रायपुर। भानुप्रतापपुर विधानसभा चुनाव अब प्रचार,परिणाम की जगह ब्रम्हानंद पर केंद्रित होकर रह गया है। हालांकि दोनों ही पार्टियों ने रणनीति के तहत प्रचार प्रसार प्रारंभ कर दिया है लेकिन बड़ा मुद्दा भाजपा प्रत्याशी पर लगा रेप का आरोप हैं जिससे सियासी माहौल और गरमा गया है। अब नया चर्चा ये है कि छत्तीसगढ़ और झारखंड पुलिस संपर्क में है कभी गिरफ्तारी हो सकती है। मामला वैसे झारखंड के जमशेदपुर में दर्ज है।
इधर भाजपा चुनाव प्रभारी और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा बयान सामने आया है। बृजमोहन ने अपने बयान में कहा कि अगर सरकार में दम है तो ब्रम्हानंद नेताम को तुरंत गिरफ्तार करे। हम उनको चुनाव जिताकर दिखाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि गिरफ्तार करना है तो पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को गिरफ्तार करें। कांग्रेस ने षड्यंत्र कर ब्रम्हानंद नेताम का नाम केस में जोड़ा है।
रायपुर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने 4 वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है। यह पाठ्यक्रम शैक्षणिक वर्ष 2023-24 से सभी उच्चतर शैक्षणिक संस्थानों में लागू हो जाएगा। इन पाठ्यक्रमों के नियम अगले सप्ताह तक सभी विश्वविद्यालयों के साथ साझा कर दिए जाएंगे। 4 वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम को सभी 45 केंद्रीय विश्वविद्यालय और अधिकांश राज्यों और प्राइवेट विश्वविद्यालय में लागू किया जाएगा। उच्च शिक्षा सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ के सभी एक दर्जन राज्य विश्वविद्यालयों में भी अगले सत्र यानी 2024 से 4 वर्षीय डिग्री कोर्स के निर्देश लागू हो जाएंगे। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार 4 वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम प्रदेश के 8 कॉलेजों में पहले से ही लागू कर दिया गया है।
इनमें रायपुर के 3 साइंस कॉलेज, डिग्री गर्ल्स कॉलेज और छत्तीसगढ़ कॉलेज के अलावे दुर्ग के दिग्विजय कॉलेज, राजनांदगांव राघवेंद्र कॉलेज और बिलासा कॉलेज बिलासपुर, पीजी कॉलेज सरगुजा आदि शामिल है। इन कॉलेजों में सभी पाठ्यक्रमों में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिनकी पढ़ाई भी अब होने लगी है। इन 4 वर्षों में पहले वर्ष उत्तीर्ण होने वाले को सर्टिफिकेट, दूसरे वर्ष में डिप्लोमा, तीसरे वर्ष में डिग्री और चौथे वर्ष में ऑनर्स डिग्री दी जाएगी। 2023-24 से जहां भी नए छात्रों के पास 4 साल वाले अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों का विकल्प होगा, वहां पुराने छात्रों के लिए 4 वर्षीय ग्रेजुएट पाठ्यक्रम की स्कीम की मंजूरी दी जाएगी।
इसका सीधा-सीधा अर्थ यह है कि ऐसे छात्र जिन्होंने इस वर्ष सामान्य तौर पर 3 वर्षीय अंडर ग्रेजुएशन पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया है, उन्हें भी अगले सत्र से 4 साल की डिग्री कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। यूजीसी 4 वर्षीय पाठ्यक्रमों के मामले में विभिन्न विश्वविद्यालयों को स्थानीय स्तर पर कुछ नियम बनाने की छूट देगा। विश्वविद्यालय की एकेडमिक काउंसिल और एजुकेटिव काउंसिल में इसे लेकर आवश्यक नियम तय किए जाएंगे। विश्वविद्यालय चाहे तो फाइनल ईयर में पढ़ने वाले छात्रों को भी 4 वर्षीय अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों का हिस्सा बनने का मौका दे सकता है।
दंतेवाड़ा। जिले में एक गांव के जंगल में एक नक्सली का शव मिला है। नक्सली की पहचान कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य देवा उर्फ तिर्री मड़कामी के रूप में हुई है। इस पर 8 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था। दंतेवाड़ा जिले में अलग-अलग तरह की कुल 9 घटनाओं में शामिल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि माओवादियों ने इसे मार कर जंगल में फेंका है। मामला जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, मंगलवार को दंतेवाड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि, भूसारास घाटी में जियाकोडता के जंगल में एक युवक का शव पड़ा है। शव मिलने की सूचना पर फौरन जवानों की एक टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था। जब जवान मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शव के साथ एक हथियार भी बरामद किया। जवानों ने शव की पहचान नक्सली देवा के रूप में की। आशंका है कि, नक्सलियों ने खुद अपने साथी को मारकर फेंका है। फिलहाल जांच जारी है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नरवा विकास कार्यक्रम के तहत कैम्पा मद अंतर्गत वनांचल स्थित नालों में काफी तादाद मेें भू-जल संरक्षण संबंधी कार्याे का तेजी से क्रियान्वयन जारी हैं। राज्य में इसके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को ’स्कॉच अवार्ड’ के पर्यावरण श्रेणी के लिए स्वर्ण पुरस्कार के लिए चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने स्कॉच अवार्ड में चयन होने पर विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
रायपुर। आज सुबह छत्तीसगढ़ी सिंगर मोनिका का निधन हो गया. जिसकी पुष्टि सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका शुक्ला ने की है.
