रायपुर। छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर पैमाने पर प्रशासनिक सर्जरी की गई है। सुब्रत साहू का कद और बढ़ा दिया गया है। सुब्रत साहू को जलसंसाधन और पर्यावरण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं मंनिदर कौर द्विवेदी को विज्ञान एवं प्रद्यौगिकी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा गौरव द्विवेदी को आर्थिक एवं सांख्यिकी और 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग को सौंपा गया है। शहला निगार समाज कल्याण विभाग और निशक्त जन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रसन्ना आर को कौशल विकास विभाग दिया गया है। इसके अलावा चार और आईएएस के प्रभार में बदलाव किया गया है। बता दें कि आज ही नए मुख्य सचिव का ऐलान किया गया है। अमिताभ जैन को नए मुख्य सचिव बनाए गए है।
कवर्धा। पुलिस विभाग में लेनदेन के अक्सर आरोप लगते रहते पर अपने वर्दी को दागदार होने से बचाने के लिए अक्सर शिकायतों को फर्जी बताकर मामला रफादफा कर दिया जाता है। किंतु आजकल जागरूक हो चुके नागरिक अब सीधे सोशल मीडिया में जनता की अदालत में वीडियो और ऑडियो वायरल कर भ्रष्ट वर्दीधारियों की पोल खोलने लगे है।
मामले को रफादफा करने के आडियो के शोशल मीडिया में वायरल होने पर बाजार चारभांठा पुलिस चौकी की प्रभारी उप निरीक्षक गीतांजलि सिन्हा, आरक्षक 807 हेमन्त राजपूत, और चालक आरक्षक 101 आसिफ खान के विरुद्ध चौकी बाजार चारभांठा क्षेत्र में मिल रही लगातार शिकायतों को, संरक्षण देने के लिए रुपये पैसो की लेनदेन करने संबंधी 29 नवंबर को प्राप्त ऑडियो क्लिप के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र कबीरधाम में सम्बद्ध किया गया। रक्षित केंद्र कबीरधाम में होने वाली तीनो गणना में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। कुछ दिन पूर्व दासरंगपुर चौकी प्रभारी मानसिंग को ट्रांसपोर्टर से पैसे मांगने के वाइरल वीडियो पर निलंबित किया गया था।
रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी की घटना में फिर एक युवक की हत्या होने की रिपोर्ट टिकरापारा थाने में दर्ज की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात राहुल तांडी व गोपी सागर नशे की हालत में रविवार को रात 12 बजे बुढ़ा तालाब के पास बैठे थे, तभी जुबेर नाम के एक व्यक्ति ने इन्हे बोरियाखुर्द छोड़ देने की बात कही, इसके बाद राहुल व गोपी एवं जुबेर एक साथ बोरियाखुर्द आरडीए कालोनी स्कूटर से 12.30 बजे पहुंचे। वहां पहले से मौजूद जावेद नाम के व्यक्ति ने राहुल की गाड़ी को धक्का देकर गिरा दिया व उसके ऊपर धारदार हथियार से ताबड़तोड वार कर हत्या कर दी। बीच -बचाव करने पर चाकू से गोपी सागर के उपर भी आरोपियों ने वार किया जिसके बाद वह घटना स्थल से भागकर इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी। राहुल तांडी की हत्या में जावेद का भाई जुबेर ने भी साथ दिया जब मृतक पर आरोपी धारदार हथियार से वार कर रहा था तो जुबेर मृतक को पकड़ रखा था। गोपी सागर ने पुलिस को बताया कि 1 माह पहले भी मृतक व आरोपी के बीच विवाद होने के बाद मारपीट हुआ था,उसी रंजिश को लेकर जुबेर 18 वर्ष व जावेद 20 वर्ष ने एक राय होकर मृतक की हत्या कर दी। मृतक राहुल तांडी नेहरु नगर निवासी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर धारा 302,323,34 के तहत मर्ग कायम कर अपराध दर्ज कर लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामले में दो संदेहियों को हिरासत लेने की जानकारी मिली है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य सरकार द्वारा लोक निर्माण विभाग में लागू की गई ई श्रेणी पंजीयन प्रणाली को अब राज्य शासन के सभी निर्माण विभागों, निकायों, मण्डलों और बोर्ड आदि में भी लागू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा राज्य में एकीकृत ‘‘ई‘‘ श्रेणी पंजीयन प्रणाली लागू की गई है। ई श्रेणी पंजीयन के माध्यम से स्थानीय बेरोजगार युवकों को स्वरोजगार उपलब्ध कराये जाने हेतु 20 लाख रूपए तक की लागत के एकल कार्य ब्लाक स्तर पर सीमित निविदा के माध्यम से प्रदाय किए जाने का प्रावधान किया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण कार्यों के अनुबंध में 20 लाख रूपए से अधिक लागत के कार्यों में डिप्लोमा इंजीनियर तथा एक करोड़ से अधिक के कार्यों में स्नातक इंजीनियर नियुक्ति किए जाने का प्रावधान अनिवार्य किया गया है। डिप्लोमा इंजीनियर को 15 हजार रूपए प्रति माह तथा स्नातक इंजीनियर को 25 हजार न्यूनतम प्रति माह भुगतान का भी प्रावधान किया गया है। निविदा अनुबंध में इंजीनियरों की नियुक्ति की अनिवार्यता किए जाने से बड़ी संख्या में बेरोजगार इंजीनियरों को रोजगार प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि लोक निर्माण विभाग के उक्त दो निर्णयों का सभी निर्माण विभागों, निकायों, मण्डलों, बोर्ड इत्यादि में भी पालन अनिवार्यतः करने के निर्देश जारी किए जाएं ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज मुख्य सचिव पद से आईएएस आरपी मंडल सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद प्रदेश की कमान अपर मुख्य सचिव अमिताभ जैन को दी गई।
राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस सम्बन्ध में आदेश जारी कर दिया है।
दुर्ग। मुख्यमंत्री ने पुलिस की छवि सुधारने और आम जनमानस के प्रति जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में डीजीपी डीएम अवस्थी ने रायपुर और दुर्ग के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अनुशासनहीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में डीजीपी के निर्देश पर दुर्ग जिले के धमधा थाना के टीआई शैलेन्द्र ठाकुर और चरौदा जीआरपी चौकी के प्रभारी रमेश पांडे को निलंबित कर दिया गया है। टीआई शैलेन्द्र पांडे के विरुद्ध अवैधानिक कार्यों के लिए पैसों के लेनदेन, भ्रस्ट व संदिग्ध आचरण की शिकायत प्राप्त होने के बाद डीजीपी ने दुर्ग पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। दुर्ग पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने निलंबन आदेश जारी किया है। वहीं पुलिस को सूचना मिली कि भिलाई के चरौदा इलाके में जुआ, सट्टा की अवैध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। पुलिस ने इलाके में छापा मारने पर जुआ और सट्टा पट्टी बरामद की गई। इस पर डीजीपी ने रेलवे पुलिस अधीक्षक रायपुर को निर्देश दिए कि तत्काल चरौदा जीआरपी चौकी प्रभारी को निलंबित किया जाए। चरौदा जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई रमेश पांडे को जुआ, सट्टा की गतिविधियों पर अंकुश ना लगाने पर पुलिस अधीक्षक रेल की ओर से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में टीआई शैलेंद्र ठाकुर और एएसआई रमेश पांडे को रक्षित केंद्र दुर्ग में सम्बद्ध किया गया है।
ज्ञात हो कि डीजीपी श्री अवस्थी ने रायपुर और दुर्ग में समीक्षा बैठक के दौरान आईजी और पुलिस अधीक्षकों को बेसिक पुलिसिंग पर जोर देने के निर्देश दिए थे। साथ ही अनुशासनहीन और भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने कहा था। जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे। डीजीपी श्री डीएम अवस्थी ने लगातार दो दिन रायपुर और दुर्ग में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली और गुंडे-बदमाशों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके सकरात्मक परिणाम देखने को मिले। रायपुर और दुर्ग पुलिस ने कई गुंडे-बदमाशों पर कार्रवाई की गई है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस लगातार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग। शराब दुकान पाटन के कर्मचारियों के साथ पाटन के ही कुछ युवकों ने जमकर मारपीट किया, इसके कारण खूब लाठी चली। शराब दुकान के एक कर्मचारी का सिर फट गया जिसकी हालात गंभीर है उसे मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। वही एक कर्मचारी की हाथ की हड्डी टूट गई है। सभी आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात को करीब 9:50 मिनट के बाद पाटन के कुछ युवक शराब लेने पहुंचे, शराब दुकान बंद हो चुका था। इसके बाद भी शराब की देने के की मांग करते जिद करने लगे। इसके बाद युवक वहां से वापस आ गए। जब शराब दुकान के कर्मचारि वापस अपने घर लौट रहे थे तब शराब दुकान के सामने ही कुछ दूरी पर ही मुख्य सड़क मार्ग पर रोककर युवकों ने शराब दुकान के कर्मचारियों के साथ मारपीट किया गया। बताया जाता है कि युवकों ने लाठी से जमकर मारपीट किया। जिसमे से एक गंभीर है।
