दुर्ग, परंपरा के मुताबिक मुख्यमंत्री बघेल हर साल प्रदेश की मंगल कामना और शुभ के लिए तथा विघ्नों के नाश के लिए कुश से बने सोटे का प्रहार सहते हैं। आज भी ग्राम जंजगिरी में उन्होंने यह परंपरा निभाई। यहां के ग्रामीण बीरेंद्र ठाकुर ने उन पर सोटे का प्रहार किया। इससंबंध में ग्रामीण बताते हैं कि यह प्राचीन परंपरा है कि इस तरह सोटे का प्रहार विघ्नों का नाश करने वाला है साथ ही सुख और समृद्धि लेकर आता है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रामीणों से कहा कि हर साल भरोसा ठाकुर प्रहार करते थे। अब यह परंपरा उनके पुत्र बीरेंद्र ठाकुर निभा रहे हैं। ग्रामीणों से चर्चा में उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा गोवंश की समृद्धि की परंपरा की पूजा है जितना समृद्ध गोवंश होगा उतनी ही हमारी तरक्की होगी। इसी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा इतनी लोकप्रिय होती है। लोग साल भर इसका इंतजार करते हैं एक तरह से यह पूजा गोवंश के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक भी है। हर साल आप लोगों के बीच मैं सुबह-सुबह पहुंचता हूं और मुझे बहुत खुशी होती है। गोवर्धन पूजा लोक के उत्सव की परंपरा है। हमारे पूर्वजों ने बहुत सुंदर छोटी-छोटी परंपराओं का सृजन किया और इन परंपराओं के माध्यम से हमारे जीवन में उल्लास भरता है। आज आप सबके बीच पहुंचकर और इस हर्षित जनसमूह को देखकर मेरा मन भी हर्ष से भर गया है। गोवर्धन पूजा और गौरा गौरी पूजा मिट्टी के प्रति गहरे अनुराग का उत्सव है। उल्लास से भरे आप लोगों के चेहरे देखकर अनुभव होता है कि हमारा प्रदेश सांस्कृतिक रूप से कितना समृद्ध है और हम इस सांस्कृतिक समृद्धि को किस तरह धरोहर के रूप में सहेजे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि अपनी माटी की अस्मिता को सहेजना उसका संवर्धन करना हम सब का कर्तव्य है। कितनी सुंदर परंपराएं हमारे छत्तीसगढ़ की है। इस बात की आशंका थी कि धीरे-धीरे यह परम्परायें कहीं विस्मृत न हो जाएं। ग्रामीणों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने यह संकल्प लिया कि अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को अपनी व्यवस्था में शीर्षस्थ स्थान देंगे क्योंकि परंपरा से हमारा अस्तित्व भी है परंपरा से हमारे मूल्य भी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी ग्रामीण संस्कृति के पर्व कृषि को बढ़ावा देने वाले पर्व हैं। पर्व के माध्यम से हम जमीन से जुड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गौरा गौरी पूजा में भी भाग लिया तथा आए हुए लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इतना सुंदर पूजन और इसके पश्चात पर्व के उल्लास की अभिव्यक्ति आप लोग कर रहे हैं। आप लोगों के बीच आना मुझे हमेशा आनंदित करता है और मैं हमेशा इस अवसर का इंतजार करता हूं, इस अवसर पर मैं कामना करता हूं कि हमारा प्रदेश निरंतर तरक्की की राह पर आगे बढ़े। आपके जीवन में खुशियां आए। आपके लिए मैं मंगल कामनाएं करता हूं।
रायपुर, मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है। ट्वीट कर सीएम भूपेश ने कहा प्रकृति और गोधन के प्रति प्रेम व रक्षा एवं लोक एकता के विजय पर्व गोवर्धन पूजा की समस्त प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं।
रायपुर, खैरागढ़ से बड़ी दुःखद खबर आ रही है। विधायक देवव्रत सिंह ने 52 वर्ष की उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों समेत पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि विधायक ने देर रात करीब 2.30 बजे खैरागढ़ अस्पताल में अंतिम सांस ली।

जानकारी के मुताबिक देवव्रत सिंह के सीने में तकलीफ होने के बाद उन्हें देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया।
ज्ञातव्य है कि खैरागढ़ राजपरिवार से ताल्लुक रखने वाले देवव्रत राजनांदगांव से सांसद भी रह चुके है। छत्तीसगढ़ की सियासत में कम उम्र में ही पहचान बनाने वाले नेता देवव्रत सिंह खैरागढ़ विधानसभा सीट से चार बार विधायक निर्वाचित हुए। इसके अलावा वह राजनांदगांव लोकसभा सीट से सांसद भी निर्वाचित हुए। देवव्रत सिंह एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) के अध्यक्ष भी रह चुके थे।
