रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भूपेश सरकार के ढाई साल पूरे होने से ठीक पहले 5 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 5 दिवसीय कार्यक्रम तैयार किया है। आज दूसरे दिन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पदाधिकारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भूपेश और एआईसीसी प्रभारी पीएल पुनिया प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। आज होने वाले आयोजन में कांग्रेस की भूपेश सरकार के ढाई साल की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के 17 जून को ढाई साल पूरे हो रहे हैं। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोमवार से पांच दिवसीय कार्यक्रम तैयार की है। इन पांच दिनों में बैठक, प्रशिक्षण, प्रेस कॉन्फ्रेंस, ऑडियो लॉन्च और महंगाई के खिलाफ सांकेतिक चक्काजाम करेगी।
रायपुर, आगामी 17 जून को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के 5 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ढाई वर्षो में कांग्रेश सरकार ने जनता से विश्वासघात और अराजकता के रोज नए नए कारनामे किए हैं। कांग्रेस सरकार की इन्ही कार गुजारियों को जनता के सम्मुख लाने के लिए भाजपा रायपुर जिला का वादाखिलाफी अभियान रायपुर के 16 मंडलों के सभी वार्डों में प्रारंभ हुआ।
कांग्रेस के कुशासन और अन्याय के खिलाफ भाजपा द्वारा रायपुर दक्षिण के महामाई पारा व विपिन बिहारी सूर वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में जनता के बीच पहुंचे बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भूपेश सरकार जनता से किए वादे पूरा करने के बजाय अपनों के तगादो से त्रस्त है। राज्य बनने के बाद ढाई- ढाई साल के फार्मूले में फंसी कांग्रेस सरकार ढाई साल बीतने के बाद भी निगम मंडलों के मलाईदार पदों के लिए अपने नेताओं की मांग में उलझी हुई है। और जनहित के कार्यों से मुंह फेरे बैठी है। बृजमोहन ने जनता से पूछा कि क्या आपके बच्चों को नौकरी मिली, क्या आपके बच्चे को बेरोजगारी भत्ता मिला, उन्होंने महिला स्व सहायता समूह से उनके कर्ज माफी के संबंध में भी बातचीत की। उन्होंने भूपेश सरकार से मांग की कि जनता ने आप के वादों पर भरोसा करके आपको जिताया है आप केंद्र के माथे आरोप मढ़ने से बजाए जनता से किए अपने वादे पूरे करें।
मिनिमम कार्य-मैक्सिमम प्रचार, यह है छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार
रायपुर उत्तर विधानसभा के पंडरी बाजार व मधु पिल्ले स्कूल मंडी गेट के पास जनता से चर्चा करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि `कम से कम कार्य और अधिक से अधिक प्रचार के लाइन पर चलती है भूपेश सरकार, शहरी जनता के लिए उन्होंने संपत्ति कर आधा करने का वादा किया था। परंतु रायपुर निगम की इनकी सरकार अब एक-एक घर में जाकर, हर कमरे में ताक झांक कर निगम के आय बढ़ाने के स्रोत ढूंढेंगी । न गर्मी में लोगों को पानी पिला रहे हैं, ना बरसात में पानी की निकासी कर पा रहे हैं। लेकिन शराब यह घर घर पहुंचा रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने आज वीरांगना अवंतीबाई महात्मा गांधी वार्ड गुरु गोविंद सिंह व गुरू घासीदास वार्ड जनता से रूबरू हुए। आज के अभियान में मुख्य रूप से भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव, महामंत्री रमेश सिंह ठाकुर, ओकार बैस, नगर निगम जोन अध्यक्ष प्रमोद साहू, राजीव अग्रवाल, छगन मून्दड़ा, अनूप खेलकर, किशोर महानंद, सालिक सिंह ठाकुर, राजीव मिश्रा, अकबर अली, हंसराज विश्वकर्मा, मखमूर खान, मनोज वर्मा, तिलक भाई पटेल, अर्पित सूर्यवंसी, देवदत्त साहू, विपिन पटेल आदि उपस्थिति थे।
भाजपा रायपुर जिला मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि आज जनता के पास जाकर राज्य सरकार के वादाखिलाफी अभियान 17 जून तक चलेगा। इस अभियान को गति देने के लिए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा रायपुर जिला की बैठक भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी व महामंत्री ओंकार बैस की उपस्थिति में एकात्म परिसर में हुई ।
17 जून को रायपुर के 32 स्थानो पर प्रदर्शन करेगा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा
बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनील चौधरी ने बताया कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिले के सभी 16 मंडलो में 32 स्थानो पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा झूठे वादे कर सरकार बना कर जनता के साथ विश्वासघात किया है । इसके ख़िलाफ़ 16 और 17 जून को प्रदर्शन किया जाएगा। आम जनता के बीच जा कर सवाल पूछा जाएगा की क्या आपको किये गये वादे पूरे हुए। शराबबंदी, धान का बोनस, बेरोज़गारी भत्ता, बिजली बिल हाफ़, सम्पत्ति कर हाफ़, किसानो बुज़ुर्गों को पेन्शन, आवासहिनो को आवास-पट्टा, महिला स्वसहायता समूहों का क़र्ज़ा माफ़ जैसे वादे पूरे हुए क्या।