तीनों आरोपी और एक नाबालिक लड़का बिती के रात 9:50 बजे जब प्रार्थी शराब दुकान बंद करके अपने घर जा रहा था। तो शराब भट्टी के सामने मुख्य रोड पर प्रार्थी गण से शराब नहीं दिए हो की बात को लेकर विवाद कर गाली गलौज कर डंडे से मारपीट किया। जिससे प्रार्थी एपाल सिंह और मुकेश कुमार के सिर और ्हाथ में चोट लगी है यू मुकेश कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी है। जिसे मेकाहारा अस्पताल रायपुर रिफर किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना पाटन में धारा 294 506 323 307 341 34 आईपीसी कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रायपुर। उरला व टिकरापारा क्षेत्र से एक मासमूस व एक नाबालिग लड़की के लापता हो जाने की रिपोर्ट थाने में दर्ज की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीरगांव उरला निवासी पिता 35 वर्ष ने उरला थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है कि 29 नवंबर को प्रार्थी का बेटा आयु 06 वर्ष घर से बिना बताये कही चला गया है। पीडि़त ने आशंका जताया है किसी ने मासूम को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 363 के तहत अपराध कायम कर गुमइंसान का मामला दर्ज कर लिया है। इसी तरह टिकरापारा क्षेत्र में पीडि़त 37 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज करायी है कि प्रार्थी की नाबालिग बेटी आयु 16 वर्ष घर से बिना बताए कही चली गई है। किसी ने बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 363 के तहत अपराध कायम कर गुम इंसान का मामला दर्ज कर लिया है।
रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि देश के कुछ प्रमुख बैंकों को व्यापारियों के लिए एक बड़े खलनायक का दर्जा देते हुए, कैट ने आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक ज्ञापन भेज कर शिकायत की है। विभिन्न बैंकों ने अमेजन और वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट सहित अन्य ई कॉमर्स कंपनियों पर बैंकों पर, ई कॉमर्स कंपनियों के साथ अवैध साठ-गाँठ और व्यापारियों और लोगों के साथ भेद-भाव करने का बड़ा आरोप लगाया है। इस सारे मामले की तुरंत जांच की मांग की है। अपनी शिकायत में कैट ने कहा कि अमेजन, फ्लिपकार्ट और अन्य ई कॉमर्स कंपनियों के ऑनलाइन पोर्टल से माल की खरीद करने पर, कुछ प्रमुख बैंकों ने10 प्रतिशत कैश बैक या डिस्काउंट दिया जा रहा है। जिससे देश के व्यापारियों का बड़ा अहित हो रहा है।
कैट ने बैंकों पर ई कॉमर्स कंपनियों के साथ मिलकर एक कार्टल बनाने का आरोप नहीं लगाया है। जो सीधे तौर पर अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है। कैट ने बैंकों पर देश के लोगों के मौलिक अधिकार के हनन तथा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के फेयर प्रैक्टिस कोड के उल्लंघन का भी आरोप लगाया है। कैट ने यह भी कहा है की बैंक और ई कॉमर्स कंपनियों का नापाक गठजोड़ कम्पटीशन एक्ट 2002 का भी सीधे तौर पर उल्लंघन करता है।
वित्त मंत्री को भेजे अपने ज्ञापन में कैट ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर हम आपके दरवाजे पर दस्तक देने को मजबूर हो गए हैं। क्योंकि देश के अनेक बैंक अपनी मनमर्जी से ई कॉमर्स कंपनियों के साथ अपवित्र गठबंधन कर देश के व्यापारियों के व्यापार को प्रतिस्पर्धा से बाहर रखने के षड्यंत्र में लिप्त हैं।
वित्त मंत्री के तौर पर आप इस मामले का तुरंत संज्ञान लें और बैंकों की इस मनमानी को तत्काल रोकें और तुरंत इस गंभीर मामले की जांच कराई जाए की आखिरकार बैंक किस आधार पर 10 प्रतिशत का कैश बैक या डिस्काउंट ई कॉमर्स पोर्टल से खरीद पर दे रहे हैं। कैट ने इस आशय का एक ज्ञापन केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पियूष गोयल को भी भेज कर इस मुद्दे पर उनके हस्तक्षेप का आग्रह किया है।
रायपुर। जुआ खेलते पुलिस ने 10 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नगदी 93 हजार 150 रुपयें एवं ताश की 52 पत्ती जब्त किया है।
खमतराई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामेश्वरनगर भनपुरी में 29 नवंबर को 10.20 बजे मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने छापामारकर रेड की कार्रवाही के दौरान जुआ खेलते प्रमोद भारती 28 वर्ष पिता जुगनू भारती एवं अन्य 09 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नगदी 93 हजार 150 रुपयें एवं ताश की 52 पत्ती जब्त किया है। पकड़े गए जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कानूनी कार्रवाही की गई है।
रायपुर। क्रेटा कार में रखकर प्रतिबंधित नशीला कफ सिरप एवं टेबलेट बेचते पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़ी मात्रा में दवा व सिरप के साथ कार जब्त किया है।
आजाद चौक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबीर की सूचना पर 29 नवंबर को 9.10 बजे ईदगाह भाठा हिन्द स्पोर्टस मैदान के पास दो लोगों के द्वारा नशीला टेबलेट व सिरप बेचने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रेड की कार्रवाही के दौरान के्रटा कार क्रमांक सीजी 07 बीके 9722 में सवार अभिषेक ठाकुर 24 वर्ष पिता लखन सिंह एवं शहबाज खान 29 वर्ष पिता मोहम्मद अली खान को पकड़ा है। पकड़े गए युवकों की कार की तलाशी लेने पर 11 शीशी क्यूरेक्स कफ सिरप,398 नग ओनरेक्स कफ सिरप प्रत्येक में 100-100 एमएल कुल 409 नग नशीला प्रतिबंधित दवा एवं ब्रिकी की रकम 55 सौ रुपयें आरोपियों के पास से जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने नार्कोटिक्स 21 के तहत कानूनी कार्रवाही कर गिरफ्तार कर लिया है।
