नईदिल्ली। देश में कोविड-19 के मामलों में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आज सभी निजी टेलीविजन चैनलों को एक परामर्श जारी किया है। परामर्श में बदलते हालात की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 4 अप्रैल, 2021 को हुई बैठक का उल्लेख किया गया, जिसमें परीक्षण, अनुरेखण, उपचार, कोविड उपयुक्त व्यवहार और टीकाकरण की पांच स्तरीय रणनीति पर ध्यान केन्द्रित करने का फैसला किया गया था। मंत्रालय ने जनहित में संदेश के प्रसार में निजी टीवी चैनलों द्वारा निभाई गई प्रमुख भूमिका को दोहराया। मंत्रालय ने चैनलों से कोविड उपयुक्त व्यवहार और पात्र लोगों के टीकाकरण के लिए संदेश के प्रसार के द्वारा ‘दवाई भी कड़ाई भी’ के संदेश पर व्यापक जागरूकता फैलाने का अनुरोध किया।
नईदिल्ली। कोविड 19 के खिलाफ लड़ाई में भारत ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पिछले 24 घंटों के दौरान 43 लाख से अधिक लोगों को टीके की खुराक दी गई। यह एक दिन में देश में अब तक का सबसे बड़ा टीकाकरण कवरेज है। टीकाकरण अभियान के 80वें दिन (05 अप्रैल, 2021), 43,00,966 टीके लगाए गए। इनमें से 48,095 सत्रों के माध्यम से 39,00,505 लाभार्थियों को टीके की पहली खुराक दी गई जबकि 4,00,461 लाभार्थियों ने टीके की दूसरी खुराक प्राप्त की। एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत, देश में आज कोविड 19 टीकाकरण की संख्या 8.31 करोड़ से अधिक हो गई है। पहली खुराक के टीकाकरण ने 7 करोड़ (7,22,77,309) खुराक के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर लिया है। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में कोविड-19 टीकाकरण के आज सुबह 7 बजे तक 12,83,816 सत्रों के माध्यम से कुल 8,31,10,926 टीके की खुराक दी गई। इनमें 89,60,061 स्वास्थ्यकर्मी (एचसीडब्ल्यू) शामिल हैं जिन्हें पहली खुराक लगी और 53,71,162 वो स्वास्थ्यकर्मी हैं जिन्हें दूसरी डोज दी गई है। 97,28,713 फ्रंटलाइन वर्कर्स (एफएलडब्ल्यू) को पहली, जबकि 42,64,691 फ्रंटलाइन वर्कर्स दूसरी डोज दी जा चुकी है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के 3,41,06,071 लाभार्थियों को पहला टीका तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के 8,12,237 लाभार्थियों को दूसरा टीका लग चुका है। 45 वर्ष से अधिक उम्र के 1,94,82,464 लाभार्थियों को पहला टीका तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र के 3,85,527 लाभार्थियों को दूसरा टीका लग चुका है। पिछले 24 घंटों में 96,982 नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, दिल्ली, मध्य प्रदेश और गुजरात सहित आठ राज्यों में कोविड के दैनिक नए मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। इन 8 राज्यों से 80.04% नए मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक दैनिक नए मामले 47,288 दर्ज किए गए हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 7,302 और कर्नाटक में 5,279 नए मामले सामने आए हैं।
नई दिल्ली, कोरोना के नए मामलों में एक बार फिर से बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है. इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि महामारी की दूसरी लहर को नियंत्रित करने के लिए लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है, अगले चार सप्ताह हमारे लिए बेहद विकट हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 महामारी की तीव्रता बढ़ी है. पिछली बार के मुकाबले तेजी से महामारी फैल रही है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी उम्र के लोगों को कोरोना की वैक्सीन दिए जाने की मांग पर कहा कि जिन्हें जरुरत उन्हें वैक्सीन दी जा रही है. हर देश में अधिक ख़तरे वाले उम्र वर्ग को वैक्सीन लगाई जा रही है.
स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा, ''विश्व मे भी बहुत विचार विमर्श हुआ है तो जब भी टीकाकरण होता है तो उसका उद्देश्य मौत से लोगों को बचाना होता है. दूसरा हेल्थकेयर सिस्टम को दुरुस्त करना होता है. भारत, अमेरिका , यूके सभी देश में इन्हीं दो उद्देश्य से टीका दिया जा रहा है.''
उन्होंने कहा कि यूके में आज भी टीका सबके लिए नहीं खोला गया है. अमेरिका में भी उम्र के मुताबिक टीका दिया गया है. फ्रांस में भी कहा गया कि 50 साल से ऊपर के लोग जो रिस्क में हैं उन्हें टीका दिया जाएगा. स्वीडन में 65 साल से ऊपर के लोगों को टीका दिया जा रहा है. बिना योजनाबद्ध के टीका नहीं दिया जाता है.''
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि कल देश में वैक्सीन के 43 लाख डोज़ लगाए गए जिसके चलते हमने आज सुबह तक 8 करोड़ 31 लाख डोज़ लगाए हैं.
बता दें कि सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कोरोना टीकाकरण को लेकर चिट्ठी लिखी थी. सीएम केजरीवाल ने सभी उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन दिए जाने की मांग की थी.
उद्धव ठाकरे ने कहा था कि 25 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी जानी चाहिए. वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर इसी तरह की मांग की थी. देश में इस समय 45 साल और इससे अधिक उम्र के लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी जा रही है.
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 96,982 नए मामले सामने आए हैं. इसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 1,26,86,049 हो गई. अब तक कोरोना से 1,65,547 मरीजों की मौत हुई है.
पुणे: कोविड पॉजिटिव महिला ने कोविड निगेटिव बच्ची को जन्म दिया और इसके बाद मां की मौत हो गई. कुछ घंटो के लिए खुश कर देने और उसके बाद दुखी कर देने वाली ये घटना महाराष्ट्र के पुणे के पिंपरी चिंचवड की है. बीते 4 अप्रैल को पिंपरी चिंचवड महानगर पालिका के वाईसीएम सरकारी अस्पताल में प्रसव के लिये एक 35 वर्षीय महिला को भर्ती किया गया.
महिला जब अस्पताल में भर्ती हुई तो उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी जिसके बाद उसका कोविड टेस्ट कराया गया, महिला पॉजिटिव पायी गईं. अस्पताल में महिला का इलाज शुरू हुआ और डॉक्टरों ने निर्णय लिया किया 5 अप्रैल को ऑपरेशन करके बच्चे की डिलीवरी करायी जायेगी.