बिलासपुर: पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और संबित पात्रा को टूल किट मामले मे हाईकोर्ट मे बड़ी राहत दी गई है। टूल किट मामले में दर्ज एफआईआर के खिलाफ रमन सिंह, संबित पात्रा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने आगामी सुनवाई तक FIR पर रोक लगा दी है। बता दें कि रमन सिंह और संबित पात्रा ने FIR के खिलाफ बिलासपुर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। मामले पर सुनवाई करते हुए जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की कोर्ट ने FIR पर रोक लगाने का फैसला सुनाया है। याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट में दलील दी थी कि उनके खिलाफ पॉलिटिकल एजेंडा के तहत FIR दर्ज की गई है।
क्या छत्तीसगढ़ का टूल किट मुद्दा
देश और प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 18 मई को ट्विटर पर कांग्रेस का कथित लेटर (letter) पोस्ट किया था। इस पोस्ट में रमन सिंह ने कांग्रेस के ऊपर देश का माहौल खराब करने की प्लानिंग के संबंध में जानकारी दी थी। पोस्ट में यह भी लिखा गया था कि कांग्रेस विदेशी मीडिया में देश को बदनाम करने को लेकर दुष्प्रचार कर रही है। रमन सिंह की इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस भड़क गई थी, इसके बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी। जिस पर डॉ. रमन सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि कांग्रेस पार्टी की ख्याति को नुकसान पहुंचाने के लिए डॉक्टर रमन सिंह, संबित पात्रा और दूसरे भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसंधान विभाग के जाली लेटर हेड पर एक फेक न्यूज साझा कर देश मे साम्प्रदायिकता और हिंसा फैलाने का प्रयास किया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट कर राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है। डॉ. रमन सिंह ने कहा, कार्यकाल आधा- भूल गये वादा।
उन्होंने बताया न पूरी कर्जमाफी हुई, न एक मुश्त समर्थन मूल्य मिला, दो साल का बोनस भी भूल गये, न रोजगार, न ही भत्ता मिला, न ही पूर्ण शराबबंदी, न वृद्धा पेंशन मिली, न ही स्व सहायता समूह का कर्जामाफ हुआ।
अंत में डॉ. रमन सिंह ने पूछा `ढाई साल में आपने किया क्या है?
#जवाब_दो_भूपेश (@bhupeshbaghel)
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने की तारीख में अब दो ही दिन बचे हैं, विपक्ष में बैठी भाजपा सरकार के खिलाफ अब आक्रामक हो गई है। भाजपा राजधानी में सरकार के खिलाफ सोमवार को 80 स्थानों पर बीजेपी प्रदर्शन करेगी।
बता दें कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्लाबोलने के लिए मंडल स्तर पर कार्यक्रम तय किए गए हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार बीजेपी प्रदर्शन करेगी।
वही दूसरी ओर कांग्रेस आज से ढाई साल की उपलब्धियां गिनाएगी। इसके लिए 5 दिनों तक बैठकों और कार्यक्रमों का दौर चलेगा। साथ ही महगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी करेंगे|
रायपुर । महंगाई, बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर विपक्ष की कांग्रेस देश भर में विरोध-प्रदर्शन कर रही है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी महंगाई के खिलाफ आंदोलन जारी है। यहां पिछले 8 दिनों से एक अलग ही प्रकार से विरोध दर्ज किया जा रहा है। इस आंदोलन में पेट्रोल पंपों की डमी बनाकर चौक चौराहों पर न सिर्फ़ खड़ा किया जा रहा है बल्कि ये पम्प की ड़मी सड़क पर चला कर विरोध दर्ज कर रही है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर ओर पेट्रोल की 100 रुपए से पार होती कीमतों पर कटाक्ष किया गया है। कांग्रेस नेता विनोद तिवारी के नेतृत्व में यह पूरा आंदोलन चलाया जा रहा है।
यह अनूठा आंदोलन सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। लाखों लोगों ने इसे शेयर किया है। पेट्रोल मूल्य वृद्धि के प्रथम दिन विनोद तिवारी पेज से लाईव किया गया था उसे भी 10 लाख लोगों ने देखा है और लगभग 14 हज़ार लोगों ने शेयर किया है।