बीजापुर। कुटुरू थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक सन्नू माड़वी ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय परिवार के सदस्य धान कटाई के लिए गए थे, शाम को लौटने पर उसे फांसी में झूलते हुए पाया। आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है। एडिशनल एसपी जियारत बेग ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, एएसआई सन्नू माड़वी कुटुरू थाने में पदस्थ था, जो ड्यूटी के बाद थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम तुमला गया हुआ था। सुबह तक सबकुछ ठीक था, परिवार के सदस्य धान कटाई के लिए निकल गए, जब वापस शाम को लौटे तो सन्नू माड़वी को फांसी से लटके पाया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
24 घंटे में संभाग में 3 पुलिस वालों ने की आत्महत्या-
एएसआई सन्नू माड़वी के आत्महत्या को मिलाकर बीते 24 घंटे के दौरान बस्तर संभाग में 3 पुलिस जवानों ने आत्महत्या कर चुके हैं। इसके पहले रविवार को पामेड़ थाना में पदस्थ आरक्षक विनोद पोर्ते ने ड्यूटी के बाद थाना परिसर के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मृत जवान बिलासपुर के पाली ब्लॉक के सिरगा गांव का निवासी था।
इसी तरह सुकमा जिले में पदस्थ सीएएफ के आरक्षक दिनेश वर्मा ने रविवार सुबह सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आरक्षक 26 नवंबर को छुट्टी से वापस लौटकर ड्यूटी ज्वाइन किया था। दोनों घटनाओं में जवानों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही गई थी।
कोरबा। कटघोरा वन मंडल में लगातार पिछले कई वर्षों से हाथियों का आतंक एवं उसके दहशत से ग्रामीण उबर नहीं पाए हैं और इधर जंगली भालू का आतंक फिर शुरू हो गया।
मामला केँदइ रेंज के कोरबी सर्किल क्षेत्र की है घटना दिनांक 29 नवंबर को कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुलसर ग्राम पंचायत रोदे, निवासी फु लकुवर पति मंगल सिंह जाति गोंड उम्र 65 वर्ष स्थानीय कोरबी रविवारी सप्ताहिक बाजार कर अपने भाई के घर ग्राम हरदेवा जा रही थी तभी ग्राम फुलसर के पास स्थित घोघरा नाला पर शाम लगभग 5.00 बजे के दरमियान उसका एक आदमखोर भालू से मुठभेड़ हो गया जिससे उसके ऊपर अचानक हमला कर उसे मौत के घाट उतार दी। जिससे उसके सिर एवं आंख व उसके विभिन्न अंग को क्षत-विक्षत कर भालू भाग निकला, घटने की खबर किसी तरह सप्ताहिक बाजार कर अपने घर लौट रहे राहगीरों ने उसके परिवार जनों को दी तब तक वृद्ध महिला फुल कुंवर की मौत हो चुकी थी, तत्पश्चात घटने की खबर उसके परिवार जनों ने स्थानीय पुलिस चौकी एवं परिक्षेत्र सहायक कोरबी महेंद्र कुमार साहू, को अवगत कराया। बताया जाता है कि पिछले 10 वर्ष पूर्व ऐसा ही एक हृदय विदारक घटना हुई थी जिसमें एक आदमखोर भालू ने ग्राम फुलसर की दो ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया था। घटना की खबर मिलते ही वन विभाग एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पीएम हेतु पोड़ी उपरोड़ा के लिए कराई गई। यह बताना होगा कि क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों से हाथियों के आतंक से ग्रामीण पूरी तरह भयभीत एवं आक्रोश प्रकट कर उससे ऊबर नहीं पाए हैं और इधर भालू का आतंक फि र शुरू हो गया है, जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कार्तिक पुन्नी के अवसर पर प्रात: राजधानी रायपुर के महादेव घाट पहुंचकर खारून नदी में कार्तिक पूर्णिमा स्नान कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने खारून नदी में कार्तिक स्नान करने के उपरांत नदीतट पर स्थित ऐतिहासिक हटकेश्वर महादेव मंदिर में महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश के विकास के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री परंपरागत गंगा आरती कार्यक्रम में सम्मिलित हुए व दीपदान किया। उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा की सभी को बधाई व शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा,महापौर एजाज ढेबर, नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे सहित अन्य गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
