती के लिए वित्त विभाग द्वारा स्वीकृति ली जा चुकी है। बिलासपुर में 465 नगर सैनिकों की भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
रायपुर : दिव्यांग जनों के जीवन को आसान और सुखमय बनाने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के ग्राम बगिया में 07 दिव्यांगों को निःशुल्क बस पास वितरित कर उन्हें शॉल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग लक्ष्मी बाई, विकास नायक, तिजनु राम, देव कुमार चौहान, संध्या सिदार, सोनम सिदार, सुशीला तिग्गा, सुशीला बाई नायक, पूजा नारंगे सहित वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क बस पास वितरित किए। पहली बार सिकलसेल से पीड़ित 18 वर्षीय सोनम सिदार एवं 08 वर्षीय बालक देव कुमार चौहान को भी बस पास प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के तहत ‘दिव्यांगजन निःशुल्क बस-यात्रा पास’ का प्रावधान किया गया है। जिसमें परिवहन विभाग के समन्वय से दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क बस-यात्रा पास तथा रेल यात्रा हेतु रियायत प्रमाण पत्र बनाये जाते हैं।
दिव्यांगजनों की दिक्कतें हुई दूर
सिकलसेल बीमारी से ग्रसित चराईडांड निवासी सोनम सिदार ने कहा कि उन्हें ईलाज के लिए बार बार जशपुर या अन्य बड़े शहरों में इलाज के लिए जाना पड़ता था। निःशुल्क बस पास मिल जाने से उनके आने जाने के खर्च की दिक्कत खत्म हो जाएगी और उनकी पढ़ाई भी नियमित रूप से हो सकेगी। अस्थिबाधित दिव्यांग विकास नायक ने कहा कि पहले वे कहीं आने जाने में दिक्कत महसूस करते थे। ऐसे में निःशुल्क बस पास मिलने से ना सिर्फ राज्य अपितु दूसरे राज्य में भी आना जाना कर सकेंगे। उन्होंने निःशुल्क बस पास के लिए मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त किया।
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के ग्राम बगिया में 100 कुंभकार शिल्पकारों को निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक चाक वितरित कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर शिल्पकारों ने मुख्यमंत्री को कलाकृति भी भेंट की।
अखिलभारतीय प्रजापति कुम्भकार महासंघ के प्रांत संरक्षक शम्भू नाथ चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉनिक चाक से कुंभकारों की कला में अधिक निखार आएगा और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि जशपुर जिले में 195 ग्रामों में 2236 कुम्भकार परिवारों के 100 शिल्पकारों है। इन सभी को निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक चॉक वितरित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि माटी कला बोर्ड की ओर से कुम्भकार टेराकोटा योजना के तहत इलेक्ट्रॉनिक चाक कुम्भ शिल्पकारों को 22 हज़ार 2 सौ लागत के इलेक्ट्रॉनिक चाक कुंभकारों को निःशुल्क प्रदान किये जाते हैं।
रायपुर : रायपुर से बड़ी खबर! छत्तीसगढ़ में हर साल की तरह धान तिहार 2024 की तैयारी जोरों पर है। प्रदेश में धान खरीदी की प्रक्रिया नवंबर से शुरू होती है, लेकिन इस बार इसके तारीखों और योजनाओं को लेकर राज्य सरकार ने 30 सितंबर को एक महत्वपूर्ण मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक बुलाई है। यह बैठक रायपुर के महानदी भवन में दोपहर 12 बजे से शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल करेंगे।
इस बैठक में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और टंक राम वर्मा भी शामिल होंगे। बैठक में धान खरीदी केंद्रों की संख्या, तौल से उठाव तक की कार्ययोजना और कस्टम मिलिंग नीति की समीक्षा की जाएगी।