5 अप्रैल को ऑपरेशन के जरिये इस महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया. चूंकि महिला पहले से कोविड पॉजिटिव थी इस लिये जन्म लेने वाली बच्ची का भी कोविड टेस्ट किया गया जिसमें वो निगेटिव आयी. बच्ची की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद नवजात बच्ची को जन्म देने वाली मां और परिवार के सभी लोग बेहद खुश थे.
करीब 24 घंटे तक ये नवजात बच्ची अपनी मां की छत्रछाया में रही लेकिन शायद मां का प्यार बच्ची के नसीब में इतना ही थी. कोविड ने इस नवजात बच्ची की मां को उससे छीन लिया और मां की मृत्यु हो गयी. इस घटना के बाद पिंपरी चिंचवड के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर और कर्मचारियों और परिवार के में जो खुशी का माहौल देखने को मिल रहा था वो गम में तब्दील हो गया.
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में हुए कोल घोटाले के मुख्य आरोपी अनूप मांझी उर्फ लाला की प्रवर्तन निदेशालय ने लगभग 166 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति आरंभिक तौर पर जब्त कर ली. इस संपत्ति में फैक्ट्री की जगह, प्लांट और मशीनरी समेत दो कंपनियों इस्पात दामोदर प्राइवेट लिमिटेड और सोनिक थर्मल प्राइवेट लिमिटेड का सामान भी शामिल है. यह मैन्युफैक्चर प्लांट और कंपनी पश्चिम बंगाल की पुरुलिया और बांकुरा में बताई गई है और इनका लाभकर्ता अनूप को बताया गया है. ईडी के एक आला अधिकारी ने बताया कि मामले की यह जांच सीबीआई कोलकाता द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई थी. सीबीआई ने अपने यहां दर्ज मुकदमे में जो धाराएं लगाई थीं उनके आधार पर ईडी ने मनी लांड्रिंग के तहत जांच शुरू की थी. ईडी को जांच के दौरान पता चला कि इस मामले के मुख्य आरोपी अनूप मांझी लाला ने शैल कंपनियों के जरिए दो किस्तों में दामोदर प्राइवेट लिमिटेड और सोनिक थर्मल प्राइवेट लिमिटेड को पैसा भेजा था. जो पैसा इन कंपनियों के जरिए भेजा गया था, वह अपराध से कमाया गया था. ईडी अधिकारी के मुताबिक इनमें पहली किस्त 67 करोड़ 80 लाख और दूसरी किस्त 98 करोड़ 6 लाख रुपये थी, यानी कुल मिलाकर 165 करोड़ 86 लाख रुपया इन कंपनियों को भेजा गया था. आरोप है कि इस पैसे के जरिए इन कंपनियों के शेयर खरीदे गए थे. ईडी के आला अधिकारी के मुताबिक जांच के दौरान इस मामले में विकास मिश्रा और अशोक मिश्रा को गिरफ्तार किया गया. इनमें विकास मिश्रा उस विनय मिश्रा का भाई है जो कोलकाता की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का खासम खास बताया जाता है और टीएमसी की युवा विंग में महासचिव भी बताया जाता है. विनय मिश्रा इस मामले में अब तक फरार बताया जाता है, जबकि अनूप मांझी लाला से सीबीआई पूछताछ कर रही है. सुप्रीम कोर्ट ने 6 अप्रैल तक उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई हुई है. ईडी के आला अधिकारी के मुताबिक जांच के दौरान जब यह साबित हो गया कि उक्त दोनों कंपनियों में अनूप द्वारा पैसे लगाए गए थे, तो लगभग 186 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति को आरंभिक तौर पर जब्त कर लिया गया है. ईडी के आला अधिकारी के मुताबिक विकास मिश्रा अभी न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में है, जबकि अशोक मिश्रा को ईडी ने रविवार को गिरफ्तार किया था और वह 7 अप्रैल तक पूछताछ के लिए ईडी की कस्टडी में है. मामले की जांच जारी है.
हाफलोंग (असम): असम के दीमा हसाओ जिले में एक मतदान केंद्र पर बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है. उस मतदान केंद्र पर सिर्फ 90 मतदाता पंजीकृत हैं, लेकिन कुल 171 वोट पड़े. इस घटना के प्रकाश में आने के बाद पांच चुनाव अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.
अधिकारी ने बताया कि यह मतदान केंद्र हाफलोंग विधानसभा क्षेत्र में है. इस जगह दूसरे चरण में एक अप्रैल को मतदान हुआ था. हाफलोंग में 74 प्रतिशत मतदान हुआ था. उन्होंने बताया कि इस घटना के प्रकाश में आने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्र के पांच चुनाव अधिकारियों को निलंबित करके यहां दोबारा मतदान कराने का प्रस्ताव रखा है. यह मतदान केंद्र खोटलिर एलपी स्कूल के 107 (ए) में था.
हालांकि, इस मतदान केंद्र पर दोबारा चुनाव कराने के लिए अभी आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है. दीमा हसाओ के पुलिस उपायुक्त सह जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निलंबन आदेश दो अप्रैल को ही जारी किया गया था, लेकिन यह सोमवार को प्रकाश में आया.
लापरवाही के लिये चुनाव आयोग ने एस ल्हांगुम (सेक्टर ऑफिसर), प्रह्लाद सी रॉय (पीठासीन अधिकारी), परमेश्वर चारंगसा (प्रथम मतदान अधिकारी), स्वराज कांति दास (द्वितीय मतदान अधिकारी) और एल थीक (तृतीय मतदान अधिकारी) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
अधिकारियों ने बताया कि मतदान केंद्र के लिये मतदाता सूची में सिर्फ 90 नाम थे लेकिन ईवीएम में 171 वोट पड़े हैं.
एक अधिकारी ने बताया कि गांव के प्रधान ने मतदाता सूची को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था और वह अपनी सूची लेकर वहां आ गया. इसके बाद गांव के लोगों ने उसी सूची के हिसाब से मतदान किया. हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चुनाव अधिकारियों ने गांव के प्रधान की मांग क्यों स्वीकार कर ली और वहां पर सुरक्षाकर्मी तैनात थे या नहीं तथा उनकी क्या भूमिका रही.