विगत 8 दिन से पेट्रोल मूल्य वृद्धि का विरोध जारी है। प्रथम दिन पेट्रोल पम्प की डमी बना जयस्तम्भ चौक से कोतवाली चौक, दूसरे दिन नगर घड़ी और कचहरी चौक तीसरे दिन शहीद भगत सिंह चौक चौथे दिन तेलीबांधा मरीन ड्राइव पाँचवें दिन शंकरनगर टर्निंग प्वाइंट छटवे दिन साइकिल रैली निकाल विरोध दर्ज किया गया था । सातवें दिन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के घर पहुँच बेसरम के फलो से बना गुलदस्ता साथ ही 1 लीटर पेट्रोल भेंट कर विरोध दर्ज किया गया था। आठवें दिन पीसीसी द्वारा निर्धारित पेट्रोल मूल्य वृद्धि के विरोध में तेलीबांधा स्थित जयजवान पेट्रोल पम्प पर पम्प की डमी रख विरोध दर्ज किया।
विफलताओं, वादाखिलाफी और धोखे के वर्ल्ड रिकॉर्ड में कांग्रेस का नाम दर्ज होना चाहिए- श्रीचंद सुंदरानी
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला के कार्यकर्ता, छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की ढाई साल की वादा खिलाफी को लेकर अगले 5 दिनों में राजधानी रायपुर सहित बिरगांव और रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में शक्तिकेन्द्रों, मंडलों व जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों और प्रदर्शन के माध्यम से सीधे जनता के बीच पहुंचेंगे और भूपेश सरकार की विफलताओं को लेकर सीधे जनता से संवाद स्थापित करेंगे। प्रदेश भाजपा से तय कार्यक्रम के अनुसार तैयारियों का जायजा लेने और कार्यक्रम की सम्पूर्ण रूपरेखा तय करने भाजपा रायपुर शहर जिला की बैठक स्वयं भाजपा के प्रदेश माहामंत्री व रायपुर संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने ली हैं और मण्डल स्तर तक के कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। प्रदेश नेतृत्व द्वारा तय कार्यक्रमो के अनुसार रायपुर शहर जिला ने मंडलो में बैठक कर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिसके तहत 14 और 15 जून में शहर में सभी सोलह मंडलो में लगभग 80 स्थानों पर भूपेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन होंगे।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा रायपुर जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुन्दरनी ने कहा कि किसी भी सरकार के लिए अपनी उपलब्धियों और कामो को दिखाने या जनता के बीच खरा उतरने के लिए ढाई वर्ष पर्याप्त होते हैं। लेकिन इनके कार्यकाल को देखे तो कांग्रेस का नाम वादा खिलाफ़ी और विफलता के वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होना चाहिए। प्रदेश सरकार की इन्ही वादखिलाफियों और विफलताओं को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी आक्रमकता के साथ जनता के बीच जाना है। शराब बंदी, युवाओं को रोजगार, बेरोजगारी प्रोत्साहन भत्ता, संपत्ति कर हाफ, प्रधानमंत्री आवास, वृद्ध पेंशन, महिला स्व सहायता समूह के कर्ज माफ, जैसे अनेक विफलता और विकास के नाम पर आज महिलाएं, बुजुर्ग, युवा, किसान, मजदूर हर वर्ग सरकार की वादाखिलाफी और छल से परेशान हैं, । चारो तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला हैं, और ढाई वर्ष में रायपुर राजधानी अपराध की राजधानी बन चुकी हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि इन्ही सब विषयों को लेकर सभी भाजपा कार्यकर्ता आज से जनता के बीच जाएंगे और सरकार की विफलताओं वादखिलाफियों को उजागर करेंगे।
वर्चुअल रूप से आयोजित बैठक में रायपुर जिला महामंत्री रमेश सिंह ठाकुर, ओंकार बैस जिला उपाध्यक्ष सत्यम दुआ,बजरंग खंडेलवाल,आशु चंद्रवंशी, अमरजीत छाबड़ा, योगी अग्रवाल, जिला मंत्री मुरली शर्मा,अकबर अली, गोपी साहू, हरीश ठाकुर,राजीव मिश्रा, वंदना राठौर,सुनिल चौधरी, श्यामा चक्रवर्ती ,श्रीमती मनीषा चंद्राकर , खेम कुमार सेन , सावित्री जगत, संजय तिवारी , राजीव मिश्रा , अनुराग अग्रवाल , राजीव चक्रवर्ती ,श्रीमती वंदना राठौर दीना डोंगरे श्री गोरेलाल नायक,
श्रीमती अर्चना शुक्ला, अनूप खेलकर, हंसराज विश्वकर्मा,
सालिक सिंह ठाकुर, महेश शर्मा, प्रवीण कुमार देवड़ा, मुकेश पंजवानी, अनिल सोनकर, भूपेंद्र ठाकुर , प्रीतम ठाकुर, बी.श्रीनिवास राव, होरीलाल देवांगन, जीतेन्द्र धुरंदर, ओमप्रकाश साहू, रविन्द्र सिंह ठाकुर उपस्थित थे।
रायपुर, भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष माननीय विष्णु देव साय जी, प्रदेश संगठन महामंत्री मा. पवन साय जी, प्रदेश प्रभारी आई.टी. सेल मा. दीपक महास्के जी एवं जिलाध्यक्ष मा श्रीचंद सुन्दरानी जी की सहमति से भाजपा आई. टी. सेल एवं सोशल मीडिया प्रभारी के जिला संयोजक तोषण कुमार साहू द्वारा आई. टी. सेल जिला कार्यकारिणी एवं मंडल संयोजकों की घोषणा की गई|
देखे किन्हें मिली जगह

रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया दो दिन के दौरे पर 14 जून को राजधानी रायपुर पहुंच रहे हैं। उनके साथ प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव और नवनियुक्त प्रभारी सचिव सप्तगिरी शंकर उल्का भी साथ होंगे। सूत्रों की माने तो दो दिन के दौरे के दौरान पुनिया, प्रभारी सचिवों, पीसीसी चीफ की मौजूदगी में निगम मंडलों की दूसरी सूची को फाइनल किया जाएगा। पुनिया 15 जून की शाम को दिल्ली लौट जाएंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार विभाग के सदस्य आरपी सिंह को युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का मीडिया और सोशल मीडिया का प्रभारी बनाया गया हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के सदस्य सुशील आनंद शुक्ला को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग में 5 विधायकों को प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
देवेंद्र यादव विधायक भिलाई
कुँवर सिंह निषाद - विधायक गुंडरदेही
शकुंतला साहू - विधायक कसडोल
विनोद चन्द्राकर - विधायक महासमुंद
राम कुमार यादव - विधायक चंद्रपुर
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आकाशवाणी से प्रत्येक माह प्रसारित होने वाली ’लोकवाणी’ की 18वीं कड़ी में बातचीत की शुरूआत जय जोहार के अभिवादन के साथ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ किसानों का, खेती-किसानी का राज्य है। हमारा मानना है कि किसान खुशहाल होगा, तभी प्रदेश खुशहाल होगा। विकास की इसी दूरगामी सोच के साथ हमने छत्तीसगढ़ में 21 मई 2020 को ’राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ की शुरूआत की है। यह योजना हमारी सरकार की कृषक हितैषी सोच को साफ-साफ दर्शाती है। इससे छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ेगी और वे आर्थिक रूप से सक्षम बनेंगे।उन्होंने कहा कि यह योजना छत्तीसगढ़ के किसानों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ में 21 मई 2020 को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरूआत की और साल भर के भीतर चार किस्तों में पूरी राशि 5 हजार 628 करोड़ रूपए का भुगतान 18 लाख 45 हजार किसानों के खाते में कर दिया। जो लोग पहले चार किश्तों में राशि देने को लेकर आपत्ति कर रहे थे, उन लोगों ने कोरोना संकट को देखते हुए यह कहना शुरू कर दिया था कि खरीफ 2021 में धान बेचने वाले किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। कोरोना के कारण देश और प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर निश्चित तौर पर बुरा असर पड़ा है। लेकिन मैंने स्पष्ट कहा कि इसका नुकसान किसानों को नहीं होने देंगे। इस तरह हमने राजीव गांधी किसान न्याय योजना 2021 के लिए बाकायदा बजट में 5 हजार 703 करोड़ का प्रावधान किया है और विगत वर्ष की तरह ही 21 मई अर्थात राजीव जी के शहादत दिवस पर, ठीक पिछली बार की तरह पहली किश्त की राशि 1500 करोड़ रूपए का भुगतान किसानों के खाते में कर दिया गया। इसमें 20 लाख 53 हजार 482 किसानों ने धान बेचा है तथा शेष लगभग डेढ़ लाख किसानों ने मक्का व गन्ना बेचा है। कोरोना महासंकट के बावजूद योजना के क्रियान्वयन में एक दिन की भी देरी नहीं की गई।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार के कृषक हितैषी निर्णय के फलस्वरूप प्रदेश में लोगों ने खेती में निवेश भी बढ़ाया है। यहां विगत दो वर्षों में किसानों की संख्या 5 लाख 50 हजार बढ़ी है। कई प्रदेशों में लोग जब खेती को छोड़कर अन्य काम-धंधा अपना रहे है, तब हमारे यहां किसानों की संख्या बढ़ना एक अच्छा संकेत है। इसका अर्थ है कि हमारे प्रयास किसानों के घर तक पहुंच रहे है। प्रदेश में वर्ष 2017-18 की तुलना में वर्ष 2020-21 में पंजीकृत किसानों की संख्या 15 लाख से बढ़कर 21 लाख 52 हजार, समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों का प्रतिशत 76.47 से बढ़कर 95.38 प्रतिशत हो गई है। यहां किसानों की रूचि और उत्साह के कारण ही सर्वाधिक कृषि ऋण वितरण का लक्ष्य भी हासिल किया गया है। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 56.88 मीट्रिक टन से बढ़कर 92 लाख मीट्रिक टन हो गई है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कृषकों के हित में राजीव गांधी किसान न्याय योजना का कुछ नए प्रावधानों के साथ विस्तार किया गया है। इसके तहत ‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ में आदान सहायता की राशि के लिए मुख्यतः तीन प्रावधान हैं। पहला प्रावधान यह है कि पिछले साल की तरह धान के साथ खरीफ की प्रमुख फसल मक्का, कोदो, कुटकी, सोयाबीन, अरहर, गन्ना फसल लेने वाले किसानों को 9 हजार रूपए प्रति एकड़ आदान सहायता राशि हर साल दी जाएगी। दूसरा प्रावधान उन किसानों के लिए जो धान के