अगर हम पिछले साल की बात करें, तो खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हुई थी और 4 फरवरी 2024 तक चली थी, जिसमें 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। इस वर्ष भी किसान बड़ी उम्मीदों के साथ इस तिहार का इंतजार कर रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि 30 सितंबर की बैठक में क्या अहम फैसले लिए जाते हैं, और इस बार धान तिहार की शुरुआत कब से होगी।
कुनकुरी के आस-पास के 70 गांवों को मिलेगी गुणवत्ता युक्त विद्युत आपूर्ति
कुंजारा, ढोकड़ा और साहीडांड 7 करोड़ 84 लाख की लागत से बनाए गए हैं नए विद्युत उपकेन्द्र
कुनकुरी में उप क्षेत्रीय भंडार कार्यालय और सन्ना में नवीन तहसील कार्यालय भवन लोकार्पित
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के ग्राम बगिया में 8.55 करोड़ रूपए के विकासकार्यों का लोकार्पण किया। इसमें कुंजारा, ढोकड़ा और साहीडांड में नव-निर्मित विद्युत उपकेन्द्र शामिल है। इन तीनों 33/11 के. व्ही. विद्युत उपकेन्द्र की लागत 7.84 करोड़ रूपए है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कुनकुरी में उप क्षेत्रीय भंडार और सन्ना में निर्मित नवीन तहसील कार्यालय भवन का भी लोकार्पण किया।
कुनकुरी अंचल में तीन विद्युत उपकेंद्र बनने से गावों के लोगों को विद्युत की आपूर्ति में आने वाली दिक्कत से निजात मिलेगी। इससे कुनकुरी और आस-पास के 70 गांवों में 11 हजार उपभोक्तओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। वहीं सन्ना में नवीन तहसील कार्यालय भवन के निर्माण से राजस्व के मामलों के निराकरण में तेजी आएगी।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि ग्राम दोकड़ा के विद्युत उपकेन्द्र से 25 ग्रामों 3500 से अधिक उपभोक्ताओं, कुंजारा के उपकेन्द्र से 23 ग्रामो के लगभग 3850 उपभोक्ताओं और साहीडांड के उपकेन्द्र से 22 ग्रामो के 4270 उपभोक्ताओं को गुणवत्ता युक्त विद्युत आपूर्ति की जा रही है। तीनों ही विद्युत उपकेन्द्रों में 3.15 एम.व्ही.ए. का पॉवर ट्रान्सफॉर्मर लगाया गया है।
इसी प्रकार कुनकुरी में उप क्षेत्रीय भंडार स्थापित होने से ट्रान्सफॉर्मर सहित अन्य विद्युत उपकरणों की आपूर्ति में आसानी होगी। पहले 150 से 200 कि.मी. की दूर सूरजपुर जिले में स्थित क्षेत्रीय भंडार, बिश्रामपुर ट्रान्सफॉर्मरों की आपूर्ति होती थी। जिसमें अधिक समय व लागत लगती थी। कुनकुरी में मिनी डिपो स्टोर खुलने से दूरी एवं समय बचने के साथ ही विद्युत सामग्री मिलने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री उपेन्द्र यादव, श्री भरत सिंह, पूर्व विधायक श्री रोहित साय, डीडीसी श्री सालिक साय, श्री भुनेश्वर सिंह केशर, श्री अमन शर्मा, श्री रामदेव कायता, ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
नई दिल्ली : हेलमेट न पहनना पहले से ही नियम तोड़ने में शामिल है. लेकिन अब हेलमेट को सही तरीके से न पहनना भी ट्रैफिक नियमों में शामिल कर दिया गया है. इतना ही नहीं, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस 1000 से 2000 रुपये का चालान भी काट सकती है. हालांकि, इस नियम को जानने के बाद भी कई लोग हेलमेट नहीं पहनते हैं. या फिर हेलमेट तो पहन लेते हैं लेकिन उसे पहनने में गलती कर देते हैं. आज हम आपको बताएंगे कि हेलमेट पहनते कैसे है? ताकि आप सुरक्षित रहें और किसी भी तरह के चालान से बच सकें.