ब्रिटेन की सरकार ने बिना लक्षण वाले कोविड-19 मरीजों का पता लगाने के लिए सोमवार को नयी रणनीति की घोषणा की. सरकार के मुताबिक इंग्लैंड में रहने वाले सभी लोग शुक्रवार से सप्ताह में दो बार मुफ्त, नियमित और त्वरित कोविड-19 जांच करा सकेंगे. कारोबार, दुकानों और रेस्तरां पर से पाबंदियों को हटाने की शुरुआत करते हुए ब्रिटिश सरकार ने कहा कि कोई भी शुक्रवार से सप्ताह में दो बार स्वयं और परिवार के सदस्यों की कोविड-19 जांच करा सकता है. उम्मीद की जा रही है कि इस पहल से वैज्ञानिकों को भी कारगर तरीके से कोरोना वायरस के नए प्रकार का पता लगाने में मदद मिलेगी क्योंकि अधिक लोगों की जांच करने से नए वायरस के प्रकार का पता लगाने एवं उस पर नियंत्रण करने की संभावना बढ़ेगी. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा, ‘‘ब्रिटिश जनता को कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए बड़ी पहल करनी होगी. चूंकि हम टीकाकरण कार्यक्रम में अच्छी प्रगति कर रहे हैं और सतर्कतापूर्वक पाबंदियों को हटाने की कार्ययोजना पर काम चल रहा है, ऐसे में नियमित जांच और अहम है व इससे सुनिश्चित होगा कि हमारी कोशिशें बेकार नहीं जाएं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हम पूरे इंग्लैंड में सभी के लिए अब मुफ्त रैपिड जांच की शुरुआत करने जा रहे हैं जो महामारी को रोकने और उस पर नजर रखने में हमारी मदद करेगी जिससे हम अपने प्रियजनों को देख सकेंगे और उन कार्यों का आनंद ले सकेंगे जो हम करना चाहते हैं.’’ उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में अब तक मुफ्त रैपिड कोविड-19 जांच की सुविधा केवल उन लोगों को उपलब्ध थी जिन्हें सबसे अधिक खतरा है या जो काम के लिए घर से निकलते हैं, जिनमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के कर्मी, नर्स आदि शामिल हैं.
इस राज्य में बढ़ते कोरोना मरीजों के बीच, जारी की सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में बेड्स की कुल संख्या
नई दिल्लीः दिल्ली में कोरोना के तेज़ी बढ़ते आंकड़ों के साथ अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीज़ों की संख्या भी तेज़ी से बढ़ रही है. खासकर वेंटिलेटर वाले ICU बेड्स पर भर्ती मरीज़ों की संख्या बढ़ी है. दिल्ली सरकार के सबसे बड़े कोरोना अस्पताल लोकनायक अस्पताल में कोविड मरीज़ों के लिये सिर्फ 1 वेंटिलेटर युक्त ICU बेड खाली है. लोकनायक अस्पताल में कुल 50 वेंटिलेटर बेड हैं जिनमें से 49 पर मरीज़ भर्ती हैं. दिल्ली सरकार के कोरोना एप के मुताबिक 5 अप्रैल दोपहर 3 बजे तक दिल्ली के अस्पतालों में 58.71% वेंटिलेटर युक्त ICU बेड फुल हो गये हैं, जबकि 30 मार्च सुबह 11 बजे तक 32% वेंटिलेटर वाले ICU बेड पर मरीज़ भर्ती थे. साथ ही, 48% सामान्य कोविड बेड पर मरीज़ भर्ती हैं.
दिल्ली कोरोना एप के मुताबिक 5 अप्रैल दोपहर 3 बजे तक दिल्ली सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में अभी वेंटीलेटर वाले ICU बेड्स की कुल संख्या 794 है. इनमें से 465 बेड्स पर मरीज़ भर्ती हैं और 329 बेड खाली हैं. जबकि बिना वेंटीलेटर वाले ICU बेड्स की कुल संख्या 1,320 है. इनमें से 645 बेड पर मरीज़ भर्ती हैं और 675 बेड खाली हैं. वहीं, सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में कुल मिलाकर 6,203 कोरोना बेड उपलब्ध हैं. इनमें से 3,027 बेड पर मरीज़ भर्ती हैं जबकि 3,176 बेड खाली हैं.
दिल्ली कोरोना एप के मुताबिक 5 अप्रैल दोपहर 3 बजे तक ऐसे अस्पताल जिनमे 'वेंटिलेटर वाले ICU बेड्स' की संख्या शून्य है-
• सर गंगाराम हॉस्पिटल (प्राइवेट) - कुल बेड 42, उपलब्ध 0
• श्री अग्रसेन इंटरनेशनल हॉस्पिटल, रोहिणी (प्राइवेट)- कुल बेड 15, उपलब्ध 9
• मनीपाल हॉस्पिटल, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 10, उपलब्ध 0
• होली फैमिली अस्पताल, ओखला (प्राइवेट)- कुल बेड 8, उपलब्ध 0
• बीएलके हॉस्पिटल, पूसा रोड (प्राइवेट)- कुल बेड 7, उपलब्ध 0
• जयपुर गोल्डन हॉस्पिटल (प्राइवेट)- कुल बेड 6, उपलब्ध 0
• फोर्टिस, ओखला(प्राइवेट)- कुल बेड 5, उपलब्ध 0
• फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग (प्राइवेट)- कुल बेड 5, उपलब्ध 0
• मैक्स अस्पताल, शालीमार बाग (प्राइवेट)- कुल बेड 5, उपलब्ध 0
• वेंकेटेश्वर अस्पताल, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 5, उपलब्ध 0
• स्पाइनल इंजरी सेंटर, वसंतकुंज (प्राइवेट)- कुल बेड 4, उपलब्ध 0
• महाराजा अग्रसेन, पंजाबी बाग (प्राइवेट)- कुल बेड 4, उपलब्ध 0
• सरोज सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल, रोहिणी (प्राइवेट)- कुल बेड 4, उपलब्ध 0
• श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट, पश्चिम विहार (प्राइवेट)- कुल बेड 4, उपलब्ध 0
• फोर्टिस हॉस्पिटल, वसंत कुंज (प्राइवेट)- कुल बेड 3, उपलब्ध 0