विधायक सिंह के निधन पर राज्यपाल उइके, मुख्यमंत्री बघेल तथा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने शोक व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. रमन सिंह स्वर्गीय देवव्रत सिंह की अंतिम यात्रा में सम्मिलित होने खैरागढ़ रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा देवव्रत का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। वे मेरे परिवार के सदस्य थे।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा है कि दीपावली का त्यौहार पौराणिक महत्व का त्यौहार होने के साथ-साथ हमारी संस्कृति और परम्परा का अभिन्न हिस्सा है। धनतेरस से लेकर भाई-दूज तक 5 दिनों के दौरान आपसी मेल-जोल से परस्पर स्नेह की जड़ें और गहरी तथा मजबूत होती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि दीपावली सबके लिए मंगलमय हो। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि त्यौहार के उत्साह के साथ हम पर्यावरण और खुद की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
रायपुर, राजधानी के मौदहापारा इलाके में स्थित गणपति ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में भीषण आग लग गई है। यहां बड़ी संख्या में फायर फाइटिंग इक्विपमेंट और ऑक्सीजन सिलेंडर रखे होने की जानकारी मिल रही है। भीषण आग लगने की सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम आग बुझाने में लगी हुई है। आग लगने से क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल है। फिलहाल आग लगने की वजह पता नहीं चल पाई है। आग बुझाने में दमकल की टीम लगी हुई है।
रायपुर | राजधानी रायपुर में आज 08 कोरोना मरीजों की पहचान हुई है। वही हॉस्पिटल से 00 और होम आइसोलेशन से 01 कुल 01 मरीज स्वस्थ हुए है। जबकि आज राजधानी रायपुर में 1 मरीज की मौत हुई है, मौत का कुल आकड़ा 3141 हुआ, साथ ही अब रायपुर में एक्टिव मरीज 47 है। आज तक रायपुर में 158048 मरीजो की पहचान हुई है और 154860 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है।
आपको बता दें छत्तीसगढ़ प्रदेश में आज कुल 25 नए कोरोना मरीजों की पहचान की गई है | जिसमे जिला रायपुर से सर्वाधिक 08 मरीज मिले है| आज प्रदेश में कुल 27 कोरोना संक्रमित मरीज कोरोना की जंग जीत कर स्वस्थ्य हुए है | राज्य में आज कुल 03 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है | प्रदेश में अब कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 290 है | आज प्रदेश में 14939 टेस्ट हुए है |

भगवान राम की ननिहाल चंदखुरी में दीपावली की तैयारी जोरों पर है। गुरुवार शाम माता कौशल्या मंदिर परिसर को 3600 दीयों की रोशनी से सजाया जाएगा। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दीपदान करेंगे।
हमर राम सांस्कृतिक समिति के संयोजक आरपी सिंह ने बताया, चौदह वर्षों के वनवास के बाद भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में दिवाली मनाई जाती है। इस पावन अवसर पर चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर प्रांगण में 3600 दीए जलाने की तैयारी है। इनमें छत्तीसगढ़ के 36 गढ़ों के प्रतीक स्वरूप 100-100 दीए जलाए जाएंगे। वहां बिजली की रोशनी और आतिशबाजी भी होगी।
गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 36 दीपक हमर राम सांस्कृतिक समिति के प्रतिनिधियों को सौंपेंगे। शाम 6 बजे वहां विधिवत पूजा-पाठ के बाद दीपोत्सव शुरू होगा। हमर राम सांस्कृतिक समिति पिछले वर्ष से चंदखुरी में दीपोत्सव का आयोजन कर रही है। पिछले साल भी कौशल्या माता मंदिर परिसर में 3600 दीए जलाए गए थे।
माता कौशल्या का एकमात्र मंदिर
रायपुर से करीब 20 किमी दूर स्थित चंदखुरी को प्राचीन कौशल की राजधानी माना जाता है। यहां भगवान राम की माता कौशल्या का एक प्राचीन मंदिर है। इसमें भगवान राम माता कौशल्या की गोद में बैठे दिखाए गए हैं। यह पूरी दुनिया में भगवान राम की माता को समर्पित एकमात्र मंदिर माना जाता है।