बिलासपुर। बिलासपुर स्तिथ कोटा थाना में प्रशिक्षु आईपीएस गौरव राय के प्रभार लेने के बाद दो नंबर के कार्य करने वालों में हड़कंप मचा गया हैं। आईपीएस अधिकारी गौरव राय व कोटा पुलिस की कोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत लमकेना मे अवैध रूप से रखे गए लाखों रुपए की इमारती लकड़ियों की सूचना पर छापामार कार्यवाही की गई। प्रशिक्षु आईपीएस की इस कार्यवाही से लमकेना ग्राम में हड़कंप मच गया है। कार्यवाही के दौरान मामले में शामिल अन्य लकड़ी तस्करी में शामिल लोग वहा से फरार हो गए। मामले में कोटा-पुलिस कार्यवाही के दौरान 3 से 4 ग्रामीण के घर से इमरती लकड़ियों से बने पलंग-फर्नीचर सहित लगभग 5 लाख रुपए के चिरान-सिलपट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीण के घर से लकड़ी काटने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित आरा-मशीन भारी संख्या में बरामद की गई है।
ज्ञात हो कि इमरती इससे पूर्व में भी लमकेना ग्राम में कोटा वन विभाग ने सालों पहले कोटा पुलिस के सयुंक्त छापामार कार्यवाही में भारी मात्रा में इमरती लकड़ियों सहित लकड़ी काटने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित आरा मशीन बरामद की गई थी।
यहा तक सूचना प्राप्त हुई थी, कि उस समय के छापामार कार्यवाही के दौरान लकड़ी के बुरादे भारी मात्रा में पड़े हुए थे, अगर उसे भी जप्त किया जाता तो ट्रक भर जाता, लमकेना व आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी पैमाने में इमरती लकड़ी की कटाई व तस्करी लगातार जारी है। ये करवाई को देख कर सवाल ये उठता है कि, क्या इतने बड़े पैमाने में होने वाली कटाई व तस्करी के मामले में केवल ग्रामीण ही संलिप्तता हैं?
उच्च अधिकारियों को समीक्षा की आवश्यकता-
इस पर वन-विभाग के उच्च-अधिकारियों को समीक्षा की आवश्यकता है, वैसे भी आज की लाखो रुपए की इमरती लकड़ियों की छापामारी-कार्यवाही में कोटा-पुलिस ने बाजी मार ली वन-विभाग व उनके मातहत अधिकारी-कर्मचारीयो के कार्यवाही के लिए पुलिस ने केवल लकड़ियों के बुरादे ही छोड़े है।
मुख्य सचिव आरपी मंडल पोस्ट रिटायरमेंट पोस्टिंग का आदेश के बाद नगरीय प्रशासन विभाग में बनेंगे सलाहकार
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव आरपी मंडल आज 33 वर्ष की आईएएस की नौकरी के बाद रिटायर हो जाएंगे। आज गुरुनानक जयंती की छुट्टी होने के कारण मंत्रालय बंद रहेगा। इस वजह से नए चीफ सिकरेट्री का आदेश भी आज-कल में निकल जायेगा। 89 बैच के आईएएस अमिताभ जैन का नया प्रशासनिक मुखिया बनना तय है।
प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरपी मंडल को सरकार जल्द ही पोस्ट रिटायरमेंट पोस्टिंग दे सकती है। इसके लिए आदेश की ड्राफ्टिंग भी तैयार की गई है। उन्हें नगरीय प्रशासन विभाग में सलाहकार बनाने की खबर है।
रायपुर। डीजीपी डीएम अवस्थी ने नक्सली घटना के संबंध में कहा कि जवान गश्त पर निकले थे और इंटेलिजेंट बेस ऑपरेशन था। यह ट्रिगर माइन था या फिर एंटी पर्सनल आईईडी थी इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि कल सभी वरिष्ठ अधिकारी बुर्कापाल के लिए रवाना होंगे वहां भी जांच की जाएगी। दोनों ओर से कोई फायरिंग नहीं हुई ये एक एंटी पर्सनल माइन है तो यह पहले से लगाई होगी। अभी इसकी जांच की जा रही है।
सीआरपीएफ डीजी ए.पी महेश्वरी ने बताय कि सीआरपीएफ एक बहादुर बल है। स्टेट पुलिस के साथ संयुक्त अब कार्रवाई और जोरो से की जा रही है।
ज्ञात हो कि सुकमा के तालमेटला में नक्सलियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। जवानों को निशाना बनाकर नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इसमें 1असिस्टेंट कमांडर नितिन भालेराव शहीद हो गया और वहीं 9 जवान घायल हुए है। जिसमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है घायल जवानों का इलाज अभी जारी है।
रायपुर। नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में शहीद सुकमा जिले के जवान नितिन भालेराव को अंतिम सलामी दी गई। माना के चौथी बटालियन परेड ग्राउंड में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू,संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, डीजीपी डीएम अवस्थी, एडीजी अशोक जुनेजा, आईजी आनद छाबड़ा समेत सीआरफईएफ के आला अधिकारियों ने सलामी दी। इसके बाद जवान का पार्थिव देह मुंबई की फ्लाइट से गृहग्राम ले गए।