बता दें कि ब्रेन हेमरेज होने पर बिलासपुर की रहने वाली मोनिका को रायपुर लाया गया था। शहर के पचपेड़ी नाका स्थित प्राइवेट अस्पताल में इसका इलाज चल रहा था। ब्रेन हेमरेज की वजह से मोनिका की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी. मोनिका खुरसैल ने कई छत्तीसगढ़ी गाने गाए हैं। रायपुर बिलासपुर में स्टेज शोज किए हैं। सोशल मीडिया पर कई फेमस छत्तीसगढ़ी एक्टर्स के साथ इनके कोलैब वीडियो हैं।
एक्टर अनुज शर्मा ने की थी मदद की मांग
ब्रेन हेमरेज के बाद जिंदगी और मौत से जूझ रही सिंगर मोनिका की मदद के लिए एक्टर अनुज शर्मा आगे आए थे। उन्होंने एक वीडियो के जरिए लोगों से मदद की अपील की थी। इसके अलावा लोगों ने भी इलाज में सहयोग करने की अपील आम जनता से की थी।
रायपुर। प्रजनन पथ संक्रमण की रोकथाम के लिए सेनेटरी पैड के उपयोग एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता के लिए कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, धरसींवा विधायक अनीता योगेन्द्र शर्मा, जिला पंचायत रायपुर की अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा सम्मिलित हुईं। रायपुर स्मार्ट सिटी लि. और महिला स्वास्थ्य व स्वच्छता कार्यक्रम से जुड़ी अंतर्राष्ट्रीय संस्था बाला ट्रिपल ई केयर ने मिलकर इस दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित कर रही है। इसके जरिए 150 मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए जा रहे है, जो 30 हजार महिलाओं को प्रशिक्षित भी करेंगी। बाला ग्रुप द्वारा इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत लगभग 92 हजार सेनेटरी नेपकिन पैड निःशुल्क वितरित किया जा रहा है।
जिला पंचायत के अंतर्गत संचालित सेरीखेड़ी के कल्पतरू मल्टी यूटिलिटी सेंटर में आयोजित इस कार्यशाला के शुभारंभ के अवसर पर अपने उद्बोधन में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अग्रणी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अपनाकर रोग मुक्त समाज के निर्माण में महिलाएं अपना योगदान दें, इसके लिए जरूरी है कि उन तक उपयोगी जानकारी पहुंचे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर के तौर पर प्रशिक्षित महिलाएं समाज को दिशा देने का कार्य करेंगी।
विधायक श्रीमती अनीता योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि महिलाएं अपने स्वास्थ्य को हमेशा अपनी प्राथमिकता में शामिल करें, पोषक व पर्याप्त भोजन अपने आहार में शामिल करें एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए जरूरी बातों को कभी भी नजर-अंदाज न करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर सभी महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी एवं उत्तम स्वास्थ्य के लिए सभी की प्रेरणा बनेंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा ने महिलाओं के लिए विशेष कार्यशाला के आयोजन के लिए रायपुर नगर निगम, जिला पंचायत की टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रजनन पथ संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता सभी के लिए जरूरी है। महिलाएं सशक्त होकर रोग के संबंध में खुलकर जानकारी प्राप्त करें, इससे मास्टर ट्रेनर की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
इस अवसर पर बाला प्रोजेक्ट की को-फाउंडर सौम्या डाबरीवाल ने बाला किट के पुनः उपयोगी होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था भारत सहित 4 देशों में अपनी सेवाएं दे रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 तक 1 करोड़ महिलाओं के प्रशिक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बाला प्रोजेक्ट द्वारा वर्ष 2017 से शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक पाँच हज़ार वर्कशॉप आयोजित किया गया है, जिसके तहत लगभग साढ़े चार लाख महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 तक 1 करोड़ महिलाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य इस टीम ने निर्धारित किया है। टीम ने अब तक 12.75 लाख पुनः उपयोग में लाए जाने वाले इस सेनिटरी पेड का वितरण किया है। भारत के 26 राज्यों सहित नेपाल, घाना और तंजानिया में भी इस मिशन पर यह संस्था काम कर रही है ।