प्रदेश सरकार ने सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए एक खास टीम तैयार की है। रायपुर पुलिस के साइबर सेल प्रभारी गिरीश तिवारी को इस टीम का प्रमुख नियुक्त किया गया है। गिरीश तिवारी की टीम में प्रधान आरक्षक महेंद्र राजपूत, आरक्षक चिंतामणि साहू आरक्षक टेकसिंह मोहले भी होंगे। इसे लेकर बुधवार को एक आदेश जारी किया गया। प्रदेश सरकार की तरफ से मिले निर्देश के बाद रायपुर SP ऑफिस से स्पेशल टीम के अफसरों के नाम जारी कर दिए गए। नाम के साथ जारी पत्र में कहा गया है कि यह टीम रायपुर के सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रखेगी।
यह होगा काम
सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रखने के लिए तैयार की गई टीम रायपुर के उन तमाम पोस्ट और फोटोस पर नजर रखेंगी जो रायपुर के लोग फेसबुक, ट्वीटर और वॉट्सअप जैसे प्लेटफॉर्म पर शेयर करेंगे। साइबर सेल के कंट्रोल रूम में निगरानी का सेटअप तैयार किया जा सकता है। रायपुर के लोगों कि सोशल मीडिया अकाउंट्स जारी होने वाले मैसेज और तस्वीरों पर निगरानी रखने के दौरान पुलिस इस बात का ख्याल रखेगी की कोई भी पोस्ट भड़काऊ न हो। किसी मैसेज या तस्वीर से शहर की कानून व्यवस्था का माहौल बिगड़े तो वो कार्रवाई के दायरे में आएगी।
हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कलेक्टर, आईजी और एसपी कांफ्रेंस में यह कहा था कि सोशल मीडिया पर नजर रखने की जरूरत है। कवर्धा में हुई 3 और 5 अक्टूबर को हिंसक झड़प के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। अब लोगों के द्वारा वायरल किए जाने वाले मैसेजेस या कमेंट पर भी नजर होगी। खबर है कि भड़काऊ मैसेज या तस्वीरें वायरल करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत पुलिस कार्रवाई करेगी उन्हें गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जाएगा।
रायपुर , नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 6 के स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जोन के तहत भाटागांव के आछी तालाब के समीप एक मिठाई दुकान के संचालक पर दुकान के निरीक्षण के दौरान गन्दगी एवं स्वच्छता का अभाव मिलने पर जोन क्रमांक 6 के जोन कमिश्नर श्री विनोद पाण्डेय के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजीव शर्मा की उपस्थिति में सम्बंधित मिठाई दुकानदार को भविष्य के लिये कड़ी चेतावनी देते हुए 1500 रूपये का जुर्माना किया. इस सम्बन्ध में प्राप्त जनशिकायत मिठाई दुकान के निरीक्षण के दौरान सही पायी गयी, जिस पर जुर्माना कार्यवाही कर प्राप्त जनशिकायत का जोन के स्तर पर त्वरित निदान किया गया.
रायपुर, सम्पूर्ण नगर पालिक निगम रायपुर के परिक्षेत्र में महावीर निर्वाण दिवस दिनांक 4 नवम्बर 2021 गुरुवार को मांस - मटन का विक्रय पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा. इस सम्बन्ध में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यावरण एवं नगरीय विकास विभाग के आदेश के परिपालन में नगर पालिक निगम रायपुर के स्वास्थ्य अधिकारी विजय पाण्डेय ने रायपुर नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से महावीर निर्वाण दिवस दिनांक 4 नवम्बर 2021 गुरुवार को रायपुर नगर पालिक निगम के सम्पूर्ण परिक्षेत्र में स्थित पशुवध गृह एवं समस्त मांस - मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखे जाने का आदेश जारी किया है. नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य अधिकारी विजय पाण्डेय ने बताया कि महावीर निर्वाण दिवस दिनांक 4 नवम्बर 2021 गुरुवार को किसी भी दुकान में मांस - मटन विक्रय करते पाये जाने पर मांस - मटन जप्त करने की कार्यवाही की जायेगी और सम्बंधित व्यक्ति के विरूद्ध यथोचित कार्यवाही भी की जायेगी. महावीर निर्वाण दिवस दिनांक 4 नवम्बर 2021 गुरुवार को नगर पालिक निगम रायपुर के जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण / जोन स्वच्छता निरीक्षकगण मांस- मटन के विक्रय पर प्रतिबन्ध के आदेश का व्यवहारिक पालन सुनिश्चित करवाएंगे और इस हेतु अपने सम्बंधित जोन क्षेत्रों के मांस - मटन बाजारों में लगातार सतत पर्यवेक्षण करेंगे.