अब 2000 रुपये का जुर्माना लगेगा
भारत सरकार ने 1998 के मोटर व्हीकल एक्ट में बदलाव किया है. इसके तहत अगर दोपहिया वाहन सवार हेलमेट नहीं पहनते हैं या हेलमेट ठीक से नहीं पहनते हैं तो उन पर तत्काल 2,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा. यानी अगर बाइक सवार ने हेलमेट पहना हुआ है, लेकिन वह खुला हुआ है तो उस पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. अगर आपने हेलमेट पहना हुआ है, लेकिन उसे हेडबैंड से कसकर नहीं बांधा है तो भी आप पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. कुल मिलाकर हेलमेट अब पूरी तरह से सही तरीके से पहनना होगा. अगर ऐसा नहीं किया तो आप पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.
हेलमेट पर ISI मार्क होना चाहिए
अगर हेलमेट पर BSI (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स ISI) नहीं है तो आप पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है. यानी आपको बाइक या स्कूटर चलाते समय ISI मार्क वाला हेलमेट ही पहनना होगा. अगर ऐसा नहीं किया तो मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 194D MVA के तहत आप पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा
हेलमेट कैसे पहनें?
दोपहिया वाहन चलाने या उस पर बैठने से पहले हेलमेट पहनना बहुत जरूरी है. ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि दुर्घटना के दौरान आपके सिर पर चोट न लगे. दुर्घटनाओं के ज्यादातर मामलों में सिर पर चोट लगने से लोगों की जान चली जाती है. ऐसे में जब भी हेलमेट पहनें तो सुनिश्चित करें कि यह आपके सिर पर सही तरीके से लगा हो. हेलमेट पहनने के बाद पट्टी पहनना न भूलें. कई बार लोग सिर्फ चालान से बचने के लिए हेलमेट का इस्तेमाल करते हैं. वे पट्टी नहीं पहनते. इतना ही नहीं, कई लोगों के हेलमेट में पट्टी के लिए लॉक नहीं होता है. या फिर वह टूटा हुआ होता है. इन सभी स्थितियों में आपका चालान कट सकता है.
रायपुर। ऑनलाइन साइट पर लोगों के साथ बदमाशों को अपनी हर जरूरत की चीज एक ही प्लेटफार्म पर मिल रही है। राजधानी में आए दिन होने वाली चाकूबाजी की घटना में इस्तेमाल ज्यादातर चाकू ऑनलाइन साइट से खरीदे जाने की बात सामने आई है। इस बात को ध्यान में रखते हुए एसएसपी संतोष सिंह के निर्देश पर एएसपी सिटी लखन पटले ने फ्लिपकार्ट, अमेजन सहित अन्य ऑनलाइन साइट को चाकू, पंच तथा पिस्टल की शक्ल में लाइटर मंगाने वालों की जानकारी उपलब्ध कराने पत्र जारी किया है।
अपराधी अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने चाकू सहित अन्य घातक किस्म के हथियार खरीदने सीधे दुकान जाने के बजाय ऑनलाइन आर्डर देकर मंगा रहे हैं। ऑनलाइन के माध्यम से चाकू सहित अन्य घातक हथियारों की लगातार डिलीवरी होने से पुलिस की परेशानी बढ़ गई है। इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस अफसरों ने ऑनलाइन चाकू सहित अन्य घातक हथियार डिलीवरी करने वाले ऑनलाइन साइट को नोटिस जारी किया है। अफसरों ने संबंधित ऑनलाइन साइट जो अपने ग्राहकों को चाकू सहित अन्य हथियार जिसमें पिस्टल के आकार में लाइटर भी शामिल है, उनकी सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
कीमत इतनी कि हर बदमाश इतना खरीद सकता है
ऑनलाइन साइट पर मिलने वाले अलग-अलग किस्म के जिसमें बटनदार चाकू भी शामिल हैं, महज दो से तीन सौ रुपए में उपलब्ध है। लाइटर पिस्टल की कीमत पांच सौ से दो हजार रुपए में उपलब्ध है। कीमत कम होने की वजह से भी बदमाश ऑनलाइन प्लेटफार्म से चाकू मंगा रहे हैं। पंच की कीमत ऑनलाइन में महज डेढ़ से दो सौ रुपए है।
