CG : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, किसानों को मिलेगी बड़ी सौगात    |    नेपाल-तिब्बत सीमा की बाढ़ में भाजपा नेता की बेटी समेत छत्तीसगढ़ की तीन महिलाएं लापता    |    बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल : मुख्यमंत्री साय    |    लोकतंत्र सेनानियों का त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय    |    BREAKING : बंगाल का नया CM- शुभेंदु अधिकारी होंगे प. बंगाल के नए सीएम- अमित शाह ने किया सीएम का एलान    |    BREAKING NEWS : देखिए लाल किले के पास हुए बम धमाके की खौफनाक तस्वीरें, 8 लोगों की मौत    |    Breaking : 1 नवंबर को सभी स्कूल – कॉलेजों में रहेगी छुट्टी, आदेश जारी    |    BIG BREAKING : सी.पी. राधाकृष्णन होंगे भारत के नए उपराष्ट्रपति    |    साय कैबिनेट की बैठक खत्म, लिए गए कई अहम निर्णय    |    CG Accident : अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, युवक-युवती की मौके पर ही मौत, 3 की हालत गंभीर    |
मुख्यमंत्री ने मेला में इलेक्ट्रिक चाक से दीया बनाकर परम्परागत व्यवसायियों को किया प्रोत्साहित

मुख्यमंत्री ने मेला में इलेक्ट्रिक चाक से दीया बनाकर परम्परागत व्यवसायियों को किया प्रोत्साहित

रायपुर | मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज शाम 24 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित 10 दिवसीय छत्तीसगढ़ हर्बल्स दीवाली मेला का शुभारंभ किया। राजधानी के पंडरी स्थित छत्तीसगढ़ हाट परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों में छत्तीसगढ़ हर्बल्स के 130 से अधिक उत्पाद 15 प्रतिशत की छूट पर उपलब्ध है। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, महापौर नगरपालिक निगम श्री एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री भरत साय उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इसका शुभारंभ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी-वनवासी परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने में लघु वनोपजों के उत्पाद का महत्वपूर्ण स्थान है। इस पर हमें गर्व है कि लघु वनोपज संघ वन विभाग के सतत् प्रयत्नों से राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्र तथा वनांचल के निवासियों का सतत् उत्थान हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हर्बल्स दीवाली मेला में लगाए गए आयुष स्टॉल और घरेलू उत्पाद स्टॉल, कोदो-कुटकी उत्पाद स्टॉल, आयुर्वेदिक चिकित्सालय, गढ़कलेवा खाद्य उत्पाद स्टॉल और हथकरघा एवं माटी कला बोर्ड तथा शबरी एम्पोरियम आदि हर एक स्टॉल का अवलोकन कर उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने इस दौरान जिला यूनियन धमतरी द्वारा वनोपज ‘तिखुर’ से बने उत्पाद जलेबी, बर्फी तथा हलवा का भी स्वाद लिया और इसे छत्तीसगढ़ के स्वादिष्ट पकवान बताते हुए सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के तिखुर से बने पकवान का प्रचार-प्रसार के लिए नगर निगम से भी दुकान आवंटन हेतु आवश्यक पहल करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने इस दौरान माटी कला बोर्ड के स्टॉल में इलेक्ट्रिक चाक से मिट्टी का दीया बनाकर परम्परागत व्यावसायियों को प्रोत्साहित भी किया।

इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ हर्बल्स दीवाली मेला का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश के निवासियों को उनके अपने ब्रांड छत्तीसगढ़ हर्बल्स से परिचय कराना है। उन्हें उस स्नेह एवं लगन की शुद्धता से भी परिचय कराना है, जो स्व-सहायता समूह की महिलाएं छत्तीसगढ़ हर्बल्स के इन उत्पादों में डालती हैं। मेला में इस दीवाली खरीदा गया हर छत्तीसगढ़ हर्बल्स उत्पाद किसी आदिवासी अथवा वनवासी परिवार का जीवन रोशन करेगा।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ हर्बल्स दीवाली मेला में छत्तीसगढ़ हर्बल्स के आयुर्वेदिक उत्पाद, खाद्य उत्पाद और विभिन्न प्रकार के घरेलू उत्पाद की खरीदी कर सकते हैं। यह उत्पाद 6 हजार से अधिक स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए हैं, जो दुर्गम क्षेत्रों में स्थित 50 से अधिक वनधन विकास केन्द्रों में कार्यरत हैं। छत्तीसगढ़ हर्बल्स दीवाली मेला में इसके अतिरिक्त 11 अन्य स्व-सहायता समूहों और कृषक समितियों के 60 से अधिक उत्पाद भी प्रदर्शनी में शामिल है। मेला में लोगों की सेहत का ध्यान रखने के लिए परम्परागत वैद्य भी हैं। इस अवसर पर आदिवासी नृत्य समूह द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। मेले में अन्य आकर्षण बांस शिल्प, छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध झिटकू-मिटकी कला तथा हैण्डलूम उत्पाद के स्टाल भी हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के पारम्परिक व्यंजनों का स्वाद वहां गढ़कलेवा के स्टॉल में ले सकते हैं।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन श्री मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री राकेश चतुर्वेदी, प्रबंध संचालक राज्य लघु वनोपज संघ श्री संजय शुक्ला, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री पी.सी. पांडेय, श्री के.मुरूगन, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री सुनील मिश्रा, अपर प्रबंध संचालक द्वय श्री एस.एस. बजाज एवं श्री आनंद बाबू आदि विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

बड़ी खबर : राजधानी रायपुर से अब इन शहरों के लिए शुरू होनें जा रही है सीधी उड़ान सेवाएं, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

बड़ी खबर : राजधानी रायपुर से अब इन शहरों के लिए शुरू होनें जा रही है सीधी उड़ान सेवाएं, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

रायपुर | राजधानी के विवेकानंद एयरपोर्ट से अब यात्रियों को भोपाल लखनऊ भुवनेश्वर के लिए सीधी उड़ान सेवाएं मिलेंगी। पुणे और कलकत्ता के लिए भी उड़ान शुरु होने जा रही है।

रायपुर-भोपाल के लिए फ्लाईट मंगल गुरु और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। लखनउ-रायपुर-भुवनेश्वर के लिए मंगल गुरु शनि और रवि को फ़्लाइट होगी। जबकि कोलकाता और पुणे के लिए मंगल गुरु शनि रवि को फ्लाईट उपलब्ध होंगी।रायपुर हैदराबाद के लिए दो नई फ़्लाइट शुरु हुई है।
यात्रियों के बीच इन उड़ानों की लगातार माँग की जा रही थी।

छत्तीसगढ़ : पदभार ग्रहण कर लौट रहे नवपदस्थ SDM अजय लकड़ा की कार खेत में पलती, SDM और ड्राईवर हुए घायल

छत्तीसगढ़ : पदभार ग्रहण कर लौट रहे नवपदस्थ SDM अजय लकड़ा की कार खेत में पलती, SDM और ड्राईवर हुए घायल

