रायपुर। महंगाई के इस दौर में मास्क के नाम पर जारी वसूली से अब राजधानी वासी परेशान होने लगे है। नगर निगम प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त अभियान चलाकर सिर्फ खानापूर्ति करते हुए शहर के अनेकों चौक-चौराहों पर बिना मास्क पहने हुए दोपहिया वाहन चालकों से वसूली किया जा रहा है, जबकि शहर के भीड़-भीड़ वाले व्यावसायिक इलाको में, कार्यक्रम स्थलों में यहां तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम नया रायपुर में भी चल रहे रोड सेफ्टी क्रिकेट टूर्नामेंट में भी मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे में नगर निगम और पुलिस प्रशासन की यह कार्यवाही सिर्फ खानापूर्ति और वसूली अभियान से ज्यादा कुछ नहीं लग रहा है।
नारायणपुर। जिले के आमदई खदान में तैनात सीएएफ के एक जवान ने अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। आमदई खदान में तैनात जवान धर्मेंद्र गबेल निवासी जांजगीर के बालधरोद चार दिन पहले ही छुट्टियां के बाद घर से ड्यूटी पर लौटा था। जवान के आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
बालोद। जिले में संकल्प योजना के क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत नवीन गाईडलाईन अनुरूप कौशल प्रशिक्षण के पूर्व चिन्हांकित युवाओं की व्यक्तिगत (वन-टू-वन) काउंसलिंग कार्य लिए काउंसलर्स के रिक्त 2 पदों के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन 5 अप्रैल शाम 5 बजे तक इच्छुक आवेदकों से स्पीड पोस्ट/रजिस्टर डाक के माध्यम से कार्यालय कलेक्टर सह अध्यक्ष, जिला कौशल विकास प्राधिकरण बालोद, प्रथम तल जिला पंचायत बालोद में आवेदन कर सकते है। जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक विकास देशमुख ने बताया कि उक्त पद पर भर्ती के संबंध में नियम शर्तें, चयन प्रक्रिया, आवेदन का प्रारूप इत्यादि की विस्तृत जानकारी जिला पंचायत बालोद के सूचना पटल और बालोद जिले के वेबसाईट बालोद डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध है।
रायगढ़ । कलेक्टर भीमसिंह के निर्देश पर माइनिंग विभाग की तबतोड़ कार्रवाई जारी है। सारंगढ़ ब्लॉक के कटंगपाली क्षेत्र में संचालित नव दुर्गा क्रेशर में माइनिंग विभाग की टीम ने गुरुवार को छापेमार कार्रवाई की। जहां अनियमितता को लेकर क्रेशर सील कर दिया गया। ऐसे में अन्य संचालित क्रेशरों में हड़कंप मचा हुआ है। छापेमार कार्रवाई के दौरान टीम ने शुभ मिनरल के खदान से बिना रॉयल्टी पर्ची डोलोमाइट का परिवहन करते दो ट्रेक्टर और एक हाइवा भी जप्त किया। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व कलेक्टर भीमसिंह के निर्देशन में शुभ मिनरल को सील किया गया था। बावजूद शुभ मिनरल के द्वारा नियम कायदों को ताक पर रख खदान का संचालन किया जा रहा था। वहीं सूत्रों के मुताबिक बैठक में माइनिंग अधिकारी की टीम को चढ़ावा चढ़ाने की बात सामने आ रही है ताकि कार्रवाई का सिलसिला थम जाए। इस सम्बंध में माइनिंग निरीक्षक राकेश वर्मा ने बताया कि कलेक्टर भीमसिंह के आदेश पर यहां निरीक्षण किया गया, जांच करने पर पता चला कि क्रेशर में करीब 4500 सौ टन खनिज का भंडारण संचालक द्वारा करके रखा गया है। जिसके सम्बन्ध में इन्हें जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है, साथ ही क्रेशर में और भी अनियमितता पाई गई है। जिसमे जल का छिड़काव नहीं होना मिला है। जिसके लिए नोटिस दिया जा रहा है। बताया कि क्षेत्र में दौरा करते समय शुभ मिनरल के खदान से बिना रॉयल्टी पर्ची के डोलोमाइट परिवहन करते दो ट्रैक्टर और एक हाइवा पर कार्रवाई की गई है।
