मार्को जैनसन की उछाल लेती गेंदों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी एक बार फिर उजागर हुई और टीम इंडिया तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट की पहली पारी में पहले ही दिन सोमवार को 202 रन पर सिमट गई। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने दिन का खेल समाप्त होने तक 1 विकेट पर 35 रन बना लिए हैं। स्टंप्स के समय कीगन पीटरसन और कप्तान डीन एल्गर दोनों जीवनदान का फायदा उठाकर क्रमश: 14 और 11 रन बनाकर खेल रहे थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम अब भी भारत से 167 रन से पीछे है। दिन का खेल खत्म होने से पहले दक्षिण अफ्रीका ने ऐडन मार्करम (07) का विकेट गंवाया जिन्हें मोहम्मद शमी (15 रन पर एक विकेट) ने पगबाधा आउट किया।
इससे पहले, भारत की ओर से टेस्ट कप्तान के रूप में डेब्यू कर रहे कार्यवाहक कप्तान लोकेश राहुल (133 गेंद में 50 रन, नौ चौके) और रविचंद्रन अश्विन (50 गेंद में 46 रन, छह चौके) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (26) लय में दिखे लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। भारत को मध्यक्रम की नाकामी का एक बार फिर खामियाजा भुगतना पड़ा।
चेतेश्वर पुजारा (33 गेंद में तीन रन) और अजिंक्य रहाणे (00) की विफलता का क्रम जारी रहा। लगभग एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हनुमा विहारी (20) भी क्रीज पर पैर जमाने के बाद पवेलियन लौटे। जेनसन ने 31 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि तेज गेंदबाजों कागिसो रबाडा (64 रन पर तीन विकेट) और डुआने ओलीवियर (64 रन पर तीन विकेट) ने उनका अच्छा साथ निभाया।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और शमी ने चौथे ओवर में ही मार्कराम को पगबाधा कर दिया। एल्गर इससे पहले जसप्रीत बुमराह के ओवर में भाग्यशाली रहे जब यह तेज गेंदबाज अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपकने में नाकाम रहा। पीटरसन भी 12 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब विकेटकीपर ऋषभ पंत ने उनका कैच टपका दिया। इस बार भी दुर्भाग्यशाली गेंदबाज बुमराह ही थे।
दिन के खेल के अंतिम लम्हों में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आया और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा। भारत को दुआ करनी होगी कि उनकी चोट अधिक गंभीर नहीं हो और वह कल गेंदबाजी कर पाएं।
साउथ अफ्रीका और भारत के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने पहला टेस्ट मैच जीत लिया है सेंचुरियन में खेला जा रहा पहला टेस्ट टीम इंडिया ने 113 रन से जीत लिया है। मैच में अफ्रीका के सामने 305 रनों का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 191 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। भारत की सेंचुरियन के मैदान पर ये पहली टेस्ट जीत है। जीत के साथ ही विराट एंड कंपनी ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
जसप्रीत बुमराह ने मैच में घातक गेंदबाजी करते हुए 7 में से 3 विकेट अपने खाते में डाले हैं। वहीं, सिराज ने 2 विकेट अपने नाम किए हैं।
एल्गर की कप्तानी पारी पर लगा ब्रेक
डीन एल्गर 156 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी खेलकर आउट हुए। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें LBW आउट किया। हालांकि एल्गर ने रिव्यू लिया, लेकिन रीप्ले में दिखा कि गेंद ऑफ स्टंप्स की लाइन पर थी और अफ्रीकी कप्तान आउट हुए। SA का छठा विकेट मोहम्मद सिराज ने क्विंटन डी कॉक को क्लीन बोल्ड कर चटकाया।
डी कॉक 28 गेंदों पर 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अगले ही ओवर में शमी ने वियान मुल्डर को विकेट की पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। मुल्डर 1 रन बनाकर आउट हुए। टी-ब्रेक के बाद मार्को जेन्सन 13 रन बनाकर शमी को अपना विकेट थमा बैठे। कगिसो रबाडा भी बिना खाता खोले आर अश्विन की गेंद पर आउट हुए।
• एल्गर 77 रन टेस्ट करियर का 18वां और भारत के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा।
• डीन एल्गर और तेंबा बाउमा ने चौथे विकेट के लिए 61 गेंदों पर 36 रन जोड़े।
5वें दिन बारिश की आशंका
मौसम के अनुसार, मैच के अंतिम दिन सेंचुरियन में बारिश होने के 50-60 % चांसेज हैं। तापमान 27 डिग्री तक रह सकता है। हवा 21 से 14 किलोमीटर तक चल सकती है। वहीं ह्यूमिडिटी 64 % से 85 % रह सकती है। मैच में आज भी 98 ओवर का खेल होगा।
