रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 6 प्रतिशत की वृद्धि की है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।राज्य शासन के इस फैसले के बाद सरकारी कर्मचारियों को 22 की जगह अब 28 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। बता दें कि बढ़े हुए महंगाई भत्ते का 1 अगस्त 2022 से नगद भुगतान किया जाएगा।
गरियाबंद: छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिसके चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं गरियाबंद जिले में मूसलाधार बारिश से सिकासेर बांध का भी जलस्तर काफी बढ़ गया है।
सिकासेर बांध के बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिले में मूसलाधार बारिश से सिकासेर बांध के 10 गेट खोल दिए गए है। बांध से 16000 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा हैं। इसके साथ ही पैरी नदी का भी जलस्तर बढ़ा है। वहीं प्रशासन ने किनारे बंसे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है।
रायपुर: राजधानी रायपुर पुलिस के द्वारा जिले के नागरिकों को साइबर स्मार्ट बनाने एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आजादी के 75वीं वर्षगांठ के दिन शुरू हुए इस अभियान का संचालन एक सप्ताह तक किया जाएगा। इस अभियान के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर पुलिस को बधाई एवं शुभकामनायें संदेष प्रेषित किया है।
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा है कि इंटरनेट ने वर्तमान में काफी चीजों को आसान बना दिया है लेकिन साथ में ये बहुत सी परेशानियां भी लेकर आया है। गृहमंत्री ने कहा है कि इंटरनेट पर साइबर अपराधियों के झांसे से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता ही सर्वोत्तम उपाय है। वे आज यहां यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सुनो रायपुर नाम के जागरूकता अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।
गौरतलब है कि साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने और साइबर अपराध मे कमी लाने के लिए रायपुर पुलिस 15 अगस्त से लेकर 21 अगस्त तक साइबर जागरूकता सप्ताह मना रही है। कार्यक्रम में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय सहित गृह विभाग के एडीजी योजना एवं प्रबंध प्रदीप गुप्ता, रायपुर रेंज के आईजी पुलिस बद्रीनारायण मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कार्यक्रम में आगे कहा कि जो भी व्यक्ति जागरूक है उसे दूसरे लोगों को भी जागरूक करने का प्रयास करना चाहिए ताकि साइबर अपराध पर पूरी तरह से अंकुश लग सके। गृहमंत्री ने कहा है कि आम जनता की जागरूकता से ही पुलिस को भी मदद मिलेगी और साइबर अपराध पर लगाम लग सकेगी। इस मौके पर रायपुर पुलिस के द्वारा साइबर अपराध के संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए तैयार की गई बुकलेट और सीडी का गृहमंत्री साहू ने विमोचन किया।
रायपुर पुलिस 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुनो रायपुर के नाम से साइबर जागरूकता सप्ताह मना रही है। इसका मुख्य उद्देश्य शहरी और ग्रामीण इलाके के नाबालिग, युवा एवं बुजुर्गों समेत हर वर्ग के लोगों को जागरूक करना है। इस अभियान में वीडियो, शार्ट फिल्म्स के जरिए लोगों को साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। एसएमएस और इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के जरिए लाटरी के प्रलोभन और पुरस्कार राशि जैसी आनलाइन धोखाधड़ी और अन्य आनलाइन अपराधों के बारे में भी रायपुर पुलिस लोगों को सतर्क करेगी।
रायपुर पुलिस लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए 400 वालंटियर्स की मदद ले रही है। ये वालंटियर्स पुलिस के साथ मिलकर काम करेंगे और सभी शासकीय-अशासकीय कार्यालयों में जाकर लोगों को साइबर अपराध से बचने की जानकारी देंगे। इसके साथ ही पुलिस की टीम इस अभियान में लोगों को जागरूक करने के लिए साइबर एक्सपर्ट्स, पेमेंट गेटवे और बैंकों के अधिकारियों को भी टीम में शामिल करेगी।
रायपुरः बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और कोंडागांव जिले में बस्तर फाइटर आरक्षक के 300-300 कुल 2100 स्वीकृत पदों की चयन सूची जारी हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बस्तर संभाग के वनांचल क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा एवं विकास कार्यों में स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर सहित क्षेत्र में सकारात्मक योगदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बस्तर फाइटर्स नाम के विशेष बल के गठन हेतु नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई है।
