रायपुर: वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज विश्व बाघ दिवस के अवसर पर कानन पेण्डारी जूलॉजिकल गार्डन बिलासपुर में बाघ के चार नन्हें शावकों का नामकरण किया। गौरतलब है कि कानन पेण्डारी जू में 17 अप्रैल 2022 की रात्रि को मादा बाघिन-रंभा ने 4 शावकों को जन्म दिया था। इन चार शावकों में एक नर एवं तीन मादा शामिल हैं। इनमें नर शावक का नाम मितान और तीन मादा शावकों का आनंदी, रश्मि तथा दिशा नाम रखा गया। इनके नामकरण में आम लोगों से भी सुझाव प्राप्त किए गए थे और उनसे प्राप्त राय-मशविरा का भी नामकरण में विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने इस मौके पर जू के अधिकारियों को शावकों सहित बाघों के बेहतर से बेहतर देख-भाल तथा हर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए कहा।
वन मंत्री अकबर ने राजधानी के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कहा कि आज विश्व बाघ दिवस है। इस मौके पर वन विभाग द्वारा बाघों के नामकरण के लिए कार्यक्रम का आयोजन एक सुखद संयोग और खुशी का पल है। राज्य में बाघों की संख्या में वृद्धि के लिए अनेक कार्य किए जा रहे है। इसके तहत रहवास क्षेत्र का विकास अंतर्गत चारागाह विकास, जल स्त्रोतों का विकास, संरक्षण तथा सुरक्षा इत्यादि के कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे राज्य में शाकाहारी वन्य प्राणियों के साथ-साथ बाघों की संख्या में भी वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) आशीष कुमार भट्ट, मुख्य वन संरक्षक रायपुर जे.आर. नायक, वनमण्डलाधिकारी रायपुर विश्वेष झा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
रायपुर। कांग्रेस( congress) का दो दिवसीय पांचवां राष्ट्रीय सम्मेलन राजधानी रायपुर( raipur) में आज 30 जुलाई से शुरू हो रहा है। यह सम्मलेन पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
बता दे इस सम्मेलन में आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के साथ प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशि थरूर समेत की दिग्गज नेता शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस( chhattisgarh congress) ने तैयारी पूरी कर ली है।
जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पॉक्सो एक्ट का एक अनोखा मामला सामने आया है. पत्थलगांव पुलिस ने नाबालिग लड़के को जबरन भगाकर ले जाने और ले जाकर दुष्कर्म करने वाली लड़की को गिरफ्तार किया है. इस अजीबोगरीब मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए जब पीड़ित बच्चे का पिता पत्थलगांव थाने में पहुंचा तो उसकी बातों को सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई.
नाबालिग के साथ रेप की हुई पुष्टि
बहरहाल आरोपी लड़की के विरुद्ध नाबालिग लड़के को भगा ले जाने तथा बंधक बनाकर दुष्कर्म करने की पुष्टि हो जाने पर पत्थलगांव थाने में विभिन्न आपराधिक धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
आरोपी लड़की की हुई गिरफ्तारी
पत्थलगांव की पुलिस ने फ़िलहाल आरोपी लड़की से पीड़ित नाबालिग को छुड़ा कर उसके परिजनों को सौंप दिया है. महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस शर्मनाक मामले को अंजाम देने वाली आरोपी लड़़़की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पहले भी आ चुका है ऐसा ही मामला
जानकारी के अनुसार, ऐसा ही एक मामला उत्तराखंड के देहरादून से सामने आया था जहां नाबालिग पर रेप का झूठा आरोप लगाना लड़की को भारी पड़ गया था. यह मामला मार्च 2021 का था. पुलिस ने जांच के बाद लड़की को नाबालिग लड़के का रेप करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने बताया था कि 29 दिसंबर 2020 को शहर कोतवाली में एक लड़की ने युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर रेप का आरोप लगाया था. युवती ने शिकायत में कहा था कि वो 5 महीने की गर्भवती है. पुलिस जांच में पता चला कि लड़का नाबालिग है और उसकी उम्र 15 साल थी. उसके बाद लड़के के परिजनों ने आरोपों को झूठा बताकर लड़की के खिलाफ लड़के का उत्पीड़न करने और झूठा मामला दर्ज कराने का केस दर्ज करा दिया था.
India Independence day 2022 : 15 अगस्त 1947 को हमें ब्रिटिश शासन के 200 सालों के राज से आजादी मिली थी. ये दिन हमारे अपने आजादी के नायकों त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है. इस दिन को पूरे देश में बड़े उल्लास से मनाया जाता है. आजादी का अमृत महोत्सव के तहत इस साल स्वतंत्रता दिवस ( 15 अगस्त ) को जोरशोर से मनाने की तैयारी है, लेकिन आजादी के 75 साल पूरा होने पर भी कई लोगों ने इस बात का कंफ्यूजन बना हुआ है कि हम इस साल 75वां या 76वां कौन सा स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं. हम इसी कंफ्यूजन को दूर कर रहे हैं.
स्वतंत्रता दिवस का इतिहास
15 अगस्त 1947 की मध्य रात्री में भारत को अंग्रेजों से आजादी मिली थी. भारत को ब्रिटिश राज से आजादी लेने में 200 साल से अधिक का समय लग गया था. इसी दिन यानी 15 अगस्त 1947 को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने पहली बार लाल किले पर तिरंगा फहराया था. इसके बाद से स्वतंत्रता दिवस पर हर साल भारत के प्रधानमंत्री दिल्ली के लाल किले पर राष्ट्रीय तिरंगा झंडा फहराते हैं.