ज्ञात हो कि सुकमा के तालमेटला में नक्सलियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया जिसमें जवानों को निशाना बनाकर नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया है। इसमें एक असिस्टेंट कमांडर नितिन भालेराव शहीद हो गया है। वहीं 9 जवान घायल हो गए और4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने सुकमा आईईडी ब्लास्ट को नक्सलियों का कायराना करतूत बताया। हम लगातार 22 महीनें से अभियान चला रहे हैं और इस के चलते सर्वाधिक नक्सली मारे गए और सरेंडर भी किए। इससे बौखलाहट प्रतीत होता है, हालांकि कभी जवानों से होता है या अन्य कोई कारण जिसके चलते घटना घटी है। इस घटना में 10 लोग घायल हुए और 8 लोगों को रायपुर लाया गया। 1 जवान शहीद हुए और घायल जवान खतरे से बाहर है।
नक्सलियों के खिलाफ अभियान को लेकर हुई बड़ी बैठक और उसके बाद इस प्रकार की घटना पर गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली से अधिकारी आते हैं सुरक्षा के अधिकारी के साथ सभी मिलकर चर्चा करते हैं। सूचनाओं का आदान-प्रदान भी करते हैं और उसके परिप्रेक्ष्य में ही निर्णय लेकर रणनीति तय की जाती है। हालांकि कभी-कभी चूक होती है जिसका यह परिणाम है।
जवानों की आत्महत्या पर गृहमंत्री का बयान कोशिश की जाती है कि जवान तनाव में ना आए इसके तहत स्पंदन कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। इसके तहत अधिकारी जवानों से मिल रहे हैं, उनकी समस्याओं से भी अवगत हो रहे हैं। व्यक्तिगत या पारिवारिक बात होती है जिसके चलते जवान इस प्रकार के निर्णय ले लेते हैं। सरकार की ओर से सभी अच्छी व्यवस्था दी जा रही है। निगरानी भी की जा रही है और चर्चा भी की जा रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध रामायणकालीन स्थल शिवरीनारायण में मुख्यमंत्री का स्वागत छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिवरीनारायण मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उनके शिवरीनारायण मठ पहुंचने पर उन्हें ठेठरी, खुर्मी, पपची, अइरसा, मुरकु, खाजा, सलोनी स्वादिष्ट छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से भी तौला गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, राज्यसभा सांसद पी.एल. पुनिया और विधायक मोहन मरकाम भी उपस्थित थे।
राजनांदगांव। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ बॉर्डर नेशनल हाइवे पर स्थित प्रदेश के सबसे बड़े परिवहन चेकपोस्ट जो कि पूर्व की सरकार में भी विवादित रहा है। जिसे बन्द करवा दिया गया था,अभी कुछ ही महीनों पहले इसकी फिर से शुरुआत वर्तमान में सरकार ने की है। जहाँ वाहनों का परमिट,पी.ओ.सी प्रमाणपत्र, लोडिंग, अन्य सभी प्रकार के करो के तहत जांच की जाती है। इस चेक पोस्ट में वर्तमान में कुल 16 पद स्वीकृत है और वर्तमान में अभी 14 लोग पदस्थ है। जिसमे 2 परिवहन निरीक्षक , 2 निरीक्षक, 5 परिवहन प्रधान आरक्षक, 5 आरक्षक कार्यरत है। जिस तरह की शिकायत अगर प्रार्थी ने थाना चिचोला में की गई है की उसे टोकन लेने के लिए लम्बे समय मजबूर किया जा रहा था।
सूत्रों की माने तो लगातार अवैध उगाही की खबरे ट्रक मालिको ने की परन्तु किसी भी ट्रक मालिक ने परिवहन विभाग से बैर नही करने के डर से लिखित शिकायत नही की थी। आज इसका प्रमाण सामने आ गया है कि परिवहन विभाग के इतने अधिकारी कर्मचारी तैनात होने के बावजूद इनके नाक के नीचे तीन आरोपियों ने इस अवैध उगाही की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। आरोपी अनिल वर्गीस पिता के.एस.वर्गीस उम्र 54 निवासी चिचोला, आरोपी राम कुमार सिन्हा पिता रामसुख सिन्हा उम्र 41 वर्ष निवासी चिचोला, आरोपी लखन साहू पिता भिखारी साहू उम्र 37 निवासी पाटेकोहरा, इन तीनो आरोपियों के विरुद्ध आई.पी.सी. की धारा 420,341,384,34 के तहत अपराध पंजीबद्ध चिचोला थाने में शिकायतकर्ता अनिरुद्ध सुभाष मड़ावी पिता सुभाष मड़ावी उम्र 21 वर्ष किया गया है। निवासी देवरी,थाना देवरी,जिला गोंदिया की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
जानिए बेरियर में पदस्थ अधिकारी क्या कहते है- मैं बाहर था मुझे इस बारे में जानकारी नही है आप चिचोला थाने में पता कर ले।
प्रभारी निरीक्षक- शिकायत लंबे समय से प्राप्त हो रही थी परन्तु सबूत नही मिल रहे थे। यह पहली बार लिखित शिकायत प्राप्त हुई है तीनो आरोपियों के ऊपर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।प्रभारी चिचोला थाना राजनांदगाँव क्षेत्रिय परिवहन अधिकारी प्रभारी ने फोन तक उठाना जरूरी नही समझा।
दुर्ग। राज्य शासन के आदेशानुसार नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित समस्त प्रकार के पशुवध गृह और मांस बिक्री की दुकानें 30 नवबंर बंद रहेगी। सोमवार को गुरुनानक की जन्म दिवस पर बंद रखा जाएगा। इस आशय का आदेश स्वास्थ्य अधिकारी ने जारी किया गया है।