रायपुर । 15 मार्च की दोपहर तिल्दा थाना क्षेत्र में महिला पर जानलेवा हमला किया गया था। महिला पर उसी के घर में घुसकर एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया था। तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध भी पंजीबद्ध किये थे। पुलिस की सूझबूझ से इस मामले में आज खुलासा हुआ। पुलिस ने बताया कि महिला पर हमला करने वाला एक 35 वर्षीय आदमी और उसकी पत्नी इस वारदात में शामिल है। खुलासा करते समय तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी ने बताया कि 15 मार्च की सुबह 11.45 को एक अज्ञात व्यक्ति महिला के घर गया और रिश्तेदार के घर की शादी है कहकर कार्ड देने आया हूं बोलकर उसके घर में घुसकर महिला पर लोहे के चाकू से कई वार किए। आरोपी बालकृष्ण जांगड़े और उसकी पत्नी अंजना जांगड़े को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 307,454,354,34 के तहत कार्रवाई की है। तिल्दा पुलिस ने मामले के खुलासा करते हुए बताया कि घटना 15 मार्च की सुबह 11:45 बजे की है। तिल्दा थाना क्षेत्र में पीड़िता के मकान पहुंचकर आरोपी ने अपने आपको जान-पहचान का होना बताते हुए कवर्धा से शादी का कार्ड देने आना बताया। पीड़िता के साथ पीछे-पीछे आरोपी घर के गेट के पास पहुंच गया और कार्ड में नाम लिखने के लिए पेन मांगा। पेन लेने पीड़िता कमरे के अंदर चली गई, उसी दौरान मौका पाकर वह अज्ञात आरोपी घर अंदर चला गया और जैसे ही पीड़िता कमरे से बाहर निकली उसी दौरान उसे बेईज्जत करने की नियत से दौड़कर उसे दोनो हाथो से पकड़ लिया और उसके मुंह में प्लास्टर पट्टी चिपका दिया। पीड़िता ने विरोध करते हुए छूटने के अथक प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसे नीचे जमीन पर पटक दिया व हत्या की नियत से अपने पास रखे चाकू से कई वार कर चोंट पहुंचाया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध धारा कायमकर विवेचना में लिया गया। विवेचना पतासाजी के समस्त सूत्रों के उपयोग से यह बात सामने आई कि आहत के पति के साथ एक ही विभाग के काम करने वाली महिला के पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका थी। जिस कारण पीड़िता के पति से बदला लेने की नियत से उसका पत्नी को हत्या करने अपनी पत्नी को उक्त षडयंत्र में शामिल करते हुए इस घटना को अंजाम दिया। संपूर्ण साक्ष्यों को सामने रखकर घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी बालकृष्ण जांगड़े व उनके सहयोगी उनकी पत्नी आरोपिया अंजना जांगड़े को गिरफ्तार कर रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया।
रायपुर । कलेक्टर रायपुर डॉ. एस. भारतीदासन के निर्देश पर आबकारी विभाग ने रायपुर के होटल-बारों की विशेष जांच की थी। बार में गंभीर अनियमितता मिलने पर विभागीय प्रकरण कायम किया गया था। जिस पर कलेक्टर रायपुर ने निर्णय देते हुए दस बार अनुज्ञप्तियों (एफ.एल. 3) को एक दिवस के लिये निलंबित कर दिया है। गंभीर अनियमितता की श्रेणी में निर्धारित समय बाद भी बार खुला रखना, एक से अधिक काउंटर संचालित करने, एक समय में काउंटर पर एक लेबल का एक से अधिक बोतल खुले रखने के प्रकरण शामिल हैं। निलंबन होने वाले एफ.