75वां या 76वां स्वतंत्रता दिवस
आजाद भारत का इस साल 76वां स्वतंत्रता दिवस होगा. चूंकि आजादी के 75 साल पूरे हुए हैं, इस कारण वर्षगांठ 75वीं होगी. पहली बार 15 अगस्त सन् 1947 को देश के आजाद होने पर झंडा फहराया गया था. तकनीकी रूप से देश का पहला स्वतंत्रता दिवस इसी दिन था. इसके बाद 15 अगस्त 1948 को भारत का दूसरा स्वतंत्रता दिवस और आजादी की पहली वर्षगांठ थी. इस हिसाब से 15 अगस्त 2022 को आजादी की 75वीं वर्षगांठ और 76वां स्वतंत्रता दिवस होगा.
इस साल खास होने वाला है स्वतंत्रता दिवस
आजादी का त्योहार हमारी स्वतंत्रता का प्रतीक है. यह दिन में एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में हासिल उपलब्धियों के जश्न मनाने का है. इस साल भी समूचा भारत आजादी का जश्न मनाने के लिए तैयार है, सबकुछ न्यौछावर करने की सौगंध खाने को भी तत्पर हैं. इस साल आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है इस कारण भारत का ये राष्ट्रीय त्यौहार और भी खास होने वाला है.
रायगढ़। हटिया से मुंबई जाने वाली एक्सप्रेस 12812 में रायगढ़ आरपीएफ ने दो संदिग्ध व्यक्तियों के साथ कुछ बच्चों को देखा तो उन्हें कुछ शक हुआ और उनके पास से 6 बच्चों को बरामद किया जिन्हें तस्करी करके झारखंड से ले जाया जा रहा था।
कोच संख्या एस-01 मे यात्रा के दौरान मनोज टूड्डू पिता बाबू लाल टूड्डू उम्र 30 वर्ष द्वारा झारखंड के हजारी बाग जिले के कुछ बच्चों को ले जाया जा रहा था। मामला संदेहास्पद प्रतीत होने पर बच्चो से पूछताछ की गई जिसपर बच्चो ने मूलतः हजारी बाग झारखण्ड निवासी होना बताया।
ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते एवं मानव तस्करी के विरूध अभियान को मद्दे नजर रखते हुए अग्रिम एवं विस्तार जाॅच की गई। मामले की जानकारी उच्च अधिकारी को दी गई. इसके बाद गाड़ी संख्या 12812 के बिलासपुर आगमन पर सहायक सुरक्षा आयुक्त आर जेम्स, निरीक्षक भास्कर सेानी एवं रेलवे चाइल्ड लाईन बिलासपुर कर्मचारी अल्का फाॅल्क एवं अन्य द्वारा अटेण्ड किया गया। उक्त सभी से पूछताछ मे 06 नाबालिक बच्चे पाए गए, जिसमें आगे पूछताछ में नाबालिको द्वारा श्रमिक कार्य के लिए सूरत व कर्नाटक जाना बताया गया पूछताछ में साफ था कि बच्चों को बहला-फुसलाकर काम के लिए दूसरे राज्य भेजा जा रहा था.
मानव तस्करी का मामला

रेलवे चाइल्ड लाईन बिलासपुर द्वारा घटना की जानकारी बाल कल्याण समिती बिलासपुर को दी गई। ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते के अंतर्गत उक्त 6 नाबालिकों को उप निरीक्षक कुलदीप सिंह द्वारा रेलवे चाइल्ड लाइन बिलासपुर को सुपुर्द किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामला मानव तस्करी से जुड़ा हुआ है. झारखंड से गरीब तबके के बच्चों की तस्करी कर दूसरे राज्यों में भेजने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. इस मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है. आरोपी के नेटवर्क का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है. दूसरी ओर बच्चों के परिवार वालों को भी मामले की सूचना दे दी गई है.
रायपुर। राज्य शासन ने जल संसाधन विभाग विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी जनक प्रसाद पाठक को एक और विभाग की जिम्मदारी सौंपी है। IAS पाठक को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही समाज कल्याण एवं भू-अभिलेख संचालक रमेश कुमार शर्मा को भी उनके वर्त्तमान कर्तव्यों के साथ मुद्रण एवं लेखन सामग्री के संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौपा गया है।
इस संबंध में सचिव डॉ कमलप्रीत सिंह द्वारा आदेश भी जारी कर दिया गया है।
देखें आदेश-
रायपुर, बाल आश्रम राष्ट्रीय विद्यालय मैं अंतः वासी 80 छात्रों को राजे श्री महंत राम सुंदर दास के कर कमलों से चरण पादुका गणवेश और पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया इस अवसर पर बाल आश्रम राष्ट्रीय विद्यालय समिति अध्यक्ष श्री अजय तिवारी सचिव रूपचंद श्री श्री माल वरिष्ठ सदस्य गोकुलदास डागा मदन तालेड़ा अनिल चंद्राकर कोषाध्यक्ष राज किशोर नथानी शशि प्रभा अनीता दानी सुरेश शुक्ल इत्यादि की विशेष उपस्थिति रही

आयोजन में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजे श्री महंत राम सुंदर दास अध्यक्ष छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग ने कहा कि सन 1924 में संस्था की स्थापना महंत लक्ष्मीनारायण दास पंडित रविशंकर शुक्ल महंत वैष्णव दास नेमीचंद डागा परिवार नथानी परिवार के संयुक्त योगदान से की गई थी तब से लेकर अब तक पूर्वजों के आरोपी बीज को निरंतर विकास और प्रगति में बढ़ाया जा रहा है उनका कहना था कि रामचरितमानस में गोस्वामी तुलसीदास जी ने सबसे ज्यादा महत्व सेवा की भावना को दिया है उन्होंने बताया कि इस दुनिया में सेवा कार्य सबसे कठिन कार्य है बाल आश्रम के अंत वासी 80 छात्रों को आह्वान करते हुए महंत रामसुंदर दास ने कहा कि वे पढ़ लिखकर भारतवर्ष के सर्व श्रेष्ठ नागरिक बने उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में माता-पिता की अपेक्षा रहती है उनके सुपुत्र जल्दी से पढ़ लिखकर सहारा बनने के लिए तैयार हो जाएं आयोजन में संस्था के अध्यक्ष श्री अजय तिवारी ने कहा कि बाल आश्रम जिन महान पुरुषों की योगदान से स्थापित हुआ है उनके सार्थक उद्देश्य को बढ़ाने में संस्था काम कर रही है उनका कहना था कि बाल आश्रम पहला नाम हिंदू अनाथालय था जिसमें एक बालक और एक बालिका से शुरुआत हुई थी आने वाले दिनों में इस संस्था में अत्याधुनिक विकास कर राजकुमार कॉलेज की तर्ज पर विकसित किया जाएगा