सेंचुरियन में सबसे सफल रन चेज इंग्लैंड के नाम पर दर्ज है। साल 2000 में सा. अफ्रीका ने 249 रनों का टारगेट रखा था, जिसे ENG ने 2 विकेट रहते हासिल किया था। इसके बाद अफ्रीकी टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 1998 में 226 रन चेज किए थे।
बुमराह ने कराई थी इंडिया टीम की वापसी
टारगेट का पीछा करते हुए SA की शुरुआत खराब रही और पारी के दूसरे ही ओवर में मोहम्मद शमी ने एडेन मार्करम को बोल्ड कर दिया। मार्करम 7 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए। टीम इंडिया को दूसरी सफलता मोहम्मद सिराज ने कीगन पीटरसन (17 रन) को आउट कर दिलाई। पीटरसन का कैच विकेट के पीछे ऋषभ पंत ने पकड़ा। टीम ने ये पहले 2 विकेट 34 के स्कोर पर गंवा दिए थे।
इसके बाद डीन एल्गर और रैसी वान डेर डुसेन ने चौथे विकेट के लिए 135 गेंदों पर 40 रन जोड़े। ये साझेदारी टीम इंडिया के लिए परेशानी खड़ी कर रही थी, तभी बुमराह ने वान डेर डुसेन (11 रन) को बोल्ड कर न सिर्फ इस पार्टनरशिप को तोड़ा बल्कि टीम इंडिया की मैच में वापसी भी करा दी। इस विकेट के साथ ही बुमराह ने विदेशी सरजमीं पर अपने 100 टेस्ट विकेट भी पूरे कर लिए। बुमराह ने अपने अगले ही ओवर में नाइट वॉचमैन केशव महाराज (8 रन) को क्लीन बोल्ड कर अफ्रीका का चौथा झटका पहुंचाया।
दूसरी पारी में भारत ने बनाए सिर्फ 174 रन
दूसरी पारी में भारतीय टीम 174 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हुई। विकेटकीपर ऋषभ पंत 34 रनों के साथ टॉप स्कोरर रहे। वहीं, अफ्रीका के लिए तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा और मार्को जेन्सन ने चार-चार विकेट चटकाए।
भारत का मिडिल ऑर्डर फेल
एक बार फिर टीम इंडिया का मध्यक्रम पूरी तरह से फ्लॉप रहा। विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे एक बार फिर कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए। विराट कोहली के बल्ले से इस साल की आखिरी पारी में भी शतक नहीं निकला। उनका आखिरी शतक 2020 में बांग्लादेश के खिलाफ आया था।
कोहली ने पिछली 60 पारियों और 768 दिनों से इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक नहीं लगाया है। 2021 में विराट ने 11 टेस्ट मैचों में 28.21 की औसत से कुल 536 रन बनाए। वहीं, चेतेश्वर पुजारा ने पिछली 43 पारियों से शतक नहीं लगाया है।
दोनों टीमें-
IND: केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
SA: डीन एल्गर (कप्तान), एडेन मार्करम, कीगन पीटरसन, रैसी वान डेर डुसेन, तेम्बा बाउमा, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, मार्को जेन्सन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।
लॉडरहिल : कोरोना महामारी के खतरे के कारण अमेरिका और आयरलैंड के बीच यहां खेली जाने वाली दो मैचों की वनडे सीरीज रद्द कर दी गई है। अमेरिका क्रिकेट ने यह जानकारी दी कि कोरोना संक्रमण के खतरे के मद्देनजर क्रिकेट आयरलैंड के साथ विचार विमर्श के बाद अमेरिका और आयरलैंड पुरुष क्रिकेट टीम के बीच वनडे सीरीज को रद्द कर दिया गया है। अमेरिका क्रिकेट ने एक बयान में कहा, दोनों टीमों की मौजूदा प्लेइंग इलेवन (एकादश) के सभी खिलाड़ी रात को किए गए कोरोना टेस्ट में नेगेटिव आए हैं, जबकि आयरलैंड टीम के सपोर्ट स्टाफ के दो सदस्य पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा दो आयरिश खिलाडिय़ों की पहचान संक्रमित सदस्यों के 'करीबी संपर्कÓ के रूप में की गई है।
इस बीच आयरलैंड टीम, जिसे जनवरी 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और एक टी-20 मैच खेलना है, 31 दिसंबर को फ्लोरिडा से किंग्स्टन, जमैका के लिए रवाना होगी, हालांकि कोरोना पॉजिटिव पाए गए सपोर्ट स्टाफ के दो सदस्य अपनी चरंटीन अवधि पूरी होने तक फ्लोरिडा में ही रहेंगे। वहीं अमेरिकी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य जल्द से जल्द कोविड मैनेज्ड इवेंट एनवायरनमेंट को छोड़ देंगे और अपने-अपने घर प्रस्थान करेंगे।
उधर वनडे सीरीज की टिकट खरीदने वाले सभी टिकट धारकों को 7 से 10 कार्य दिवस के अंदर उसी तरीके से टिकट का रिफंड किया जाएगा जिसके माध्यम से उन्होंने टिकट खरीदे थे।
क्रिकबज के मुताबिक अमेरिका क्रिकेट ने शुरू में इस टूर्नामेंट के लिए लगभग 3,50,000 अमेरीकी डॉलर का बजट रखा था जो आईसीसी के फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (एफटीपी) से बाहर है। पैसों की तंगी वाले अमेरिकी बोर्ड ने एक रणनीतिक पहल के रूप में इस सीरीज को वास्तविकता में बदलने के लिए 2022 के अपने बजट में से काफी हद तक समाप्त कर दिया।