बस्तर फाइटर्स आरक्षक भर्ती प्रक्रिया अंतर्गत माह मई-जून में शारीरिक दक्षता परीक्षा (100 अंकों) में योग्य पाये गये 5405 उम्मीद्वारों के लिए बस्तर संभाग के कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिला मुख्यालय में 17 जुलाई 2022 को 50 अंको की लिखित परीक्षा संपन्न की गई। उक्त लिखित परीक्षा में संभाग के कुल 5330 उम्मीदवार शामिल हुए
बस्तर फाइटर आरक्षक पद हेतु शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं लिखित परीक्षा में प्राप्तांकों (मेरिट क्रमानुसार) के आधार पर बस्तर संभाग में कुल 3969 उम्मीदवारों का 01 अगस्त से 10 अगस्त 2022 तक संबंधित सभी जिला मुख्यालय में 20 अंको का साक्षात्कार लिया गया। उपरोक्त समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर बस्तर फाईटर आरक्षक पद हेतु 15 अगस्त 2022 को उम्मीदवारों की चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है।
अंदरूनी वनांचल क्षेत्र में रूबरू होने के दौरान बल सदस्यों को स्थानीय बोली की जानकारी नहीं होने से अनेक प्रकार की व्यावहारिक कठिनाई एवं चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती में जिले के स्थानीय भर्ती होने के साथ-साथ क्षेत्र की बोली के जानकार अभ्यर्थियों के चयन होने पर भाषा की चुनौती को दूर करने के साथ-साथ स्थानीय जनता एवं पुलिस के संबंध को और भी मजबूती मिलेगी।
बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल वालों ने बिना किसी को बताए शव को दफना भी दिया। दूसरे दिन जब महिला का भाई और भाभी उससे मिलने के लिए पहुंचा तो मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और कब्र से शव बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि महिला तीन माह की गर्भवती थी। वहीं ससुराल वालों का कहना है कि महिला ने खुदकुशी की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मनवा निवासी महेश्वरी पटेल (30) पत्नी फुलकरण की 12 अगस्त को संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। रक्षाबंधन पर बहन राखी बांधने नहीं पहुंची तो उसका भाई विनोद पटेल मनवा पहुंच गया। वह अपनी भाभी को लेकर उनके मायके कुकरदीकला गया था। वहां से मनवा गांव पास है, तो वह भाभी के साथ बहन महेश्वरी से मिलने के लिए आया। यहां उसे महेश्वरी के खुदकुशी करने और फिर शव दफनाने की जानकारी मिली।
इसके बाद विनोद ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच करने गांव पहुंच गई। पूछताछ में ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि महेश्वरी ने 12 अगस्त की सुबह खाना बनाकर पति सहित घर के सभी सदस्यों को खिलाया। इसके बाद पति फुलकरण और परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने के लिए चले गए। घर में महेश्वरी अकेली थी। कुछ समय पड़ोसियों से फुलकरण को सूचना मिली कि महेश्वरी ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है। इस पर फुलकरण भागकर घर पहुंचा तो अंदर फंदे से महेश्वरी फंदे से लटक रही थी। उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद फुलकरण और उसके परिवार के सदस्यों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को फंदे से उतारा और गांव वालों के साथ जाकर दफना दिया। फुलकरण ने अपने सास, ससुर और साले को भी घटना की जानकारी नहीं दी। पुलिस पूछताछ में ससुराल वाले फांसी लगाने और शव को बिना बताए दफनाने का कारण नहीं बता सके।
SDM के आदेश पर पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महेश्वरी के गर्भवती होने की बात पता चली। वहीं दूसरी ओर मायके वालों ने महेश्वरी के पति और ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस और मायके पक्ष को सूचना तक नहीं दी गई। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को दफन कर दिया गया। मायके वालों ने कहा कि महेश्वरी आत्महत्या नहीं कर सकती है। मामले में पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।
रायपुर। राजधानी रायपुर के एक कारोबारी पर पेट्रोल बम से जानलेवा हमला हुआ है। घटना से घबराए कारोबारी ने इस मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज करवाई है। घटना तब हुई जब शहर में पुलिस 15 अगस्त की सुरक्षा व्यवस्था में जुटी हुई थी। घटना देर रात रविवार की बताई जा रही है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार कारोबारी प्रियेश बग्गा का परिवार शहर के सिविल लाइन इलाके में रहता है, जहां कार सवार दो हमलावर पहुंचे। प्रियेश को आवाज़ दी और जैसे ही बाहर देखा हमलावरों ने अटैक कर दिया। हमलावरो ने शराब की बोतल में आग लगाई और बोतल को बग्गा के घर में फेंक दिया जिसके बाद हमला हुआ।