महासमुंद। जिले में आज आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और 3 महिलाएं शामिल हैं। 6 महिलाएं झुलस गई हैं। इनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद सभी घायलों को संजीवनी एंबुलेंस से सरायपाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम घाट कछार निवासी महिलाएं, बच्चियां और अन्य लोग शुक्रवार को खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक से मौसम बदला और तेज आवाज व चमक के साथ बिजली खेत में गिर पड़ी। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। पहले तो किसी को समझ में नहीं आया, फिर देखा कि 12 से 15 लोग खेत में बेसुध पड़े हुए हैं
इसके बाद आसपास के खेत में काम रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में संजीवनी एंबुलेंस पहुंच गई। इससे सभी घायलों को सरायपाली अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बच्ची जानकी पुत्री भागीरथी व लक्ष्मी पुत्री मीनू और महिला बसंती नाग पत्नी चीनू नाग, जमोवती पति जयदेव नोहर मति पत्नी नील कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं पंक्जनीं पत्नी मीनू यादव, पार्वती मालिक पुत्री नारायण, तपस्वी पुत्री नारायण, पुन्नी पत्नी भूरौ, गीतांजति पत्नी विनोद और शशि मुझी पत्नी अर्जुन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज जारी है। इनमें से तीन की हालत गंभीर है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है।
कांकेर: कांकेर जिले के गढ़िया पहाड़ स्थित जोगी तालाब में मां ने अपने 10 माह के मासूम बेटे के साथ कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ठ नहीं हो सका है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह के करीब 7 बजे स्थानीय युवक ने महिला को गोद में बच्चे को लिए तालाब में कूदते देखा। इसके बाद युवक ने इस बात की सूचना फौरन पुलिस और परिजनों को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बरामद कर लिया है। महिला की शिनाख्त सेवती सिन्हा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि महिला बीती रात से लापता थी। फिर सुबह उसे एक युवक ने मासूम बच्चे के साथ तालाब में कूदते हुए देखा। फिलहाल पुलिस शव को बरामद कर मामले की जांच कर रही है कि, आखिर महिला ने इतना भयंकर कदम क्यों उठाया। क्या वो अपने परिवार वालों से परेशान थी, या फिर इसके पीछे कोई और वजह थी। पुलिस की जांच जारी है।
रायपुर: राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2022 से अब तक राज्य में 549.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 29 जुलाई तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1419.6 मिमी और बलरामपुर जिले में सबसे कम 193.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा में 222.1 मिमी, सूरजपुर में 290.2 मिमी, जशपुर में 274.7 मिमी, कोरिया में 320.5 मिमी, रायपुर में 370.4 मिमी, बलौदाबाजार में 539.1 मिमी, गरियाबंद में 636.6 मिमी, महासमुंद में 551.6 मिमी, धमतरी में 646.5 मिमी, बिलासपुर में 601.9 मिमी, मुंगेली में 619.1 मिमी, रायगढ़ में 515.4 मिमी, जांजगीर-चांपा में 658.5 मिमी, कोरबा में 431.8 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 530.8 मिमी, दुर्ग में 506.8 मिमी, कबीरधाम में 536.5 मिमी, राजनांदगांव में 578.3 मिमी, बालोद में 678.2 मिमी, बेमेतरा में 380.3 मिमी, बस्तर में 702.0 मिमी, कोण्डागांव में 625.7 मिमी, कांकेर में 731.9 मिमी, नारायणपुर में 555.1 मिमी, दंतेवाड़ा में 736.4 मिमी और सुकमा में 544.8 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की गई।
रायपुर: भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना रायपुर आएंगे। यहां वे 31 जुलाई को हिदायतुल्ला नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। समारोह के मुख्य अतिथि चीफ जस्टिस रमना भाषण भी देंगे। इस दीक्षांत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शिरकत करेंगे।
हिदायतुल्ला नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के कुलपति प्रो वीसी विवेकानंदन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के 23 छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, इसमें कुलाधिपति का स्वर्ण पदक, विश्वविद्यालय का स्वर्ण पदक और छत्तीसगढ़ राज्य बार काउंसिल स्वर्ण पदक शामिल है।