नई दिल्ली :टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सेंचुरियन टेस्ट में इतिहास रच डाला। भारत की ओर से सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट लेने के मामले में मोहम्मद शमी तीसरे तेज गेंदबाज बन गए हैं। शमी ने अपने 55वें टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि कपिल देव ने ऐसा 50वें टेस्ट जबकि जवागल श्रीनाथ ने 54वें टेस्ट मैच में किया था। शमी ने इस मुकाम तक पहुंचने का क्रेडिट अपने पिता और भाई को दिया है।
सेंचुरियन टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद शमी ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स के दौरान कहा कि वह जहां पहुंचे हैं, उसका सबसे ज्यादा क्रेडिट उनके पिता को जाता है। शमी ने कहा, मैं आज जहां भी हूं और जो भी हूं मुझे लगता है उसका सबसे ज्यादा क्रेडिट मेरे पिता को जाता है। क्योंकि मैं ऐसे क्षेत्र से हूं, जहां ज्यादा सुविधाएं नहीं थीं। पांच विकेट लेना काफी खास है, इसके लिए काफी कड़ी मेहनत की जरूरत होती है।
अपनी सफलता के लिए मैं अपने पिता और भाई को क्रेडिट देना चाहूंगा। मेरे पिता और मेरे भाई ने हमेशा मेरा साथ दिया। मैं जहां हूं वह सिर्फ उनकी वजह से हूं।
शमी ने सेंचुरियन टेस्ट के तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। भारत ने पहली पारी में 327 रन बनाए, जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम महज 197 रनों पर सिमट गई। शमी ने एडेन मार्करम, कीगन पीटरसन, टेम्बा बवुमा, वियान मुल्डर और कगीसो रबाडा का विकेट लिया। शमी ने इस मैच के दौरान अपने 200 टेस्ट विकेट भी पूरे कर लिए। यह छठा मौका था, जब शमी ने एक पारी में पांच विकेट झटके हैं।
लंदन : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान, प्रमुख कोच और चयनकर्ताओं के अध्यक्ष रह चुके रे इलिंगवर्थ का 89 वर्ष की आयु मंर निधन हो गया है। इलिंगवर्थ गले के कैंसर से ग्रस्त थे। ऑफ़ स्पिन गेंदबाज़ी करने वाले इलिंगवर्थ ने 32 वर्षों तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला। 1951 में 19 वर्ष के इलिंगवर्थ ने यॉर्कशायर के लिए पदार्पण किया था और कप्तान के रूप में अपने आखऱिी सीजऩ में उन्होंने 51 वर्ष की आयु में यॉर्कशायर को 1983 की संडे लीग का ख़िताब दिलाया।
1958 और 1973 के बीच उन्होंने 61 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया। वह जनवरी 1971 में क्रिकेट के पहले वनडे मैच का भी हिस्सा थे। भारत ने जब 1971 में पहली बार इंग्लैंड में टेस्ट मैच जीता था, तब इलिंगवर्थ इंग्लैंड के कप्तान थे। वह इंग्लैंड टीम के प्रमुख कोच और चयनकर्ताओं के अध्यक्ष पद पर भी रहे।
यॉर्कशायर काउंटी एंड क्रिकेट क्लब ने ट्विटर पर इलिंवर्थ को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, हम रे इलिंगवर्थ के निधन के समाचार से बहुत दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और पूरे यॉर्कशायर परिवार के साथ है जो उन्हें दिल से प्यार करते थे।
इलिंगवर्थ उन चुनिंदा खिलाडिय़ों में से थे जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन बनाने और 100 विकेट लेने का कारनामा किया हो। अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने कुल मिलाकर 24,134 रन बनाए। साथ ही उन्होंने 2072 विकेट भी झटके और 1966 और 1968 के बीच यॉर्कशायर को लगातार तीन साल चैंपियन बनाया।
पिछले महीने अपने अंतिम साक्षात्कार में इलिंगवर्थ ने कैंसर से पीडि़त होने का खुलासा किया था। जिस तरह से उन्होंने अपनी पत्नी शर्ली को इस बीमारी से लड़ते हुए देखा था, उसके बाद उन्होंने यूके में सहायता के साथ इच्छामृत्यु की प्रक्रिया को कानूनी मंज़ूरी देने की बात कही थी।
इलिंगवर्थ ने टेलेग्राफ़ को बताया था, मैं वह 12 महीने नहीं चाहता जो मेरी पत्नी ने गुज़ारे हैं। उन्हें दर्द सहते हुए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल के चक्कर लगाने पड़े। मुझे वह सब नहीं चाहिए, मैं शांति से मरना चाहता हूं। मैं सहायता से मरने में विश्वास करता हूं। मेरी पत्नी जिस तरह से लड़ रही थी, पिछले 12 महीनों में मेरे जीवन में कोई ख़ुशी नहीं थी और सच कहूं तो इस तरह से जीने का कोई अर्थ नहीं है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच आज से सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क स्टेडियम में शुरू हो रहा है। विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम इंडिया बॉक्सिंग-डे टेस्ट जीतकर सीरीज में बढ़त लेने के इरादे से उतरेगी ताकि वो साउथ अफ्रीका में इतिहास रचने की तरफ कदम बढ़ा सके। भारत ने इस बॉक्सिंग डे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