बदले अन्य निर्धारित फसलें लेना चाहते हैं। उन्हें 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से अनुदान सहायता राशि दी जाएगी। इसी तरह तीसरा प्रावधान उन किसानों के लिए जो धान के बदले वृक्षारोपण करेंगे तो उन्हें भी 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की सहायता राशि दी जाएगी, यह तीन वर्ष के लिए होगी। इस योजना में समस्त श्रेणी के भू-स्वामी एवं वन पट्टाधारी कृषक लाभ प्राप्त करने हेतु पात्र होंगे। कृषकों को आदान सहायता प्राप्त करने के लिए आवेदन पत्र के साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा। कृषक पंजीयन का कार्य एक जून से शुरू हो गया है, जो 30 सितंबर तक किया जाएगा।
00 राजीव गांधी किसान न्याय योजना का बढ़ा दायरा
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में होने वाली बहुत सी ऐसी फसलें हैं, जिन्हें सेहत के लिए बहुत उपयोगी और औषधियुक्त माना जाता है, लेकिन उनके समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए कोई प्रणाली विकसित नहीं की गई है। ऐसी स्थिति में धान, गन्ना और मक्का के अलावा बहुत सी फसलें लेने वाले किसानों को सरकार सेे सहयोग की जरूरत है। इस बात को हमने बहुत गंभीरता से महसूस करते हुए, राजीव गांधी किसान न्याय योजना का दायरा बढ़ाया है। हम चाहते हैं कि धान के बदले अन्य निर्धारित फसलें लेने वाले किसानों को किसी न किसी प्रकार की आर्थिक मदद व उनकी फसल को बाजार में बेचने की सुविधा मिले। खरीफ 2021 से धान के साथ खरीफ की प्रमुख फसल मक्का, कोदो-कुटकी, सोयाबीन, अरहर तथा गन्ना उत्पादक कृषकों को प्रति वर्ष 9 हजार रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता राशि दी जाएगी। वर्ष 2020-21 में जिस रकबे से किसान द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया गया था, यदि वह धान के बदले कोदो-कुटकी, गन्ना, अरहर, मक्का, सोयाबीन, दलहन, तिलहन, सुगंधित धान, अन्य फोर्टिफाइड धान, केला, पपीता लगाता है अथवा वृक्षारोपण करता है, तो उसे प्रति एकड़ 10 हजार रुपए आदान सहायता राशि दी जाएगी। वृक्षारोपण करने वाले कृषकों को तीन वर्षों तक आदान सहायता राशि दी जाएगी।
00 मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना से किसानों की आय सहित कृषि वानिकी को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों की आय सहित कृषि वानिकी के विकास को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। हमारे प्रदेश में ऐसी प्रजातियों के वृक्षारोपण के लिए आदर्श परिस्थितियां, पर्याप्त भूमि, अनुकूल जलवायु और श्रमशक्ति उपलब्ध है। जिसमें वृक्षों को लगाने से काटने के बीच एक सुरक्षित चक्र बनाया जा सकता है, जिससे हर समय पर्याप्त संख्या में वृक्ष मौजूद भी रहें और सही समय पर कटाई होने से ग्रामीणों, किसानों की आय भी बढ़े। ऐसा करने पर चोरी-छुपे वृक्षों की अवैध कटाई की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। इसके लिए हमने मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य के सभी नागरिक, निजी भूमि की उपलब्धता अनुसार तथा सभी ग्राम पंचायत एवं संयुक्त वन प्रबंधन समितियां योजना का लाभ लेने हेतु पात्र है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोकवाणी में विकासखंड कुनकुरी से खिरोधर राम, ग्राम नगपुरा ब्लॉक दुर्ग से सुरेन्द्र, ग्राम करवांझर विकासखंड डबरा जांजगीर-चांपा से गंगाराम, जिला बालोद से रूपेश कुमार साहू, गांव डुंडेरा उतई, जिला दुर्ग से खुमान सिंह यादव, प्रेमराज जैन एग्रोफारेस्ट्री एक्टिवविस्ट, सुश्री रूक्मणी सूर्यवंशी जिला जांजगीर-चांपा के सवालों का जवाब देते हुए उनसे प्राप्त सुझावों के लिए धन्यवाद दिया।
00 कोरोना संक्रमण को रोकने हरसंभव पहल
मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेश में कोरोना के नियंत्रण तथा रोकथाम के उपायों और सावधानियों के बारे में भी प्रदेशवासियों से चर्चा की जिसमें उन्होंने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर, वायरस के नए वेरिएंट के साथ आई थी और तेजी से बढ़ने लगी थी। अप्रैल में संक्रमण दर 30 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। एक माह के भीतर हमने संक्रमण दर को 27 प्रतिशत से गिराकर 2 प्रतिशत तक लाने में सफलता प्राप्त की। हमने स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, निजी अस्पताल संचालकों, अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और जागरूक जनता की मदद से एक पारदर्शी व्यवस्था बनाई। रियल टाइम बेसिस पर वेबसाइट पर अस्पतालों में बिस्तरों की उपलब्धता प्रदर्शित की गई। अस्पतालों में दवा, इंजेक्शन, ऑक्सीजन सिलेण्डर आदि की उपलब्धता के लिए काफी सोच-समझकर इंतजाम किए गए। साधारण लक्षण वाले मरीजों को घर पहुंचाकर दवा दी गई।राज्य में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण के कार्य को भी प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। ऐसे बहुत सारे प्रयासों के कारण ही प्रदेश में कोरोना की पॉजीटीविटी दर बहुत तेजी से कम हुई, इसके लिए मैं सरकारी अमले के साथ ही आम जनता, स्वयंसेवी संस्थाओं, खुले दिल से सहयोग देने वाले व्यवसायी, उद्योगपति समुदाय सभी के प्रति शुक्रिया अदा करता हूं।
रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रदेश में तमाम अपराधों के साथ ही अब लगातार सामने आ रहे साइबर अपराधों को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा है कि एक माह में ही साइबर ठगी के लगभग दर्ज़नभर से अधिक मामले दर्ज़ होने के बावज़ूद अपराधियों का क़ानून के राज को धता बताकर खुला घूमना स्मार्ट पुलिसिंग की जुमलेबाजी में मशगूल प्रदेश सरकार और पुलिस तंत्र की विफलता का परिचायक है।
नेता प्रतिपक्ष श्री कौशिक ने भाजपा सांसद (राज्यसभा) रामविचार नेताम के साथ शुक्रवार को घटित साइबर ठगी के मामले को प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर हमलावर होते हुए कहा कि प्रदेश में न तो ज़मीनी अपराधों पर रोक लग पा रही है और न ही साइबर अपराधों के आरोपियों तक पुलिस पहुँच पा रही है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो चले हैं। श्री कौशिक ने कटाक्ष किया कि लोगों को सुरक्षित व निर्भीक वातावरण में मुहैया करा अपराधमुक्त प्रदेश बनाने के बजाय प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बनाकर रख दिया है। प्रदेश की राजधानी में ही साइबर ठगी मामले रोज सामने आ रहे हैं, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की बेरुख़ी के चलते राजधानी अब ठगों की मंडी बनती प्रतीत हो रही है और छत्तीसगढ़ इन मामलों में एक नया जामतारा बन रहा है। झारखंड प्रदेश का जामतारा साइबर ठगी के मामलों में काफी कुख्यात है। श्री कौशिक ने कहा कि जब प्रदेश सरकार और आला नौकरशाहों की नाक के नीचे साइबर अपराधों का ग्राफ़ इस तेज़ी से बढ़ रहा है तो प्रदेशभर की स्थिति का अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है। प्रदेश सरकार अपराधियों में क़ानून के राज का ख़ौफ़ पैदा कर क़ानून व अमन पसंद लोगों को सुरक्षा देने और पसीने की कमाई पर डाले जा रहे डाके को तत्काल फ्रभावी ढंग से रोकने की मांग की है।
रायपुर। बढ़ती महंगाई को लेकर राज्यसभा सांसद एवं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती फूलोदेवी नेताम ने आज केन्द्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि महंगाई की दुहाई देने वाला प्रधानमंत्री लापता हो गये है। गैस सिलेंडर के बढ़ती दामों से महिलाएं परेशान हो गई है। उन्होंने दावा किया ‘‘यूपीए सरकार के समय एक सिलेंडर की कीमत 400 रुपये के करीब थी। उस समय कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा थी, लेकिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखा गया था। अब पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें आसमान छू रही हैं।
इस सरकार के कुप्रबंधन के कारण देश को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।’’ अब भारतीय जनता पार्टी के सरकार में रसोई गैस के दाम 1000 रुपये चुकाने पड़ रहे है। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल का भाव भी शतक पार कर रहा है। खाने का तेल इतना अधिक महंगा, सरसों का तेल महंगा, दाल महंगा दैनिक जीवन के आवश्यक वस्तु हर एक चीज महंगी तो आम जनता का घर का गुजर बसर कैसे होगा? कोरोना महामारी के कारण लोगों के हाथ से रोजगार छिन्न गया और ये कमर तोड़ महंगाई से तो लोगों का हालत खस्ता हो गया है।
फूलोदेवी नेताम ने कहा कि नरेंद्र मोदी के गलत नीति के कारण महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। कमर तोड़ महंगाई की मार क्या यही है मोदी सरकार जो कहता था बार-बार अबकी बार मोदी सरकार बेलगाम महंगाई पर चिखने चिल्लाने वाले भाजपा नेत्रियां खामोश क्यों? ‘‘यह सरकार डीजल पर उत्पाद शुल्क को आठ गुना और पेट्रोल पर ढाई गुना बढ़ा चुकी है। इस सरकार की कृपा है कि देश ने पेट्रोल की कीमत के मामले में शतक लगा दिया है और नया कीर्तिमान गढ़ दिया है। ऐसा लगता है कि इस सरकार को आम आदमी की रत्ती भर फिक्र नहीं है।’’ राज्यसभा सांसद एवं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम ने सवाल किया कि क्या सरकार का काम ‘मुनाफाखोरी’ करना है?