इसके अलावा बीएलएलबी ऑनर्स 2015-20 बैच के 160 छात्रों, बीएलएलबी ऑनर्स के 2016-21 बैच के 147 छात्रों और एलएलएम के 2019-21 बैच के 110 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही 4 शोधार्थियों को पीएचडी प्रदान की जाएगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ी के प्रसिद्ध लोक गायक गोफेलाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर एक युवक की पत्थरों से कुचल कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को निर्माणाधीन पुल से नीचे फेंक दिया। बताया जा रहा है कि मरने वाला युवक लोक गायक का क्राइम पार्टनर था और चोरी के आरोप में जेल जाने के बदले अपना हिस्सा मांग रहा था। वहीं इस मामले में अभी तक हत्या में शामिल गोफेलाल का साथी फरार है। यह मामला मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को 21 जुलाई की सुबह 7 बजे धरमपुरा से दशरंगपुर के बीच में निर्माणाधीन पुल के पास NH-130A पर घायल युवक के पड़ा मिला था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके सिर, आंख, नाक, जबड़े और पीठ पर गंभीर चोट के निशान थे। शव की शिनाख्त 22 जुलाई को बेमेतरा के नवागढ़, हरिहरपुर निवासी राज कुमार पात्रे (33) के रूप में हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
गोफेलाल ने पुलिस को बताया कि राजकुमार पात्रे ने चोरी का इल्जाम अपने ऊपर ले लिया था और जेल चला गया। इसके बदले में उसने राजकुमार को बाइक और कुछ रुपए देने का वादा किया था। जेल से छूटने के बाद गोफेलाल से राजकुमार बाइक और रुपए की डिमांड करने लगा। जिसपर पहले तो गोफेलाल टाल-मटोल करता रहा। इसके बाद भी राजकुमार के बार-बार दबाव बनाने पर तंग आकर 20 जुलाई को गोफेलाल ने उसकी हत्या की साजिश रची और इसमें अपने एक साथी मनीष अनंत को भी शामिल किया।
रायपुर। राजधानी रायपुर में गुंडे-बदमाशों के हौसले बुलंद है। कानून से बेख़ौफ़ होकर अपराधी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया में वीडियो जारी कर बदमाश दहशत फ़ैलाने का काम कर रहे हैं। एक ऐसे ही आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जो सोशल मीडिया में अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते हुए वीडियो जारी कर दहशत फ़ैलाने का काम कर रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम में लक्ष्मण दीप नामक युवक द्वारा अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए अपने पास रखें कट्टा एवं जिंदा कारतूस को दिखाते हुए अपने आईडी से लाईव वीडियो प्रसारित कर दशहत फैलाया जा रहा था।
इस मामले को एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध अभिषेक माहेश्वरी एवं प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट गिरीश तिवारी को लक्ष्मण दीप की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की टीम द्वारा लक्ष्मण दीप की पतासाजी करते हुए उसे गुढ़ियारी क्षेत्र से पकड़ कर उसके कब्जे से 01 नग कट्टा एवं 02 नग जिंदा कारतूस जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी लक्ष्मण दीप द्वारा कट्टा एवं जिंदा कारतूस को मध्य प्रदेश सतना के 02 व्यक्तियों से बिलासपुर में लेना बताया गया है। आरोपी लक्ष्मण दीप को गफ्तार कर उसके विरूद्ध थाना गुढ़ियारी में आम्र्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।
सूरजपुर। एफसीआई में चावल जमा करने में कोताही बरतने वाले राइस मिल में छापा। कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव कर आनुपातिक चावल एफसीआई में जमा नहीं किया गया था। सूरजपुर जिले के लक्ष्मणपुर गांव स्थित श्याम श्री राइस मिल का मामला है। लगभग तीन करोड़ रुपए कीमत के 11 हजार 798 क्विंटल धान और 768 क्विंटल चावल जब्त किया गया। खाद्य, राजस्व, श्रम और विद्युत विभाग के संयुक्त टीम की कार्यवाही। कलेक्टर के निर्देश पर जिले के राइस मिलो की जांच में टीम जुटी हुई है।
जशपुर: जिले में एक युवक ने जेसीबी वाहन में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है। मामला जिले के ग्राम आस्ता का है।
जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय ब्लासियूस किंडो जेसीबी ड्रायवर था। जो झारखंड के गुमला जिले का रहने वाला था। वह काफी लंबे समय से ग्राम आस्ता में रहकर जेसीबी वाहन चलाता था। बताया जा रहा है कि बुधवार को वह दिन भर जेसीबी चलाया और रात में अपने एक साथी के साथ किराए के मकान में खाना खाया और फिर सो गया।
सुबह जब उसके साथी की नींद खुली दो उसने देखा कि ब्लासियूस किंडो जेसीबी में फांसी के फंदे पर लटक रहा था। इसके बात उसने पुलिस को जानकारी दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एसईसीएल के चरचा कालरी क्षेत्र में कल रात भूकंप की घटना में घायल दो कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है।
बता दें कि गत रात्रि माइनिंग क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे दो कर्मचारी भूकम्प के कम्पन महसूस होने पर भागने के क्रम में घायल हो गए। जिनका उपचार बिलासपुर जिले के अपोलो अस्पताल में कराया जा रहा है, अभी उनकी स्थिति पहले से बेहतर है। भूकंप की तीव्रता 4.6 रिक्टर मापी गई हैं।