कार्यशाला में नगर निगम के अपर आयुक्त अभिषेक अग्रवाल, रायपुर स्मार्ट सिटी लि. के महाप्रबंधक जनसंपर्क आशीष मिश्रा, नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी तृप्ति पाणिग्राही, मिशन मैनेजर सीमा शुक्ला, सुषमा मिश्रा, सीमा चतुर्वेदी, सरिता सिन्हा, बाला ग्रुप की आराधना राय गुप्ता, स्मृति जुगरान, शुभोजीत बख्शी, ऐश्वर्या राय सहित शहरी व ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं शामिल थी।
बलात्कारी के लिये बृजमोहन का चैलेंज चोरी ऊपर से सीना जोरी, भाजपा को अपना बदलकर बलात्कारी जनता पार्टी कर लेना चाहिये
रायपुर। बलात्कारी ब्रम्हानंद नेताम को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों से स्पष्ट हो गया कि भाजपा 15 साल की मासूम बच्ची के साथ सामूहिक बलात्कार के आरोपी के समर्थन कर रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेताओं का आचरण बेशर्मी और असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल बलात्कारी प्रत्याशी की गिरफ्तारी के लिये झारखंड पुलिस को चैलेंज कर रहे है चोरी ऊपर से सीना जोरी है। भाजपा ऐसे चैलेंज कर रही जैसे ब्रम्हानंद ने मासूम बच्ची के साथ दुराचार करके कोई गलत काम नहीं किया है। लेकिन बृजमोहन अग्रवाल 15 साल की नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुराचार के आरोपी ब्रह्मानंद के खिलाफ निंदा के एक शब्द भी बृजमोहन के मुंह से नहीं निकला। समूची भाजपा ब्रह्मानंद की पैरोकारी कर रही है और घटना तीन साल पुरानी होने की दुहाई दे रही, क्या घटना तीन साल पुरानी हो गयी तो अपराधी को अपराध कम हो गया, उस मासूम बच्ची के साथ भाजपा नेता द्वारा की गयी हैवानियत की गंभीरता कम हो गयी है? भाजपा को अपना नाम बदलकर बलात्कारी जनता पार्टी कर लेना चाहिये।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम के ऊपर एक 15 साल की आदिवासी बच्ची के साथ बलात्कार, सामूहिक बलात्कार दबाव पूर्वक देह व्यापार में धकेलना पॉक्सो एक्ट में अपराध दर्ज है। भाजपा किस मुंह से उस अपराधी के पक्ष में जनता से वोट डालने की अपील करेगी? छोटे-बड़े नेता जब एक बलात्कारी के पक्ष में चुनाव अभियान चलायेगी तब भाजपा का राष्ट्रीय चरित्र सामने आयेगा जिसमें भाजपा बलात्कारियों का समर्थन करती है। असल में भाजपा का चरित्र ही अपराधियों के साथ खड़ा होना और पीड़ित पक्ष को डराना धमकाना है। बेटी बचाओ का नारा लगाने वाली भाजपा बलात्कारियों को बचाने में लगी हुई है। देश में जहां भी भाजपा की सरकारें है वहां बलात्कारी को बचाने वहां के नेता सड़कों पर उतरते है। उन्नाव, कठुआ, हाथरस में भी भाजपा नेता बलात्कारी को बचाने झंडा लेकर सड़कों पर उतरे थे। गुजरात में सजायफ्ता 11 बलात्कारियों को जेल से रिहा किया गया और भाजपा के नेता उस बलात्कारियों का स्वागत कर रहे थे उनको मिठाई खिला रहे थे। रमन सिंह मुख्यमंत्री थे तब उनके ओएसडी ओपी गुप्ता पर नाबालिक से रेप का आरोप लगा 4 साल तक पीड़िता का एफआईआर दर्ज नहीं हुआ था। भाजपा नेता शहनवाज हुसैन, कुलदीप सेंगर, पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्नमयानंद पर लगे बलात्कार के आरोप में भाजपा उन्हें बचाने में लगी रही।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा नेताओं के समर्थन और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी इस बात का प्रमाण है कि भाजपा बलात्कारी ब्रम्हानंद नेताम को उपचुनाव में प्रत्याशी बना कर फंस चुकी है और अपने राजनैतिक इज्जत बचाने के लिये भाजपा बलात्कारी के समर्थन में खड़ी हो गयी है।
रायपुर । भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर कांग्रेस के आरोपों को लेकर बीजेपी के पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को अरेस्ट करने मांग की है। उन्होंने यह कहा कि, झारखंड और छत्तीसगढ़ पुलिस मोहन मरकाम को गिरफ्तार करे, क्योंकि उन्होंने पीड़िता के नाम को उजागर किया है। मोहन मरकाम ने प्रतिवेदन में लिखे हुए नियमों का उल्लंघन कर भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम के खिलाफ षड्यंत्र रचने का काम किया है। साफ तौर पर कांग्रेस पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री को अपनी हार का डर सता रहा है, इनका यही खौफ बताता है कि भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित है।
