कोण्डागांव: जिले के थाना विश्रामुपरी के हल्बापारा में प्रसव उपरांत जीवित नवजात शिशु को तालाब में फेकने से नवजात शिशु की मृत्यु हो गई। विश्रामपुरी पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर अज्ञात अरोपी के खिलाफ अपराध धारा 315 भादवि. कायम कर विवेचना में आरोपी कुमारी मनेश्वरी यादव पिता स्व. कवल यादव उम्र 23 वर्ष एवं उसके प्रेमी अजयदास मानिकपुरी पिता पुरनदास उम्र 30 वर्ष साकिनान हल्बापारा विश्रामपुरी के विरूद्ध अपराध साक्ष्य एकत्रित कर धार 201, 34 भादवि. के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय केशकाल में आज पेश किया गया।
जगदलपुर: जिले के परपा थाना क्षेत्र से एक नाबालिक का रास्ता रोककर उसका अपहरण करने के बाद उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार करने तथा जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों लुप्तेश्वर सेठिया एवं कृष्णा सेठिया को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धारा 341, 363, 366, 376 (घ), 506 भादवि और 04 पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए आज जेल दाखिल कर दिया है।
परपा टीआई बीआर नाग ने बताया कि बीते 26 अगस्त को नाबालिक के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पुत्रि देर शाम साईकल से करीबन 7:30 बजे घर से अपने मामा के घर जा रही थी। इसी बीच दो युवकों ने रास्ते में रोकने के बाद जबरन अपनी बाइक में बैठाकर गांव के बाहर तालाब के किनारे बलात्कार की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। परपा पुलिस ने रिपोर्ट को गम्भीरता से लेते हुए दोनों आरोपी लुप्तेश्वर सेठिया को ग्राम सतलावंड और कृष्णा सेठिया को ग्राम कस्तूरी से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा से दिल-देहला देने वाली खबर सामने आ रही है, गुरुवार देर रात घर में घुसकर राजपरिवार के सदस्य की हत्या कर दी गई। युवक का खून से लथपथ शव बेड पर पड़ा मिला है। ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद सारा सामान खेत में बिखरा मिला है। आशंका है कि चोरी की नीयत से हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि मारा गया युवक राजमाता का भांजा था। मामला पिपरिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ नायर राजमाता शशि प्रभा का भांजा लगता था। वह करीब 10 साल से ग्राम इंदौरी में रहकर राजमाता की खेती-बाड़ी से जुड़े काम देखता था। रात को खेत में ही बने फार्म हाउस के कमरे में अकेले रहता था। सुबह जब ग्रामीण खेत में पहुंचे तो फार्म हाउस के कमरे में खून से लथपथ उनका शव पड़ा देखा। इसके बाद राजपरिवार को इसकी सूचना दी गई।
सिर पर धारदार हथियार से वार करने की आशंका
ग्रामीणों की सूचना के बाद राजा योगेश्वर राज सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि सिर पर गंभीर चोट के निशान है। आशंका है कि किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस को कमरे और खेत में सामान भी बिखरा मिला है। ऐसे में अंदेशा है कि चोरी की नीयत से हत्या की गई। हालांकि, राजपरिवार से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस फिलहाल कुछ बोल नहीं रही है।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, सगी बहनों की हत्या कर दी गई। दोनों के शव शुक्रवार सुबह खेत में मिले हैं। वे एक दिन पहले खेत में काम करने के लिए गई थीं, इसके बाद से उनका पता नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि मायके में चल रहे संपत्ति विवाद के चलते दोनों को मारा गया है। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, तेंदुआ गांव निवासी संतोषी बाई कश्यप (45) और आपी बाई (40) सगी बहने थीं। दोनों रोज की तरह गुरुवार को भी के सेमरा गांव के दादर स्थित खेत में काम करने के लिए गई थीं। इसके बाद नहीं लौटीं। इसके बाद से ही परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे। अगले दिन सुबह जब वे खेत में देखने गए तो वहां दोनों बहनों के थोड़ी दूरी पर शव पड़े हुए थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