केशकाल: छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों में इस दिनों हादसों का दौर जारी है। कुछ दिन पहले जतमई जलप्रपात में नहाने से दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। इस बीच गुरुवार देर शाम केशकाल विधानसभा की प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माझिनगढ़ में एक युवक गहरे खाई में गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया गया है।
मिली जानकारी अनुसार, हरेली तिहार पर गुरुवार को दोपहर से ही माँझीनगढ़ में अच्छी खासी भीड़ जमा हो गई थी, लोग इस पर्यटन स्थल पर अपने परिवार-मित्रों के साथ पहुंचे थे। शाम करीब 5 बजे खल्लारी का युवक बबलू नेताम पिता कुमार नेताम 20 वर्ष भी अपने दोस्तो के साथ आया था तभी अचानक करीब 50 फ़ीट गहरे खाई में गिर गया। युवक को कई लोगों ने गिरते देखा जीसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी भी मच गई। जिसके बाद कई लोग मौके से भागने लगे।
खल्लारी के सरपंच शिवलाल सलाम ने बताया कि उन्हें किसी ने फोन से सूचना दी जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई फिर ग्रामीणों व पुलिस की मदद से खाई में खोजबीन की गई। जहां पर युवक का शव बरामद किया गया। बड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया, जहां से विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया गया है। विश्रामपुरी थाना प्रभारी रविशंकर ध्रुव ने बताया कि माँझीनगढ़ में एक युवक की खाई में गिरने की सूचना पर पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच कर शव को बरामद किया गया है फिलहाल अभी मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।
जशपुर: जशपुर के पत्थलगांव पुलिस ने एक 22 वर्षीय युवती को नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि युवती ने नाबालिग को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपिया युवती को मध्यप्रदेश से पकड़ा है। साथ ही उसके कब्जे से बालक को भी सकुशल छुड़ा लिया गया है।
बालक को बहला फुसलाकर अपने साथ मध्यप्रदेश ले गई युवती
जानकारी के मुताबिक, पत्थलगांव निवासी 45 वर्षीय पिता ने अपने 17 वर्षीय बालक के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुये जशपुर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि 22 वर्षीय युवती ही बालक को बहला फुसलाकर अपने साथ मध्यप्रदेश ले गई है। इस सूचना के बाद पुलिस की एक टीम को एमपी रवाना किया गया। पुलिस ने रेड कार्रवाई करते हुये युवती को एक ईंट भटठी से पकड़ा व बंधक बनाये गये लड़के को भी उसके छुड़ाया गया
महिला ने पूछताछ में बताया कि 8 नवंबर को बालक को वो अपने साथ ईंट भटठी लाई थी। यहां पर बंधक बनाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ 363, 365, 370, पाॅक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और सुकमा सीमा पर जवानों को नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के दूसरे दिन एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 5 लाख रुपए के हार्डकोर इनामी नक्सली राकेश मड़कम मारा गया है। राकेश मड़कम कटेकल्याण एरिया कमेटी का सदस्य है। जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं। SP सिद्धार्थ तिवारी नक्सली के मारे जाने की पुष्टि की है। उसका शव भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के बॉर्डर इलाके नहनी गुडरा के जंगल में हथियारबंद माओवादियों के होने की सूचना जवानों को मिली थी। इसी सूचना के आधार पर इन दोनों जिलों से फोर्स को मौके के लिए रवाना किया था। जब फोर्स मौके पर पहुंची तो माओवादियों ने फायर खोल दिया। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में जवानों ने एक माओवादी को ढेर कर दिया है। मुठभेड़ अभी जारी है।
नई दिल्ली। दूरसंचार एक सामरिक क्षेत्र है। दूरसंचार बाजार में बीएसएनएल बाजार संतुलक का कार्य करता हैं। बीएसएनएल ग्रामीण क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाओं के विस्तार, स्वदेशी प्रौद्योगिकी के विकास और आपदा राहत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बीएसएनएल को वित्तीय रूप से व्यवहार्य बनाने के लिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कल ₹ 1.64 लाख करोड़ रुपये के बीएसएनएल के रिवाइवल पैकेज को मंजूरी दी।
मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित पुनरुद्धार उपायों के माध्यम से भारत ब्रॉडबैंड निगम लिमिटेड (बीबीएनएल) का बीएसएनएल में विलय करके बीएसएनएल सेवाओं के उन्नयन, स्पेक्ट्रम आवंटन, इसकी बैलेंस शीट को डी-स्ट्रेस करना और इसके फाइबर नेटवर्क को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
अ. बीएसएनएल सेवाओं का उन्नयन:
1. स्पेक्ट्रम का प्रशासनिक आवंटन: मौजूदा सेवाओं में सुधार और 4जी सेवाएं प्रदान करने के लिए, बीएसएनएल को इक्विटी निवेश द्वारा ₹ 44,993 करोड़ की लागत से 900/1800 मेगाहर्ट्ज बैंड में स्पेक्ट्रम का प्रशासनिक आवंटन किया जाएगा। इस स्पेक्ट्रम के द्वारा, बीएसएनएल बाजार में प्रतिस्पर्धा करने और ग्रामीण क्षेत्रों सहित अपने विशाल नेटवर्क का उपयोग करके हाई स्पीड डेटा प्रदान करने में सक्षम होगा।