एल. 3 बार क्रमशः (1) होटल मेलरोज (2) होटल योगी (3) होटल शीतल इंटरनेशनल (4) होटल मधुशाला (5) होटल सीरॉक (6) होटल सूर्या (7) होटल सेंटर पाईट (8) होटल मेट्रो (9) होटल क्रास रोड एवं (10) टेन डाउनिंग स्ट्रीट है। निलंबन अवधि का सम्पूर्ण राजस्व लायसेंसी द्वारा देय होगा तथा लायसेंस निलंबन के लिये किसी प्रकार के प्रतिकर पाने या उसके संबंध में चुकाई गई किसी फीस या निक्षेप के प्रतिदाय का हकदार नही होगा।
जशपुरनगर । छत्तीसगढ़ परिमंडल के अतर्गत ग्रामीण डाक सेवा आरपी संभाग में पदो ंके भर्ती के लिए 7 अपै्रल तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किया गया है। जिसके तहत् रायगढ़ संभाग में 218 पदों में शाखा डाकपाल के 64 पद और सहायक शाखा डाकपाल के 154 पद पर भर्ती की जानी है। इस संबंध में अधिक जानकारी वेबसाईट इंडियापोस्टडॉटजीओव्हीडॉटइन या एपपोस्टडॉटइन/ जीडीएसऑनलाईन/ होमडॉटएएसपीएक्स पर देखी जा सकती है।
रायपुर । दुर्ग पुलिस के कामकाज में सुधार के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से छह निरीक्षकों का तबादला दुर्ग जिला किया गया है। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश में वरिष्ठ अधिकारियों से स्थानांतरित निरीक्षकों को कार्यमुक्त कर कार्यालय को सूचित करने के लिए कहा गया है। दुर्ग जिले में जिन छह निरीक्षकों का तबादला किया गया है, उनमें बलौदाबाजार जिले से महेश ध्रुव, पुलिस मुख्यालय के विशेष शाखा से गौरव पांडेय, धमतरी जिला से संतोष मिश्रा, बलौदाबाजार से विजय कुमार चौधरी, कोरबा से दुर्गेश शर्मा और सरगुजा जिला से मनोज प्रजापति शामिल हैं।
रायपुर । एटीएम में पैसा डालने के नाम पर लाखों रूपये का गबन करने वाले 2 आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनो आरोपी राइटर बिजनेस सर्विसेस प्रा. लि. कंपनी में कार्यरत है। राइटर बिजनेस सर्विसेस प्रा. लि. एक कैश मैनेजमेंट कंपनी है जो कि बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में रकम जमा करने का कार्य करती थी। दोनो आरोपी कंपनी में एटीएम ऑफिसर के पद पर है और बैंक ऑफ बड़ौदा के विभिन्न एटीएम में नगद रकम डालने का कार्य करते थे। आरोपी ने रायपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ोदा के अलग - अलग एटीएम में रकम डालने के नाम पर कुल 27,73,700 लाख रूपए का गबन किया है। 2 मार्च को कंपनी के ऑडिटर हरजिंदर सिंह ने आडिट में सुन्दर नगर रायपुर में स्थित एटीएम में 2.90 लाख कम पाया गया। इसी तरह दोनों व्यक्तियों ने लगातार रायपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ोदा के अलग - अलग एटीएम में रकम डालने के नाम पर कुल 27,73,700 लाख रूपए का गबन होने का पता चला।
जिस पर आरोपी मुकेश सिंह ठाकुर और धर्मेन्द्र रात्रे के खिलाफ थाना डी.डी.नगर में अपराध दर्ज करवाया गया। थाना डी.डी.नगर की टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर घटना में संलिप्त आरोपी मुकेश सिंह ठाकुर और धर्मेन्द्र रात्रे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना मुकेश सिंह ठाकुर पिता भागवत सिंह ठाकुर उम्र 26 वर्ष निवासी खपरी, निपानिया जिला बलौदा बाजार, वर्तमान पता - अश्वनी नगर रायपुर और धर्मेंद्र रात्रे पिता शिव कुमार रात्रे उम्र 33 वर्ष निवासी वार्ड नं 11 पड़कीटोला चिल्फी जिला बेमेतरा वर्तमान पता - रावाभांठा मिनी माता चौक के पास बीरगांव रायपुर बताया । आरापी ने पुलिस को रकम गबन करने की उक्त घटना को स्वीकार किया।