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गायत्री नगर में मंगलवार देर रात गली में खड़ी एक कार जल कर खाक हो गई। आग लगने का कारण सामने नहीं आ सका है। कार SBI के कर्मचारी की थी। उन्होंने खमारडीह थाने में शिकायत की है। आशंका है कि पटाखे से हादसा हुआ होगा। फिलहाल पुलिस आगजनी के संदेह को लेकर भी जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, फेस-2 निवासी SBI कर्मचारी विनोद कुमार ने अपनी i10 मॉडल की गाड़ी घर के बाहर गली में पार्क की थी। अंदर वे परिवार के साथ धनतेरस की छुट्टी मना रहे थे। इसी दौरान अचानक कार में आ लग गई। आसपास के लोगों ने कार जलती देखी तो शोर मचाया। लोगों ने पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग और भड़क गई।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन गली संकरी होने के कारण अंदर नहीं जा सकी। सूचना पर थाने की पेट्रोलिंग टीम भी पहुंच गई। इस बीच किसी तरह फायर कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने अनुमान लगाया है कि किसी पटाखे की वजह से ऐसा हुआ होगा।
मैनपाट/रायपुर: अंबिकापुर के दरिमा थाना क्षेत्र मैनपाट रोड में कालीघाट जंगल के पास एक युवती की अधजली लाश बरामद की गई है। यह लाश पूरी तरह से नग्न हालत में मिली है, कपड़ों को जला दिया गया है। युवती का चेहरा, सीना और पैर जल चुके हैं, तो शेष बचे हिस्सों को जानवरों ने नोंच डाला है। लाश को देखने के बाद पुलिस ने युवती 20 से 25 वर्ष के बीच का बताया है, शिनाख्ती की कोशिश शुरु कर दी गई है। घटना के बारे में सुबह उस समय पता चला, जब मवेशी चराने जंगल गए ग्रामीणों की नजर पड़ी। सूचना पर एफएसएल टीम के साथ पुलिस पहुंची। शव की स्थिति देख पुलिस भी अवाक रह गई। शव क्षत-विक्षत पड़ा था और शरीर पर एक भी कपड़े नहीं थे। चेहरे, सीने और पैर पूरी तरह जले हुए थे। रही-सही कसर जानवरों ने पूरी कर दी थी। शव के अंगों को जानवरों ने नोंच दिया था। पुलिस मर्ग कायम कर आगे की जांच में जुट गई है।
रायपुर: राजधानी पुलिस के हत्थे हुक्का डिलीवरी बॉय चढ़ गया, जो नशे का सामान डिलीवर करने जा रहा था। युवक के पास से हुक्का, तम्बाकू आदि जप्त किया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव के पास पुलिस ने चेकिंग के दौरान डिलीवरी बॉय रंगे हाथ पकड़ा। टेमरी निवासी टेकचंद साहू से पुलिस ने 7 हुक्का व जर्दा तम्बाकू युक्त रॉ मटीरीयल, पाइप, कोक, सिगड़ी आदि जप्त किया है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी टेकचंद साहू पहले कैफे में काम करता था। कैफे में हुक्का बंद हो जाने के बाद डिलीवरी का काम करने लगा और अपने पहचान के ग्राहकों को हुक्का सप्लाई करता था। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं आरोपी के खिलाफ कोत्पा एक्ट की कार्यवाही की जा रही है।
कोरबा: रायपुर के सर्राफा कारोबारी की कार से कोरबा में 32 लाख की सोना चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस चोरी का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि कार का ड्राइवर ही निकला।
मिली जानकारी के मुताबिक सराफा कारोबारी का ड्राइवर ने अपने दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर कार का शीशा तोड़कर गोल्ड चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से पूरा जेवर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच संदेहियों से पूछताछ में पूरा मामले का खुलासा हो गया। पता चला कि जिस कार में आए थे, उस कार का ड्राइवर ही सरगना निकला। जो दो रिश्तेदारों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी और घटना को अंजाम दिया था। रतन ज्वेलर्स के 2 कर्मचारी अकाश वालेचा और कार का चालक रवि साहू कोरबा सोने का सेल करने गए थे। कोरबा पुलिस ने रायपुर के कबीर नगर से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी के लगभग सभी जेवर पुलिस ने बरामद कर लिया है।
धमतरी जिले में एक अधेड़ की सड़ी गली हालत में लाश मिली है। बताया गया कि शख्स पिछले एक महीने से लापता था। अब उसकी लाश मिली है। लोगों ने उसकी लाश को एक नाले के पास देखा है। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई है। मामले में अधेड़ के हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग केरेगांव से लगे पीपरछेड़ी नाला में सिरौद कला पुल मंगलवार को पार कर रहे थे। इसी दौरान लोगों ने नाले के किनारे एक लाश देखी। लाश से काफी बदबू आ रही थी। इसके बाद लोगों ने तुरंत इस बात की जानकारी केरेगांव पुलिस को दी। खबर लगते ही पु्लिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। लाश सड़ी गली होने के चलते शव को बाद में रायपुर में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