बलरामपुर | अनुभाग कुसमी में नव पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी की कार आधी रात को शंकरगढ़ के पास अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में एसडीएम व ड्राइवर बाल-बाल बच गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। घायल एसडीएम ने मोबाइल से अपने उच्च अधिकारियों की इसकी सूचना दी। इसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार तबादले के बाद अनुविभागीय अधिकारी कुसमी अजय किशोर लकड़ा अनुभाग कुसमी में पदभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को काम निपटा कर रात करीब 12:00 बजे वे अपनी इनोवा क्रमांक सीजी 13 AE5341 से जिला मुख्यालय बलरामपुर लौट रहे थे। इसी बीच कुसमी राजपुर मार्ग पर शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम सरगांव के पास कार अनियंत्रित होकर छोटी पुलिया के पास के पास पलट गई। हादसे में अजय किशोर लकड़ा और उनके ड्राइवर को मामूली चोटें आई है। हादसे के बाद अजय किशोर ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय अस्पताल से एंबुलेंस मौके पर पहुंची और अस्पताल ले जाया गया। यदि वाहन की रफ़्तार तेज होती तो यह बड़ा हादसा हो सकता था।

BIG BREAKING : सीएम भूपेश बघेल ने की इस त्यौहार में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा, अब इस दिन रहेगा प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश

BIG BREAKING : सीएम भूपेश बघेल ने की इस त्यौहार में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा, अब इस दिन रहेगा प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश

रायपुर | मुख्यमंत्री बघेल ने शाकम्भरी जयंती-छेर-छेरा पुन्नी के अवसर पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ मरार पटेल महासंघ के पदाधिकारियों की मांग पर राज्य के ग्रामीण अंचल के बाजारों में पसरा शुल्क समाप्त करने, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष को केबिनेट मंत्री का दर्जा देने, मरार पटेल समाज के लोगों की बहुलता वाले इलाकों में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए रियायती दर पर भूमि एवं शासन की ओर से राशि स्वीकृत किए जाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रायपुर के बूढ़ा तालाब स्थित स्वर्गीय बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ मरार पटेल महासंघ द्वारा आयोजित सामाजिक एकीकरण, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने राज्य के ग्रामीण अंचल में नाले के किनारे स्थित शासकीय भूमि को मरार समाज की महिला स्व-सहायता समूहों को सामुदायिक बाड़ी के लिए उपलब्ध कराए जाने, मंडी एवं बाजारों में दुकान एवं पसरा आबंटन में मरार समाज को प्राथमिकता देने की भी घोषणा की। छत्तीसगढ़ राज्य के मरार पटेल समाज की तीन बड़ी बिरादरियों के एकीकरण पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन मरार पटेल समाज के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने समाज के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले छत्तीसगढ़ मरार (पटेल) महासंघ के पदाधिकारियों, समाज के सभी वरिष्ठ जनों, युवाओं, माताओं और बहनों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में मरार पटेल समाज की तीन प्रमुख बिरादरियां हरदिया, कोसरिया एवं भोयरा बिरादरी के लोगों ने सामाजिक एकीकरण का संकल्प लिया।


इस समारोह में पूरे प्रदेश के कोने-कोने से मरार पटेल समाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक बन्धु हजारों की संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राम कुमार पटेल, छत्तीसगढ़ मरार पटेल महासंघ के अध्यक्ष देवचरण पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम पटेल, महा सचिव विजय पाटिल, संयोजक पवन पटेल, आत्मा राम पटेल, राजेन्द्र नायक पटेल सहित अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में मंचस्थ थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मरार पटेल समाज के लोग स्वाभिमानी एवं मेहनतकश माटी पुत्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मरार पटेल समाज, महिलाओं को उनका हक और सम्मान देने के मामले में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के सभी वर्गाें के सम्मान और भलाई के लिए काम कर रही है। कुपोषण दूर करना, शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुराजी गांव योजना के अंतर्गत शामिल बाड़ी विकास कार्यक्रम वास्तव में मरार पटेल समाज की तरक्की के लिए है। बाड़ी विकास कार्यक्रम के तहत फल, फूल और सब्जी की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त की राशि एक नवम्बर राज्योत्सव के अवसर पर जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने समारोह में शाकम्भरी बोर्ड तथा कृषक कल्याण परिषद के मरार समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को छत्तीसगढ़ मरार पटेल महासंघ की ओर से सम्मानित किया। कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राज्य की जनता से किए अपने एक-एक वायदे को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने किसानों की कर्जमाफी, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, सिंचाई कर की माफी का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के सभी वर्ग के लोगों का ध्यान रख रही है। कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ मरार पटेल महासंघ के पदाधिकारियों ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में छत्तीसगढ़ मरार पटेल महासंघ के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का अभूतपूर्व स्वागत और अभिनंदन पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शाकम्भरी बोर्ड के सदस्य दुखवा पटेल, हरी पटेल एवं किसान कल्याण परिषद के सदस्यगण सहित मरार पटेल समाज के सभी जिलों एवं मण्डलों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

कोरोना से शिक्षक की हुई मौत, शिक्षक की पत्नी को मिली अनुकम्पा नियुक्ति

कोरोना से शिक्षक की हुई मौत, शिक्षक की पत्नी को मिली अनुकम्पा नियुक्ति

धमतरी | मगरलोड विकासखण्ड के ग्राम बेन्द्राचुवा निवासी श्रीमती हेमलता कंवर को आज स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से सहायक ग्रेड-3 पद के विरूद्ध अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित ई-मेगा लीगल कैम्प में श्रीमती कंवर को अनुकम्पा नियुक्ति का आदेश पत्र प्रदान किया गया। उनके पति श्री चेतन प्रसाद कंवर, जो कि सहायक शिक्षक (एलबी) के तौर पर पदस्थ थे, की मृत्यु कोविड-19 के संक्रमण की चपेट में आने से हो गई थी। उन्होंने बताया कि यदि यह अनुकम्पा नहीं मिलती तो उनका पूरा परिवार आर्थिक बोझ के तले दबकर बिखर जाता। हेमलता ने बताया कि वह कक्षा 12वीं तक शिक्षित हैं तथा उनकी नियुक्ति मगरलोड के ग्राम बेलौदी के स्कूल में सहायक ग्रेड-3 के पद पर हुई है। अब अनुकम्पा नियुक्ति मिलने से वह खुद को, अपने बच्चे और परिवार को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले अनुकम्पा नियुक्ति में सालों लग जाते थे, अब इस पर फौरी तौर पर अमल हो रहा है। श्रीमती कंवर ने उक्त मेगा लीगल सर्विस कैम्प को एक बेहतर मंच बताते हुए बीच मझधार में किश्ती की संज्ञा दी। इसी तरह स्वास्थ्य विभाग में श्री धनेश्वर पाल की अनुकम्पा नियुक्ति सहायक ग्रेड-03 के तौर पर करके उनकी पदस्थापना नगरी विकासखण्ड के सिविल अस्पताल बोरई में की गई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुधीर कुमार और कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा ने आज उन्हें मेगा लीगल कैम्प में अनुकम्पा नियुक्ति पत्र सौंपा।

बड़ी खबर कवर्धा : चार मजदूरों को ठोकर मारते हुए डिवाइडर मे चढ़ी बेमेतरा DSP की तेज रफ़्तार कार, घायलों को किया अस्पताल में भर्ती

बड़ी खबर कवर्धा : चार मजदूरों को ठोकर मारते हुए डिवाइडर मे चढ़ी बेमेतरा DSP की तेज रफ़्तार कार, घायलों को किया अस्पताल में भर्ती