स्मृति ईरानी अब लकड़ी लेकर सड़क पर प्रदर्शन क्यों नहीं करती रसोई गैस सिलेंडर के दाम 1000 रूपये के लगभग पहुंच गया है।
नेताम ने सरकार पर ‘कुप्रबंधन, मुनाफाखोरी करने और आम लोगों की फिक्र नहीं करने’ का आरोप लगाया और सवाल किया कि यूपीए सरकार के समय सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठने वाली भाजपा की महिला नेता अब चुप क्यों हैं?
राज्यसभा सांसद एवं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम ने कहा कि ‘‘हमारी सरकार से मांग है कि बढ़ी हुई कीमतें वापस ली जाएं और उत्पाद शुल्क कम करके लोगों राहत दी जाए।’’ यूपीए के सरकार में कीमत 10 रुपये बढ़ने पर सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरने वाली महिला नेता से पूछना चाहती हूं कि क्या आज सत्ता का सुख इतना बड़ा हो गया है कि वह बोल नहीं पा रही हैं?
रायपुर। भाजपा की पत्रकार वार्ता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की चौतरफा विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा ध्यान भटकाने में लगी है। मोदी की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए राज्य सरकार पर भाजपा ने पत्रकार वार्ता लेकर झूठे आरोप मढ़ने का काम किया है। कांग्रेस ने पूछा कि भाजपा नेता बतायें कि अच्छा काम कर रही छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगाने का निर्देश नागपुर से आया था या दिल्ली से।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि पत्रकार वार्ता लेकर जितने आरोप भाजपा नेताओं ने लगाए हैं उनके लिए मूल रूप से मोदी सरकार ही जिम्मेदार हैं। छत्तीसगढ़ सरकार को कर्ज लेने के लिए बाध्य मोदी सरकार ने ही किया है। मोदी सरकार ने जीएसटी का छत्तीसगढ़ के हक का पैसा नहीं दिया। छत्तीसगढ़ के हक कोयले की रायल्टी का पैसा भी मोदी सरकार नहीं दे रही है। इतनी बड़ी कोरोना महामारी की फर्स्ट और सेकंड वेव का सामना टेस्टिंग फैसिलिटी बढ़ाने का काम छत्तीसगढ़ सरकार ने किया। लेकिन आपदा प्रबंधन के लिए मोदी सरकार ने कोई राशि नहीं दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने कर्ज लिया है तो किसानों को कर्ज मुक्त करने के लिए, धान का दाम ₹2500 देने के लिए प्रदेश के विकास के लिए भाजपा सरकार ने तो 15 साल भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी स्काईवॉक और एक्सप्रेसवे जैसे घटिया निर्माण में जनता के पैसे को बर्बाद किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने रमन सिंह से कहा कि तू इधर-उधर की बात ना कर यह बता कि कारवां क्यों लुटा, भाजपा को तो छत्तीसगढ़ के मतदाता खारिज कर चुके हैं। 15 साल के शासन काल के बाद भाजपा को छत्तीसगढ़ के मतदाताओं ने 15 सीटों के लायक भी नहीं समझा। मोदी सरकार की विफलता महंगाई बढ़ती बेरोजगारी से ध्यान हटाने के लिए भाजपा द्वारा राज्य सरकार पर आरोप लगाने की भाजपा की कुचेष्टा छत्तीसगढ़ के लोग बखूबी समझ रहे हैं।
रायपुर/नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर विवादों से घिर गए हैं। दिग्विजय सिंह का क्लब हाउस ऑडियो सामने आया है। ये ऑडियो भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित मालवीय ने जारी किया है, जिसमें दिग्विजय सिंह कश्मीर में आर्टिकल 370 लागू करने की बात कर रहे हैं।दिग्विजय ने कहा कि अगर भारत में कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई तो वो 370 हटाने के फैसले पर विचार करेंगे।
वहीं दिग्विजय सिंह के इस बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, दिग्विजय सिंह को पता है कि देश में अब कभी कांग्रेस की सरकार आने वाली नहीं है। वे ऐसी ही घोषणाएं करते हैं, जो उनसे पूरी नहीं होती। 370 हटाने से पहले वे देश के राज्यों के भीतर ही अपनी पार्टी की सरकार बचा लें।
उल्लेखनीय है कि, दिग्विजय के क्लब हाउस चैट में पाकिस्तानी रिपोर्टर शाहज़ेब भी मौजूद था। दिग्विजय सिंह का क्लब हाउस ऑडियो 12 मई का है। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने कहा “जब उन्होंने कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया तो वहां लोकतंत्र नहीं था। वहां इंसानियत भी नहीं थी क्योंकि उन्होंने सभी को जेल में बंद कर दिया था। कश्मीरियत वहां के सेक्युलरिज्म का अहम हिस्सा है, क्योंकि मुस्लिम बहुल राज्य का राजा हिंदू था और दोनों साथ मिलकर काम करते थे। यहां तक कि कश्मीर में कश्मीरी पंडितों को सरकारी नौकरी में आरक्षण दिया गया था। ऐसे में आर्टिकल 370 को हटाने का फैसला बेहद दुखद था और कांग्रेस जब सत्ता में आएगी तो 370 को हटाने के फैसले पर फिर से विचार करेगी।”
