रायपुर। राज्य शासन ने पिछले दिनों प्रदेश के विभिन्न जिलों में असमायिक वर्षा तथा ओला वृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर किसानों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जिलों के कलेक्टरों को दिए गए थे। कलेक्टरों को राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के अंतर्गत शीघ्र आर्थिक अनुदान सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए थे। अत: यदि किसी किसान को आर्थिक सहायता अब तक उपलब्ध नहीं हो पायी है तो शीघ्र ही उन्हें सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश राजस्व विभाग द्वारा दिए गए है। राजस्व विभाग की सचिव सु रीता शांडिल्य ने पत्र लिखकर कलेक्टरों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए है।
कोरबा। सीएसईबी चौकी पंप हाऊस निवासी एक महिला ने पति व सास के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पंप हाऊस निवासी किरन महंत का विवाद सास शीला बाई से हो गया। इसके बाद सास ने बहू से मारपीट की। किरन के पति पूरन दास ने भी मारपीट में सहयोग किया। किरन महंत ने बिना टिफिन के बच्चों को स्कूल जाने की बात कहने पर विवाद होना बताया है। मामले में पुलिस ने मारपीट के आरोपी मां-बेटे के विरूद्ध धारा 294, 323, 506, 34 के तहत कार्रवाई की है।
रायपुर। आयकर विभाग द्वारा पिछले चार दिनों से छत्तीसगढ़ में की गई छापेमार कार्यवाही का कुहासा अब छटने लगा है। कार्यवाही पूर्ण होने के बावजूद आयकर विभाग द्वारा इस संबंध में खुलासा नहीं करना यह बताता है यह पूरी कार्यवाही खोदा पहाड़ और निकली चुहिया जैसा ही साबित हुआ है। यह पूरा अभियान सुपर फ्लॉप रहा है। विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि इस पूरी कार्यवाही में बमुश्किल से तीन करोड़ रूपए ही बरामद हुए हैं जिसमें से बड़ी राशि भारतीय जनता पार्टी के एक चहेते सक्रिय कार्यकर्ता के यहां से प्राप्त हुई है।
रायपुर| राजधानी रायपुर से एक खबर सामने आ रही है जहां एक छात्रा ने परीक्षा से पहले फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली| ऐसे भी कई मामले पहले भी सामने आ चुके है जिसमे कोई छात्रा या छात्र परीक्षा या फ़ैल होने के नाम पर आत्महत्या कर लेते है इसी कड़ी में एक खबर रायपुर के शांति नगर से सामने आई है जहां पेपर शुरू होने से पहले ही 12वीं की एक छात्रा ने देर रात अपने कमरे में फांसी लगा ली। बताया गया कि छात्रा 12 वीं कक्षा में पढ़ रही थी और सोमवार को उसका पहला पेपर था। आपको बता दे की छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हाे गई हैं। 12वीं की परीक्षा के लिए सोमवार को पहले पेपर हिंदी का हुआ।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर रायकोट के पास ग्रामीणों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 05 ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई है, वहीं 25 से अधिक घायल हुए हैं।
धान खरीदी हेतु पंजीकृत किसानों का रकबा में कटौती करने के मुद्दे पर घिरे राजस्व मंत्री, पढ़ें पूरी खबर
रायपुर | विधानसभा में आज विपक्षी दलों ने राज्य सरकार द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहे धान के रकबा में कटौती किए जाने का मामला जोरशोर से हुए राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को घेरा। विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत ने इस मामले में विपक्षी सदस्यों की चिंता को देखते हुए राजस्व मंत्री को इस मामले में पुन: परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को विपक्षी दलों ने केन्द्रीय आयकर विभाग की टीम द्वारा प्रदेश में चल रही छापेमार कार्यवाही पर राज्य सरकार द्वारा बाधा पहुंचाने के मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव लाकर इस पर चर्चा कराने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य कर दिया, जिसके बाद इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसे देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।
सुकमा। जिले के करनपुर ट्रेनिंग कैम्प में तैनात सीआरपीएफ का एक जवान छेड़ी उर्फ इसरार यहां एक ट्रेनिंग के दौरान अपनी दौड़ पूरी होने के तुरंत बाद हार्ट अटैक के कारण कल रविवार को उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रायपुर। नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रूपए की ठगी किये जाने की रिपोर्ट थाने में दर्ज की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में सहायक विस्तार अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर 4 लाख 20 हजार रुपए की ठगी की गई है। कृष्णानगर निवासी नरेन्द्र देवांगन ने साल 2017-18 में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में सहायक विस्तार अधिकारी के पद पर परीक्षा में शामिल हुआ था। चयन कराने के नाम पर उसके ही परिचित खमतराई निवासी बी. ईश्वर राव ने विभाग में रसूख होने का हवाला देकर नाम चयन सूची में डलवाने का भरोसा हासिल कर लाखों रूपए ले लिए जिसके बाद चयन सूची में नाम नहीं आने पर पीडि़त ने पद के लिए दी रकम के वापसी की मांग