कवर्धा | डीएसपी की  वाहन बीच शहर में डिवाइडर पर जा चढ़ी, बेमेतरा DSP कवर्धा में हुई दो पक्षो में झड़प दंगों के मामले पर शांति व्यवस्था के लिएआये हुए थे। उनकी गाड़ी सी जी 03 ,5395 अनियंत्रित होकर डिवाइडर में चढ़ गई डिवाइडर के पास में बैठे 4 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल उपचार के लिए लाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, शहर के बीचो-बीच सरकारी गाड़ी तेज रफ्तार से दौड़ रही थी व सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ी। इस दौरान वहां आस-पास करीब 40-50 लोग मौजूद थे, जिसमें से 4 मजदूरों को चोट लगी है। मजदूर यहां दूर-दूर से खाने कमाने के लिए आते हैं। सरकारी वाहन की लापरवाही से जान भी जा सकती थी। वही, भीड़ ने सरकारी वाहन चालक पर कार्यवाही की मांग की है और बताया जा रहा है कि अब तक इस मामले पर शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

 
छत्तीसगढ़ : एक के बाद एक धूं-धूं कर जली चार पहिया वाहनें, सामान हुआ जलकर खाक

छत्तीसगढ़ : एक के बाद एक धूं-धूं कर जली चार पहिया वाहनें, सामान हुआ जलकर खाक

रायगढ़ | जूटमिल इलाके के कालिंदी कुंज के पास एक छोटा हाथी गाड़ी के इंजिन में अचानक आग लग गई। आग ने जोर पकड़ा और पूरी गाड़ी को अपने चपेट में ले लिया। गाड़ी में विस्फोट की तरह होने लगा और ऊंचाई तक लपट उठने लगी। ऐसे में अफरा तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि ट्रांसपोर्ट कंपनी की छोटा हाथी गाड़ी में तिरपाल और पेंट था, अचानक बैटरी में आग लग जाने से आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं पेंट के डब्बों में आग से विस्फोट होने लगा।
जूटमिल चौकी प्रभारी के अनुसार आग की चपेट में पास खड़ी दूसरी गाड़ी भी आ गई। इस आग पर मुश्किल से काबू पाया गया।

त्योहारी सीजन में बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था हेतु व्यापारी संघो की बैठक संपन्न, इस समय में इन वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबन्ध

त्योहारी सीजन में बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था हेतु व्यापारी संघो की बैठक संपन्न, इस समय में इन वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबन्ध

रायपुर | आगामी त्योहारी सीजन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को शुगम सुचारू संचालन हेतु यातायात पुलिस द्वारा शहर के व्यापारी संघो की बैठक आयोजित किया गया।

बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर श्री एम आर मंडावी द्वारा उपस्थित व्यापारी संघो के सदस्यों को त्योहारी सीजन के दौरान अपना वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करेंगे तथा ग्राहकों को भी अपना वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल में पार्क करने हेतु निर्देशित करेंगे । किसी भी परिस्थिति में दुकान के बाहर सामान निकाल कर दुकानदारी नहीं करेंगे, सामान बाहर निकाल कर दुकानदारी करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस एवं नगर पालिक निगम द्वारा कार्यवाही की जाएगी जिस पर व्यापारी संघो द्वारा अपनी सहमति व्यक्त की गई।

इस दौरान व्यापारी संघो द्वारा मांग की गई की मालवीय रोड, केके रोड एमजी रोड में स्ट्रीट वेंडर सड़क पर व्यापार करते हैं जिसके कारण यातायात अवरुद्ध होता है साथ ही मालवीय रोड में अत्यधिक संख्या में ई-रिक्शा संचालित हो रही है जिसे बंद किया जाना या संख्या निर्धारित किया जाना आवश्यक है जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री एम आर मंडावी द्वारा सहमति देते हुए ई रिक्शा के लिए मल्टी लेवल पार्किंग के सामने खाली स्थान में खड़े करने के लिए जगह दी जाएगी एवं मालवीय रोड में निर्धारित संख्या में ही ई-रिक्शा का संचालन किए जाने पर सहमति व्यक्त की गई।

इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर श्री सतीश ठाकुर द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों की जानकारी देते हुए मालवीय रोड, सदर बाजार रोड, गोल बाजार क्षेत्र के व्यापारि मल्टी लेवल पार्किंग, जवाहर पार्किंग, रवि भवन पार्किंग, गांधी मैदान पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे साथ ही ग्राहकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क करने निर्देशित करें इसी प्रकार केके रोड, एमजी रोड के व्यवसायियों के लिए मल्टी लेवल पार्किंग एवं गंज मैदान पार्किंग निर्धारित किया गया है जिसमें अपना वाहन पर के करेंगे एवं दुकान में आने वाले ग्राहकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क करने निर्देशित करने बताया गया जिस पर व्यापारी संघो द्वारा अपनी सहमति व्यक्त की गई।

बैठक के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर श्री सतानंद सिंह विंध्यराज ने कहा कि मालवीय रोड, केके रोड, एमजी रोड के दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर भारी संख्या में सामान निकाल कर दुकानदारी करते हैं जिसके कारण दुकान में आने वाले ग्राहक अपना वाहन रोड में खड़ा करते हैं जिससे यातायात बाधित होकर जाम की स्थिति निर्मित होती है, नगर निगम के साथ यातायात पुलिस द्वारा अतिक्रमण कार्यवाही करने के बावजूद दुकानदार दुकान के बाहर सामान निकाल कर दुकानदारी कर रहे हैं जोकि अनुचित है त्योहारी सीजन के दौरान यातायात पुलिस, नगर पालिक निगम अतिक्रमण दस्ता को साथ में लेकर लगातार अतिक्रमण कार्यवाही की करेगी जिस पर व्यापारी संघो द्वारा जोर देते हुए उक्त कार्यवाही को प्रतिदिन करने निवेदन किया गया।

सामान लोडिंग अनलोडिंग हेतु समय निर्धारित त्योहारी सीजन के दौरान दुकानों में माल लोडिंग अनलोडिंग सुबह 10:00 से दोपहर 1:00 बजे एवं अपरान्ह 4:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा इस दौरान ग्राहकों की सुरक्षा हेतु मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा अतः माल लोडिंग अनलोडिंग हेतु उपरोक्त समय को छोड़कर अन्य समय में अपना सामान लोडिंग अनलोडिंग करा सकते हैं।

बैठक में श्री हरक मालू अध्यक्ष सराफा एसोसिएशन, श्री गुलाब जोसेफ अध्यक्ष सदर बाजार व्यापारी संघ, श्री जय तलनानी रवि भवन व्यापारी संघ, श्री सतीश जैन गोल बाजार व्यापारी संघ, श्री राजेंद्र जग्गी स्टेशन रोड मिल मशीनरी व्यापारी संघ, श्री राम मनधान अध्यक्ष डूमरतराई किराना बाजार एसोसिएशन,श्री जितेंद्र गोलछा प्रदेश मंत्री छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं श्री सुरेश भंसाली कोषाध्यक्ष सराफा एसोसिएशन उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ में 25 को नही खुलेंगे प्राइवेट स्कूल, एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय हड़ताल, जाने क्या है कारण

छत्तीसगढ़ में 25 को नही खुलेंगे प्राइवेट स्कूल, एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय हड़ताल, जाने क्या है कारण