खेत के पानी में ही डुबोकर मार डाला, चोट के निशान नहीं
पुलिस को दोनों के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया दोनों की दम घुटने से मौत होने की आशंका है। ऐसे में पुलिस को अंदेशा है कि खेत में काम करने के दौरान पीछे से पकड़ कर उनके सिर पानी में डुबो दिए गए। पानी में दम घुटने से ही उनकी मौत हो गई। हत्यारे ने दोनों को संभालने का भी मौका नहीं दिया। इसके चलते कहीं भी संघर्ष के निशान नहीं हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बच्चा नहीं होने पर पत्नी की 5 साल छोटी बहन से भी की शादी
दोनों ही बहनों की शादी राधेश्याम कश्यप से हुई थी। बताया जा रहा है कि बड़ी बहन संतोषी बाई से कोई संतान नहीं होने के चलते राधेश्याम ने 5 साल छोटी बहन आपी बाई से भी शादी कर ली थी। अभी तक कि जांच में पता चला है कि दोनों बहनों के मायके में पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। उस संपत्ति में दोनों बहने भी हिस्सेदारी मांग रही थीं। इसी विवाद के चलते दोनों महिलाओं के भाइयों पर हत्या का संदेह है।
रायपुर | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके साथ कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर और सलाहकार प्रदीप शर्मा मौजूद है। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा कि कल कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल का मेरे पास मैसेज आया था। आज राहुल गांधी से मुलाकात हो सकती है। उनके निर्देश पर मैं वापस दिल्ली जा रहा हूं। इसके अलावा मेरे पास और कोई जानकारी नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बयान पर उन्होंने कहा कि मैं किसी के व्यक्तिगत बातों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंग। मुझे हाईकमान ने दिल्ली बुलाया है।
विधायकों के दिल्ली जाने पर भूपेश बघेल बोले कि यह सब बात मुझे मीडिया के माध्यम से पता चली है। मुझे ऑफिसियल कोई जानकारी नहीं है।मुझे दिल्ली बुलाया गया और मैं दिल्ली जा रहा हूं।
विधायकों के दिल्ली कूच पर कहा कि विधायक अपने नेता से मिलने क्यों नहीं जा सकते। मुझे बुलाया गया है इसलिए मैं जा रहा हूं। कोई बिना बुलाए भी अपने नेता से मिलने जा सकता है। कोरोना संक्रमण के कारण वैसे भी किसी का जाना नहीं हो पाया। लेकिन अभी वहां गए है तो सभी अपने नेता से मिलेंगे।
प्रदेश की जनता से मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम सत्ता में नहीं थे तब, और सत्ता में आने के बाद भी हम जनता के साथ हैं। जनता, किसान, अनुसूचित जाति- जनजाति, व्यापारी और सारे लोग यह महसूस करते हैं कि यह सरकार हमारी सरकार है।
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत मुसरा-बाकल- राजनांदगांव के बीच ऑटो सिंग्नलिंग (नॉन इंटरलोकिंग) का कार्य के कारण दुर्ग-गोंदिया मेमू, गोंदिय इतवारी मेमू स्पेशल और झारसुगुड़ा-गोंदिया-झारसुगुड़ा स्पेशल टे्रन 3 दिन रद्द रहेगी, वहीं कुछ गाडिय़ों को नियंत्रित कर चलाया जायेगा।
बिलासपुर | पति और पत्नी के बीच, पत्नी की रजामंदी के बगैर भी अगर यौन संबंध बनते हैं तो उसे बलात्कार की श्रेणी में नहीं रखा जाता है | ये फैसला सुनाते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने एक व्यक्ति को वैवाहिक बलात्कार मामले में बरी कर दिया गया | भारत में अदालत के इस तरह के फैसले का यह पहला मामला नहीं है | इससे पहले मुंबई के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संजाश्री जे. घारात ने एक महिला की शिकायत पर कहा कि एक महिला की अपने पति के बलात्कार की शिकायत कानूनी जांच के दायरे में नहीं आती है |