की। जिसे लौटाने से आरोपी ने इंकार कर दिया है। जिसके कारण पीडि़त ने रायपुर एसएसपी आरिफ शेख के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जांच में शिकायत सही पाये जाने पर गंज थाने में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी बी ईश्वर राव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बालोद। जिले के डौंडी में तेज रफ्तार पिकअप की ठोकर से स्कूटी सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महासमुंद। जमीन बेचने व रजिस्ट्री कराने के नाम पर करीब 13 लाख की धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। रिपोर्ट पर तुमगांव पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में 4 लोगों के खिलाफ चारसौबीसी का मामला दर्ज किया है।
कांकेर। जिले के ग्राम पटौद के पास आमने-सामने दो बाईकों में भिड़त होने से 06 युवक घायल हुए थे जिनको बेहतर ईलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में दो की उपचार के दौरान मौत हो गई है, वहीं 03 को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रिफर किया गया है, और 01 अन्य की स्थिती गंभीर है। घटनास्थल पर दो एंबुलेंस पहुंंची थी जिनकी मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महासमुंद। एक दिन पहले तेंदूकोना में ज्वेलर्स दुकान में हुई कथित चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। चोरी का अरोपी व्यापारी ही निकला। व्यापारी के निशानदेही पर पुलिस ने दुर्ग से कथित चोरी का माल बरामद कर लिया है। अब पुलिस व्यापारी के खिलाफ ही झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का मामला दर्ज करने की तैयारी में है।
भिलाई। मुख्यमंत्री सचिवालय की उपसचिव सौम्या चौरसिया के भिलाई स्थित सूर्या रेसीडेंसी में स्थित आवास को सील करने के बाद आज केन्द्रीय आयकर विभाग की टीम फिर से सौम्या चौरसिया के घर पहुंचे हैं। बताया जाता है कि सौम्या चौरसिया व उसके पति ने स्वयं से आईटी अफसरों को फोन किया तथा जांच के लिए घर आने कहा। इसके बाद आयकर विभाग की टीम के चार अफसर बंगले में पहुंचे हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड की परीक्षा आज से प्रारंभ हो गई है। बोर्ड ने परीक्षा में नकल रोकने के लिए उडऩदस्तों का भी गठन किया है। परीक्षार्थियों को तनाव से मुक्त रखने के उद्देश्य से पहला पर्चा विशिष्ट हिन्दी अथवा चयनित भाषा का है।
कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा ने बड़ी सर्जरी करते हुए 10 निरीक्षकों की पदस्थापना में फेरबदल किया है। पाली में एक ही रात हुई तीन चोरी और उठाईगिरी की घटना के बाद थाना प्रभारी राजेश कुमार पटेल को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। उरगा, करतला, पसान, दर्री व दीपका थाना के प्रभारी बदल दिए गए हैं। पुलिस के कामकाज में कसावट के साथ अपराध में अंकुश लगाने यह कवायद की गई है।
कोरबा। नगर निगम संपत्ति कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चला रहा है। बकायादारों के नाम उजागर करने के बाद भी सकारात्मक पहल नहीं होने पर निगम ने 15 बकायादारों के खिलाफ कुर्की नोटिस जारी किया है। इन बकायादारों से 35 लाख रुपये निगम को टैक्स के रूप में लेना है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ी कलेवा तिहार 2020 के शुभारंभ अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा व नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेवा तिहार के प्रेरक व मार्गदर्शक महामंडलेश्वर राजेश्री डॉ.रामसुंदर दास जी करेंगे। नगर के सुंदर जोगी, अनेक पार्षद सहित गणमान्य जन उद्र्रघाटन के अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
रायपुर। मुख्यमंत्री की डिप्टी सेक्रेटरी सौम्या चौरसिया रविवार शाम को अपने भिलाई स्थित निवास पहुंच गई है। उन्होंने सबसे पहले अपने घर पर आईटी द्वारा चस्पा किए नोटिस को अवलोकन किया तथा मीडिया से भी चर्चा की।
ज्ञात हो कि दो दिनों तक सौम्या चौरसिया का इंतजार करने के बाद आयकर विभाग की टीम ने उनके घर को सील कर दिया था। रविवार को सबसे पहले सौम्या के पति सौरभ मोदी अपने घर पहुंचे थे। इसके बाद शाम लगभग सात बजे सौम्या चौरसिया घर पहुंची। घर पहुंचते ही उन्होंने घर पर आयकार विभाग द्वारा चस्पा किये गए नोटिस का अवलोकन किया तथा मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि आगे की कार्रवाई कानूनी सलाह लेने के बाद की जाएगी। जानकारी मिली है कि आयकर विभाग की टीम को सौम्या के घर पहुंचने की सूचना मिल गई तथा सोमवार सुबह आठ बजे आयकर विभाग की टीम सौम्या के घर पहंंचेगी तथा सौम्या की उपस्थिती के अपनी जांच पड़ताल शुरू करेगी। इधर घर सील बंद होने के चलते सौम्या करीब में ही रहने वाले अपने रिश्तेदारों की घर पर रात को रूकेंगी इसके बाद सुबह आयकर विभाग की टीम के पहुंचने पर घर खोला जाएगा।