इस मामले पर विस्तार से बात करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि 2 प्रतिवेदन में साफ लिखा हुआ है कि इसको आप डायरी का हिस्सा नहीं बनाएंगे। मोहन मरकाम द्वारा बांटे गए पत्र को पढ़ते हुए पूर्व मंत्री ने राज्य सरकार की मंशा पर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने प्रतिवेदन पढ़कर बताया कि अनुसंधानकर्ता को यह निर्देश है कि पर्यवेक्षण एवं प्रतिवेदन 2 में दिए गए निर्देशों को कांड दैनिकी में अंकित नहीं करेंगे, अन्यथा अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा वो नही सुभाष चन्द्र जाट, पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर (नगर पूर्वी सिंहभूम) के अनुसार दिए गए प्रपत्र में लिखा है। इसका मतलब यह है कि ब्रम्हानंद नेताम का नाम जो उजागर हुआ है, वह डायरी का हिस्सा ही नहीं है। ब्रम्हानंद नेताम जब डायरी का हिस्सा है ही नहीं, तो इससे यह साफ पता चलता है कि कांग्रेस ने षड्यंत्र पूर्वक ये नाम जोड़कर नेताम को बदनाम करने की कोशिश की है।
पूर्व मंत्री ने मोहन मरकाम से पूछा कि वो यह बताएं कि कब ब्रह्मानंद नेताम झारखंड के जमशेदपुर गए, कभी वहां की पुलिस यहां नहीं आई। झारखंड में इन्हीं की मिली जुली सरकार है, ये मिलकर षड्यंत्र कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कई सवालिया निशान खड़े किए कि, झारखंड की पुलिस ने तीन साल में कांकेर के एसपी को संपर्क क्यों नहीं किया..? कभी चारामा थाना को भी सम्पर्क नहीं किया गया और ना ही समन जारी किया गया। आज सीधा गिरफ्तारी की मांग करने वाले ये बताएं कि बिना इन्वेस्टिगेशन के गिरफ्तारी होती है क्या..?
कांग्रेस सरकार, भानुप्रतापपुर में हार के डर से घबराई हुई है। जिस कारण ये लोग इस घटिया राजनीति के स्तर पर उतर आए हैं। आदिवासी समाज के आरक्षण से वनवासी समाज को वंचित कर दिया है, जिससे उन्हें सर्व आदिवासी समाज का विरोध झेलना पड़ रहा है। इस सरकार ने पहले तो आरक्षण छीन लिया अब एक आदिवासी नौजवान जो चुनाव लड़ रहा है उसको बदनाम कर उसके चरित्र का हनन कर रही है।
रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज व्यक्त करते हुए कहा है कि एक चार्जशीटेड और जमानत पर घूम रहा व्यक्ति किसी को बलात्कारी कैसे ठहरा सकता है?
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत ने कहा कि अश्लील सीडी कांड में गिरफ्तार होकर जेल जाने वाले भूपेश बघेल जमानत पर बाहर हैं और उनके विरुद्ध अभियोग पत्र भी दाखिल है। वे मुख्यमंत्री के संवैधानिक पद पर किस नैतिकता से बैठे हैं? वे जिस तरह भानुप्रतापपुर उपचुनाव के प्रत्याशी के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी करते हुए उन्हें बलात्कारी घोषित कर रहे हैं, यह अधिकार उन्हें किस कानून ने दे दिया?
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ कांग्रेस साजिश कर रही है। कांग्रेस हार रही है तो मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी को बलात्कारी कह रहे हैं जबकि उनके विरुद्ध न तो कोई अभियोग दाखिल हुआ है और न पीड़िता ने उनके विरुद्ध कोई बयान दिया है। कानूनन किसी आरोपी या अभियुक्त को दोषी नहीं कहा जा सकता। अश्लील सीडी कांड के अभियोगी भूपेश बघेल ज्ञान बांटने की बजाय मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर दिखाएं।
मूणत ने कहा कि भूपेश बघेल ने अपने बयान से मुख्यमंत्री के पद की गरिमा और संविधान में निहित न्याय की भावना को ठेस पहुंचाई है। अगर भूपेश बघेल ब्रम्हानंद नेताम को दोषी मानते हैं तो उन्हें खुद को भी सार्वजनिक तौर पर दोषी स्वीकार कर लेना चाहिए। जनता, अदालत और निर्वाचन आयोग के समक्ष अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। अन्यथा वे मानहानि नोटिस के लिए तैयार रहें।
मूणत ने कहा कि भूपेश बघेल शायद यह नही जानते या सत्ता के अहंकार में भूल गए है। कि किसी प्रकरण के आरोपी को संदेह के आधार पर दोषी नहीं ठहराया जा सकता है।