2. कैपेक्स के लिए वित्तीय सहायता: स्वदेशी प्रौद्योगिकी विकास को बढ़ावा देने के लिए, बीएसएनएल आत्मनिर्भर 4जी प्रौद्योगिकी स्टैक लगाने की दिशा में अग्रसर है । अगले 4 वर्षों के लिए अनुमानित पूंजीगत व्यय को पूरा करने के लिए, सरकार ₹ 22,471 करोड़ कैपेक्स फंड देगी । आत्मनिर्भर 4जी स्टैक को विकसित करने तथा लगाने से महत्वपूर्ण प्रोत्साहन मिलेगा ।
3. ग्रामीण वायरलाइन संचालन के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण: वाणिज्यिक अव्यवहार्यता के बावजूद, बीएसएनएल सरकार के सामाजिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए ग्रामीण/दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलाइन सेवाएं प्रदान कर रहा है। सरकार 2014-15 से 2019-20 के दौरान किए गए व्यावसायिक रूप से अव्यवहार्य ग्रामीण वायरलाइन संचालन के लिए वायबिलिटी गैप फंडिंग के रूप में बीएसएनएल को ₹ 13,789 करोड़ प्रदान करेगी।
4. अधिकृत पूंजी में वृद्धि: एजीआर बकाया के निपटान, कैपेक्स के प्रावधान और स्पेक्ट्रम के आवंटन के बदले बीएसएनएल की अधिकृत पूंजी को ₹ 40,000 करोड़ से बढ़ाकर ₹ 1,50,000 करोड़ किया जाएगा।
ब. बीएसएनएल की बैलेंस शीट को डी-स्ट्रेस करना:
5. ऋण पुनर्गठन: सरकार इन पीएसयू को दीर्घकालिक ऋण लेने के लिए सॉवरेन गारंटी देगी जो ₹ 40,399 करोड़ की राशि के लिए दीर्घकालिक बॉन्ड लेने में सहायक होंगे। इससे मौजूदा ऋण के पुनर्गठन और बैलेंस शीट को डी-स्ट्रेस करने में मदद मिलेगी।
6. एजीआर बकाया के लिए वित्तीय सहायता: बैलेंस शीट को और बेहतर बनाने के लिए, बीएसएनएल की ₹ 33,404 करोड़ की एजीआर बकाया राशि को इक्विटी में परिवर्तित करके चुकाया जाएगा। एजीआर/जीएसटी बकाया के निपटारे के लिए सरकार बीएसएनएल को धन उपलब्ध कराएगा।
7. प्रेफरेंस शेयरों को पुन: जारी करना: बीएसएनएल सरकार को ₹ 7,500 करोड़ के प्रेफरेंस शेयर पुन: जारी करेगा।
स. बीएसएनएल फाइबर नेटवर्क का संवर्धन:
8. बीबीएनएल और बीएसएनएल का विलय: भारतनेट के तहत निर्मित बुनियादी ढांचे के व्यापक उपयोग के लिए, भारत ब्रॉडबैंड नेटवर्क लिमिटेड (बीबीएनएल) का बीएसएनएल में विलय किया जाएगा । भारतनेट के तहत सृजित बुनियादी ढांचा राष्ट्रीय संपत्ति बना रहेगा, जो सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के लिए बिना भेदभाव के आधार पर उपलब्ध होगा।
इन उपायों के द्वारा, बीएसएनएल मौजूदा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने, 4जी सेवाओं को शुरू करने और वित्तीय रूप से व्यवहार्य बनने में सक्षम होगा। यह उम्मीद की जाती है कि इस रिवाइवल योजना के लागू होने के साथ, बीएसएनएल वित्त वर्ष 2026-27 में लाभ अर्जन करके टर्न अराउंड होगा।
जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आकाशीय बिजली मौत बनकर पिता-पुत्र पर गिर गई। खेत मे काम करने के दौरान दोनों पिता पुत्र आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौत हो गई।
बगीचा थाना क्षेत्र के हर्राडिपा गांव निवासी 32 वर्षीय सीताराम अपने 25 वर्षीय बेटे अजय के साथ खेत मे काम कर रहा था। तभी गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। दोनो पिता पुत्र बारिश से बचने के लिए सुरक्षित ठिकाने पर जा रहे थे। तभी आकाशीय बिजली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनो पिता पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार हाईटेक तरीकों पर काम कर रही है जिससे खेती किसानी के विकास के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुल गए हैं। आज दुर्ग जिले के पाटन विकासखण्ड के ग्राम करसा गांव में हरेली तिहार के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कंप्लीट एग्रीकल्चर ड्रोन सॉल्यूशन की लांचिंग की।
एग्रीकल्चर ड्रोन के माध्यम से 4 एकड़ खेतों में आधे घंटे के भीतर दवा का छिड़काव हो सकेगा। मशीन के माध्यम से दवा की मात्रा भी निर्धारित की जा सकेगी। अमूमन एक किसान को इसके लिए 1 एकड़ हेतु 3 घंटे का वक्त लगता है। ग्रामीण क्षेत्रों में छिड़काव के लिए लेबर मिलने में भी परेशानी होती है। इसके माध्यम से किसानों की समय की बचत भी होगी और समूहों की आय भी बढ़ेगी। एग्रीकल्चर ड्रोन सॉल्यूशन के साथ ही एग्री एम्बुलेंस भी होगी जिसमें एग्रीकल्चर लैब की सुविधा भी होगी जिसमें किसान साइल टेस्टिंग आदि करा सकेंगे।