कोरिया । उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के लाईसेंसी आदान प्रदायकों के लिये Diploma in Agricultural Extension Services for Input Dealers (DAESI) पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जाना है। पाठ्यक्रम के संचालन के लिए एक फेसिलिटेटर की आवश्यकता है। जिसके लिये शैक्षणिक योग्यता कृषि एवं समवर्गीय विषय में मास्टर डिग्री निर्धारित की गई है। कृषि गतिविधियों में अनुभव को प्राथमिकता दी जावेगी। यह नियुक्ति एक वर्ष के लिए 17 हजार रूपये प्रति माह के लिये की जावेगी। इस पद के लिए अभ्यर्थी का वाक इन इंटरव्यूह 22 मा्र्च को दोपहर 12.00 बजे से 2.00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इच्छुक योग्य अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता की मूलप्रति के साथ कार्यालय उप संचालक कृषि बैकुण्ठपुर में उपस्थित हो सकते हैं।
रायपुर । गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी में 35 लाख 55 हजार रूपए की लागत से निर्मित कार्याें का उद्घाटन और 85 लाख 81 हजार रूपए के कार्याें का शिलान्यास किया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया भी उपस्थित थे। मंत्रीद्वय ने प्रशिक्षणरत उप पुलिस अधीक्षकों को सम्बोधित भी किया और सिम्यूलेटर कक्ष में स्वयं पिस्टल चलाकर फायरिंग ट्रेनिंग और ड्राइविंग सिम्यूलेटर का अवलोकन किया। मंत्री साहू ने कहा कि पुलिस के प्रति जनता में विश्वास और अपराधियों में भय होना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षणरत पुलिस अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण सतत चलने वाली प्रक्रिया है। इससे कार्याें में विश्वास और दृढ़ता का संचार होता है। पुलिस के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। अपनी जिम्मेदारी पर ध्यान केन्द्रित करें, जिससे आपके कार्याें की सराहना हो और लोग हमेशा आपको अच्छे रूप में याद करें। उन्होंने आम जनता के प्रति व्यवहार में संवेदनशील रहने के साथ ही कानूनी पहलूओं को ध्यान में रखते हुए अपराधियों के विरूद्ध कड़ाई बरतने की सीख दी। गृह मंत्री ने कहा कि राज्य में अपराधों पर नियंत्रण में तेजी आई है और अपराधियों पर कार्रवाई भी त्वरित हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में अकादमी की स्थापना के उपरांत अकादमी में लगातार सुविधा एवं संसाधनों में वृद्धि हो रही है। आने वाले समय में यह अकादमी सभी सुविधाओं और संसाधनों से परिपूर्ण होगा। गृह मंत्री ने सभी प्रशिक्षुओं को बधाई और शुभकामनाएं दी है। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने कहा कि चंदखुरी का ऐतिहासिक महत्व है। यह माता कौशल्या की नगरी है। यहां राज्य पुलिस अकादमी स्थित है। इसका भी अलग महत्व है। यहां से पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी नई चुनौतियों से निपटने के संबंध में संवेदनशील विषयों में प्रशिक्षण लेकर जाते हैं और पुलिसिंग के जरिए बेहतर प्रदर्शन से प्रदेश की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस अकादमी में सुविधाओं और संसाधनों में कोई कमी नहीं होगी। डीएमएफ सहित विभिन्न मदों से यहां सुविधाओं का विस्तार होता रहेगा। डॉ. डहरिया ने भी प्रशिक्षुकों को बधाई और शुभकामनाएं दी। अकादमी के निदेशक जी.