रायपुर। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने घोषणा की है कि सोमवार को प्रदेश स्तर पर हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। 25 अक्टूबर को रायपुर के बूढ़ापारा के धरना स्थल पर जमा होकर स्कूल एसोसिएशन के लोग सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करेंगे। इस हड़ताल का प्रमुख कारण आरटीई, राइट टू एजुकेशन के तहत प्राइवेट स्कूलों को मिलने वाला पैसा है। पिछले कई महीने से करीब 106 करोड़ रुपए सभी स्कूलों के बकाया है, जो सरकार ने अब तक नहीं दिया हैं।
एसोसिएशन के इस फैसले की वजह से प्रदेश के लगभग 7 हजार से अधिक स्कूल बंद रहेंगे। इन सभी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 16 लाख बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि सरकार लगातार हमारी मांगों की अनदेखी कर रही है। कई स्तर पर स्कूल के लोगों ने अपनी समस्याओं को सरकार के सामने रखा मगर हमारी एक नहीं सुनी गई। अब प्रदेश के संगठन ने ये फैसला लिया है। 25 अक्टूबर को सभी स्कूलों में ताले लगे होंगे। टीचिंग स्टाफ, नॉन टीचिंग स्टाफ सभी हड़ताल पर रहेंगे।
ये है स्कूल संचालकों की मांग
2020-2021 की आरटीई की प्रतिपूर्ति राशि अशासकीय विद्यालयों को अविलंब प्रदान की जाए ।
16 महीनो तक स्कूल बसों का संचालन बंद रहा, अत: अप्रैल 2020 से जुलाई 2021 (16 महीने) प्रदेश की सभी स्कूल बसों का रोड टैक्स माफ किया जाए।
नवीन मान्यता, मान्यता नवीनीकरण पर स्कूल शिक्षा विभाग अड़ियल रवैया अपनाए हुए हैं। पूरे प्रदेश में मान्यता की प्रक्रिया 2 से 3 वर्ष विलंब से चल रही है।
कोरोना संक्रमण के दौरान प्रदेश के सभी अशासकीय विद्यालयों का स्कूल शिक्षा विभाग ने निरीक्षण किया था, अलग-अलग जिलों में कमियां बता कर अशासकीय विद्यालयों को परेशान किया जा रहा है।
 

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव-राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव-राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा की

राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में 28 अक्टूबर को भव्य समारोह में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश और विदेश के आदिवासी नर्तक दलों द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में 7 देशों के नर्तक दल सहित देश के 27 राज्यों तथा 6 केन्द्र शासित प्रदेशों के 59 आदिवासी नर्तक दल शामिल हो रहे हैं। इन नर्तक दलों में लगभग 1000 कलाकार शामिल होंगे, जिनमें 63 विदेशी कलाकार होंगे।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन स्थल पर की जा रही तैयारियों, विदेशों तथा देश के अन्य राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से आने वाले आदिवासी नृत्य दलों तथा अतिथियों के रूकने की व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था, पांच दिनों तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया।
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन साईंस कॉलेज मैदान में 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक किया जाएगा, 31 अक्टूबर को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी और पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित फोटो प्रदर्शनी, संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, श्रीमती इंदिरा गांधी पर बनाई गई डॉक्यूमेंटरी फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा तथा भजन संध्या भी आयोजित की जाएगी। राज्य स्थापना दिवस एक नवम्बर को राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को 33 अलंकरण सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ 28 अक्टूबर को भव्य समारोह में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल हो रहे आदिवासी नर्तक दलों द्वारा मार्चपास्ट किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में युगाण्डा, उत्तर प्रदेश, फिलीस्तीन, सिक्किम और छत्तीसगढ़ के आदिवासी नर्तक दलों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। इस महोत्सव में शामिल होने के लिए नाइजीरिया का दल नई दिल्ली पहुंच चुका है। यह दल 25 अक्टूबर को रायपुर पहंुचेगा। नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से नर्तक दल 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर के लिए रवाना होंगे। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में प्रत्येक राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश के नर्तक दल दो विधाओं विवाह संस्कार तथा अपने राज्य की अन्य पारंपरिक विधाओं में अपनी प्रस्तुति देंगे। दोनों विधाओं में प्रथम तीन स्थान पर रहने वाले नर्तक दलों को कुल 20 लाख रूपए की पुरस्कार राशि, प्रमाण पत्र और ट्राफी प्रदान की जाएगी। प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 5 लाख रूपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 3 लाख रूपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 2 लाख रूपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का यह द्वितीय आयोजन है। देश विदेश में इस आयोजन को काफी लोकप्रियता मिली है। इस वर्ष आयोजित हो रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में श्रीलंका, उज्बेकिस्तान, स्वाजीलैण्ड, नाइजीरिया, पेलेस्टीन, माले और युगांडा के नर्तक दल हिस्सा लेंगे। मोरक्को के दल की भी इस आयोजन में शामिल होने की संभावना है।
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, प्रतिदिन 20-20 आदिवासी नर्तक दलों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। महोत्सव के दौरान आदिवासियों की जीवन शैली, आदिवासी संस्कृति पर केन्द्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टाल भी होंगे। प्रदर्शनी में हाथकरघा वस्त्रों और हस्तशिल्प के स्टाल भी लगाए जाएंगे। विदेशों तथा अन्य राज्यों से आने वाले नर्तक दलों के रूकने की व्यवस्था रायपुर के विभिन्न होटलों और मेरिज हॉल में की गई है। आयोजन के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के लगभग 3500 अधिकारियों-कर्मचारियों को तैनात किया गया है। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन स्थल पर ट्राइबल डांस एरिया और स्पीकर लाउंज के साथ-साथ लाइव शोकेस एरिया, ट्राइबल इंस्पायर्ड एग्जीबिट, शिल्प-ग्राम और फूड-एरिया भी होगा।
बैठक में पर्यटन मंत्री श्री ताम्र्र्रध्वज साहू, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव उद्योग श्री मनोज कुमार पिंगुआ, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव श्री अन्बलगन पी., जनसम्पर्क सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, जनसम्पर्क आयुक्त श्री दीपांशु काबरा, पुलिस महानिरीक्षक श्री आनंद छाबड़ा, संचालक संस्कृति श्री विवेक आचार्य, छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के प्रबंध संचालक श्री यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर श्री सौरभ कुमार और पुलिस अधीक्षक रायपुर श्री प्रशांत अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के इस अधिकारी ने छेड़े बगावत के सुर, मनमाफिक काम नही मिलने के कारण इस कार्यक्रम में जवाबदारी लेने से किया मना

संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के इस अधिकारी ने छेड़े बगावत के सुर, मनमाफिक काम नही मिलने के कारण इस कार्यक्रम में जवाबदारी लेने से किया मना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में कार्यभार को लेकर आयोजक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने पद की गरिमा अनुरूप जिम्मेदारी नहीं मिलने पर बगावती सुर अपनाते हुए विभागीय सचिव को पत्र लिखा है, जिसमें नृत्य महोत्सव में काम करने में असमर्थतता जताई है.
आपको बता दे संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, छत्तीसगढ़ में डिप्टी डायरेक्टर जेआर भगत ने विभागीय सचिव अबलंगन पी को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में वरिष्ठता का ध्यान न रखते हुये कार्य आबंटन पर आपत्ति जताई है. उन्होंने वर्ष 2019 में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भी दी गई जिम्मेदारियों को निष्ठापूर्वक सम्पन्न करने की जिक्र किया है. इसके साथ अबकी बार आयोजन में उनकी वरिष्ठता को ध्यान में रखे बिना किए गए कार्य आबंटन से अपमानित और असहज महसूस करते हुए ड्यूटी करने में असमर्थतता जताई है.