ब्रम्हानंद नेताम के प्रकरण में भूपेश बघेल ने जिस संज्ञा का उपयोग किया है ,वह कानून की अवमानना की श्रेणी में आता है। मूणत ने पार्टी की तरफ से जारी बयान को दोहराते हुए कहा कि इस प्रकरण में पीडिता ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश जमशेदपुर के समक्ष 164 के तहत जो बयान दर्ज कराया है,उसमें प्रत्याशी क़े नाम का उल्लेख नहीं है। एफआईआर में भी प्रत्याशी का नाम नहीं है। मगर इस मामले में एक आरोपी द्वारा लगाए गए आरोप को आधार बनाकर कांग्रेस आरोप लगा रही है। जबकि कांग्रेस पार्टी की तरफ से निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए एक ज्ञापन में मोहन मरकाम ने ब्रम्हानंद नेताम को आरोपी बताया है।
मूणत ने कहा कि फ़र्ज़ी सीडी कांड प्रकरण में सीबीआई के समक्ष खुद अभियुक्त हैं। उन्हें बताना चाहिए कि वह किस कानून के तहत ब्रम्हानंद नेताम को आरोपी से दोषी बता रहे हैं। क्या भूपेश बघेल खुद को अदालत या संविधान से ऊपर समझते हैं? जो किसी को भी सार्वजनिक तौर पर बलात्कारी कहने के लिए खुद को सामर्थ्यवान मानते हैं ।
रायपुर। भाजपा नेताओं द्वारा आरक्षण के संबध में किये गये धरने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा भाजपाई आदिवासी आरक्षण को लेकर घड़ियाली आंसू बहा रहे है। जब आरक्षण की बहाली के लिये कांग्रेस सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है तब धरना क्यो? रमन सरकार ने लापरवाही किया और जानबूझ कर हाईकोर्ट में ननकीराम कंवर और मुख्य सचिव की कमेटी की अनुशंशाओं को छुपाकर रखा उस समय रमन सरकार ने हाईकोर्ट में प्रस्तुत हलफनामे में भी इन कमेटियों के बारे में छुपाया था जिससे अदालत में आरक्षण कम हो गया।
प्रदेश कांग्रेस मोहन मरकाम ने कहा जब आरक्षण बढ़ाने के लिए इन दोनों ही कमेटियों का गठन किया गया था और इनकी सिफारिशों को ही आरक्षण बढ़ाने का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया था। अदालत में जब 50 फीसदी आरक्षण को बढ़ा कर 58 किये जाने के खिलाफ मुकदमा दायर हुआ तब रमन सरकार ने अदालत में इस मुकदमे के सम्बंध में जो एफिडेविड दिया उसमें इन दोनों ही कमेटियों के बारे में उल्लेख क्यो नही किया? यह सामान्य भूल नहीं हो सकती। अदालत में सरकार के तरफ से महाधिवक्ता और वरिष्ठ वकीलों का पैनल खड़ा होता है अतः यह तो माना ही नही जा सकता कि इन कमेटियों को बिना किसी कारण के अदालत से छुपाया गया होगा जबकी इस मुकदमे को जीतने का बड़ा आधार ही आदिवासी समाज की 32 प्रतिशत जनसंख्या और इन दोनों कमेटियों की सिफारिश थी। यह कोताही बताती है कि रमन सरकार ने आदिवासी समाज के आरक्षण के खिलाफ मुकदमे को जानबूझ कर हारने की नीयत से ही यह षड्यंत्र रचा था। अदालत में चले मुकदमे में समय अधिक लगने के कारण यह फैसला अब आया जब रमन सरकार की बिदाई हो चुकी है। अदालत में कांग्रेस सरकार के महा अधिवक्ता ने जब दोनों कमेटी की सिफारिशों को रखना चाहा तब अदालत ने यह कह कर अनुमति नही दिया कि पूर्व में दायर एफिडेविड में इन कमेटियों के अस्तित्व के बारे में कोई उल्लेख नही है।इससे साफ है कि आदिवासी समाज का आरक्षण कम होने की गुनाहगार भाजपा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आदिवासी समाज के आरक्षण की बहाली के लिये विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है विधानसभा में चर्चा कर आदिवासी समाज के आरक्षण की बहाली के लिये कानूनी प्रावधान खोजे जायेंगे। भाजपा के नेता किस नैतिकता से आंदोलन कर रहे है।
ब्रम्हानंद आरोपी के खिलाफ हुंकार रैली कब करेगी बीजेपी नेत्रियां?
रायपुर। बेटी के अपराधी को बचा रहे भाजपा पर ताबड़तोड़ सवाल करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह एवं भाजपा महिला मोर्चा को आड़े हाथ लेते हुए पूछा कि कब स्मृति ईरानी आकर भाजपा नेता ब्रह्मानंद, दीपांकर सिन्हा, नरेश सोनी के खिलाफ हुंकार रैली करेगी? ब्रह्मानंद नेताम सहित इन नेताओं ने एक 15 साल की नाबालिग मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप जैसे हृदय विदारक घटना को अंजाम देते हुए दबाव पूर्वक देह व्यापार में धकेलना पॉक्सो एक्ट में अपराध दर्ज है। भाजपा का हाथ हमेशा बलात्कारियों के साथ रहा है। बेटी बचाओ के नारा लगाने वाले ही बेटी के अपराधी को संरक्षण दिया जा रहा है और संरक्षण के साथ भाजपा के प्रत्याशी बनाया गया है अब क्यों उस पीड़ित बेटी पर सरोज पांडे को दया नहीं आ रही?