शराब पीकर घूमता था
पुलिस ने मामले में जांच की तो शव की पहचान खिलावन प्रसाद तिवारी(48) के रूप में हुई है। केरेगांव प्रभारी रामनरेश सेंगर ने बताया खिलावन कुर्रीडीह गांव का रहने वाला था। लाश करीब 25 दिन पुरानी है। खिलावन के परिजनों ने 27 सितंबर को उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मगर उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। अब उसका शव मिला है।
रामनरेश सेंगर ने बताया की खिलावन शराब पीने का आदि था। हमेशा शराब पीकर घूमा करता था। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इधर, खिलावन के परिजनों को भी इस बात की सूचना दी गई है। पुलिस अब आगे की जांच कर रही है।
रायपुर: मुख्यमंत्री की मंशानुरूप पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए पदोन्नति प्रक्रिया का तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यंमत्री के निर्देश पर पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को दीपावली का खास तोहफा मिलने जा रहा है। डीजीपी डीएम अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सदैव पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के हित के लिए संवेदनशील रहते हैं, उनके निर्देश पर छत्तीसगढ़ पुलिस में सिपाही से हवलदार और हवलदार से एएसआई की पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण कर ली गयी है । सभी जिलों में सिपाही से हवलदार के लिए 2952 एवं हवलदार से एएसआई के लिए 865 पुलिसकर्मी योग्य पाये गये हैं । इस प्रकार लगभग चार हजार पुलिसकर्मियों को इस दीपावली पर प्रमोशन का तोहफा मिलने जा रहा है। डीजीपी श्री अवस्थी ने सभी रेंज आईजी को योग्य हवलदार एवं एएसआई का प्री प्रमोशन कोर्स शीघ्र आयोजित करने के निर्देश दिये हैं ।
हवलदार से एएसआई पद के लिए जिला बल के योग्य कुल 865 में से रायपुर रेंज में 190, दुर्ग रेंज में 146, बिलासपुर रेंज में 124, सरगुजा रेंज में 98 और बस्तर रेंज में 307 पुलिसकर्मी योग्य पाये गये हैं । वहीं सिपाही से हवलदार पद के लिए जिला बल के योग्य कुल 2952 में से रायपुर जिले में 180, बलौदाबाजार-भाटापारा में 95, गरियाबंद में 72, धमतरी जिले में 55, महासमुंद जिले में 50, जीआरपी में 24, पीटीएस माना में 6, पुलिस अकादमी चंद्रखुरी में 13, अअवि में 2, दुर्ग जिले में 88, बेमेतरा में 45, बालोद में 30, राजनांदगांव में 93 , कबीरधाम में 80, बिलासपुर में 61, मुंगेली में 35, जांजगीर-चांपा में 62, रायगढ़ में 55, कोरबा में 29, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 19, सरगुजा में 55, कोरिया में 33, जशपुर में 53, सूरजपुर में 62, बलरामपुर-रामानुजगंज में 75, पीटीएस मैनपाट में 6, जगदलपुर में 217, कोण्डागांव में 198, दंतेवाड़ा में 202, सुकमा में 194, कांकेर में 242, बीजापुर में 309 और नारायणपुर में 212 पुलिसकर्मी योग्य पाये गये हैं ।
जांच में आयेगी तेजी – इतनी बड़ी संख्या में प्रमोशन के बाद पुलिसिंग में भी पहले की अपेक्षा और तेजी आयेगी । उल्लेखनीय है कि पुलिस रेगुलेशन के अनुसार किसी प्रकरण की विवेचना हवलदार एवं उससे ऊपर के अधिकारी ही कर सकते हैं । इस प्रकार छत्तीसगढ़ पुलिस को करीब 4 हजार विवेचक मिलेंगे । जिनसे लंबित प्रकरणों की जांच में तेजी आयेगी और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सकेगा । छत्तीसगढ़ पुलिस के उक्त निर्णय पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों में व्यापक हर्ष व्याप्त है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि विगत तीन वर्षों में उनकी विभिन्न मांगों पर पूरी संवेदनशीलता से विचार किया जा रहा है और पदोन्नति की प्रक्रिया बड़ी तेजी से हो रही है । इससे हम लोगों को समय पर पदोन्नति मिल पा रही है।