बग्गा प्रापर्टी डीलिंग के काम से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक बग्गा अकसर दोस्तों के साथ पार्टी में जाता है। इसी बीच उसके एक दोस्त से उसका विवाद हो गया था, संदेह जताया जा रहा है कि किसी पुराने दोस्त का हाथ इस हमले के पीछे हो सकता है। इस मामले को लेकर बग्गा से पुलिस पूछताछ कर रही है। वही आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज श्रमवीर सम्मान 2022-23 कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम बघेल राजधानी रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाऊस के कन्वेशन हॉल में दोपहर 01 बजे से आयोजित श्रमवीर सम्मान 2022-23 में शामिल होंगे।
इसके बाद सीएम भूपेश शाम 5.30 बजे मुख्यमंत्री निवास में प्रेस क्लब राजनांदगांव के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कोरिया: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आह्वान पर पूरे प्रदेश में हमर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जोश, उत्साह तथा देशभक्ति की भावना के साथ बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच झुमका बोट क्लब में पहली बार पानी के बीचों-बीच तिरंगा लहराया। यह पहला अवसर रहा, जब इस तरह पानी पर बोटिंग के माध्यम से तिरंगा लहराया। इस अद्भुत दृश्य को देखने सैकड़ों लोग झुमका बोट क्लब में मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में झुमका बोट क्लब में आयोजित इस अनोखी तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जेटस्की पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ कुणाल दुदावत भी जेटस्की के माध्यम से शामिल रहे। स्कूली बच्चों, अधिकारियों, कर्मचारियों ने भी गुब्बारों से सजे बोट के माध्यम से पानी में तिरंगे लहराए और देशभक्ति के नारे लगाए। खूबसूरत नजारे को देखने बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर देशभक्ति के नारों के साथ सभी का उत्साहवर्धन कर तिरंगा यात्रा में अपनी सहभागिता निभायी।
झुमका बोट क्लब में 20 मीटर ऊंचा तिरंगा फहराया गया
हमर तिरंगा अभियान के तहत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी तिरंगा फहराया जा रहा है। इसी कड़ी में झुमका बोट क्लब में 20 मीटर ऊंचा तिरंगा फहराया गया। यहां रोशनी की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। हवा में ऊंचा लहराता तिरंगा हमें देशप्रेम, शांति, आपसी भाईचारे और सद्भावना का संदेश दे रहा है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ में भारत की स्वतंत्रता के 75 वीं वर्षगांठ पर सोमवार को जमकर आजादी का उत्सव मनाया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान ध्वजारोहण किया। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर बधाई और शुभकामनाएं दी।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में पुलिस और जेल विभाग के अधिकारियों को पुलिस वीरता पदक, सराहनीय सेवा के लिए भारतीय पुलिस पदक, यूनियन होम मिनिस्टर मेडल प्रदान किया।
इसके अलावा सराहनीय सुधार सेवा पदक, गुरू घासीदास पुरस्कार, राज्यपाल पुरस्कार, रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार, वीर नारायण सिंह पुरस्कार और पुलिस महानिदेशक पुरस्कार के लिए चयनित अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किया।
रायपुर: आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर छत्तीसगढ़ के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने प्रदेश कार्यालय कुशभाऊ ठाकरे परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मौजूद रहे।
इसके साथ ही गौरी शंकर अग्रवाल, सुभाष राव, छगन मुंडरा, सच्चिदानंद उपासने, संजय श्रीवास्तव, केदारनाथ गुप्ता जी, दीपक महस्के समेत वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहें।
वहीं आजादी के 'अमृत महोत्सव' देश के 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से तिरंगा यात्रा भी निकाली गई।
बिलासपुर: स्वतंत्रता दिवस के दिन एक महिला हीटर में खाना बनाते वक्त करंट की चपेट में आ गई। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। जब यह घटना हुई तब उसके बच्चे स्कूल गए हुए थे।
जानकारी के मुताबिक रतनपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर नगर पालिका वार्ड क्रमांक 15 जूनाशहर निवासी 45 वर्षीय सरिता अग्रवाल सोमवार की सुबह घर में खाना बना रही थी। हीटर में खाना बनाने के दौरान हीटर का तार निकला हुआ था। जो घर के लोहे के दरवाजे के संपर्क में आ गया। खाना बनाने के बाद महिला मंदिर जाने को निकली। उसी दौरान वो दरवाजे में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गई। करंट से चिपक कर महिला की मौत हो गई।