रायपुर। शनिवार की रात राजधानी के गोलबाजार थाने में व्यवसायी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। व्यवसायी ने खुद थाने पहुँचकर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। व्यवसायी के लिखित आवेदन के अनुसार उसका अपहरण 27 नवंबर को रात साढ़े ग्यारह बजे तब किया गया जबकि वह अपने कॉंपलेक्स के निवासियों का विवाद होते देख उन्हे छुड़ाने की कोशिश कर रहा था।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र निवासी विवेक गुप्ता ने थाना गोलबाजार में सूचना दी कि, 27 नवंबर को जबकि वह रोज की तरह अपने कॉंपलेक्स को चेक करने पहुँचा तो उसने देखा कि, कॉम्प्लेक्स निवासी दो लोगों से स्विफ़्ट कार सवार युवक लड़ाई कर रहे हैं। उसने छुड़ाने की कोशिश की तो युवक उसे पीटते हुए अमलेश्वर की ओर ले गए, जहाँ एक घर में क़ैद कर यह कहने लगे कि, पचास हजार घर से मंगाओ तो ही छोड़ेंगे। इस दौरान युवक से मारपीट भी हुई।
आवेदन के अनुसार युवक विवेक गुप्ता ने बताया है कि नदी पार ढाबे पर युवक की बहन को पचास हजार के साथ बुलाया गया। अपहरणकर्ताओं ने युवक को ढाबे के पास खडा रखा था, भीड़ बढ़ने की वजह से अचानक अपहरणकर्ता ग़ायब हो गए। वहीं युवक अपनी बहन माँ और चचेरे भाई के ढाबा पहुँचने पर उनके साथ वापस आ गया।
राजधानी के कारोबारी अपहरण मामले का खुलासा हो गया है। आपसी विवाद की वजह से प्रोपर्टी डीलर की किड्नेपिंग की गयी थी। राजधानी पुलिस ने इस मामले में सभी 5 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिन 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम हिमांशु शर्मा, सार्थक डे, निखिल चंद्राकर, हर्ष शर्मा और रितेश शर्मा है। इन सभी आरोपी को घटना के कुछ घंटों बाद ही राजधानी पुलिस ने दबोच लिया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महापर्व एक दिसम्बर से शुरू होने जा रहा है। राज्य में इस साल धान बेचने के लिए 21 लाख 29 हजार 764 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनके द्वारा बोये गए धान का रकबा 27 लाख 59 हजार 385 हेक्टेयर से अधिक है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की किसान हितैषी नीतियों के चलते दो सालों के दरमियान खेती-किसानी के रकबे और किसानों की संख्या में इजाफा हुआ है। दो सालों में धान बेचने वाले किसानों का रकबा 19.36 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 22.68 लाख हेक्टेयर और किसानों की संख्या 12 लाख 6 हजार बढ़कर 18 लाख 38 हजार हो गई है। इस प्रकार देखा जाए तो रकबे में 3 लाख 32 हजार हेक्टेयर तथा किसानों की संख्या में 6.32 लाख बढ़ोत्तरी हुई है। इस साल धान बेचने के लिए पंजीयन कराने वाले किसानों की संख्या 21.29 लाख से अधिक और धान पंजीयन का रकबा 27.59 लाख हेक्टेयर के पार पहुंच गया है।
वर्ष 2017-18 में छत्तीसगढ़ राज्य में समर्थन मूल्य पर 56.85 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। दो सालों के दौरान धान खरीदी का यह आंकड़ा 83.94 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया। इस साल धान बेचने के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या और धान की रकबे को देखते हुए समर्थन मूल्य पर बीते वर्ष की तुलना में ज्यादा खरीदी का अनुमान है। इसको लेकर राज्य शासन द्वारा हर संभव व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। धान उपार्जन के लिए बारदाने की कमी के बावजूद भी सरकार इसके प्रबंध में जुटी है। धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सहूलियत को लेकर सभी व्यवस्थाएं की जा रही है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2018-19 में 15.71 लाख किसानों से 80.38 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। वर्ष 2019-20 में 18.38 लाख किसानों से 83.94 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की गई थी। राज्य में दो सालों में पंजीकृत किसानों की तुलना में धान बेचने वाले कृषकों के प्रतिशत में भी बढ़ोत्तरी हुई है। वर्ष 2017-18 में 76.47 प्रतिशत किसानों ने धान बेचा था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश की बागडोर संभालते ही वर्ष 2018-19 में यह आंकड़ा 92.61 प्रतिशत हो गया है। बीते विपणन वर्ष 2019-20 में राज्य में 94.02 प्रतिशत किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा था।