रायपुर: खाद्य मंत्री ने आज अपने निवास कार्यालय सरगुजा कुटीर में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप इस वर्ष एक दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश में पहला राज्य है, जहां राज्य सरकार द्वारा किसानों से वाजिब कीमतों में धान की खरीदी की जा रही है। प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों से होने वाले अन्य राज्यों से अवैध धान परिवहन की शिकायतें मिलती हैं। अतः अभी से सीमावर्ती इलाकों में इसके लिए कड़ी निगरानी सुनिश्चित कर लिया जाए, ताकि किसी भी स्थिति में दूसरे राज्यों से अवैध धान का परिवहन न हो पाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा 105 लाख मेट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। किसानों से सुगम धान खरीदी के लिए पर्याप्त बारदाना उपलब्ध होना चाहिए। धान खरीदी से पहले बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए।
खाद्य मंत्री श्री भगत ने धान खरीदी के लिए सहकारी समितियों की स्थिति का भी समीक्ष की। उन्होंने राज्य स्तर के अधिकारियों द्वारा धान खरीदी के 15 दिन पहले संभाग मुख्यालय में जाकर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में धान बेचने आने वाले किसानों के लिए पानी, बिजली व बैठने आदि की व्यवस्था भी दुरूस्त कर लिया जाए। प्राथमिक उपचार पेटी की व्यवस्था भी हो। खरीदी केन्द्रों में कम्प्यूटर ऑपरेटर, इंटरनेट एवं कर्मचारियों की भी व्यवस्था कर ली जाए। आस-पास के धान संग्रहण केन्द्रों की जानकारी होना चाहिए। धान खरीदी केन्द्रों के देखरेख के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। गड़बड़ी अथवा लापरवाही के लिए नोडल अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।
बैठक में अधिकारियों ने मंत्री श्री भगत को बताया कि प्रदेश में लगभग 2311 से अधिक सहकारी समिति केन्द्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर किसानों से 105 लाख मेट्रिक टन धान खरीदने का अनुमान है। इस वर्ष 1.13 लाख नए किसानों ने पंजीयन कराया है। अभी तक धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या 22 लाख 66 हजार से अधिक हो गए हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा अनुरूप नए किसानों के लिए पंजीयन की तिथि 10 नवम्बर तक बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदने के लिए लगभग सवा पांच लाख गठान से अधिक बारदाने की आवश्यकता पड़ेगी। इसके लिए मिलर्स, पीडीएस, जूट कमिश्नर से बारदानों की उपलब्धता की जा रही है। इसके अलावा धान खरीदी मंत्रिमण्डलीय उप समिति की अनुशंसा पर किसानों को स्वयं के बारदाने में भी धान बेचने के अनुमति दे दी जाएगी। इसके अलावा ओपन मार्केट के माध्यम से शेष बारदानों की पूर्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।
मंत्री श्री भगत ने बैठक में इस वर्ष समर्थन मूल्य में खरीदी जाने वाली धान के निराकरण के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए केन्द्र सरकार द्वारा 61.5 लाख मेट्रिक टन चावल खरीदने के लिए सहमति प्रदान कर दी गई है, लेकिन उसना चावल खरीदने के लिए अनुमति नहीं है। मंत्री श्री भगत ने कहा कि केन्द्रीय पूल में उसना चावल नहीं खरीदने की स्थिति में मिलों के बंद होने अथवा संकट पैदा होने की आशंका है। अतः केन्द्र सरकार को उसना चावल खरीदने हेतु आग्रह पत्र भेजने के भी निर्देश दिए।
बैठक में खाद्य विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा, छत्तीसगढ़ खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक निरंजन दास, मार्कफेड की प्रबंध संचालक किरण कौशल, विशेष सचिव मनोज कुमार सोनी, संयुक्त सचिव जी.एस सिकरवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
गरियाबंद: गरियाबंद जिले में पुलिस ने नशा के खिलाफ अभियान चलाकर चेकिंग के दौरान 1 नवंबर की देर शाम पांडुका पुलिस ने कुकमुदिन पिता अब्दुल करीम 30 वर्ष और सत्तार खान पिता सब्दल खान 40 वर्ष को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 1 लाख 40 हजार कीमती 14 ग्राम चरस के साथ 1 लाख 70 हजार नगद जब्त की है। दोनों आरोपी हरियाणा के सूरजकुंड, फरीदाबाद इलाके के रहने वाले हैं। इस मामले में बात करते हुए थाना प्रभारी बसंत बघेल ने बताया कि पांडुका के चारधाम चौक के पास चेकिंग के दौरान सफेद रंग के कार क्रमांक एच आर 51 बी वाय 0030 को रोककर चेकिंग किया गया तो, कार में 14 ग्राम चरस रखा हुआ मिला। जिससे आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही में जुटी पुलिस।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मामूली विवाद पर पत्नी ने अपनी ही पति की हत्या कर दी है। महिला ने पति को इसलिए मार डाला क्योंकि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर पति की हत्या कर दी है। मामला डौंडी थाना क्षेत्र का है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, ये वारदात सोमवार को घटी। बताया गया कि डौंडी थाना के कंजेली गांव में रहने वाले मन्नू नेताम(40) और उसकी पत्नी सोनबाई नेताम सोमवार को सुबह से घर पर ही थे। वहीं उनके दोनों बच्चे घर से बाहर किसी काम से गए हुए थे। इसी दौरान करीब 11 बजे मन्नू और सोनबाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साई सोनबाई नेताम ने पास में रखा लाठी-डंडा उठाकर मन्नू पर हमला कर दिया। जिससे मन्नू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सोनबाई घर पर ही रही।