भारत की प्लेइंग इलेवन:
केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन:
डीन एल्गर (कप्तान), एडेन मार्करम, कीगन पीटरसन, रासी वैन डेर डुसेन, टेम्बा बवुमा, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, मार्को जेनसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला सेंचुरियन में खेला जाएगा. भारतीय टीम इसके लिए कई दिन पहले से प्रैक्टिस कर रही है. कोच राहुल द्रविड़ खिलाड़ियों को अहम टिप्स दे रहे हैं. पिछले 29 सालों से दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर भारतीय टीम टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है, ऐसे में इस बार टीम की नजरें इतिहास रचने पर होंगी. विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम इस सीरीज को यादगार बनाने की कोशिश करेगी. जान लेते हैं मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन कैसी हो सकती है.
मयंक और राहुल कर सकते हैं ओपनिंग
मयंक अग्रवाल और केएल राहुल भारतीय टीम की तरफ से ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं. पिछले दिनों रोहित शर्मा चोटिल होकर इस सीरीज से बाहर हो गए थे. इसके अलावा मिडिल ऑर्डर में चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली टीम को मजबूती देने का काम कर सकते हैं. दोनों ही खिलाड़ी काफी अनुभवी हैं और इससे टीम को फायदा होने की उम्मीद है.
इन खिलाड़ियों को लेकर असंजमस की स्थिति
भारतीय सीनियर खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे को अगले मैच में मौका मिलेगा या नहीं? फिलहाल यह टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ा सवाल बना हुआ है. रहाणे काफी सीनियर खिलाड़ी हैं और उन्होंने विदेशों में अच्छा किया है, ऐसे में उन्हें ड्राप करना आसान नहीं होगा. श्रेयस अय्यर और हनुमा विहारी भी इस लाइन में लगे हुए हैं. देखने वाली बात हो गई कि इन तीन खिलाड़ियों में से किसे मौका मिलेगा. दूसरी तरफ तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा पिछले कई मुकाबलों में लय में नजर नहीं आए, ऐसे में उन्हें टीम में जगह मिलना काफी मुश्किल लग रहा है. उनकी जगह मोहम्मद सिराज को मौका दिया जा सकता है.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
केएल राहुल (उप-कप्तान), मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे/श्रेयस अय्यर/हनुमान विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, आर अश्विन, जयंत यादव, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा/मोहम्मद सिराज.
दिग्गज ऑफ स्पिनर खिलाडी हरभजन सिंह ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि वे आईपीएल के किसी फ्रेंचाइजी के सपोर्ट स्टाफ या कोच बन सकते हैं। भज्जी मेगा ऑक्शन में भी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। गौरतलब है कि हरबजन 2016 से ही टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे।
हरबजन ने अपने सन्यास की जानकारी ट्विट्टर में दी है . उन्होंने अपने ट्वीट में अपने यूटयूब चैनल का विडियो भी डाला है . विडियो का शीर्षक है ...Retirement Announcement: 23 साल का खूबसूरत सफर... अब अलविदा
1998 में खेला था पहला टेस्ट
पंजाब से आने वाले हरभजन सिंह ने अपना पहला टेस्ट मैच 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2015 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। वहीं भज्जी ने अपना पहला वनडे मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 1998 में खेला था। उनका आखिरी वनडे मुकाबला 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ था।
भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेल चुके हैं भज्जी
भज्जी निकनेम से मशहूर हरभजन सिंह ने टीम इंडिया के लिए 103 टेस्ट मैच खेले हैं। उनके नाम 417 विकेट दर्ज है। वनडे में उन्होंने 236 मैचों में 269 विकेट लिए हैं। टी-20 में भज्जी ने भारत के लिए 28 मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने 25 विकेट झटके हैं।
2016 एशिया कप में अपना आखिरी मुकाबला खेला था
2016 में हरभजन ने यूएई के खिलाफ एशिया कप में अपना आखिरी टी-20 मैच खेला था। यही उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच भी था। IPL में हरभजन के नाम 163 मैच में 150 विकेट दर्ज है। वे मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके हैं।