आपको ये भी बता दे अंतरराष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 28 से 30 अक्टूबर तक रायपुर के साइंस कॉलेज के ग्राउंड में आयोजित होने वाला है जिसमे विदेशी प्रतिभागी आना चालू हो चुके है ऐसे में अधिकारियों की ऐसी खीचतान कही कार्यक्रम की छवि को खराब ना करदे.
 

रायपुर: दीपावली से पूर्व बुजुर्गों का आशिर्वाद लेने पहुंचे रोटेरीयन्स

रायपुर: दीपावली से पूर्व बुजुर्गों का आशिर्वाद लेने पहुंचे रोटेरीयन्स

रायपुर, वृदाश्रम में रहने वाले बुजुर्ग त्यौहार से पूर्व आनंदित रहे इसी भावना को लेकर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ने आज श्याम नगर स्थित वृदाश्रम में बुजुर्गों के लिए राशन , फल , मिठाई भेट की ।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष उज्वल बत्रा जी ने रोटरी की विश्व सेवा के बारे मे जानकारी प्रदान की और कहा कि बुर्जग परिवार की सबसे कीमती पूंजी है , इन्हें अतिजतन , व स्नेह से जिसने भी सम्हाल कर रख लिया उसे धरती पर ही स्वर्ग मिल जाता है । सचिव नामो चंद मोरियानी ने बुजुर्गों से व्यक्तिगत बात चीत कर उनका कुशलक्षेम पूछा । कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपाध्यक्ष प्रदीप गोविंद शितूत ने कहा कि हर समाज व परिवार के पास एक बेहद किमती धरोहर होती है वह है परिवार के सबसे उम्रदराज बुजुर्ग जो कठिन और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए बेतहासा अनुभव अपने पास संचित किये होते हैं । वे अपने बच्चों के बाद अपने नाती पोतों को संस्कार रूपी ज्ञान से उसके जीवन की नींव को मजबूत बनाने के साथ ही साथ तराशते भी हैं ।अपने बच्चों और उनके परिवारों को संघटित रहने की कड़ी बनें रहते हैं । वृदाश्रम के श्री आर के शर्मा जी ने बताया कि इस आश्रम में कोई भी वृद्ध ऐसा नहीं है जो किसी पारिवारिक प्रताड़ना के कारण इस आश्रम में रह रहा हो । सभी बुजुर्ग एक छत्र के नीचे पारिवारिक माहौल में प्रेम से रहते हैं । रोटे आलोक पाटनी जी ने कहा कि घर के बुजुर्ग माँ बाप की सेवा करना ईश्वर की सेवा होती है । इन्हें कभी रूठने नहीं देना चाहिए । क्लब के वरिष्ठ पूर्व अध्यक्ष आई बी एस बत्रा जी ने बताया कि हमारा क्लब कई वर्षों से वृद्धाश्रमों में जाकर बुजुर्गों को राशन किराना , फल एवं अन्य आवश्यक वस्तुए भेट करता आ रहा है । श्रीमती अंजली शितूत , श्री कृष्णा साहू , श्री नन्दु दिव्य व सभी रोटेरीयन्स द्वारा बुजुर्गों को दिपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दी गई । कार्यक्रम के अंत मे किशोर जायसवाल जी ने आभार प्रकट करते हुए कहा कि वृदाश्रम के संस्थापक डॉ अरविंद नेरल के सुचारू संचालन से इस आश्रम में रहने वाले 17 बुजुर्ग महिलाएं व 13 पुरुषों को अपनी वृद्धावस्था सुख शांति व आनंद से जीने का अवसर मिला हैं । इसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं ।
 

हमर कका स्मार्ट लगथे: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से प्रसिद्ध यूट्यूबर श्री देवराज पटेल ने की सौजन्य मुलाकात

हमर कका स्मार्ट लगथे: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से प्रसिद्ध यूट्यूबर श्री देवराज पटेल ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर, मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज यहां उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध यूटयूबर श्री देवराज पटेल ने सौजन्य मुलाकात की। श्री पटेल ने मुख्यमंत्री के समक्ष ही ‘‘काका स्मार्ट लगथे‘‘ का विडियो बनाया।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने उनके मजाकिया अंदाज पर ठहाके लगाए और उनके कार्य और जज्बे की सराहना की। महासमुंद जिले के निवासी श्री देवराज पटेल छत्तीसगढ़ के जाने-माने यूट्यूबर है। उनके यूट्यूब चैनल के 3 लाख से भी ज्यादा फालोवर है। वे ज्यादातर काॅमेडी विडियो बनाते है। श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात करना और उनके साथ विडियो बनाकर वे काफी उत्साहित है। श्री पटेल ने बताया कि वे प्रसिद्ध यूट्यूबर श्री भुवन बाम के साथ काॅमेडी वेबसीरीज ढिंढोरा में भी काम कर चुके हैं। इस दौरान विधायकद्वय श्री देवेन्द्र यादव एवं श्रीमती संगीता सिन्हा, रेडियो मिर्ची के काॅपीराइटर श्री अंकित दुबे, आकाश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
 

यात्रीगण ध्यान दे! छत्तीसगढ़ में पटरी से उतरी मालगाड़ी, इस रूट में ट्रेनें रहेंगी बाधित...

यात्रीगण ध्यान दे! छत्तीसगढ़ में पटरी से उतरी मालगाड़ी, इस रूट में ट्रेनें रहेंगी बाधित...

सूरजपुर, सूरजपुर के कमलपुर रेलवे स्टेशन में मालगाड़ी का एक डब्बा पटरी से उतरने के कारण रविवार को यात्री ट्रेन अम्बिकापुर पहुचने के लिए बाधित रहेगी। दरअसल विश्रामपुर-अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन के बीच कमलपुर स्टेशन में मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया।
इसके कारण दुर्ग अम्बिकापुर ट्रेन भी आज अम्बिकापुर स्टेशन नही पहुचेगी, इसलिए यात्री ट्रेन केवल विश्रामपुर तक ही आएगी। फिलहाल पटरी से उतरी मालगाड़ी का सुधार कार्य जारी है।
 

राजधानी के बाद अब दुर्ग के 20 हुक्का बार में पुलिस ने दी दबिश...

राजधानी के बाद अब दुर्ग के 20 हुक्का बार में पुलिस ने दी दबिश...