कार्रवाई के बाद बंद हो गई थी डिलीवरी
पिछले वर्ष पुलिस ने ऑनलाइन चाकू मंगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर दो हजार से ज्यादा चाकू की जब्ती की थी। साथ ही पुलिस ने ऑनलाइन बिजनेस साइट को चाकू मंगाने वालों की जानकारी देने निर्देश दिए थे। इसके बाद फ्लिपकार्ट में ऑनलाइन चाकू की डिलीवरी बंद कर दी थी। कुछ माह के बाद फ्लिपकार्ट वापस ऑनलाइन चाकू का आर्डर लेना शुरू कर दिया।
असली भी नकली लगे
बदमाशों के कब्जे से देशी कट्टा तथा पिस्टल जब्ती होना आम बात है। देशी कट्टा तथा पिस्टल मंगाने की स्थिति में मुखबिरी होने का डर रहता है, बदमाश कभी भी पकड़े जा सकते हैं। इसीलिए बदमाश असली की जगह पिस्टल की शक्ल में गैस लाइटर आर्डर कर मंगा रहे हैं। बदमाश लाइटर को पिस्टल बताकर धमकाने के साथ अपनी बिरादरी में खौफ पैदा करने का काम करते हैं।
अमेजन जानकारी देने से बच रहा
एएसपी सिटी लखन पटले के मुताबिक जिन ऑनलाइन कंपनियों को चाकू मंगाने वालों की जानकारी देने नोटिस जारी किया गया है, उनमें से ज्यादातर ऑनलाइन कंपनियों ने जानकारी साझा की है। अमेजन ने अब तक जानकारी साझा नहीं की है, इस वजह से पिछले दिनों अमेजन के तीन गोदाम तथा ऑफिस में छापे की कार्रवाई की गई। अफसर के अनुसार चाकू मंगाने वालों की जानकारी नहीं देने वाली ऑनलाइन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी
एएसपी सिटी लखन पटले ने बताया कि, ऑनलाइन कंपनी से लोग घरेलू उपयोग करने के लिए किचन चाकू मंगाते हैं, इसके साथ ही कई ऐसे अपराधिक तत्व के लोग हैं, जो अपराध करने के उद्देश्य से ऑनलाइन चाकू मंगा रहे हैं, उनकी पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ : शहर के जूट मिल थाना क्षेत्र अंतर्गत घर में घुसकर गला रेतकर हत्या कर दी गई है, घटना के बाद से शहर में हड़कंप मच गया है, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत डॉग स्क्वायड की पहुंचा मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
शहर के जूटमिल क्षेत्र से सनसनीखेज हत्याकांड की वारदात सामने आई है, वार्ड नंबर 30 अंधेरी पुलिया ( गंधरी पुलिया) के समीप रहने वाले रमेश उर्फ बब्बू तिवारी की अज्ञात हत्यारों ने गला रेत कर हत्या कर दी है। हत्या वारदात की सूचना मिलते ही दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंची, ASP आकाश मरकाम समेत निरीक्षक मोहन भारद्वाज की टीम ने शुरू कर दिया है जांच। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले से पर्दा हटाने पुलिस जांच में जुट गई है। वही जघन्य हत्याकांड से शहर में हड़कंप मच गया हैं, मोहल्ले वासी सहमे हुए हैं।
डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच गई है और जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस खगाल रही है। आपको बताना चाहेंगे कि 12 घंटे के अंदर रायगढ़ में यह दूसरी बड़ी अपराधीक घटना घटीहै। दोनों ही मामले पुलिस के लिए चैलेंजिंग हो गए हैं। जिस प्रकार रायगढ़ में अपराध घटित हो रहे हैं इससे यह तो जाग जा ही रहे कि अपराधियों में अब पुलिस का खौफ लगभग खत्म हो चुका है।
रायपुर : बलौदाबाजार जिला के ग्राम छरछेद में में जादू टोना के शक में हुई हत्या के मामले में कांग्रेस की जांच समिति ने कहा, जिस प्रकार से नृशंस हत्याएं हुई हैं, यह केवल सरकार की विफलता और नाकामी है। बलौदाबाजार कांड के बाद भी सरकार सचेत नहीं हुई। लोहारीडीह की घटना देखी। अंधविश्वास के कारण सुकमा में भी आरक्षक के साथ उनके चार परिवार के सदस्य की हत्या हुई। लगातार यह कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। कांग्रेस ने मांग की है कि आरोपियों को कठोर से कठोर सजा हो। मृत परिवार के परिजनों को 50 लाख मुआवजा की मांग करती है।