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक यौन हिंसा की परिभाषा के तहत, किसी भी यौन कृत्य, यौनकृत्य करने का प्रयास, अवांछित यौन टिप्पणियां, या किसी तरह की कोशिश, प्रत्यक्ष तौर पर जबर्दस्ती की जाती है, भले ही उसका पीड़ित के साथ संबंध ही क्यों ना हो, फिर वो चाहे घर में हो या काम करने की जगह पर, यौन हिंसा माना जाता है | हालांकि वैवाहिक बलात्कार को कई देशों में मान्यता नहीं दी जाती है, भारत में भारतीय दंड संहिता की धारा 375 के तहत विवाह के दौरान जबर्दस्ती किया गया यौन संबंध तभी अपराध की श्रेणी में आता है जब पत्नी की उम्र 18 वर्ष से कम हो |
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के फैसले पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि भारत में पुरातनपंथी न्यायिक व्यवस्था को अब जागने की जरूरत है | उम्मीद है कि इस मामले पर जल्दी ही सुप्रीम कोर्ट में अपील की जाएगी |
वे देश जहां वैवाहिक बलात्कार अपराध नहीं है
करीब 32 ऐसे देश हैं जहां वैवाहिक बलात्कार को अपराध की श्रेणी में नहीं रखा जाता है, इसमें से ज्यादातर विकासशील देश हैं जिसमें पाकिस्तान, बांग्लादेश, चीन, हैती, लाओस, माली, म्यांमार, कुवैत, सेनेगल, ताजिकिस्तान, अफगानिस्तान, बोत्सवाना, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो, ईरान, लेबनान, मलेशिया, नाइजीरिया, सिंगापोर, युंगाडा अलजेरिया, ब्रुनेई दारुस्सलैम, इजिप्ट, कोट दिवोइर, लिबिया, मंगोलिया, ओमान, दक्षिण सूडान, यामेन, बहरीन, सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक, इथियोपिया, शामिल है |
संविधान और वैवाहिक बलात्कार
वकील और विशेषज्ञों का तर्क है कि धारा 375 का अपवाद महिलाओं की निजता, सम्मान और समानता के अधिकार का उल्लघंन है | भारतीय संविधान के आर्टिकल 14 के मुताबिक प्रत्येक नागरिक समान रूप से संरक्षण अधिकार रखता है | पश्चिम बंगाल वि अनवर अली सरकार मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आर्टिकल 14 के तहत कहा था कि कोई भी वर्गीकरण आसानी से समझ में आने वाले तरीके पर आधारित होना चाहिए | एक रिपोर्ट में तर्क दिया गया है कि धारा 375 विवाहित महिलाओं के अधिकारों का उल्लघंन करता है | जो बलात्कार पीड़ित है, उनके साथ उनके पति ठीक वैसा ही व्यवहार करते है जैसा इस अपराध से पीड़ित किसी और महिला के साथ होता है | और ये अपवाद वैवाहिक महिलाओं को इस धारा के तहत सुरक्षा प्रदान करने से वंचित करता है, और ये सुगमता से समझ आने वाले तरीके के बजाए पूरी तरह से महिला की वैवाहिक स्थिति के आधार पर निर्भऱ करता है |
रायपुर | छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस सरकार के बीच उपजी अंतर्कलह अब दिल्ली दरबार पहुंच गई है | इसको लेकर हाईकमान ने जहां भूपेश बघेल को फिर दिल्ली बुलवा लिया है तो वहीं टीएस सिंहदेव अभी भी दिल्ली में ही जमे हुए हैं | छत्तीसगढ़ में टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल के गुट भी इसको लेकर खुलकर सामने आ गए हैं | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थन में छत्तीसगढ़ के 2 मंत्रियों सहित 18 विधायक हाईकमान के सामने बघेल के समर्थन में अपनी बात रखने गुरुवार को दिल्ली रवाना हो चुके हैं | वही शुक्रवार को भी करीब 25 विधायक दिल्ली के लिए रवाना होंगे |
छत्तीसगढ़: कांग्रेस के लगभग 22 विधायक रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 26, 2021
कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने बताया, “प्रदेश में हम भूपेश बघेल के नेतृत्व में जनता की सेवा कर रहे हैं। दिल्ली आलाकमान से यहां की स्थिती पर बात कर रहे हैं। सारे विधायक एकजुट हैं।” pic.twitter.com/2neRr3YsBS