दुर्ग, शुक्रवार रात को राजधानी रायपुर में कार्रवाई के बाद पुलिस ने शनिवार शाम को दुर्ग-भिलाई शहर में भी ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई की। पुलिस की 11 टीमों ने एक साथ 20 हुक्का बार में दबिश दी और एक संचालक को गिरफ्तार भी किया। पुलिस ने इन सभी हुक्का बार को सील कर दिया है।
शक्रवार की बैठक में मुख्यमंत्री बघेल ने सभी जिलों के एसपी को निर्देशित किया था कि वह उनके क्षेत्र में संचालित हुक्का बार को बंद कराएं। इस पर दुर्ग और भिलाई शहर में एक साथ कार्रवाई करने की रणनीति तैयार की गई थी। हालांकि, रेड के पहले ही ज्यादातर संचालकों को इस बात की भनक लग गई थी, इस वजह से पुलिस को ज्यादातर हुक्का बार से कुछ नहीं मिला। पुलिस केवल एक ही हुक्का बार से सामान जब्त कर सकी है। पुलिस ने इन सभी हुक्का बार पर कार्रवाई सीएम के आदेश का हवाला देकर और पूर्व पूर्व में हुक्का बार चलाने के साक्ष्यों के आधार पर की है।
पुलिस को सिर्फ मोहन नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र पार्क चौक में यार्ड गेमिंग जोन नाम से कैफे से ही भारी मात्रा में हुक्का, पाइप व अन्य सामान मिला है। इसके बाद पुलिस ने यश को गिरफ्तार कर सामान जब्त किया है और यश अग्रवाल के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस ने एक साथ एक ही समय में 20 जगहों पर छापेमार कार्रवाई की है। इसमें जुनवानी रोड, स्मृति नगर में फ्लोरा कैफे, जुनवानी रोड स्मृति नगर स्थित कास रोड कैफे, भिलाई अड्डा कैफे और धनकर कैफे। इस तरह टेन 11, हैश टैग कैफे,होटल फ्लोरेट, सुपेला स्थित हिपस्टर, वीआईपी कैफे मे भी पुलिस ने दबिश दी। वहीं नेहरू नगर सुपेला स्थित हम सफर कैफे, हवेली कैफे, थर्ड डिग्री कैफे, अलादीन कैफे, चेकमेट, स्मोक्स, गोल्डन सोशल कैफे, मंत्रा कैफे, इंडियन प्राईड,होटल रोमन और होटल ढिल्लन में संचालित हुक्का बार में भी पुलिस ने छापा मारा है।
एएसपी सिटी संजय ध्रुव ने बताया की सभी हुक्का बार को सील कर दिया गया है। पुलिस इसकी रिपोर्ट संबंधित नगर निगम कार्यालय को भी भेजेगी। सील किए गए संस्थान खुलेंगे या नहीं यह निर्णय निगम प्रबंधन लेगा। रही बात हुक्का बार खुलने की तो पुलिस चाहती है कि यह पूरी तरह से बंद हो जाएं। आगे जो भी निर्देश होंगे उसके मुताबिक कार्य किया जाएगा। एएसपी का दावा है कि अगर अब हुक्का बार खुला तो वह नियम पूरा करने के बाद ही उसे खोल पाएगा।
 

वन विभाग के अधिकारी ने पत्रकार पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, एफआईआर दर्ज...

वन विभाग के अधिकारी ने पत्रकार पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, एफआईआर दर्ज...

महासमुंद, जिले में पदस्थ एक वनविभाग के अधिकारी ने स्थानीय पत्रकार पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराइ है। वहीं दूसरी तरफ पत्रकार ने आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि पुलिस ने उसका बयान नहीं लिया है, और एक तरफ़ा कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग में पदस्थ शिवशंकर नाविक उप वनमण्डलाधिकारी ने संवाददाता मयंक गुप्ता समेत उनके अन्य साथी के खिलाफ प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सिटी कोतवाली ने अफसर के कथन के बाद एफआईआर दर्ज की है। इधर, पत्रकार मयंक गुप्ता ने बताया कि वे लगातार उक्त अफसर के फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी लगने को लेकर खबर प्रकाशित कर रहे हैं, जिससे वह तिलमिला गया है। उन्होंने कहा कि गाली-गलाैज की बात बेबुनियाद है। पुलिस ने एक तरफा कार्रवाई की है, एक बार पत्रकार का भी बयान लिया जाना था। उक्त अफसर के खिलाफ कई शिकायतें हैं। पहले भी कई विवाद में घिरे रहे हैं।
अफसर ने पुलिस को बताया कि मयंक गुप्ता ने उनके विरूद्ध जातिगत एवं अन्य शासकीय मामलों पर अशोभनीय एवं अनर्गल टिप्पणी कर क्षति एवं भय में डाल कर प्रति दिन परेशान किया है। उप वनमण्डलाधिकारी ने बताया 27 अगस्त 2019 से पदस्थ होकर कार्यरत हूं। इसके पूर्व मैं महासमुन्द वनमण्डल में ही उप प्रबंध संचालक, जिला लघु वनोपज यूनियन महासमुन्द के पद पर पदस्थ था।
उपरोक्त वर्तमान पदस्थापना उप वनमण्डलाधिकारी महासमुन्द के पद पर पदस्थ होने के पश्चात् से ही उपरोक्त व्यक्ति मुझे लंबे समय से परेशान कर रहा है। मेरे द्वारा उनके उक्त लगातार फोनकर प्रताड़ित किये जाने के बाद भी विशेष ध्यान न देकर अपने पदीय कर्तव्य करता रहा। तत्पश्चात् उपरोक्त आरोपी व्यक्ति द्वारा मेरे विरूद्ध मेरे नाम एवं मेरे पदीय नाम पर लगातार दैनिक समाचार पत्र के माध्यम से लगातार प्रसारित एवं प्रचारित करता रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
 

आदिवासी नृत्य महोत्सव में भाग लेने विदेशी टीमो का आना हुआ शुरू आज पहुंची नाइजीरिया की टीम

आदिवासी नृत्य महोत्सव में भाग लेने विदेशी टीमो का आना हुआ शुरू आज पहुंची नाइजीरिया की टीम

रायपुर। राजधानी रायपुर में 28 से 30 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भाग लेने पहली अंतर्राष्ट्रीय टीम रायपुर पहुंची। महोत्सव में भाग लेने के लिए नाइजीरिया की टीम रविवार की सुबह नई दिल्ली से रायपुर पहुंची है।  

टीकाकरण केंद्र : राजधानी रायपुर के इन 156 टीकाकरण केंद्रों में उपलब्ध है कोविशील्ड और कोवैक्सीन के 18 हजार से अधिक डोज, देखें सूची

टीकाकरण केंद्र : राजधानी रायपुर के इन 156 टीकाकरण केंद्रों में उपलब्ध है कोविशील्ड और कोवैक्सीन के 18 हजार से अधिक डोज, देखें सूची

रायपुर । प्रदेश की राजधानी रायपुर में आज कुल 156 वैक्सीनेशन सेंटरों में कोवैक्सीन की 2980 और कोविशिल्ड 15900 वैक्सीन की प्रथम एवं द्वितीय खुराक लगाई जाएगी ।
just36news आप सभी से अपील करता है की टीका लगवाए और अन्य लोगो को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित करे.
देखे सूचि:-
 

BIG BREAKING : राजधानी रायपुर में फिर बढ़ने लगी है कोरोना मरीजों की संख्या, आज इतने मरीजों की हुई पहचान

BIG BREAKING : राजधानी रायपुर में फिर बढ़ने लगी है कोरोना मरीजों की संख्या, आज इतने मरीजों की हुई पहचान

 रायपुर | राजधानी रायपुर में आज 01 कोरोना मरीजों की पहचान हुई है। वही हॉस्पिटल से 00 और होम आइसोलेशन से 01 कुल 01 मरीज स्वस्थ हुए है। जबकि आज नहीं हुई किसी की मृत्यु, मौत का कुल आकड़ा 3139 हुआ, साथ ही अब रायपुर में एक्टिव मरीज 25 है। आज तक रायपुर में 158000 मरीजो की पहचान हुई है और 154836 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है।
आपको बता दें 
छत्तीसगढ़ प्रदेश में आज कुल 28 नए कोरोना मरीजों की पहचान की गई है | जिसमे जिला जांजगीर- चाम्पा से सर्वाधिक 06 मरीज मिले है| आज प्रदेश में कुल 12 कोरोना संक्रमित मरीज कोरोना की जंग जीत कर स्वस्थ्य हुए है | राज्य में आज कुल 00 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है | प्रदेश में अब कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 230 है | आज प्रदेश में 21012 टेस्ट हुए है |