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा का असली चाल, चरित्र और चेहरा है यही है। बेटी बचाओ के नारा लगाने वाली भाजपा हमेशा से ही बलात्कारियों को बचाने में लगी हुई है। पूर्ववर्ती सरकार के ओ.एस.डी. रहे ओ.पी.गुप्ता के द्वारा एक नाबालिग बच्ची के साथ अनाचार किया जाता है और उस बलात्कारी को संरक्षण देने का काम भाजपा के नेता करते रहे थे लेकिन कांग्रेस के सरकार में उस पीड़िता और उनके परिवार को न्याय मिला और आरोपी को जेल जाना पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा शासित कई राज्यों में महिलाओं के साथ कई जघन्य अपराध हुए हैं। उत्तराखंड में एक भाजपा नेता के होटल में एक युवती को जबरन जिस्मफरोशी के दलदल में धकेला जा रहा था और मना करने पर नेता पुत्र ने उसकी हत्या कर दी और वहां की सरकार और प्रशासन ने होटल पर बुलडोजर चलाकर सारे सबूत नष्ट कर दिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के हाथरस, उन्नाव, लखीमपुर और त्रिपुरा में महिलाओं के साथ घटी भयावह घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने आरोपियों को बचाने का कार्य किया है और पीड़ित को कोई न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर में भाजपा नेता एक औरत का चीरहरण करते हैं और कोई कार्रवाई नहीं होती है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और खासकर भाजपा की नेत्रियों से पूछा कि वे ऐसी घटनाओं पर क्या कर रही हैं? उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि दुराचार करने वालों को केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं के द्वारा संरक्षण दिया जा रहा है और इससे उनके हौसले बढ़ रहे हैं।
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती आंध्रप्रदेश में सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं कई लोग घायल है जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया जा रहा है। मरने वाले सभी लोग छत्तीसगढ़ निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती आंध्रप्रदेश के अल्लूरी जिले के चिंतूर की है। सुकमा के रहने वाले कुछ लोग तेलंगाना में राम मंदिर दर्शन करने गए थे। आज सभी वापस लौट रहे थे। बोडुगुडेम, चिंटूर मंडल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मालवाहक ट्रक और मिनी वैन के बीच टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई है। हादसे में तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची हुई है।
रायपुर। वीरांगना झलकारी बाई जयंती के अवसर पर शांति फाउंडेशन गोंडा ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया है। जिसमें छत्तीसगढ़ रायपुर की रहने वाली श्वेता मुंडेजा पति डॉ. प्रशांत मुडेजा को नारी शक्ति पुरस्कार-2022 से सम्मानित किया गया है।
बता दें कि यह पुरस्कार बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ, बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को प्रदान किया जाता है। जिससे श्वेता मुंडेजा की उत्कृष्टता प्रशंसनीय है।
सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी शांतिपारा स्थित 5 घरों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी सहित जेवर पार कर दिए। मामले में के 5 घरों में चोरी की गई। इन घरों में रखे नगदी और जेवरात पार कर दिए गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
बता दें कि शांति पारा स्थित छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में कर्मचारी और अधिकारी निवासरत हैं। शनिवार और रविवार को अक्सर रहवासी अपने पैतृक आवासों में चले जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने मामले को अंजाम दिया। पांच घरों से एक साथ चोरी की कोशिश की गई, जिसमें से कुछ घरों में नगदी और जेवरात नहीं मिलने पर चोरों ने पूरा घर खंगाल डाला है और खाली हाथ वापस लौट गए हैं। चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने जेवरात खंगालने के दौरान नकली जेवरातों को छोड़ दिया है, जबकि असली की चोरी कर ली है।