41 साल के हरभजन इस IPL सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे। हालांकि IPL 2021 के दूसरे फेज में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
दक्षिण अफ्रीका में रविवार से तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला शुरू होने जा रही है। पहला टेस्ट सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेला जाएगा। दूसरा और तीसरा टेस्ट क्रमशः जोहानिसबर्ग और केपटाउन में खेले जाएंगे। उसके बाद तीन मैचों की एक दिवसीय श्रृंखला होगी। भारतीय टीम भी इसका हिस्सा होगी। इस मैच और भारतीय टीम को लेकर पूर्व कोच रवि शास्त्री ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से अपनी राय व्यक्त की है। बता दे कि शास्त्री का कार्यकाल हाल में टी20 विश्व कप के साथ समाप्त हो गया था।
शास्त्री का कहना है कि भारतीय टीम टेस्ट मैचों की श्रृंखला में जीत दर्ज करने का माद्दा रखती है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा भारतीय टीम का समर्थन जारी रखेंगे। भारतीय टीम के पास अपनी काबिलियत साबित करने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता था।
विराट कोहली बेहतरीन कप्तान हैं और उनके पास एक प्रतिभाशाली टीम है। उन्होंने कहा, दक्षिण अफ्रीका में हम अभी तक श्रृंखला नहीं जीत पाये हैं। यह याद रखना जरूरी है कि दक्षिण अफ्रीका को उसकी धरती पर हराना आसान नहीं है लेकिन हमारे पास पर्याप्त संसाधन हैं। हमेशा की तरह भारतीय टीम को मेरा पूरा समर्थन रहेगा।
भारत ने 1992 में डरबन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था जबकि हाल में शास्त्री की जगह मुख्य कोच का पद संभालने वाले राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में टीम ने 2006 में वहां अपना पहला टेस्ट जीता था।
दुबई : भारतीय कप्तान विराट कोहली आईसीसी की नवीनतम विश्व रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में एक पायदान के नुकसान से सातवें स्थान पर खिसक गये जबकि आस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन एशेज श्रृंखला में शानदार फॉर्म की बदौलत इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को हटाकर दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गये। भारत के रोहित शर्मा पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। गेंदबाजों में रविचंद्रन अश्विन अब भी आस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के बाद दूसरे स्थान पर कायम हैं।
कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में खेले थे, वह पहले छठे स्थान पर थे लेकिन अब 756 अंक से सातवें स्थान पर काबिज हैं। लाबुशेन एशेज श्रृंखला में अभी तक खेले गये दो मैचों में शानदार प्रदर्शन के बूते पहली बार बल्लेबाजों की आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे हैं। करियर के सर्वश्रेष्ठ 912 रेटिंग अंक से वह रूट (897 अंक) को दूसरे स्थान पर खिसकाने में सफल रहे।
श्रृंखला से पहले वह चौथे स्थान पर थे लेकिन ब्रिसबेन में पहले एशेज टेस्ट में आस्ट्रेलिया की जीत में 74 रन बनाने के बाद वह दो पायदान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गये थे। लेकिन एडीलेड में उन्होंने एक शतक और अर्धशतक (103 और 51 रन) जड़ा जिससे आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 275 रन से हराकर एशेज श्रृंखला में 2-0 से बढ़त बनायी। उनके साथी मिशेल स्टार्क दूसरे टेस्ट में 80 रन देकर छह विकेट (पहली पारी में चार विकेट) चटकाने के प्रदर्शन से टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाने में सफल रहे। वह नौंवे स्थान पर पहुंच गये हैं।
भोपाल : देश के शीर्ष क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी राष्ट्रीय बिलियर्ड्स खिताब का बचाव करते हुए ध्रुव सितवाला को नौ गेम के फाइनल में 5-2 से हराकर 11वीं बार चैम्पियन बनें। सितवाला के 64 और 42 के स्कोर के बाद आडवाणी ने 56 और 46 के स्कोर के साथ शुरुआती दो गेम के बाद स्कोर 1-1 कर दिया।
सितवाला ने तीसरे गेम में 84 के स्कोर के साथ एक बार भी बढ़त कायम कर ली। वह चौथे गेम को 101 के स्कोर के साथ अपने नाम करने के करीब पहुंच गये थे लेकिन एक चूक ने आडवाणी को वापसी का मौका दिया जिन्होंने 127 का ब्रेक बनाया। शुरुआती चार गेम के बाद स्कोर 2-2 की बराबरी पर था। आडवाणी ने इसके बाद लगातार दो गेम में 150 के एक समान के स्कोर के साथ अपनी बढ़त 4-2 कर ली।