रायपुर, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष श्री आकाश शर्मा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया दरअसल छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार होने के कारण हाली में सारे नगर निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत दर्ज की जिसको देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर छत्तीसगढ़ सरकार की छवि को खराब करने के लिए लगातार बेबुनियाद तरीकों से बिना कोई ठोस सबूत के पिछले 3 दिनों से हिटलर मोदी सरकार के आदेश पर आईटी के अफसरों द्वारा छापेमारी की जा रही है।राज्य सरकार को बिना जानकारी दिए परामिलिट्री फ़ोर्स प्रदेश में दहशत का मोहोल बनाया जा रहा है। जिसको देखते हुए आज एनएसयूआई ने पूरे प्रदेश में मोदी-साह का पुतला दहन किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री आकाश शर्मा के नेतृत्व में रायपुर के बूढा पारा धरना स्थल में उग्र प्रदर्शन किया गया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया और साथ ही साथ सारे कार्यकर्ताओं द्वारा नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।।
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मे निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बहुत बड़ी सफलता मिली है और प्रदेश में आम जनता बहुत ज्यादा खुश है भूपेश बघेल जी के सरकार से यही बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रास नहीं आ रही है इसी को देखते हुए वे गलत तरीकों से आयकर के छापे प्रदेश में करवा रहे हैं और इसका हम पूरे तरीके से विरोध करते हैं
इस कार्यक्रम में मुख्य तौर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री आकाश शर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष भावेश शुक्ला रायपुर जिला अध्य्क्ष अमित शर्मा, प्रदेश सचिव हनी बग्गा,रायपुर कार्यकारी अध्य्क्ष कृष्णा सोनकर , युवा नेता करण शर्मा, प्रदेश सह-सचिव जयेश तिवारी,जिला महासचिव संकल्प मिश्रा शुभम पांडे, महिताब,अभिनव शर्मा,भूपेन्द्र साहू, विशाल दुबे,मनीष पटेल,अभिषेक साहूसहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थिति थे।
बिलासपुर, गुरुघासीदास केंद्रीय विवि के प्रावीण्य सूची में स्थान पाकर गोल्ड मैडल पाने वाली एक छात्रा रविवार को विवि में आयोजित दीक्षांत समारोह के रिहर्सल से लौटते वक्त गायब हो गई है, परिजनों ने सिविल लाइन थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है, और अपहरण की आशंका जताई है। बताया जा रहा है, कि छात्रा का लास्ट लोकेशन व्यापार विहार है। बहरहाल पुलिस उसके परिचितों से पूछताछ कर उसकी तलाश में जुटी है।
गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के 8 वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज शहर में हैं, और कल गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले छात्रों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। इसी पूरे कार्यक्रम के लिए रविवार को गुरु घासीदास विश्वविद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम का रिहर्सल किया गया, जिसमें लॉ की भूतपूर्व छात्रा रामेश्वरी राव मराठा ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम रिहर्सल के बाद शाम 4 बजे रामेश्वरी ने परिजनों को अपने घर वापस लौटने की सूचना देते हुए बताया, कि वह अभी नेहरू चौक में ही और जल्द ही घर पहुंच जाएगी, लेकिन जब वह शाम 5:30 बजे तक घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने चिंतित होकर उसे दोबारा फोन लगाया, लेकिन बात होने के पूर्व ही फोन को काट दिया गया। परिजनों ने आशंका जताई है, कि हो सकता है, किसी दूसरे व्यक्ति के द्वारा उस फोन को डिस्कनेक्ट किया हो, और अपहरण की चिंता जताते हुए छात्रा के परिजनों ने सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रारंभिक सूचना के आधार पर अपनी जांच शुरू कर दी है, और गुमशुदा छात्रा को जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास जारी है। वहीं दूसरी ओर छात्रा के भाई ने ट्वीट कर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सहित तमाम आला अधिकारियों से अपनी बहन को जल्द से जल्द ढूंढ कर लाने की गुजारिश की है।
बताया जा रहा है, कि लापता छात्रा ने अपने परिजनों से बात की, फिर अपनी एक सहेली से कहा, कि वह बहुत डिप्रेशन में है, और अपने घर न जाकर कहीं और जाएगी। छात्रा का लास्ट लोकेशन व्यापार विहार में मिला है, पुलिस उसकी सहेली से पूछताछ कर उसकी तलाश कर रही है।
रायपुर, सब्जी खरीदने गये युवक के जेब से मोबाइल फोन निकालकर बाइक सवार फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट अभनपुर थाने में दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिकरीडीह गोबरानवापारा निवासी कोमल साहू 30 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज करायी है कि शनिवार को अभनपुर शनिचरी बाजार में सब्जी खरीदने गया हुआ था इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 05 एक्स 4256 के चालक ने प्रार्थी की जेब से एक नग ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन कीमत 6 हजार 5 सौ रुपये को निकालकर फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने पल्सर चालक के खिलाफ बाइक नंबर के आधार पर धारा 379 के तहत अपराध कायम कर मामला दर्ज कर लिया है।