इस दौरान उसके दोनों बच्चे स्वतंत्रता दिवस मनाने स्कूल गए हुए थे। घर मे किसी के नहीं होने के कारण महिला घंटों करंट से चिपकी पड़ी रही। फिर पड़ोसी ने देखा और महिला के भाई अंकित को इसकी सूचना दी। भाई ने आकर करंट की चपेट से महिला को निकाल कर रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सरिता अग्रवाल पांच साल पहले ही अपने पति अजय अग्रवाल से पारिवारिक विवाद के चलते अलग हो गई थी। जिसके बाद वह रानी मंदिर रतनपुर में काम कर अपना और अपने दोनों बच्चों का पालन पोषण करती थी।
कांकेर: जिले के अंतागढ़ इलाके में नक्सलियों ने स्वतंत्रता दिवस का बहिष्कार किया है। इसके साथ ही माओवादियों ने आजादी का अमृत महोत्सव न मनाने की अपील की है।
सिकसोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नक्सलियों ने विरोध करते हुए बैनर एवं पोस्टर लगाए है। वहीं सड़क के किनारे लगे पेड़ों को काटकर मुख्य मार्ग को बाधित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मेटा बुदेली चारगांव खदान की ओर जाने वाले मार्ग पर भैसासुर से सुरेवाही के बीच में बड़ी संख्या में पेड़ों को गिराकर स्वतंत्रता दिवस का बहिष्कार करने बैनर-पोस्टर लगा दिया गया है। सड़क के बाघित होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। ग्रामीणों की सूचना पर बीएसएफ जवान घटनास्थल पर पहुंच गए है। वहीं मार्ग को बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं।
रायपुर: आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर रायपुर महापौर एजाज ढेबर ने नगर निगम परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने उद्बोधन में देश को आजादी दिलाने वालें अमर शहीदों को याद किया।
मेयर एजाज ढेबर ने कहा कि उनके बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि आजादी हमें ऐसे ही प्राप्त नहीं हुई हैं इसके लिए हजारों लोगों ने अपने प्राण नौछावर किए हैं तब कही जाकर आज हम चैन की सांस ले रहे हैं।
रायपुर: प्रदेशभर में पिछले 36 घंटो से तेज बारिश जारी है। वहीं इस बारिश के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाढ़ की स्थिति बनने के बाद कई गावों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, प्रदेश के वनांचल क्षेत्र बस्तर के कई क्षेत्रों में भी मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपुर जिले में पिछले 36 घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते भानुप्रतापपुर नारायणपुर और कोंडागांव हाइवे बंद हो गया है। जबकि ओरछा मार्ग पर बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं। बताया जा रहा है कि जिले के करीब 200 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है।
वहीं, बीजापुर जिले में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के बाद जिले के कई नदी नाले उफान पर हैं। बारिश के चलते नेशनल हाइवे एक बार फिर बन्द हो गया हैं। बताया जा रहा है कि इंद्रावती नदी उफान पर है।
वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने राज्य के रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार और महासमुंद जिलों में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, गरियाबंद, रायपुर, दुर्ग और धमतरी जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। बताया गया कि उत्तर बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने और उसके प्रबल होने की संभावना है। इन गतिविधियों के परिणामस्वरूप 15 अगस्त तक ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चार संभागों- रायपुर, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर में भारी बारिश होने का अनुमान है।
धमतरी: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। दरअसल कैचमेंट एरिया में हुई झमाझम बारिश से गंगरेल बांध में पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोल दिए गए हैं।
महानदी में एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा हैं। इसके साथ ही महानदी के किनारे बसे गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बता दें कि गंगरेल बांध में 97 हजार क्यूसेक पानी की बंपर आवक बनी हुई है। क्षमता से अधिक जलभराव होने से एक लाख 37 हजार क्यूसेक प्रति सेकेंड के हिसाब से पानी छोड़ा जा रहा है। कैचमेंट में बारिश की वजह से बांध में करीब 1 लाख क्यूसेक प्रति सेकंड पानी की आवक बनी हुई है। इतनी बड़ी मात्रा में महानदी में पानी छोड़ने के कारण नदी तटीय गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के पावन और गौरवशाली अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में ध्वजारोहण करने के बाद प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनता के नाम अपने स्वतंत्रता दिवस संदेश में कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ से फिर एक नया सफर शुरू होगा, जो न्याय की हमारी विरासत के साथ आगे बढ़ेगा और ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ का लक्ष्य पूरा करेगा।मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आजाद भारत के अमृत महोत्सव के मायने और मूल्यों को समझने के लिए हमें दो शताब्दियों की गुलामी को याद करना होगा। हमारे पुरखों ने अपनी जान दांव पर लगाकर, फिरंगी सरकार के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद किया था। उनका त्याग और बलिदान देश की भावी पीढ़ियों का जीवन खुशहाल बनाने के लिए था। हमारा कर्त्तव्य है कि उनके सपनों को साकार करें और उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाएं।