सितवाला ने हालांकि हार नहीं मानी और कौशल तथा धैर्य का शानदार प्रदर्शन करते हुए 134 का स्कोर किया। वह हालांकि इसके बाद लय जारी नहीं रख सके और आडवाणी को वापसी का मौका मिल गया। आडवाणी ने 148 के ब्रेक के साथ यह गेम और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 26 दिसंबर से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। चोटिल रोहित शर्मा के टेस्ट सीरीज से बाहर होने के बाद अनुभवी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को टेस्ट टीम का नया उपकप्तान बनाया गया है।
केएल राहुल मौजूदा समय में बहुत ही शानदार फॉर्म में हैं। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में राहुल ने अपनी उपयोगिता साबित की है। इंग्लैंड दौरे से उनको टेस्ट टीम में वापसी का मौका मिला था और उन्होंने 8 पारियों में 39.38 की औसत के साथ कुल 315 रन बनाए थे।
साउथ अफ्रीका दौरे के लिए रोहित शर्मा को अजिंक्य रहाणे की जगह टेस्ट टीम का नया उपकप्तान घोषित किया गया था, लेकिन दौरे पर रवाना होने से पहले रोहित को ट्रेंगिन सेशन के दौरान बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए। रोहित के स्थान पर प्रियांक पांचाल को टीम का हिस्सा बनाया गया है।
कोरबा : जिले के ताइक्वांडो खिलाडिय़ों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन राष्ट्रीय व चार राज्य स्तरीय रेफरियों ने किया। 85 में 55 सब जूनियर कैडेट , जूनियर व सीनियर खिलाडिय़ों का चयन किया गया जो राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। 26 से 29 दिसंबर को बिलासपुर जिले में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राज्य के सभी जिलों से लगभग 500 खिलाड़ी भाग लेंगे। कोरबा जिले से चयनित खिलाडिय़ों का 10 दिवसीय कैंप रखा गया है।
चयनित खिलाडिय़ों में, बालक वर्ग में विवान अग्रवाल, जयेश उपाध्याय समर्थ अग्रवाल अथर्व देशमुख का नाम शामिल है। कैडेट रेंज में यश कुमार प्रजापति यशोदा शर्मा वेदांत अग्रवाल, वी निलय, अनिकेत सिंह राघव अग्रवाल काव्य अग्रवाल, तरनजीत सिंह रतनपाल, जूनियर बाल्को में यशराज खरे आशादीप सिंह भाटिया तथा प्रज्वल कुमार देवांगन .
बालिका वर्ग में सब जूनियर तिविशा जैन सानवी पुरी वी शंभवी, श्रेयसी मंडल व इशिका देवांगन, कैडेट वर्ग में पहल अग्रवाल, लावण्या जैन, त्रिशिका पूरी मनस्वी मंडल, जूनियर वर्ग में तृप्ति कुर्रे तथा सीनियर वर्ग में स्नेहा बंजारे को चयनित किया गया।
प्रतिभागियों का चयन जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सियाराम बंजारे, सचिव शत्रुघ्न ताती, सह सचिव अविनाश बंजारे, दुर्गेश साहू, राष्ट्रीय रेफरी स्नेहा बंजारे, राज्य स्तरीय रेफरी कविता साहू, चंद्रकांत साहू, प्रेम राज बंजारे, बृजेश आनंद बाजपेई व अन्य सदस्यों द्वारा किया गया। जिला ताइक्वांडो संघ के संरक्षक रिशु अग्रवाल द्वारा खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर खेल प्रदर्शन करने का आव्हान किया।
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट में इस वक्त बवाल मचा हुआ है। जब से विराट कोहली को बीसीसीआई ने कप्तानी से हटाया है तभी से लगातार नई विवादित बातें सामने आ रही है। बुधवार को विराट ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उसमें उन्होंने कहा कि वो तो कभी वनडे कप्तानी छोड़ना ही नहीं चाहते थे। इसके अलावा वो टी20 कप्तानी पर भी बड़े बयान देकर गए, जिसके बाद अब बीसीसीआई चीफ सौरव गांगुली ने चौंकाने वाला रिएक्शन दिया है।
हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में विराट ने बीसीसीआई को लेकर कई बातों का खुलासा किया। जहां उन्होंने बीसीसीआई चीफ सौरव गांगुली की भी इस बात को गलत ठहरा दिया कि गांगुली ने उनसे टी20 कप्तानी छोड़ने को मना किया था। तभी से लगातार लोग इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि गांगुली कोहली को क्या जवाब देंगे।
विराट की बात पर गांगुली की प्रतिक्रिया
अब विराट द्वारा कही गई बात का गांगुली ने पहला रिएक्शन दिया है। गांगुली से इस सवाल का जवाब मांगे जाने पर उन्होंने कहा `नो कमेंट्स`। यानी की वो इस बात पर कोई जवाब नहीं देना चाहते। इसके अलावा गांगुली ने ये भी कहा कि बीसीसीआई इस मामले को देखेगा।
इसके अलावा विराट ने ये भी बयान दिया था कि वनडे टीम की कप्तानी से हटाए जाने के बारे में उन्हें बीसीसीआई ने सिर्फ 1.5 घंटे पहले ही बताया था, लेकिन बीसीसीआई ने इस बात का भी जवाब दिया था कि जब विराट को बीसीसीआई ने कप्तानी से हटाया गया तो चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने उन्हें पहले ही खुद फोन कर सारी जानकारी दी थी। विराट और बीसीसीआई का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने आगे कहा, `रोहित शर्मा बहुत अच्छे कप्तान हैं।