बैठक में जुर्म किया कबूल
इधर, मामले का पता लोगों को तब चला कि जब मन्नू के बच्चे शाम को घर पर पहुंचे। तब उन्होंने देखा की मन्नी की खून से लथपथ लाश घर पर ही पड़ी थी। जिसके बाद उन्होंने अपने मां से भी पूछा, जिस पर उसने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में इस बात की जानकारी गांव के लोगों को दी गई। फिर गांव के लोगों ने जब बैठक की तब महिला ने अपना जुर्म कबूल किया है। इसके बाद मामले की जानकारी डौंडी पुलिस को दी गई। खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मंगलवार को परिजनों को सौंपा गया है।
रायपुर: धनतेरस को देखते हुए सदर बाजार मार्ग में सुगम यातायात व्यवस्था के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सदर बाजार रोड मालवीय रोड में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए जाने के संबंध में यातायात पुलिस को दिशा निर्देश दिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर शहर तारकेश्वर पटेल, उप पुलिस अधीक्षक यातायात सतीश कुमार ठाकुर उपस्थित थे।
इस वर्ष त्योहारी सीजन के दौरान शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात का दबाव अन्य वर्षो की अपेक्षा ज्यादा है, जिसे देखते हुए रायपुर एसपी अग्रवाल ने सुबह सदर बाजार मार्केट तथा मालवीय रोड में घूम-घूम कर यातायात व कानून व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। साथ ही सुगम सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने अधिक से अधिक कर्मचारी लगाकर पेट्रोलिंग करने, जाम की स्थिति निर्मित न हो, ऐसी व्यवस्था बनाने निर्देश दिए और यातायात थाना शारदा चौक पहुंचकर यातायात जवानों से चर्चा की।
सदर बाजार रोड, मालवीय रोड, एमजी रोड, केके रोड तेलगानी नाका, आमापारा बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखे नगर, पंढरी कपड़ा मार्केट, देवेंद्र नगर अनुपम नगर चौक आदि प्रमुख प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात पुलिस ने पूर्व से ही बीट अधिकारी व पेट्रोलिंग तैनात किया है। ये लगातार क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर सुगम यातायात व्यवस्था बना रहे है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने, रोड में नो पार्किंग पर वाहन खड़े करने वाले तथा दुकान का सामान रोड पर निकालकर व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस व नगर निगम उड़नदस्ता टीम द्वारा लगातार अतिक्रमण कार्यवाही की जा रही है।
रायपुर: राजधानी के एक फैक्ट्री में हुये हादसे में काम कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गई है। मृतक मजदूरों में एक बिहार और दूसरा मप्र का बताया जा रहा है। घटना धरसीवां थाना क्षेत्र के कपसदा स्थित फॉच्र्यून मैटेलिक लिमिटेड फैक्ट्री की है। बता दें कि हादसा देर रात की है। सोमवार की देर प्रान्त फैक्ट्री में इलेक्ट्रीशियन कपिल कुमार 48 वर्ष और हेल्पर भूपेंद्र पटेल 28 वर्ष काम कर रहे थे। इस दौरान भट्टी में ब्लास्ट हो गया और गर्म लोहे के नीचे दोनों मजदूर दब गये। हादसे में दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस घटना के बाद अन्य मजदूरों ने इसकी जानकारी धरसीवां पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची हुई है और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा इलाके की 14 साल की बच्ची से गैंगरेप किया गया। इसके बाद बच्ची डर कर शहर छोड़कर भाग गई। ट्रेन में रेलवे पुलिस ने जब उसे देखा तो पूछताछ की फिर मामला खुला। पुलिस ने सोमवार को 19, 21 और 26 साल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों बदमाश रायपुर के खरोरा में ही रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, वारदात 15 अगस्त की है। 14 साल की बच्ची की दोस्ती उसके घर के पास ही रहने वाले 26 साल के राहुल सेन से थी। 15 अगस्त को राहुल ने बच्ची को मिलने के लिए खरोरा के एक गार्डन में बुलाया था। यहां 21 साल का कुणाल सेन और 19 साल का सुनील धीवर पहले से ही मौजूद था। दोनों राहुल के दोस्त हैं। मौका पाकर तीनों बदमाशों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