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली में करीब 50 विधायकों के जुटने की चर्चा है | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कल दिल्ली जा सकते हैं | विधायक देवेंद्र यादव, ममता चंद्राकर, शकुंतला साहू, शिशुपाल सोरी, विनोद चन्द्राकर, आशीष छाबड़ा, किस्मत लाल नन्द, यूडी मिंज, बृहस्पति सिंह, विकास उपाध्याय, गुलाब कमरो, विनय जायसवाल, कुलदीप जुनेजा, चिंतामणि महाराज सहित अन्य हुए दिल्ली रवाना हो गए हैं |
पीएल पुनिया का बड़ा बयान
मीडिया के साथ चर्चा करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ से किसी भी विधायक को दिल्ली नहीं बुलाया गया है | ना विधायक, ना मंत्री, हाईकमान से किसी को बुलावा नहीं भेजा गया है | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे |
रायपुर | राजधानी रायपुर में आज 04 कोरोना मरीजों की पहचान हुई है। वही हॉस्पिटल से 03 और होम आइसोलेशन से 01 कुल 04 मरीज स्वस्थ हुए है। जबकि आज नहीं हुई किसी की मृत्यु, मौत का कुल आकड़ा 3139 हुआ, साथ ही अब रायपुर में एक्टिव मरीज 54 है। आज तक रायपुर में 157861 मरीजो की पहचान हुई है और 154668 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है।
आपको बता दें छत्तीसगढ़ प्रदेश में आज कुल 47 नए कोरोना मरीजों की पहचान की गई है | जिसमे जशपुर से सर्वाधिक 7 मरीज मिले है| आज प्रदेश में कुल 79 कोरोना संक्रमित मरीज कोरोना की जंग जीत कर स्वस्थ्य हुए है | राज्य में आज कुल 00 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है | प्रदेश में अब कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 595 है | आज प्रदेश में 33508 टेस्ट हुए है |
आज 47 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज़ों की पहचान हुई व 79 मरीज़ स्वस्थ होने के उपरांत डिस्चार्ज/रिकवर्ड हुए। #ChhattisgarhFightsCorona@TS_SinghDeo @ChhattisgarhCMO @VinodSevanLal pic.twitter.com/wc40v6p48D
— Health Department CG (@HealthCgGov) August 26, 2021
भिलाई: अवैध रूप से चोरी छुपे मोबाइल टावर लगाने वाले के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए कार्य को बंद कराया गया और टावर लगाने के लिए उपयोग में लाई जाने वाली सामग्री को भी जब्त किया गया। मामला शांति नगर क्षेत्र से जुड़ा हुआ है इस वार्ड में सड़क नंबर 5 बी प्लाट क्रमांक 140 के मकान में भारती एयरटेल कंपनी द्वारा टावर लगाने का काम किया जा रहा था। वार्ड क्रमांक 11 निवासी पूनम शर्मा का यह मकान है जिनके मकान के प्रथम तल में टावर लगाने की पूरी तैयारी की जा रही थी। मोहल्ले वासियों को जब इस बात की खबर लगी तो उन्होंने टावर लगाने का विरोध किया और इसकी शिकायत उन्होंने निगम से की। शिकायत पर निगम ने मोबाइल टावर नहीं लगाने के संबंध में संबंधित एजेंसी को सूचना पत्र जारी किया।
एजेंसी को सूचना पत्र प्राप्त होने के बाद भी उन्होंने अपना काम जारी रखा। तब निगम की टीम पहुंची और टावर लगाने के काम को बंद कराया। इसके साथ ही टावर लगाने के लिए उपयोग में लाए जाने वाली सामग्री 8 नग बैटरी, 2 नग लोहे की सीढ़ी एवं 3 नग लोहे के अन्य सामान को जप्त किया। एजेंसी के जयकुमार के समक्ष यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान भवन अनुज्ञा विभाग के उप अभियंता सिद्धार्थ साहू, विशेष दस्ता के बालकृष्ण नायडू एवं तोडफ़ोड़ दस्ता के कन्हैया यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर में एक दुखद हादसा हुआ है, गुरुवार को सड़क किनारे खेल रहे एक बच्चे को बस ने कुचल दिया। इसके चलते बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर पहुंच गए। लोगों को समझाकर जाम खुलवाया गया। परिजनों को 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। पुलिस ने बस जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। मामला डभरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 14 निवासी 9 साल का वरुण यादव घर से कुछ दूरी पर डभरा बस स्टैंड के पास खेल रहा था। इसी दौरान ड्राइवर लापरवाही पूर्वक बस चलाते हुए आया और बच्चे को टक्कर मार दी। बच्चा जमीन पर गिरा तो बस उसके सिर पर चढ़ते हुए निकल गई। इसके चलते बच्चे के मुंह से खून निकलने लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बस कस्तुरिया बस सर्विस की थी। हादसा होते देख लोगों का गुस्सा भड़क गया।