रायपुर. डिप्टी सीएम अरुण साव के बाद अब डॉ. रमन सिंह बतौर विधानसभा अध्यक्ष पहली बार 14 दिवसीय विदेश दौरे पर जाने वाले हैं. राष्ट्रकूल देशों का संसदीय सम्मेलन 3-8 नवंबर तक सिडनी आस्ट्रेलिया में आयोजित किया गया है. इसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सचिव दिनेश शर्मा और स्पीकर की ओर से एक प्रतिनिधि शामिल होंगे.
रायपुर। व्यापम द्वारा प्रयोगशाला तकनीशियन के पदों पर भर्ती हेतु ली जा रही भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। 29 सितंबर को सुबह की पाली में प्रयोगशाला तकनीशियन की भर्ती परीक्षा होनी थी।
उच्च शिक्षा संचालनालय द्वारा प्रयोगशाला तकनीशियन के पदों पर भर्ती हेतु व्यापम को प्रस्ताव भेजा गया था। रविवार 29 सितंबर को प्रयोगशाला तकनीशियन की परीक्षा सुबह 10 से 12 तक आयोजित की जानी थी। जिसके लिए 23 सितंबर को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। अब इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। बता दे इसी दिन दूसरी पाली को मत्स्य निरीक्षक पदों पर भी भर्ती आयोजित की जा रही है।
इस परीक्षा से पहले व्यापम द्वारा आयोजित छात्रावास अधीक्षक की भर्ती परीक्षा को भी व्यापम के द्वारा लंबे समय तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। हाल ही में 15 सितंबर को व्यापम ने छात्रावास अधीक्षक के 300 पदों पर भर्ती हेतु परीक्षा ली।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य में 321 नये ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की नियुक्ति का मामला अंततः सुलझ गया है। वित्त विभाग ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की नियुक्ति के लिए अपनी स्वीकृति दे दी है।
कृषि मंत्री राम विचार नेताम के निर्देशानुसार कृषि विभाग ने व्यापम द्वारा जारी सूची के अनुसार सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए दस्तावेजों के सत्यापन की सूचना जारी कर दी गई है। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर लाभांडी रायपुर स्थित राज्य कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान समिति में 30 सितम्बर से शुरू होगा और 10 अक्टूबर तक चलेगा। दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत अभ्यर्थियों के नियुक्ति के आदेश जारी होंगे।
यहां यह उल्लेखनीय है कि कृषि विभाग के अंतर्गत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापम) द्वारा 04 फरवरी को प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया था। जिसका परिणाम मार्च महीने में घोषित किया गया। तब से लेकर अब तक सफल अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति की प्रतीक्षा में थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं कृषि मंत्री राम विचार नेताम की पहल से अभ्यर्थियों की नियुक्ति का यह लंबित मामला न सिर्फ सुलझा बल्कि वित्त विभाग ने इसके लिए विधिवत स्वीकृति दे दी है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा युवाओं की शासकीय सेवाओं में भर्ती का सिलसिला तेजी से शुरू कर दिया गया है। शासकीय विभागों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए पदों की स्वीकृति एवं विज्ञापन जारी करने के साथ ही नई नियुक्ति के लंबित मामलों को भी छत्तीसगढ़ सरकार पूरी गंभीरता से निराकृत करने में जुटी है।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की प्रतियोगी परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कम्बाईंड रैंकिंग के आधार पर निर्धारित तिथियों में प्रातः 10.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थी को मूल प्रमाण पत्रों तथा उक्त प्रमाण पत्रों की दो सेट स्वयं प्रमाणित छायाप्रति लेकर आना होगा। अधिक जानकारी के लिए https://agriportal.cg.nic.in/ पर अवलोकन किया जा सकता है।