बताया जाता है कि चोरों को यह भी मालूम था कि किस-किस घर के लोग शनिवार और रविवार को नहीं रहते और ताला लगाकर कहीं और चले जाते हैं। इस मामले में कमजोर प्लाई के दरवाजे और कमजोर कुंडियों की वजह से चोरी करने में चोर सफल रहे। सभी घरों से प्लास के सहारे कुंडियों को तोड़ा गया है और उसके बाद चोर बड़ी आसानी से घर में प्रवेश कर गए।
रविवार और सोमवार की दरमियानी रात छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में निवासरत धर्मेंद्र दुबे राजस्व निरीक्षक बतौली के घर से 5000 रुपए नगद की चोरी हुई है। शिवपजन तिवारी राजस्व निरीक्षक बोदा के घर से 5000 रुपए नगद और सोने की अंगूठी चोरों ने पार किया। इसके बाद गोलन सिंह लिपिक तहसील कार्यालय बतौली के घर में छानबीन के बाद चोरों को कुछ नहीं मिला। यहां खुली अलमारी, बिखरा हुआ समान छोड़कर चोर भाग खड़े हुए।
रायपुर। Bhet Mulakat : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राजनांदगांव विधानसभा के ग्राम सुरगी में भेंट-मुलाकात के दौरान कई अहम घोषणाएं की गई है. मुख्यमंत्री द्वारा राजीव गांधी भूमिहीन ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना के बारे में पूछने पर ओंकार प्रसाद बघेल ने बताया कि सुरगी का ग्रामीण हूँ। नियमित रूप से किश्त मिल रही है। हमारे लिए योजना बहुत अच्छी है। हाट बाजार क्लीनिक योजना के बारे में जानकारी लेने पर मुख्यमंत्री को बच्चुराम ने बताया कि मैं भर्रेगांव का हूँ। गांव में नियमित गाड़ी आती है। वहां से दवाई ले रहा हूँ। पैसा नहीं लगता।
बच्चुराम ने कहा कि अच्छी योजना है। मुझे अब तक भूमिहीन योजना का लाभ नहीं मिला है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि इसे दिखवा लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन जी बाल काटते हैं। ये भी इस योजना के पात्र हितग्राही हैं। लोहार हैं वो भी पात्र हैं। शीतला मंदिर में महाराज ने पूजा की, वो भी पात्र हैं। बस ये कि भूमि नहीं होना चाहिए।
– सुरगी में जिला सहकारी बैंक के शाखा खोलने की घोषणा।
– सुरगी हाईस्कूल में मैदान का विकास और लाइटिंग।
– हरदी-सुरगी सड़क की प्रशासनिक स्वीकृति।
– सोमनी-नवागांव सड़क का जीर्णोद्धार।
– सूखा नाला बैराज से आलीखूंटा तक सिंचाई सुविधा और नाली निर्माण की घोषणा।
– तोरणकट्टा के आश्रित गांव मनकी में धान खरीदी केंद्र खोलने की घोषणा।
– भरेगांव के बूढ़ादेव तालाब में सौंदर्यीकरण और पचरी निर्माण।
– ग्राम सिंघोला में भानेश्वरी मंदिर जीर्णोद्धार और तालाब सौंदर्यीकरण।
– रानीतराई में हाईस्कूल में दो अतिरिक्त कक्ष तथा धामनसारा में एक अतिरिक्त कक्ष।
रायपुर। फर्जी मार्कशीट के आधार पर नौकरी पाने वाले स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। बिलासपुर जिला आयुर्वेद अधिकारी ने औषधालय सेवक को बर्खास्त करने का आदेश दिया है। जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य कर्मचारी की 8वीं की डिग्री फर्जी निकली थी। जिस स्कूल का मार्कशीट बताया गया था, उसमें दर्ज रोल नंबर ही सही नहीं है।
दरअसल बिलासपुर में जिला आयुर्वेद कार्यालय में औषधालय सेवक की भर्ती हुई थी। इस परीक्षा में न्यूनतम योग्यता आठवीं उत्तीरण थी। इस पद के लिए प्रदीप कुमार माथुर का चयन हुआ था। नियुक्ति के बाद जब सर्टिफिकेट वैरिकेशन किया गया तो मार्कशीट फर्जी साबित हुई। जिसके बाद जांच प्रतिवेदन में आरोप सिद्ध होने पर आरोपी कर्मचारी को बर्खास्त करने का आदेश दिया गया।
रायपुर। भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। स्टार प्रचारकों में सीएम भूपेश बघेल के साथ मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रभारी महामंत्री (संगठन) अमरजीत चावला सहित 37 नेताओं को शामिल किया गया है। देखें लिस्ट...