लोगों ने सड़क जाम कर ट्रैफिक रोका, मुआवजा देने पर माने
शहर में बात फैलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने जाम लगा दिया। करीब 3 घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके चलते वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बस स्टैंड पर भी कई बसें फंस गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। लोग बच्चे की मौत पर मुआवजा देने और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते रहे। इसके बाद तहसीलदार पहुंचे और सहायता राशि दी।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस दंपती के ठगी करने की खबर सामने आई है। दोनों ने 3 लोगों से 5 लाख रुपए ठगे और भाग गए थे। रायपुर के राजेंद्र नगर थाने में पदस्थ पति-पत्नी ने पीड़ितों को झांसा दिया था कि उनकी पहचान डीजीपी और गृह मंत्री से है। वे जल्द ही उनकी पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल के पद पर नौकरी लगवा देंगे, लेकिन पीड़ितों को नौकरी नहीं मिली। उनकी शिकायत पर भखारा पुलिस ने गुरुवार को आरोपी संतोष गुरुंग को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसकी पत्नी गौरी बंजारे फरार है। गौरी ही मुख्य आरोपी है।
हंचलपुर के रहने वाले महादेव गजपाल, शत्रुघ्न साहू और दौलत साहू की पहचान कुछ साल पहले हंचलपुर की रहने वाली गौरी बंजारे से हुई थी। 2017-18 में पुलिस विभाग ने कॉन्स्टेबल के पद पर भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला था। इसी के मद्देजनर गौरी ने तीनों को ये कहकर अपने झांसे में लिया कि वो उनकी नौकरी आसानी से पुलिस विभाग में लगवा देगी।
चेक और कैश के माध्यम से अलग-अलग दिन लिए रुपए
तीनों युवक गौरी की बातों में आ गए और चेक, कैश के माध्यम से गौरी को 5 लाख रुपए दे दिए। गौरी ने 16 अक्टूबर 2018 को चेक से 2 लाख रुपए लिए थे। इसके बाद 2 मई 2019 को एक लाख चेक से और 2 लाख रुपए कैश लिए। गौरी कहती रही कि सभी की नौकरी जल्द ही लग जाएगी। इस मामले में गौरी का पति संतोष भी उसका साथ दे रहा था। इधर, पैसे लिए काफी दिन बीत गए थे। पर अब तक तीनों की नौकरी नहीं लग पाई थी। महादेव गजपाल, शत्रुघ्न साहू, दौलत साहू लगातार संतोष और गौरी से बात कर ये पूछते थे कि कब तक नौकरी लगेगी? वे आज-कल का कहकर बात को टाल दिया करते थे।
सालभर पहले फरार हो गए
इसी बीच करीब एक साल पहले संतोष-गौरी फरार हो गए। पीड़ितों ने कई बार इनसे संपर्क करने प्रयास किया, लेकिन उनसे कोई बात नहीं हो सकी। पीड़ितों ने संतोष के रायपुर के घर में पता किया पर दोनों का कोई पता नहीं चला। आखिरकार तीनों ने परेशान होकर 23 जून को भखारा पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद से पुलिस इन आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी बिलासपुर में छिपा हुुआ है। जिसके बाद मौके पर दबिश देकर संतोष को गिरफ्तार किया है। पुलिस संतोष से पूछताछ कर रही है और गौरी का भी पता लगा रही है।
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में भालुओं का आतंक कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। भालू इस बार खेत में काम कर रहे शख्स पर हमला कर उसके शरीर का मांस नोच ले गया है। वहीं देर रात अस्पताल परिसार में भी एक भालू घुस गया था। इस प्रकार हफ्तेभर में भालुओं ने अलग-अलग स्थानों पर कुल 4 लोगों को निशाना बनाया है।