कृषि संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 सितम्बर को सरल क्रमांक 1 से 240 तक, 01 अक्टूबर को सरल क्रमांक 241 से 480 तक, 03 अक्टूबर को सरल क्रमांक 481 से 720 तक, 04 अक्टूबर को सरल क्रमांक 721 से 960 तक, 07 अक्टूबर को सरल क्रमांक 961 से 1210 तक और 08 अक्टूबर को सरल क्रमांक 1211 से 8194 के मध्य दिव्यांग श्रेणी के आवेदक तथा सरल क्रमांक 01 से 14028 (समस्त घोषित परिणाम) के मध्य भूतपूर्व सैनिक के आवेदकों का दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। किन्हीं विशेष परिस्थितियों के कारण ऐसे आवेदक जो अपनी कम्बाईंड रैंकिंग के अनुसार निर्धारित तिथि उपस्थित नहीं हो पाए हो, तो वे 9 एवं 10 अक्टूबर को रिजर्व दिवस में उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करा सकेंगे।
रायपुर। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज रायपुर के दौरे पर रहेंगे। जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्मृति मंदिर का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद शाम 6 बजे वे सांसद, मंत्री, और विधायकों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें सदस्यता अभियान की समीक्षा की जाएगी और आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों पर भी गहन मंथन होगा. उसके बाद जेपी नड्डा रात 8 बजे जम्मू के लिए रवाना होंगे.
जशपुर: छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर बुधवार को अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचे। जहां वे "मोर बूथ-मोर अभियान" सदस्यता कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम श्री साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
रायपुर। राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा राजनांदगांव के कार्यपालन अभियंता ए.के. चौहान को निलंबित कर दिया गया है राजनांदगांव में विगत 2 सितम्बर को आयोजित उप मुख्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहकर कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं शिथिलता बरतने के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। राज्य शासन द्वारा निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
सुकमा : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा में पुलिस और नक्सलियों के बीच रात 3 बजे से दोपहर लगभग 12:00 बजे तक रूक-रूक कर हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है, वहीँ माओवादी नदी के आड़ में दोनों नक्सलियों के शव को लेकर भाग निकले, जवानों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद किया है।