छत्तीसगढ़ में किसानों के हित में लिए गए फैसलों से यहाँ खेती-किसानी और किसानों की खुशहाली का एक नया दौर शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री ने सत्ता की बागडोर संभालते ही राज्य के 17 लाख 82 हजार किसनों का लगभग 9 हजार करोड़ रूपए का कृषि ऋण माफ कर किसानों से किए अपने वायदे को पूरा किया। राज्य के 17 लाख से अधिक किसानों पर वर्षों से बकाया 244.18 करोड़ रूपए का सिंचाई कर माफ करने के साथ ही कृषि भूमि के अधिग्रहण पर मुआवजा राशि को दोगुना से बढ़ाकर चार गुना कर दिया गया। राज्य के 5 लाख से अधिक किसानों को निःशुल्क एवं रियायती दर पर बिजली उपलब्ध कराकर सालाना लगभग 900 करोड़ रूपए की राहत दी जा रही है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को उनका हक़ और उपज का वाजिब मूल्य दिलाने के लिए 21 मई 2020 से राजीव गांधी किसान न्याय योजना शुरू की। इस योजना के तहत राज्य के 19 लाख किसानों को 5750 करोड़ रूपए की चार किश्तों में दी जा रही है। अब तक तीन किश्तों में किसानों को 4500 करोड़ रूपए की सीधी मदद दी जा चुकी है। राज्य में गौपालन, गांवों में रोजगार और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए 20 जुलाई 2020 को हरेली पर्व के दिन से छत्तीसगढ़ राज्य में गोधन न्याय योजना प्रारंभ की गई। इसके माध्यम से गांव के गौठानों में ग्रामीणों, किसानों और गौपालको से 2 रुपये किलो में गोबर क्रय किया जा रहा है। ग्रामीणों, किसानों और गौपालकों से अब तक 26 लाख 76 हजार क्विंटल गोबर की खरीदी और उन्हें 53.53 करोड़ की राशि का भुगतान किया गया है। छत्तीसगढ़ की चार चिन्हारी नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए राज्य में सुराजी गांव योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके तहत राज्य में 6 हजार 430 गौठानों का निर्माण और वहाँ महिला समूह के माध्यम से आय मूलक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
रायपुर। गुढिय़ारी क्षेत्र में सट्टा-पट्टी लिखते 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से नगदी 30 हजार रुपयें और सट्टा-पट्टी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को गुढिय़ारी पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर खालबाड़ा मिराज पेट्रोलपंप के पास सट्टा पट्टी लिखते रविन्द्र बंसोड 36 वर्ष पिता बावन बंसोड को सट्टा-पट्टी लिखते पाये जाने पर गिरफ्तार कर उसके पास से एक नग सट्टा पर्ची व नगदी 6650 रुपयें जब्त किया है,इसी तरह तेलघानी नाका खंडहर के पास मोहम्मद जुनेद 19 वर्ष पिता मोहम्मद शकील को सट्टा पट्टी लिखते पाये जाने पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नगदी 8350 रुपयें व सट्टा-पट्टी जब्त की है। गोगांव प्रकाश इण्डट्रीज के पास अविनाश साहु 29 वर्ष पिता गुलाब साहु को सट्टा-पट्टी लिखते पाये जाने पर गिरफ्तार कर उसके पास से नगदी 9110 रुपयें व सट्टा-पट्टी जब्त किया है। बड़ा अशोकनगर गुढिय़ारी में सट्टा-पट्टी के साथ विनोद बंजारे 30 वर्ष पिता मेहतरु बंजारे के कब्जे से 5890 रुपयें एवं सट्टा-पट्टी जब्त की है। सभी आरोपियों के पास से कुल 30 हजार रुपयें नगद व सट्टा-पट्टी जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 4(क)के तहत कानूनी कार्रवाही की गई है।
इसी तरह जुआ खेलते पाए जाने पर पुलिस ने चार जुआरियों को पकड़ उनके पास से नगदी रुपयें एवं ताश की 52 पत्ती जब्त की है।
खमतराई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को 8.30 बजे मुखबीर की सूचना पर निषादपारा रावाभांठा में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने रेड की कार्रवाही के दौरान घेराबंदी कर 4 जुआरियें को जुआ खेलते पकड़ा है। पकड़े गए जुआरी राजेन्द्र कुमार साहु 24 वर्ष पिता गांधीराम साहु एवं अन्य तीन के पास से नगदी 23 हजार 6 सौ रुपयें एवं ताश की 52 पत्ती जब्त की गई है। सभी जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कानूनी कार्रवाही कर जमानतीय मुचलका पर रिहा कर दिया गया है।
रायपुर। शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने के बाद शादी से इंकार कर देने की रिपोर्ट खमतराई थाने में दर्ज की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुरा धरसींवा निवासी पीडि़ता 30 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज करायी है कि वेद प्रकाश देवांगन 32 वर्ष ने शादी का प्रलोभन देकर 27 जून 2019 से 03 जुलाई 2020 के मध्य शारीरिक संबंध बनाया व शादी से इंकार कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 के तहत अपराध कायम कर बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है।




