पी. सिंह ने राज्य पुलिस अकादमी के गतिविधियों और उपलब्धियों पर पावरपाइंट के जरिए प्रस्तुतिकरण दिया। अकादमी उप निदेशक डॉ. संजीव शुक्ला ने आभार प्रकट किया। मंत्री द्वय ने अकादमी परिसर में 35 लाख 55 हजार रूपए की लागत से निर्मित 9 कार्याें का उद्घाटन किया। इनमें वाहन पार्किंग शेड, ड्राइविंग सिम्यूलेटर, एटीएम प्रवेश द्वार, सीआईएटी परिसर में नलकूप उत्खनन, स्वीमिंग पुल का जीर्णोंद्धार, टू-व्हीलर पार्किंग स्टैण्ड, नव निर्मित तालाब, कॉन्फ्रेंस रूप एवं परिसर का विद्युतीकरण शामिल है। इसी तरह 85 लाख 81 हजार रूपए की 6 कार्याें का शिलान्यास किया। इनमें ओपन स्टेप्स स्टेडियम एवं आउटर शॉवर, कॉन्फ्रेंस हॉल, साउंडप्रूफिंग एवं ओपन स्टडी, सड़क चौड़ीकरण, परेड ग्राउंड वन व्यू कटर, पीएसआई-डीएसपी छात्रावास की मरम्मत और पीएसआई हॉस्पिटल का विद्युतीकरण शामिल है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संगीता पीटर्स सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
गरियाबंद । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत जिले के जिन कृषकों द्वारा पंजीयन नहीं कराया गया है ऐसे किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से अति-शीघ्र संपर्क कर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने हेतु आवेदन करे। उप संचालक कृषि श्री एफ आर कश्यप ने बताया कि विभाग के अलावा किसान अपने क्षेत्र के लोक सेवा केन्द्रो (च्वाइस सेंटर) में भी जाकर अपना आवेदन कर सकते है जैसे- विकाखण्ड गरियाबंद के कृषक गरियाबंद, मालगाँव एवं कोकड़ी, विकासखण्ड छुरा के कृषक छुरा, पाण्डुका एवं मुडागाँव, विकासखण्ड फिर्गेश्वर के कृषक फिगेंश्वर, रावड़, राजिम एवं श्यामनगर, विकासखण्ड मैनपुर के कृषक, मैनपुर, तथा विकासखण्ड देवभोग के कृषक देवभोग एवं झाखरपारा च्वाईस सेंटरों के माध्यम से भी ऑन-लाईन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसमे ऐसे किसान ही आवेदन करे जिनके पास कृषि भूमि हो वे लघु-सीमांत एवं बड़े भूमि स्वामी किसान परिवार जिनका नाम राजस्व अभिलेख मे दर्ज हो। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में आवेदन करने हेतु आवश्यक दस्तावेज (राजस्य अभिलेख, आधार कार्ड, बैंक खाता नंबर, वैक का आई.एफ.एस.सी.कोड परिवार द्वारा धारित कुल भूमि का विवरण की छायाप्रति एवं फोटोग्राफ्स ) प्रस्तुत कर आनलाईन पंजीयन करा सकते हैं।
रायपुर । पिछले कुछ दिनों से धारदार हथियार से हुई घटनाओं के मद्देनजर एसएसपी अजय कुमार यादव ने रायपुर पुलिस को, चाकू लेकर घुमने वालों और बिक्री करने वालों की पतासाजी करने निर्देश दिए गए। साथ ही ऑनलाइन शाॅपिंग साईट्स जैसे एमेजाॅन, फ्लिपकार्ट सहित अन्य शाॅपिंग साईट से धारदार व घातक चाकू मंगाने वालों पर नजर रखने निर्देशित किया। जिससे राजधानी शहर और आसपास के क्षेत्रों में निवासरत व्यक्तियों से एक वर्ष में फ्लिप्कार्ट के माध्यम से करीबन 800 लोगों से ऑनलाइन आर्डर कर चाकू मंगाए जाने की सूची प्राप्त हुई। समस्त थाना प्रभारियों ने सूची के अनुसार अपने - अपने थाना क्षेत्रों में खरीदे गए लोगों और उनके परिजनों को थाना बुलाकर जानकरी ले रहें है। साथ ही उनके परिजनों को उनके बच्चों से चाकू मंगाए जाने की जानकारी है या नहीं के संबंध में