दरअसल, पीएलजीएल बटालियन एवं जगरगुण्डा एरिया कमेटी के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर थाना चिंतलनार क्षेत्रान्तर्गत जिलाबल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, 206 वाहिनी कोबरा एवं 241 वाहिनी सीआरपीएफ ‘‘बस्तर बटालियन’’ की संयुक्त पार्टी विशेष नक्सल विरोधी अभियान हेतु ग्राम करकनगुड़ा, मरकागुड़ा, कुमोड़तोंग, मोरपल्ली, ताड़मेटला व आस-पास क्षेत्र की ओर रवाना हुए थे कि ग्राम करकनगुड़ा सर्चिंग के दौरान गोमगुड़ा चिंतावागू नदी किनारे जंगल-पहाड़ी में घात लगाकर बैठे नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को जान से मारने व हथियार लूटने के नीयत से अत्याधुनिक हथियार, स्नाईपर, बीजीएल एवं अन्य हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग करने लगे।
सुरक्षाबलों द्वारा भी जवाबी फायरिंग की गई। सुरक्षा बलों के जवाबी कार्यवाही से सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव व नक्सली अपने आपको घिरता हुआ देखकर जंगल-पहाड़ी का आड़ लेकर भाग गये। चिंतावागू नदी में पानी की अधिकता एवं नक्सलियों की ओर से लगातार हैवी फायरिंग करते हुए नक्सली मारे गये नक्सलियों के शव को लेकर भागने में सफल हो गये।
मुठभेड़ रात 3 बजे से दोपहर लगभग 12:00 बजे तक रूक-रूक कर चला
मुठभेड़ समाप्ति पश्चात घटना स्थल व आस-पास एरिया की सर्चिंग करने पर नक्सलियों का अस्थाई कैम्प मिला जिसे सुरक्षाबलों द्वारा ध्वस्त किया गया एवं नक्सलियों द्वारा छूपाये (डम्प) पाईप बम, तीर बम, जिलेटिन रॉड, कोर्डेक्स वायर, त्रिपाल, नोट बुक व अन्य दैनिक उपयोगी सामाग्री बरामद किया गया।सुरक्षा बलों के द्वारा मानसून दौरान एवं जटिल परिस्थियों का सामना करते हुए भी माओवादियों के कोर जोन चिंतावागू क्षेत्र में घुस कर सफल नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया गया, जिसमें माओवादियों के बटालियन टीम को भारी नुकसान पहुंचाया गया है एवं सुरक्षा बल के सभी जवान सकुशल सुरक्षित है।
नक्सलियों के डम्प से बरामद सामाग्रियों का विवरण:पाईप बम 1 नग,जिलेटीन रॉड 23 नग,डेटोनेटर 32 नग,बीजीएल 8 नग,कार्टिज 6 नग,हेण्ड ग्रिनेड 1 नग,तीर बम 03 नग,कोडेक्स वायर गॉठ लगा हुआ 02 नग (01-01 मीटर वाला),ईलेक्ट्रीक वायर 5 मीटर नग,बम पटाखा 2 नग,पिट्ठु बैग 2 नग,पोच 2 नग, त्रिपाल 4 नग,लकड़ी का स्पाईक अन्य दैनिक उपयोगी सामाग्री बरामद हुए।
राजनांदगांव। तिरुमला पर्वत पर स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद में मिलावट होने को लेकर उठे विवाद के बीच राजनांदगांव कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग को जिले के प्रमुख मंदिरों के प्रसाद की समुचित जांच के बाद वितरण करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य विभाग को कलेक्टर ने एहतियात बरतते हुए आगामी नवरात्र पर्व के दौरान प्रसाद वितरण की पुख्ता व्यवस्था करने के साथ जांच करने के आदेश फूड एवं ड्रग विभाग को दिए हैं।
आदेश में मुताबिक मां बम्लेश्वरी के साथ ही जिले के प्रमुख मंदिरों में बंटने वाले प्रसाद की जांच की जाएगी। इसके अलावा मंदिरों में पैकिंग कर प्रसाद वितरण करने की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रसाद के सैम्पलों की भी जांच होगी। नवरात्र पर्व पर डोंगरगढ़ समेत अन्य बड़े स्थानों के मंदिरों में भक्तों का रेला लगा रहता है। पैकिंग से पहले प्रसाद की जांच की जाएगी। प्रसाद बनाने में प्रयुक्त सामानों की भी उचित तरीके से जांच करने को कहा गया है।
घी को लेकर राज्य शासन ने दिया ये आदेश
उधर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के मंदिरों में घी के उपयोग को लेकर निर्देश जारी किया है। राज्य सरकार की तरफ से जारी इस आदेश में प्रदेश की सभी मंदिरों में केवल एक ही ब्रांड की घी का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है।