चेम्बर ने मंत्री भगत को खाद्य तेल एवं तिलहन पर स्टाक सीमा निर्धारित करने हेतु सौंपा ज्ञापन

चेम्बर ने मंत्री भगत को खाद्य तेल एवं तिलहन पर स्टाक सीमा निर्धारित करने हेतु सौंपा ज्ञापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष उत्तम गोलछा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी,विक्रम सिंहदेव,राम मंधान, मनमोहन अग्रवाल ने बताया कि चेम्बर का प्रतिनिधि मंडल केन्द्र सरकार द्वारा खाद्य तेल पर स्टाक लिमिट लगाने के संबंध में खाद्य मंत्री श्री अमरजीत सिंह भगत जी से मिलकर ज्ञापन सौंपा।

चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी ने बताया कि केंद्र सरकार ने खाद्य तेल पर स्टॉक लिमिट लगाने का फैसला किया है। इस सिलसिले में खाद्य मंत्रालय ने एक नोटिफिकेशन जारी किया है।

श्री पारवानी ने आगे कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य की आबादी लगभग 3 करोड़ है। त्यौहारी सीजन में व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए खाद्य तेलों में अलग-अलग तरह के खाद्य तेल अर्थात् सोयाबीन तेल, सरसों तेल, फल्ली तेल, अलसी तेल, एवं अन्य तेल की जीन्स रहती है तथा इन सब खाद्य तेलों में अलग-अलग ब्रांड आते हैं। चूंकि एक होलसेल दुकानदार द्वारा इन सब चीजों की रेंज मंेटेन करने के लिये स्टाक की सीमा ज्यादा होती है।

श्री अमर पारवानी ने खाद्य मंत्री श्री अमरजीत सिंह भगत से निवेदन किया कि खाद्य तेलों की स्टाक सीमा होलसेलर को 2500 क्विंटल और रिटेलर को 1000 क्ंिवटल निर्धारित किया जावे जिससे कि राज्य में खाद्य तेलों की सुगमता बनी रहे।

प्र्रतिनिधि मंडल में चेम्बर सलाहकार अमर गिदवानी, प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राम मंधान, प्रेम पाहूजा, रतन अग्रवाल, आनंद गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

राष्ट्रीय कवि संगम के तत्वावधान में श्री राम काव्य-पाठ प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सम्पन्न

राष्ट्रीय कवि संगम के तत्वावधान में श्री राम काव्य-पाठ प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सम्पन्न

 रायपुर | प्रान्तीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कवि संगम, योगेश अग्रवाल ने कार्यक्रम की जानकारी मीडिया को देते हुए बताया कि, श्री राम काव्य-पाठ प्रांतीय प्रतियोगिता का आयोजन बड़ी दर्शक-दीर्घा में, छत्तीसगढ़ के 26 जिलों के  110 प्रतियोगियों के एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ,  जिसमें श्री राम जी के शील-सौंदर्य, पराक्रम, उदारता, परोपकार, सीख आदि विषयों पर रचनायें प्रस्तुत की गईं।  इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री जगदीश मित्तल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कवि संगम की गरिमामयी उपस्थिति रही, उन्होंने अपने वक्तव्य में श्री राम जी के अतुलनीय गुणों का बखान कर, कहा, कि प्रेरणा स्त्रोत के रूप में श्री राम हम सभी मे विद्यमान हैं। हमें अपने अंदर के राम को ढूंढने की ज़रूरत है। और उनकी सीखों को अमल में लाकर अपने जीवन को सहल और मर्यादित करने हेतु प्रयत्नशील रहने पर बल दिया। बतौर कार्यक्रम अध्यक्ष महंत वेदप्रकाश जी, प्रान्त प्रमुख धर्माचार्य, विश्व हिन्दू परिषद, ने अपने वक्तव्य में कहा कि, श्री राम समूचे विश्व में त्याग, बलिदान, न्याय, नैतिकता इत्यादि  मानवीय गुणों के  एक असाधारण उदाहरण हैं, जो कि अनुकरणीय है।  विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री भारती बंधु जी, सुप्रसिद्ध भजन और सूफ़ी गायक, ने अपने आशीर्वचन में कबीर और तुलसी के अनेक उद्धरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि, किस प्रकार साहित्य और भक्ति एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। साहित्य भक्ति की ओर ले जाता है, और भक्ति सहित्य की ओर। बतौर विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक बत्रा जी, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय कवि संगम, ने अपने उद्बोधन में बताया कि आगामी वर्ष में श्री राम वनगमन कार्यक्रम का आयोजन होना है, जिसमें श्री लंका से यात्रा शुरू होकर श्री राम जी के अमिट पदचिन्हों को शहर दर शहर प्रणाम करते हुए गंतव्य अयोध्या नगरी तक  जाएगी। इस कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती मल्लिका रुद्रा होंगी, जिन्होंने इसकी रूपरेखा तैयार कर ली है। महेश शर्मा, राष्ट्रीय सह-महामंत्री ने अपने उद्बोधन में सभी 26 जिलों में सम्पन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिता का रिपोर्ट साझा कर सभी संयोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और उन्हें बधाई प्रेषित की।

 योगेश अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कवि संगम ने अपने वक्तव्य में कहा कि, देखिए श्री राम की महिमा, आज उन्हीं के दरबार में इतने सारे साहित्य साधक उपस्थित हैं, जो उन्हें शब्दांजलि देने को लालायित और उत्साहित हैं। उन्होंने आगे कहा कि, इस अनूठे और अलौकिक कार्यक्रम का अभिन्न हिस्सा बन हम सभी धन्य हैं। 
इस प्रतियोगिता में कोरबा  निवासी घनश्याम श्रीवास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया उन्हें  पुरस्कार स्वरूप 5100 रु. की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। रायपुर निवासी दिव्यांश झ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया उन्हें पुरस्कार स्वरूप 3100 रु.की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। तथा लक्ष्या सूर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया उनको पुरस्कार के रूप में 2100 रु.की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह, प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि विजेताओं को आगामी माह में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। प्रांतीय काव्य पाठ के साथ ही, श्री राम रक्षा स्त्रोत के वाचन-पाठन कार्यक्रम में 05 कलमकारों ने  एवं श्री राम जी के शील-सौंदर्य और पराक्रम पर आधारित मौलिक कविता पाठ प्रतियोगिता  में 12 रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
देवभूमि से मातृभूमि लौटे यात्री, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार, कहा इतनी त्वरित सहायता मिली, बड़ी आपदा से बचे

देवभूमि से मातृभूमि लौटे यात्री, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार, कहा इतनी त्वरित सहायता मिली, बड़ी आपदा से बचे