• आयुष्मान हॉस्पिटल, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 2, उपलब्ध 0
• कालरा हॉस्पिटल, कीर्ति नगर (प्राइवेट)- कुल बेड 2, उपलब्ध 0
• महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 2, उपलब्ध 0
• मेट्रो हॉस्पिटल, प्रीत विहार (प्राइवेट)- कुल बेड 2, उपलब्ध 0
• नेशनल हार्ट इंस्टिट्यूट, ईस्ट ऑफ कैलाश (प्राइवेट)- कुल बेड 2, उपलब्ध 0
• प्राइमस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, चाणक्यपुरी (प्राइवेट)- कुल बेड 2, उपलब्ध 0
• महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल, नरेला (प्राइवेट)- कुल बेड 1, उपलब्ध 0
• मूलचंद हॉस्पिटल, लाजपत नगर(प्राइवेट)- कुल बेड 1, उपलब्ध 0
• नवजीवन हॉस्पिटल, पीतमपुरा (प्राइवेट)- कुल बेड 1, उपलब्ध 0
• सेंटम हॉस्पिटल, प्रशांत विहार (प्राइवेट)- कुल बेड 1, उपलब्ध 0
दिल्ली कोरोना एप के मुताबिक 5 अप्रैल दोपहर 3 बजे तक ऐसे अस्पताल जिनमे 'बिना वेंटिलेटर वाले ICU बेड्स' की संख्या शून्य है-
• बाबा अंबेडकर अस्पताल (दिल्ली सरकार)- कुल बेड 9, उपलब्ध 0
• बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट, पश्चिम विहार (प्राइवेट)- कुल बेड 35, उपलब्ध 0
• अपोलो, सरिता विहार (प्राइवेट)- कुल बेड 24, उपलब्ध 0
• अग्रसेन हॉस्पिटल, पंजाबी बाग (प्राइवेट)- कुल बेड 31, उपलब्ध 0
• मैक्स अस्पताल, शालीमार बाग (प्राइवेट)- कुल बेड 23, उपलब्ध 0
• जयपुर गोल्डन अस्पताल, रोहिणी (प्राइवेट)- कुल बेड 26, उपलब्ध 0
• वेंकटेश्वर हॉस्पिटल, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 23, उपलब्ध 0
• फोर्टिस हॉस्पिटल, ओखला (प्राइवेट)- कुल बेड 23, उपलब्ध 0
• नेशनल हार्ट इंस्टिट्यूट, ईस्ट ऑफ कैलाश (प्राइवेट)- कुल बेड 21, उपलब्ध 0
• होली फैमिली हॉस्पिटल, ओखला (प्राइवेट)- कुल बेड 16, उपलब्ध 0
• श्री अग्रसेन इंटरनेशनल हॉस्पिटल, रोहिणी (प्राइवेट)- कुल बेड 16, उपलब्ध 0
• फोर्टिस हॉस्पिटल, शालीमार बाग (प्राइवेट)- कुल बेड 15, उपलब्ध 0
• गोयल हॉस्पिटल, कृष्णा नगर (प्राइवेट)- कुल बेड 15, उपलब्ध 0
• कालरा हॉस्पिटल, कीर्ति नगर (प्राइवेट)- कुल बेड 13, उपलब्ध 0
• मनीपाल हॉस्पिटल, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 12, उपलब्ध 0
• आकाश हेल्थकेयर, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 11, उपलब्ध 0
• एमजीएस हॉस्पिटल, पंजाबी बाग (प्राइवेट)- कुल बेड 10, उपलब्ध 0
• मेट्रो हॉस्पिटल, प्रीत विहार (प्राइवेट)- कुल बेड 9, उपलब्ध 0
• सर गंगाराम हॉस्पिटल, राजेन्द्र नगर (प्राइवेट)- कुल बेड 9, उपलब्ध 0
• आयुष्मान हॉस्पिटल, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 8, उपलब्ध 0
• बत्रा हॉस्पिटल (प्राइवेट)- कुल बेड 5, उपलब्ध 0
• फोर्टिस हॉस्पिटल, वसंतकुंज (प्राइवेट)- कुल बेड 8, उपलब्ध 0
• मलिक रेडिक्स हॉस्पिटल (प्राइवेट)- कुल बेड 8, उपलब्ध 0
• मेट्रो हॉस्पिटल, लाजपतनगर (प्राइवेट)- कुल बेड 8, उपलब्ध 0
• धर्मशिला नारायण हॉस्पिटल, वसुंधरा एन्क्लेव (प्राइवेट)- कुल बेड 7, उपलब्ध 0
• प्राइमस सुपर स्पेशलिटी, चाणक्यपुरी (प्राइवेट)- कुल बेड 7, उपलब्ध 0
• संत परमानंद हॉस्पिटल, सिविल लाइंस (प्राइवेट)- कुल बेड 7, उपलब्ध 0
• पार्क हॉस्पिटल, मीरा बाग (प्राइवेट)- कुल बेड 6, उपलब्ध 0
• माता चानन देवी, जनकपुरी (प्राइवेट)- कुल बेड 5, उपलब्ध 0
• मूलचंद हॉस्पिटल, लाजपत नगर (प्राइवेट)- कुल बेड 5, उपलब्ध
• तीरथ राम हॉस्पिटल, सिविल लाइंस (प्राइवेट)- कुल बेड 4, उपलब्ध 0
• महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल, नरेला (प्राइवेट)- कुल बेड 3, उपलब्ध 0
• विकास हॉस्पिटल, नजफगढ़ (प्राइवेट)- कुल बेड 3, उपलब्ध 0
• महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल, द्वारका (प्राइवेट)- कुल बेड 2, उपलब्ध 0
पूरे देश में फिर से बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच पीएम मोदी ने एक बार फिर से सभी मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है. सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी की ये बैठक 8 अप्रैल को हो सकती है.
सूत्रों के मुताबिक देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों की वर्चुअल बैठक बुलाई है. मीटिंग दिन में 11 बजे से होगी. इस दौरान मुख्यमंत्रियों से कोरोना के प्रभावी प्रबंधन और वैक्सीनेशन पर भी चर्चा होगी.
बता दें कि ये पहला मौका नहीं है जब पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है. इससे पहले उन्होंने 17 मार्च को भी एक बैठक की थी. प्रधानमंत्री मोदी इससे पूर्व भी कोरोना काल में कई बार मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग से चर्चा कर वैश्विक महामारी की रोकथाम की रणनीति बना चुके हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक 8 अप्रैल को होने वाली बैठक में सभी राज्यों से वहां के हालात के बारे में जानकारी लेने के साथ सुझाव भी लिए जाएंगे.