प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त ने इस संबंध में राज्य के सभी कलेक्टरों को एक पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि शारदीय नवरात्र में प्रदेश में स्थित शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में केवल देवभोग ब्रांड की घी का उपयोग ही किया जाए। नवरात्र के दौरान ज्योत जलाने और प्रसाद बनाने में केवल इसी घी का उपयोग किया जाए। देवभोग राज्य सरकार का ब्रांड है।
दरअसल, तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलावट के मामले के चलते स्थानीय प्रशासन भी एहतियात बरत रहा है। हालांकि प्रसादों की जांच के लिए पहले से ही सरकार द्वारा नियम-कायदे बनाए गए हैं।
फूड सेफ्टी अफसरों को एहतियात के तौर पर समुचित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर अग्रवाल लगातार इस मामले की स्वयं निगरानी कर रहे हैं। 3 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले क्वांर नवरात्रि के दौरान सभी मंदिरों में बड़े पैमाने पर प्रसाद वितरित होगा। ऐसे में प्रशासन ने प्रसाद व्यवस्था को सीधे अपनी निगरानी में रखा है। प्रशासन की ओर से प्रसाद वितरण व्यवस्था को बिना किसी विवाद के पुख्ता बनाने पर जोर दिया गया है।
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के भाटापारा-हथबंध सेक्शन में अधोसंरचना विकास के लिए रोड अंडर ब्रिज के निर्माण के कारण ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इस ब्लॉक के चलते 26, 27 और 29 सितंबर को कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेल प्रशासन का कहना है कि इस कार्य के पूरा होते ही सड़क उपयोगकर्ताओं को राहत मिलेगी और ट्रेनों की गति में भी सुधार होगा। इस दौरान कुछ लोकल ट्रेनों को रद्द किया गया है और कुछ ट्रेनें देरी से रवाना होंगी।
रद्द होने वाली ट्रेनों की सूची:
- 26 सितंबर:
- गाड़ी संख्या 08727 (बिलासपुर-रायपुर मेमू स्पेशल)
- 26 और 29 सितंबर:
- गाड़ी संख्या 08719 (बिलासपुर-रायपुर मेमू स्पेशल)
- 27 सितंबर:
- गाड़ी संख्या 08261 (बिलासपुर-रायपुर पैसेंजर स्पेशल)
- गाड़ी संख्या 08275 (रायपुर-जूनागढ़ रोड पैसेंजर स्पेशल)
- 28 सितंबर:
- गाड़ी संख्या 08276 (जूनागढ़-रायपुर पैसेंजर स्पेशल)
- गाड़ी संख्या 08280 (रायपुर-कोरबा पैसेंजर स्पेशल)
- 29 सितंबर:
- गाड़ी संख्या 08728 (रायपुर-बिलासपुर मेमू स्पेशल)
- गाड़ी संख्या 08734 (बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू स्पेशल)
- गाड़ी संख्या 08733 (गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू स्पेशल)
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोयला घोटाले मामले में निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया को सुप्रीम कोर्ट ने शर्तों के साथ जमानत दे दी हैं। उन्हें दिसंबर 2022 में ED ने गिरफ़्तार किया था।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कोयला घोटाले और मनी लांड्रिंग मामले को लेकर कांग्रेस सरकार के दौरान मुख्यमंत्री की उपसचिव रही सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार किया गया था। कोयल मामले को लेकर ईडी ने सौम्या चौरसिया को 2 दिसंबर 2022 में गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की थी। इस पूछताछ के बाद से सौम्या चौरसिया सेंट्रल जेल रायपुर में बंद है।
ईडी का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में हुए कोल लेवी में सौम्या चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है। मामले में किंगपिन सूर्यकांत तिवारी के ऊपर सौम्या चौरसिया का प्रशासनिक सपोर्ट बताया गया है।






