अमर शहीदों को नमन
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि अमर शहीदों गैंदसिंह, वीर नारायण सिंह, मंगल पाण्डे, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाकउल्ला खां, रानी लक्ष्मीबाई, रानी अवंतिबाई लोधी जैसी हजारों विभूतियों की शहादत हमें देश के लिए सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणा देती रहेगी। स्वतंत्रता संग्राम और आजाद भारत को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, डॉ. भीमराव अम्बेडकर, लाल बहादुर शास्त्री, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, लाल-बाल-पाल, मौलाना अबुुल कलाम आजाद जैसी विभूतियों ने राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व दिया था। वहीं वीर गुण्डाधूर, पं. रविशंकर शुक्ल, ठाकुर प्यारेलाल सिंह, बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव, डॉ. खूबचंद बघेल, पं. सुंदरलाल शर्मा, डॉ. ई.राघवेन्द्र राव, क्रांतिकुमार, बैरिस्टर छेदीलाल, लोचन प्रसाद पाण्डेय, यतियतन लाल, डॉ. राधाबाई, पं. वामनराव लाखे, महंत लक्ष्मीनारायण दास, अनंतराम बर्छिहा, मौलाना अब्दुल रऊफ खान, हनुमान सिंह, रोहिणीबाई परगनिहा, केकतीबाई बघेल, श्रीमती बेलाबाई, इंदरू केंवट, उदय राम वर्मा, खिलावन बघेल, घसिया मंडल जैसे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने राष्ट्रीय आंदोलन में छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की थी, मैं इन सभी को सादर नमन करता हूं। देश की एकता और अखण्डता, संविधान व लोकतंत्र के प्रति आस्था को बचाए रखना एक चुनौती थी और इसके लिए भी हमारे देश की सेनाओं व सुरक्षा बलों के जवानों ने शहादत दी है। मैं उन अमर शहीदों को भी सादर नमन करता हूं।
प्रकृति-सम्मत विकास की राह पर आगे बढ़ा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने अपने स्वतंत्रता दिवस के संदेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आखिरी वसीयतनामे का उल्लेख करते हुए कहा था-‘भारत ने राजनीतिक स्वतंत्रता तो प्राप्त कर ली है, लेकिन उसे अभी शहरों और कस्बों से भिन्न अपने सात लाख गांवों के लिए सामाजिक, आर्थिक और नैतिक स्वतंत्रता प्राप्त करना बाकी है’। आज देश के सामने अनेक चुनौतियां हैं। कृषि व वन भूमि का कम होना, पर्यावरण असंतुलन, प्रदूषण, बीमारियों, महंगाई, बेरोजगारी आदि से लोगों का जीवन संकटमय हुआ है। हमने पुरखों की सीख और माटी की संस्कृति का सम्मान करते हुए कृषि तथा वन उत्पादों, परंपरागत ज्ञान, आधुनिक साधनों व रणनीतियों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का रास्ता चुना। मुझे गर्व है कि हम आजादी की 75वीं सालगिरह के अवसर पर देश और दुनिया के सामने, बापू के सिद्धांतों और विचारों के अनुरूप कार्य करने में सफल हुए हैं। इसमें प्रकृति-सम्मत विकास, हर व्यक्ति को गरिमा, न्याय व बराबरी के अवसर देने वाली योजनाएं और कार्यक्रम शामिल हैं।
राजीव गांधी किसान न्याय योजना: किसानों को 13 हजार करोड़ रूपए की इनपुट सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने न्याय योजनाओं की जो पहल की थी, उसे निरंतर आगे बढ़ाने के लिए भी संकल्पबद्ध हैं। यही वजह है कि ‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ अब तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और इससे लगभग 13 हजार करोड़ रुपए की राशि किसानों को दी जा चुकी है। इस तरह एक सीज़न में किसानों को प्रति एकड़ 9 हजार रुपए की आदान सहायता देने वाला देश का पहला राज्य हमारा छत्तीसगढ़ है। ‘गोधन न्याय योजना’ भी तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, इसके अंतर्गत अब-तक गोबर विक्रेताओं, गौठान समितियों तथा स्व-सहायता समूहों को 312 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। देश में रासायनिक खाद की कमी और मूल्य वृद्धि के परिदृश्य में हमारे गौठानों में निर्मित जैविक खाद, अब एक बेहतर विकल्प बन रही है। किसानों की सिंचाई कर माफी की पहल में भी विस्तार किया गया है और 17 लाख से अधिक किसानों के 342 करोड़ रुपए की राशि माफ की जा चुकी है। किसानों को 4 वर्ष पहले मात्र 3 हजार 692 करोड़ रुपए कृषि ऋण के रूप में प्राप्त हुआ था। हमने इस वर्ष लक्ष्य बढ़ाकर 6 हजार 500 करोड़ रुपए कर दिया है, जिससे लगभग 75 प्रतिशत अधिक राशि ब्याजमुक्त ऋण के रूप में कृषि क्षेत्र में आएगी। ‘राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना’ अपने दूसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और इसके तहत अब-तक पात्र हितग्राहियों को 213 करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है।