क्या फिर से लगेगा लॉकडाउन?
गौरतलब है कि कई राज्य पहले से ही लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध लगा चुके हैं. कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र ने सोमवार से कई पाबंदियां लागू की हैं जिनमें नाइट कर्फ्यू से लेकर वीकेंड लॉकडाउन तक शामिल है. इसे देखते हुए मीटिंग में राज्यों से आए सुझाव के आधार पर कोरोना को फिर बढ़ने से रोकने की रणनीति बनेगी.
बता दें कि देश में पिछले एक हफ्ते से कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. देश में पिछले 24 घंटे में सामने आए कोविड-19 के 1,03,558 नए मामलों में से 81.90 प्रतिशत महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और पंजाब से हैं, जहां संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि केवल महाराष्ट्र में ही एक दिन में सर्वाधिक 57,074 नए मामले यानी कुल 55.11 प्रतिशत मामले सामने आए. इसके बाद छत्तीसगढ़ में 5,250 और कर्नाटक में 4,553 नए मामले सामने आए.
ढाका, बांग्लादेश ने कोराना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढऩे के मद्देनजर आज से सात दिन का राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लगा दिया। बंद के खिलाफ छोटे कारोबारियों के प्रदर्शन के बीच सार्वजनिक परिवहन पर रोक और बाजारों को नहीं खोलने का फैसला लिया गया है। ये निर्देश पांच अप्रैल को सुबह छह बजे से 11 अप्रैल की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेंगे। इसमें बताया गया कि लोगों को शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक अपने घरों से नहीं निकलने को कहा गया है। यह फैसला देश के मौजूदा हालात को देखते हुए लिया गया है जहां हाल के कुछ हफ्तों में संक्रमण के मामले और कोविड-19 से होने वाली मौत का आंकड़ा बढ़ा है। इसके अनुसार, सरकार ने कहा है कि वह मरीजों की बढ़ती संख्या से निपटने के लिए कोविड-19 के इलाज के लिए निर्धारित अस्पतालों और आईसीयू में बिस्तरों की संख्या बढ़ा रही है।
नईदिल्ली। कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एक उल्लेखनीय घटनाक्रम में, देश में लगाए गए कोविड-19 टीके की खुराकों की कुल संख्या आज 7.9 करोड़ से अधिक हो गई। आज सुबह सात बजे तक की अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार 12,31,148 सत्रों के जरिए कुल 7,91,05,163 टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें 90,09,353 एचसीडब्ल्यू (पहली खुराक), 53,43,493 एचसीडब्ल्यू (दूसरी खुराक), 97,37,850 एफएलडब्ल्यू (पहली खुराक) और 41,33,961 एफएलडब्लयू (दूसरी खुराक) तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थियों को 4,99,31,635 (पहली खुराक) तथा 9,48,871 (दूसरी खुराक) शामिल हैं। टीकाकरण अभियान के 79वें दिन (4 अप्रैल 2021) 16,38,464 टीके लगाए गए। इनमें से पहली खुराक के लिए 21,508 सत्रों में 15,40,676 लाभार्थियों को टीके लगाए गए और 97,788 लाभार्थियों को टीके की दूसरी खुराक प्राप्त हुई। भारत के दैनिक नए मामलों में लगातार बढोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों में एक लाख से अधिक (1,03,558) नए मामले दर्ज किए गए। आठ राज्य- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और पंजाब में कोविड के दैनिक नए मामलों में तेज बढोतरी प्रदर्शित की गई है। नए मामलों के 81.90 प्रतिशत इन्हीं आठ राज्यों से दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र ने 57,074 (55.11 प्रतिशत) की संख्या के साथ सर्वाधिक दैनिक मामले दर्ज कराए हैं। 5,250 के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर है जबकि कर्नाटक ने 4,553 नए मामले दर्ज कराए हैं। भारत के कुल सक्रिय मामले 7,41,830 तक पहुंच चुके हैं। यह देश के कुल पॉजिटिव मामलों के 5.89 प्रतिशत हैं। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में 50,233 मामलों की शुद्ध बढोतरी हुई है। पांच राज्यों अर्थात महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल और पंजाब में कुल मिलाकर देश के कुल सक्रिय मामलों का 75.88 प्रतिशत है। अकेले महाराष्ट्र में देश के कुल मामलों का लगभग 58.23 प्रतिशत है।
नईदिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केन्द्र के अनुसार:- मध्य समुद्र स्थल से 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊपर पश्चिमी विक्षोभ एक गर्त के रूप में 32 ° एन उत्तर देशांतर से 62 ° ई अक्षांश के साथ आगे बढ़ेगा और एक ताजा पश्चिम विक्षोभ 6 अप्रैल के बाद पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। उपरोक्त प्रणालियों के प्रभाव के तहत- :
i) 05 से 09 अप्रैल के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में और 06 से 09 अप्रैल के दौरान उत्तराखंड में छिट-पुट से लेकर दूर-दूर तक बारिश होने/बर्फबारी होने की संभावना है। 05 से 07 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर बारिश होने की संभावना है।
ii) 05-07 अप्रैल के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र तथा 06 से 07 अप्रैल के दौरान आस-पास के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बादल गरजने/बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
iii) 6 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद और 05 और 06 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश तथा 06 और 07 अप्रैल को उत्तराखंड में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने/बर्फबारी होने की संभावना है।
iv) 6 अप्रैल को जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में तथा 07 अप्रैल को उत्तराखंड में कहीं-कहीं पर भारी बारिश/ बर्फबारी की संभावना है।
v) 05 अप्रैल से 07 अप्रैल के दौरान पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी/बादल गरजने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण पश्चिमी राजस्थान अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी राजस्थान, अगले 3 दिनों के दौरान विदर्भ में और 7 से 9 अप्रैल के दौरान मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गर्मी की लहर चलने की संभावना है।
♦ मौसम के मुख्य आकलन
कल 08.30 बजे आईएसटी से 17.30 बजे आईएसटी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर तथा असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में छिट-पुट स्थानों पर बारिश होने/बादल गरजने के साथ बारिश होने का पता चला है।
आज 08.30 बजे आईएसटी से 17.30 बजे तक 1 सेंटीमीटर या अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। पोर्ट ब्लेयर में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई।
कल 08.30 बजे आईएसटी से आज 05:30 बजे आईएसटी तक : असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल के कुछ स्थानों पर बादल गरजे।
कल दक्षिण पश्चिम राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति देखी गई।
04-04-2021के अनुसार अधिकतम तापमान प्रस्थान - पश्चिम राजस्थान और अरुणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर सामान्य से अधिक (5.1 डिग्री सेल्सियस या अधिक) अधिकतम तापमान पाया गया; हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में और असम, मेघालय, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम के कुछ स्थानों पर तथा गंगीय पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में कहीं कहीं सामान्य से ऊपर (3.1° सी से 5.0 ° सी तक); मध्य प्रदेश, झारखंड और विदर्भ के अधिकांश हिस्सों में,; जम्मू, कश्मीर- लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, गुजरात राज्य, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, मराठवाड़ा तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के कुछ स्थानों पर तथा तेलंगाना, रायलसीमा, कोंकण और गोवा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर सामान्य से अधिक (1.6 ° सी से -3.0 ° सी) तापमान पाया गया। तापमान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ स्थानों पर तथा मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं सामान्य से कम (-1.6 ° सी से -3.0 ° सी) तापमान पाया गया, जबकि मध्य महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर तथा देश के शेष भागों में तापमान लगभग सामान्य रहा। कल, सबसे अधिक तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर (पश्चिम राजस्थान) में रिकॉर्ड किया गया।