रोहित शर्मा की रणनीति काफी बेहतरीन होती हैं और हमने आईपीएल में और भारत के लिए ऐसा देखा है. रोहित शर्मा चोटिल होने के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। इस पर टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने कहा, `साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान रोहित शर्मा की कमी खलेगी। हम उनको काफी मिस करेंगे।`
नई दिल्ली : विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया ने गुरुवार की सुबह मुंबई से जोहान्सबर्ग के लिए उड़ान भरी। बीसीसीआई के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से खिलाड़ियों की तस्वीरें शेयर कर इस बात की जानकारी दी गई। तस्वीरों में सभी खिलाड़ी काफी खुश नजर आ रहे हैं।
विराट के नेतृत्व में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका में आठवीं सीरीज खेलेगी और यहां जीत के सूखे को खत्म करना चाहेगी। विराट ने भी दौरे पर रवाना होने से पहले हुंकार भरी है और कहा है कि हम इस बार कुछ विशेष करके लौटेंगे।
दक्षिण अफ्रीका में कोविड-19 के ओमिक्रॉन वेरिएंट के खतरे के बीच भारतीय टीम वहां कड़े क्वारंटीन नियमों और पाबंदियों से गुजरेगी। रिपोर्ट्स के अनुसार टीम सिर्फ एक दिन पृथकवास में गुजार सकती है। इस दौरा सभी तीन बार जांच होगी और इसके बाद ही खिलाड़ी और स्टाफ बायो सिक्योर वातावरण में जाएंगे।
गौरतलब है कि भारतीय टीम 26 दिसंबर से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। यहां सेंचूरियन में दोनों टीमों के बीच पहला मैच खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और तीसरा टेस्ट क्रमशः जोहान्सबर्ग और केप टाउन में तीन से 11 जनवरी के बीच खेला जायेगा।
दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर रवाना होने से पहले कप्तान विराट कोहली ने कहा, `दक्षिण अफ्रीका ऐसी जगह है जहां हमने अभी तक एक भी सीरीज नहीं जीती है। इसलिए हम ऐसा करने के लिए प्रेरणा से भरे हुए हैं।
हमारी मानसिकता हमेशा यही है कि हम जिस भी देश में खेलने जाएं, वहां जाकर सीरीज जीतें। हम अब एक टेस्ट यहां और एक टेस्ट वहां जीतने के बारे में नहीं सोचते। हम बतौर टीम अपना सर्वश्रेष्ठ करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि हम इसमें योगदान करना जारी रखें।
मुंबई : भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को स्पष्ट किया कि वह दक्षिण अफ्रीका में आगामी एक दिवसीय श्रृंखला में भाग लेंगे। उनके इस ऐलान से उनकी उपलब्धता और सीमित ओवरों की टीम के नवनियुक्त कप्तान रोहित शर्मा के साथ उनके समीकरणों को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया।
कोहली ने दक्षिण अफ्रीकी दौरे से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं चयन के लिये उपलब्ध था और मैं हमेशा चयन के लिए उपलब्ध हूं। मैंने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) से विश्राम के लिये कभी संपर्क नहीं किया। मैं दक्षिण अफ्रीका में एक दिवसीय श्रृंखला के लिए उपलब्ध हूं और पहले भी उपलब्ध था।’’
बता दे कि पिछले दो दिन से अटकलें लगायी जा रही थी कि कोहली और रोहित के बीच सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। रोहित मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टेस्ट श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे।कोहली ने संयुक्त अरब अमीरात में टी2 0 विश्व कप शुरू होने से पहले घोषणा की थी कि वह इस टूर्नामेंट के बाद भारत की टी 20 टीम की कप्तानी छोड़ देंगे। भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 26 दिसंबर से तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगा जिसके बाद तीन वनडे मैच खेले जाएंगे।
नई दिल्ली : महिलाओं की अंडर-19 सैफ फुटबॉल चैम्पियनशिप में भारत ने श्रीलंका को 5-0 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत की। ढाका में भारत की नीतू लिंडा ने दो गोल किए। संतोष, कारेन स्ट्रो सिओ और प्रियंका देवी ने एक-एक गोल दागे।
भारत ने शुरू से ही मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और दूसरे मिनट में ही संतोष के गोल की बदौलत बढ़त बना ली। नीतू लिंडा ने नौवें और 41वें मिनट में दो गोल किए, बाद में प्रियंका देवी ने 82वें मिनट में गोल दागकर भारत को 5-0 की जीत दिला दी।