प्रदेश में 35 हजार से अधिक कृषि पंपों का ऊर्जीकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 जनवरी 2021 तक लंबित कृषि पंपों के ऊर्जीकरण की घोषणा के अनुरूप हमने 35 हजार 151 कृषि पंपों को ऊर्जित करते हुए एक नया कीर्तिमान बना लिया है। अब 20 हजार 550 नए पंप कनेक्शनों का कार्य 31 मार्च 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
छत्तीसगढ़ में खेती बनीं लाभ का जरिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने खेती को लाभ का जरिया बनाने का वादा भी निभाया है। लगातार बढ़ते हुए, इस वर्ष धान खरीदी 98 लाख मीटरिक टन के सर्वोच्च शिखर पर पहंुची है, जो 4 वर्ष पूर्व मात्र 57 लाख मीटरिक टन थी। धान बेचने वाले किसानों की संख्या भी अब बढ़कर 21 लाख 77 हजार से अधिक हो गई है, जो पहले मात्र 12 लाख 6 हजार थी। इस तरह हमारे प्रयासों से धान बेचने वाले किसानों की संख्या 9 लाख 71 हजार बढ़ी है। प्रदेश में धान के अलावा अन्य अनाजों का उत्पादन बढ़ाने के भी अनेक उपाय किए गए हैं, जिसके कारण अनाज उत्पादन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ न सिर्फ स्वावलम्बी हुआ है बल्कि प्रदेश में कुल आवश्यकता का 270 प्रतिशत अधिक अनाज उत्पादन हुआ है। फसल विविधीकरण की गति बढ़ाने के लिए ‘टी-कॉफी बोर्ड’ का गठन किया गया है। दलहन-तिलहन का उत्पादन बढ़ाने के लिए हमने बहुत से कदम उठाए हैं। इस वर्ष से दलहन फसलों की खरीदी भी समर्थन मूल्य पर की जाएगी। खरीफ 2021 में धान के बदले 17 हजार 539 एकड़ क्षेत्र में दलहन, तिलहन एवं 240 एकड़ में वृक्षारोपण किया गया है। रबी 2021-22 में ग्रीष्मकालीन धान का रकबा 95 हजार हेक्टेयर कम करते हुए 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का एवं शेष रकबे में दलहन, तिलहन, साग-सब्जी की फसलें लगाई गई हैं। खरीफ 2022 में धान के 5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को दलहन-तिलहन एवं अन्य उद्यानिकी फसलों से प्रतिस्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के पावन और गौरवशाली अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में ध्वजारोहण करने के बाद प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने के लिए बड़ी सौगात दी।
उन्होंने राज्य में आगामी शिक्षा सत्र के पूर्व राज्य के 422 स्कूलों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना लागू किए जाने की घोषणा की, जिसमें से 252 स्कूल बस्तर एवं सरगुजा संभाग में होंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के शत प्रतिशत शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हमने सुधार के स्थायी उपाय किए, जिसके तहत पहले चरण में 14 हजार से अधिक शिक्षकों की स्थायी भर्ती का कार्य शुरू किया गया, जो अब अंतिम चरणों में है। इसके अतिरिक्त 10 हजार शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना’ से स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में एक नयी क्रांति आयी है। विगत वर्ष हमने 51 स्कूलों से यह योजना प्रारंभ की थी, जो अब बढ़कर 279 स्कूलों तक पहुंच चुकी है। इनमें से 32 स्कूल हिन्दी माध्यम के हैं तथा 247 स्कूलों में हिन्दी के साथ अंग्रेज़ी माध्यम में भी शिक्षा दी जा रही है। इस वर्ष 2 लाख 52 हजार 600 बच्चों ने इन स्कूलों में प्रवेश लिया है, जिसमें 1 लाख 3 हजार बच्चे अंग्रेज़ी माध्यम तथा 1 लाख 49 हजार 600 बच्चे हिन्दी माध्यम के हैं।इस योजना की सफलता को देखते हुए हमने निर्णय लिया है कि अधिक से अधिक स्कूलों को इस योजना के अंतर्गत लाया जाएगा। आगामी शिक्षा सत्र के पूर्व 422 स्कूलों में यह योजना लागू होगी, जिनमें से 252 स्कूल बस्तर एवं सरगुजा संभाग में होंगे और इनमें दंतेवाड़ा जिले के शत-प्रतिशत शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल होंगे। अपना वादा निभाते हुए हमने नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को उनकी मातृभाषा में ही प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करने के लिए हमने हिन्दी के अलावा 16 स्थानीय भाषाओं में तथा 4 पड़ोसी राज्यों की भाषाओं में पाठ्यपुस्तकें प्रकाशित कराई हैं। ‘निःशुल्क पाठ्य पुस्तक योजना’ के तहत कक्षा पहली से कक्षा दसवीं तक सभी शासकीय-अशासकीय शालाओं तथा कक्षा आठवीं तक मदरसों के बच्चों को लगभग 52 लाख पाठ्य पुस्तकें प्रदान की जा रही हैं। नवमीं कक्षा में पढ़ने वाली 1 लाख 55 हजार छात्राओं को इस वर्ष निःशुल्क सायकल देने का लक्ष्य रखा गया है।
कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के चलते घर का दीवार गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन बेटियों और उनके माता-पिता की मौत हो गई। हादसा पंखाजूर के बांदे थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा इरपानार क्षेत्र के पीवी110 में हुआ है। यहां एक मकान में पति-पत्नी अपनी तीन बेटियों के साथ रहते थे। लगातार बारिश के चलते मकान की कच्ची दीवार देर रात उनके ऊपर गिर पड़ी। इसके नीचे दबकर सभी की मौत हो गई। हादसे का पता ग्रामीणों को सुबह चला।
फिलहाल ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद ही आगे कार्रवाई होगी। परिवार में कौन-कौन और लोग हैं, इसका पता नहीं चल सका है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि हादसे में परिवार के सभी लोगों की मौत हुई है। कांकेर में लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
रायपुर मुख्यमंत्री ने छ ग स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया
महात्मा गांधी की आख़री वसीहत का हवाला देकर देश के विकास को ग्रामीण तक पहचाने की बात कही
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम करने का गर्व है :- भूपेश बघेल
हमने न्याय योजना शुरू कर जनता को न्याय दिलाने की कोशिश की है
देश मे रासायनिक खाद की कमी की स्थिति में हमारे गौठनो के जैविक खाद ने वैकल्पिक व्यवस्था में सहयोग किया है
35151सिंचाई पम्प कलेक्शन का काम पूरा कर कीर्तिमान बनाया है
अब 20 हजार 550 पम्प कनेक्शन 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य है
कृषि को लाभ का जरिया बनाया है
धान बेचने वाले किसानों की संख्या 21 लाख 77 हजार हुई है
छ ग अनाज उत्पादन की दिशा में आत्म निर्भर हुआ है प्रदेश में अनाज उत्पादन 270 प्रतिशत अधिक हुआ है
रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज सुबह राजभवन में ध्वजारोहण किया एवं सलामी ली। साथ ही परेड का निरीक्षण भी किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर प्रदेश सहित समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव अमृत कुमार खलखो, विधिक सलाहकार राजेश श्रीवास्तव, उप सचिव दीपक कुमार अग्रवाल सहित राजभवन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के पावन और गौरवशाली अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में ध्वजारोहण करने के बाद प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनता के नाम अपने स्वतंत्रता दिवस संदेश में कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ से फिर एक नया सफर शुरू होगा, जो न्याय की हमारी विरासत के साथ आगे बढ़ेगा और 'गढ़बो नवा छत्तीसगढ़' का लक्ष्य पूरा करेगा। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आजाद भारत के अमृत महोत्सव के मायने और मूल्यों को समझने के लिए हमें दो शताब्दियों की गुलामी को याद करना होगा। हमारे पुरखों ने अपनी जान दांव पर लगाकर, फिरंगी सरकार के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद किया था। उनका त्याग और बलिदान देश की भावी पीढ़ियों का जीवन खुशहाल बनाने के लिए था। हमारा कर्त्तव्य है कि उनके सपनों को साकार करें और उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाएं।
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 9 बजे से पुलिस परेड ग्राउण्ड रायपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए और ध्वजारोहण किया। सीएम बघेल ने ध्वजारोहण करने के बाद राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।
https://youtu.be/YY6uRyP5zVs
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में बदलाव की बयार चल पड़ी है। प्रदेश अध्यक्ष के बाद नेता प्रतिपक्ष को भी बदले जाने की चर्चा को यह कहकर विराम दे दिया गया था कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आक्रामक रुख अपनाने के निर्देशः देकर फिलहाल मामले को शांत कर दिया है, मगर पार्टी के अंदरखाते से जो खबर आ रही है, उसके मुताबिक प्रदेश का नेता प्रतिपक्ष का बदला जाना भी तय है। इसके लिए ही 17 अगस्त को पार्टी के विधायक दल की बैठक बुलाई जा रही है, जिसमे किसी एक नाम को फाइनल करने का प्रयास किया जायगा। वैसे नेता प्रत्पक्ष के लिए नारायण चंदेल मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहे हैं।
कौशिक की नड्डा से क्या हुई चर्चा..?