प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इसके माध्यम से खेती किसानी में काफी सुविधा हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि यह पीपीपी मॉडल पर काम करेगा। 20 गांव में एक मशीन के माध्यम से कार्य हो सकेगा। यह कार्य समूह करेगा। ड्रोन के संचालन के लिए समूह के युवाओं को ही प्रशिक्षित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस नवाचार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पूर्वजों से हमने जो खेती किसानी की तकनीक सीखी है और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं इन दोनों तरीकों के माध्यम से हम खेती किसानी को नई ऊंचाई दे सकते हैं। उन्होंने खेती किसानी में तकनीक को बढ़ावा देने के लिए ऐसे नवाचार निरंतर करते रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि एग्री एम्बुलेंस में खेती किसानी के लिए सम्पूर्ण सुविधा होगी। इसमें जैविक खाद की उपलब्धता भी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समूह के सदस्य इससे तकनीकी रूप से दक्ष हो सकेंगे। इससे उन्हें खेती किसानी के अतिरिक्त अन्य आजीविकामूलक गतिविधियों के लिए उन्हें पर्याप्त समय मिल सकेगा। उन्होंनेे प्रोजेक्ट से जुड़े कंचन श्रीवास्तव और हर्षित हुण्डित, विनय श्रीवास्तव से भी चर्चा की और कहा कि यह शानदार नवाचार है। देश में पहला है। मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
रायपुरः शंकर: पुरुषा: सर्वे स्त्रिय: सर्वा महेश्वरी- शिवपुराण। अर्थात् समस्त पुरुष भगवान सदाशिव के अंश और समस्त स्त्रियां भगवती शिवा की अंशभूता हैं। उन्हीं भगवान अर्धनारीश्वर से यह संपूर्ण चराचर जगत् व्याप्त है। शिव की आराधना, शक्ति की आराधना है और शक्ति की उपासना शिव की उपासना है। शिव की सम्पूर्ण शक्ति, देवी में मानी गयी है। सावन मास में शिव पूजा तभी पूर्ण मानी जायेगी, जब देवी प्रसन्न हों और देवी पुराण के अनुसार माता पर गुड़हल का फूल चढ़ाना उतना ही लाभदायक है जितना बाबा महाकाल को बेलपत्र चढ़ाना।
ऐसा माना जाता है कि गुड़हल के फूल के शुरूआती भाग में ब्रह्मा का वास होता है। मध्य भाग में भगवान विष्णु का वास होता है और अंतिम भाग में भगवान महेश यानी भगवान शिव का वास होता है और अंकुरण भाग खुद शक्ति का स्वरुप माता दुर्गा का वास होता है।
माता को लाल रंग के पुष्प बेहद पसंद आते हैं। इस समय में तारामंडल ग्रह और नक्षत्र की परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए गुड़हल फूल का माला बनाकर माता को समर्पित करने से ही कुंडली में शुक्र से संबंधित सभी दोषों को दूर किया जा सकता है। गुड़हल का फूल देवी मां के लिए बहुत ही प्रिय फूल माना गया है। लाल रंग को उत्साह, उर्जा और शक्ति का प्रतीक माना गया है। माता की विशेष पूजा के लिए लाल गुड़हल के फूल चढ़ाये जाते है।
तंत्र साधना में भी गुड़हल के फूलों का बेहद महत्व होता है। इस साधना में भी फूलों की संख्या ध्यान में रखते हुए मंत्रोच्चार से विभिन्न दोषों को दूर किया जा सकता है। लाल रंग के गुड़हल के पुष्प असीम शक्ति और उर्जा के प्रतीक माने जाते हैं। इन फूलों के माध्यम से माता भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करती है और भक्तों के घर में सकारात्मक उर्जा का संचार करती हैं। फूल श्रद्धा और भावना के प्रतीक होते हैं। इसके साथ ही ये हमारी मानसिक स्थितियों को भी बताते हैं।
गंध, लाल अक्षत के साथ ही मंत्र के साथ लाल फूल देवी के चरणों में समर्पित कर अशांति और आर्थिक परेशानियों को दूर करने की प्रार्थना करने से जीवन सुख समृधि से पूर्ण हो सकता है। माता को लाल गुड़हल के फूल चढ़ाएं। यथाशक्ति भोग, धूप व दीप लगाकर आरती करें। लक्ष्मी की प्रसन्नता का यह उपाय देवी उपासना के दिन शुक्रवार व नवमी को करना मंगलकारी माना गया है। गुड़हल का फूल देवी माँ का प्रिय फूल होता है और पूजा में गुड़हल का फुल उपयोग कर विभिन्न प्रकार से लाभ पाया जा सकता है।
अगर आप किसी कानूनी मामले में लंबे समय से फंसे हैं तो आपको अपने घर में गुड़हल का पौधा लगाना चाहिए। इसे घर में लगाने से कानून संबंधी सभी काम पूरे हो जाते हैं। गुड़हल का फूल अत्यंत ऊर्जावान माना जाता है। देवी और सूर्य देव की उपासना में इसका विशेष प्रयोग होता है। नियमित रूप से देवी को गुड़हल अर्पित करने से शत्रु और विरोधियों से राहत मिलती है। सूर्य को गुड़हल का फूल डालकर जल अर्पित करने से सूर्य की कृपा मिलती है। हर तरह की शारीरिक समस्याओं से मुक्ति मिलती है।
रायपुर: सीएम भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित हरेली तिहार के मौके पर राज्य के गौठानों से जुड़ी जैविक खाद उत्पादक महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि (बोनस) का चेक वितरित किया और समूह की बहनों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समूह की महिला बहनों ने अपनी लगन और मेहनत से स्वावलंबन की एक नई मिसाल कायम की है। महिला बहनों की मेहनत का ही यह परिणाम है कि उन्हें जैविक खाद के विक्रय के एवज में मिलने वाले लाभांश के अतिरिक्त प्रति किलो एक रूपया की दर से यह अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 7442 महिला स्व-सहायता समूहों को 17 करोड़ रुपये और सहकारी समितियों को 1.70 करोड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