04-04-2021 के अनुसार न्यूनतम तापमान प्रस्थान : पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल के अलग-अलग स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से 5.0 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात क्षेत्र और तटीय आंध्र प्रदेश तथा यानम के अधिकांश स्थानों पर, ऊपर; उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मराठवाड़ा और रायलसीमा पर कुछ स्थानों पर सामान्य से अधिक रहा सामान्य (1.6 ° सी से 3.0 ° सी तक) रहा। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर, पश्चिम उत्तर प्रदेश और झारखंड में अलग-थलग स्थानों पर सामान्य से कम (-3.1 °सी से -5.0 ° सी तक) रहा। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश स्थानों पर; उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से कम (-1.6 ° सी से -3.0 ° सी तक) रहा; जबकि विदर्भ तथा विदर्भ के कुछ स्थानों तथा देश के शेष भागों में तापमान लगभग सामान्य रहा। कल देश के मैदानी इलाकों की तुलना में पंतनगर (उत्तराखंड) न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण म्यांमार तट पर चक्रवाती सर्कुलेशन मुख्य समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ और उसके आसपास चक्रवाती सर्कुलेशन मध्य समुद्र तल से 2.1 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है।
झारखंड और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवाती सर्कुलेशन समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है।
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास चक्रवाती सर्कुलेशन समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है।
समुद्र तल के ऊपर 5.8 किलोमीटर और 7.6 किलोमीटर के बीच बनी गर्त 86 ° ई देशांतर से 22 ° ई अक्षांश के उत्तर में स्थित है।
पश्चिमी विक्षोभ समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊपर एक गर्त के रूप में स्थित है जो अब 62 ° ई देशांतर से 32 ° एन अक्षांश के साथ आगे बढ़ रहा है।
उत्तर दक्षिणी गर्त समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है जो उत्तर आंतरिक कर्नाटक से आंतरिक तमिलनाडु तक बनी हुई है।
06 अप्रैल, 2021 से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के प्रभावित होने की संभावना है।
मौसम संबंधी विश्लेषण (0530 आईएसटी पर आधारित)
उत्तरी अंडमान सागर और उसके आसपास के दक्षिण म्यांमार तट के ऊपर चक्रवाती सर्कुलेशन समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर स्थित है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र के ऊपर चक्रवाती सर्कुलेशन विस्तार करते हुए समुद्र तल से 2.1 किलोमीटर ऊपर स्थित है।
झारखंड और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवाती सर्कुलेशन समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है।
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती सर्कुलेशन 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है।
समुद्र तल के ऊपर 5.8 किलोमीटर और 7.6 किलोमीटर के बीच बनी गर्त 86 ° ई देशांतर से 22 ° ई अक्षांश के उत्तर में स्थित है।
पश्चिमी विक्षोभ समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊपर एक गर्त के रूप में स्थित है जो अब 62 ° ई देशांतर से 32 ° एन अक्षांश के साथ आगे बढ़ रहा है।
उत्तर दक्षिणी गर्त समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है जो उत्तर आंतरिक कर्नाटक से आंतरिक तमिलनाडु तक बनी हुई है।
06 अप्रैल, 2021 से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के प्रभावित होने की संभावना है।
अगले पांच दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान 10 अप्रैल, 2021 को 0830 आईएसटी तक
मौसम विज्ञान उप-खंड वार 5 दिनों का विस्तृत तापमान अनुमान को तालिका -1 में दिया गया है।
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।
अगले 4-5 दिनों के दौरान मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम मापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पश्चिम पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों और पश्चिम भाग के कुछ भागों में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभवना नहीं है। इसके बाद तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि होने की संभावना है।
अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस कमी आने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं कहीं पर हल्की बारिश होने / बर्फबारी की संभावना है।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, माहे, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, विदर्भ, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और द्वीप समूह में कहीं-कहीं पर छिटपुट बारिश होने, बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है।
देश के बाकी हिस्सों में शुष्क मौसम की संभावना है।
बाद के दो दिनों यानी 10 अप्रैल, 2021 से 12 अप्रैल, 2021 तक मौसम का रुझान
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं हल्की वर्षा / बर्फबारी होने की संभावना।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और माहे, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, विदर्भ, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और द्वीप समूह में गर्जना/बिजली चमकने के साथ छिटपुट वर्षा होने की संभावना है।
देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अगले 5 दिनों के दौरान मौसम की चेतावनी *
05 अप्रैल (दिन 1): हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर अलग-अलग स्थानों पर बादल गरजने, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार) चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार) चलने, पंजाब, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल के कुछ स्थानों पर बिजली चमकने की संभावना है।
पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर बादल गर्जने, तेज हवाओं (तेज हवाओं के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
दक्षिण राजस्थान और विदर्भ के कुछ स्थानों पर गर्मी की लहर चलने की संभावना है।
06 अप्रैल (दिन 2): जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर बादल गर्जने, बिजली, चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की गति) चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और केरल और माहे के अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे तक की गति) चलने की संभावना है।
पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर बदल गर्जने/ तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभवना है।
पूर्वोत्तर राजस्थान और विदर्भ के ऊपर अलग-अलग स्थानों पर गर्म लहर चलने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है।
07 अप्रैल (दिन 3): उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने, बादल गर्जने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चकमने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर बादल गर्जने 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली) तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर अलग-अलग स्थानों पर गर्मी की लहर चलने की संभावना है।
उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश/ बर्फबारी होने की संभावना है।