 रायपुर | भिलाई के सभी 55 यात्री आज उत्तराखंड से सुरक्षित लौट आये। इतने बड़े हादसे से निकलने के बाद की खुशी उनकी आँखों में स्पष्ट झलक रही थी। भरी हुई आँखों से उन्होंने बताया कि भूस्खलन के बाद का मंजर बहुत डरावना था। हमने हिम्मत नहीं हारी, अपनी सरकार पर भरोसा रखा। बहुत जल्दी डोगरा बटालियन की टीम पहुँची और हम सबको सुरक्षित पहुंचाया। कुछ किमी हमें पैदल चलना पड़ा। हमें राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि आप सभी आश्वस्त रहें। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल भी पूरी घटना पर नजर रखे हुए हैं और आप सभी की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए हर संभव सहायता करने के निर्देश हमें दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे पूरे समय लोगों की सहूलियत के संबंध में मानिटरिंग करते रहे। अपर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना कैंचीधाम के एसडीएम के निरंतर संपर्क में रही। यात्रियों को स्कूल और अन्य सुरक्षित रहवासों में पहुँचाया गया और इनके खानपान की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद दिल्ली तक सुबह- सुबह पहुंचाया गया। यात्रियों ने बताया कि दिल्ली तक आने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। जिला प्रशासन के अधिकारी निरंतर समन्वय में रहे। हमें किसी तरह की तकलीफ नहीं हुई। छत्तीसगढ़ भवन में पहुंचकर हमें बहुत अच्छा लगा। यात्रियों ने बताया कि हम इस आपदा से जल्दी इसलिए बाहर आ पाये क्योंकि हमारी सरकार ने उत्तराखंड सरकार से उचित समन्वय बनाया। वहां के जिला प्रशासन ने तेजी से रेस्क्यू का कार्य किया। हम इसके लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति बहुत आभारी है। सुबह स्टेशन में बहुत सुंदर माहौल था और यात्रियों का स्वागत विजेताओं की तरह किया गया। सबकी आँखों में खुशी के आंसू थे। सामूहिक प्रयास से यह बड़ा काम संपन्न हुआ।

दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी ठोकर एक महिला की हुई मौत 2 घायल, ग्रामीणों ने किया हंगामा

दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी ठोकर एक महिला की हुई मौत 2 घायल, ग्रामीणों ने किया हंगामा

जगदलपुर: जिले के परपा थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम नियानार के सुंडिपारा में आज शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक बैठे तीन लोगों को पीछे से ठोकर मार दिया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत गई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग 04 घण्टे तक चक्काजाम कर रखा था। इस दौरान मृतिका का शव सड़क में ही रखा हुआ था।


एसडीओपी ऐश्वर्य चंद्राकर ने बताया कि ग्राम जाटम के सरपंच की बहन तुलसा बघेल अपने पति गणेश व एक अन्य महिला सुबाली के साथ अपने भाई के घर आई हुई थी। वहां से आज सुबह 8 बजे मोटर साइकिल से अपने घर सरगीपाल वापस जाने के लिए निकले थे, इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेसी 2723 जिसमे लोहा गिट्टी भरा हुआ था, उसने बाइक को ठोकर मार दिया। ट्रक के पिछले चक्के से कुचलकने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो।


आक्रोशित ग्रामीणों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और पीडि़तों को तत्काल मुआवजा देने की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया।
दुर्घटना की सूचना पर पुलिस दल के साथ ही तहसीलदार, एसडीएम व आरटीओ की टीम की समझाईश के बाद सड़क में आवागमन बहाल करवाया।


प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल में 10 हजार की राशि दिया गया, वहीं घायलों को उपचार के लिए मेकाज लाया गया और आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 

अनोखी खबर: होती रही दिमाग की सर्जरी, मरीज करता रहा बातें

अनोखी खबर: होती रही दिमाग की सर्जरी, मरीज करता रहा बातें

भिलाई: न्यूरोसर्जन्स की टीम मरीज के दिमाग की सर्जरी करती रही और वह उनसे बातें करता रहा। मरीज को इस बात का अहसास तो था कि उसके सिर के भीतर कुछ हो रहा है पर उसे दर्द का कोई अहसास नहीं था। दरअसल मस्तिष्क में दर्द का अहसास जगाने वाले रेशे नहीं होते। यह सब संभव हो पाया लोकल एनेस्थीसिया और मामूली सेडेटिव्स की मदद से ताकि खोपड़ी खोली जा सके।


अवेक क्रेनियोटॉमी या जागृत अवस्था में ब्रेन सर्जरी का यह मामला वोकहार्ट हॉस्पिटल, नागपुर का है। न्यूरो सर्जन डॉ राहुल झमड, न्यूरो एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ अवन्तिका जायसवाल की टीम ने यह सर्जरी की है। डॉ जमाल ने बताया कि मरीज को ब्रेन ट्यूमर था। इस सर्जरी का उद्देश्य मस्तिष्क के संवेदनशील हिस्सों को सुरक्षित रखते हुए ट्यूमर के ज्यादा से ज्यादा हिस्से को निकालना था।


डॉ जमाल ने बताया कि आमतौर पर मस्तिष्क की सतह पर कुछ ही फंक्शन्स के केन्द्र होते हैं। सतह के नीचे नसों के गुच्छे होते हैं जो मेरूरज्जु (स्पाइनल कार्ड) तक जाते हैं। सर्जरी के दौराना इन नसों की लगातार मैपिंग करनी होती है ताकि इनके संपादित होने वाले कार्यों पर नजर रखी जा सके। ऐसा करने पर सर्जरी के दौरान इन्हें बचाते हुए ट्यूमर को निकालना संभव हो जाता है। महत्वपूर्ण तंत्रिकाओं को चोट पहुंचने पर स्थायी विकलंगता आ सकती है।


उन्होंने बताया कि अवेक क्रेनियोटॉमी तकनीक का उपयोग आम तौर पर फ्रांटल, पैरिएटल तथा टेम्पोरल लोब्स के ट्यूमर सर्जरी के लिए किया जाता है। खोपड़ी को चीर कर मस्तिष्क तक पहुंचने के दौरान मरीज बेहोश रहता है पर मस्तिष्क की सर्जरी के दौरान वह जागृत अवस्था में ही रहता है। इस दौरान वह सर्जन से वार्तालाप कर सकता है। इस सर्जरी में काफी वक्त लग सकता है और इस पूरे दौरान न्यूरो एनेस्थीसियोलॉजी की टीम उसके साथ बनी रहती है।


मरीज की जागृत अवस्था का यह लाभ होता है कि सर्जरी के दौरान शरीर के किसी भी हिस्से में होने वाले मामूली परिवर्तनों की तरफ वह सर्जन का ध्यान आकर्षित कर सकता है। इसमें अंगों में कमजोरी महसूस होना, झुनझुनी होना, बोलने में परेशानी होना जैसे लक्षण शामिल हो सकते हैं। न्यूरोसर्जन ट्यूमर के आसपास की तंत्रिकाओं में विद्युत तरंग प्रवाहित कर संबंधिक अंगों में हरकत करने की कोशिश करते हैं तथा मरीज की प्रतिक्रिया के आधार पर आगे बढ़ते हैं।


मस्तिष्क के भीतर का काम खत्म होने तथा मरीज के स्टेबल होने के बाद उसे दोबारा बेहोश कर दिया जाता है तथा खोपड़ी के खुले हुए हिस्से को बंद करने की प्रक्रिया की जाती है।

कोरोना अपडेट: प्रदेश के इन 20 जिलों में कोरोना का नया मामला नहीं

कोरोना अपडेट: प्रदेश के इन 20 जिलों में कोरोना का नया मामला नहीं

रायपुर: प्रदेश के 20 जिलों में 22 अक्टूबर को कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला नहीं आया है। इस दिन प्रदेश भर में हुए 22 हजार 076 सैंपलों की जांच में 26 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, गरियाबंद, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर और बीजापुर जिले में 22 अक्टूबर को कोरोना संक्रमण का एक भी मामला नहीं आया है। राज्य के पांच जिलों कबीरधाम, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया और सूरजपुर में अभी कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है। प्रदेश की औसत पॉजिविटी दर 0.12 प्रतिशत है।