यहां यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में 7 जुलाई 2022 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गौठानों में जैविक खाद का निर्माण कर रहीं महिला स्व-सहायता समूहों को 7 जुलाई 2022 तक बिक चुकी जैविक खाद की प्रति किलो मात्रा पर एक रुपये तथा प्राथमिक सहकारी समितियों को 10 पैसे की दर से प्रोत्साहन (बोनस) राशि देने का निर्णय लिया गया था। गौरतलब है कि राज्य के गौठानों में गोधन न्याय योजना के तहत दो रूपए किलो में गोबर की खरीदी बीते दो सालों से की जा रही है। क्रय गोबर से महिला स्व-सहायता समूह की बहनें वर्मी कंपोस्ट, सुपर कंपोस्ट और सुपर कंपोस्ट प्लस का निर्माण करने के साथ-साथ दीया, गमला, अगरबत्ती, गो-काष्ट आदि का निर्माण कर रही है। समूहों द्वारा उत्पादित जैविक खाद का विक्रय किसानों एवं शासन के विभिन्न विभागों को किया जा रहा है। 7 जुलाई 2022 की स्थिति में राज्य में महिला समूहों द्वारा लगभग 21 लाख क्विंटल जैविक खाद का उत्पादन किया जा चुका था, जिसमें से सोसायटियों के माध्यम से 17 लाख क्विंटल जैविक खाद का विक्रय हुआ था।
मंत्रिपरिषद में विक्रय हो चुकी खाद की प्रति किलो की मात्रा पर महिला समूहों को एक रूपया तथा प्राथमिक सहकारी समितियों को 10 पैसे के मान से प्रोत्साहन राशि देने का फैसला लिया था, जिसके परिपालन में महिला समूहों और सहकारी समितियों को प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जो महिला समूहों को जैविक खाद के उत्पादन पर निर्धारित लाभांश के अलावा अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि बोनस भी दे रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल महिला समूहों के आत्मबल को बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने में मददगार साबित होगी।
गौरतलब है कि राज्य के कई ऐसे महिला स्व-सहायता समूह हैं, जिन्हें 2 लाख रुपये से लेकर 21 लाख रुपये तक की राशि बोनस के तौर पर मिली है। राज्य के शहरी क्षेत्र के जैविक खाद उत्पादक स्व-सहायता समूहों में राजनांदगांव स्वच्छ शहरी महासंघ को सर्वाधिक 21 लाख 13 हजार 270 रूपये का बोनस मिला है। इसी तरह स्वच्छ अंबिकापुर मिशन सिटी लेबल फेडरेशन 20 लाख 6 हजार 995 रूपये, स्वच्छ मनेंद्रगढ़ क्षेत्र स्तरीय संघ को 9 लाख 80 हजार 702 रूपये, एकता क्षेत्र स्तरीय संघ सिमगा को 7 लाख 1 हजार 624 रूपये, मां दुरपता समूह गंडई को 6 लाख 37 हजार 978 रूपए, मां मरियम स्व-सहायता समूह रायपुर को 5 लाख 91 हजार 270 रूपये, स्वच्छ दल्लीराजहरा क्षेत्र स्तरीय संघ को 4 लाख 52 हजार 632 रूपये, कान्हा महिला स्व-सहायता समूह रायपुर को 4 लाख 22 हजार 780 रूपये, गोधन शहर स्तरीय संगठन खैरागढ़ को 3 लाख 93 हजार 31 रूपये तथा स्वच्छ चिरमिरी संगठन समूह को 3 लाख 65 हजार 165 रूपये का बोनस दिया गया।
इसी तरह ग्रामीण अंचल के टॉप-10 जैविक खाद उत्पादक स्व-सहायता समूहों में रायगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड के ग्राम्यश्री स्व-सहायता समूह को 3 लाख 69 हजार 17 रूपये का बोनस मिला है, जबकि बस्तर जिले के बकावण्ड के पंचवटी स्व-सहायता समूह को 3 लाख 65 हजार 420 रूपये, महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक के जय मां भवानी को 3 लाख 29 हजार 420 रूपये, कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड के डोन्डे समूह को 2 लाख 79 हजार 846 रूपए, रायगढ़ विकासखंड के जय मां संतोषी समूह को 2 लाख 59 हजार 960 रूपये, रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के सीता महिला संगठन को 2 लाख 25 हजार 17 रूपये, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड के जय मौली माता समूह को 2 लाख 24 हजार 40 रूपये, बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड के जय सतनाम स्व-सहायता समूह को 2 लाख 14 हजार 20 रूपये, गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक के गौ-सेवा महिला स्व-सहायता समूह सेन्दर को 2 लाख 12 हजार 490 रूपये तथा रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के राजलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह टेकरीकुंडा को 2 लाख 10 हजार 253 रुपये की राशि बोनस के तौर पर मिली है।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में महिला समूहों एवं सहकारी समितियों को प्रोत्साहन राशि वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया, संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज, चंद्रदेव राय, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राजेश्री राम सुंदर दास, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा विधायक सत्यनारायण शर्मा, अनूप नाग, चंदन कश्यप, अनिता योगेंद्र शर्मा, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, पूर्व सांसद छाया वर्मा, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित महिला स्व-सहायता समूह की बहनें एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल( governor) अनुसुईया उइके के आज यानि 29 जुलाई 2022 को बतौर राज्यपाल 3 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर निजी विनियामक आयोग द्वारा राजभवन ( rajbhavan)के दरबार हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। बता दे कि 29 जुलाई 2019 को राज्यपाल उइके ने प्रदेश के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण किया था





