बताया गया है कि मरवाही वनमंडल के कोटरियाडांड़ गांव में गुरुवार को एक 45 साल के व्यक्ति को खेत में काम करते वक्त भालू ने हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। हादसे के बाद शख्स को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। इधर, भाड़ी के उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी एक भालू घुस गया था।
जिस समय भालू परिसर में घुसा था, उस वक्त अस्पताल की स्टाफ नर्स गेट के पास गई हुई थी कि अचानक उसकी नजर उसकी स्कूटी पर पड़ गई। जहां भालू खड़ा हुआ था। ये देखते ही वो वापस अस्पताल के अंदर भाई गई। पता चला है कि भालू कुछ देर तक अस्पताल परिसर में ही घूमता रहा। फिर वो वापस जंगल की ओर चला गया। हालांकि राहत के बात ये रही है कि भालू ने किसी को नुकासन नहीं पहुंचाया है।
खेत जाने निकल रहा था, घर के बाहर खड़े मादा भालू ने किया हमला
जिले में जंगली जानवारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पहले जिले में खासकर मरवाही वन मंडल में हाथियों ने भयंकर उत्पात में मचाया था। इस बीच हफ्तेभर पहले 20 अगस्त को आमाडाड गांव में एमएन सिंह(40) पर दो बच्चों के साथ घूम रही मादा भालू ने हमला कर दिया था। मादा भालू ने नाखून से पेट का मांग नोच लिया था। चीख-पुकार सुनकर पत्नी उन्हें बचाने के लिए आई तो भालुओं ने उस पर भी हमला किया। हैरान करने वाली बात ये है कि मादा भालू एमएन सिंह के घर के पास पहुंच गई थी। उन्होंने खेत जाने के लिए जैसे ही दरवाजा खोला था। वैसे ही मादा भालू ने हमला किया था।
20 अगस्त को ही दिन पेंड्रा के सिलपहरी में भी भालू ने एक वृद्ध महिला सगुनी बाई पत्नी अगरसाय पर हमला कर दिया। सगुनी बाई घर से कुछ दूरी पर बनी बाड़ी में जा रही थी। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 की टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया था।
रायपुर के गुढ़ियारी इलाके से एक सनसनीखेज खबर आई है, इलाके में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यह हमला बुधवार रात दीक्षा नगर में रहने वाले एक स्टूडेंट पर हमला हुआ है। बीकॉम फर्स्ट ईयर में पढ़ने वाले 23 साल के तरुण साहू को तीन बाइक सवार युवकों ने अपना शिकार बनाया और भाग गए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की भी छानबीन कर रही है। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने बताया कि बहुत ब्लीडिंग हुई थी देर होती तो युवक की जान भी जा सकती थी फिलहाल वो खतरे से बाहर है।
नाम पूछा और चाकू मार दिया
तरुण साहू ने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ वह आइसक्रीम और फ्रूटी बेचने का काम भी करता है। बुधवार की रात लगभग 9:30 बजे के आसपास वह अपने घर दीक्षा नगर लौटा था। पास की किराना दुकान से कुछ सामान लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसका एक साथी मिला और दोनों वहीं खड़े होकर बात करने लगे। इतने में पीछे से बाइक में सवार तीन युवक वहां पहुंचे और पूछा तरुण कौन है। तरुण ने उन युवकों से पूछा कि- हां कहिए क्या बात है?
तरुण का जवाब सुनते ही एक युवक ने गर्दन के पास चाकू टिकाया और गला रेत कर भाग गया। तरुण के गले में जलन हुई और तेजी से खून बहने लगा। हड़बड़ा कर वह युवकों की तरफ लपका मगर वो भाग गए। तरुण भी लड़खड़ाकर गिर गया। तरुण के साथी ने घर वालों को हमले की बात बताई। उसे अस्पताल ले जाया गया और अब थाने में शिकायत की गई है। इस पूरे मामले में अब तक जानकारी मिली है कि तरुण की हत्या करने की नीयत से युवक यहां पहुंचे थे। तरुण ने खुद बताया कि वारदात के कुछ देर पहले से ही तीनों युवक उस पर नजर रखे हुए थे। फिर अचानक हमला कर दिया। यह हमला किस वजह से हुआ अब तक यह बात साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसमें तरुण का बयान ही सबसे अहम है कि आखिर उसकी किससे इतनी दुश्मनी है।
24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात
गुढ़ियारी इलाके में मंगलवार की सुबह भी एक गैंगवार की घटना सामने आई थी इसमें चार से पांच युवक घायल हुए थे। पुलिस ने इस पूरे मामले में दो युवकों को मंगलवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया था। यह घटना गुढ़ियारी के प्रेम नगर और गुलाब नगर इलाके में हुई थी। यहां रहने वाले मयूर और सूरज नाम की युवकों के बीच हुई मारपीट की वजह से दोनों गुटों के युवकों ने एक दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया था।
बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने15 अगस्त चार नवीन जिला बनाने का घोषणा की थी , जिसमें सारंगढ़ बिलाईगढ़ का नाम संयुक्त रूप से शामिल किया गया है। जिसके बाद लगातार भटगांव नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि सहित आमजन मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंप सारंगढ़ बिलाईगढ़ में भटगांव का नाम जोड़कर सारंगढ़ भटगांव बिलाईगढ़ रखने की माँग कर रहे हैं।
इसी तारतम्य में आज नगर पंचायत भटगांव के बस स्टैंड में व्यापारी संघ ,जनप्रतिनिधि व आम नागरिक सहित क्षेत्र के लोग सर्वदलीय नगर विकास मंच के रूप में शामिल हुआ और बस स्टैंड से रैली निकाल तहसील कार्यालय पहुँचा जहाँ तहसीलदार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम पर ज्ञापन सौंपा।
वहीं ज्ञापन में सर्वदलीय नगर विकास मंच ने माँग रखा है कि नवीन जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ में भटगांव नगर को जोडा जाय और नवीन जिला का नाम सारंगढ़ भटगांव बिलाईगढ़ रखा जावे। जिससे भटगांव नगर को एक नया स्वरूप मिल सकें. वहीं नगर के वरिष्ठजनों ने मीडिया को बताया कि विगत कई वर्षों से भटगांव लगातर उपेक्षित का दंश झेल रहा है अब उपेक्षित बर्दास्त नहीं करेंगे. माँग पूर्ण नहीं होने पर 7 दिवस के बाद उग्र आंदोलन किया जावेगा जिसका जिम्मेदार शासन प्रशासन होगा। अब ऐसे में देखना लाजमी होगा कि भटगांव वासियों के जायज माँग पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नया जिला का नाम सारंगढ़ बिलाईगढ़ के बाजाय सारंगढ़ भटगांव बिलाईगढ़ रखेंगे..या नहीं।
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक महिला ठगी की शिकार हो गई। पीडि़ता को रुपये की जरुरत पडऩे पर अपना गहना गिरवी रखने के लिए पहचान के व्यक्ति को दे दिया। लेकिन वह गहने लेकर फरार हो गया। मामले की रिपोर्ट सिविल लाईन्स थाने में दर्ज करायी गई है।
रायपुर। अवैध संपत्ति और राजद्रोह के आरोप में निलंबित आईपीएस गुरजिंदर पाल सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है।
रायपुर। जुआ खेलने की सुचना पर गंज थाना पुलिस ने एक होटल में छापामाकर 09 लोगों को गिरफ्तार कर 2 लाख 56 हजार रुपये व ताश की 52 पत्ती जब्त की है। मिली जानकारी के मुताबिक 25 अगस्त को देररात झूलेलाल जगदीश होटल सायबर सेल स्टाफ के साथ रेड कार्यवाही किया। होटल लाज के उपर बने हाल में जुआ ताश पत्ती का लगाकर हार जीत का रूपये पैसे का दांव खेला जा रहा था । आरोपियों के नाम पूछने पर अपना नाम , राकेश अग्रवाल 42 वर्ष गुढियारी के पास से1170 रुपये,धनंजय सिंग उम्र 41 दिन दयाल उपाध्याय नगर के पास से 9000 रुपये , बृजेश शर्मा गुढिय़ारी के पास से 28 हजार 130 रुपये, , तरूण नागवानी उम्र 28 शंकर नगर के कब्जे से140 रुपये, मन्नू मदानी उम्र 50 वर्ष पण्डरी शिव मंदिर पास से 2000 रुपये, अनिल शुक्ला उम्र 47 नहरपारा गंज से 7940 ,12200 रुपये, ब्रिजेश कोहली उम्र 44 सा. भाटागांव के पास से 4500 रुपये, रामकुमार गुप्ता उम्र 36 वर्ष राम नगर शीतला पारा गुढियारी के पास से 127640 , सुमित सिंग उम्र 34 वर्ष पंडरी तराई के पास कब्जे से 35000 रू एवं 5 गड्डी तास पत्ती 227720 रुपये फ ड से 28620 रुपए 2 लाख 56320 रुपये जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत अपराध कायम किया है।
