छत्तीसगढ़ में भाजपा का अध्यक्ष बदले जाने के साथ ही नेता प्रतिपक्ष का दिल्ली बुलावा आया। यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से उनकी मुलाकात हुई। इसके बाद यह खबर आयी कि नड्डा ने कुछ दिशा-निर्देश देकर कौशिक को वापस भेज दिया है। मगर अब यह बात सामने आ रही है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने धरमलाल कौशिक को बुलाकर पार्टी के कामकाज और बदलाव को लेकर स्पष्ट बात कह दी है।
17 की बैठक में दिग्गज होंगे शामिल
राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के निर्देश पर ही 17 अगस्त को विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होगी। इसके लिए नवनियुक्त क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अरूण जामवाल रायपुर पहुंच चुके हैं, तो प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी नितिन नबीन, 16 को आ रहे हैं। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़ विधानसभा नया नेता प्रतिपक्ष चुने जाने की बात कही जा रही है। सूत्र बताते हैं कि अगर कोई बड़ी रुकावट नहीं आई तो लगभग नारायण चंदेल 17 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष बन सकते हैं।
पार्टी के सूत्रों से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि नारायण चंदेल को अध्यक्ष बनाने के लिए भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद भी दबाव बना रहे हैं। हालांकि इस नाम को लेकर भी कई बातें सुनने को मिल रही है। विधायक दल का एक खेमा नारायण चंदेल के साथ ही शिवरतन शर्मा, अजय चंद्राकर का नाम आगे बढ़ा रहा है। वहीं दूसरा गुट डॉ. रमन सिंह या बृजमोहन अग्रवाल में से एक को नेता प्रतिपक्ष बनाना चाहता है। इन नेताओं में अजय चंद्राकर भी मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहे हैं। विधानसभा में चंद्राकर जिस तरह से मुखर रहते हैं, उससे उनका नाम की चर्चा होना स्वाभाविक है। हालांकि एक चर्चा यह भी है कि डी पुरंदेश्वरी दिल्ली से ही कोई नाम लेकर आएंगी और 14 विधायकों के बीच सहमति बनाने का प्रयास करेंगी। बहरहाल भाजपा विधायक दल की बैठक 17 अगस्त को दोपहर 1:00 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होने जा रही है, जिसमे डी पुरंदेश्वरी के साथ नितिन नवीन भी शामिल होंगे। इस बैठक पर सभी की नजर रहेगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 90 विधानसभा सीटों में से 72 सीटों में कब्ज़ा कर सत्ता में आने वाली कांग्रेस पार्टी ने अब मिशन 2023 की तैयारी शुरू कर दी है। आने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से जीत के लिए पार्टी नॉन परफॉर्मिंग विधायकों का टिकट काट सकती है। इसके संकेत भी प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने दे दिया है। दरअसल, छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे पीएल पुनिया ने 2023 के विधानसभा में किन विधायकों को टिकट दिए जाने के सवाल के जवाब में कहा की सभी विधायकों के जनसंपर्क और काम की समीक्षा होगी और उसके बाद ही टिकट पर निर्णय लिया जाएगा।
कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर आए हुए हैं। पीएल पुनिया से जब ये पूछा गया कि 2023 के विधानसभा में किन विधायकों को टिकट दिया जाएगा तो जवाब में उन्होंने कहा कि, ‘मैं आज नहीं बता सकता कि किस विधायक को टिकट मिलेगी और किसे नहीं’? जो जीतने के लायक होगा उसी को टिकट मिलेगी’। इसके साथ ही उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि सभी मौजूदा विधायकों के जनसंपर्क और काम की समीक्षा होगी और उसके बाद ही टिकट पर निर्णय लिया जाएगा।







.jpg)





