रायपुर। कांग्रेस की सरकार बने लगभग ढाई साल हो गये इन ढाई वर्षों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बहुत से निगम मंडल,आयोग में स्थापित किया गया और अब ये प्रक्रिया पुनः शुरू की गई। पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय ने अपने विधानसभा में जनभागीदारी सेवा समिति में कार्यकर्ताओ को बड़ी जिम्मेदारी देनी शुरू कर दी है। संसदीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी होती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वयं कहा और यह पार्टी की विचारधारा भी है की लगातार 15 साल से सरकार न होने के बाद भी पार्टी का साथ दिए, जेल गए, लाठी खाये, आंदोलन किये ऐसे कार्यकर्ताओं को उनके मेहनत का फल मिलना चाहिए और हर कार्यकर्ताओ को उनकी मेहनत का फल लगातार मिल रहा है और आगे भी मिलेगा रायपुर प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे की अनुशंसा आज जनभागीदारी सेवा समिति शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय में अध्यक्ष के रूप में डॉ.विकास कुमार पाठक, शासकीय दूदाधारी वैष्णव संस्कृत महाविद्यालय में आरती उपाध्याय एवं शासकीय नवीन महाविद्यालय गुढियारी में डॉ. विकास अग्रवाल को अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है।
शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय से
डॉ.विकास पाठक-अध्यक्ष
समंत सिंह- विधायक प्रतिनिधि,
शांतनु झा- विधायक प्रतिनिधि,
आलोक अग्रवाल -उद्योग सदस्य,
चरण शर्मा -कृषक सदस्य,
पुष्पलता त्रिपाठी- संगठन सदस्य,
हेमंत कामड़े-सदस्य,
माधुरी यदु -सदस्य,
अरुणेश मिश्रा- पूर्व छात्र सदस्य
शासकीय दूदाधारी श्री वैष्णव संस्कृत महाविद्यालय से
आरती उपाध्याय- अध्यक्ष
अभय ठाकुर-विधायक प्रतिनिधि,
कामत साहू- विधायक प्रतिनिधि,
डॉ.कमल अग्रवाल-उद्योग सदस्य,
अभिजीत तिवारी-कृषक सदस्य,
शरद अग्रवाल-संगठन सदस्य,
आकाश पाटिल-
संदीप कटारिया-सदस्य,
योगेश तिवारी-पूर्व छात्र सदस्य
एवं शासकीय नवीन महाविद्यालय गुढियारी से,
डॉ.विकास अग्रवाल-अध्यक्ष,
नीतीश शर्मा-विधायक प्रतिनिधि,
दिलीप गुप्ता-उद्योग सदस्य,
मनीष मोड़घरे-कृषक सदस्य,
चंद्रशेखर साहू-अभिभावक प्रतिनिधि,
दुर्गा तिवारी-संगठन सदस्य,
घनश्याम साहू-क्षेत्रीय प्रतिनिधि,
ईश्वरी क्षत्रिय-सदस्य,
कुलदीप ध्रुव-सदस्य,
सरला अवस्थी-महिला प्रतिनिधि
रायपुर | भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा बढ़ती कींमतों को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा है कि कांग्रेस अपने ढाई साल के आधे कार्यकाल खत्म होने के बावजूद राज्य सरकार के सभी मोर्चे में विफल रहने के कारण जनता का ध्यान भटकाने के लिए और अपने राजनीतिक वज़ूद को बचाए रखने के लिए झूठ और भ्रम फैलाने को विवश है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार से कोविड वैक्सीनेशन के मुद्दे पर मुँह की खाने, प्रदेश के अन्नदाता किसान की मेहनत को बारिश में भीगने से ना बचा पाने और प्रदेश में लगातार हो रहे सामूहिक हत्या और आत्महत्या में नागरिकों की सुरक्षा में अपनी प्रदेश सरकार का नाकारापन ज़ाहिर होने के बाद बौखलाए कांग्रेस नेता अब टूलकिट एजेंडे के मुताबिक़ महंगाई को लेकर अपने सफ़ेद झूठ के सहारे फिर भ्रम फैलाने और केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ प्रलाप करने लगे हैं। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस का महंगाई विरोधी आंदोलन एक निरर्थक राजनीतिक ढोंग से अधिक कुछ नहीं है। कांग्रेसियों को तो यूपीए का शासन काल याद करना चाहिए जब ,महंगाई हटाने का नारा देकर सत्ता में आयी यूपीए सरकार में महंगाई 178% बढ़ गए थी। परंतु इस विपरीत परिस्थिति में जब संयुक्त राष्ट्र संघ का फ़ूड इंडेक्स वैश्विक महंगाई की दर बढ़ी होने का संकेत दे रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने महंगाई को अपने नियंत्रण में रखा है।