8 अप्रैल (दिन 4): झारखंड, केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर बादल गर्जने, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने तथा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और लक्षद्वीप में बिजली चमकने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गर्मी की लहर चलने की संभावना है।
09 अप्रैल (दिन 5): झारखंड और केरल में अलग-अलग स्थानों पर बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे गति) चलने तथा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा और लक्षद्वीप में बिजली चमकने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गर्मी की लहर चलने की संभावना है।
ग्राफिक विवरण के लिए यहां क्लिक करें।
स्थान विशेष पूर्वानुमान और चेतावनी के लिए कृपया मौसम एप डाउनलोड करें, कृषि मौसम सलाह के लिए मेघदूत एप डाउनलोड करें, बिजली गिरने की चेतावनी के लिए दामिनी एप डाउनलोड करें और जिलेवार चेतावनी के लिए राज्य की एमसी/आरएमसी वेबसाइट लाउनलोड करें।
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने हथिगंवा क्षेत्र में गोशाला की आड़ में शराब बनाने की कथित अवैध फैक्ट्री का भाड़ाफोड़ किया है और करोड़ों रुपये की शराब तथा मदिरा बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक प्रेम प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार की शाम पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा पर्सीपुर झाझामऊ में की गई संयुक्त कार्यवाही में गौशाला की आड़ में चल रही शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा गया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान गौशाला में भूसे और पुआल में छुपा कर रखी गई अवैध रूप से बनाई सैकड़ो पेटी शराब बरामद की गई। प्रकाश ने बताया कि गौशाला में खुदाई के दौरान भी भारी मात्रा में शराब तथा मदिरा बनाने के उपकरण बरामद किए गए। बरामद शराब की कीमत कई करोड़ रुपये बताई जाती है। प्रकाश ने बताया कि गौशाला तथा अन्य संभावित ठिकानों पर व्यापक पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से खोदाई का काम जारी है।
उन्होंने बताया कि गौशाला की आड़ में संचालित की जा रही यह फैक्ट्री शराब माफिया गुड्डू सिंह की है जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अनेक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 45 लोगों को चिन्हित किया जा चुका है और उनकी तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जाएगी।
तोमर ने बताया कि जिले में अवैध रूप से बनाई गई शराब की बरामदगी के अभियान के तहत शनिवार-रविवार की दरमियानी रात कुंडा कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री और एक दुकान पर छापा मारकर लगभग 50 लाख रुपये की शराब बरामद की है।
पेरिस | फ्रांस में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के बढ़ते मामलों के मद्देनजर तीसरी बार राष्ट्रव्यपारी लॉकडाउन प्रभावी हो गया है।
अयोध्या | अयोध्या के रुदौली कोतवाली क्षेत्र के एक ग्राम में चार साल के बच्ची के साथ गांव के ही युवक ने बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। काफी देर तक बच्ची के परिजनों की तलाश के बाद गंभीर अवस्था में घायल बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्षेत्राधिकारी रुदौली ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के एक युवक ने अपने घर के पास खेल रही चार साल की अबोध बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर चला गया। गांव से आधा किमी दूर नहर के किनारे निर्जन स्थान पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और बालिका को छोड़कर भाग निकला। बच्ची को ले जाते बालिका के चचेरे भाई ने देखा था। काफी समय तक बालिका के न मिलने पर चचेरे भाई ने यह बात घर वालो को बताई।
बालिका के मिलने के बाद परिजनों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि कोतवाल रूदौली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिंगापुर/नई दिल्ली । सिंगापुर इंटरपोल के नेतृत्व वाले एक वैश्विक वित्तीय अपराध कार्यबल में शामिल हो गया, जो कोविड-19 से संबंधित घोटालों समेत विभिन्न मामलों की जांच करेगा। इस कार्य बल में अमेरिका और ब्रिटेन भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्रालय ने बताया कि सिंगापुर दुनिया में साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते खतरे के खिलाफ वृहद अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत के कारण कार्य बल में शामिल हो रहा है। मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ``कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान हालात और खराब हो गए हैं, क्योंकि अधिक से अधिक लोग घर से काम कर रहे हैं और ऑनलाइन लेन देन कर रहे हैं। साइबर अपराधियों ने इस अवसर का फायदा उठाया है।`` इंटरपोल के साइबर अपराध के निदेशक क्रैग जोन्स ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय अपराधों में अवैध धन की जांच और टीकों की ऑनलाइन बिक्री पर नजर रखना कार्यबल के प्रमुख कार्यों में शामिल हैं। जोन्स ने कहा, ``ये टीके इस समय ऑनलाइन नहीं बिक रहे हैं। लोगों को यह समझना होगा।
नईदिल्ली । कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रफ्तार बेहद तेज है, इससे देश में स्थिति भयावह होती जा रही है। देश एक बार फिर लॉकडाउन के मुहाने पर खड़ा है। बीते 24 घंटों में रविवार को रिकॉर्ड 93 हजार से ज्यादा नए कोरोना के मरीज मिले हैं। वहीं कोरोना संक्रमण के चलते 500 से ज्यादा की जान चली गई है। एक दिन में मिलने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की बात करें, तो इससे पहले पिछले साल, 19 सितंबर को 92,574 नए केस मिले थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी किए गए ताजा आंकड़ों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ कोरोना संक्रमण के 93,249 नए मामले दर्ज किए गए हैं और 513 मरीज कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,24,85,509 पहुंच गए हैं और कोविड से मरने वालों की संख्या 1,64,623 हो गई। बता दें कि इससे एक दिन पहले 89,129 से अधिक कोरोना के नए मरीज मिले थे और 714 की मौत हुई थी। शनिवार की तुलना में दैनिक मामलों में वृद्धि हुई है, जबकि मौतों की संख्या में गिरावट आई है।
पहली लहर की पीक के करीब नए केस
देश में कोरोना की पहली लहर का पीक पिछले साल 15-16 सितंबर को था, जब 97 हजार से अधिक नए केस सामने आए थे। इसके बाद यह आंकड़ा लगातार कम होता गया था। इस साल 15 फरवरी के बाद एक बार फिर संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली, जोकि पीक आंकड़ों को छूने के बेहद करीब है। शुक्रवार से लगातार कोरोना के नए मामले 80 हजार के पार आ रहे थे, जो आज 93 हजार से अधिक पहुंच गए हैं।विशेषज्ञों ने आशंका जताईहै कि रोजाना के आंकड़ों में अभी बड़ा इजाफा होगा।
देश में अब तक करीब 1.24 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.16 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं 1.64 लाख ने कोरोना के चलते जान गंवाई है। 6.87 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ बहुत तेजी से ऊपर जा रहा है। पिछले 24 घंटों में 60,048 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं, इसी के साथ देश में अब तक 1,16,29,289 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 6,91,597 पहुंच गए हैं।
7.59 करोड़ लोगों को लगा कोविड टीका
देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। देश में टीकाकरण का तीसरा चरण चल रहा है, जिसके तहत 45 साल से ऊपर वालों को भी कोविड वैक्सीन लगाई जा रही है। देश में अब तक 7,59,79,651 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थनगर जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पंचायत चुनाव के लिये एक तरफ जहां बिगुल बज चुका वहीं, पंचायत चुनाव से पहले जिले के बांसी कोतवाली पुलिस टीम व एसओजी टीम, सर्विसलांस टीम व डिडई चौकी पुलिस टीम ने अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ करने में सफलता हासिल की है.