तीनों आरोपियों ने बच्ची के साथ मारपीट भी की और उसे धमकाते हुए कहा कि अगर इस बारे में किसी से कुछ कहा तो उसकी और उसके घर वालों की हत्या कर देंगे। इससे घबराकर बच्ची ने अपने साथ ही वारदात की जानकारी किसी को नहीं दी और खरोरा से भागकर वो रायपुर रेलवे स्टेशन आ गई।
यहां से हैदराबाद जा रही ट्रेन में सवार हो गई। ट्रेन में अकेली बच्ची को देख RPF ने पूछताछ की तो बच्ची ने वारदात की जानकारी दी। साथ ही बताया कि उसने सोचा कि दूसरे शहर जाकर मजदूरी करते हुए आगे की जिंदगी बिताएगी। ट्रेन जब नागपुर पहुंची तो बच्ची को घबराए हुए रेलवे की पुलिस ने देखा। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित रायपुर भेजा और खरोरा पुलिस को सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। उनके घर पर छापेमारी की गई लेकिन वो नहीं मिले। सोमवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गुप्त सूचना के बाद पकड़ लिया।
वारदात का पता चला तो परिवार ने बच्ची को छोड़ा
गैंगरेप की घटना का शिकार हुई 14 साल की लड़की का साथ अब उसके घर वाले ही नहीं दे रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस जब बच्ची को उसके घर ले गई तो उसके परिजन ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। फिलहाल, पिछले कुछ दिनों से बच्ची रायपुर के एक शेल्टर होम में रहने को मजबूर है। पुलिस और कुछ सामाजिक संस्थाएं घरवालों की काउंसिलिंग कराकर बच्ची की नई जिंदगी दोबारा शुरू करवाने के प्रयास में हैं।
जांजगीर चांपा: नाबालिग लड़की को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बता दे कि हसौद क्षेत्र निवासी युवक शुभम बंजारे ने 15 साल की लड़की को झांसा देकर अपने प्यार के जाल में फंसाया। इसके बाद दोनों मोबाइल पर बातें भी करने लगे। आरोपी शुभम ने 11 अक्टूबर को लड़की को मिलने के लिए बुलाया और उससे दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही किसी को बताने से भी मना किया। इसके बाद भी लड़की से आरोपी शुभम बात कर रहा था। लड़की ने व्हॉट्सएप पर उसकी डीपी भी लगा रखी थी। इस बीच परिजनों ने लड़की के मोबाइल में उसकी फ ोटो देखी तो पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद मामला खुला। लड़की ने परिजनों को दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की बात बताई। इसके बाद परिजन लड़की को लेकर थाने पहुंच गए।
रायपुर: सुरजपुर जिले में एक प्रेमी जोड़े की एक ही फंदे पर झूलती लाश मिली है। प्रथम दृष्टिया मामले को प्रेम प्रसंग में की गयी खुदकुशी के नजरिये से देखा जा रहा है। मामला रामानुजनगर के सरईपारा का है। पुलिस जाँच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर में दर्दनाक हादसा हुआ है, सोमवार देर रात टैंकर की टक्कर से पिता की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल है। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता के शरीर के टुकड़े-टुकड़े होकर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद टैंकर का ड्राइवर मौके से भाग निकला। इससे गुस्साए लोगों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने लोगों को शांत किया।
जानकारी के मुताबिक, हसौद क्षेत्र के अम्लीडीह निवासी नंदलाल सतनामी (45) अपने बेटे रामनाथ (20) के साथ दीपावली की खरीदारी करने के लिए सोमवार देर शाम निकले थे। बाजार से लौटने के दौरान रात करीब 8 बजे गांव के पास ही फैक्ट्री से फ्लाई ऐश लेकर जा रहे एक टैंकर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्र उछल कर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान नंदलाल टैंकर में फंस गया।
ड्राइवर ने टैंकर रोकने की जगह उसकी स्पीड बढ़ा दी। इससे नंदलाल के शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो कर सड़क पर बिखर गए। इसके बाद टैंकर का ड्राइवर भाग निकला। वीभत्स हादसा देख आसपास के लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स के साथ ही तहसीलदार भी पहुंच गए। इसके बाद किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया गया। शव की इतनी बुरी हालत थी कि उसे काफी मुश्किल से उठाया जा सका।









