ललितपुर : ग्राम पनारी के लिए बड़ी नहर से होकर निकले रास्ते पर स्थित एसडीपीएस इंटरनेशनल स्कूल की बच्चों से भरी बस पर कुछ लोगों ने ईंट से हमला कर दिया। इस पथराव में बस के कांच टूट गये, गनीमत रही कि किसी बच्चे को चोट नहीं पहुंची। इस घटना के बाद बस चालक ने गल्ला मण्डी चैकी पहुंच कर मामले से पुलिस कर्मियों को अवगत कराया, तब कहीं जाकर पुलिस की निगरानी में बच्चों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया गया।
मामले को लेकर बताया जा रहा है कि विद्यालय की छुटटी होने के बाद बच्चों को बस से लेकर शहर की ओर आ रही थी, कि तभी मोहल्ला खिरकापुरा से होते हुये बस रामनगर की ओर जा रही थी कि तभी कुछ लोगों ने बस पर बड़ी-बड़ी ईंट से पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव से जहां एक ओर बस के शीशे टूट गये तो वहीं दूसरी ओर बच्चों को चोट नहीं लगी।
घटना की गंभीरता को भांपते हुये बस चालक सीधे गल्ला मण्डी चैकी पहुंच गया, जहां उसने पुलिस अधिकारी को पूरी घटना से अवगत कराया, बच्चों को देर होते देख पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच बच्चों को उनके घरों तक छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद से अभिभावकों की चिन्ता काफी बढ़ गयी। क्योंकि शहर के बाहर विद्यालय होने और नेशनल हाई-वे पर आते-जाते वाहनों के चलते अभिभावकों की चिन्ता भी जायज है। वहीं इस प्रकार के पथराव जैसे हमले की घटना ने अभिभावकों की चिंता को और बढ़ा दिया है।
बिना सुरक्षा गार्ड के संचालित हो रहीं स्कूल की बसें
बच्चों से भरी बस पर बड़ी-बड़ी ईंटों से हुये पथराव के मामले को लेकर बताया जा रहा है कि बस में बच्चों की सुरक्षा के लिए किसी भी गार्ड की तैनाती नहीं है। जिससे कि कभी किसी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता है। विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन व जिला प्रशासन से बस में गार्डों की तैनाती कराये जाने की मांग उठायी है।