चार तमंचे व बाइक बरामद
जिले के पुलिस अधीक्षक राम अभिलाष त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अवैध असलहा फैक्ट्री के भंडाफोड़ करने की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि, इस टीम ने अमरजीत सिह को बांसी कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया अभियुक्त जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र का निवासी है. इसके पास से तीन तमंचा 315 बोर (निर्मित), एक तमंचा 12बोर 17 सौ रुपया नगद,एक मोटरसाइकिल, व असलहा बनाने का कई उपकरण बरामद हुये हैं.
35 मुकदमे दर्ज हैं
पकड़े गये अभियुक्त अपने नाम बदलकर कई जिलो में आपराधिक मामलों में लिप्त हैं. इसके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में 35 मुकदमे व जिले के खेसरहा थाने में एक मुकदमा दर्ज है. अब तक कुल 36 मुकदमे अभियुक्त के खिलाफ दर्ज होने की बात सामने आयी है. इस अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया है. पुलिस अधीक्षक पंचायत चुनाव से पहले अवैध असलहा फैक्टरी के भंडाफोड़ को बड़ी कामयाबी मान रहे है.
तेलंगाना के रामागुंडम (Ramagundam) में 100 मेगावाट की क्षमता वाला भारत का सबसे बड़ा तैरता हुआ सौर ऊर्जा संयंत्र (India’s biggest floating solar power plant) स्थापित किया जाएगा। इसके मई में शुरू होने की उम्मीद है, रामागुंडम थर्मल पावर प्लांट जलाशय में स्थापित किया जा रहा है। यह सौर परियोजना राष्ट्रीय थर्मल पावर कॉरपोरेशन (NTPC) द्वारा कमीशन की जाएगी। लगभग 423 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में 4.5 लाख फोटोवोल्टिक पैनल होंगे। यह सौर पैनल जलाशय के 450 एकड़ क्षेत्र को कवर करेंगे और भविष्य में इसका विस्तार किया जा सकता है। एनटीपीसी की फ्लोटिंग सौर ऊर्जा परियोजनाओं को स्थापित करने का उद्देश्य कार्बन फुटप्रिंट्स को कम करना है और इसकी क्षमता के 30 प्रतिशत तक हरित ऊर्जा उत्पादन में तेजी लाना है। 600 मेगावाट क्षमता वाला दुनिया का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा संयंत्र (World’s Largest Solar Power Plant) मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी पर ओंकारेश्वर बांध (Omkareshwar Dam) पर स्थापित किया जा रहा है। 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के 2022-23 तक बिजली उत्पादन शुरू करने की उम्मीद है।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 28 जून को शुरू होगी। इस बार, इस यात्रा में लगभग 6 लाख तीर्थयात्रियों के आने की संभावना है। अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण इस महीने की 1 तारीख से शुरू हो गया है। यह यात्रा 56 दिनों तक चलेगी। राज्य सरकारों या संघ शासित प्रदेशों के प्रशासकों द्वारा अधिकृत किए गए डॉक्टर और चिकित्सा संस्थानों द्वारा जारी किये स्वास्थ्य प्रमाणपत्र यात्रा के लिए अनिवार्य हैं। 13 वर्ष से कम या 75 वर्ष से अधिक आयु के लोग और छह सप्ताह से अधिक आयु वाली महिलाएं यात्रा के लिए पंजीकरण नहीं कर सकतीं। इस साल यह तीर्थ यात्रा 28 जून को पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से शुरू होगी। यह खुलासा श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (Shri Amarnathji Shrine Board) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नीतीश्वर कुमार ने किया। उन्होंने कहा, पूरे देश में पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू और कश्मीर बैंक और यस बैंक की 446 नामित बैंक शाखाओं के माध्यम से पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकरण के लिए प्रक्रिया के बारे में विवरण, आवेदन पत्र और बैंक की शाखाओं की राज्यवार सूची पूरे पते के साथ बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। यात्रियों के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य हैं क्योंकि यह मंदिर बहुत ऊंचाई पर है और यात्रा कठिन है। इस यात्रा के लिए केवल 15 मार्च के बाद जारी किए गए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र मान्य होंगे। यात्रा के लिए पंजीकरण करने के लिए यात्रियों को जिन चरणों का पालन करना होगा, उन्हें बोर्ड की वेबसाइट www.shriamarnathjishrine.com पर डाल दिया गया है। 13 वर्ष से कम या 75 वर्ष से अधिक आयु के लोग और छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को इस वर्ष की यात्रा के लिए COVID-19 मानदंडों के अनुसार पंजीकृत नहीं किया जाएगा।
अमरनाथ मंदिर
अमरनाथ गुफा मंदिर एक प्रसिद्ध हिन्दू तीर्थस्थल है, यह जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले में स्थित है। यह मंदिर भगवान् शिव को समर्पित है। यह मंदिर 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। अमरनाथ मंदिर को 51 शक्ति पीठों में से एक माना जाता है।