भी पुछताछ किया जा रहा है। यदि ऐसे लोग चाकू रखकर घुमने के लिए चाकू खरीदे है तो चाकू को जमा कराया जा रहा है और जो लोग किचन या अन्य उपयोग के लिए चाकू खरीदे है तो संबंध में उनसे लिखित में जानकारी लिया जा रहा है। नाबालिग बच्चों, अपराधिक प्रवृत्ति के लागों और नशाखोरी करने वालों से चाकू जप्त किया जा रहा है। ज्ञात हो कि कुछ दिनों पूर्व नाबालिक बच्चों से चाकू का उपयोग कर अनायास ही छोटी-छोटी बातों पर विवाद कर किसी पर भी चाकू से वार कर दिया जाता है। जिससे पीड़ितों की मौत तक हो जाती है। समस्त थाना प्रभारियों को होली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए होली त्यौहार के पूर्व चाकू मंगाए जाने वालों की जानकारी एक़त्र करने का लक्ष्य दिया गया है। 17 मार्च को अभियान प्रारंभ करते हुए आज अलग -अलग थाना क्षेत्रों से लोगों से लगभग 35 बटनदार चाकू जमा कराया गया है, यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
बिलासपुर । प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग अध्यक्ष संदीप दुबे व पदाधिकारियों ने धमतरी पुलिस मुख्यालय में ज्ञापन देकर भाजपा आईटी सेल से जुड़े डोमन साहू के खिलाफ आज कुरूद थाने में एफआईआर दर्ज कराइ। विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष संदीप दुबे ने साहू के अनेक पोस्ट्स शेयर करते हुए बताया कि पूर्व में शिकायत धमतरी विधि कांग्रेस जिला अध्यक्ष भीकम सिन्हा व उनके सहयोगियों की ओर से की गई थी। जिसमे कहा गया है कि भाजपा कार्यकर्ता डोमेन्द्र साहू के पोस्ट से दंगे भड़का सकते है। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ अनर्गल बातें की गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के को टैग कर उनसे गाली-गलौच की गई है। इन पोस्ट्स को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश के कांग्रेस नेता शैलेष नितिन त्रिवेदी आदि को भी ट्वीट किया गया है। कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ की ओर से जारी विज्ञप्ति में अनेक आपत्तिजनक पोस्ट्स की स्क्रीन शॉट दी गई है। श्री दुबे ने कहा कि इस भाजपा कार्यकर्ता ने मुस्लिमों के बारे में भी भड़काने वाले पोस्ट किये हैं, जिसका कांग्रेस से कोई सम्बन्ध नहीं है और न ही वे पोस्ट विश्वसनीय हैं। ये पोस्ट और ग्रुप भाजपा आईटी सेल की ही होने की आशंका है। धमतरी पुलिस ने जांच कर साहू के विरुद्ध कुरूद थाने में धारा 294,504, 269, 505, 511 आईपीसी एवं आईटी अधिनियम 67 के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रथम सूचना रिपोर्ट कांग्रेस विधि के जिलाध्यक्ष भीखम सिन्हा ने आज दर्ज करवाई है। धमतरी में पुलिस को ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष भीखम लाल सिन्हा, राकेश दीवान, रविशंकर अवस्थी, शंकर देवांगन, दिवांशु साहू, चुनकेश्वर साहू, नागेन्द्र, संजय शुक्ला आदि कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ से जुड़े अधिवक्ता शामिल थे।
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ पीएससी में लगातार हो रही गड़बडिय़ों को लेकर आक्रमक मोड में आ गया हैं। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने गुरुवार से प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर प्रदेश सरकार और पीएससी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं।