राउंड रोबिन आधार पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में दो शीर्ष टीमें 22 दिसम्बंर को फाइनल मैच खेलेंगी। सैफ अंडर-19 महिला चैम्पियनशिप का यह दूसरा संस्करण है। पहली प्रतियोगिता 2019 में भूटान में हुई थी और बंगलादेश इसमें विजेता रहा था। भारत तीसरें स्थाैन पर रहा था।
धमतरी : जिले के युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इसी कड़ी में 13 और 14 दिसम्बर को विकासखण्ड स्तरीय और 15 एवं 16 दिसम्बर को जिला स्तर पर युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सभी विकासखण्ड स्तरीय आयोजन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को अध्यक्ष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को नोडल और विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
युवा उत्सव दो आयु वर्ग 15 से 40 और 40 से अधिक आयु वर्ग में होगा। इसमें 18 सांस्कृतिक विधाएं लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी, शास्त्रीय गायन (हिन्दुस्तानी/कर्नाटक), शासकीय वादन(सितार, बांसुरी, तबला, वीणा, मृदंगम, हारमोनियम), गिटार, मणीपुरी, ओड़ीसी, भरतनाट्यम, कत्थक, कुचीपुड़ी, वक्तृत्व कला शामिल की गई हैं। इसके अलावा सुआ, पंथी, कर्मा, बस्तरिहा, सरगुजिहा नृत्य, गेड़ी, राउत, डंडा नाचा, पारम्परिक वेशभूषा, चित्रकला, वाद-विवाद, क्विज, निबंध प्रतियोगिताओं के साथ ही ग्रामीण खेल खो-खो, कबड्डी का भी आयोजन होगा।
धमतरी विकासखण्ड में स्थानीय सेंट मेरी स्कूल में 13 दिसम्बर को दोपहर एक बजे से ’कोरोना काल का युवा शक्ति पर प्रभाव’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता, ’इस सदन की राय में युवा शक्ति ही देश को महान बनाती है’ विषय पर वाद-विवाद और छत्तीसगढ़ी के लोक संस्कृति के चित्रण के आधार पर क्विज, चित्रकला और तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी दिन सुबह नौ बजे से आमातालाभ स्थित इंडोर स्टेडियम में लोकनृत्य, वेशभूषा, गिटार, भरतनाट्यम, हारमोनियम, शास्त्रीय गायन, तबला, कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
साथ ही 14 दिसम्बर सुबह नौ बजे से को खो-खो, गेडी, भौंरा, फुगड़ी इत्यादि खेलों का आयोजन स्थानीय आमातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। इसी तरह जिला स्तरीय कार्यक्रम 15 एवं 16 दिसम्बर को आमातालाब स्थित सरस्वती शिशु मंदिर और इंडोर स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
रायपुर : अखिल भारतीय रेलवे बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता आईसीएफ़ चेन्नई में 15 से 17 दिसंबर को आयोजित होने जा रही है। इस प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विश्व स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वर्तमान विश्व विजेता टी रामा कृष्णा, मोहन सुब्रमण्यम आकाश दास, अंकित, संतोष करोसिया हिस्सा लेंगे वहीं इस बार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विनय पांडे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बॉडीबिल्डिंग टीम के प्रशिक्षक एवं रामनारायण टीम मैनेजर बनकर इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विनय पांडे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बॉडीबिल्डिंग टीम के प्रशिक्षक, रायपुर रेल मंडल में पदस्थ है एवं रामनारायण टीम मैनेजर वैगन रिपेयर शॉप(डब्ल्यू आर एस) रायपुर में पदस्थ है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ ने इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टीम को अग्रिम बधाई दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को विश्वास है कि इस अखिल भारतीय रेलवे बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीम अपना अच्छा प्रदर्शन कर अधिक से अधिक पदक प्राप्त करेगी।
नई दिल्ली : साइबर ठगी की चपेट में केवल आम जनता ही नही बड़े - बड़े लोग भी फंस जाते है . हाल ही के मामले में ठगों ने क्रिकेट जगत से सामने आया है। ठग ने एक झटके में ही दिग्गज क्रिकेटर से लाखों रुपयों की चपत लगा दी है।
पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी विनोद कांबली को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया है। ठग ने उसके खाते से 1 लाख रुपए उड़ा लिए। ठगी का शिकार हुए विनोद कांबली ने बांद्रा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि एक शख्स ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कांबली को फोन किया और उन्हें एक ‘लिंक’ भेजा। कांबली ने उस लिंक को खोलते ही कुछ देर बाद उनके खाते से एक लाख रुपये निकल गए। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