बिलासपुर। Fire News जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित शिवानी आयल मिल में आज दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम व दमकल विभाग की टीम मौके में पहुंच गई है और आग बुझाने का कार्य कर रही है।
बता दें कि शिवानी ऑयल मिल में जहां पर आग लगी। वहां आयल ब्रांड के कई हजार आयल के टीन रखे हुए थे, जिसके कारण आग एकाएक भड़क गई। हालांकि आग लगने की खबर मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी है लेकिन उनके लिए भी इस भयंकर आग पर काबू पाना बहुत मुश्किल हो रहा है। आग की लपटें इतनी तेज है कि उसकी आंच काफी दूर तक महसूस की जा रही है।
रायपुर। कृषि विकास अधिकारियों को लंबे संघर्ष के बाद प्रमोशन मिला है। डायरेक्टर कृषि डॉ. अय्याज तंबोली ने प्रमोशन ऑर्डर के साथ नई पोस्टिंग भी को है।

बालोद। जिले में महामाया थाना क्षेत्र के आड़े झर के जंगलों में प्रेमी जोड़े का शव मिला है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दोनों मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक का नाम राहुल टेकाम (22) मोहला थाना क्षेत्र के भीमपुरी गांव का रहने वाला है। मृतिका संध्या किरंगे पिता (21) कलचुवा थाना मोहला की रहने वाली थी। दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे लेकिन घर वालों को ये रिश्ता पसंद नहीं था। ये बात भी सामने आई है कि युवक अपनी प्रेमिका का घर रखा हुआ था। इसका विरोध करने पर युवक का अपने माता-पिता से विवाद भी हुआ था। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी के चलते दोनों ने खुदकुशी कर ली। पुलिस को घटनास्थल पर दो डिस्पोजल, जहर की दो शीशी और कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी मिले हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि सॉफ्ट ड्रिंक में जहर मिलाकर दोनों ने डिस्पोजल में साथ जहर पीया है। दोनों के शव के पास बाइक भी मिली है।
दोनों के शव को डौंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शव घर में रखा गया है। आज पोस्टमार्टम होगा। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग का है। दोनों घर से भाग गए थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी शादी से इनकार कर दिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण साफ हो पाएगा।
महासमुंद। जिले में पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है। थाना प्रभारी, एसआई, एएसआई सहित प्रधान आरक्षकों समेत 64 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। महासमुंद एसपी भेजराम पटेल ने तबादला आदेश जारी किया है।
देखें लिस्ट



बिलासपुर। जिले में 16 साल की छात्रा का अपहरण कर रेप करने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुए दोस्ती के बाद युवक से मिलने गई छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पूरा मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार 16 साल की लड़की तखतपुर में अपनी बुआ के घर में रहकर दसवीं कक्षा में पढ़ रही थी। रोज की तरह वह सोमवार की सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह दोपहर तक घर नहीं लौटी, तब परेशान परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। दोपहर बाद शाम होने से पहले ही तखतपुर क्षेत्र के राजपुर निवासी युवक पंकज खांडे पीड़ित को अपनी बाइक से लेकर आया और उसे छोड़कर भाग निकला।
परिजनों ने लड़की से पूछताछ की तब जाकर मामले की जानकारी मिली। उसने बताया कि पंकज खांडे उसे अपनी बाइक से अपने गांव ले गया, जहां अपने चाचा के घर में उसने उसके साथ गलत काम किया। मामला सामने आने पर परिजन लड़की को लेकर थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया।
इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, युवक से बातचीत करती थी छात्रा
पुलिस की पूछताछ में छात्रा ने बताया कि कुछ समय पहले ही उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से पंकज खाण्डे से हुई थी। इसके बाद दोनों आपस में बातचीत करते थे। सोमवार की सुबह वह बिना बताए मिलने के लिए आ गया। तब वह स्कूल जाने के लिए निकली थी। उसने अपनी बाइक से घूमाने की बात बोला और अपने चाचा के घर ले गया। जहां उसने अपने हवस का शिकार बनाया।
रायपुर। कृषि विकास अधिकारियों को लंबे संघर्ष के बाद प्रमोशन मिला है। डायरेक्टर कृषि डॉ. अय्याज तंबोली ने प्रमोशन ऑर्डर के साथ नई पोस्टिंग भी को है।
देखें आदेश


दंतेवाड़ा। एकीकृत बाल विकास परियोजना दन्तेवाड़ा अंतर्गत वर्तमान में 01 कार्यकर्ता पद आं.बा. केन्द्र पोन्दुम बटुमपारा एवं 05 सहायिका पद गदापाल रावतपारा, मेटापाल बाजारपारा, तोयलंका कोटवारपारा, तोयलंका पटेलपारा एवं भोगाम कलारपारा रिक्त हैं।

उक्त पदों पर विभागीय नियमानुसार नियुक्ति की जानी हैं। इस हेतु संबंधित ग्राम पंचायतों से इच्छुक सभी आवेदनकर्ताओं से 6 दिसंबर 2022 दिन मंगलवार को संध्या 5.30 बजे तक कार्यालय में सीधे अथवा डाक द्वारा आवेदन आमंत्रित किये जाते हैं। अधिक जानकारी हेतु सभी इच्छुक आवेदनकर्ता कार्यालयीन दिवसों में कार्यालयीन समय पर कार्यालय, एकीकृत बाल विकास परियोजना दन्तेवाड़ा में संपर्क कर सकते हैं। या इस लिंक पर जा कर बाकी की जानकरी एकत्रित कर सकते है https://dantewada.nic.in/en/
कांकेर। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में आज नामांकन वापसी के दिन सर्व आदिवासी समाज की ओर से अकबर कोर्राम को प्रत्याशी घोषित होते 14 निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। ऐसे में अब 7 प्रत्याशियों के बीच भानुप्रतापपुर विधानसभा का उपचुनाव होगा। सर्व आदिवासी समाज की ओर से प्रत्याशी तय होने पर कांग्रेस और भाजपा की खलबली को बढ़ा दिया है।






























